कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने हंगरी निवासी अनिका को सम्मानित किया

शत्रुघ्न घाट पर गंगा गौ सेवा समिति की ओर से आयोजित सांध्यकालीन गंगा आरती में आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सहभाग किया। इस मौके पर गीतकार व रचनाकार मनन द्विवेदी के वीडियो गीत ख्यालों में का पोस्टर कैबिनेट मंत्री ने लॉन्च किया। साथ ही सरस्वती फाउंडेशन की अनिका को भी सम्मानित किया।
शनिवार को अग्रवाल ने वीडियो गीत ख्यालों में के पोस्टर को लांच करते हुए कहा कि युवा गीतकार व रचनाकार मनन द्विवेदी ने बहुत ही सुंदर तरीके से इस गीत को अपनी आवाज दी है, जितने अच्छे शब्दों को उसमें लिखा गया है। कहा कि हमारे क्षेत्र में कई प्रतिभावान युवा साथी है, जो उचित मंच के अभाव में पीछे रह जाते है। कहा कि हमें आवश्यकता है ऐसे प्रतिभावान युवाओं को सामने लाकर उन्हें प्रोत्साहित करने की।
युवा गीतकार व रचनाकार मनन द्विवेदी ने बताया कि इस गीत लिखा, कम्पोज़ और गाया भी उन्हीं के द्वारा गया है। इस गीत में मनन द्विवेदी और स्नेहा मुख्य भूमिका में है। इस गीत को रामझूला, शत्रुघ्न घाट, शिवपुरी बीच आदि लोकेशन पर फिल्माया गया है। बताया कि इस गीत का वीडियो यू ट्यूब पर देखा जा सकता है। साथ ही इसका ऑडियो सभी म्यूजिक प्लेटफार्म पर सुना जा सकता है।
शत्रुघ्न मंदिर के महंत व गंगा गौ सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज द्विवेदी ने बताया कि हंगरी निवासी अनिका सरस्वती फाउंडेशन नामक एक सामाजिक संस्था का संचालन करती है। उनकी संस्था ने भारतीय दूतावास के साथ मिलकर यूक्रेन के बॉर्डर से भारतीय छात्रों, नागरिकों को भारत लाने में मदद की। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने हंगरी निवासी अनिका को भी सम्मानित किया।
इस मौके पर अग्रवाल ने गंगा आरती में भी प्रतिभाग किया। इस मौके पर संजय शास्त्री, सुनील कपरुवान, मनोज मलासी, अशोक शर्मा, देवी प्रसाद, अनूप रावत, दरमियान सिंह रावत, कविता शाह आदि उपस्थित रहे।

केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सोमवार को सचिवालय में पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने हेतु जेई एवं एई की तैनाती हेतु सख्त निर्देश देते हुए ज्वाइन न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले 6, 7 माह में केदारनाथ में बहुत से निर्माण कार्य होने हैं जिनकी स्वयं प्रधानमंत्री लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि लेबर को रहने खाने की समस्या न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए, साथ ही उनके बिलों का समय से भुगतान किया जाए। उन्होंने मैटेरियल की आपूर्ति एवं स्टोरेज की उचित व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि समय से सभी कार्य पूर्ण हो सकें इसके लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए, साथ ही टारगेट भी बढ़ाया जाए। इसके साथ ही मुख्य सचिव ने चेयरमैन ब्रिडकुल श्री आर. के. सुधांशु को निर्देश दिए कि प्रदेश के स्थापित सभी रोप-वे का सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक 6 माह में निरीक्षण किया जाए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर के सुधांशु एवं सचिव दिलीप जावलकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

