चंपावत पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने कई घोषणाएं कर लोगों को दी सौंगाते

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का चंपावत के तल्ला देश क्षेत्र में विख्यात एवं पवित्र धाम बाबा गुरु गोरख नाथ मंदिर में निर्धारित समयानुसार आगमन हुआ। तल्ला देश क्षेत्र के मंच में बने अस्थाई हेलीपैड में मुख्यमंत्री एवं उनके साथ मुख्यमंत्री के लिए विधायकी छोड़ने वाले कैलाश गहतोड़ी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, जिलाधिकारी विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री लगभग दो किलोमीटर के पहाड़ी चढ़ाई वाले पगडंडी मार्ग से बाबा गोरख नाथ के मंदिर में पहुंचे। मंदिर में पहुंचकर श्री धामी ने मंदिर में पूजा अर्चना एवं मंदिर की परिक्रमा कर जनपद एवं राज्य की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर में पूजा अर्चना कर तथा बाबा का आशीर्वाद लेने के बाद मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विधायकी छोड़ने वाले कैलाश गहतोड़ी का आभार व्यक्त किया तथा तल्ला देश की जनता को धन्यवाद दिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विकल्प रहित संकल्प के मंत्र पर राज्य का विकास करने को प्रतिबद्ध है। राज्य के विकास के लिए एक विजन प्लान के तहत कार्य किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य के प्रति सद्भावना के दृष्टिगत उन्होंने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड के विकास को समर्पित है तथा आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को नंबर एक राज्य का दर्जा देने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी नागरिकों के लिए एक समान नागरिक संहिता को भी जल्द लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कुमाऊं अंचल के प्रमुख सत्रह धामों के लिए एक खास कॉरिडोर बनाया जाएगा जिसमे गुरु गोरख धाम भी शामिल है। जिससे सभी प्रमुख धामों का विकास एवं पर्यटन की दृष्टि से क्षेत्र का विकास हो सके। भगवान गोलजू के तीनो प्रमुख धाम यथा चंपावत, अल्मोड़ा एवं घोड़ाखाल के लिए भी एक खास कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद चंपावत को विश्व मानचित्र पर प्रसिद्ध करने के लिए पर्यटन के क्षेत्र में विशेष कार्य योजना के तहत कार्य कर यहां पर्यटन की संभावनाओं को उभारा जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास के लिए कई घोषणाएं भी की।

1. चंपावत में एआरटीओ कार्यालय को खोला जाएगा।
2. बनबसा में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
3. अमोडी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा।
4. मंच उपतहसील में जल्द ही कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
5. टनकपुर इंजीनियरिंग कॉलेज को आईआईआईटी (जतपचसम आईटी) बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
6. चंपावत को अखिल भारतीय स्तर पर पर्यटन मानचित्र में लाने के लिए पर्यटन विभाग विशेष कार्ययोजना तैयार करेगा।
7. मां पूर्णागिरी मंदिर क्षेत्र व देवीधुरा मंदिर क्षेत्र का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
8. चंपावत गोल्जू देवता, घोड़ाखाल गोल्जू देवता व चितई गोल्जू देवता को मिलाकर एक विशेष गोल्जू कोरिडोर बनाया जाएगा।
9. चंपावत के चाय बागान से हिंगला देवी तक रोपवे मार्ग बनाने के लिए शीघ्र ही संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाएगा।
10. निम्नलिखित मार्गों को राज्य मार्गों में परिवर्तित किया जाएगा –
ककराली गेट – ठुली गाड़ – भराव मंदिर मोटर मार्ग
सुखीधांग – डाडा मीनार – रीठा साहिब मार्ग
सुखिधांग से श्यामला ताल मोटर मार्ग
इस दौरान विधायकी छोड़ने वाले कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री के चंपावत से चुनाव लडने के फैसले ने उन्हें एवं जनपद की जनता को बहुत बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के यहां से चुनाव लड़ने एवं यहां से जीतने के बाद यहां का चहुंमुखी विकास हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने चंपावत के अमोडी में दुर्घटना के पीड़ितों को राहत चेक भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने बङी संख्या में आए स्थानीय लोगों के साथ बातचीत भी की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष दीप पाठक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडे, संगठन मंत्री अजय सिंह भट्ट, नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी तथा अन्य पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने पर्यटन एवं लोनिवि अधिकारियों की बैठक ली


मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने सचिवालय स्थित अपने सभागार में पर्यटन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मानसखण्ड कॉरिडोर विकसित करने एवं रोप-वे निर्माण परियोजनाओं के चिन्हीकरण एवं क्रियान्वयन के सम्बन्ध में बैठक ली। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसखण्ड कॉरिडोर के अन्तर्गत कुमाऊं मंडल में स्थित महत्त्वपूर्ण मंदिरों को जोड़ने हेतु अच्छी गुणवत्ता की सड़कों के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने इसमें पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जा सकने वाले क्षेत्रों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि गढ़वाल एवं कुमाऊं की कनेक्टिविटी को बढ़ाने के क्षेत्र में भी कार्य किया जाए। प्रदेश की ऐसे सभी मार्गों, जिनसे गढ़वाल एवं कुमाऊं को जोड़ा जा सके, को विकसित करने हेतु भी कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही, मुख्य सचिव ने पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश को विकसित किए जाने हेतु रोप- वे विकसित किए की आवश्यकता बताई। इसके लिए उन्होंने पर्वतमाला योजना के अन्तर्गत गढ़वाल एवं कुमाऊं क्षेत्र में रोप-वे निर्माण की सम्भावनाओं को तलाशते हुए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव लो.नि.वि. आरके सुधांशु एवं सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर सहित अन्य उच्चाधिकारी भी उपस्थित थे।

धामी की बच्चों से अपील, लक्ष्य लेकर आगे बढ़े

एक दिवसीय काशीपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांसखेड़ा, काशीपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए बहल पेपर निगम लिमिटेड काशीपुर द्वारा सी.एस.आर के माध्यम से काशीपुर में विभिन्न राजकीय विद्यालयों में किए गए आधुनिकरण/नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।
इस दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बाँसखेड़ा कला, काशीपुर (उधम सिंह नगर), राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गिन्नीखेड़ा, काशीपुर (उधम सिंह नगर), राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गिरधई, काशीपुर (उधम सिंह नगर), राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बॉसखेड़ा खुर्द, काशीपुर (उधम सिंह नगर), राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बघेलेवाला, काशीपुर (उधम सिंह नगर), राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बघेलेवाला काशीपुर (उधम सिंह नगर), राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ढकिया गुलाबो, काशीपुर (उधम सिंह नगर) के आधुनिकरण/नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया।
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यालयों में दी गई सुविधा एवं इनके निर्माण बच्चों की सुविधा अनुसार हैं। आने वाले समय में यह विद्यालय संपूर्ण उत्तराखंड में मॉडल विद्यालय के रूप में स्थापित होंगे। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक सरकारी विद्यालय आधुनिकता से जुड़े। सरकारी स्कूलों में अच्छी शिक्षा सुविधा हेतु हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि तमाम संकल्पों को पूरा करते हुए हमारी सरकार शिक्षा, चिकित्सा, उद्यान, कृषि जैसे प्रत्येक क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ काम कर उत्तराखंड को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा उत्तराखंड का विकास यहां की युवा पीढ़ी एवं स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के भविष्य पर निर्भर करती है। नन्हे बच्चे उत्तराखंड राज्य के साथ ही देश का भविष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तीन मंत्र सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के आधार पर प्रदेश में विकास कार्य को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। आगामी चार धाम यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु आने का अनुमान है, बिजली सड़क पेयजल जैसी तमाम सुविधाएं श्रद्धालुओं तक पहुंचाने हेतु सरकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सही समय पर सही कार्य करते हुए अपने सपनों को साकार करना ही हमारा एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए। मौजूद छात्रों से उन्होंने कहा की अपना हर पल हर क्षण अपने सपनों को समर्पित करें एवं अपने लक्ष्य पर केंद्रित करें। उन्होंने कहा हमारी सरकार नई खेल नीति लाई है जिसमें यह सुनिश्चित किया गया है कि सुविधाओं के अभाव में कोई भी खिलाड़ी आगे बढ़ने से न रुके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार “विकल्प रहित संकल्प“ के ध्येय वाक्य पर काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि जो घोषणा पूर्व में की गई हैं उनके शासनादेश भी जारी हो रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आने वाला दशक उत्तराखंड का दशक होगा। रजत जयंती के अवसर पर उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य होगा।

