होमगार्ड्स जवानों को 6000 रूपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को तपोवन रोड स्थित होमगार्डस मुख्यालय में आयोजित होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन के स्थापना दिवस पर भव्य रैतिक परेड कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कोविड के दौरान लगातार कोविड ड्यूटी में तैनात सभी होमगार्ड्स जवानों को 6000 रूपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान थानो के छात्रावास तथा जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, हरिद्वार का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने भव्य परेड की सलामी ली और विभागीय स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स तथा नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को उनके कार्यों के प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कोविड ड्यूटी के दौरान दिवंगत होमगार्ड स्व रोशन सिंह की पत्नी बबीता को 2 लाख रूपये की राशि का चेक प्रदान किया। होमगार्ड राजबहादुर को 1 लाख रूपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि होमगार्ड्स के जवान पूरे समर्पित भाव से जन सेवा और पुलिस को सहयोग करते आ रहे हैं। होमगार्ड्स जवानों को जिस भी मोर्चे पर तैनात किया गया उन्होंने उम्मीद से बढ़कर कार्य कर के दिखाया। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं के सही संचालन से लेकर, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में होमगार्ड्स के जवान उत्कृष्ट योगदान देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा हो या फिर कुंभ का आयोजन होमगार्डस के जवानों की हर स्थिति में भूमिका बेहद अहम रहती है। होमगार्ड्स सुदूर पर्वतीय ग्रामीण अंचलो में भी पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान होमगार्ड्स के जवानों ने सराहनीय कार्य किया। राज्य में अब होमगार्ड्स के जवानों की संख्या 6500 से और बढ़ाई जा रही है। होमगार्ड्स निदेशालय में समूह-ग के पदों पर होमगार्ड्स को 25 प्रतिशत आरक्षण भी तय किया जा चुका है। फोर्स का सर्वांगीण विकास सरकार की योजनाओं का अहम हिस्सा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी अशोक कुमार, जीओसी सबेरिया मेजर जनरल संजीव खत्री, कमांडेंट जनरल होमगार्ड अजय रौतेला एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री का हरिद्वार में संतों ने किया भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रविवार को श्री निरंजनी अखाड़ा, हरिद्वार में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहन्त रविन्द्रपुरी और अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहन्त हरिगिरि, जगतगुरू राजराजेश्वराश्रम, निरंजन पीठाधीश्वर कैलाशानन्द गिरि, आनन्द पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर बालकानन्द गिरि, जूना अखाड़ा के सभापति प्रेम गिरिजी, आह्वान आखाड़े के श्रीमहन्त सत्य गिरि, नया अखाड़ा उदासीन के श्रीमहंन्त भगतराम जी, श्रीमहन्त नारायण गिरि, महामण्डलेश्वर ललितानन्द गिरिजी महाराज ने आयोजित समारोह में शॉल ओढ़ाकर, प्रतीक चिह्न व गंगाजलि भेंटकर अभिनन्दन व स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समारोह को सम्बोधित करते हुये जूना अखाड़ा दुःख हरण मन्दिर, जूना अखाड़ा घाट में सौन्दर्यीकरण और यहां की धार्मिक मान्यताओं की स्थापना हेतु एक त्रिशूल लगाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने समारोह में देवस्थानम बोर्ड का जिक्र करते हुये कहा कि विभिन्न सन्तों, हक-हकूक धारियों तथा धार्मिक संगठनों द्वारा देवस्थानम बोर्ड को वापस लेने या इसमें बदलाव लाने की मांग की जा रही थी, जिसके लिये मनोहर कान्त ध्यानी के नेतृत्व में कमेटी गठित की गयी थी तथा मंत्रिमण्डल की उप समिति ने भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि हम निश्चित रूप से जो भी फैसला करेंगे सबकी भावनाओं के अनुसार करेंगे। उन्होंने कहा कि पूज्य सन्तों की यही भावना थी। उन्होंने कहा कि इस समय सबके हित में, मुख्य सेवक के रूप में, देवस्थानम बोर्ड को वापस लेने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम उत्तराखण्ड की 25वीं वर्षगांठ मनायेंगे, उस समय उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य होगा। इसके लिये हम सभी के विचार आमंत्रित कर रहे हैं तथा अगले 10 सालों का रोडमैप तैयार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच माह में 500 से अधिक फैसले लिये हैं, जो घोषणा की जा रही है, उसका शासनादेश भी तुरन्त जारी होता है। उन्होंने कहा कि हमने हर क्षेत्र में फैसले लिये हैं तथा हम चाहते हैं कि हर क्षेत्र का सम्पूर्ण विकास हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड के चौमुखी विकास लिये 18 हजार करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व सांसद बलराज पासी, जिला अध्यक्ष भाजपा डॉ. जयपाल सिंह, जिला महामंत्री भाजपा विकास तिवारी, गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ सहित पुलिस व प्रशासन के सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