लोकगीत हमारी संस्कृति की पहचान-राजे नेगी

लोक गीत ’’वा मेरी बांद च’’ वीडियो गीत का लोकार्पण आज देहरादून रोड़ स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के कार्यालय पर महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी, समाजसेवी हंसराज बडोनी और गीत को अपने सुरों से सजाने वाली प्रसिद्ध लोक गायक धूम सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।
सोमवार की दोपहर आयोजित कार्यक्रम में डॉ राजे नेगी ने कहा कि निश्चित ही यह गीत देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं नैसर्गिक प्राकृतिक सौन्दर्य को प्रस्तुत करने मेें कामयाब रहेगा। उन्होंने कहा कि यह वीडियो गीत प्राकृतिक सौन्दर्य एवं सांस्कृतिक विरासत एवं लोक संस्कृति को भी बढ़ावा देने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि समाज में छिपी प्रतिभाओं को निखारने तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किये जाने के प्रयास किये जाने चाहिए। गीत को अपनी सु-मधुर आवाज से सजाने वाले लोक गायक धूूूम सिंह रावत ने बताया कि विनोद चौहान के संगीत से सजे गीत में अभिनेता रणवीर चौहान व अभिनेत्री आंचल चौहान ने अपनी अदाकारी का जलवाा बिखेरा हैै। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माता हंसराज बडोनी व बलवीर रावत की प्रस्तूती को दर्शकों का बेपनाह प्यार और आर्शीवाद जरूर मिलेगा।
इस अवसर पर समाजसेवी शांति प्रसाद उनियाल, उपेंद्र कुड़ियाल, राजेश्वर प्रसाद, पंकज गुसाईं, धीरेंद्र नौटियाल, विकास चौहान, अमन खरोला, दीपक सेमवाल, गुड्डू रावत, अरविंद थपलियाल, मनोज नेगी उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा-टैक्सी वाहनों की लॉटरी निकालीं गई

चार धाम यात्रा के मध्येनजर टैक्सी वाहनों का रोटेशन बनाए जाने को लेकर गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक व मालिक एसोसिएशन ऋषिकेश के तत्वावधान में टैक्सी वाहनों की लॉटरी निकाली गई। आईएसबीटी स्थित एसोसिएशन के शाखा कार्यालय में पंडित अनुसूया प्रसाद कुकरेती ने विधि विधान से मंत्र उच्चारण कर पूजा अर्चना की। एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने चार धाम यात्रा के टैक्सी वाहनों की घड़े से पर्ची निकाली। प्रथम पर्ची बिजेंदर नौटियाल टैक्सी वाहन संख्या यूके 14 टीए 0583 की निकली।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि देश प्रदेश से तीर्थ नगरी ऋषिकेश आने वाले यात्रियों को सुगम, दुर्घटना रहित, वाजिब दाम पर अतिथि देवो भव की भावना के अनुसार चार धाम की यात्रा कराने को एसोसिएशन की 211 डीलक्स टैक्सिया तैयार हैं। एसोसिएशन के सचिव विजेंद्र कंडारी ने कहा कि चार धाम का किराया परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार वसूला जाएगा।
इस अवसर पर वीरेंद्र कुमार मिश्रा, दिगंबर सिंह बिष्ट, गोपाल जुगरान, आसाराम सकलानी, गिरीश नेगी, द्वारिका प्रसाद मुंडेपी, अमरदेव रियाल, विजय भट्ट, अरविंद डोभाल, रणबीर मौर्य, अनिल गुप्ता, अनिल कुकरेजा, श्री कृष्ण डबराल, राकेश बहुगुणा, ऋषि राम सेमवाल, वीरेंद्र जोशी, ठाकुर सिंह नेगी आदि टैक्सी चालक व मालिक उपस्थित रहे।