मुख्य सचिव का पिथौरागढ़ दौरा, विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण

जनपद पिथौरागढ़ के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु ने स्थानीय पण्डा फार्म के विश्राम गृह में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों के उत्पादन व विपणन के सम्बन्ध में जानकारी ली।

विभिन्न विभागों जिला उद्योग केंद्र, आईएलएसपी, दीन दयाल-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन नगरपालिका परिषद पिथौरागढ़, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जनपद स्तरीय फेडरेशन सरस पिथौरागढ़ के विभागीय स्टाल लगाये गये थे। इन सभी स्टालों का मुख्य सचिव द्वारा निरीक्षण कर जानकारी ली गई। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिये जाने व उत्पादित सामग्री के बेहतर प्रचार प्रसार कर बाजार उपलब्ध कराये जाने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मुख्य सचिव को बुकें भेंट कर उनका स्वागत करते हुए जनपद अंतर्गत संचालित योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी दी।

इससे पूर्व मुख्य सचिव ने मुनस्यारी का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल, प्रभागीय वनाधिकारी के0के0रोसो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित थे।

रूद्रपुर में 23वें राष्ट्रीय वालीवाल यूथ चैम्पियनशिप का सीएम ने किया शुभारम्भ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रूद्रपुर में 23वे राष्ट्रीय बॉलीबाल यूथ (महिला व पुरूष) चौम्पियनशिप का शुभारंभ किया। इस चैम्पियनशिप में पुरूष वर्ग में 27 राज्यों की तथा साई की टीम सहित कुल 28 टीमों व महिला वर्ग में 22 राज्यों की एवं साई की एक टीम शामिल है।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही सभी टीमों तथा पहली बार प्रतियोगिता में शामिल लद्दाख की टीम को बधाई दी। उन्होंने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि गर्मी में भी युवाओं में खेल के प्रति उत्साह व उमंग की लहरें बता रहीं है कि देश का नौजवान आसमान छूने को तैयार है। उन्होंने कहा कि यह न केवल खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता है बल्कि यह देश की युवा शक्ति का भी मंच है। हमारे युवा खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का रंग बखेरते हुए देश एवं राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम घर के बच्चों को खेलने में कोई परेशानी न हो, कोई भी लाचारी या बेबसी प्रतिभा के रास्ते में अडंगा न डाले इसके लिए सरकार ने खेल नीति में व्यवस्था की है। किसी भी प्रतिभावान खिलाड़ी की प्रतिभा में किसी भी प्रकार की रूकावट न हो, हमारा यही निश्चय है। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नोकरी व खेल का माहौल उपलब्ध कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं पदक प्राप्त करने पर खिलाड़ियों पर धन की वर्षा होती है। परन्तु प्रतियोगिताओं में भाग लेने एवं अभ्यास के समय आवश्यकता पर प्रतिभाओं को मदद नहीं मिल पाती और कई प्रकार की समस्याओं से जूझना पड़ता है, इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने खेल नीति-2021 को लागू किया है जिसमें खिलाड़ियों के खेलने की व्यवस्था, रहने व खाने की व्यवस्था और अच्छा प्रदर्शन करने के बाद नोकरी की भी व्यवस्था नई खेल नीति में की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी उम्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी सरकार की ओर से मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष तक के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी शारीरिक टेस्ट व क्षमता के आधार पर हर महीने 1500 रूपये प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की है। ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता, रजत एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी हैं तथा ओलम्पिक, एशियाई खेलों विश्व चेम्पियनशिप, राष्ट्र मण्डल खेलों के खिलाड़ियों को नियुक्ति प्रदान किये जाने की व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों के लिए हर सम्भव मदद करेंगे।
मुख्यमंत्री ने उभरती हुई खेल प्रतिभाओं के भीषण गर्मी में भी उत्साह व उमंग को देखकर कहा कि मैं भविष्य के प्रति आश्वस्त हूॅ कि भविष्य में हमारे देश को खेल के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने का काम आपके माध्यम से होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन निश्चित रूप से आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा। इसके साथ ही उन्होंने खेल के विधिवत उद्घाटन की घोषणा की। उन्होंने खेल हेतु ध्वज भी आरोहित किया।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय छतरपुर के विद्यार्थियों ’’अल्मोड़ा अंग्रेजा’’ गीत पर मनमोहक नृत्य करने पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को 5000 रूपये का पुरस्कार दिया। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने स्टेडियम व खेल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में मेयर रामपाल सिंह, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, हरभजन सिंह चीमा के अलावा मण्डलायुक्त दीपक रावत, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन हेमन्त बिष्ट ने किया।

