चंपावत में मुख्यमंत्री धामी के लिए प्रचार में आए यूपी सीएम, रोड शो कर जनता का किया संबोधित

चंपावत उपचुनाव के लिए प्रचार अंतिम दौर में है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के पक्ष में आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने विशाल रोड शो औऱ जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान बुलडोजर बाबा के कार्यक्रम में बुलडोजर छाए रहे। रोड शो के दौरान कई कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर टनकपुर पहुंचे। (Bulldozers seen in cm yogi’s Tanakpur rally and road show for cm dhami) इतना ही नहीं रैली के दौरान सीएम धामी ने भी अपने संबोधन में बुलडोजर का जिक्र किया और कहा कि यूपी की तरह उत्तराखंड में भी अब बुलडोजर चलेगा

यूपी में अपराधियों पर बुलडोजर कार्रवाई एक मिसाल बन चुकी है। इसलिए योगी को लोग बुलडोजर बाबा के नाम से भी पुकारते हैं। इसका असर उत्तराखंड में दिख रहा है। 26 मई को उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में हत्या के फरार आरोपी के गोदाम को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया था। चंपावत विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पक्ष में योगी ने टनकपुर मे विशाल रोज शो किया। इसके बाद योगी ने जनसभा भी की। इस पूरे कार्यक्रम में भी बुलडोजर की धमक दिखी।

योगी के रोड शो के दौरान भाजपा के कई कार्यकर्ता जेसीबी लेकर समर्थन देने पहुंचे। सीएम योगी ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद गांधी मैदान पर योगी नेविशाल जनसभा को संबोधित किया।

उत्तराखंड में भी चलेगा बुलडोजर

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यूपी में हम हर दिन अपराध की खबरें सुनते थे, लेकिन सीएम योगी आदित्यनाथ जी ने ऐसा बुलडोजर चलाया कि अपराधी अब कांपते हैं। धामी ने कहा कि हर गलत काम पर सीएम योगी का बुल्डोजर चलता है। धामी ने कहा कि यूपी की तरह उत्तराखंड में भी बुलडोजर चलेगा और महाराज के बुल्डोजर का असर उत्तराखंड में भी होगा।

चंपावत के पास सीएम को चुनने का अवसर: योगी

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, मां पूर्णागिरी का आशीर्वाद इस बार सीएम धामी को मिलेगा। योगी ने कहा कि चंपावत की जनता के पास इस बार एक बड़ा अवसर है। आमतौर पर जनता विधायक या सासंद चुनती है, लेकिन चंपावत की जनता के पास मुख्यमंत्री को चुनने का अधिकार मिला है। इस क्षेत्र के विकास के लिए यहां की जनता को सीएम धामी को अपना समर्थन देना होगा।