काशीपुर में 11710.50 लाख रूपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काशीपुर के उदयराज हिन्दू इण्टर कॉलेज प्रांगण पहुंचकर लगभग 11710.50 लाख रूपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 3741.10 लाख रुपए लागत की 11 योजनाओं का लोकार्पण व 7969.4 लाख रुपये लागत की 17 योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन समूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि विकास को अन्तिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राज्य अपने स्थापना दिवस की सिल्वर जुबली मना रहा होगा तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का उत्कृष्ट एवं आदर्श राज्य हो इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। राज्य को उत्कृष्ट एवं आदर्श बनाने के लिए बुद्धिजीवियों से विचार लिये जा रहे हैं। बुद्धिजीवियों के विचार हेतु बोधिसत्व श्रृंखला चलायी जा रही है। उत्तराखण्ड को 2025 तक शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, बागवानी, कृषि, रोजगार आदि के क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं अग्रणी राज्य बनाया जायेगा। जिसके लिए बुद्धिजीवियों के साथ ही विभागों से भी ब्लू प्रिंट लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास यात्रा किसी की व्यक्तिगत यात्रा नहीं है, ये सामूहिक यात्रा है। उन्होंने कहा कि युवा राज्य के युवा सपनों को पंख देने का काम सभी को मिलकर करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सहयोगी के रूप में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गन्ने की अगेती प्रजाति के लिए 355 तथा सामान्य प्रजाति के लिए 345 रूपये निर्धारित किया है, जोकि 29.50 रूपये प्रति कुन्तल की वृद्धि की है। भाड़ा 11 से घटा कर 9.50 रूपये किया है। 2016 से बन्द सितारगंज चीनी मिल शुरू कर दी गयी है तथा काशीपुर चीनी मिल शुरू करने की दिशा में अनुसंधान चल रहा है। औद्योगिक विवादों का खात्मा हो, उद्यमि परेशान न हों, इसके लिए सिंगल विण्डो सिस्टम पर कार्य किया जा रहा है। औद्योगिक विवादों को वन टाइम सेटलमेंट के आधार पर निस्तारण के लिए टीम का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को सुविधाओं के अभाव में भटकना न पड़े इसके लिए नई खेल नीति लाए हैं। जिससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता, योग्यता दिखाने के लिए खाने, रहने एवं आने-जाने की चिन्ता नहीं करनी पड़ेगी। स्वयं सहायता समूह तेजी से आगे बढ़े तथा रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध हों।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, विधायक हरभजन सिंह चीमा, जिलाध्यक्ष भाजपा शिव अरोरा, राम मेहरोत्रा ने भी जनता को सम्बोधित किया। कार्यक्रम में मेयर ऊषा चौधरी, अध्यक्ष एससी आयोग मुकेश कुमार, उपाध्यक्ष महिला आयोग शायरा बानो, पूर्व सांसद बलराज पासी, पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल, डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई उपस्थित रहे।

