कार से पकड़ी 1 लाख 30 हजार की नकदी

मुनिकीरेती थाना निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि विधान सभा चुनाव के मद्देजनर आचार संहिता लागू है। लिहाजा विभिन्न चौकी बैरियर पर सघन चेकिंग के अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गुरूवार सुबह पुलिस और एसएसटी टीम ने भद्रकाली चौकी बैरियर पर कार आरजे 17सीबी 5322 को चेकिंग के लिए रोका। कार के अंदर बैग से 1 लाख 30 की नकदी मिली। कार चालक मुर्तजा पुत्र आबिद भाई निवासी भवानी मंडी, जिला झााला वार्ड राजस्थान से नकदी के बारे में पूछताछ की गई। वह नकदी के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज नहीं प्रस्तुत कर पाया। लिहाजा नकदी को टीम ने जब्त कर राजकोष में जमा करवा दिया है। टीम में एसएसटी टीम प्रभारी सुखपाल सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक विकास शुक्ला, कांस्टेबल पुष्कर सिंह शामिल रहे।

भाजपा के हुए किशोर, टिहरी से बनेंगे प्रत्याशी

भाजपा की रीति नीति और सिद्धांतो से प्रभवित होकर कई विपरीत विचारधारा के दलों के वरिष्ठ नेता भाजपा का रुख कर रहे है। आज इसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व में मंत्री रहे किशोर उपाध्याय का नाम भी जुड़ गया है।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री व उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, राज्य मंत्री अजय भट्ट व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की उपस्थिति में उपाध्याया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी का स्वागत करते हुए किशोर उपाध्याय ने कहा कि वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में आए हैं, यह सुखद अहसास है।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा भारतीय जनता पार्टी के विचारों से और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों से प्रेरित होकर आज किशोर उपाध्याय भारतीय जनता पार्टी के परिवार के सदस्य बन गए हैं। पिछले 4 वर्षों से वह भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री की नीतियों से प्रेरित होकर अलग-अलग मंचों से कई बार प्रशंसा कर चुके हैं। हमारे विकास के कार्यों को नई गति देने के लिए अपना वह प्रमुख प्रयास करेंगे।
भाजपा में शामिल होने के बाद किशोर उपाध्याय ने कहा यथा नाम तथा रूप। यानि यह संगठन जिस नाम का है उसी रूप का भी है, यहां कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं होता। उन्होंने कहा उत्तराखंड आंदोलन में एक गिलहरी के रूप में अजय भट्ट, अजय टम्टा के साथ कार्य किया और हम राजनीतिक दृष्टि से अलग-अलग पार्टी में थे, परंतु हमारा देह एक ही था उत्तराखंड जिस मकसद से बना है उस कार्य को मिलकर पूर्ण करें। मुझे पूर्ण विश्वास है आने वाले दिनों में हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को भारत राष्ट्र के सबसे अग्रणी राज्यों में देखेंगे। उन्होंने कहा सार्वजनिक जीवन का एक ही देह है कि उत्तराखंड अपने शिखर को प्राप्त करें। यहां की गंगा को देखने के लिए पूरा विश्व आता है उसी प्रकार उत्तराखंड के प्रत्येक भूभाग पर इस प्रकार का सार्वजनिक विकास हो कि उसकी चर्चा पूरे विश्व में हो। उत्तराखंड में प्रगति का सोपान तय करें ऐसा ऐसा हमारा सूक्ष्म प्रयास रहेगा। जल-जंगल के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेंगे और 45 साल तक जिस प्रकार सार्वजनिक जीवन में एक भावना के रूप में कार्य किया है उसको पूर्ण करने का प्रयास। वहीं कई जिलों में भी दूसरे दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा की सदस्य्ता ली।

कांग्रेस के हुए ओमगोपाल रावत

टिहरी की नरेंद्र नगर विधानसभा सीट पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को भाजपा से टिकट मिलने के बाद से ही नाराज़ चल रहे भाजपा नेता ओम गोपाल रावत ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। दरअसल, कुछ दिनों पहले भी ओम गोपाल रावत ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थामने का ऐलान किया था और चुनाव लड़ने के ऐलान के साथ ही भाजपा से टिकट न मिलने पर कांग्रेस में जाने की बात कही थी। जिसके बाद आज, देहरादून कांग्रेस मुख्यालय में ओम गोपाल रावत ने कांग्रेस का दामन थामा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस मुख्यालय में भाजपा नेता ओम गोपाल रावत को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। ऐसे में चर्चाएं है कि कांग्रेस पार्टी, ओम गोपाल को नरेंद्र नगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती है। हालांकि, इसकी स्थिति कांग्रेस की तीसरी लिस्ट जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। वही, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि ओम गोपाल के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को इसका बड़ा फ़ायदा मिलेगा।