पिथौरागढ़ में विधानसभाओं को मिली सौगात, सीएम ने 113.34 करोड की योजनाओं का किया शिलान्यास व लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज डीआरडीओ गेस्ट हाउस पिथौरागढ़ में विधानसभा क्षेत्र धारचूला, पिथौरागढ़, डीडीहाट तथा गंगोलीहाट की 113.34 करोड़ की 47 विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनमें 73 करोड़ की 28 योजनाओं का लोकार्पण तथा 40.34 करोड़ की 19 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धारचूला मुनस्यारी क्षेत्र के ओम पर्वत, आदि कैलाश, छोटा कैलाश क्षेत्र में आवागमन हेतु पर्यटकों को इनर लाइन ई पास रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था हेतु इनर लाइन ई पास पोर्टल का भी शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने पं. नैन सिंह रावत, शैतान सिंह और मान सिंह रावत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्वांजलि दी। उन्होंने पं. नैन सिंह रावत के परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए हमने कई संकल्प लिए हैं। राज्य सरकार पारदर्शिता के साथ विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारीकरण पर अधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। हमारी प्राथमिकता समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। हमने प्रदेश की जनता से जो वायदे किये हैं, वे सभी पूरे किये जायेंगे। राज्य में नई सरकार के गठन के बाद पहली केबिनेट में उत्तराखण्ड के सभी लोगों के लिए एक समान कानून के लिए समिति बनाने को केबिनेट से मंजूरी दी गई है। जल्द ही विशेषज्ञों की कमेटी बनाकर ड्राफ्ट तैयार किया जायेगा। पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर प्रतिदिन 500 रूपये किया गया है। सरकार ने पति-पत्नि दोंनों को वृद्धावस्था पेंशन देने का निर्णय लिया है और इसकी धनराशि भी बढ़ाई है। प्रदेश में गरीब परिवारों को एक साल में तीन गैस सिलेण्डर मुफ्त देने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए बजट का प्राविधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में अनेक विकास कार्य हो रहे हैं। केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई, रेल, सड़क कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। भव्य एवं दिव्य केदारपुरी का निर्माण हुआ है। श्री बद्रीनाथ में विभिन्न कार्यों के लिए केन्द्र सरकार से 250 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिल चुकी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन पर तेजी से कार्य हो रहा है। कुमांउ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है, इसके लिये जनपद उधम सिंह नगर में एम्स ऋषिकेश का सेटलाइट सेन्टर स्थापित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमान्त जनपद पिथौरागढ़ के सुद्रवर्ती सुरम्य इनर लाइन क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही के लिये बनाये गये इनर लाइन ई पास पोर्टल से पर्यटकों को सुविधा होगी तथा अधिक से अधिक पर्यटक इस क्षेत्र में आ सकेंगे।
कार्यक्रम में विधायक पिथौरागढ़ मयूख महर, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, पूर्व विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा, अध्यक्ष नगरपालिका राजेंद्र रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा केदार जोशी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत कोमल मेहता,जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष चौहान, मख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल, अपर जिलधिकारी फिंचा राम चौहन समेत जनप्रतिनिधि व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

घायल पर्यटकों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएंः सीएम

तहसील मुनस्यारी के खलियाटॉप में लापता दो पर्यटकों को जिला प्रशासन द्वारा रेस्क्यू कर लिया गया है। लापता पर्यटकों की खोजबीन के लिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को निर्देश दिये गये थे।

जनपद पिथौरागढ़ के तहसील मुनस्यारी में 16 मई को पीलीभीत उत्तर प्रदेश निवासी दो पर्यटक, जिनके नाम सन्तोष कुमार, उम्र लगभग 27 वर्ष और विशाल गंगवार उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है, मुनस्यारी से पर्यटक स्थल खलियाटॉप भ्रमण पर गए थे, लेकिन मार्ग भटकने से बीच में लापता हो गये। इन दोनों लापता पर्यटकों की खोजबीन की गई। दोनों पर्यटकों आज 17 मई को गंभीर घायल अवस्था में मिले। जिन्हें प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को पर्यटकों के रेस्क्यू के निर्देश दिये गये थे। मुख्यमंत्री ने घायल पर्यटकों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराये जाने के भी निर्देश दिये है।

इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी डा.आशीष चौहान ने बताया कि दोनों पर्यटकों को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजने हेतु हैलीकाप्टर की व्यवस्था भी कर दी गई थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से हैली रेस्क्यू करना संभव नहीं हो सका। दोनों पर्यटकों को रेस्क्यू करते हुए एम्बुलेंस से हायर सेंटर भेजा गया।