खटीमा विधानसभा क्षेत्र में सीएम घोषणाओं में तेजी लाने के धामी ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की समीक्षा बैठक आज खटीमा फाईबर में आयोजित की गई। इस अवसर पर लोनिवि की घोषणाओं के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा जिन सड़को का टेंडर हो गया है, उन्हें शीघ्र प्रारम्भ किया जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन सड़कों में विद्युत पोल आ रहे हैं, उन्हे तुरन्त शिफ्ट करें। उन्होने आरडब्लूडी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नई घोषणाओं का आंगणन शीघ्र बनाकर शासन को भेजें। पेयजल निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा उत्तर प्रदेश के एसई के साथ बैठक कर जल भराव की समस्या को तुरंत दूर करें। उन्होने स्वीकृत हाथीखाना आधुनिक टायलेट को अन्यत्र जगह स्थानान्तरित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। स्वास्थ विभाग के अधिकारियों को ब्लड बैंक के कार्याे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। विद्यालयी शिक्षा के अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा केन्द्रीय विद्यालय का जल्द उद्घाटन होना है, समय से इसके कार्यों का पूर्ण कर लें। उन्हांने मंडी परिसर के सुदृढीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। श्रद्धालुओं के लिए स्वीकृत विश्राम स्थल को तहसीलदार से सम्पर्क कर उचित स्थान पर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होने अधिकारियों से कहा जनपद के सभी विकास कार्याे की सूची बना लें ताकि एक साथ लोकार्पण/शिलान्यास किया जा सके।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इण्यिन मेडिकल एसो एवं बार एसो के पदाधिकारियों के साथ बैठक की तद्उपरान्त मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य निवारक जांच ई-हैल्थ सिस्टम टैक्नालाजी के प्रुफ ऑफ कॉन्सेप्ट का शुभारम्भ फीता काटकर किया। उन्होने बताया आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष के चिकित्सा का लाभ दिया जा रहा है। उन्होने कहा 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जायेगा इसके लिए विशेषज्ञो की राय से रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होने बताया उत्तराखण्ड देश का पहला प्रदेश है जिसमें एम्स की दूसरी शाखा खुलेगी जिसमे बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश देते हुए कहा आयुष्मान योजना के कार्डाे की पेंडेसी का जल्द खत्म करे। उन्होने चिकित्साधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा मरीजो से स्वयं बात कर आ रही परेशानियों को दूर करे।
इस अवसर पर विधायक डा प्रेम सिंह राणा, आयुक्त कुमायू दीपक रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा शिव अरोरा, विनय रोहेला, मण्डी समिति के अध्यक्ष नन्दन सिंह खडायत, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसएसपी दलीप सिंह कुॅवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, मुख्य चिकित्साधिकारी सुनीता चुफाल रतूडी, अपर जिलाधिकारी ललित नारायण मिश्र सहित बार एसो व मेडिकल एसो के पदाधिकारी उपथित रहे।

संकल्प लेकर युवा आगे बढ़े तो सफलता मिलती ही है-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा में आयोजित युवा करियर एवं जागरूकता संवाद की एक दिवसीय कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा आज जो भी जानकारियां युवाओं को मिली हांगी, यह उनके जीवन मे बहुत उपयोगी होंगी। उन्होंने कहा हमारा प्रदेश युवा प्रदेश है, सपनों और उर्जा से भरा है, इसको आगे बढाने का काम युवा कर सकते हैं। उन्होंने कहा की जीवन में सबको अपना एक लक्ष्य जरूर बनाना चाहिए। उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प होना जरूरी है। जिस भी क्षेत्र को चुनें उसमें पूरी तन्मयता के साथ जुटना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय का सदुपयोग बहुत जरूरी है। समय लौटकर नहीं आता इसलिए जो काम मिला है, उसे पूरे मनोयोग के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा जिंदगी का जो भी लक्ष्य है, उस पर संकल्प लेकर पूरे मनोयोग से कार्य करें सफलता निश्चित मिलेगी। संकल्प में विकल्प नही आने देना है। मन में हमेशा उत्साह होना चाहिए, उत्साह से उर्जा का संचार होता है, अनन्त शक्ति और उर्जा जो चाहे वो करा सकती है। उन्होंने कहा हमारे करियर का रास्ता हमें माता-पिता दिखा तो सकते हैं, लेकिन उसमें चलना हमें ही पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रदेश में रिक्त सरकारी पदों पर तेजी से भर्ती प्रक्रिया चल रही है। रोजगार के लिए बेरोजगारों को भटकना न पड़े इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया है तथा प्रदेश में जगह-जगह रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने नौकरियों हेतु आवेदन फीस को निःशुल्क कर दिया है। रोजगार के साथ ही स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद भी किया।
इस अवसर पर विधायक डा प्रेम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष भाजपा शिव अरोरा, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसएसपी दलीप सिंह कुॅवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, अपर जिलाधिकारी ललित नारायण मिश्र, निदेशक कौशल विकास विनोद गिरी गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

