एक मई से प्रतिदिन तीन चरणों में स्वच्छ्ता अभियान चलाने के निर्देश

विधानसभा स्थित कार्यालय में निदेशक शहरी विकास विभाग ललित मोहन रयाल के साथ कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने चारधाम यात्रा को लेकर विभागीय कार्यवाही की जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
शनिवार को अग्रवाल ने निदेशक ललित मोहन रयाल से सर्वप्रथम सफाई और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के संदर्भ में जानकारी जुटाईं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि चारधाम यात्रा के मार्ग में आने वाले सभी निकायों में एक मई से प्रतिदिन तीन चरणों में स्वच्छ्ता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी निकाय दिन में कूड़ा न उठाएं, इसकी जगह रात्रिकाल में कूड़ा उठान का कार्य हो। इससे स्थानीय लोगों के साथ यात्रियों को दिक्कतों से गुजरना नहीं पड़ेगा। साथ ही यात्री राज्य की अच्छी छवि को लेकर यहाँ से जाए।
अग्रवाल ने कहा कि एक मई से ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव प्रतिदिन किया जाए, इसकी मॉनिटरिंग के लिए प्रत्येक निकाय में एक आदमी की ड्यूटी लगाई जाए।
अग्रवाल ने निदेशक शहरी विकास को कहा कि चिन्यालीसौड़, तिलवाड़ा सहित आवश्यकतानुसार जगहों पर मोबाइल टॉयलेट लगवाए जाए। इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र लोगों को दिलाने की बात कही।

सशस्त्र सीमा बल का दीक्षांत समारोह धूमधाम के साथ संपन्न

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्रीनगर में केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल का दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान नव प्रशिक्षुओं का दीक्षांत समारोह धूमधाम से मनाया गया। मख्यमंत्री ने सलामी के उपरांत पासिंग आउट परेड का निरीक्षण भी किया। आयोजित परेड में 278 प्रशिक्षण प्राप्त जवानों द्वारा मुख्य अतिथि के सम्मुख शपथ ग्रहण किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त जवान भारतीय सीमा सशस्त्र बल का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि तन, मन व धन से देश की रक्षा करें। सीमा पर रहने वाले देश के नागरिक भी सुरक्षाबलों के समान ही एक प्रहरी के रूप में अपना दायित्व निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन शहीदों को नमन करता हूं जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपना सर्वाेच्य बलिदान दिया है। कहा कि सरहद पर खड़े जवानों के कारण ही हम अपने घरों में सुरक्षित हैं। भारतीय सीमा सुरक्षा बल हर विपत्ति में नागरिकों का साथ देता है। साथ ही उन्होंने कहा कि अर्ध सैनिक बलों का जो इतिहास रहा है उस को आगे बढ़ाने का काम यह प्रशिक्षित जवान करेंगे तथा क्षेत्र में जाकर भारत के मान सम्मान बनाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे गर्व है कि एसएसबी जवान सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ अनेकों दायित्वों का निर्वहन तत्परता से करते हैं। कहा कि एसएसबी जवानों द्वारा कोरोना काल तथा चुनाव के समय में शांतिपूर्ण तरीके से कार्य किया।
सशस्त्र सीमा बल के दीक्षांत समारोह में ओवरऑल बेस्ट प्रशिक्षु पुरस्कार सचिन सैनी तथा आंतरिक प्रशिक्षण का पुरस्कार शुभम तिवारी को दिया गया। देश रक्षा के लिए आज 278 जवान शामिल हुए। जिसमें बिहार से 94, उत्तर प्रदेश से 74, मध्यप्रदेश से 44, उत्तराखंड से 24, राजस्थान 21, जम्मू कश्मीर 20, दिल्ली से 01 जवानों ने 44 सप्ताह के प्रशिक्षण के बाद आज देश सेवा की शपथ ली।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, एसएसपी यशवंत सिंह चौहान, एसएसबी महानिरीक्षक रतन संजय, उप महानिरीक्षक सृष्टि राज गुप्ता सहित सैन्य अधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा मार्ग पर रेस्टोरेंट संचालक यात्रियों से सर्विस चार्ज न ले-प्रेमचन्द अग्रवाल

