ऋषिकेश।
बुधवार को मायाकुंड स्थित उड़ान स्कूल में विश्व जल दिवस मनाया गया। स्कूली छात्रों ने पोस्टर स्लोगन से जल संरक्षण की अपील की। स्कूल निदेशक डॉ. राजे नेगी ने छात्रों को विश्व जल दिवस पर पानी बचाने का संकल्प भी दिलाया। बताया कि एक आंकड़े के अनुसार विश्व में 1.5 अरब लोगों को पीने का साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। प्राकृतिक संसाधनों को दूषित न होने देने और पानी को व्यर्थ न गंवाए को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
जल ही जीवन है और पानी हमारी अमूल्य धरोहर है, इसे व्यर्थ में बरबाद नहीं करना है। पानी के स्रोतों को बचाने और सरंक्षित करने पर जोर दिया। स्कूली छात्रों ने हमारी भाषा में पानी पर आधारित कई मुहावरे और लोकोक्तियां को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में यशपाल अग्रवाल, राजा ढिंगरा, उत्तम असवाल, नरेश अग्रवाल, रमेश लिंगवाल, पूजा नेगी, दिव्या सक्सेना, निधि शर्मा, प्रिया क्षेत्री, रश्मि नौटियाल, अंकित नैथानी, आशुतोष कुड़ियाल आदि उपस्थित थे।
Category: अन्य खबरै
एचडीए ने निर्माणाधीन भवन को सील किया
ऋषिकेश।
मंगलवार को एचडीए ने श्यामपुर रेलवे फाटक के पास एक निर्माणाधीन भवन को सील किया। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य का नक्शा पास नहीं कराया गया था। विभाग की ओर से भवन स्वामी गिरीश पैन्यूली को 18 नवंबर को नोटिस दिया गया था। नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहने पर एसडीएम ऋषिकेश वृजेश कुमार तिवारी ने 15 मार्च को निर्माणाधीन भवन को सील करने के आदेश दिए थे। मंगलवार को एचडीए की टीम निर्माणाधीन भवन की साइट पर पहुंची। टीम ने निर्माण कार्य बंद कराकर भवन को सील कर दिया। टीम में एई विजय कुमार माथुर, जेई बलराम, सुपर वाईजर नंदन सिंह नेगी व अन्य कर्मचारी शामिल थे।
ऊर्जा निगम ने आठ और जल संस्थान ने चार कनेक्शन काटे
ऋषिकेश।
सरकारी विभागों का बकाया नहीं देने वाले उपभोक्ताओं ने कार्रवाई के डर से बकाया देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को बकाएदारों पर कार्रवाई और तेज करते हुए ऊर्जा विभाग ने आठ और जल संस्थान ने चार कनेक्शन काटे। विभागों ने करीब तेरह लाख रुपये की वसूली भी की।
मंगलवार को जल संस्थान की टीम ने बकाया राशि नहीं देने पर चार कनेक्शन काट डाले। आशुतोष नगर, अद्वैतानंद मार्ग और मनीराम मार्ग के उपभोक्ताओं पर विभाग ने कार्रवाई की। जलकल अभियंता अरुण विक्रम सिंह रावत ने बताया कि मंगलवार को विभाग ने सात लाख 13 हजार रुपये की वसूली की। टीम ने तीन क्षेत्रों के चार कनेक्शन भी काटे। वहीं, ऊर्जा निगम ने भी कैंप लगाकर बिल की त्रुटि सही की और बकाएदारों से वसूली भी की।
एसडीओ राजीव कुमार ने बताया कि विस्थापित क्षेत्र, मायाकुंड व आवास विकास में बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर चार कनेक्शन काटे गए। वहीं, दो लाख 60 हजार रुपये की वसूली हुई। एसडीओ महेन्द्र सिंह ने बताया कि श्यामपुर और हरिपुरकलां में कैंप लगाकर एक लाख 56 हजार रुपये की वसूली की। वहीं लक्कड़घाट और श्यामपुर में चार कनेक्शन काटे गए। जेई अरविन्द नेगी ने बताया कि अग्रवाला धर्मशाला में कैंप लगाकर तीन लाख दो हजार रुपये की वसूली की गई।
रावत सरकार के मंत्री भी करेंगे अपनी सपंति सार्वजनिक
रेनुका जोशी पाण्डेय।
उत्तराखंड के चीफ मिनिस्टर त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उनकी सरकार सभी मंत्रियों के लिए उनकी संपत्ति को सार्वजनिक करना अनिवार्य बनाएगी। बता दें कि इससे ठीक एक दिन पहले शपथ लेने के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को 15 दिन के अंदर संपत्ति का ब्योरा देने का निर्देश दिया था।
रावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘बीजेपी सरकार में सभी मंत्रियों और विधायकों को हर साल अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करना होता है। मैं यह अपने राज्य में भी लागू करूंगा।’ रावत ने इस दौरान कहा कि उत्तराखंड की मौजूदा सरकार वित्तीय घाटा झेल रही है और इसलिए राज्य में आय के नए स्रोतों की तलाश की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘उत्तराखंड फिलहाल वित्तीय हानि और कर्ज से जूझ रहा है। हम गैरवाजिब व्यय की जांच करेंगे और साथ ही राज्य के विकास के लिए आय के नए स्रोतों पर चर्चा करेंगे।’
