हरिद्वार में भजन संध्या में शामिल हुए सीएम, कांवड़ियों को किया संबोधित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित डामकोठी में हरिद्वार पुलिस द्वारा आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ हम सभी पर अपना आशीर्वाद और उत्तराखंड पर अपनी दिव्य दृष्टि बनाये रखे। उन्होंने कहा आज मुख्य सेवक के रूप में मुझे कावड़ियों की सेवा करके जो शांति मिली है, वह भोलेबाबा के साक्षात आशीर्वाद स्वरूप है। सभी शिवभक्तों की सेवा ही शिव की सेवा है। सैंकड़ो किलोमीटर दूर से पैदल चलकर शिवभक्त धर्मनगरी से गंगाजल ले जाकर भोलेनाथ का अभिषेक करते हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शिवभक्त बिना थके, बिना रुके, बम बम भोले के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य की और निरंतर बढ़ रहे हैं। उन्होनें कहा आदरणीय प्रधानमंत्री का देश में चौतरफा गुणगान हो रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में चौमुखी विकास हो रहा है। हरिद्वार से दिल्ली या फिर देहरादून के बीच बड़े-बड़े हाईवे का निर्माण कार्य हुआ है। जिससे कांवड़ मेले के दौरान घण्टो जाम से राहत मिली है और कांवड़ियों को सुरक्षित गंतव्य तक भेजा जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आने वाले समय में कांवड़ मेले का स्वरूप और भी भव्य और दिव्य हो, इसके लिए और भी बेहतर प्रयास किये जायेंगे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धर्मनगरी हरिद्वार भी वाराणसी और अयोध्या की भांति आने वाले समय में और भी अधिक भव्य और दिव्य रूप में नजर आएगी। आज जिस तरह काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के साथ ही महाकाल लोक कॉरिडोर बनने के बाद वहां पर्यटन के साथ ही रोजगार बढ़ा है। उसी प्रकार धर्मनगरी भव्य और दिव्य बनेगी। जिससे यहां भी पर्यटन के साथ साथ रोजगार के अवसर सृजित होंगे। हम आदरणीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धर्मनगरी को विश्व पटल पर एक नई पहचान दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से कांवड़ मेले के लिए विशेष पैकेज की मांग की है। राज्य सरकार ने पिछले साल कावड़ में बजट की व्यवस्था की थी। केंद्र सरकार से कांवड़ मेले के लिए विशेष पैकेज मिलने पर हम कांवड़ यात्रा को भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने में अवश्य सफल होंगे।

योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि यह काल सनातन संस्कृति का स्वर्णिम काल चल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड अपनी संस्कृति विरासत को विश्व में पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा श्रावण मास का यह महोत्सव शक्ति एवं भक्ति का दिव्य संगम है।

इस दौरान कार्यक्रम में गीता धामी, सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी, विधायक आदेश चौहान, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

हरिद्वार में मुख्यमंत्री धामी ने की कावड़ियों पर पुष्प वर्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शंकराचार्य चौक, हरिद्वार में कावड़ पट्टी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए कावड़ियों से प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कावड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के विभिन्न इलाकों से आए कावड़ियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने उनसे सरकार द्वारा की गई विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शंकराचार्य चौक स्थित अस्थाई चिकित्सा शिविर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कावड़ियों के स्वास्थ्य संबंधित पर्याप्त व्यवस्था विभिन्न स्थानों पर सुनिश्चित हो। साथ ही कावड़ पट्टी के प्रत्येक स्थान पर साफ़ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। पैदल जा रहे कावड़ियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।

