हंस फाउंडेशन ने सीएम को सौंपा 11 करोड़ रूपये का सीएम राहत कोष का चेक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हंस फाउण्डेशन के संस्थापक माता मंगला एवं भोले जी महाराज ने भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने आपदा पीड़ितों के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु मुख्यमंत्री को 11 करोड़ रूपये का चेक सौंपा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हंस फाउण्डेशन के संस्थापक माता मंगला एवं भोले जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए हंस फाउण्डेशन द्वारा राज्य सरकार को समय-समय पर सहयोग दिया जाता है। राज्य में जब भी कोई आपदा आती है या जरूरतमंदों को कोई जरूरत होती है, तो हंस फाउण्डेशन सेवा के कार्यों में हमेशा आगे आता है। कोरोना काल में भी हंस फाउण्डेशन द्वारा अनेक तरह से सेवा के कार्य किये गये। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में हंस फाउण्डेशन द्वारा राज्य सरकार को लगातार सहयोग दिया जा रहा है।

रोजगार के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग व अन्य एजेंसियां पारदर्शी तरीका अपनाएंः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु को निर्देश दिये हैं कि प्रदेश में भविष्य में पारदर्शी एवं सुचिता पूर्ण ढंग से चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाए ताकि योग्य युवाओं का चयन हो सके। उन्होंने इस सम्बन्ध में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग तथा अन्य चयन एजेंसियों को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाये जाने के भी निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा जिन पदों के रिजल्ट घोषित कर दिये हैं किंतु संस्तुति अभी नहीं भेजी गई है उस संबंध में भी केस टू केस निर्णय लेने हेतु मुख्य सचिव एवं सचिव कार्मिक को निर्देश दिये हैं। ऐसी परीक्षायें जिनमें अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आवेदन आमंत्रित किये जा चुके हैं तथा कोई भी परीक्षा आयोजित नहीं की गई है उनमें लोक सेवा आयोग के स्तर पर नियम संगत कार्यवाही कर चयन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिये हैं कि उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की जो परीक्षायें लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जानी हैं उसके लिये शीघ्र विज्ञापन निर्गत कर चयन प्रक्रिया प्रारम्भ की जाय। मुख्यमंत्री ने परीक्षा परिणाम घोषित पुलिस रैंकर्स भर्ती परीक्षा के संबंध में भी शीघ्र कार्यवाही हेतु सचिव कार्मिक को निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम रांथी (खोतिला) में आपदा प्रभावितों से भेंट की। साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय और हवाई निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में हम सब आपदा प्रभावितो के साथ हैं और राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा आपदा प्रभावितों के लिए रहने, खाने, और कपड़ों की उचित व्यवस्था की जाए, जिसका भुगतान सरकार के माध्यम से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री द्वारा 6 परिवारों को चेक के माध्यम से राहत राशि मुहैया कराई गई। जिसके अंतर्गत आपदा के दौरान मृत महिला के परिवार को चार लाख रुपए की राहत राशि दी गई। इसके अतिरिक्त अन्य आपदा प्रभावितों को शीघ्र ही राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है तथा शेष बचे आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र ही राहत राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने धारचूला में काली नदी के किनारे बने तटबंधों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि आपदा पीड़ितों को राहत पहुंचाने का हर संभव कार्य तत्परता से किया जाना चाहिए। आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए सरकार हरसंभव कार्य करने के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री के साथ धारचूला विधायक हरीश धामी, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, ब्लॉक प्रमुख सहित जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल, उपजिलाधिकारी नंदन कुमार, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य सहित अन्य विभागाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा का किया वायदा, धामी करेंगे पूराः महेंद्र भट्ट

भाजपा ने भू कानून कानून अध्ययन और परीक्षण समिति द्धारा सीएम धामी को रिपोर्ट सौंपने का स्वागत करते हुए इसे जनता से किए एक और वादे को पूरा करने की दिशा महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही कमेटी द्धारा प्रस्तुत सुझावों का अध्यन करते हुए प्रदेश की जनता के हित में भू कानून में आवश्यक सुधार लाएगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेशवासियों द्धारा राज्य हित में वर्तमान भू कानून में परिवर्तन की मांग की जा रही थी, जिसके मद्देनजर जनहित में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पिछले कार्यकाल में भू कानून के अध्यन और परीक्षण के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गयी थी। इसी परिप्रेक्ष्य में भाजपा द्धारा चुनाव के दौरान अपने दृष्टिपत्र में कमेटी से मिले हुए सुझावों पर राज्यहित में भू कानून में जरूरी बदलावों का वादा किया गया था।

अब जब तय समय सीमा में कमेटी ने अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप दी है तो उम्मीद है कि रिपोर्ट के अध्ययन के बाद जनता से भाजपा का किया एक और वादा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरा करने वाले हैं। इससे राज्य मे पलायन की समस्या पर भी अंकुश लगेगा और लोगों को संसाधनों का समुचित लाभ मिलेगा।

सल्ट दौरे पर सीएम, दी घोषणाएं से सौगातें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सल्ट, अल्मोड़ा में 5 सितंबर सल्ट क्रान्ति के अवसर पर शहीद दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने खुमाड़, सल्ट में शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तहसील परिसर सल्ट से खुमाड़, सल्ट में भव्य शहीद स्मारक बनाए जाने ,5 सितम्बर शहीद दिवस पर आयोजित मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने एवं स्वतन्त्रता संग्राम सैनानी शहीद चूडामणि राजकीय इण्टर कालेज खुमाड़ मैदान में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री श्री धामी ने शक्तिपीठ भीना देवी मन्दिर के सम्पर्क मार्ग के अवशेष भाग का नव निर्माण किए जाने, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औनेड़ी तराड का नव भवन निर्माण किए जाने, राजकीय पॉलिटेक्निक सल्ट में सिविल ट्रेड की स्वीकृति प्रदान किए जाने, राजकीय आदर्श विद्यालय देवायल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटाचामी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नैकणा व राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेसड़ी का नव भवन निर्माण किए जाने, अल्प विकसित पर्यटक स्थल मल्ला गड़कोट, थल्माड एवं खटलगाँव का सौन्दर्यीकरण किए जाने, सल्ट के अति दुर्गम क्षेत्र भीताकोटखाल, मरचूला एंव तराड़ में ए.एन.एम. सेन्टर की स्वीकृति प्रदान किए जाने, राजकीय इण्टर कालेज नेलवालपाली का नाम स्वतन्त्रता संग्राम सैनानी शहीद अम्बा दत्त जी के नाम किए जाने, तल्ला मानिला मन्दिर स्थित विशेष अतिथि गृह का निर्माण किए जाने, देघाट – चिन्तोली मोटर मार्ग का नाम बदलकर स्वतन्त्रता संग्राम सैनानी शहीद हरिकृष्ण हीरा मणि जी मोटर मार्ग लिए जाने की बात कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5 सितंबर ’सल्ट क्रान्ति’ में शहीदों को भावमीनि श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अंग्रेजों से लोहा लेते समय खुमाड़ क्षेत्र के शहीद हुए स्व० खीमानन्द एवं उनके सगे भाई स्व० गंगाराम सहित स्व० बहादुर सिंह एवं स्व० चूड़ामणि ने क्षेत्र के साथ अपना नाम अमर किया है। उन्होंने कहा सल्ट के इन महान् क्रांतिकारियों ने राष्ट्रीय स्वतंत्रता आन्दोलन के इतिहास में उत्तराखण्ड का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित किया है। सल्ट क्रांति- स्वाधीनता आन्दोलन का एक अविस्मरणीय अध्याय रहा है। सल्ट क्षेत्र में आजादी की लड़ाई की शुरुआत कुली बेगार आन्दोलन के तहत ब्रिटिश हुकुमत के दमनकारी फैसलों की प्रतिक्रिया के कारण हुई थी। इस क्षेत्र की जनता ने एक स्वर में कुली बेगार न देने का संकल्प किया। उन्होंने कहा आजादी की लड़ाई में खासकर सल्ट क्रांति को संचालित करने में उत्तराखंड के शिक्षकों की अहम भूमिका रही थी। सन् 1942 में महात्मा गांधी के ’भारत छोड़ो और ’करो या मरो’ के नारे की सल्ट क्षेत्र में जबरदस्त प्रतिक्रिया हुई। सल्टवासियों की इसी देशभक्तिपूर्ण शहादत के कारण गांधीजी ने इस क्षेत्र को कुमाऊँ की बारदोली कहा था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत करवाते हुए कहा कि सरकार अपने वादों के अनुसार गरीब परिवारों को तीन सिलेण्डर मुफ्त उपलब्ध करवा रही है। राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी बहनों, मिनि आंगनबाड़ी,आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी की है, उत्तराखण्ड में अब वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र पति व पत्नी दोनों को लाभ मिलेगा ऐसा प्राविधान किया गया है। उन्होंने कहा हमने राज्य में 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचों की निशुल्क सुविधा प्रदान की है। ग्राम प्रधानों के मासिक मानदेय बढ़ाकर 3000 रूपए किया गया है, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि बढ़ाकर 10 लाख रूपए, सीमांत तहसीलों के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना शुरू की गई है तथा मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष के प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, खेल किट, ट्रैक सूट व खेल उपकरण देने की व्यवस्था की है। सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेज गति से काम हो रहा है। टनकपुर-बागेश्वर ब्रॉडग्रेज सर्वे शुरू हो चुका है, डोईवाला से गंगोत्री-यमुनोत्री रेललाइन के सर्वे पर भारत सरकार की सहमति मिली है। चारधाम ऑलवेदर सड़क परियोजना के साथ ही टनकपुर-पिथौरागढ़ की सड़क कनेक्टीवीटी में सुधार हुआ है, चारधाम सर्किट में सभी मंदिरों, गुरूद्वारों में भौतिक ढांचे और परिवहन सुविधाओं के विस्तार किया जा रहा है, उन्होंने कहा हम कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर कार्य कर रहे हैं, पर्वतीय क्षेत्रों में रोपवे नेटवर्क निर्माण के लिये पर्वत माला परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क रेल हवाई कनेक्टिविटी पर तेज गति के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार पारदर्शिता के साथ विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उत्तराखंड राज्य विकास के नए आयामों को छू रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता के लिये समिति का गठन कर दिया है। समिति की तीन बैठकें भी हो चुकी हैं, जल्द ही ड्राफ्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा भ्रष्टाचार मुक्त करने हेतु 1064 ऐप लॉच किया गया है, जिसके अंतर्गत सरकार द्वारा 2 करोड़ का रिवॉलविंग फण्ड का भी प्रविधान किया गया है। उन्होने कहा सरकार द्वारा सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि पर फोकस किया गया है, ताकि आम जनता के इस मंत्र के साथ सरकारी सुविधाएं पहुंचे। सचिवालय में सोमवार को नो मीटिंग डे रखा गया है, जिला स्तरीय अधिकारियों को सोमवार से शुक्रवार तक प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालयों पर रहने के निर्देश दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वीडीओ भर्ती की जांच एसटीएफ द्वारा की जा रही है उन्होंने कहा मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं जांच में आने वाले प्रत्येक आरोपी को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। उन्होंने कहा आगे ऐसी घटना ना हो इसके लिए कठोर नीति बनाई जाएगी। जांच में बड़े से बड़े व्यक्ति का नाम आने पर भी उसे छोड़ा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने भू कानून पर गठित कमेटी द्वारा बनाई गई रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही भू कानून पर निर्णय किए जाने की बात कही।

सांसद अजय टम्टा ने कहा कि जिन अमर शहीदों की शहादत से देश आजाद हुआ उन सभी ज्ञात अज्ञात को नमन करता हूं एवं श्रद्धांजलि देता हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी युवा मुख्यमंत्री द्वारा सल्ट क्षेत्र के विकास हेतु विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय स्वीकृति दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के सपनों को साकार करने के लिए विधायक महेश जीना लगातार अपनी पूरी ताकत से जुटे हैं।

विधायक महेश जीना ने सल्ट क्रांति में शहीद हुए क्रांतिकारियों को नमन किया। साथ ही उन्होंने इस ऐतिहासिक स्थल पर आने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सल्ट विधानसभा के विकास के लिए समर्पण के साथ कार्यरत हूं, उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कई कड़े फैसले ले रही है साथ ही राज्य के विकास के साथ ही सल्ट का विकास भी तीव्र गति के साथ आगे बढ़ रहा है।

इस दौरान विधायक प्रमोद नैनवाल पूर्व विधायक महेश नेगी, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, बीजेपी मंडल अध्यक्ष सल्ट विक्रम बिष्ट, जिलाधिकारी वंदना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय, अपर जिलाधिकारी सीएस मर्ताेलिया, उपजिलाधिकारी गौरव पांडे एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