सीएम धामी ने अल्मोड़ा में श्री पीठम स्थापना महोत्सव में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा स्थित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम् के चतुर्थ वार्षिकोत्सव एवं श्री पीठम् स्थापना महोत्सव में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद खूबसूरत स्थान है। कहा कि ऐसे स्थानों पर कोई भी व्यक्ति अपनी मर्जी से नहीं आता है बल्कि उसे ईश्वर स्वयं बुला देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सिद्ध पीठ स्थानों से पूरे देश और सनातन संस्कृति को ऊर्जा मिलती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार देश आगे बढ़ रहा है जिसके तहत अयोध्या में श्री राम लला का भव्य मंदिर बनाया जा रहा है। इसके अलावा बनारस में भव्य काशी कॉरिडोर बनकर तैयार हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2013 की आपदा में केदारनाथ क्षेत्र एवं आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ संकल्प की बदौलत श्री शंकराचार्य जी की समाधि, तीर्थ पुरोहितों का आवास, सरस्वती घाट समेत पूरा केदारनाथ धाम का परिसर भव्य एवं दिव्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ के बाद अब श्री बदरीनाथ धाम में 250 करोड़ रुपए की स्वीकृति हो चुकी है जिसके बाद श्री बदरीनाथ धाम में भी बहुत तेजी से पुनर्निर्माण काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में चार धाम यात्रा 2 साल बाद पुनः विधिवत प्रारंभ हुई है लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या पहले के मुकाबले कई गुना ज्यादा पहुंच गई है। यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पूरी तरीके से मॉनिटरिंग कर रही है। मुख्यमंत्री ने देशभर के श्रद्धालुओं को अपील करते हुए कहा कि जो शारीरिक रूप से अभी स्वस्थ नहीं है वह जब तक डॉक्टर ना कहें तो यात्रा प्रारंभ ना करें। उन्होंने कहा कि यात्रा पर जा रहे नौजवान, महिलाओं और बुजुर्गों, मातृशक्ति को आगे आने दें। सरकार यात्रा को और सुव्यवस्थित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि देशभर के श्रद्धालु यहां आए हैं वह सुरक्षित यहां आए और सुरक्षित जाए उन्हें किसी तरीके से कोई परेशानी ना हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जो भी घोषणा की गई है उन्हें पूरा किया जा रहा है। कॉमन सिविल कोड को लेकर सभी प्रक्रियाएं पूरी कर दी गई हैं। इसके अलावा अंत्योदय कार्ड धारकों को साल भर में 3 सिलेंडर फ्री करने को लेकर भी कैबिनेट निर्णय दे दिया है।

इस दौरान अल्मोड़ा लोकसभा से सांसद अजय टम्टा, विधायक मनोज तिवारी, विधायक मोहन सिंह मेहरा समेत आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कई भाजपा दिग्गजों की मौजूदगी में पुष्कर धामी ने किया नामांकन दाखिल


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन करा दिया है। आरओ और टनकपुर एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने सीएम के नामांकन की प्रक्रिया पूरी की। यहां उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत केंद्रीय मंत्री और कैबिनेट मंत्री के अलावा विभिन्न विधानसभाओं के विधायक मौजूद रहे। नामांकन के बाद सीएम ने गोलज्यू के दरबार में पूजा अर्चना की।

सीएम धामी इसके बाद जनसभा के लिए मोटर स्टेशन को रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह दशक उत्तराखंड का दशक है। विकास से जुड़ी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कह कि पर्वतीय जिलों में बुनियादी सुविधाओं के विकास सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल आदि मुद्दों पर विशेषतौर से फोकस किया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि समाज के हर वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। चारधाम यात्रा रूट पर ऑल वेदर रोड और हर नल जल योजना से ग्रामीणों को पेयजल मुहैया कराया जा रहा है।

