चार दिन पूर्व मासूम को गुलदार ने बनाया था निवाला, शूटरों ने किया ढेर

टिहरी के अखोड़ी गांव के 7 वर्षीय नवीन रावत को निवाला बनाने वाले आदमखोर गुलदार को शूटरों की टीम ने ढेर कर दिया है। (shooter killed maneater leopard in ghansali) गुलदार के मारे जाने के बाद इलाके के लोगों में दहशत थोड़ी कम हुई है।

गौरतलब है कि शनिवार को अपनी दादी के साथ शादी में जा रहे 7 साल के नवीन पर घात लगाकर बैठे गुलदार ने हमला कर दिया था। गुलदार नवीन को झाड़ियों मे ले गया था। गुलदार के आतंक से क्षेत्र में दहशत का माहौल था। लोग सायं 6 बजे से सुबह 8 बजे तक घरों में दुबकने को मजबूर थे। रात में बिजली कटौती के कारण अंधेरा होने पर डर औऱ ज्यादा बढ़ गया था।

क्षेत्र के लोगों की मांग पर क्षेत्र में आदमखोर गुलदार को ढेर करने के मकसद से शूटरों की तैनाती की गई थी। सोमवार रात को वन विभाग के जाने-माने शूटर गंभीर सिंह भंडारी व साथी, आदमखोर गुलदार को ढेर करने के मकसद से मोर्चा संभाले हुए थे, आदमखोर गुलदार की आहट मिलते ही शूटर गम्भीर सिंह भंडारी ने गुलदार पर निशाना साधते हुए उसे ढ़ेर कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम रात्रि को ही गांव पहुंच गई थी और गुलदार को ढेर करने के आदेश मिलते ही तत्काल मौके पर सूटरों की तैनाती कर दी गई थी। गुलदार के ढेर होने पर अब इलाके के लोगों ने चैन की सांस ली है।

पुलिस ने दो राफ्टों को किया सीज, अंधेरे में चलाने पर की कार्रवाई

चेतावनी के बावजूद गंगा नदी में अंधेरे में राफ्ट चलाना दो संचालकों को भारी पड़ गया। मुनिकीरेती पुलिस ने दो राफ्ट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीज किया है।

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम नियम तोड़ने वाले राफ्टिंग संचालकों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दिन ढलने के बाद राफ्टिंग करा रहे दो संचालकों को पुलिस ने मुनिकीरेती स्थित गंगा घाट पर पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। फिर दोनों राफ्टें को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि पर्यटकों की जान से खिलवाड़ करने और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पहले भी राफ्टिंग संचालकों के साथ बैठक कर सचेत किया जा चुका है, कि किसी भी तरीके से ओवरलोड राफ्टिंग न कराएं। सूर्यास्त के बाद गंगा में राफ्टिंग न कराएं। यह राफ्टिंग गाइड और पर्यटकों की जान के साथ खिलवाड़ है। बाज नहीं आ रहे राफ्टिंग संचालकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। पहले दिन दो राफ्टें सीज कर संचालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। वहीं जिला पर्यटन अधिकारी टिहरी अतुल भंडारी ने बताया की राफ्टिंग के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बतरने पर राफ्ट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। सीज राफ्टों को पर्यटन विभाग ने कब्जे में ले लिया है।

मुनिकीरेती में वेंडिंग जोन बनने से अब व्यवस्थित रूप से लगेंगे रेहड़ियां

आगामी चार धाम यात्रा के मद्देनजर नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला ने जानकी पुल के समीप कुंभ मेला बस पार्किंग में बेतरतीब और अव्यवस्थित ढंग से लगने वाली फड़ व रेहड़ियों को हटाया। जिन्हें यहां बनाए गए वेंडिंग जोन शीघ्र ही व्यवस्थित ढंग से स्थापित किया जाएगा।

पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी व ईओ तनवीर मारवाह के निर्देशानुसार बुधवार को पालिका एवं पुलिस प्रशासन की एक संयुक्त टीम जानकी पुल के समीप कुंभ मेला बस पार्किंग में बेतरतीब व अव्यवस्थित ढंग लगी फड़ों व रेहड़ियों को हटाने के लिए पहुंची। टीम को देख फड़ व रेहड़ी विक्रेताओं में अफरा-तफरी मच गई, आनन फानन में सभी अपना सामान समेटने लगे। इसके बाद बस पार्किंग व आसपास को पालिका व पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह से खाली कराया।

ईओ तनवीर मारवाह ने बताया कि जिलाधिकारी टिहरी के आदेशानुसार आगामी चार धाम यात्रा के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि यहां पार्किंग में बेतरतीब व अव्यवस्थित ढंग से लगने वाली बड़ों व रेहड़ियों को हटाया गया है। इनके कारण आए दिन यहां पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को जाम आदि समस्याओं से जूझना पड़ता है। इन्हें व्यवस्थित व क्रमबद्ध ढंग से लगाने के लिए यहां जानकी पुल के समीप वेंडिंग जोन बनाया गया। शीघ्र ही इन सभी को यहां बनाए वेडिंग जोन में स्थापित किया जाएगा।

मोके पर सीओ नरेंद्र नगर अस्मिता ममगाईं, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।

नुक्कड़ नाटक कर स्वच्छता के प्रति चलाया जागरूकता अभियान

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से नमामि गंगे के अंतर्गत आस्था पथ में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए गीला व सूखा कूड़ा और गंगा को स्वच्छ रखने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में सहयोग व वोट करने की अपील की गई।

इस दौरान अधिशाषी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह, अजय रमोला, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, सतेंद्र, मनोज, जेबीबी टेक्नोक्रैट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुनिकीरेती में मल्टीस्टोर पार्किंग का होगा निर्माण, बोर्ड बैठक में हुआ फैसला

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत वर्ष 2022-23 में होने वाला भवनकर सर्वे जीआईएस(जियोग्राफिक इंफोरमेशन सिस्टम) तकनीकी से होगा। इससे यहां भवनकर सटीक और पारदर्शी होने में काफी सहायता मिलेगी। पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।

पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह ने बताया कि आगामी 31 मार्च 2022 को पूर्व में हुए भवनकर सर्वे को पांच वर्ष पूर्ण हो जाएंगे। अप्रैल माह से भवनकर निर्धारण हेतु जीआईएस तकनीकी से सर्वे किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सर्वे से पालिका के भवनकर निर्धारण में और अधिक सुधारीकरण होगा। इसमें ड्रोन आदि उपकरणों की सहायता से यह सर्वे किया जाना है। इस दौरान पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने आगामी चार माह के भीतर उक्त सर्वे को पूरा करने हेतु निर्देशित किया, कहा कि जीआईएस तकनीकी से सर्वे के बाद क्षेत्रवासियों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

मौके पर कर सभासद मीनू, सुभाष चौहान, बिन्नो चौहान, मनोज बिष्ट, बबीता रमोला, गजेन्द्र सिंह सजवाण, विरेन्द्र सिंह चौहान, सुषमा नेगी, विनोद सकलानी, वंदना थलवाल, वरिष्ठ लेखालिपिक बेताल सिंह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह पंवार, जेई रूपेश भट्ट, लेखा लिपिक विवेक भंडारी आदि मौजूद थे।

बनेगा नाला गैंग
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रांतर्गत साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर रखने हेतु शीघ्र ही अलग से नाला गैंग का निर्माण किया जाएगा। जिससे यहां आए दिन जमा होने वाली नालियों, सड़कों पर इकट्ठे होने वाले मिट्टी के ढेरों को तत्काल हटाया जा सकेगा। सोमवार को पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। बैठक को सम्बोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि स्वच्छता के नाम से ही इस निकाय की प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान है। कहा कि यदि क्षेत्र में कहीं पर भी गंदगी आदि पाई जाती है तो इसके लिए सम्बन्धित कर्मी जिम्मेदार होंगे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने हेतु सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया।

