टिहरी जेल से पैरोल पर आया घर, पैरोल समाप्ति पर नहीं गया जेल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जिला कारागार टिहरी से आया एक कैदी पैरोल का समय पूरा होने के बाद भी वापस जेल नहीं गया। इसकी सूचना जेल प्रशासन ने पुलिस प्रशासन व संबंधित थाने की पुलिस को दी गई।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपित कैदी को गिरफ्तार किया गया है, उसे दोबारा जेल भेज दिया। बताया कि कैदी राजू उर्फ मामू पुत्र हीरालाल निवासी 20 बीघा, बापूग्राम, ऋषिकेश सोमवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। बताया की पैरोल मिलने के बाद से वह वापस जिला कारागार की जेल में नहीं लौटा था। जिसे कोर्ट में पेश करने के बाद जिला कारागार टिहरी में दाखिल कर दिया गया।

साइकिल यात्रा का हुआ आयोजन, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ऋषिकेश साइकिल क्लब ने साइकिल यात्रा का आयोजन किया। इसके तहत क्लब सदस्य ऋषिकेश, बैराज, कौड़िया गांव होते हुए 35 किमी दूर पर्वतीय क्षेत्र किमसार पहुंचे। क्लब सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि क्लब का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण व सेहत को लेकर जागरूक करना है। वर्तमान में क्लब में 21 रेड राइडर्स हैं। क्लब सदस्य एम्स के नेत्र चिकित्सक डा. नीति गुप्ता ने कहा कि पिछले साल के कोरोना काल से बहुत से लोगों ने साइक्लिंग शुरू की। यह पर्यावरण संरक्षण के साथ ही स्वयं को फिट रखने का बेहतर तरीका है।

किमसार में साइकिल से पहुँचने वाले रेड राइडर्स जितेन्द्र बिष्ट, पंकज अरोड़ा, विपिन शर्मा, मनोज रावत, नरेन्द्र कुकरेजा, विपिन बबलू, देवेन्द्र राजपूत, विक्रम शेडगे, राजेश सूद, हरीश दरगन, दिग्विजय तोमर व मनीष मिश्रा टीम में शामिल थे।

सीएम ने लिया बड़ासी पुल की एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने का मामला, बैठाई उच्च स्तरीय जांच

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने थानो रोड पर निर्मित बड़ासी पुल की एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने का संज्ञान लेते हुए इसके कारणों की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में भी इस पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हुई थी। पुल के एप्रोच रोड का बार-बार क्षतिग्रस्त होने पर मुख्यमंत्री ने असंतोष व्यक्त करते हुए इसकी उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं के प्रमुखों के साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के प्रति विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार निर्माण कार्यों के क्षतिग्रस्त होने से शासकीय धन की बरबादी के साथ ही जनता को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

युवा मोर्चा नरेंद्रनगर के कार्यकर्ताओं ने सीएम से मुलाकात की, संगटाली पुल को लेकर जताया आभार, रखी अपनी समस्याएं


कोडियाला के पास सिंह सिंगटली ब्रिज पुल निर्माण की स्वीकृति पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सूर्य चंद्र सिंह चैहान, नरेंद्र नगर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष पूरण सिंह धमांदा, युवा मोर्चा के नेता आशीष कुकरेती, अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुनील आर्य तथा ढांगू विकास समिति पौड़ी गढ़वाल के नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया है।

इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने दोगी पट्टी में बीएसएनल टेलिफोन एवं मोबाइल टावर में नेटवर्क ना आने का विषय भी सीएम के सम्मुख रखा। इसके अलावा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील आर्य एवं युवा मोर्चा के नेता आशीष कुकरेती ने बदल भवानी ग्राम सभा में रह रहे अनुसूचित जाति के किसानों को रेल विभाग से मकानों एवं खेतों का मुआवजा दिलाने की मांग की।

बता दें कि विगत दिनों सभी ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से मुलाकात कर नरेंद्र नगर विधानसभा एवं यमकेश्वर पौड़ी को जोड़ने वाले इस पुल के शीघ्र निर्माण करने की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पुल के महत्व को देखते हुए इसके निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की।

नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग को डेढ़ लेन करने की मुख्यमंत्री ने की घोषणा

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने आज सड़क को डेढ़ लेन करने की मांग कर रहे नंदप्रयाग घाट क्षेत्र के ग्रामीणों की मुराद पूरी कर दी है। इस सड़क के चैड़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री ने आज घोषणा कर दी है। इसके लिए संबंधित विभाग को निर्देश भी जारी हो गए हैं। पदभार संभालने के बाद मुख्यमंत्री ने यह एक अहम फैसला लिया है, जिसकी मांग के लिए स्थानीय ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे।

