शहर की मलिन बस्तियों से अतिक्रमण न हटाये जाने के निर्णय पर विधायकों ने जताया सीएम का आभार

देहरादून की मलिन बस्तियों से वर्ष 2024 तक अतिक्रमण न हटाये जाने के निर्णय की विधायकों ने राज्य सरकार द्वारा गरीबो के हित में लिया गया सराहनीय निर्णय बताया है। इस सम्बन्ध में देहरादून के विधायकों ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गरीबों के हित में लिये गये इस निर्णय से हजारों गरीबों को राहत मिली है। उन्होंने जनहित में लिये जा रहे त्वरित निर्णय के लिये भी मुख्यमंत्री के प्रयासों को सराहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गरीबों के हित में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिये प्रधानमंत्री आवास योजना वरदान साबित हो रही है, इससे जरूरत मंद लोगो का अपने आवास का सपना पूरा हो रहा है। प्रदेश में अधिक से अधिक लोगों को आवास उपलब्ध हो इसके लिये प्रभावी प्रयास किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा विश्वास जन समस्याओं के समाधान के प्रति है। सभी क्षेत्रों का विकास हमरा ध्येय है, राज्य सरकार गरीबों व असहायों के हित में खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समस्याओं को उलझाने में नही बल्कि सुलझाने में है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री वंशीधर भगत, गणेश जोशी, विधायक हरवंश कपूर, खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ के साथ मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा भी उपस्थित थे।

ट्रांसफार्मर से तांबे की तार चोरी का रायवाला पुलिस ने किया खुलासा


रायवाला पुलिस ने ऊर्जा निगम के ट्रांसफार्मर से तांबे की तार चोरी का खुलासा मात्र 24 घंटे के भीतर किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से चोरी का सामान भी बरामद किया है। साथ ही एक कार भी सीज की है।

थाना प्रभारी अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि सब स्टेशन रायवाला के अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार ने एक दिन पहले रविवार को रायवाला में स्थापित एक ट्रांसफार्मर से तांबे की तार चोरी होने की शिकायत दर्ज करायी थी। मामले में अज्ञात पर संबंधित धारा में केस दर्ज किया था, साथ ही छानबीन में टीम लगाया था। मामले में मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे से एक संदिग्ध को पकड़ा। कड़ी पूछताछ में उसने ट्रांसफार्मर से तांबे की कॉइल (तार) चोरी करने का जुर्म कबूला। पुलिस ने उसके पास मिली एक कार से चोरी हुए 24 कॉइल छोटे तांबे की तार और 3 कॉइल बड़ी तांबे की तार बरामद की।

थाना प्रभारी ने आरोपी की पहचान सलमान अली पुत्र शराफत अली निवासी बेहटा हाजीपुर, लोनी बॉर्डर, गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चिंतामणि, कांस्टेबल दिनेश महर, प्रवीण नेगी, राजीव कुमार, रविंदर पाल, आशुतोष आदि शामिल रहे।

चार जुलाई को लगेगी 18 प्लस वाले दिव्यांगों को वैक्सीन


चार जुलाई को ज्योति विशेष स्कूल में 18 प्लस वाले दिव्यांगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। शिविर का लाभ ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र के लोग ले सकेंगे।

जिलाधिकारी दून के निर्देश पर जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की ओर से दिव्यांगजनों के टीकाकरण के लिए हरिद्वार रोड स्थित ज्योति विशेष स्कूल में शिविर आयोजित होगा।

स्कूल की प्रधानाचार्य कमलेश भाटिया ने बताया कि 18 प्लस वाले दिव्यांगजनों का टीकाकरण सुबह 10.30 से शुरू होगा। बताया कि दिव्यांगजनों को आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाणपत्र साथ लेकर आना होगा। उसी के आधार पर टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण होगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि दृष्टि, श्रवण बाधित, मानसिक रूप से अस्वस्थ ,अस्थि दिव्यांग समेत किसी भी प्रकार की दिव्यांगता से ग्रसित लोगों को टीके लगेंगे।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सीएम ने ली वैक्सीनेशन की जानकारी

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कारगी चैक के समीप संत निरंकारी भवन में चल रहे कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वैक्सीनेशन की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं सही पाये जाने पर मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस वैक्सीनेशन केन्द्र में 45 वर्ष से अधिक आयु एवं 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण हो रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने तत्पश्चात दून अस्पताल में कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज ली।

एसआई विकेंद्र कुमार को मिला विधौली चौकी का प्रभार


देहरादून जिले के सेलाकुई थाने में तैनात उपनिरीक्षक विकेंद्र को एसएसपी देहरादून ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। वे अब थाना प्रेमनगर के विधौली चौकी का प्रभार संभालेंगे।

देहरादून के एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने कई पुलिसकर्मियों को इन दिनों इधर उधर किया। इसी के साथ उन्होंने सेलाकुई थाने में तैनात उपनिरीक्षक विकेंद्र कुमार को विधौली चौकी का प्रभार सौंपा है। इस दौरान नई जिम्मेदारी मिलने पर विकेंद्र कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था को कायम बनाए रखना की उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ अपराधिक गतिविधियों प अंकुश लगाया जाएगा। बताया की आमजन को लेकर काम किया जाएगा।

वे इससे पहले पौड़ी और टिहरी के मुनिकीरेती में तैनात रहे चुके हैं। कैलास गेट चौकी प्रभारी के तौर पर उनका कार्य बेहतर रहा। साथ ही वे लोगों के साथ सामंजस्य बनाने काबिल है।

मेडिकल स्टोर मालिक अरेस्ट, प्रिंट रेट से ज्यादा में बेच रहा था आक्सीमीटर

यदि आपके किसी परिजन को या आपके आसपास कोई मेडिकल संचालक प्रिंट रेट से ज्यादा में कोई भी दवाई बेच रहा है। तो आप पुलिस मुख्यालय की हेल्प लाइन 9411112780, 9412029536 पर संपर्क कर कालाबाजारी को रूकवा सकते है।

वर्तमान में बढ़ते कोविड-19 संक्रमण के कारण जीवन रक्षक औषधी, वैक्सीन, प्लस आक्सीमीटर व ऑक्सीजन की मांग काफी बढ़ गयी है। उक्त अवसर का लाभ उठाकर लोगों की मजबूरी का फायदा उठाने का प्रयास कर रहे है।

साई मेडिकोज कुठालगेट पर आवश्यक वस्तु ऑक्सिमेटर की ओवररेटिंग 1000 रुपये ज्यादा कर बेची जा रही है। गोपनीय रूप से एक आरक्षी को स्पेशल टास्क फोर्स से गोपनीय जानकारी के लिए लगाया गया। देर रात मेडिकल स्टोर पर सब इंस्पेक्टर विपिन बहुगुणा व आरक्षी देवेंद्र मंगाई, वीरेंद्र नौटियाल द्वारा छापा मारकर उपरोक्त ऑक्सिमेटर के बिल, उसके क्रय किये गए रिकार्ड्स जब्त किए। मालूम चला कि चाईनीज आक्सीमीटर जिसकी कीमत अधिकतम 1200 रुपये बिल में है वो 2200 रुपये में बेचने की पुष्टि हुई’। कालाबाजारी करने पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर मुकदमा थाना राजपुर पर पंजीकृत किया गया।

पुलिस उपनिरीक्षक विपिन बहुगुणा ने आरोपी की पहचान राजेश गुप्ता के रूप में कराई है।

देहरादून जनपद में छह मई तक पुनः कर्फ्यू


कल यानी सोमवार सुबह से ही 6 मई की सुबह 5रू00 बजे तक फिर कर्फ्यू लगाने के आदेश हुए जारी। पिछले आदेश के मुताबिक इसको कल ही खत्म होना था इस बार 3 दिन के लिए कर्फ्यू रहेगा। जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी पर उनका अब दोपहर 12 बजे तक ही खोल सकते है। कोरोना को नियंत्रित करने के लिए उसकी चेन तोड़ने के लिए अभी कर्फ्यू खत्म करने की स्थिति नहीं आई है अभी 3 दिन ही कर्फ्यू आगे बढ़ाया जा रहा है।

परिजनों की दूरी बनाने पर पुलिस ने रायवाला में किया अंतिम संस्कार

रायवाला पुलिस ने एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाने के बाद न सिर्फ उसे कंधा दिया, बल्कि परिजनों की भूमिका निभाकर उसे मुखाग्नि भी दी। हिंदू रिति रिवाज से अंतिम संस्कार संपन्न कराया। कोरोना महामारी के इस दौर में अंतिम संस्कार में परिजनों का साथ न मिलने पर पुलिस ने हर वह भूमिका निभाई, जिसे परिजनों को निभानी चाहिए।

थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि राजेश अग्रवाल पुत्र बंशीधर अग्रवाल निवासी उमा विहार कॉलोनी हरिपुरकलां थाना रायवाला के द्वारा सूचना मिली। बताया कि उनके पड़ोस में आकाश लांबा पुत्र विजय कुमार लांबा की मृत्यु हो गयी है। उसके माता-पिता और अन्य परिजन दिल्ली में रहते हैं, बुजुर्ग होने व कोविड-19 के संक्रमण के कारण अंतिम संस्कार करने के लिए नहीं आ पा रहे हैं। जिस कारण उक्त व्यक्ति का अन्तिम संस्कार नहीं हो पा रहा है। उक्त सूचना पर ’थाना रायवाला के चीता कर्मचारी गणो के द्वारा अपने स्वास्थ्य की परवाह किये बिना कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मृतक व्यक्ति का हिन्दू रीति रिवाज से स्वयं अन्तिम संस्कार किया गया।

पुलिस की इस मदद से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने न सिर्फ प्रशंसा की हैं, बल्कि पुलिस को सैल्यूट भी किया।