नैनीताल का रामगढ़ क्षेत्र गुरुदेव की कर्मस्थली रहा-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के रामगढ़ मे शान्ति निकेतन ट्रस्ट फॉर हिमालया के तत्वाधान में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की 161 वां जयंती के शुभ अवसर पर आयोजित रविंदर जन्मोत्सव-2022 कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित करते हुए शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान संयोजक प्रोफ़ेसर अतुल जोशी, क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा, पूर्व विदेश सचिव शशांक, देवेंद्र ढेला देवेंद्र बिष्ट, भाजपा के मंडल अध्यक्ष कुंदन चिलवाल आदि जनप्रतिनिधि द्वारा मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर के 161 वां जन्मोत्सव दिवस पर बधाई दी और रामगढ़ विश्व भारती केंद्रीय विश्वाविद्यालय के प्रथम परिसर का भी भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के मंत्र पर अग्रसर है और जनकल्याण को समर्पित है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण की भावना के अनुरूप लगातार प्रदेश का चहुमुखी विकास कर रही है। प्रधानमंत्री का राज्य के प्रति गहरा लगाव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ एवं सबका विकास के तहत कार्य करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। रामगढ़ क्षेत्र के टैगोर टॉप स्थित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की कर्मस्थली जहां उन्होंने 19वीं शताब्दी में 5 बार यहां आकर अपनी काव्य रचना की। उन्हें साहित्य का नोबेल पुरस्कार मिला जो किसी एशियाई को पहला नोबेल पुरस्कार था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामगढ़ में रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के परिसर की स्थापना में अपनी रुचि व्यक्त की है, वह उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस सौगात से जहां विश्व भारती केंद्रीय विश्वविद्यालय उत्तराखंड को भारत के प्रमुख शिक्षा केन्द्र के रूप में स्थापित होने का अवसर प्राप्त होगा। वहीं स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नये अवसर उपलब्ध होंगे, तथा यह राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय शोधार्थियों के लिए भी नया गंतव्य बनेगा। उन्होंने कहा इसके लिए केंद्रीय राज्य मंत्री पर्यटन मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, पूर्व केन्द्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के विशेष प्रयास रहे।
उन्होंने कहा कि विश्व भारती की स्थापना के लिए प्रथम चरण में 150 करोड़ रूपये की डीपीआर केन्द्र सरकार में स्वीकृति की प्रक्रिया में है, उत्तराखंड सरकार द्वारा 45 एकड़ भूमि मे विश्व भारती केंद्रीय विश्वविद्यालय के परिसर की स्थापना की औपचारिकता पूर्ण कर ली गई। उन्होंने प्रो विदयुत चक्रवर्ती, कुलपति विश्वभारती पश्चिम बंगाल तथा शांतिनिकेतन ट्रस्ट फॉर हिमालया के प्रवासियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह दशक उत्तराखंड का होगा। जो देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य होगा।
कार्यक्रम में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ द्वारा सांस्कृतिक एवं देवभूमि सांस्कृतिक दल द्वारा छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी विभागों द्वारा उद्यान विभाग ग्रामीण आजीविका मिशन बोराकोट द्वारा स्टॉल भी लगाइए।
इस अवसर पर रविंद-सृजनिका नामक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
इस अवसर विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति एनके जोशी, जिलाधिकारी धीराज सिह गर्ब्याल ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी, परियोजना निर्देश अजय सिह और भारी जन समूह उपस्थित रहा।

पुष्कर धामी बनाम गहतोड़ी हुआ चंपावत का उपचुनाव

चंपावत विधानसीट के उपचुनाव में सीएम पुष्कर सिंह धामी का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी से होगा। कांग्रेस ने शुक्रवार दोपहर अपने प्रत्याशी की घोषणा की। दोपहर राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक ने उनके नाम का पत्र जारी किया। चंपावत की पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मला राज्य महिला सशक्तिकरण परिषद की उपाध्यक्ष भी रहीं हैं। हालांकि टिकट की दौड़ में पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल समेत चार लोग और भी थे।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने निर्मला को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से गंभीर है। कांग्रेस जीत के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है। माहरा ने कहा, श्भाजपा सरकार का पिछले पांच साल और नए दो महीने का कार्यकाल भी बेहद निराशाजनक है। प्रदेश की जनता सभी का आंकलन कर रही है। उपचुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। जिस प्रकार खटीमा की जनता ने ऐतिहासिक फैसला दिया है, उसी प्रकार चंपावत की जनता भी एक मील का पत्थर स्थापित करेगी।

आयोग ने तेज की तैयारी

चंपावत सीट पर उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग एक्शन में है। आयोग ने यहां अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि 11 मई तक नामांकन किए जाएंगे। 31 मई को मतदान होगा और तीन जून को वोटों की गिनती की जाएगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं।

जानें चंपावत का चुनावी इतिहास

चंपावत विधानसभा सीट पर 2002, 2017 और 2022 में बीजेपी को जीत मिली। हालांकि दो बार कांग्रेस के हेमेश खर्कवाल ने जीत का स्वाद चखा। वे 2002 और 2012 में यहां से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। वहीं 2007 में बीजेपी की बीना महाराणा यहां से विधायक चुनी गई थी। इसके बाद 2017 और 2022 में लगातार दो बार कैलाश गहतोड़ी विजयी बने।