प्रदेश का समग्र विकास हमारी प्राथमिकताः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के समग्र विकास की दिशा में की जा रही पहल एवं विभिन्न सम सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखें तथा समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है। उत्तराखण्ड धर्म आध्यात्म एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाला प्रदेश है। इसके मूल स्वरूप को बनाये रखने के लिये प्रयास किये जा रहे हैं। हमारा प्रदेश 2025 तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने के साथ ही नशा मुक्त प्रदेश बने इस दिशा में भी हमारे प्रयास निरन्तर जारी है। उन्होंने कहा कि नशा हमारे युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा हैं। युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए युवाओं को नशे से दूर रखना समाज के हित में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में अच्छा कार्य व्यवहार, अच्छी कार्य संस्कृति, सुशासन, सेवा, संकल्प और गुड गवर्नेंस का कार्य अगर किसी ने किया है तो वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान की प्रेरणा देकर समाज में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता तथा गंदगी से होने वाली अनेक बीमारियों से छुटकारा दिलाने का कार्य किया है। इस अभियान के तहत देश में 12 करोड़ शौचालय बनाये जा चुके है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व का ही प्रतिफल है कि पिछले नौ सालों में देश के हर वर्ग का कल्याण हुआ है और भारत का मान देश के साथ ही विदेशों में भी बढ़ा है। आजादी के बाद के वर्षों की तुलना में पिछले नौ वर्षों के दौरान विकास के सभी मापदंडों के आधार पर हम कह सकते हैं, हमारे देश ने हर क्षेत्र में जबरदस्त प्रगति की है, जिसका लोहा आज संपूर्ण विश्व मान रहा है।

चार दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव निनाद का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नीबूवाला गढ़ी कैन्ट, देहरादून में संस्कृति विभाग द्वारा निर्मित उत्तराखण्ड के प्रथम हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने 4 दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव निनाद का भी शुभारंभ कर हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र में स्थापित वृहद संर्ग्रहालय, प्रेक्षागृह, वाह्य व आन्तरिक कलादीर्घा पुस्तकालय एवं नाट्यशाला का अवलोकन किया तथा परम्परागत ढ़ोल वादन कर लोकवाद्यो का सम्मान भी बढ़ाया। असम के लोक कलाकारों द्वारा बिहु नृत्य का प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने फिल्म जगत से जुड़े प्रदेश के फिल्मकारों, छायाकारों एवं गायकों को भी सम्मानित किया उनमें फिल्मकार संतोष रावत, फिल्म छायाकार कमलजीत नेगी, करन थपलियाल, अभिनेता चन्दन बिष्ट, अभिनेत्री रूप दुर्गापाल, गायिका शिखा जोशी शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र एक ओर जहां प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक सजीव चित्र हम सबके समक्ष रखेगा, वहीं दूसरी ओर यह हमारी सरकार की संस्कृति के संरक्षण- संबर्द्धन एवं विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी परिलक्षित करेगा। यह केंद्र हमारी सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ी तक पहुँचाने में भी मददगार होगा।

उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक केन्द्र में स्थापित वृहद संग्रहालय में अनेक कलाकृतियां, मूर्तिकला आदि संग्रहित हैं, इसके साथ ही हमारी पारम्परिक एवं समकालीन कला को भी इस संग्रहालय में प्रदर्शित करने का प्रयास सराहनीय है। इसके साथ ही यहां लोक साहित्य एवं लोक भाषा पर आधारित पुस्तक प्रदर्शनी भी प्रदर्शित की गयी है, जिसमें उत्तराखण्ड जन आन्दोलन से जुड़े साहित्य को भी सम्मिलित किया गया है। यह सांस्कृतिक केन्द्र हमारी समृद्ध ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत को एक स्थान पर संग्रहीत कर प्रदर्शित करने का एक अनूठा प्रयास है, जिससे हमारी भावी पीढ़ी को अपनी अमूल्य धरोहर को जानने एवं समझने का अवसर प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने फिल्मजगत से जुड़े प्रदेशवासियों से अपेक्षा की कि उन्हें उत्तराखण्ड की इस पावन भूमि ने इस मुकाम तक पहुंचाने का अवसर दिया है। देश व दुनिया के साथ अपने प्रदेश का नाम रोशन करने में भी वे मददगार बने। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति परिवेश एवं पूर्वजो द्वारा दिये गए संस्कारों से जुड़ा रहना होगा। ये हमारी जड़े हैं। अपनी जड़ों से जुड़ा रहकर ही हम जीवन में सफल होंगे तथा हमारी पहचान बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक भारतीय दुनिया में कहीं भी रहे, कितनी ही पीढ़ियों तक रहे, उसकी भारतीयता, उसकी भारत के प्रति निष्ठा, कभी कम नहीं होती। इसका कारण हमारी विशिष्ट सांस्कृतिक चेतना है, जिसमें भारत उसके दिल में हमेशा जीवंत रहता है। भारत एक राष्ट्र होने के साथ ही एक महान परंपरा है, एक वैचारिक अधिष्ठान है, एक संस्कार की सरिता है। भारत वो शीर्ष चिंतन है- जो वसुधैव कुटुंबकम की बात करता है। भारत दूसरे के नुकसान की कीमत पर अपने उत्थान के सपने नहीं देखता। भारत सर्वे भवन्तु सुखिनः की कामना करते हुए अपने साथ सम्पूर्ण मानवता के कल्याण की कामना करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में हमें एक ऐसा नेतृत्व मिला जिसने भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का बीड़ा उठाया और उस पर ठोस कार्य भी प्रारंभ किया। प्रधानमंत्री जी ने आज देश के साथ ही विदेश में रहने वाले भारतीयों के मन में पुनः सनातन संस्कृति की अलख जगाने का भी कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार न सिर्फ देश का भौतिक विकास कर रही है, बल्कि दुनियाभर में भारत की सनातन संस्कृति की कीर्ति पताका को फहराने का कार्य भी कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब हम आत्मनिर्भर भारत अभियान को आगे बढ़ाते हैं, तो विश्व के लिए प्रगति की नई संभावनाएं खोलने की बात करते हैं। आज जब हम योग के प्रसार के लिए प्रयास करते हैं, तो विश्व के हर व्यक्ति के लिए सर्वे संतु निरामया की कामना करते हैं। हमें संपूर्ण दुनिया को ये अहसास दिलाना है कि भारत की प्रगति से पूरी मानवता का कल्याण जुड़ा है। उन्होंने विश्वास किया कि अपने इन आदर्शों पर चलते हुए हम एक नया भारत भी बनाएँगे, और बेहतर दुनिया का सपना भी साकार करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए अपने विकल्प रहित संकल्प को लेकर आगे बढ़ना है। सभी के सहयोग और समर्थन से हम उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने का अपना सपना अवश्य साकार करने में सफल होंगे।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संवारने का कार्य करेगा। हमारी संस्कृति विश्व की महान संस्कृति रही है। उन्होंने कहा कि यह सांस्कृतिक केन्द्र संस्कृति संवर्धन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। निदेशक संस्कृति बीना भट्ट ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, सचिव संस्कृति हरिचन्द्र सेमवाल, पद्मश्री बसंती बिष्ट, लोक संस्कति से जुड़े साहित्यकार, गीतकारों सहित विभिन्न प्रदेशों से आए लोक कलाकार एवं रंगकर्मी मौजूद थे।

सीएम ने किया राजकीय दून मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिकित्सालय परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में आए मरीजों का हालचाल जान, व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने मरीजों के तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मौजूद संसाधनों, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों की उपलब्धता, एवं खाने-पीने की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों के लिए बन रहे खाने को स्वयं जाकर देखा। उन्होंने कहा मरीजों को मिलने वाले भोजन में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी तरह के पोषक तत्व भोजन में पाए जाए, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने रजिस्ट्रेशन डेस्क में जाकर प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधित जांच के लिए अस्पताल आए मरीजों को लंबी लाइन में ना लगाना पड़े इसके लिए रजिस्ट्रेशन डेस्क की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इमरजेंसी वार्ड में जाकर वहां मौजूद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, से भी वार्ता की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों की उपस्थिति के बारे में भी जानकारी ली। मरीजों के इलाज में इस्तेमाल हो रही विभिन्न आधुनिक मशीनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा अस्पताल में यह व्यवस्था भी सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को बेवजह घूमना ना पड़े। एक ही स्थान पर मरीज अधिक से अधिक लाभ लें।