जिला देहरादूनः 26 अप्रैल से एक सप्ताह का कोरोना कर्फ्यू

राजधानी में कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए डीएम डॉ० आशीष कुमार श्रीवास्तव, जिला मजिस्ट्रेट, देहरादून ने सोमवार 26 अप्रैल शाम 7 बजे से 3 मई सोमवार सुबह 5 बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाने के आदेश दिए है।
जनपद देहरादून के नगर निगम ऋषिकेश, देहरादून एवं छावनी परिषद गढीकैन्ट और क्लेमनटाऊन के क्षेत्र पर ये लागू होंगे।
1- दिनांक 26 अप्रैल 2021 (सोमवार) की सांय 07 बजे से दिनांक 03 मई 2021 (सोमवार) प्रातः 05 बजे तक जनपद देहरादून के नगर निगम ऋषिकेश, देहरादून एवं छावनी परिषद गढीकैन्ट और क्लेमनटाऊन के क्षेत्रार्न्तगत पूर्णतः कोरोना कर्फ्यू रहेगा। इस दौरान निजी वाहनों का आवागमन भी पूर्णतयाः प्रतिबन्धित रहेगा।
2- उक्त कोरोना कर्फ्यू अवधि में निम्नवत सेवाओं से जुड़े दुकानो व वाहनो को सशर्त छूट निम्न प्रकार से रहेगी: फल, सब्जी की दुकानें, डेरी, बेकरी, मीट-मछली (वैध लाईसेंसधारी) की दुकाने, राशन की दुकाने, सरकारी सस्ता गल्ला की दुकाने तथा पशुचारा की दुकाने अपरान्ह 04 बजे तक ही खुली रह
पेट्रोल पम्प व गैस आपूर्ति तथा दवा की दुकानें पूरे समय खुली रहेगी।
आवश्यक सेवा से जुड़े वाहनो तथा सरकारी वाहनों को केवल ड्यूटी हेतु आवागमन में छूट होगी। हवाई जहाज, ट्रेन तथा बस से यात्रा करने वाले व्यक्तियों को आवागमन में छूट होगी।
→ शादी और संबन्धित समारोहों में प्रवेश करने के लिए बैंकेट हॉल / सामुदायिक हॉल और विवाह समारोहों से संबंधित
व्यक्तियों / वाहनों की आवाजाही हेतु प्रतिबन्धों के साथ छूट रहेगी समारोह स्थल पर 50 से अधिक व्यक्ति एकत्रित नहीं हो सकेंगे ।
→ सार्वजनिक हित के निर्माण कार्य चलते रहेगे तथा इनसे जुड़े हुए कार्मिक एवं मजदूरो तथा निर्माण सामग्री के वाहनो को आवागमन में छूट रहेगी।
→ औद्योगिक इकाईयो, तथा इनके वाहन व कार्मिकों को आने-जाने की छूट होगी। → रेस्टोरेन्ट तथा मिठाई की दुकानो से होम डिलवरी में छूट रहेगी
शव यात्रा से संबंधित वाहनो को छूट रहेगी तथा अंतिम संस्कार में 20 से अधिक व्यक्ति सम्मलित नही हो सकेंगे।
→ केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकार के अधीन समस्त शासकीय तथा अशासकीय कार्यालय (आवश्यक सेवा के कार्यालयों को छोड़कर) बन्द रहेंगे।
→ मालवाहक वाहनो के आवागमन में छूट रहेगी।
→ वास्तविक रूप से चिकित्सालय उपचार हेतु जाने वाले व्यक्तियों के वाहनों को आवागमन में छूट होगी।
कोविड 19 जांच एवं टीकाकरण हेतु निकटवर्ती केन्द्र तक आवागमन की छूट होगी।
→ पोस्ट ऑफिस तथा बैंक यथा समय खुले रहेंगे।
दिनांक 26.04.2021 को बाजार सांय 05 बजे तक खुले रहेंगे तथा सांय 07 बजे से पूर्व की भाँति रात्रि कर्फ्यू

निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं कामः सीएम

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पलटन बाजार एवं परेड ग्राउण्ड में स्मार्ट सिटी के कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। पलटन मार्केट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीईओ स्मार्ट सिटी-जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों में लगी सभी एजेंसियों के माध्यम से कार्य में और तेजी लाई जाय। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि निर्माण कार्यों से व्यापारियों और जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। निर्माण से संबधित सभी कार्य रात्रि में किये जाय। धूल की समस्या के समाधान के लिए कार्य स्थल पर पानी का छिङकाव किया जाय।

मुख्यमंत्री तीरथ ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पल्टन मार्केट में सड़क निर्माण के साथ ही सीवरेज और तारों के अन्डरग्राउंड से संबधित जो भी कार्य हैं, उन्हें साथ-साथ पूर्ण किया जाय। कार्यों को एक छोर से पूर्ण किया जाय, ताकि लोगों को अधिक व्यवधान न हो। पल्टन मार्केट के कार्यों को 30 अप्रैल तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। विद्युत, सीवरेज, सड़क निर्माण और अन्य सभी कार्य एक साथ किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व परेड ग्राउण्ड में चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये परेड ग्राउण्ड में स्मार्ट सिटी के तहत जो भी कार्य होने हैं, वे निर्धारित अवधि में पूरे किये जाय। निर्माण एवं ब्यूटिफिकेशन से सबंधित कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय। चरणबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण किये जाय।
इस अवसर विधायक खजान दास, सीईओ स्मार्ट सिटी-जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।