जनपद चमोली के नंद्रप्रयाग घाट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करीब 70 गांवों के ग्रामीण अपने विकास खंड की सड़क को डेढ़ लेन करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। सड़क से हजारों लोगों के हित जुड़े हैं।

क्षेत्र की इस मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक मुन्नी देवी शाह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बातया कि सिंगल लेन सड़क होने के कारण नंदप्रयाग घाट क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि संकरे मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। कहा कि ग्रामीणों की मांग जायज है।

क्षेत्र की समस्या पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने समस्या का समाधान कर दिया है। उन्होंने थराली विधान सभा के अंतर्गत आने वाले नंदप्रयाग से घाट बाजार तक की सड़क को डेढ लेन करने की घोषणा कर दी है। इसके लिए वित्त व नियोजन से लेकर लोक निर्माण विभाग को भी कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिये जनता सबसे बढ़कर है। जो जनता चाहेगी और जो जनता के हित में होगा वह किया जाएगा। जनहित में हर मुमकिन काम किया जाएगा।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख घाट भारती देवी फरस्वाण, जिला पंचायत सदस्य बूरा वार्ड 25 नन्दिता रावत, मण्डल अध्यक्ष घाट खिलाप सिंह नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख घाट अब्बल सिंह कठैत, सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन सिंह फरस्वाण, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश रावत तथा कर्नल हरेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले के ग्राम नैताला (रैथल, भटवाङी और बारसू) में मुख्यमंत्री त्वरित समाधान कार्यक्रम के तहत रात्रि चैपाल में किया वर्चुअल प्रतिभाग

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उत्तरकाशी जिले के ग्राम नैताला (रैथल, भटवाङी और बारसू) में मुख्यमंत्री त्वरित समाधान कार्यक्रम के तहत रात्रि चैपाल में वर्चुअल प्रतिभाग किया और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। चैपाल में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन सभी शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 में फर्जी बिलों की शिकायत और नमामि गंगे में गड़बड़ियों की शिकायत पर जिलाधिकारी को 10 दिन में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पर्यटन की गतिविधियों को बढ़ाए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय अधिकारी, एसपी, सीडीओ तथा स्थानीय और आसपास के ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

एक ग्रामीण महिला ने गांव में एएनएम सेंटर खुलवाने की मांग की। सीएमओ उत्तरकाशी ने बताया कि एएनएम सेंटर का भवन है, लेकिन मैन पॉवर की कमी होने के कारण यह संचालित नहीं हो पा रहा है, इस पर मुख्यमंत्री ने एएनएम सेंटर में एएनएम और फार्मासिस्ट की नियुक्ति कर प्राथमिकता के आधार पर उसे शीघ्र शुरू करवाने के निर्देश दिए।

नैताला के बीडीसी सदस्य ने बताया कि नैताला के समीप स्थित तोक जहां 300 से 400 लोग रहे हैं, वहां सड़क की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दो बार शासन से एस्टीमेट वापस आ चुके हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि ग्राम में अभी तक पशु चिकित्सालय का भवन अब तक नहीं बन पाया है। इस पर पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में पशु चिकित्सालय किराये पर चल रहा है और डॉक्टर भी पदस्थ है और अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि जिला योजना में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। इस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र भवन निर्माण के निर्देश दिए।

नैताला के वार्ड 2 से जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि उनके यहां नमामि गंगे के तहत घाट बनना अति आवश्यक है। वो स्वीकृत भी था, बाद में उसे बनाना निरस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि गंगा नदी के किनारे स्थित पर्यटन स्थलों के समीप दीवार बनाना भी आवश्यक है, यह बरसात में क्षेत्र के लिए बड़ा खतरा होता है। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को शीघ्र प्रस्ताव देकर निर्माण करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नमामि गंगे योजना में घोटाले की सूचना मिलने की बात कही और इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान नैताला ग्रामसभा की महिलाओं के समूह की सुनीता भट्ट ने ग्राम में दूध डेयरी खोलने के लिए जगह नहीं मिलने की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को महिला समूह को शीघ्र जमीन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

एक अन्य व्यक्ति ने ग्राम के समीप 1955 में बनी 4 किमी लंबी नहर का जीर्णोध्दार नहीं होने से सिंचाई में समस्या से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया के प्रस्ताव और एस्टीमेट भी तैयार है, परंतु उसका जीर्णोद्धार नहीं हो पा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने मामला जिला योजना की बैठक में रखने के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।