रावत ने कहा कि उनकी सरकार ‘गोवंश संरक्षण’ के मुद्दे पर भी प्रभावी तरीके से काम करेगी। उन्होंने कहा, ‘गोवंश संरक्षण कानून हमारी सरकार लेकर आई थी, इसे प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा और इस पर काम किया जाएगा।’
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता: रेखा आर्य
ऋषिकेश।
रविवार को ऋषिनगरी पहुंचने पर भाजपा महिला मोर्चा परवादून की ओर से राज्य मंत्री रेखा आर्य का स्वागत किया गया। देहरादून रोड में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अनिता ममगाईं के नेतृत्व में रेखा आर्य का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में राज्य मंत्री रेखा आर्य ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कहाकि महिलाओं के विकास के लिए कार्य करेगी।
उत्तराखंड के सुदुरवर्ती इलाकों में महिलाओं की आर्थिक हालत ठीक नही है। ऐसे में उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करना है। महिलाओं की आवाज बनना उनकी प्राथमिकता रहेगी। मौके पर मंडल अध्यक्ष अनिता तिवाड़ी, उषा रावत, कमला गुनसोला, कमलेश जैन, सरला अग्रवाल, रजनी बिष्ट, ज्योति नेगी, गुड्डी कलूड़ा, सुशीला बिष्ट, स्नेहलता शर्मा, कविता शाह, मूंगा देवी आदि मौजूद थे।
स्नातक में सीबीसीएस सेमेस्टर सिस्टम का विरोध
ऋषिकेश।
रविवार को देहरादून रोड स्थित एक कार्यालय में एबीवीपी के प्रदेश मंत्री सुधीर जोशी ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मंत्री के सामने ऑटोनॉमस कॉलेज के स्नातक में सीबीसीएस सेमेस्टर सिस्टम को खत्म किये जाने की मांग को लेकर चर्चा की। प्रदेश मंत्री सुधीर जोशी ने कार्यकर्ताओं से इस ओर संगठन के बैनरतले आंदोलन करने को कहा।
प्रदेश मंत्री ने वामपंथी संगठनों का विरोध करने को लेकर भी चर्चा की। बताया कि कार्यकर्ताओं को महाविद्यालयों में वामपंथी संगठन की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिये। कैंपस में देश विरोधी गतिविधियां होने पर कार्यकर्ताओं को विरोध करना चाहिये। मौके पर जिला सह संयोजक अंकित पंवार, नगर अध्यक्ष राकेश भंडारी, ऋषि जायसवाल, विनोद चौहान, अभिषेक रावत, मंदीप डबराल, अमित पंवार, संदीप शर्मा, अभिषेक भट्ट आदि मौजूद थे।
क्षेत्र का विकास मेरी पहली प्राथमिकता: सुबोध
ऋषिकेश।
रविवार को ढालवाला में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक सुबोध उनियाल का भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। इस दौरान हर-हर मोदी घर-घर मोदी के नारों लगा रहे कार्यकर्ता ढोल की थाम पर थिरके दिखे। भाजपा विधायक सुबोध उनियाल ने अपनी जीत को जनता की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में मोदी की लहर चल रही है। मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड का विकास होगा।
भाजपा विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि मोदी ने उत्तराखंड के लोगों से डबल इंजन की सरकार बनाने की अपील की थी। प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार पर चोट करते हुए लोगों ने मोदी पर विश्वास जताया है। मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, ज्ञान सिंह नेगी, चन्द्रबीर पोखरियाल, विनोद कुकरेती, रोशन रतूड़ी, नलिन भट्ट, दीपक भट्ट, गजेन्द्र सजवाण, योगेश राणा, अनुराग पयाल, राकेश सेंगर, सुरेन्द्र कुड़ियाल, मदन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
नारी निन्दा ना करें, नारी नर की खान, नारी से नर उपजें, ध्रुव प्रहलाद समान।
महिला दिवस पर महिलाओं ने अपने अधिकार को जाना
ऋषिकेश।
महिला दिवस पर पुलिस ने महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी। सीओ मनोज कत्याल ने महिला सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताया। महिलाओं को उनके कानूनी हक व अधिकारों की जानकारी भी दी। मौके पर लोगों को नशे के खिलाफ जागरुक भी किया गया।