नेताजी की जयंती पर क्रेजी फेडरेशन संस्था के सदस्यों ने दी श्रद्धांजलि

क्रेजी फेडरेशन संस्था की ओर से आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संस्था के सदस्यों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
रविवार को मुनिकीरेती स्थित ओंकारानंद इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट आफ टैक्नोलॉजी संस्थान में क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चित्र समक्ष दीप जलाया और पुष्प अर्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस देश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। वह अपने देश के लिए हर हाल में आजादी चाहते थे, इसके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के नाम कर दिया था। अपनी अंतिम सांसों तक नेताजी देश की आजादी के लिए संघर्ष करते रहे। बताया कि प्रतिवर्ष नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के मौके पर क्रेजी फेडरेशन की ओर से पर्यटन एवं विकास मेला आयोजित किया जाता है, मगर कोविड-19 से क्षेत्र के बचाव एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष मेला आयोजित नहीं किया गया है।
मौके पर सभासद मनोज बिष्ट, ओआईएमटी के मैनेजर प्रमोद उनियाल, सतीश चमोली, जगवीर नेगी, कैलाश जोशी, सितिन शर्मा, जितेंद्र रावत, विनोद लेखवार, जितेंद्र सिंह सजवाण आदि उपस्थित थे।

इंजेक्शन लगाने के बाद झोलाझाप मौके से फरार, युवक की मौत

मुनिकीरेती के शीशम झाड़ी क्षेत्र में स्थित एक झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद एक युवक की कुछ ही देर में मौत हो गई। पेट में दर्द की शिकायत लेकर यह युवक क्लीनिक पहुंचा था।
सूचना पाकर मौके पर भीड़ जमा हो गई और क्लीनिक में लोगो ने तोड़फोड़ कर दी। झोलाछाप मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ की। मृतक के घर जमा भीड़ ने ऐसे झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, शीशम झाड़ी मुख्य मार्ग गली नंबर-12 निवासी सुनील पाल (35 वर्ष ) पुत्र घसीटू पाल को सोमवार की सुबह पेट में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद वह बगल में स्थित एक क्लीनिक में गया, जहां स्वयं को डाक्टर बता कर श्री हरि मेडिकल एंड क्लीनिक के नाम से क्लीनिक का संचालन कर रहे मृत्युंजय ने उसका इलाज किया।
स्वजन के मुताबिक मृत्युंजय ने सुनील को दो इंजेक्शन लगाए।इंजेक्शन लगवाने के बाद जैसे ही सुनील 50 कदम की दूरी पर स्थित अपने घर पहुंचने को निकला तो सड़क पर ही गिर गया। उसे राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोग ने झोलाछाप की क्लीनिक पर तोड़फोड़ की। झोलाछाप मृत्युंजय मौके से फरार हो गया। कैलाश गेट पुलिस चौकी को सूचना दी गई, जिसके बाद चौकी प्रभारी योगेश पांडे मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता घसीटू पाल ने बताया कि सुनील शादीशुदा है, उसके दो बच्चे हैं, वह आटो चलाता है। गुस्साए लोग झोलाछाप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कोरोना से बचाव के लिए मुनिकीरेती पालिका ने क्षेत्र को किया सेनेटाइज

कोरोना संक्रमण (ओमीक्रान) के लगातार बढ़ रहे मामलों के दृष्टिगत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला बचाव एवं सुरक्षा कार्यों में लगी है। इसके तहत बृहस्पतिवार को पालिका क्षेत्र में वृहद स्तर पर सेनेटाइजिंग अभियान चलाया गया।
अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह के निर्देश व सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में लक्ष्मणझूला रोड स्थित मधुबन चौक, कैलाश गेट और स्वामीनाराण गेट आदि स्थानों पर टैंकर की सहायता से सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया। साथ ही वार्डों में हाथ की मशीन की सहायता से सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया।
सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि कोविड-19 से क्षेत्रवासियों के बचाव एवं सुरक्षा हेतु प्रतिदिन सेनेटाइजिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सफाई निरीक्षक ने क्षेत्र के लोगों से कोविड-19 से सुरक्षा एवं बचाव हेतु सरकार की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करने व घरों से बाहर निकलने के दौरान मास्क का प्रयोग और हाथों को सेनेटाइज करते रहने की अपील की।