ग्राम की पूजा राणा ने बताया कि इंटर कॉलेज बिल्डिंग में पर्याप्त कमरे नहीं होने से की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बिल्डिंग के लिए 2 अतिरिक्त कक्ष बनाने की योजना है। इस पर मुख्यमंत्री ने कमरों का शीघ्र निर्माण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्याप्त बजट फंडिंग की व्यवस्था है।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे केंद्रीय ऊर्जा मंत्री


केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने आज जोशीमठ के रैणी क्षेत्र में ग्लेशियर टूटने से आयी आपदा से रैणी एवं तपोवन क्षेत्र में हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
आपदा ग्रस्त क्षेत्र से लौटते हुए जौलीग्रान्ट एयरपोर्ट पर मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रेस्कयू वर्क आईटीबीपी, आर्मी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस द्वारा आपसी समन्वय के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आपदा में कार्यरत एक विद्युत परियोजना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है, जबकि तपोवन स्थित एनटीपीसी को भी काफी क्षति पंहुची है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हुए नुकसान के कारणों की इसरो की इमेजेज के आधार पर एनटीपीसी, टीएचडीसी एवं एसजेवीएनएल के पदाधिकारी भी अध्ययन करेंगे, इनकी एक टीम पैदल भी क्षेत्र को भ्रमण के लिये जायेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी आपदाओं की पूर्व जानकारी के लिये जिन हिल स्टेट में एनटीपीसी आदि के पावर प्रोजेक्ट हैं वहां पर प्रोजेक्ट के साथ ही स्थानीय लोगों के व्यापक हित में अर्लि वार्निग सिस्टम प्रणाली उपलब्ध करायी जायेगी। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में भारी हिमपात के कारण उत्पन्न हिमस्खलन आदि की घटनाओं की पूर्व में जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी इस त्रासदी में पानी एवं मलबे के तेज बहाव को रोकने में एनटीपीसी बैराज के मजबूत ढ़ांचे ने बड़ा काम किया अन्यथा पानी का यह आवेग राज्य के नीचे के क्षेत्रों में भारी तबाह का कारण बन सकता था। 2013 में जिस प्रकार पानी के बहाव को टिहरी बांध ने रोकने का कार्य किया उसी तरह इस बैराज ने भी पानी को रोकने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में काफी लोग मिसिंग है। जिनमें एनटीपीसी के 91 तथा निजी कम्पनी के 44 लोग भी शामिल है, जितने लोग मिसिंग है उनको तलाशने का कार्य तेजी में किया जा रहा है। अब तक 20 शव बरामद किये जा चुके है। क्षेत्र के गांवो के भी कुछ लोग लापता है जिनमें 2 पुलिस वाले भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि मृतक आश्रितों को राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जा रही है जबकि एनटीपीसी के जो कार्मिक मिसिंग है जिनके जीवित होने की उम्मीद कम है, उनके परिवारों को ऊचाहार की दुर्घटना की भांति 20 लाख की आर्थिक सहायता दी जायेगी। उन्होंने कहा कि गांव के मिसिंग लोगों की कैसे बेहतर ढ़ंग से मदद की जाय इसकी भी योजना बनायी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रभावित गांव वालों को एनटीपीसी में यदि वे चाहेंगे तो उन्हें काम दिया जायेगा इसके अतिरिक्त सीएसआर के तहत भी पीडितों की मदद की जायेगी। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी के टनलो को अभी लोडरो से डिसिल्ट किया जा रहा है, उसमें और तेजी लाये जाने के लिए 5 स्लडी पंपो की व्यवस्था की जा रही है।

इस अवसर पर सचिव ऊर्जा राधिका झा भी उपस्थित थी।

पूर्व सांसद व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पूर्व सांसद त्रेपन सिंह नेगी की 25वीं पुण्यतिथि पर आज श्रद्धांजलि सभा का आयोजन तहसील रोड पर किया गया। जिसमें सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके कार्यों को याद किया गया।

मौके पर वक्ताओं ने कहा कि स्व. त्रेपन सिंह नेगी सम्पूर्ण समाज के लिए और विशेष कर राजनीतिज्ञों के लिए प्रेरणा स्रोत थे वह ईमानदारी व सरलता की प्रतीक थे। मौके पर शूरवीर सिंह सजवान, वेद प्रकाश शर्मा, स्वतंत्रा सेनानी के वारिसान मदन मोहन शर्मा, संदीप शास्त्री, देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी, पार्षद विजयलक्ष्मी शर्मा ने अपने विचार रखे।