धामी ने सरकार की उपलब्धियां बताई और स्वरोजगार कर रहे समूहों को चेक बांटे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रविवार को खटीमा के रामलीला मैदान में सहाकारिता समूह ऋण वितरण समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा 10 स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न व्यवसाय हेतु 5-5 लाख तक तथा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत लाभार्थियों को चैक प्रदान किये गये।
मुख्यमंत्री ने कहा स्वयं सहायता समूहों को स्वावलम्बी बनाने के उद्देश्य से 119 करोड़ का पैकेज राज्य सरकार द्वारा दिया गया है। स्वयं सहायता समूहो को 5 लाख तक ऋण बिना ब्याज के वितरित किये जा रहे हैं। समूहां के 6 महीने की ऋण प्रतिपूर्ति का ब्याज सरकार द्वारा दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा की सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाई जा रही हैं। अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत प्रदेश में प्रत्येक परिवार को 5 लाख रूपए तक की चिकित्सा सुविधा सरकार द्वारा दी जा रही है। केन्द्र सरकार के सहयोग से कोरोना की निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है। 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जायेगा इसके लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। जनहित में पिछले 5 माह में 500 से अधिक फैसले लिए है, जिनका वित्तीय प्रबन्धन कर शासनादेश भी जारी कर दिये है। आशा, आंगनबाडी, उपनल, राज्य आंदोलनकारी, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, भोजन माताओं, पी.आर.डी. जवानों आदि की मांगो पर विचार कर इनका मानदेय बढाया गया। जिनकी मांगे छूट गई है, उनको भी शीघ्र पूरा किया जायेगा। कोरोन महामारी में जो बच्चे अनाथ हो चुके हैं, उन्हे वात्सल्य योजना के अन्तर्गत 3000 रूपये प्रतिमाह की राशि भरण-पोषण हेतु दी जा रही है। उनके लिए निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गई है। नवजात बच्चों और उनकी माताओं को जरूरी सामान की महालक्ष्मी किट दी जा रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक डा प्रेम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष भाजपा शिव अरोरा, सहकारी बैंक के अध्यक्ष दान सिंह, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसएसपी दलीप सिंह कुॅवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, अपर जिलाधिकारी ललित नारायण मिश्र सहित अन्य लोग उपथित रहे।

नौ सेना दिवस पर स्मारिका का विमोचन

नौ सेना दिवस के अवसर पर राजपुर रोड स्थित राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। इस दौरान राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने “इंडियन लिस्ट ऑफ रेडियो सिग्नल्स” स्मारिका के पांचवें संस्करण का संयुक्त रूप से विमोचन किया और नौ सेना की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर चीफ हाइड्रोग्राफर (भारत सरकार) वॉइस एडमिरल अधीर अरोड़ा (नौसेना मेडल), ज्वाइंट हाइड्रोग्राफर रियल एडमिरल लोचन सिंह, डीजीपी अशोक कुमार सहित अन्य सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सरकार देगी डेढ़ लाख लोगों को राहत, लायेगी अध्यादेश

नजूल नीति पर सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद अब उतराखंड सरकार इसी महीने इसका अध्यादेश लाएगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। इससे पहले छह दिसंबर की कैबिनेट बैठक में इसका प्रस्ताव लाया जाएगा। शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से देवस्थानम बोर्ड के बाद नजूल प्रकरण का भी समाधान हो गया है। उन्होंने कहा कि छह दिसंबर को कैबिनेट की बैठक में नजूल नीति का प्रस्ताव आएगा।

इसके बाद नौ व दस दिसंबर को होने जा रहे शीतकालीन सत्र में नजूल नीति का अध्यादेश लाया जाएगा। मंत्री भगत ने कहा कि वर्ष 2018 में भी भाजपा की सरकार ही कैबिनेट में नजूल नीति का प्रस्ताव लाई थी, जिसका शासनादेश आने से पहले ही हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। अध्यादेश आने के बाद प्रदेश में नजूल भूमि एक्ट लागू किया जाएगा। जिससे उत्तराखंड के लाखों परिवारों को नजूल भूमि पर मालिकाना हक मिल जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का भी लाभ मिल सकेगा।

करीब चार लाख हेक्टेयर है नजूल भूमि
देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के अलावा नैनीताल जिले के तराई क्षेत्र में सबसे अधिक नजूल भूमि है। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो प्रदेश में 392,204 हेक्टेयर नजूल भूमि है। इस भूमि के बहुत बड़े हिस्से पर डेढ़ लाख से अधिक लोग काबिज हैं। कहीं भूमि लीज पर है तो कहीं इस पर दशकों से कब्जे हैं। सरकार नीति के तहत इस भूमि को फ्री होल्ड कराना चाहती है।

नजूल भूमि नीति में कब क्या हुआ
– 2009 में सरकार ने नजूल भूमि फ्री होल्ड नीति बनाई।
– इसके तहत भूमि फ्री होल्ड करने की कवायद शुरू की।
– सरकार की नीति के प्रावधानों को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई।
– हाईकोर्ट ने नीति पर रोक लगाई और कब्जे हटाने के आदेश दिए।
– मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जिसमें यथास्थिति बनाने के आदेश हुए।
– 2018 में भाजपा सरकार ने भी नई नजूल नीति लाने की कोशिश की।