वेंडिग जोन बनेगा
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत वेंडिग जोन बनाया जाएगा। जिससे जगह-जगह व विभिन्न चौक-चौराहों चौदह बीघा मंडी, जानकी पुल, रामझूला, ढालवाला आदि जगहों पर बेतरतीब लगने वाली रेहड़ियों से पालिका को निजात मिल सकेगी। इस हेतु सर्वसम्मति से पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।

बिना परमिशन के भरत घाट में न हो कार्यक्रम
अब बिना नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की परमिशन के आस्था पथ भरत घाट पर कार्यक्रम नहीं किए जा सकेंगे। बोर्ड बैठक में यहां बिना सूचना के होने वाले कार्यक्रमों पर समस्त सभासदों ने आपत्ति जताई, इसमें सर्वसम्मति से बिना परमिशन के यहां कार्यक्रम आयोजित न करने का निर्णय लिया गया।

पालिका क्षेत्र में बनेंगी मल्टीस्टोर पार्किंग
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में मल्टीस्टोरी पार्किंगों का निर्माण किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि सम्बन्ध में शासन की ओर से प्रस्ताव मांगा गया है। राजीव ग्राम पंचायत भवन, चौदह बीघा मंडी, सुमन पार्क ढालवाला, कुंभ मेला पार्किंग आदि जगहों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाई जाएंगी।

वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट पर की चर्चा
पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट हेतु चर्चा की गई, इसमें कुल अनुमानित आय रूपए 16,38,83,426 के सापेक्ष वर्ष 2022-23 का व्यय रूपए 15,25,10,000 सर्वसहमति से बोर्ड की ओर से अनुमोदित किया गया।

जल पुलिस ने गंगा में डूबे पर्यटकों के शव को बाहर निकाला

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक आज सुबह 11 बजे तपोवन स्थित नीम बीच गाजियाबाद, यूपी निवासी छह दोस्त घूमने के लिए पहुंचे। इस दौरान वे यहां पर गंगा में नहाने के उतर गए। इसीबीच अचानक उनमें दो युवक गंगा के तेज बहाव में डूबने लगे। साथ दोस्तों की चीख पुकार मचने पर जल पुलिस ने तुरंत उनकी गंगा में सर्चिंग शुरू कर दी। जल पुलिस ने स्कूबा डाइबिंग कर एक घंटे में दोनों युवकों के शव को पानी से बाहर निकाला।

इसके बाद शवों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय में भिजवाया। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। थाना निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि मृतक युवकों की पहचान 25 वर्षीय शुभम पुत्र पदम सिंह निवासी शालीमार गार्डन, साहिबाबाद, गाजियाबाद, 21 वर्षीय रजत खन्ना पुत्र प्लाट नंबर शालीमार र्गाडन, गाजियाबाद, यूपी के रूप में हुई है।

नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला के टैक्स विभाग ने भवनकर वसूली में शुरू की तेजी

नगर पालिका परिषद मुनिकीेरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत यदि आपने अपना भवनकर (हाउस टैक्स) अब तक जमा नहीं किया है, तो इसे आगामी 31 मार्च से पहले ही जमा करवा लें, अन्यथा भवनकर पैनल्टी के संग वसूला जाएगा।

आपको बता दें कि वित्तीय वर्ष 2021-22 समाप्ति की ओर है, इसके तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने भवनकर वसूली की कवायद तेजी से शुरू कर दी है। नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी और ईओ तनवीर मारवाह के निर्देश पर मुनिकीरेती-ढालवाला निकाय का टैक्स विभाग तेजी से बकाएदारों के भवनकर की वसूली में जुट गया है। कर निरीक्षक अनुराधा गोयल के नेतृत्व में इन बकाएदारों से वसूली की जा रही है, कर निरीक्षक ने बताया कि पालिका की ओर से पूर्व के बकाएदारों को फोन और नोटिस के माध्यम से बकाया भवनकर को जमा करने हेतु सूचित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आगामी 31 मार्च से पहले ही पूर्व के बकाएदार अपना भवनकर अवश्य जमा कराएं, अन्यथा भवनकर 10 प्रतिशत की पैनल्टी के संग वसूला जाएगा। बताया कि जनता की सुविधा हेतु भवनकर जमा करने के लिए पालिका कार्यालय में क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध है।