चंपावत के विकास के लिए सीएम ने की कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को चंपावत विधानसभा क्षेत्र में आयोजित रोड शो और जनसभा में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें मां पूर्णागिरि और मां शारदा का बुलावा आया है। उन्होंने बड़ी संख्या में जनसभा में पहुंची चंपावत विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट प्रकट किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंपावत को कृषि, बगवानी एवं चाय की उन्नत खेती के लिए विकसित किया जाएगा। आने वाले समय में चंपावत जिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में राज्य में अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 60 लाख लोगों को उत्तराखंड मुफ़्त राशन दी जा रही है। आने वाले समय में चंपावत से महज डेढ़ घंटे की दूरी पर एम्स का सेटेलाइट सेंटर स्थापित होगा। टनकपुर- बागेश्वर रेल लाइन के सर्वे के लिए भी 29 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है। खटीमा बाईपास बनने से चंपावत पिथौरागढ़ के लोगों का समय भी बचेगा और सफर भी सुगम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द समान नागरिक संहिता लागू करने हेतु ड्राफ़्ट तैयार किया जाएगा। गरीब परिवारों को साल में तीन मुफ़्त गैस सिलेंडर दिए जाएँगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए राज्य सरकार ने 1064 टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। राज्य सरकार जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के मंत्र पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने दूसरे कार्यकाल में सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाने का काम किया है। जनता से किए हर वायदे को पूरा करने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने धामी ने इस अवसर पर घोषणा की कि जनपद चंपावत के विभिन्न क्षेत्रों में ओलावृष्टि से फ़सल को हुए नुकसान की भरपाई आपदा मद से की जाएगी। चंपावत विधनसभा के अंतर्गत टनकपुर में शारदा नदी के दाएं व बाएं पार्श्व पर स्थित ग्राम कठौल एवं किचौल में बाढ़ सुरक्षा का कार्य किया जायेगा। उचौलीगूठ से गैडाख्याली न0 1 तक शारदा नदी की मुख्य धारा में चेनेलाइजेशन का कार्य किया जायेगा। तहसील टनकपुर में हुड्डी नदी के बाएँ ओर पर स्थित ग्राम बमनपुरी एवं ग्राम चंदनी की सुरक्षा हेतु बाढ़ सुरक्षा योजना बनाई जाएगी। टनकपुर के अन्तर्गत शारदा नदी के दाएं पार्श्व पर स्थित ग्राम गैडाख्याली की सुरक्षा हेतु बार्ड सुरक्षा योजना बनाई जाएगी। सूखीढांग से डांडा मिनार मोटर मार्ग का पुर्ननिर्माण एवं डामरीकण किया जाएगा। दुयूरी चल्थी मोटर मार्ग का नव निर्माण कार्य किया जाएगा। जिला अस्पताल चंपावत के लोअर ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग निर्माण, प्रथम एवं द्वितीय तल में डायग्नोस्टिक्स विंग एवं ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जाएगा। चंपावत में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिले में जिम कार्बेट ट्रेल का निर्माण करवाया जायेगा। जनपद चंपावत के टीआरसीएस का निर्माण एवं नगर पंचायत बनबसा के क्षेत्रान्तर्गत वार्ड नं0-4 के निकट खाली पड़ी भूमि पर पार्क का निर्माण कार्य किया जायेगा।’
कार्यक्रम में सांसद अल्मोड़ा अजय टम्टा, चम्पावत के निवर्तमान विधायक कैलाश गहतोड़ी, विधायक राम सिंह क़ैड़ा, शिव अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रहीं।