पीएम हमारे आदर्श, राज्य को संवारने के लिए कर रहे हर संभव मदद-धामी

आज देहरादून में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उत्‍तराखंड की 18 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास किया। इस दौरान उन्‍होंने विजय संकल्‍प रैली को संबोधित किया। इससे पहले मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देहरादून पहुंचकर विकास की इस यात्रा को और अधिक गति देने जा रहे हैं। हम आपका हार्दिक अभिनंदन करते हैं।

सीएम धामी ने कहा सुरक्षित आपके हाथों में संपूर्ण भारतवर्ष है, आपके आशीष से ही संवरता तरूण प्रदेश है, आपके आह्वान पर करोड़ों जन चल पड़े स्वयं पर विश्वास दृढ़कर, विकास पथ पर बढ़ चले आपके अनुराग पर पर्वतजनों को नाज है, आगमन से आपके पुलकित पर्वत राज है। सीएम धामी ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि आज हमारा देश नरेन्‍द्र मादी के अथक परिश्रम एवं कुशल नेतृत्व में विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। बाबा केदार, भगवान बदरी विशाल एवं समस्त देवी-देवताओं का आशीर्वाद आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पर हमेशा बना रहे, जिससे आपके नेतृत्व में भारत नित नई ऊंचाईयों को प्राप्त करता रहे।

कहा विकास का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जिसको प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं से लाभ न मिल पाया हो। आपकी सोच व्यापक रही है, यह केंद्र सरकार द्वारा संचालित अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदर्शित होता है। भगवान श्रीराम मानव दर्शन के साक्षात आदर्श प्रतिबिंब हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य जो वर्षों से लंबित था वो प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र के चमत्कारिक नेतृत्व में एक अद्भुत आकार ले रहा है। कहा कोविड-19 काल में जहां विश्व के बड़े से बड़े देश असहाय हो गए, वहीं आपके कुशल नेतृत्व में भारत न केवल महामारी का सामना करने में सफल रहा, बल्कि विश्व के अन्य देशों को भी भारत मे निर्मित वैक्सीन देकर हमने ‘विश्व गुरु’ होने का अपना दायित्व निभाया।

सीएम धामी ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में पिछले पांच वर्षों में करीब एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाएं प्रदेश के लिये स्वीकृत हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र उत्तराखंड के विकास और यहां से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर पूर्ण गंभीरता से निगरानी रखते हैं और ये जग जाहिर है कि देवभूमि से आपकी अटूट आत्मीयता कितनी घनिष्ठ है।

मुख्यमंत्री ने कहा उत्तराखंड वीरों की भूमि है। यहां के जवानों ने हमेशा मां भारती के शीश को ऊंचा उठाए रखने का कार्य किया है। मुझे गर्व है कि मेरे जैसे एक सामान्य परिवार से आने वाले सैनिक पुत्र को मुख्य सेवक के रूप में इस माटी की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। कहा-शीघ्र ही चुनाव आने वाले हैं और आप देखेंगे ऐसे समय पर ये स्वार्थी तत्व अपना असली रूप दिखाएंगे। यह सोचनीय है कि हमेशा सनातन संस्कृति के प्रतीकों का अपमान करने वाले ऐसे लोग चुनावों के समय मंदिरों में भागे भागे फिरते हैं। उन्होनें कहा कि हमारे देश में कुछ स्वार्थी तत्व दीमक के समान हैं जिन्होंने अपने परिवार का तो विकास किया परन्तु देश को खोखला करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हमें ऐसे तत्वों से सावधान रहना है क्योंकि ये आज भी परिवार और परिवारवाद की राजनीति से ऊपर नहीं उठ पाए हैं।

हमारे प्रदेश में भी ऐसे दल और नेता हैं जो साढ़े चार वर्षों के बाद पुनः सक्रिय होकर जनता को बरगलाने में जुटे हुए हैं, हालांकि मैं उनका पूरा सम्मान करता हूं पर ये नहीं भूल पाता हूं कि जब वे सरकार में थे तो श्भ्रष्टाचार के मसीहाश् साबित हुए थे। ये सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले भी विशुद्ध रूप से देश के दुश्मन ही हैं, ऐसे लोग आजकल आप लोगों के बीच आकर चिकनी चुपड़ी बाते कर रहे होंगे पर आप इन्हें अपने वोट की चोट से ही माकूल जवाब दे सकते हैं।

सीएम धामी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के निर्देशन में जब राज्य स्थापना का रजत जयंती वर्ष को मना रहा होगा तब उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बने। हमें विश्वास है कि आप सभी के सहयोग से हम इस लक्ष्य को अवश्य हासिल करेंगे। हमारा उत्तराखंड विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसकी गति को बनाए रखने के लिए जरूरी है डबल इंजन की सरकार का कायम रहना। जिससे प्रदेश का विकास निर्बाध गति से होता रहे।

हमारा संकल्प है विकास का, हमारा संकल्प है उन्नति का, हमारा संकल्प है समृद्धि का, हमारा संकल्प है प्रगति का, हमारा संकल्प है श्रेष्ठता का यही विकल्प रहित संकल्प लेकर हम प्रदेश का विकास सुनिश्चित करने की ओर बढ़ रहे हैं।

अंत में सीएम धामी ने कुछ पंक्‍तियों से अपना भाषण खत्‍म किया।
निर्भय हो निज कर्मक्षेत्र में रूकें न हम, बढ़ते ही जाएं,
विजय शिखर पर दृढ़ प्रतिज्ञ हों हम, सदैव चढ़ते ही जाएं,
भय से कातर हों न कभी हम, नहीं निराशा मन में लाएं,
करें पूर्ण निज ध्येय निरंतर, जीवन का पुरूषार्थ दिखाएं।

18 हजार करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, पीएम बोले आने वाला कल उत्तराखंड का

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तराखंड को 18 हजार करोड़ की सौगात पीएम ने 15626 की योजनाओं का शिलान्यास और 2573 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया।

इन योजनाओं का किया शिलान्यास
– दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे
– ग्रीनफील्ड एलाइनमेंट
– हरिद्वार रिंग रोड
– लक्ष्मण झूला के पास पुल
– देहरादून-पौंटा साहिब मार्ग

इन योजनाओं का किया लोकार्पण
– व्यासी जल विद्युत परियोजना
– ऑल वेदर रोड, देवप्रयाग से श्रीकोट
– ऑल वेदर रोड, ब्रहम्पुरी से कौड़ियाला
– ऑल वेदर रोड, लामबगड़
– ऑल वेदर रोड, साकणीधार, देवप्रयाग और श्रीनगर
– हिमालयन कल्चरल सेंटर देहरादून
– सगंध पौधा केंद्र सेलाकुई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली में की। पीएम ने कहा- उत्तराखंड का सभी दाणा सयानो, दीदी भूलियो, चची और भय बहणों, आप सभी छ मेरा प्रणाम। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड का विकास डबल इंजन की सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। बीते 5 वर्षों में उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। यहां की सरकार इन्हें धरातल पर उतार रही है। इसी को आगे बढ़ाते हुए आज 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया गया है। बीते वर्षों की कड़ी मेहनत व अनेक प्रक्रिया से गुजरने के बाद ये दिन आया है। मैंने केदारपुरी के बाद देहरादून से दोहरा रहा हूं। ये परियोजनाएं इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाएंगी। जो लोग पूछते हैं कि डबल इंजन की सरकार का क्या फायदा है, वह देख सकते हैं, कैसे ये सरकार विकास की गंगा बहा रही है।

पीएम मोदी ने थपथपाया सीएम धामी का कंधा
सीएम धामी ने कहा कि जिन लोगों ने उत्तराखंड राज्य बनाने का विरोध किया था, आज वह उत्तराखंडियत की बात कर रहे हैं। सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने वाले लोग देश विरोधी हैं। हमें 2025 में रजत जयंती तक उत्तराखंड को देश का विश्वस्त राज्य बनाना है। कहा कि चुनाव आने वाले हैं, कुछ स्वार्थी तत्व तरह-तरह की बातें करेंगे। हमारे प्रदेश में भी ऐसे दल व नेता हैं जो साढ़े चार साल बाद सक्रिय होकर जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं। सीएम धामी के भाषण के बाद पीएम मोदी ने सीएम धामी का कंधा थपथपाया।

सीएम ने पीएम को बताया अपना आदर्श
सीएम धामी ने कहा कि हमने प्रदेश के हकहुकूक धारियों को सर्वाेपरि रखते हुए फैसला लिया है। मैं पांच महीने से मुख्य सेवक के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन करने की कोशिश कर रहा हूं। जब तक मैं उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता के लिए बेहतर काम नहीं करूंगा, चौन से नहीं बैठूंगा। कोई ऐसा वर्ग नहीं जिसके लिए योजना नहीं बनाई हो। उन्होंने पीएम मोदी को अपना आदर्श बताया। सीएम धामी ने कहा मुझे गर्व है कि मेरे जैसे सैन्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को इस राज्य का मुख्य सेवक बनने का अवसर दिया गया है। आज हमारी सेना दुश्मन को उनके घरों में घुसकर मारती है। कुछ तत्व ऐसे हैं जो राजनीति की आड़ लेकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे देश में कुछ असामाजिक तत्व दीमक के समान हैं, हमें उनसे सावधान रहना होगा।