नमामि गंगे के कार्यो को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश

शहरी विकास मंत्री व स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने नमामि गंगे के अधिकारियों की आज बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में बैठक ली। इस मौके पर ऋषिकेश में सीवरेज प्रणाली के कार्यों में तीव्रता लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में नमामि गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव वर्मा ने बताया कि 462 करोड़ रुपए की धनराशि से जर्मन कंपनी केएफडब्लयू द्वारा ऋषिकेश में सीवरेज प्रणाली का कार्य चल रहा है। इसमें शहरीय क्षेत्रो के मुख्य मार्गों में सीवरेज लाइन पूर्व में डाली जा चुकी है, जिसका 26 एमएलडी का एसटीपी लक्कडघाट में है। बताया कि यह लाइन वर्तमान में संचालित हो रही है।
परियोजना अभियंता रविन्द्र गंगाड़ी ने बताया कि वर्तमान में 180 किमी की सीवर लाइन बिछाने का काम नगर निगम के कुछ क्षेत्रों, श्यामपुर, गुमानीवाला, खदरी खडकमाफ में चल रहा है। बताया कि इसमें पांच एमएलडी का एसटीपी प्लांट श्यामपुर खदरी में बनाया जाना है। इसमें तीन जगहों पर (गुमानीवाला, आवास विकास, आस्था पथ) में पम्पिंग स्टेशन बनाये जाने है।
इस पर शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि पम्पिंग स्टेशन बनाने को जमीन के स्थलीय निरीक्षण के लिए किए जा रहे जियोटेक सर्वे को जल्द पूरा किया जाए। कहा कि सम्पूर्ण सीवरेज प्रणाली कार्य को पूर्ण गुणवत्ता के साथ तय समयावधि के भीतर करें।
अग्रवाल ने कहा कि सीवर लाइन बिछाने के दौरान लोगों को आवागमन में दिक्कतें न आये, इसका भी ध्यान रखा जाये।
इस मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव वर्मा, परियोजना अभियंता नमामि गंगे रविंद्र सिंह गंगाड़ी, अपर सहायक अभियंता ललित सिंह सतवाल उपस्थित रहे।

एसडीओ को भारी पड़ा रिश्वत मांगना, विजिलेंस ने पकड़ा

देहरादून से आई विजिलेंस विभाग की विशेष टीम ने आज दोपहर कनखल क्षेत्र के एक बिजली घर पर छापेमारी कर एक अधिकारी को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि रिश्वत मांगने की शिकायत बीजेपी पार्षद ने की थी। टीम ने फिलहाल रिश्वतखोर अधिकारी को हिरासत में ले लिया है।

कनखल क्षेत्र में भाजपा पार्षद के भाई से बिजली कनेक्शन के नाम पर 20 हजार की रिश्वत मांगना ऊर्जा निगम के एसडीओ को भारी पड़ गया। आज दोपहर देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एसडीओ कनेक्शन के लिए चार महीने से पीड़ित को चक्कर कटा रहा था। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने बंद कमरे में घंटों तक एसडीओ से पूछताछ की गई। वहीं, इस कार्रवाई से ऊर्जा निगम कर्मियों में हड़कंप मचा रहा।
पुलिस के मुताबिक, जगजीतपुर के राजा गार्डन से भाजपा पार्षद लोकेश पाल के भाई महेश पाल ने खोखरा तिराहा के पास नया मकान बनाया है। मकान में बिजली का कनेक्शन लेने के लिए उन्होंने चार महीने पहले ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन एसडीओ संदीप शर्मा कभी निरीक्षण तो कभी निचले कर्मचारियों की रिपोर्ट का बहाना बनाते हुए टाल मटोल कर रहा था।

आरोप है कि एसडीओ ने कनेक्शन की एवज में 20 हजार की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित की ओर से इसकी सूचना विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर दी गई। जिसके बाद विजिलेंस ने एसडीओ को रंगे हाथ पकड़ने के लिए पूरा जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार शनिवार दोपहर महेश पाल पैसे लेकर पहुंचा जैसे ही एसडीओ ने रकम हाथ में पकड़ी, विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोच लिया। इससे ऊर्जा निगम कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। विजिलेंस टीम ने घंटों तक पूछताछ करने के साथ ही दफ्तर में फाइलें भी खंगाली।