श्रद्धांजलि देने वालों में जयेंद्र रमोला, जयपाल जाटव, अरविंद जैन, पार्षद दल नेता मनीष शर्मा, शकुंतला शर्मा, जगत नेगी, देवेंद्र प्रजापति, भगवान पवार, अजीत सिंह, मधु मिश्रा, बृजपाल राणा, श्री प्यारेलाल जुगरान, राजकुमार तलवार, ललित मोहन मिश्रा, सरोजनी थपलियाल, सरोज देवरानी, बीना बहुगुणा, प्रदीप जैन, बैसाख पयाल, भगवती रतूड़ी, शेर सिंह रावत, संजय नेगी, हिम्मत सिंह मियां, विक्रम भंडारी, दिग्विजय कैंतूरा, धीरज डोभाल, राजेंद्र पंत, पंचम सिंह मियां, सुनील नवानी, नरेंद्र कंडारी, राजेंद्र प्रसाद डोभाल, कलम सिंह कैंतूरा, नरेंद्र रागढ़, सोवन सिंह, कपिल शर्मा, अनूप लाठर, प्रमोद शर्मा, मोहन लाल जोशी, वीर विक्रम सिंह पुंडीर, अभिषेक शर्मा, रवि शास्त्री, मनीष मिश्रा, निर्मल बहुगुणा, टीकाराम रतूड़ी, राजेश साहनी, आनंद कैनतुरा, बुद्धि सिंह, सूरत राणा, करिश्मा पांडे, गोपाल बिष्ट, आशीष, रमेश चैहान, नीतू अग्रवाल, गौतम नौटियाल, प्रिंस सक्सेना, पंकज बिष्ट आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का आयोजन पार्षद व एडवोकेट राकेश सिंह मियां ने किया।

नोटों की माला पहनाकर सेवानिवृत हुए जवान का हुआ स्वागत

गढ़वाल राइफल में 24 वर्ष अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त होकर आज घर लौटे जवान का स्थानीय लोगों ने पार्षद विपिन पंत के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया।

पार्षद विपिन पंत ने अपने वार्ड निवासी जवान विनोद सेमवाल को नोटों की माला पहनाई। साथ ही गाजे बाजे के साथ वार्ड में स्वागत रैली भी निकाली। पार्षद ने कहा कि एक जवान का अपनी ईमानदारी निष्ठा से 24 वर्ष की देश सेवा कर घर लौटना स्वागत योग्य है। उन्होंने जवान को सैल्यूट करते हुए कहा कि आप जैसे सैनिकों की बदौलत देश की जनता सुरक्षित है।

वही सैनिक विनोद सेमवाल ने कहा कि सेना में जाने का सपना हर युवा का होता है, आखिर देश की सेवा सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, कहा कि उन्हें इस जिम्मेदारी से बड़ी कोई जिम्मेदारी नहीं लगती। कहां कि मुझे इस बात की खुशी वह गर्व दोनों है कि मैं देश की सेवा में 24 साल दे सका। उन्होंने कहा कि देश को आगे भी मेरी जरूरत होगी तो मैं हर समय उपलब्ध रहूंगा। इस मौके पर स्थानीय लोग थिरकते नजर आए। स्वागत रैली के दौरान पार्षद वीरेंद्र रमोला, स्थानीय नागरिक मोर सिंह, अजय उपाध्याय, अवतार सिंह नेगी, प्रेम सिंह राणा, नारद, नंद सेमवाल आदि शामिल रहे।

गढ़वाल कमिश्नर के दफ्तर में निरीक्षण करने पहुंचे सीएम, ड्यूटी पर नदारद मिले कर्मचारी…

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुख्य सचिव ओमप्रकाश के साथ सर्वे चैक स्थित गढ़वाल कमिश्नर कैम्प कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में तैनात 11 कार्मिकों में से मौके पर केवल चार कार्मिक ही उपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने गढ़वाल कमिश्नर रविनाथ रमन को निर्देश दिये कि जिन कार्मिकों के उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर नहीं है, उनका तत्काल वेतन रोका जाय।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने लगभग एक घण्टे तक कमिश्नर कार्यालय की विभिन्न पत्रावलियों का अवलोकन किया। पत्र प्राप्ति रजिस्टर मांगे जाने पर कार्यालय में उपस्थित कार्मिकों ने जानकारी दी कि पत्र प्राप्त होने के बाद अंकन के लिए पौड़ी स्थित कमिश्नर कार्यालय में जाता है। यह पूछे जाने पर कि किसके आदेश पर यह व्यवस्था की गई है। कार्यालय के कार्मिकों ने जानकारी दी कि 2019 में तत्कालीन वैयक्तिक सहायक द्वारा इसके लिए मौखिक आदेश दिये गये थे।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर गढ़वाल को निर्देश दिये कि यह कार्य के प्रति लापरवाही को दर्शाता है।