ढालवाला के नागरिकों ने पेयजल निगम के विरूद्ध किया प्रदर्शन


ढालवाला के आनंद विहार स्थित पेयजल निगम कार्यालय में मुनिकीरेती नगर पालिका के सभासदों के साथ क्षेत्रवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सभासद विरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ढालवाला में बीते तीन सालों से विश्व बैंक परियोजना के तहत पेजयल विभाग के कार्य चल रहे हैं। लेकिन इन कार्यों में देरी की जा रही है। विभाग ने क्षेत्र में जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं।

कहा कि आए दिन लोग सड़कों पर चोटिल हो रहे हैं। लेकिन विभाग ने यहां अपने कार्य अधर में लटका रखे हैं। इससे यह सड़कें नहीं बन पा रही हैं। ढालवालावासी बीते तीन साल से पेयजल विभाग के कार्यों से परेशान हैं। कहा कि अगर जल्द ही कार्यों को पूरा नहीं किया गया तो कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

प्रदर्शन में सभासद विरेंद्र सिंह चौहान, मनोज बिष्ट, विनोद सकलानी, दिनेश सकलानी, अजय रमोला, राजेंद्र सिंह थलवाल, सत्येश्वर उनियाल, राजेश बिष्ट, रोहित गोदियाल, मदन कुड़ियाल, देवेंद्र उनियाल, शैलेंद्र चमोली आदि शामिल रहे।

सत्यापन न कराने पर पुलिस ने मकान मालिकों के खिलाफ चलाया अभियान, 35 का काटा चालान

मुनिकीरेती पुलिस ने बाहरी और संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए शीशमझाड़ी क्षेत्र में किरायेदारी सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस ने ऐसे 35 मकान मालिकों के सत्यापन न कराने पर चालान काटे और तीन लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना किया।

मुनिकीरेती थाना पुलिस रविवार तड़के छह बजे शीशमझाड़ी क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान गली नबंर 21, 22, 23, 24, 39, 40, 41 के घरों की चौखट पर दस्तक दी। सुबह सबेरे पुलिस को घर के दरवाजे पर देख लोग घबरा गए, लेकिन जब पुलिस ने मकान मालिकों से किरायेदारों की जानकारी जुटानी शुरू की तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस टीमों ने किरायेदारों के नाम, पते और काम की जानकारी हासिल की। इस बीच 35 ऐसे मकान मालिकों का चालान किया गया, जिन्होंने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं करवाया।

चारधाम यात्रा के संबंध में टिहरी एसएसपी ने दिए पुलिसकर्मियों को ये निर्देश…

जनपद टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने मुनिकीरेती थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने चारधाम को लेकर कहा कि इस वर्ष यात्रियों के लिए पर्यटन पुलिस की तैनाती की जायेगी। ये पुलिसकर्मी बाहर से आने वाले यात्रियों की समस्याएं सुनेंगे और उनकी हरसंभव मदद करेंगे।

उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पर पुलिस का विशेष फोकस किया। कहा कि ऋषिकेश, मुनिकीरेती और पौड़ी जनपद के लक्ष्मणझूला थाना पुलिस को एक साथ समन्वय बनाने की जरूरत है। ताकि यात्रियों को जाम की समस्या से जूझना न पड़े।

एसएसपी टिहरी नवनीत भुल्लर ने मुनिकीरेती थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। थाने के पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी। इसके अलावा उन्होंने अभिलेखों, मालखाना, शास्त्रागार गृह का निरीक्षण किया। बताया कि रात को गश्त बढ़ाने के भी थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान नरेंद्रनगर सीओ रविंद्र कुमार चमोली, थाना निरीक्षक रितेश साह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश सैनी, शिवपुरी चौकी प्रभारी सुनील पंत, कैलाशगेट चौकी प्रभारी योगेश पांडेय आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे।