तीसरी लहर को देखते हुए सीएम ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को दी राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने कोविड की सम्भावित तीसरी लहर को देखते हुए उत्तराखण्ड सरकार द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र के सहयोग से राज्य में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर में काफी सुधार किया गया है। प्रदेश में वर्तमान में कोविड पर काफी हद तक नियंत्रण कर लिया गया है। अभी भी राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। सम्भावित तीसरी लहर को देखते हुए विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सारी तैयारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स ऋषिकेश उत्तराखण्ड को केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण देन है। कोविड से लड़ाई में इसकी बड़ी भूमिका रही है। राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए कुमायूं मण्डल में भी इसी प्रकार के एक एम्स की स्थापना की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से इसके लिए अनुरोध करते हुए कहा कि राज्य सरकार इसके लिए भूमि उपलब्ध कराएगी। कुमायूं में एम्स की स्थापना से विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से क्षेत्र की जनता लाभान्वित हो सकेगी।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली भी उपस्थित थे।

केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय मंत्री से मिले सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय मंत्री, भारी उद्योग मंत्रालय, डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के अंतर्गत हरिद्वार से हैलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सेवाएं प्रदान किये जाने हेतु हैलीपोर्ट बनाये जाने के लिए भारत हैवी इलैक्ट्रिकल लिमिटेड की भूमि राज्य सरकार को निःशुल्क उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार धार्मिक आस्था का केन्द्र बिन्दु होने के दृष्टिगत यहां वर्ष पर्यन्त तीर्थयात्रियों एवं देश विदेश से सैलानियों का आवागमन होता रहता है। क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के अंतर्गत हरिद्वार से हैलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सेवाएं प्रदान किये जाने हेतु हैलीपोर्ट बनाये जाने के लिए भारत हैवी इलैक्ट्रिकल लिमिटेड की भूमि की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से उक्त चयनित भूमि राज्य सरकार को निःशुल्क उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु, अपर मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली भी उपस्थित थे।

युवाओं को वीर जवानों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगाः पुष्कर सिंह धामी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चीड़बाग देहरादून स्थित शौर्य स्थल में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए हमारे इन शहीद जवानों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। युवाओं को हमारे इन जवानों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैन्यधाम को उत्तराखंड का पांचवे धाम की संज्ञा दी है। उत्तराखंड के शहीद सैनिकों की स्मृतियों को संजोने के लिए देहरादून में भव्य सैन्यधाम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सितम्बर में पूरे प्रदेश में सैनिक सम्मान यात्रा निकाली जाएगी।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, पूर्व राज्यसभा सांसद तरुण विजय भी मौजूद थे।

प्रदेश में आम जनता को मिलेगी निशुल्क बिजली

देहरादून। उत्तराखंड में नए सीएम पुष्कर सिंह धामी का एफेक्ट पहले दिन से ही दिखने लगा है, प्रदेश में बेलगाम होती अफसरशाही पर रोक लगाने से लेकर और अब राज्य के ऊर्जा मंत्री हरक सिंह रावत की पहली बड़ी घोषणा तक।

15 मई तक मिलने वाली सरचार्ज को 31 अक्टूबर तक के लिए किया माफ
राज्य कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव लाकर दी जाएगी राहत- हरक सिंह
100 यूनिट तक प्रदेश की आधी आबादी को निशुल्क बिजली देने का प्रस्ताव
100 से 200 यूनिट तक 50 प्रतिशत की राहत देने की घोषणा- हरक सिंह

पीसीएस एसोसिएशन का दल सीएम से मिला, सेवा संबंधी समस्या भी रखी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पीसीएस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई देने के साथ ही अपने संवर्ग की सेवा सम्बन्धी विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने पीसीएस केडर के अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढ़ंग से किये जाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण जन समस्याओं के समाधान के लिये सजगता से कार्य करें ताकि शासन प्रशासन के प्रति आम जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीसीएस अधिकारियों की सेवा सम्बन्धी विभिन्न समस्याओं के सम्बन्ध में विचार किया जाएगा। इस अवसर पर एसोशियेशन के महासचिव डा.ललित नारायण मिश्र आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।

अधिकारी मेहनत, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ करें दायित्वों का निर्वहनः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन के उच्चाधिकारियों को पत्रावलियों का निस्तारण समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों से मेहनत, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन की भी अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य कार्यो को उलझाने का नही बल्कि उन्हें सुलझाना होना चाहिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्य सचिव ओम प्रकाश के नेतृत्व में आईएएस एसोसिएशन के सदस्यों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा देश की सबसे बड़ी सेवा है। शासन व्यवस्था का अनुभव आपको है। शासन में बैठे अधिकारियों से जनता की उम्मीदे जुड़ी होती है। जनता से जुड़े कार्यों का त्वरित निस्तारण समयबद्धता के साथ हो इसके लिये प्रभावी व्यवस्था बनायी जाने की उन्होंने जरूरत बतायी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि योजनाओं के क्रियान्वयन से सम्बन्धित प्रक्रिया शीघ्र धरातल पर दिखाई दे इसकी भी पहल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सबको एक परिवार की तरह राज्य के विकास में सहयोगी बनाना होगा। उन्होंने अधिकारियों से शासकीय कार्यप्रणाली एवं प्रक्रियाओं में आवश्यक सुधार आदि के लिये सुझाव भी आमंत्रित किये है। उन्होंने आपसी संवाद पर भी ध्यान देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से सेवा में नये आये अधिकारियों का मार्गदर्शन करने की भी अपेक्षा की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानन्द, मुख्य सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आईएएस एशोसियेशन की अध्यक्ष मनीषा पंवार, अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु आदि उपस्थित थे।

सीएम धामी से प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी सहित भारतीय वन सेवा के अधिकारियों ने की भेंट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़को एवं अन्य विकास कार्यो में लम्बित वन भूमि हस्तान्तरण के मामलों के निस्तारण में तेजी लाये जाने के निर्देश दिये है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मानव वन्य जीव संघर्ष को कम करने के लिये कारगर रणनीति तैयार करने के भी निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिये हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी के नेतृत्व में भारतीय वन सेवा के अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों से वन भूमि हस्तान्तरण के मामलों में अनावश्यक विलम्ब न किये जाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि वन भूमि हस्तान्तरण के प्रकरणों में विलम्ब होने से विकास कार्यो को पूर्ण करने में अनावश्यक विलम्ब हो रहा है।
मुख्यमंत्री को एसोसिएशन द्वारा कार्बेट नेशनल पार्क पर आधारित काफी टेबल बुक भी भेंट की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द नव नियुक्त मुख्य सचिव एसएस संधू, विशेष सचिव डॉ0 पराग मधुकर धकाते के साथ ही वन विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

डीजीपी के नेतृत्व में आईपीएस एसोसिएशन ने की सीएम पुष्कर धामी से मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में ड्रग्स की रोकथाम के लिये कारगर प्रयासों की जरूरत बतायी है। उन्होंने पुलिस ट्रेनिंग पर ध्यान देने के साथ ही पुलिस कांस्टेबलों एवं वाहन चालकों के रिक्त पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भी शासन को भेजने को कहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के नेतृत्व में आईपीएस एशोसियेशन के अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने करोना की इस महामारी के दौर में पुलिस के जवानों एवं अधिकारियों द्वारा किये गये प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था बनाये रखने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि ड्रग्स हमारी युवापीढ़ी को खराब कर रहा है। इस पर प्रभावी नियन्त्रण के लिये इसकी जड़ तक जाने की जरूरत है। ताकि इसकी कारगर ढंग से रोकथाम हो सके।

पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कर्मियों के ग्रेड वेतन एवं नियमावली के परीक्षण के लिये कैबिनेट उप समिति के गठन के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानन्द के साथ ही पुलिस के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।