उत्तरकाशी दौरे पर सीएम, अधिकारियों से की ईमानदारी से कार्य करने की अपेक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के अपने भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ईमानदारी और निष्ठा से काम करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि विकास योजनाओं एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का पूरा लाभ सभी क्षेत्रों और लागों के मिल सके, इसके लिए हमें तत्परता से जुटे रहना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही या शिथिलता और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जल्दी ही जिले के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जायेगी। श्री धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं और सतर्कता विभाग को ऐसे मामले पर निरंतर प्रभावी निगरानी रख कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारियों को क्षेत्र पंचायत और तहसील दिवसों में अनिवार्य रूप से भाग लेकर जनता की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को आम आदमी की जिंदगी में बदलाव लाने के लिये समर्पित होकर जुटना होगा। उन्होंने रोजगारपरक योजनाओं और सामाजिक आर्थिक विकास के कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि जिले के विकास के लिये आवश्यक संसाधनों की कमी नही होने दी जायेगी। जिले में एप्पल मिशन की धनराशि में वृद्धि के लिये प्रस्ताव भेजने के निर्देश देते हुए श्री धामी ने कहा कि जिले को किवी मिशन में भी शामिल किया जायेगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति का ब्यौरा मुख्यमंत्री के सम्मुख रखा।
बैठक में विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता किशोर भट्ट, मनवीर चौहान, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।

सरकार की योजनाओं को क्षेत्रों में पहुंचाने में ब्लॉक प्रमुख निभाते हैं अहम भूमिकाः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ब्लॉक प्रमुख गणों के साथ संवाद कार्यक्रम में कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती व्यवस्था में ब्लॉक प्रमुख महत्वपूर्ण कड़ी है। सरकार की योजनाओं को अपने क्षेत्रों में आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी इन पर होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लॉक प्रमुखों के मानदेय में वृद्धि जल्दी की जायेगी। ब्लॉक प्रमुखों की निधि बढ़ाये जाने एवं अन्य मांगों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मांगों का आंकलन कर उचित निर्णय लिया जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। पिछले 09 वर्षों में समाज के हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाया गया। गरीबों के जन-धन खाते खोलने के पीछे बड़ी सोच थी। आज विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थी को धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। डिजिटल ट्रांजेक्शन देश में तेजी से बढ़ा है। भारत दुनिया में सबसे अधिक डिजिटल ट्रांजेक्शन करने वाला देश है। कोरोना काल में गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की गई, जिसका लाभ गरीबों को अभी तक मिल रहा है। पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, हर घर नल, हर घर जल एवं अन्य विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन हो राहत दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही है। राज्य में कृषि, बागवानी, पर्यटन के क्षेत्र में अनेक कार्य किये जा रहे हैं। नई पर्यटन नीति लाई गई है। होम स्टे को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखण्ड अटल आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रत्येक परिवार को 05 लाख रूपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है। राज्य में अन्त्योदय कार्ड धारकों को साल में 03 सिलेण्डर मुफ्त दिये जा रहे हैं। यह सुविधा राज्य के 01 लाख 81 हजार गरीब परिवारों को दी जा रही है। एप्पल एवं कीवी मिशन पर तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। दालचीनी एवं तिमुर को भी मिशन के रूप में लिया गया है।
इस अवसर पर भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार, अपर सचिव पंचायती राज ओमकार सिंह, ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष दर्शन सिंह दानू, संरक्षक गोविन्द सिंह दानू एवं विभिन्न जनपदों से आये ब्लॉक प्रमुखगण उपस्थित थे।

भागीरथी-2 चोटी पर ध्वज ग्रहण करने पर एनडीआरएफ के जवानों को मिली बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भागीरथी-2 चोटी का पर्वतारोहण कर लौटे एन.डी.आर.एफ के जवानों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पर्वतारोही दल का ध्वज ग्रहण कर इस अभियान का विधिवत समापन किया।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के सभी जवानों को इस कठिन अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान करने से आने वाली चुनौतियों का सामना करने में आसानी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पर्वतीय क्षेत्रों में जब भी रेस्क्यू ऑपरेशन की बात आती है तो सबसे पहले हमारी एस.डी.आर.एफ के साथ एन.डी.आर.एफ को याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। राज्य में एन.डी.आर.एफ ने समय-समय पर आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सराहनीय कार्य किया है। देश के अलावा अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर भी विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में एन.डी.आर.एफ द्वारा तेजी से राहत एवं बचाव के कार्य किये जाते हैं, हमारे इन जवानों की कार्यकुशलता सराहनीय है।