विधानसभा स्थित मीटिंग रूम में आज चारधाम यात्रा रूट पर आने वाली सभी नगर निकाय के अधिकारियों, यातायात संबंधी कठिनाइयों को दूर करने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक की। इस दौरान सभी मूलभूत समस्याओं जैसे चारधाम में आने वाले यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था, पार्किंग उपलब्ध कराने, शौचालयों की व्यवस्था आदि के निर्देश दिए।
अग्रवाल ने सर्वप्रथम सभी निकायों से सफाई कर्मियों, स्वच्छ्ता, दवा छिड़काव, पार्किंग, रेन बसेरों की स्थिति जानी। साथ ही यातायात की व्यवस्था पुलिस अधिकारियों से प्राप्त की। कहा कि इस वर्ष यात्रा के बहुत अच्छे संचालन होने की उम्मीद है। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर चैलेंज स्वीकार करें। इस मौके पर अग्रवाल ने तमाम जानकारी मिलने के बाद निम्न निर्देश अधिकारियों को दिए।
1- चारधाम यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी रेस्टोरेंट में यात्रियों से सर्विस चार्ज न लिया जाए। क्योंकि सभी रेस्टोरेंट संचालक जीएसटी बिल के साथ लेते है। ऐसे में सर्विस चार्ज देना कोई आवश्यक नहीं है।
2- एक मई से सभी निकायों में प्रतिदिन तीन चरणों मे सफाई की जाएगी।
3- कोई यात्री अपने प्रदेश जाकर यह न कहे कि उत्तराखंड से बीमार होकर आए है, इसके लिए प्रतिदिन सभी निकाय अपने क्षेत्रों में कीटनाशक दवा छिड़काव करेंगे।
4- यात्रा मार्ग पर दबाव पड़ने पर यात्रियों को मैदानी जैसे हरिद्वार, ऋषिकेश में रोक लिया जाए।
5- सभी निकाय वाहन पार्किंग के लिए समीपवर्ती महा विद्यालय, स्कूल परिसर का उपयोग करें। इसके लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य आदि से वार्ता करें।
6- रैनबसेरों के लिए स्कूल, महा विद्यालय में यात्रियों को मई और जून माह में ठहराया जा सकता है। इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए।
7- प्लास्टिक को पूरी तरह से बंद करे। मंत्री जी ने अपनी मीटिंग में भी प्लास्टिक की पानी की बोतल को हटाने को कहा। कहा कि इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।
8- यात्रियों से सद व्यवहार किया जाए। शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।
9- थराली और रायवाला में मीट की दुकानों को बंद करने या यात्रा के दौरान ढंकने के निर्देश दिए।
10- शौचालय को साफ सुथरा रखे।

कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर

कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के संबंध में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के संग बैठक की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष तौर पर बेस अस्पताल कोटद्वार में मेडिकल स्टाफ के रिक्त पड़े पदों में शीघ्र तैनाती दिए जाने एवं चिकित्सा व्यवस्था बेहतर रखे जाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव सहित विभाग के सभी अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से सख्ताई से कहा कि कोटद्वार में बेस हॉस्पिटल केवल रेफर सेंटर बन कर रह गया है, प्रत्येक मरीज को वहां से रेफर कर दिया जाता है। बेस हॉस्पिटल में डॉक्टरों की कमी के कारण स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य की सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार से बेस अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती की जाए। विधानसभा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि विज्ञापन निकालकर एवं कैंपस में जाकर डॉक्टर को ऑफर किया जाए। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं कार्डियोलॉजिस्ट का होना अति आवश्यक है। उन्होंने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में एक और अतिरिक्त 108 सेवा की एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने के लिए कहा। साथ ही विभागीय अस्पताल की एंबुलेंस को भी निशुल्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को तुरंत स्वास्थ्य सेवा दिए जाने के लिए कहा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवम् सब सेंटर की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मरमत्तीकरण एवं बिजली, पानी, शौचालय की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कहा। उन्होंने अस्पतालों में बायोमेट्रिक व्यवस्था को लागू किए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मरीजों को हर संभव सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत सभी कार्ड धारियों का इलाज होना आवश्यक है। एनएचएम के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने बेस अस्पताल में सृजित पदों के सापेक्ष भरे हुए पदों एवं रिक्त पड़े पदों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने कहा कि पैरामेडिकल स्टाफ के पद भी भरे जाएं। अधिकारियों ने बताया कि 1325 स्टॉफ नर्स के पदों की विज्ञप्ति जारी की गई है वही 62 एक्स-रे तकनीशियन पदों को भी भरा जाना है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव राधिका झा, अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव, अपर सचिव सोनीका, स्वास्थ्य निदेशक विनीता साह, पौड़ी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण कुमार, बेस हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ तिवारी, अनु सचिव जसविंदर कौर, अनु सचिव सुनील कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सिंगल यूज प्लास्टिक से मुनिकीरेती पालिका ने बनवाई 18 बैंच