जनसंवाद कार्यक्रम में सीएम ने समस्याओं को सुना, निस्तारण के भी दिए निर्देश

दो दिवसीय चंपावत दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टनकपुर के डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया एवं कॉलेज का निरीक्षण किया। साथ ही लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, क्लासरूम एवं छात्र छात्राओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया।

जन संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं को सुना एवं उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास एवं सबका प्रयास के सिद्धांत पर कार्य करती आई है एवं करेगी। इसी सिद्धांत पर कार्य करते हुए प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में गरीब जनता को मुफ्त अनाज दिया एवं इस योजना को राज्य में सितंबर माह तक बढ़ा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन पर कार्य करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है तथा इसके सर्वे के लिए 29 करोड़ रुपए भी जारी कर दिए गए हैं। गरीबों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का निर्माण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचाने पर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती के अवसर पर राज्य को देश का प्रत्येक क्षेत्र में नंबर वन राज्य बनाया जाएगा। पर्यटन को विकसित किया जाएगा। पर्यटकों को राज्य के प्रति आकर्षित करने के लिए पर्यटन का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा जनता जनार्दन के आशीर्वाद से उन्हें जनता की सेवा करने का पुनः मौका मिला है। हमारे वादे के अनुसार हम यूनिफॉर्म सिविल कोड जल्द ही उत्तराखंड में लागू करेंगे। हमारी सरकार आने वाले समय में गरीब परिवारों हेतु 1 वर्ष में 3 मुफ्त सिलेंडर देने पर कार्य करेगी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने बड़े स्तर पर वैक्सीनेशन किया इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं। किच्छा में एम्स की शाखा खुले जाने से आसपास की जनता को इलाज में आने वाली परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। हमारी सरकार सड़कों के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में वृद्घावस्था पेशन योजना पर बड़ा फैसला लेते हुए अब पति-पत्नी दोनों को वृद्घावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया हैं। योजना के अंतर्गत दिए जाने वाले लाभ को अब पात्र पति और पत्नी दोनों को देने का शासनादेश जारी कर दिया है। साथ ही सरकार ने पर्यावरण मित्रों का एक दिन का मानदेय बड़ाकर 500 रुपए कर दिया है।