वहीं, भाजपा पार्षद द्वारा इस मामले में स्वयं एसडीओ को फोन किया था। जिस पर उसने साफ कहा कि आप पार्षद हो इसलिए आपको पांच हजार की छूट देता हूं। आप पंद्रह हजार जमा करा देना।

सीएम का रूद्रप्रयाग दौरा, वैशाखी व पर्यटन मेले का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद रूद्रप्रयाग स्थित विकास खंड जखोली के बधाणीताल पहुंचकर यहां आयोजित वैशाखी एवं पर्यटन मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न घोषणायें भी की जिनमें विकास खंड जखोली के अंतर्गत बरसिर-बधाणी मोटर मार्ग के कि.मी. 32 तक हॉटमिक्स का कार्य (डामरीकरण) किया जाएगा, बधाणीताल पर्यटक आवास बनाने के साथ ही बधाणीताल सौंदर्यीकरण, राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज भीरी का नाम शहीद मुरलीधर सेमवाल के नाम पर करने, जुरानी-ब्यूंग-मैखंडा मोटर मार्ग की स्वीकृति देने के साथ ही जावरी-मोहनखाल मोटर मार्ग को शहीद फतेसिंह के नाम पर रखने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में वैशाखी एवं पर्यटन मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार द्वारा तय किए गए सभी संकल्पों को जल्द ही पूरा किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आयोजित होने वाले मेले हमारी धरोहर हैं जिनका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने चारधाम मोटर मार्ग, रेल निर्माण सहित अटल आवास, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, समान नागरिक कानून आदि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों की मांगों को उचित कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाएगा।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक भरत सिंह चौधरी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में अभिनव विकास कार्य संपन्न होंगे। इससे पूर्व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, बाल संरक्षण आयोग के सदस्य बाचस्पति सेमवाल, विकास खंड जखोली प्रमुख प्रदीप थपलियाल, जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, महावीर पंवार, विक्रम कंडारी, गिरवीर सिंह रावत, जिलाधिकारी मनुज गोयल, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार आदि मौजूद थे।

पुलिसकर्मियों को व्यापारियों ने किया सम्मानित, यह रही वजह

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रतिनिधियों ने ऋषिकेश कोतवाल सहित अन्य पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया है। बता दें कि पिछले दिनों तीर्थनगरी के व्यापारियों के साथ घटनाएं घटी। जिस पर ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों का खुलासा किया और व्यापारियों को उनकी धनराशि बरामद कराई।

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ऋषिकेश के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने बताया कि 3 दिन पूर्व ऋषिकेश निवासी प्रतिष्ठित व्यापारी गुरविंदर सिंह का ड्राइवर छोटा हाथी सहित उनके 4लाख 80 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। इसकी लिखित शिकायत उन्होंने ऋषिकेश कोतवाली में दी। पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी की लोकेशन खंगाली गाड़ी की लोकेशन अंबाला मिली। जिसको अंबाला से बरामद किया गया तथा पुलिस की सक्रियता से ड्राइवर मसूरी के नजदीक केंपटी फॉल से पकड़ा गया। व्यापारी को उसके 4 लाख 20 हजार रूपए भी बरामद हो गए।
बताया कि दूसरी घटना लक्ष्मण झूला रोड पर व्यापारी मनोज नौटियाल के साथ हुई। जिसमें उनके 70 हजार रूपए पर्स सहित गिर गए। पुलिस ने उस व्यक्ति को ढूंढ निकाला जिसने वह पर्स उठाया था तथा 70 हजार रूपए की पूर्ण धनराशि भी बरामद कराई।

अध्यक्ष ललित कुमार मिश्र ने बताया कि ऋषिकेश कोतवाली बहुत ही अच्छा कार्य कर रही है अच्छे कार्य को हमेशा सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आज कोतवाल रवि सैनी के नेतृत्व में ऋषिकेश पुलिस का सम्मान किया।