यदि आप सिंगल यूज प्लास्टिक कूड़े (पॉलिथीन, प्लास्टिक डिस्पोजल, बोतलें आदि) को फैलने से रोकना चाहते हैं और उसका बेहतर ढंग से उपयोग करना चाहते हैं, तो नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला से यह सीख सकते हैं। इसके तहत पालिका ने सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री से बैठने हेतु बैंचें बनवाई हैं, जिन्हें शीघ्र ही यहां आस्था पथ में लगाया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम हेतु पालिका निरंतर कार्यरत है, इसके लिए पालिका की ओर समय-समय पर अभियान चलाए जातें हैं। ईओ तनवीर मारवाह ने बताया कि पालिका को प्राप्त सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री के कूड़े से पालिका ने 18 बैंच और 3 टेबलों का निर्माण करवाया है, शीघ्र ही इन बैंच को बैठने हेतु आस्था पथ में लगवाया जाएगा।

पूर्णानंद खेल मैदान में नौ दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ

श्री गंगा सभा मुनिकीरेती की ओर से पूर्णानंद खेल मैदान में आयोजित नव दिवसीय पंच महापुराण, महारूद्र यज्ञ का पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन व वैदिक मंत्रोच्चार के संग धूमधाम से शुभारंभ हुआ।
नव दिवसीय पंच महापुराण, महारूद्र यज्ञ में सर्वप्रथम गणेश पूजन किया गया, इसके बाद सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुगण पूर्णानंद खेल मैदान से कलश यात्रा लेकर त्रिवेणी घाट पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने गंगा पूजन किया, इसके बाद महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। देवपूजन मूलपारायण के बाद शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा वक्ता महामण्डलेश्वर आचार्य भास्कारानन्द महाराज वृंदावन ने बताया कि क्षेत्र की खुशहाली, राष्ट्र की समृद्धि एवं समग्र विश्व मानव कल्याण व कोरोना वैश्विक महामाीरी में दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु यह नवदिवसीय यज्ञ आयोजित किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में इस यज्ञ में शिरकत कर महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की। इस दौरान विभिन्न प्रकार की झांकियों ने श्रद्धालुओं को मोहित किया।
मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, ऋषिकेश मंडी अध्यक्ष विनोद कुकरेती, श्री गंगा सभा मुनिकीरेती-ढालवाला के अध्यक्ष मनीष डिमरी, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव बीना जोशी, भगवती प्रसाद भट्ट, रमेश पैन्यूली, दिवस्पति पैन्यूली, शंकर दत्त पैन्यूली, देवेन्द्र दत्त जोशी, सोनू भट्ट, शंकर नौटियाल, जगमोहन कुड़ियाल आदि उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री ने पवित्र कलश गाडू घड़ा के दर्शन किये