इस दौरान विधायक कैलाश गहतोड़ी, नगर अध्यक्ष विपिन कुमार, डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, डीएम विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, निदेशक इंजीनियरिंग कॉलेज अमित अग्रवाल, जिलाध्यक्ष दीपक पाठक आदि मौजूद रहे।

टनकपुर में मां पूर्णागिरी के मुख्यमंत्री धामी ने किए दर्शन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर चंपावत जिले के टनकपुर स्थित प्रसिद्ध धाम मां पूर्णागिरी मंदिर में दर्शन कर पूजा पाठ की। इस दौरान प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की है।

इस दौरान मंदिर समिति द्वारा रखे गए स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने पूर्णागिरी मंदिर हेतु लादीगाढ़ से पूर्णागिरी मंदिर तक लिफ्ट पेयजल योजना हेतु 4 करोड रुपए स्वीकृत हो जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को नंबर वन बनाए जाने पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आगे ले जाने के लिए हमारी सरकार ने कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। पूरे रोड मैप के अनुसार कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरी धाम भारत का प्रसिद्ध धाम है, यहां देश के कोने कोने से श्रृद्धालु आते हैं। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यहां श्रृद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा की संचार सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया जाएगा।
इस दौरान चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, भाजपा नेता प्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।

कुमाऊं का यह सरकारी स्कूल आजकल है बड़ी चर्चा में, आप भी जानें…

एक तरफ उत्तराखण्ड में छात्र संख्या घटने के कारण कई स्कूलों को बंद किया जा रहा है, वहीं पहाड़ का एक ऐसा प्राइमरी स्कूल भी है, जो गुणवत्तापूर्ण (Govt model primary school Kapkot sets high standards) शिक्षा से बदहाल व्यवस्था को नई उम्मीद दे रहा है। क्वालिटी एजुकेशन और शानदार व्यवस्था के चलते बागेश्वर का राजकीय प्राथमिक विद्यालय केवल प्रदेश के ही नहीं बल्कि दिल्ली के शिक्षा मॉडल को भी चुनौती दे रहा है। आज जहां प्राइवेट स्कूलों की बाढ़ से लोग सरकारी स्कूलों से मुहं मोड़ रहे हैं, वहीं इस स्कूल में प्रवेश के लिए लंबी वेटिंग लाइन लगानी पड़ रही है। सोशल मीडिया पर आजकल यह स्कूल खूब वायरल हो रहा है। लोग स्कूल के प्रधानाचार्य और टीचर्स की तारीफ कर रहे हैं।

बागेश्वर के सरकारी प्राइमरी स्कूल में प्रवेश के लिए बच्चों को टेस्ट क्वालीफाई करना होता है। इसके बावजूद अभिभावक सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक लाइन लगाकर खड़े रहने को तैयार हैं। ताकि उनके बच्चे को इस स्कूल में एडमिशन मिल सके। यह स्कूल में पढ़ाई की इतनी बेहतरीन व्यवस्था और गुरुओं का छात्रों के प्रति समर्पण ही है कि हर साल यहां के बच्चों का नवोदय विद्यालय और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के लिए चयन होता है। यही वजह है कि स्कूल में तैनात शिक्षकों के अतिरिक्त कई सरकारी अधिकारियों के बच्चे भी यहां शिक्षा ग्रहण करते हैं।

2016 तक इस विद्यालय में केवल 30 बच्चे थे। लेकिन 2016 में यह आदर्श विद्यालय बना और ख्याली दत्त शर्मा ने प्रधानाध्यापक का पदभार संभाला। उन्होंने न सिर्फ स्कूल का इंफ्रास्ट्रक्चर और वातावरण सुधार, बल्कि बच्चों को बारीकी से पढ़ाई पर फोकस किया। हर कॉन्सेप्ट को क्लियर करने लगे। प्रधानाध्यापक ख्याली दत्त शर्मा और उनकी टीम स्कूल अवधि के अलावा भी बच्चों की शैक्षिक योग्यता निखारने व समस्या निस्तारण को हमेशा उपलब्ध रहते हैं। टीचर भी यहां भरपूर मेहनत करते हैं। इस स्कूल के प्रति कितना क्रेज है कि वर्तमान में विद्यालय में छात्रो की संख्या 284 के पार पहुंच गई है और तीन सेक्शन में कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इतना ही नहीं स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षकों के बच्चे भी यही पढ़ते हैं। शिक्षकों की मेहनत से कपकोट आदर्श प्राथमिक विद्यालय से प्रतिवर्ष तीन बच्चों का सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में और नवोदय विद्यालय में 8 से दस बच्चे भी चयनित होते हैं।