टनकपुर में सीएम ने किया मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के खुलने से क्षेत्र की जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान तो होगा ही साथ ही उन्हें जिला मुख्यालय एवं देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिये विभिन्न विकास योजनाओं की घोषणाएं की, जिसमें राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुंगर, सल्ली, मोराडी, पल्सो, गोली, तालियाबाज एवं धूरा सहित 7 विद्यालयों का इंटर मीडिएट में उच्चीकरण किए जाने, सल्ली, नायल, हरम, बिचई, मंच, पुनेठी, ढकना बडोला कठनोली शक्तिपूरबुंगा, अमर कटिया, चेकुनीबोरा, बस्तिया सहित 12 पंचायत घरों के निर्माण, पुलिस क्षेत्राधिकारी क्षेत्र टनकपुर में स्मार्ट कंट्रोल रूम का निर्माण करने की भी घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने थाना बनबसा हेतु नवीन भवन का निर्माण करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी को गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए कहा कि हर शुभ कार्य में सर्वप्रथम भगवान गणेश की पूजा होती है इस शुभ अवसर पर कार्यालय का शुभारंभ होना एक अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा अब हर समस्या का समाधान कैंप कार्यालय में किया जाएगा। अपनी समस्याओं को लेकर आम लोगों को देहरादून के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह कैम्प कार्यालय जिलाधिकारी कार्यालय एवं मुख्यमंत्री कार्यालय देहरादून से समन्वय स्थापित कर जनता की सेवा एवं जनहित के विकास कार्यों को गति प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों की बहुत पहले से मांग थी कि यहां मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय खुले इस हेतु आज इस कैंप कार्यालय को खोला गया है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर जिन समस्याओं का समाधान संभव है वह जिला स्तर पर ही हल कराई जाए। जो कार्य तहसीलदार उप जिलाधिकारी कार्यालय से निस्तारित होने हैं वहीं से होने चाहिए। जनता को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े और समय से उनकी समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि विभागीय स्तर पर यह भी तय किया गया कि जिस अधिकारी स्तर पर समस्याओं का समाधान होना है वह निश्चित रूप से उसी अधिकारी के स्तर पर हल हो जाए। जनता को अनावश्यक अपनी समस्याओं के हल के लिए बेवजह देहरादून के चक्कर लगाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी जनता की समस्या का सरलीकरण समाधान निस्तारण एवं संतुष्टि के तहत कार्य करें।

इस अवसर पर अध्यक्ष वन विकास निगम कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जनपद चंपावत को एक श्रेष्ठ जिला बनाए जाने हेतु विभिन्न विभागीय स्तर पर लगातार बैठक कर योजनाओ का क्रियान्वयन कराया जा रहा है आज जिले में विभिन्न स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं। निश्चित रूप से शीघ्र ही इस क्षेत्र में विकास के नए कार्य दिखेंगे। उन्होंने कहा कि यह चंपावत जिले के लिए एक सौभाग्य है कि माननीय मुख्यमंत्री यहां से प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, अध्यक्ष नगर पालिका टनकपुर विपिन कुमार, अध्यक्ष नगर पालिका चंपावत विजय वर्मा, नगर पंचायत बनबसा, जिला अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी आर एस रावत,अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, क्षेत्रीय जनता, अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा कैम्प कार्यालय में विधिवत पूजा अर्चना के बाद क्षेत्रीय जनता की समस्या भी सुनी जिस हेतु उन्होंने आश्वस्त कराया कि कैंप कार्यालय के माध्यम से जन सामान्य को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री द्वारा कैम्प कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया व रुद्राक्ष का पौधा रोपण किया गया।