आज पुराना रेलवे मार्ग स्थित बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति चेला चेतराम धर्मशाला में भगवान बदरीविशाल के अभिषेक के लिए तिलों के तेल का कलश गाडू घड़ा के प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री, शहरी विकास व स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल धर्मपत्नी शशिप्रभा ने दर्शन किए।
शनिवार को अग्रवाल ने धर्मशाला पहुंचकर तिलों के तेल का पवित्र कलश गाडू घड़ा के दर्शन किए। उन्होंने यहां भगवान बदरीविशाल के भजनों में भी शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भगवान बदरीविशाल से इस मौके पर देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर अग्रवाल ने भगवान बदरीनाथ का प्रसाद पीली दाल, मिश्री भी ग्रहण किया। इस मौके पर अग्रवाल ने पवित्र कलश गाडू घड़ा को ध्वज दिखाकर श्री बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना किया।
इस मौके पर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार, सदस्य आशुतोष डिमरी, भास्कर डिमरी, मुख्य कार्य अधिकारी मंदिर समिति बीडी सिंह, माननीय मंत्री जी की धर्मपत्नी शशि प्रभा अग्रवाल, पूर्व विधायक बद्रीनाथ महेंद्र भट्ट, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री सुमित पवार, पार्षद शिव कुमार गौतम, लता तिवाड़ी, राजेश कुमार, सरोज डिमरी, इंद्र कुमार गोदवानी, संदीप खुराना, सचिन अग्रवाल, जयंत शर्मा आदि उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने वीरचंद्र सिंह गढ़वाली के आदर्शों को अपनाने पर दिया जोर

पेशावर कांड की बरसी पर अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने वीरचंद्र सिंह गढ़वाली के पराक्रम को याद किया, साथ ही उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प भी लिया। ऋषिकेश दून रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड ही नही अपितु समूचे समाज के लिए आदर्श हैं। नेगी ने बताया कि 23 अप्रैल के दिन ही पेशावर में जब अंग्रेज पुलिस कप्तान ने सेनानायक चंद्र सिंह को निहत्थे नागरिकों पर गोली चलाने का आदेश दिया तो उन्होंने आदेश मानने से इंकार कर दिया और अधिनस्थ सैनिकों को सीज फायर का हुकुम दिया यह भारतीय आजादी के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई। बताया कि वीर चंद्र सिंह के अदम्य साहस और पराक्रम से प्रभावित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने उन्हें गढ़वाली का नाम देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर महासभा ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग भी उठाई। इस मौके पर जयेंद्र सजवाण, शुभम बहुगुणा, भुवनेश्वर प्रसाद भारद्वाज, पंकज गुसाईं, उत्तम सिंह, मनोज नेगी उपस्थित थे।

मठ-मंदिरों के गंगा घाटों में स्वछता अभियान चलाया

राम तपस्थली ब्रह्मपुरी आश्रम में आज संत महात्माओं एवं साधकों के द्वारा स्वच्छता संकल्प अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राम तपस्थली के संस्थापक अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास महाराज ने बताया कि आज समस्त सैकड़ों साधकों एवं संत महात्माओं के द्वारा समस्त आश्रम मठ मंदिर के गंगा घाटों को प्रदूषण मुक्त एवं पॉलिथीन मुक्त करने हेतु स्वच्छता अभियान घाटों में चलाया गया। स्वच्छता अभियान भैरन्ट बाबा से शुरू होकर राजीव लोचन आश्रम राम तपस्थली स्वामी रामतीर्थ आश्रम ओशो धाम फलारी बाबा आश्रम आदि जगहों पर स्वच्छता अभियान वृहद रूप में चलाया गया।
सभी यात्रियों ने घाटों पर फैली गंदगी को साफ करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा के आज राम तपस्थली ब्रह्मपुरी आश्रम में सभी संत महात्माओं एवं साधकों ने एक साथ सैकड़ों साधकों द्वारा मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण संवर्धन के लिए पॉलिथीन मुक्त उत्तराखंड बनाने का संकल्प लेते हुए समस्त माताओं बहनों एवं संत समाज ने लिया संकल्प
के साथ ही सभी ने गंगा घाटों के किनारे पर सैकड़ों साधकों द्वारा गुलाब, रात की रानी, चमेली, मोगरा, कनेर, गुड्ल, पीपल, बरगद, पीलखन, अशोका एवं छायादार फूलदार पौधे लगाये गये।
इस अवसर पर महंत सीताराम दास, महंत प्रमोद दास चित्रमणि, श्री गिरिराज सेवा समिति के अध्यक्ष पवन कुमार, जय भगवान ईश्वर, पंडित दिनेश कुमार, राजेश अशोक, मीरा गर्ग, नीलम शर्मा, कांता ऐरन, मधु शर्मा, माधवी गगर्, विमला गुप्ता, लक्ष्मी तायल, रेखा, शकुंतला वशिष्ठ, आशा एरन, रोशनी शर्मा, कमलेश, शकुंतला, पुष्पा, संतोष शर्मा, इंदु जिंदल, विनीता जिंदल, सोनल ऐरन, भावना बंसल, राधा बंसल, बेबी गौतम, कृष्णा गर्ग, फूलवती जिंदल, ममता आदि लोग उपस्थित रहे।

