समाज में घटित हो रही संवेदनशील घटनाओं को उजागर करते हुए जागरूकता फैला रही द केरला स्टोरी 2 फिल्म: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मॉल ऑफ देहरादून में बहुचर्चित फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ देखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म समाज में घटित हो रही संवेदनशील घटनाओं को उजागर करते हुए जागरूकता का एक सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक समरसता और जनसंख्या संतुलन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर एक ऐतिहासिक पहल की है, जो समाज में समानता और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे अवैध और जबरन धर्मांतरण की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के कानून समाज में पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी विशेष वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जागरूक रहें और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए अपनी भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज को सोचने और समझने का अवसर देती हैं, और सरकार ऐसे हर प्रयास का समर्थन करती है।

इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं अन्य जनप्रतिनिधि थे।

जंगली पिक्चर्स ने सीएम ने सोशल मीडिया के जरिए सीएम का जताया आभार

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता कम्पनी जंगली पिक्चर्स ने अपनी फिल्म बधाई दो की शूटिंग और सब्सिडी के लिए उत्तराखण्ड में मिले सहयोग हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धन्यवाद दिया है। जंगली पिक्चर्स ने मुख्यमंत्री धामी को अपने सोशल मीडिया पोस्ट (ट्वीट और इंस्टा) पर टैग करते हुए लिखा हैः-
‘‘मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद का उनके सहयोग और गर्मजोशी से भरे आतिथ्य हेतु हार्दिक धन्यवाद। बधाई दो फिल्म के लिए शूटिंग की अनुमति देने से लेकर सब्सिडी स्वीकृत करने तक उनकी कार्यप्रणाली वास्तव में सराहनीय है। हम एक बार फिर सुरम्य राज्य उत्तराखण्ड में शूटिंग करने के अवसर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
जंगली पिक्चर्स के इस पोस्ट को बधाई दो के अभिनेता प्रसिद्ध स्टार राजकुमार राव ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा ‘‘धन्यवाद सर’’।
उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने फिल्म निर्माता को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माताओं के लिए एक आदर्श वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण को एक उद्योग की भांति बढ़ावा दिया जायेगा। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में रोजगार सृजन पर फोकस किया जा रहा है। नई फिल्म नीति में क्षेत्रीय फिल्मों को प्रोत्साहन देने के लिए उनको दी जाने वाली सब्सिडी में उल्लेखनीय वृद्धि प्रस्तावित की गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य के अपेक्षाकृत कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर शूटिंग को प्रोत्साहन देने के लिए भी नीति बना ली गई है। उन्होंने बताया कि राज्य के शूटिंग लोकेशनों और फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों तथा तकनीशियनों हेतु डायरेक्ट्री बनाने के लिए सूचना संकलन का कार्य प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि हाल में ही लागू की गई निजी औद्योगिक क्षेत्र स्थापना नीति-2023 के अंतर्गत भी निजी फिल्म सिटी, स्टूडियो एवं अन्य उपक्रमों को बढ़ावा मिलेगा। कई बड़े फिल्म निर्माता राज्य में फिल्म निर्माण, फिल्म सिटी, फिल्म संस्थान हेतु बातचीत कर रहे हैं।
उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष बड़े बैनर की दो हिन्दी फिल्मों बधाई दो (जंगली प्रोडक्शन) तथा तड़प (साजिद नाडियाडवाला प्रोडक्शन) को सब्सिडी दी गई है। जिन्होंने अपनी कुल शूटिंग का 75 प्रतिशत से अधिक उत्तराखण्ड में शूट किया है। कुछ अन्य हिन्दी और क्षेत्रीय फिल्मों की सब्सिडी हेतु भी कार्यवाही गतिमान है। पिछले वर्ष बनी कई फिल्में रिलीज होने के बाद सब्सिडी हेतु आवेदन करेंगी। पिछले एक वर्ष में लगभग 200 फिल्म शूटिंग अनुमतियां जारी की गई हैं। अभी राज्य में कई फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग चल रही हैं या शीघ्र प्रस्तावित हैं। इन फिल्मों में फिर आई हसीन दिलरूवा, राज और डी के निर्मित वेब सीरीज सिटाडेल इंडिया, पुतुल, मेघना गुलजार की सैम बहादुर प्रमुख हैं।

सीएम आवास में हुआ बाॅलीवुड फिल्म हिंदुत्व का मुहूर्त शाॅट

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने फिल्म ‘‘हिन्दुत्व’’ का मुहुर्त शॉट लिया। इस फिल्म के निर्देशक करण राजधान हैं। इस फिल्म की अधिकांश शूटिंग उत्तराखण्ड में होगी। फिल्म के मुख्य कलाकार आशीष शर्मा, सोनारिका, दीपिका चिखलिया, अनूप जलोटा एवं अंकित राज हैं।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि जिस उद्देश्य के साथ हिन्दुत्व फिल्म बनाई जा रही है, उम्मीद है कि यह फिल्म हिन्दुत्व को दुनिया में पहुंचाने में सफल होगी। फिल्मों का समाज एवं मानव जीवन कितना गहरा प्रभाव पड़ता है, इसके अनेक उदाहरण है। हिन्दुत्व शब्द प्रेम, उदार और विश्वास का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति सनातन संस्कृति है, और सनातन संस्कृति का आधार हिन्दुत्व है।

फिल्म के निर्देशक करण राजधान ने कहा कि हिन्दुत्व फिल्म में मुख्य उद्देश्य प्रेम, बलिदान एवं सद्भावना के मिलन को दिखाने का प्रयास किया जायेगा। इस फिल्म के माध्यम से दुनियाभर में हिन्दुत्व का संदेश देने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही उत्तराखण्ड में एक और फिल्म की शूटिंग की जायेगी।

इस अवसर पर विधायक कैलाश चन्द गैहतौड़ी, मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार के.एस. पंवार, सचिव सूचना दिलीप जावलकर, उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चैहान आदि उपस्थित थे।