टिहरी पुलिस ने चुनाव में सुरक्षा के इंतजाम किए पुख्ता

टिहरी जनपद की पुलिस ने चुनाव को लेकर सुरक्षा समेत तमाम तैयारियों को पूरा कर लिया है। जिले और थाना क्षेत्रों के नाकों पर चेकिंग से लेकर सुरक्षा से जुड़े सभी व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने के लिए दो कंपनी बीएसएफ भी जिले में पहुंच चुकी हैं। जिनमें से एक कंपनी की तैनाती मुनिकीरेती क्षेत्र जबकि दूसरी कंपनी को जनपद के अन्य इलाकों में ड्यूटी पर लगाया गया है।
बता दें कि क्षेत्र में बीएसएफ की कंपनियां पहुंचने पर एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बीएसएफ समेत पुलिस कर्मियों को मुनी की रेती में ब्रीफ किया। इस दौरान उन्हें ड्यूटी समेत अन्य व्यवस्थाओं से अवगत कराया। खासकर एसएसपी ने सुरक्षाकर्मियों को स्थानीय लोगों के साथ व्यवहार मधुर रखने के निर्देश दिए। लाइसेंस धारी शस्त्र धारकों को चेताया कि 2 दिन के भीतर वह संबंधित थाना क्षेत्रों में अपने असला जमा करा दें। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति करने की बात भी कही है। मौके पर एसएसपी ने बीएसएफ के जवानों से सुझाव भी मांगे।
मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी ने बताया कि जनपद में चुनाव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस अपनी नजर बनाए हैं। असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी पुलिस अभियान चला रही है। चुनाव प्रभावित न हो इसके लिए पूरे जनपद के हिस्ट्रीशीटर को भी तलब कर सख्त हिदायत दे दी गई है। फिलहाल दो हिस्ट्रीशीटर जनपद से फरार चल रहे हैं। जिन्हें जल्द पकड़ने का दावा भी एसएसपी ने किया है। बताया उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे कोरोना के संक्रमण को देखते हुए चुनाव सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना पुलिस के लिए चुनौती है। इस चुनौती को आमजन के सहयोग से कम किया जा सकता है। इसलिए वह नागरिकों से अपील करते हैं कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में पुलिस को अपना सहयोग दें। सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए मास्क पहने और सरकार के द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें। बताया कि यदि उनकी अपील पर नागरिक ध्यान नहीं देते तो पुलिस को नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान और मुकदमा पंजीकृत करने के निर्देश दे दिए हैं।
इस दौरान बीएसएफ से असिस्टेंट कमांडर संदीप राजपूत, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार चमोली, इंस्पेक्टर रितेश शाह, प्रदीप पंत, सिद्धार्थ कुकरेती, इंस्पेक्टर रामकिशन बीएसएफ, सब इंस्पेक्टर राम कुमार, सब इंस्पेक्टर योगेश पांडे, विकास शुक्ला, सुनील पंत, पिंकी तोमर आदि मौजूद थे ।

कांग्रेस ने किशोर को अनुशासन हीनता के चलते सभी पदों से मुक्त किया

आज बुधवार को कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को चुनाव संबंधित समितियों समेत सभी पदों से हटा दिया है। इस संबंध में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने आदेश जारी कर दिया है। किशोर उपाध्‍याय पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने और भाजपा के नेताओं से मुलाकात कर कांग्रेस की सरकार के खिलाफ मुहिम को कमजोर करने का आरोप लगाया गया है।

रात के अंधेरे में भाजपा नेताओं से मिले
उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव के मौके पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के रात के अंधेरे में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री और चुनाव प्रभारी से मुलाकात ने राजनीति को गर्मा दिया है। इससे कांग्रेस भी असहज नजर आ रही थी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ऐसी किसी संभावना से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि किशोर भाजपा जैसी सांप्रदायिक पार्टी में जाएंगे, ऐसा नहीं लगता।