दो घंटे में पहुंच पाएंगे दिल्ली से देहरादून-सीएम धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी तपस्वी की तरह देश की सेवा कर रहे हैं। सिंह अपने गुण और अपने पराक्रम से खुद अपना शासन प्राप्त करता है, यह कहावत पीएम पर फिट बैठती है। आज संपूर्ण विश्व मोदी जी के प्रयासों की सराहना कर रहा है। आज देश का बच्चा-बच्चा केंद्र की योजनाओं से भली भांति परिचित है। कोरोना काल में जहां अन्न योजना से करोड़ों लोगों को भोजन दिया, वहीं आयुष्मान योजना से निशुल्क इलाज मिला। पीएम के नेतृत्व में वर्षों से लंबित दर्जनों मामलों का हल निकला है। राम मंदिर का वर्षों से लंबित कार्य पीएम के चमत्कारी नेतृत्व में आज अद्भुत आकार ले रहा है। दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र 2 घंटे में पूरी की जा सकेगी। कुछ वर्ष पूर्व ऐसा सोचना भी अकल्पनीय सा लगता था। चाहे आज सड़क मार्ग को उत्तराखंड को कोने-कोने से जोड़ना हूं या देव भूमि के शहरों को हेली सेवा से जोड़ना हो प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमने कनेक्टिविटी को विकास का मूल मानकर कार्य किया है।

उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा को चुनावी वैतरणी पार करने के लिए मोदी मैजिक की दरकरार है। विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के पक्ष में वातावरण बनाने के लिए भाजपा ने आज शनिवार को देहरादून के परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा आयोजित की है। पिछले पौने दो महीने में प्रधानमंत्री तीसरी बार उत्तराखंड आए हैं। इस बार उनका यह दौरा राजनीतिक है।

पीएम मोदी ने अपने भाषण के अंत में एक कविता से जनता में जोश भरा।
जहां पवन बहे संकल्प लिए,
जहां पर्वत गर्व सिखाते हैं
जहां ऊंचे नीचे सब रास्ते,
बस भक्ति के सुर में गाते हैं
उस देवभूमि के ध्यान से ही मैं सदा धन्यवाद हो जाता हूं
है सौभाग्य मेरा, मैं तुमको शीश नवाता हूं…..
है बाद में मेरा सौभाग्य मेरा मैं तुमको शीश नवाता हूं और धन्य धन्य हो जाता हूँ
मंडवे की रोटी, हड़के की थाप,
हर एक मन करता शिवजी का जाप…
ऋषि मुनियों की है ये तपोभूमि
कितने वीरों की ये जन्मभूमि
मैं तुमको शीश नवाता हूं….

ऐसा कोई लक्ष्य नहीं जो उत्तराखंड हासिल नहीं कर सकता
आने वाले पांच साल उत्तराखंड को रजत जयंती की तरफ ले जाने वाले हैं। ऐसा कोई लक्ष्य नहीं जो उत्तराखंड हासिल नहीं कर सकता। ऐसा कोई संकल्प नहीं जो इस देवभूमि में सिद्ध नहीं हो सकता। आपके पास धामी जी के रूप में युवा नेतृत्व में उनकी अनुभवी टीम भी है। हमारे पास वरिष्ठ नेताओं की बहुत बड़ी श्रंखला है। उत्तराखंड के उज्जवल भविष्य के लिए समर्पित है।

हम आपको आश्रित नहीं आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं
पीएम ने कहा कि हम आपको आश्रित नहीं आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं हमारा अन्नदाता, ऊर्जा दाता भी बने, इसके लिए योजना लाए। खेत मे फसल और बिजली बनी। इससे देश पर भी भार नहीं आया। हमने देश मे उजाला योजना शुरू की। उत्तराखंड में करोड़ों एलईडी बल्ब दिए गए। आज हर घर मे एलईडी बल्ब इस्तेमाल हो रहे हैं। हमने मोबाइल फोन, इंटरनेट सस्ता किया। गांव में कॉमन सर्विस सेंटर खुलवाए। हमने जो मार्ग चुना है कठिन है, लेकिन देशहित में है। समय के साथ हमारे देश की राजनीति में कईं विकृतियां आ गई हैं। कुछ राजनीतिक दल समाज मे किसी खास धर्म, जाति या अपने इलाके की तरफ ध्यान देते हैं। उसमें उन्हें वोटबैंक नजर आता है। इन दलों ने एक और तरीका अपनाया है। जनता को मजबूत नहीं होने देना। वह चाहते रहे कि जनता हमेशा मजबूर बनी रहे। जनता को अपना मोहताज बनाओ, ताकि उनका ताज महफूज रहे। उन दलों के सभी प्रयास इसी दिशा में हुए। हमने एक नया रास्ता चुना है, वह मार्ग कठिन है लेकिन देशहित में है। सबका साथ, सबका विकास हमारा मार्ग है। हम जो भी योजना लाएंगे, सबके लिए लाएंगे। बिना भेदभाव के लाएंगे।