सबसे बड़ी बात यहां बच्चों के एडमिशन के लिए पैरेंट्स को लंबा इंतजार करना होता है। विद्यालय में 50 बच्चों के प्रवेश के लिए अभी तक 300 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। लेकिन प्रवेश सीमित यानि 50 बच्चों को ही मिलेगा। फॉर्म लेने और बच्चो को एडमिशन दिलाने के लिए स्कूल में पैरेंट्स की लंबी कतार लगी रहती है।

हजारों कार्यकर्ताओं, दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ राज्य के 12वें सीएम का शपथ ग्रहण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देशभर से बड़े दिग्गजों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, संतों, हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उत्‍तराखंड के 12वें मुख्‍यमंत्री के रूप में पुष्‍कर सिंह धामी ने आज शपथ ग्रहण की। उनके साथ ही नए मंत्रिमंडल ने भी शपथ ग्रहण की। नई कैबिनेट में दो नये चेहरों को भी स्थान मिला है, जबकि तीन को रिपीट करने से परहेज किया गया है। वहीं मंत्रिमंडल के तीन पदों को रिक्त रखा गया है।

इन्होंने ली शपथ
सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, चंदन रामदास, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, प्रेमचंद अग्रवाल ने शपथ ग्रहण की।

इन चेहरों को नहीं मिली जगह
धामी सरकार में मंत्री रहे बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल, अरविंद पांडे को धामी रिटर्न की सरकार में जगह नहीं दी गई है।

यह पुराने चेहरे जगह बना पाने में रहे कामयाब
धामी सरकार में मंत्री रहे सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी पुनः धामी रिटर्न की सरकार में जगह बनाने में कामयाब रहे है।

यह हैं नए चेहरे
धामी रिटर्न में नये चेहरे में सितारगंज से विधायक सौरभ बहुगुणा, बागेश्वर से चंदन रामदास पहली बार मंत्रिमंडल में जगह मिली है।

पुलिस इंस्पेक्टर की युवक को बचाने के चक्कर में हुई मौत

काठगोदाम बैराज में डूबते हुए युवक को बचाने के चक्कर मे सब इंस्पेक्टर की दुःखद मृत्यु हो गई। काठगोदाम चौकी इंचार्ज मृतक सब इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। अपना बलिदान देने से पहले दारोगा अमरपाल बैराज में डूब रहे युवक को बचाने में कामयाब रहे।

दरअसल एसआई अमरपाल की जल पुलिस टीम बैराज की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि बैराज में नहाने गया दीपक कोरंगा नाम का युवक डूब गया है। एसआई अमरपाल अपने साथी के साथ युवक की जान बचाने बैराज में कूद गए। दोनों ने युवक की इयान बचाई । लेकिन जैसे ही वे बैराज से बाहर आ रहे थे, अचानक अमरपाल भंवर में फंसकर डूबने लगे।

दारोगा अमरपाल तेजी से बैराज के चौनल में फंसते गए। उनके साथियों ने बैराज के गेट को खुलवाकर बाहर निकाला और उन्हें बृजलाल हॉस्पिटल लाया गया, जहा डॉ० ने दारोगा अमरपाल को मृत घोषित कर दिया। इस घटना पर पुलिस विभाग ने शोक जताया है वहीं एसआई अमरपाल के परोपकार की सराहना भी की है।