सीएम ने यूएस नगर में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उधम सिंह नगर में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी एक कार्य के पूर्ण होने पर आराम से नहीं बैठना है, अपितु अगले कार्य की तैयारी शुरू कर देनी है यही हमारी कार्य संस्कृति है। उन्होंने कहा कि आप सभी के द्वारा प्रदेश में की गई मेहनत का ही परिणाम है की हमने प्रदेश में इतिहास रचते हुए विभिन्न मिथकों को तोड़कर प्रचंड बहुमत से लगातार दूसरी बार सरकार बनाई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों की लम्बे समय से की जाने वाली कई मांगों को पूरा किया है, अयोध्या में रामलला सालों से टेंट में थे लेकिन अब केंद्र सरकार के नेतृत्व में राम मंदिर बनाने का कार्य शुरू हो चुका है, जल्दी ही हम भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे, इसी तरह लम्बे समय से देशवासियों द्वारा कश्मीर से धारा 370 हटाने की मांग की जा रही थी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज कश्मीर से धारा 370 भी हटाई जा चुकी है।

हमने चुनाव से पहले उत्तराखंड की जनता के समक्ष कहा था कि हमारी सरकार आते ही कॉमन सिविल कोड लागू करेंगे, हमारी सरकार का गठन होते ही कैबिनेट की पहली बैठक में हमने कॉमन सिविल कोड का ड्राफ्ट बनाने हेतु कमेटी गठन करने का निर्णय लिया है, जल्दी ही प्रदेश में कॉमन सिविल कोड लागू कर दिया जाएगा, मैं देश के अन्य राज्यों से भी यह कानून लागू करने की मांग करता हूँ

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने उत्तराखंड कि देवतुल्य जनता के समक्ष जो भी वादे किए थे उन सब को पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सरकार ने उन वादों को निभाने के लिए विभिन्न योजनाओं क्रियान्वयन भी आरंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि सभी पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर प्रतिदिन ₹500 करने के साथ ही परिवार के दोनों पति पत्नी को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ सरकार द्वारा दिया जा रहा है। चुनाव से पहले गरीब परिवारों के लिए 1 साल में तीन मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया था इसके लिए हमने बजट का प्रावधान कर दिया है और इस योजना को जल्दी ही प्रदेश में लागू कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, मेयर रुद्रपुर रामपाल सिंह, पूर्व सांसद बलराज पासी, भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र बिष्ट, विधायक अरविन्द पांडेय, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनता उपस्थित थी।

भाजपा बड़े मार्जिन से उप चुनाव जीते, इसकी रणनीति तैयार

भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के चंपावत उप चुनाव में बड़े मार्जिन से जीत के लिए रणनीति का खाका तैयार किया। इसके लिए जल्द ही एक टीम का ऐलान भी किया जाएगा। धामी खटीमा से चुनाव हार गए थे। भाजपा हाईकमान ने उन पर भरोसा जताते हुए दोबारा मुख्यमंत्री की बागडोर सौंपी है। चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी उनके लिए अपनी सीट खाली कर चुके हैं।
माना जा रहा है कि निर्चावन आयोग जून में उप चुनाव का ऐलान कर सकता है। भाजपा ने चंपावत उप चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजदगी में इसके लिए रणनीति बनाई गई। पार्टी वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक टीम भी बनाएगी, जो उप चुनाव में मानिटरिंग का काम देखेगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को बड़े मार्जिन से जीत का लक्ष्य दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री उप चुनाव रिकार्ड मतों से जीतेंगे। भाजपा उपचुनाव के लिए पूरी ताकत झोंकने वाली है, ताकि सीएम की जीत हो सके।
वहीं, दायित्वों का ख्वाब पाले भाजपा नेताओं को अभी इंतजार करना पड़ सकता है। पार्टी हाईकमान अभी दायित्व बांटने के पक्ष में नहीं है। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का उप चुनाव संपन्न होने के बाद ही दायित्व बांटें जा सकते हैं। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने दायित्वों के लिए संगठन में अर्जियां देनी भी शुरू कर दी हैं।
तय रुपरेखा के अनुसार, भाजपा मई माह में प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने बताया कि मंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं। अब जिलास्तर और प्रांतस्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होंगे। इसके साथ ही शीर्ष नेतृत्व से दिए जा रहे कार्यक्रमों को पूरे प्रदेश स्तर पर शुरू किया जाएगा।