सात साल में 12,000 करोड़ के नेशनल हाईवे बनवाए
2007 से 2014 के बीच केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में 600 करोड़ रुपये के केवल 288 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया। जबकि हमारी सरकार ने अपने 7 वर्षों में उत्तराखंड में 12,000 करोड़ रुपये के 2,000 किलोमीटर से अधिक के राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया है। कोरोनकाल में उत्तराखंड में 50 से अधिक नए ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं। आज प्रदेश मे नए मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, भावी पीढ़ी के भविष्य को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।

उत्तराखंड का पाणी और जवानी उत्तराखंड के काम ही आली
पीएम मोदी ने कहा कि पांच साल पहले मैंने कहा था, जो कहा था, उसको याद करने की ताकत राजनेताओं में जरा कम होती है। मुझमें है। आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि उत्तराखंड का पाणी और जवानी उत्तराखंड के काम ही आली। एक समय पहाड़ पर रहने वाले लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का सपना ही देखते थे। हमें कब सड़क मिलेगी, बिजली मिलेगी, कब स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, लेकिन जब कुछ करने का जुनून हो तो सूरत भी बदलती है और सीरत भी बदलती है। आज सरकार इस बात का इंतजार नहीं करती की लोग समस्या लेकर आएंगे। आज सरकार सीधे नागरिकों के पास जाती है। एक समय था कि उत्तराखंड में सवा लाख घरों में नल से जल पहुंचता था। आज सात लाख से ज्यादा घरों में जल पहुंच रहा है। पूर्व की सरकारों ने हर स्तर पर सेनाओं को निराश करने की कसम खाई हुई थी लेकिन हमारी सरकार दुनिया के किसी देश के दबाव में नहीं आती।

विकास का मॉडल बनेगा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस
पीएम ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे हमारे विकास के मॉडल का भी प्रमाण होगा। इसमें एशिया का सबसे बड़ा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी बनेगा। पहले जब भी मैं उत्तराखंड आता था याद रखना आने-जाने वालों से मिलता था वह हमेशा कहते थे मोदी जी दिल्ली से देहरादून की यात्रा गणेशपुर तक तो आसानी से हो जाती है, लेकिन गणेशपुर से देहरादून तक बड़ी मुश्किल होती है आज मुझे बहुत खुशी है कि दिल्ली देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर का शिलान्यास हो चुका है। जब यह बनकर तैयार हो जाएगा तो दिल्ली से देहरादून आने में जो समय लगता है वह करीब करीब आधा हो जाएगा। इससे ना केवल देहरादून के लोगों को फायदा पहुंचेगा बल्कि हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, शामली बागपत और मेरठ जाने वालों को भी सुविधा होगी।

चारधाम यात्रा हुई आसान
पीएम ने कहा कि देवभूमि में श्रद्धालु भी आते हैं। उद्यमी भी आते हैं। प्रकृति प्रेमी सैलानी भी आते हैं। इसजलिए यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व काम किया जा रहा । ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत आज चारधाम यात्रा आसान हो रही है। केदारनाथ त्रासदी से पहले 2012 में 570000 लोगों ने दर्शन किया था और यह उस समय का एक रिकॉर्ड था। जबकि कोरोना कॉल शुरू होने से पहले 2019 में 10 लाख से ज्यादा लोग केदारनाथ जी के दर्शन करने पहुंचे।

जितने घोटाले हुए उसकी भरपाई दोगुनी रफ्तार से काम कर करेंगे
पीएम ने कहा कि दस साल में देश मे जो घोटाले हुए, उसकी भरपाई के लिए हम दोगुनी रफ्तार से काम कर रहे हैं। आज भारत आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर दो लाख करोड़ से अधिक के निवेश के इरादे से आगे बढ़ रहा है। आज भारत की नीति दोगुनी तेजी से काम करने की है। 21वीं सदी के इस कालखंड में कनेक्टिविटी का एक ऐसा महायज्ञ चल रहा है जो भारत को विकसित देशों की संख्या में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।