कांग्रेस छोड़ने की चर्चाएं तेज
बता दें कि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने चार जनवरी की रात भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार से उनके फ्लैट में मुलाकात की थी। इस दौरान वहां केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद किशोर उपाध्याय के भाजपा में जाने की चर्चाएं तेज हो गईं थीं। दरअसल, बीते दिनों किशोर उपाध्‍याय भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी से भी मिले थे। उनके भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद कांग्रेस छोड़ने की चर्चाएं तेज हो गए थी।

कांग्रेस चुनाव घोषणापत्र समिति की हुई वर्चुअल बैठक
कांग्रेस चुनाव घोषणापत्र समिति की वर्चुअल बैठक हुई। बैठक में समिति अध्यक्ष नवप्रभात व संयोजक सूर्यकांत धस्माना समेत सदस्यों ने शिरकत की। यह तय किया गया कि चुनाव घोषणापत्र में उपनल कर्मचारियों की मांगों को भी जगह दी जाएगी।

महिला को गंगा के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाला

डोईवाला की एक महिला मुनिकीरेती में हनुमान घाट पर अचानक बहने लगी। सूचना पर जल पुलिस और बोट चालक ने महिला को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। महिला को गंगा के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाला।
मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक हनुमान घाट से एक महिला गंगा में बहने लगी। इस दौरान सूचना पर जल पुलिस और मौके पर मौजूद बोट चालक तत्काल महिला को बचाने में जुट गए। कुछ दूरी पर महिला अनिता पुत्री नारायण सिंह निवासी शुगर मिल खत्ता, डोईवााल को गंगा के तेज बहाव से बचा लिया। मुनिकीरेती थाना वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश सैनी ने बताया कि महिला मंगलवार को घर से अनबन के चलते मुनिकीरेती में पहुंची थी। परिजनों से संपर्क कर मामले की जानकारी दे दी है। महिला को बचाने वाली टीम में जल पुलिस के जवान सुभाष ध्यानी, विदेश चौहान, रविंद्र सिंह, पुष्कर रावत, महेंद्र रावत, बोट चालक रामप्रकाश शर्मा, अंकित कुकरेजा आदि शामिल रहे।

लक्ष्मण झूला में नए पुल के टेंडर प्रक्रिया मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई

लोक निर्माण विभाग की ओर से लक्ष्मण झूला में पुराने झूला पुल के समीप टू-लेन मोटर पुल का निर्माण के लिए हुई टेंडर प्रक्रिया का मामला हाईकोर्ट पहंुच गया है। आरोप है कि अर्हता पूरी न करने वाली कंपनी को टेंडर दे दिया गया है। जिस पर हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाये रखने का आदेश जारी किया है। अब इस मामले में 20 फरवरी को सुनवाई होगी।
आपको बता दें कि इस पुल के निर्माण के लिए विभाग की ओर से 20 नवंबर, 2021 को टेंडर आमंत्रित किए गए थे। 23 नवंबर को टेंडर खोले गए। जिनमें हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी, कैलाश हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी और पीएंडआर इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी के टेंडर को विभाग की ओर से सही पाया गया और पीएंडआर इंफ्रा प्रोजेक्ट के टेंडर को मंजूरी दे दी गई।
इस पर ऋषिकेश की हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी हाईकोर्ट पहुंच गयी। उच्च न्यायालय नैनीताल में विभाग की इस प्रक्रिया को चुनौती देते हुए हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी ने आरोप लगाया कि जिस कंपनी को काम दिया गया है वह टेंडर की अर्हता को पूरा नहीं करती है। कंपनी के निदेशक अजय शर्मा के अनुसार इस पूरे मामले में मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर कंपनी की ओर से आपत्ति दर्ज करानेे के बावजूद उनकी बात को नहीं सुना गया। जिस पर वे न्यायालय की शरण में गए। उनका कहना है कि न्यायालय में सुनवाई की तिथि तक जिस कंपनी को काम दिया गया उसके साथ एग्रीमेंट नहीं हुआ था। उन्हें अंदेशा है कि बैक डेट पर एग्रीमेंट किया जा सकता है। दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग नई टिहरी के अधीक्षण अभियंता एनपी सिंह का कहना है कि 5 जनवरी, 2022 को संबंधित कंपनी के साथ एग्रीमेंट कर दिया गया था।