इस अवसर पर एसएसआई डीपी काला, उप निरीक्षक अरुण त्यागी, उमाकांत, नवनीत नेगी, मनोज कुमार को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद रवि जैन, पार्षद राकेश मियां, अरविंद जैन, राजकुमार तलवार, पवन शर्मा, मनोज टुटेजा, प्रदीप गुप्ता, संदीप खुराना, एकांत गोयल, अभिषेक शर्मा, आशु डंग, महेश किंगर, अमर गुप्ता, नवीन गांधी आदि उपस्थित रहे।

तीन वर्षीय बालक का शव चीला नहर से बरामद

एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन दल की टीम ने पिछले दस दिनों से घर से एक व्यक्ति अपने तीन वर्षीय पुत्र को कार में बिठाकर लापता हो गया था। सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शी ने कार को चीला नहर की ओर जाते देखा था। तभी से उनकी तलाश जारी थी। आज चीला नहर से तीन वर्षीय मासूम बच्चे का शव बरामद किया गया है।

बता दें कि बीती तीन अप्रैल को ऋषिकेश के भरत विहार निवासी एक युवक ने अपने तीन वर्षीय पुत्र को गोद में बैठा कर कार चीला शक्ति नहर में उतार दी थी। भरत विहार ऋषिकेश निवासी सुनील बंसल ने अपने पुत्र अर्चित बंसल (32 वर्ष) उसके पुत्र राघव (तीन वर्ष) के गुमशुदा होने की सूचना दर्ज कराई।

वह रोज वह अपने पुत्र राघव को लेकर अपनी आल्टो कार से घर से गया था। जिसके बाद वह लौट कर नहीं आया। पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि अर्चित ने अपने घर में रुद्रप्रयाग जाकर आत्महत्या करने की बात कही थी।

घर के आस-पास सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो अर्चित अपनी कार से बैराज की और जाता दिखाई दिया। बैराज पर लगे सीसीटीवी कैमरे में वह चीला की और जाता दिखाई दिया था। पुलिस ने चीला की दिशा से भी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तलाशी मगर वह कहीं भी नजर नहीं आया। जिसके बाद पुलिस ने बीन नदी और उसके आसपास अर्चित की तलाश शुरू कर दी थी।
एसडीआरएफ उपनिरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया नहर का पानी रोका गया। इसके बाद राघव का शव बरामद हुआ है। शव को ऋषिकेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

गढ़वाल आयुक्त ने स्थलीय निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार ने मंगलवार को यात्रा प्रशासन संगठन संयुक्त बस अड्डा परिसर ऋषिकेश में चार धाम यात्रा की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक कर यात्रा से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां समय पूर्ण की जाएं। इस कार्य में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने चार धाम यात्रा से संबंधित यात्रियों के रजिस्ट्रेशन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने हेलीसेवा की ऑनलाइन बुकिंग की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और कहा कि हेली सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग हेतु कालाबाजारी बिल्कुल भी न हो इसका विशेष ध्यान रखें।
इसके बाद आयुक्त ने चार धाम यात्रा से संबंधित पार्किंग स्थल चंद्रभागा ऋषिकेश और नगर निगम ऋषिकेश के सहयोग से बन रहे 15 रैन बसेरों के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रीन कार्ड काउंटर व हेल्प डेस्क यात्रा बस अड्डा ऋषिकेश का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए सभी तैयारियां यात्रा से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल, सहायक नगर आयुक्त आनंद सिंह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश अपूर्वा पांडे, आरटीओ दिनेश पठोई, परिवहन विभाग के अधिकारी अनुराग पुरोहित, व्यापार मंडल ऋषिकेश से राजकुमार अग्रवाल, भारत भूषण रावत, सीएमएस डॉ रमेश सिंह राणा सहित चारधाम यात्रा से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।