महानिदेशक एन.डी.आर.एफ अतुल करवल ने कहा कि एनडीआरएफ के प्रथम पर्वतारोहण अभियान-2023 में अभियान दल द्वारा भागीरथी-2 का 30 मई 2023 को सफल आरोहण किया। उप महानिरीक्षक एनडीआरएफ गम्भीर सिंह चौहान के नेतृत्व में दल के 38 पर्वतारोही शामिल थे। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में एन.डी.आर.एफ की एक बटालियन स्थापित की जा रही है।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, आईजी एस.डी.आर.एफ रिद्धिम अग्रवाल एवं एनडीआरएफ के पर्वतारोहण दल के जवान उपस्थित थे।

पदाधिकारियों से मुख्यमंत्री ने किया रात्रि सहभोज, हुई सराहना

मुख्‍यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस बार के चंपावत दौरे में अनोखी पहल देखने को मिली। सीएम के निर्देश पर पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सहभोज आयोजित किया गया। इस सहभोज की विशेष बात ये रही कि सभी लोग अपने अपने घरों से टिफिन लेकर आए और टिफिन साझा किया। प्रदेश में ऐसा पहली बार किया गया है। सभी ने जमीन पर बैठकर साथ खाना खाया। सीएम धामी ने कहा कि घर से टिफिन लेकर साथ बैठकर भोजन से पारस्परिक सद्भाव, आपसी समन्वय व सहयोग की भावना जागृत होती है। चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने हैं।

गौरतलब है कि चंपावत विधानसभा जीत के एक वर्ष पूर्ण होने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी चंपावत दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा, जिपं अध्यक्ष ज्योति राय सहित तमाम वरिष्ठजन व भाजपा के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने उड़ीसा में रेल हादसे को दुखद बताकर सांस्कृतिक कार्यक्रम और रोड शो किया निरस्त

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उड़ीसा में हुई रेल दुर्घटना को दुखद बताते हुए चंपावत में होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम और रोड शो को किया निरस्त।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत विधायक के तौर पर एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर चम्पावत वासियों को 50.54 करोड़ की 42 विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान जनता से संवाद करते हुए मख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत व प्रदेश के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आदर्श चम्पावत की राह आदर्श उत्तराखंड की तरफ जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चम्पावत के विकास के लिए 14 लोक महत्व की महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।

मुख्यमंत्री ने जिन विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया उनमें जनपद चम्पावत विधानसभा हेतु 9 करोड़ 82 लाख 89 हजार की तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण तथा 23 करोड़ 45 लाख 29 हजार की 28 विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसमें लोहाघाट विधानसभा की 16.81 करोड़ की 10 योजनाओं का शिलान्यास तथा 45 लाख लागत की एक विकास योजना का लोकार्पण भी शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं से सम्बंधित विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर सभी स्टालों पर उपस्थित उद्यमियों, अग्रणी व प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूह आदि का उत्साहवर्धन कर सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कृषि, कृषि उत्पादों,नवाचारों, उद्यमों को बढ़वा दिया जा रहा है। विभिन्न योजनाएं संचालित कर सीधा लाभ लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, देहरादून द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका व आदर्श चम्पावत की ओर बढ़ते कदम कलेंडर तथा जनपद चम्पावत की विकास पुस्तिका का विमोचन किया तथा उत्तराखंड भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड चम्पावत के कैम्प कार्यालय का भी शुभारंभ किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रीय जनता का अभिवादन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम विकल्प रहित संकल्प के साथ उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदेश की बनाने की ओर अग्रसर है। श्रेष्ठ जनपद, श्रेष्ठ राज्य की परिकल्पना के तहत जनपद चम्पावत को आदर्श चम्पावत बनाया जा रहा है। उन्होंने चम्पावत उप-चुनाव की ऐतिहासिक विजय की वर्षगांठ के अवसर पर न्याय के देवता भगवान गोल्ज्यू की पवित्र व ऐतिहासिक भूमि चंपावत की समस्त देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के स्नेह, आशीर्वाद एवं सहयोग के कारण ही उन्हें विधानसभा में ऐतिहासिक नगरी चंपावत की आवाज बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एक वर्ष के कालखण्ड में उत्तराखण्ड के समग्र विकास के साथ ही चम्पावत को विकास की दृष्टि से प्रदेश का आदर्श एवं अग्रणी जनपद बनाने के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया किया जा चुका है, जिस पर आने वाले वर्षों में विकास की एक शक्तिशाली इमारत तैयार की जाएगी। जनपद चम्पावत हेतु लोक निर्माण विभाग, पेयजल विभाग, सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों की जिन लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने के बाद चंपावत में एक नए युग का सूत्रपात होगा। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग के अधीन बीओसीडब्ल्यू बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से एक वर्ष में करीब दो करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि भी करीब 510 लाभार्थियों को प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की जनता के आशीर्वाद के कारण आज हमारा राज्य “एक श्रेष्ठ राज्य“ व हमारा जनपद चंपावत “एक आदर्श जिला“ बनने की राह पर अग्रसर है। पिछला विधानसभा चुनाव कई अर्थों में ऐतिहासिक था क्योंकि उत्तराखंड की राजनीति में यह पहला अवसर था जब जनता-जनार्दन ने किसी एक दल को दोबारा सेवा का अवसर प्रदान दिया। एक साल पहले उपचुनाव में मिली जीत… हमारी नहीं चंपावत और इस प्रदेश की जनता की अपनी जीत थी, उसके द्वारा देखे गए विकास के सपने की जीत थी।

उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड के विकास की नई कहानी उत्तराखंड की जनता स्वयं लिख रही है। इस एक वर्ष के दौरान, हमने हर क्षण यह प्रयास किया है कि जितनी भी प्रदेश के सामने चुनौतियां हैं उन सभी का समाधान निकाला जाए और राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जाए। उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने का जो “विकल्प रहित संकल्प“ लेकर हम चल रहे हैं उसके कुछ पड़ाव हमने पार कर लिए हैं पर अभी कई पड़ाव पार करने बाकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युगदृष्टा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से उत्तराखण्ड की देवतुल्य जनता के जीवन को सुखमय बनाने के यज्ञ को पूर्णता प्रदान करने के लिए राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगाठ तक चंपावत जिला शिक्षा, स्वास्थ्य, बागवानी, कृषि, पर्यटन, जैसे विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़े इसके लिए हम पूर्ण मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। चम्पावत के प्रत्येक गांव में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संचार जैसी मूलभूत सुविधायें पहुंचे इसके लिए भौगोलिक आधार पर विभिन्न योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। चम्पावत के समग्र विकास तथा आम जनता की सुख – सुविधा के लिये चम्पावत में मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय की स्थापना भी की गई है,जिससे आप लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान निकाला जा रहा हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा केदारनाथ की पवित्र भूमि से कहा था कि “इक्कसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा“। इसके लिए उनकी सरकार निरंतर, पूर्ण मनोयोग के साथ कार्य कर रही है। अंत्योदय परिवारों को तीन गैस सिलेंडर देने हों, प्रदेश की महिलाओं के लिये क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था को लागू करना हो, समान नागरिक आचार संहिता का मसौदा तैयार करना हो, जबरन धर्मांतरण पर रोक के लिये कानून बनाना हो, लैंड जिहाद और लव जिहाद को रोकने के लिए उठाए गए कड़े कदम हों, देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून बनाना हो, आंदोलनकारियों को आरक्षण देना हो, या फिर हाल ही में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रदेश के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए उठाए गए कदम हों, हमने इन सभी महत्वपूर्ण कार्यों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत जनपद वीरों की भूमि है और यहां पूरे उत्तराखंड की भांति ही लगभग प्रत्येक परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना और अर्धसैनिक बलों में कार्यरत है,आज के इस अवसर पर आपका यह मुख्य सेवक जो एक सैनिक पुत्र भी है,आपको यह विश्वास दिलाता है कि मोदी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार आपके हितों के लिए भी निरंतर प्रयास करती रहेगी। इस एक वर्ष के दौरान कई बाधाएं भी हमारे सामने आई, लेकिन सभी बाधाओं को दूर कर हमने प्रदेशहित के लिए कार्य करने का जो संकल्प लिया है जब तक उस संकल्प को पूर्ण नहीं कर देते तब तक हमारा प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रदेश के लिए न केवल स्वीकृत की गई हैं बल्कि इनमें से कई पूर्ण होने की कगार पर भी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हम जब भी हम कोई नीति बनायें उसमें सम्पूर्ण समाज और प्रत्येक वर्ग के विचारों और आवश्यकताओं का समावेश हो, क्योंकि हमें अपने में परिपूर्ण, उत्तम मॉडल विकसित करना है जिसे अन्य हिमालयी राज्य भी भविष्य में अंगीकार करें और सहर्ष अपनाएं। चंपावत में विकसित किया जा रहा विकास का मॉडल, उत्तराखण्ड समेत अन्य हिमालयी राज्यों का भी प्रतिनिधित्व करेगा और इसे राज्य के अन्य जिलों में भी दोहराया जायेगा।