2025 में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती मनायेगाः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड /25- आदर्श चम्पावत अन्तर्गत प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार भारत सरकार, हैस्को, यू-कॉस्ट एवं अन्य विषय विशेषज्ञों के साथ‘ हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र’ विचार मंथन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, वैज्ञानिक सचिव प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. परविन्दर मैनी, डीजी यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड केवल एक पर्वतीय राज्य ही नहीं, यह हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र का एक अभिन्न अंग भी है। उत्तराखण्ड के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विषय विशेषज्ञों के साथ विचारों की श्रृंखला बोधिसत्व कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसके तहत नीति आयोग के तत्कालीन उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार एवं भारत सरकार के तत्कालीन प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. के विजय राघवन और कई प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञों की उपस्थिति में आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड /25 की परिकल्पना की गई। 2025 में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती मनायेगा। राज्य सरकार का प्रयास है कि तब तक राज्य को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाया जाए। इसके लिए सभी विभागों को लक्ष्य दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा केदारनाथ की भूमि में कहा था कि यह दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। उत्तराखण्ड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सबको अपना योगदान देना होगा। उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाने के लिए चम्पावत जनपद को मॉडल जनपद के रूप में लिया गया है। चम्पावत जनपद में मैदानी, उच्च एवं मध्य हिमालयी क्षेत्र है। चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए यूकॉस्ट को नोडल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकी के इस दौर में शोध, अनुसंधान और नवाचार पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिले। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं और सभी प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विज्ञान और तकनीक की मदद से क्षेत्र विशेष की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाओं के विकास पर ध्यान देने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में कृषि, बागवानी, पर्यटन ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य करने की अपार संभावनाएं हैं। इकोनॉमी और ईकोलॉजी में समन्वय बनाकर कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ ही जल संचय, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार से आग्रह किया कि उत्तराखण्ड में सेमीकंडक्टर तथा आर.सी. के निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए।

भारत सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद ने कहा कि प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार ऑफिस से हम कैटालिस्ट बनकर काम कर सकते हैं। राज्य को हर संभव मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि आज जो मंथन हो रहा है। एक साल में इसके काफी सुखद परिणाम देखने को मिले इसके लिए हमें आज से ही प्रयास करने होंगे। प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार ऑफिस काफी समय से उत्तराखण्ड से जुड़ा है। जी.डी.पी और जी.ई.पी. के सामंजस्य से उत्तराखण्ड आगे बढ़ रहा है, यह एक अच्छी पहल है। डिजास्टर मैनेजमेंट, ईको सिस्टम रेस्टोरेशन, वाटर मैनेजमेंट सिस्टम के साथ-साथ गर्ल एजुकेशन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस विचार मंथन में जो भी सुझाव मिलेंगे, उनमें पूरा सहयोग दिया जायेगा।

हैस्को के संस्थापक डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड हिमालयी राज्य है। हिमालयी राज्य होने के नाते उत्तराखण्ड का दायित्व और बढ़ जाता है। विकास के साथ ही प्राकृतिक संतुलन भी जरूरी है। इस दिशा में राज्य में सराहनीय प्रयास भी हो रहे हैं। हमें अपने संसाधनों का सही उपयोग कर आगे बढ़ना होगा।

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए सबको पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के प्रयास करने होंगे। उत्तराखंड विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला राज्य हैं। राज्य में मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्र हैं। देहरादून और नैनीताल जनपदों का आधा हिस्सा मैदानी और आधा पर्वतीय है। उत्तराखण्ड राज्य के विकास के लिए मैदानी एवं पर्वतीय जनपदों के लिए एक ही नीति नहीं बनाई जा सकती है। मैदानी जनपदों के लिए अलग और पर्वतीय जनपदों के लिए अलग नीति बनाकर राज्य के विकास के लिए सुनियोजित प्लानिंग हो सकती है। इस पर कार्य भी किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को अपना मॉडल डेवलप कर लीड लेनी होगी। समस्याओं का विश्लेषण कर समाधान ढ़ूढ़ना है। उत्तराखण्ड में अनेक प्राकृतिक ससांधन हैं, इन संसाधनों का सदुपयोग कर ईकोनॉमी और ईकोलॉजी में सतंलन बढ़ाकर आगे बढ़ना है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुदंरम, शैलेश बगोली, अरविन्द सिंह ह्यांकी, अपर सचिव रंजना राजगुरू, आनंद स्वरूप, वंशीधर तिवारी, विश्वविद्यालयों के कुलपति, विभिन्न संस्थानों के निदेशक एवं अन्य विशेषज्ञ उपस्थित थे।