बुधवार को श्यामपुर खदरी में महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश मनोज कत्याल ने लोगों से महिलाओं का सम्मान करने की बात कही। उन्होंने राह चलती महिलाओं पर टीका टिप्पणी करने वालों को नसीहत दी। कहा कि नारी निन्दा ना करें, नारी नर की खान। नारी से नर उपजें, ध्रुव प्रहलाद समान। जानकारी दी कि एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अब चीता पुलिस में भी महिला तैनात कर दी गयी है। महिलाओं को कानून में दिये गये अधिकार व हक की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में पुलिस के द्वारा लोगों को नशे से दूर रहने की अपील भी गयी। नशे के खिलाफ चलाये जा रहे पुलिस के अभियान में आमजन से सहयोग करने का आग्रह भी किया। मौके पर कई लोगों ने देर रात तक डीजे बजने की शिकायत की। जिस पर सीओ मनोज कत्याल ने अधीनस्थों को कार्रवाई करने के निर्देश दिये। मौके पर पैरालिगन वालेन्टियर्स एसएम सिलस्वाल, ऋषिकेश जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय, महिला मंगल दल की अध्यक्ष अनुराधा सेमवाल, विद्यालय प्रधानाचार्य आरएस पुण्डीर, ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर, उप प्रधान टेक सिंह राणा, राजेश शर्मा, पंचायत सदस्य उषा थपलियाल, सरिता रणाकोटी, श्रीकांत रतूडी, उप निरिक्षक आशीष गुंसाई, एनएन पाण्डेय आदि मौजूद थे।
पोस्टल बैलेट पर टिकी प्रत्याशियों की निगाहें
ऋषिकेश।
विधानसभा चुनाव के परिणाम आने में सप्ताहभर से भी कम का समय रह गया है। लेकिन पोस्टल बैलेट ने सब प्रत्याशियों की नींद उड़ा रखी है। प्रत्याशी और उनके चुनाव अभिकर्ता ऋषिकेश तहसील में पोस्टल बैलेट की जानकारी जुटाते हुए देखे जा रहे है।
ऋषिकेश विधानसभा के पोस्टल बैलेट पर सभी उम्मीदवारों की नजरें टिकी हुई है। विधानसभा ऋषिकेश के मतदाता सैनिकों को उनकी ड्यूटी स्थल में 946 पोस्टल बैलेट भेजे गये थे। जिनमें से 91 बैलेट ही जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून को प्राप्त हुये है। वहीं, सर्विस मतदाता 445 में से 346 के पोस्टल बैलेट जिला निर्वाचन अधिकारी को मिल चुके है।
पोस्टल बैलेट पर निगाहें टिकाये राजनैतिक पार्टियां पल-पल की खबरें जुटा रही है। शनिवार को भी विभिन्न दलों के प्रत्याशी व उनके चुनाव अभिकर्ता तहसील परिसर में पोस्टल बैलेट की जानकारी जुटाते दिखे। भाजपा की ओर से चुनाव अभिकर्ता संजय पाली ने ऑरो ऋषिकेश वृजेश कुमार तिवारी से पोस्टल बैलेट की सूची मुहैया कराने की मांग भी की है। हांलाकि अभी मतगणना को पांच दिन शेष है। पोस्टल बैलेट की संख्या इन दिनों में बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है।
ऋषिनगरी को ऑपरेशन मजनू की दरकार
ऋषिकेश।
ऋषिनगरी में स्कूलों के बाहर मनचले युवाओं को सबक सिखाने की दरकार है। स्कूल आते जाते समय यह युवा छात्राओं पर फब्तियां कसते है और उनका पीछा करने का प्रयास करते है। इनसे बचने के लिए छात्रायें स्कूल आते जाते बचने का प्रयास करती है। कुछ छात्रायें तो स्कूल जाने के लिए रास्ते भी बदल रही है। लेकिन इन मनचलों की बाईक उन रास्तों पर भी छात्राओं का पीछा कर रही है। सड़क पर चल रही छात्रा से कट मारने की हिम्मत भी सरेआम देखी जा सकती है।
स्कूल की छुट्टी के दौरान रेलवे रोड में मनचले सड़कों पर ऐसे बाईक दौड़ा रहे जैसे किसी रेस में दौड़ रहे हो। अचानक ब्रेक मारना और बाईक से तरह तरह की आवाजें निकालना इनकी आदतों में शुमार हो गया है। अपनी ओर ध्यान खिचनें के लिए चलती बाईक में स्टंट करने से भी यह बाज नही आ रहे है। मनचलें यातायात नियमों का भी उल्लंघन कर रहे है। साइलेंसर से कानफोड़ू आवाज कर्कश ध्वनि पैदा करती है।
पुलिस का खौफ नही …
ऋषिनगरी में मनचले युवाओं को पुलिस का कोई खौफ दिखता नजर नही आ रहा है। नहीं तो छात्राओं का पीछा करने और सरेराह कट मारने का प्रयास करने की हिम्मत नही होती। मनचलों की आड़ में किसी दिन स्कूली छात्रा से टप्पेबाजी या लूट की घटना हो जाये, तो इंकार नही किया जा सकता है। वैसे भी ऋषिनगरी में टप्पेबाजी की घटनायें दिन प्रतिदिन बढ़ने लगी है।
कोट …
चीता पुलिस ऐसे स्कूलों के रुट पर नजर रखेगी। छात्राओं को परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जायेगा। मनचलों को सबक सिखाया जायेगा।
मनोज कत्याल सीओ ऋषिकेश।