उन्होंने कहा कि जनपद में लोगों की आजीविका बढाये जाने हेतु दुग्ध उत्पादन, मधु उत्पादन, कृषि, बागवानी, सुगन्धित पौधों और फूलों की खेती, स्थानीय मसालों की खेती,मार्केटिंग और होम स्टे निर्माण आदि को बढ़ावा दिया जा रहा है। टेली मेडिसिन, टेली एजुकेशन, टेली कम्युनिकेशन पर तकनीकी सहायता तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों हेतु विशिष्ट कार्ययोजनायें तैयार की जा रही हैं। चम्पावत को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी जनपद बनाये जाने के लिए सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा का चम्पावत में कैंपस भी बनाया जा रहा है। जिले के सभी विद्यालय भवनों का जीर्णाेद्धार, सौंदर्यीकरण सहित उनमें आवश्यक सुविधायें उपलब्ध करायी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि चंपावत जिला नदियों, वनों, धार्मिक व प्राकृतिक स्थलों से आच्छादित है, हमारी सरकार यहाँ की इन्हीं विशिष्ट संभावनाओं को सजाने और संवारने का कार्य कर रही है। यहां स्थित माँ पूर्णागिरी धाम में लाखों दर्शनार्थी और धार्मिक पर्यटक आते हैं। उनकी सुखद यात्रा के लिये भी एक विशिष्ट कार्ययोजना बनायी जा रही हैं। नए उत्तराखण्ड के संकल्प में “साहसिक-पर्यटन“ राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके अंर्तगत साहसिक खेलों को बढ़ावा देकर भी इस क्षेत्र को एक नई पहचान दिलाये जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज इस अवसर पर मुझे यह बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि बीएसएनएल की और से पूरे जनपद में 23 मोबाइल टावर लगाए जाएँगे, जिसके बाद पूरा चंपावत 4जी कनेक्टिविटी से जुड़ जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक नई कार्य संस्कृति के साथ हमारी सरकार प्रदेश में पूर्ण सुशासन स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम हर क्षेत्र में उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए अपने “विकल्प रहित संकल्प“ के मंत्र को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। हम एक और जहां श्रेष्ठ उत्तराखंड निर्माण के लिए संकल्पबद्ध है, वहीं चंपावत को भी श्रेष्ठ बनाने के लिए कृतसंकल्पित हैं। जब तक हम उत्तराखंड के साथ ही चंपावत को भी सर्वश्रेष्ठ जिला नहीं बना देते चौन से नहीं बैठेंगे। क्योंकि श्रेष्ठ उत्तराखंड राज्य बनाने के लिए, श्रेष्ठ चंपावत जिला बनाना भी अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उड़ीसा के बालासोर में हुई भीषण रेल दुर्घटना में मृतकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस अवसर पर आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम और रोड शो को निरस्त कर दिया गया।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने न्याय के देवता श्री गोल्ज्यू महाराज के दर्शन कर जनपद व पूरे प्रदेश की सुख शांति व समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर विभिन्न जन प्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।