सैनिक बाहुल्य प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना ही ध्येय-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है। यहां के सौहार्द पूर्ण माहौल को बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। राज्य में समान नागरिक संहिता को लागू किए जाने को लेकर जल्द ही एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पौड़ी जनपद के विकासखंड थलीसैंण के पीठसैंण पहुंचे। यहां उन्होने पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की स्मृति में आयोजित क्रांति दिवस मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होने गढ़वाली की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शाे पर चलने का आहवान भी किया।
मुख्यमंत्री ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली क्रांति दिवस मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने , थलीसैण में वाहन पार्किंग निर्माण की स्वीकृति, श्रीनगर विधानसभा के अन्तर्गत कच्ची सड़कों का डामरीकरण की स्वीकृति, देवराड़ी देवी मैदान (बूंगीधार) चौथान में मिनी स्टेडियम का निर्माण, चौरीखाल से कफल्ड मुसेटी लामसेम बैंड थलीसैंण तक सड़क का निर्माण कार्य किए जाने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने किशोरी एवं महालक्ष्मी किट के लाभार्थियों को किट वितरित किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान बिनसर की भूमि को नमन करते हुए कहा कि वीरो की भूमि पर दोबारा आने का मौका मिला है। हमारे शहीदों के परिश्रम, बलिदान, संघर्ष को आने वाली पीढ़ी जाने इसके लिए इस तरह के कार्यक्रम होने जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार “विकल्प रहित संकल्प“ के ध्येय वाक्य पर काम कर रही है। जो घोषणा पूर्व में की गई हैं उनके शासनादेश भी जारी हो रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके नेतृत्व में यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। रजत जयंती के अवसर पर उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य होगा। उन्होंने कहा हमारा राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़े, इसके लिए सरकार निरंतर विकास कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना से उत्तराखंड में करीब 5 लाख से ज्यादा लोगों को जोड़ा गया है। वही गरीब कल्याण अन्न योजना ने कोरोना काल में भी किसी गरीब को भूखा नहीं सोने दिया। उन्होंने सितंबर माह तक इस योजना को बढ़ाए जाने पर प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद किया ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार को खत्म करने हेतु एवं भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाने हेतु 1064 नंबर लांच किया गया है जिस पर कोई भी नागरिक भ्रष्टाचार से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा इस संबंध में भ्रष्टाचार पर अभी तीन बड़ी कार्यवाही की गई है, जबकि कई शिकायतें सर्विलांस पर हैं। उन्होंने कहा हमारे वादे के अनुसार हम यूनिफॉर्म सिविल कोड जल्द ही उत्तराखंड में लागू करेंगे। पर्यावरण मित्रों का एक दिन का मानदेय बड़ाकर 500 रुपए कर दिया है। नए बजट में सरकार ने गरीब परिवारो हेतु एक साल में तीन सिलेंडर मुफ़्त देने का वादा किया है जो पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने उत्तराखंड में वृद्घावस्था पेशन योजना पर बड़ा फैसला लेते हुए अब पति-पत्नी दोनों को वृद्घावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया हैं। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने आगनबाडी कार्यकत्री भोजन माता पीआरडी जवान, उपनल कर्मचारी, ग्राम प्रधान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों को दी जाने वाली राशि में भी इजाफा किया है।
उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि बूंगीधार में स्थित चिकित्सालय का उच्चीकरण किया जाएगा। कहा कि थलीसैंण अल्ट्रासाउड, गाइनो के अलावा कई चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इससे पूर्व मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किशोरी रक्षा किट का वितरण किया। देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों के परिजनों तथा स्वतंत्रता सैनानियों को शॉल ओढाकर सम्मानित किया। इस मौके पर पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, एसएसपी यशवंत सिंह चौहान, सीडीओ प्रशांत कुमार आर्य, ब्लाक प्रमुख थलीसैंण मंजू रावत, मनमोहन सिंह आदि शामिल थे।