विज्ञान भारती द्वारा आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में सीएम ने किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विज्ञान भारती द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रकाशित पुस्तक struggle for swatantrta throw science एवं विद्यार्थी विज्ञान मंथन विवरणिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विज्ञान भारती द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव पर भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा दिए गए योगदान की जानकारी को लोगों के सामने लाने का सराहनीय प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर विज्ञान भारती के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. के.डी. पुरोहित, प्रदेश सचिव डॉ. हेमवती नंदन, डॉ. अनीता रावत, डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. सूरज, डॉ. आर.पी नौटियाल एवं डॉ. लोकेश जोशी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने खटीमा में रक्षाबन्धन मिलन कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित रक्षाबन्धन मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आयी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी तथा तथा उनके दीर्घ जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सभी को रक्षाबन्धन की बधाई देते हुए कहा कि रक्षाबन्धन का इस बार का यह पर्व हमारे लिये बहुत महत्वपूर्ण है, आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम अमृत महोत्सव मना रहे हैं, और इन आजादी के 75 साल के कालखण्ड में देश ने जितनी तरक्की की है, हमने एक-एक करके उपलब्धियां हासिल की है, देश आगे बढ़ा है, ज्ञान-विज्ञान आगे बढ़ा है, उन सब को संजोए रखने का भी यह अवसर है।

उन्होंने कहा कि यह पहली बार हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, सम्पूर्ण देश में अमृत महोत्सव के हजारो कार्यक्रम सम्पन्न हो चुके हैं। उन्होंने कहा की यह समय देश की आजादी के लिये अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात एवं अज्ञात सैनानियों के साहस एवं वीरता से परिचित होने एवं उनको स्मरण करने का भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त के बाद हम आजादी के अमृत काल में प्रवेश करेंगे और यह अमृत काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत को गढ़ने को नया रूप दिया जायेगा। आजादी के 100 वर्ष होने पर हमारे युवाओं के सबल कन्धों पर देश को दिशा देने का दायित्व होगा। प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व में पिछले आठ वर्षाे से हमने भारत को एक नई पहचान दी है, आज हम कई क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं, क्योकि आज भारत के पास ऐसा नेतृत्व है जिसने हमारे अन्दर एक विश्वास तथा आशा की नई किरण पैदा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जिस भारत की कल्पना करते थे हम उसी दिशा में जा रहे हैं, हम अपने पुराने वैभव की ओर लौट रहे हैं। इन आठ सालों में एक समृद्ध, शक्तिशाली तथा समरस भारत के साथ ही दुनिया का नेतृत्व करने वाला भारत बना है। जिस भारत को गढ़ने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहा है, अगले 25 सालों में हमारा देश दुनिया का सिरमौर बनेगा, आने वाले समय में हम दुनिया का नेतृत्व करेंगे। आज कोई ऐसा क्षेत्र नही है जिसमें हमारे देश ने तरक्की न की हो। हमारे इस विकास की नई गाथा में हमारी मातृशक्ति की बड़ी भूमिका है। आज देश के घर-घर में फहराता तिरंगा दुनिया को एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश दे रहा है।

उत्तराखण्ड ब्रांड एम्बेसडर के रूप में सम्मानित होने पर क्रिकेटर ऋषभ पंत ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड सदन में आयोजित कार्यक्रम में क्रिकेटर ऋषभ पंत को उत्तराखण्ड ब्रांड एम्बेसडर के रूप में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ऋषभ को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऋषभ पंत द्वारा जिस तरह से बेहद सामान्य परिस्थितियों में अपने संकल्प एवं दृढ़ इच्छा शक्ति से लक्ष्य को पूरा किया गया, उससे सभी को प्रेरणा मिलेगी। पंत ने दुनिया में एक मुकाम बनाया है। उन्होंने देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि क्रिकेटर ऋषभ पंत को उत्तराखण्ड ब्रांड एम्बेसडर के रूप में सम्मानित करने से राज्य में खेल के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाये इस हेतु प्रदेश सरकार द्वारा बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुसार भारत हर क्षेत्र में अग्रणी बन रहा है। ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी सभी को प्रेरणा देने का कार्य कर सभी को प्रेरित करेंगे। प्रदेश में खेलों के प्रति अच्छा माहौल बनेगा।

उत्तराखण्ड ब्रांड एम्बेसडर के रूप में सम्मानित किये जाने पर क्रिकेटर ऋषभ पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उनको प्रदेश के लिये कुछ करने का मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को बेहतर खेल माहौल प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक उमेश कुमार और विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार भी उपस्थित थे।