पीएम मोदी को मंत्रमुग्ध कर गई आदि कैलाश एवं जागेश्वर धाम यात्रा

हाल में ही उत्तराखण्ड के एकदिवसीय कुमांऊ दौरे से लौटे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आदि कैलाश एवं जागेश्वर धाम यात्रा उनके जीवन की ऐतिहासिक यात्राओं में शामिल हो गई है। यह बात देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं अपने आधिकारिक एक्स हेंडल साझा की है। पीएम मोदी ने आदि कैलाश एवं जागेश्वर धाम यात्रा से मंत्रमुग्ध होते हुए लिखा है कि “यदि कोई मुझसे पूछे – यदि आपको उत्तराखण्ड में एक जगह अवश्य देखनी चाहिए तो वह कौन सी जगह होगी, तो मैं कहूंगा कि आपको राज्य के कुमाऊं क्षेत्र में पार्वती कुंड और जागेश्वर मंदिर अवश्य देखने चाहिए। प्राकृतिक सुंदरता और दिव्यता आपको मंत्रमुग्ध कर देगी।”

प्रधानमंत्री मोदी अपने दूसरी पोस्ट में लिखते हैं कि “बेशक, उत्तराखण्ड में घूमने लायक कई प्रसिद्ध जगहें हैं और मैंने भी अक्सर उत्तराखण्ड का दौरा किया है। इसमें केदारनाथ और बदरीनाथ के पवित्र स्थान शामिल हैं, जो सबसे यादगार अनुभव हैं। लेकिन, कई वर्षों के बाद पार्वती कुंड और जागेश्वर मंदिर में लौटना विशेष रहा।“ इधर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पोस्ट के जवाब में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों की ओर से आभार प्रकट करते हुए लिखा कि “आदरणीय प्रधानमंत्री जी आपके कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखण्ड धार्मिक, आध्यात्मिक एवं साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। आपके विजन के अनुरूप रोड, रेल और रोपवे निर्माण के माध्यम से श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाया जा रहा है।“

मुख्यमंत्री धामी आगे लिखते हैं कि “प्रधानमंत्री जी के आदि कैलाश, पार्वती कुंड और जागेश्वर धाम के ऐतिहासिक भ्रमण से न केवल इन पवित्र स्थलों को नई पहचान मिली है बल्कि स्थानीय लोगों की समृद्धि का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। मानसखंड मंदिर माला मिशन को वैश्विक पहचान दिलाने एवं देवभूमि उत्तराखण्ड के प्रति आपके असीम स्नेह व प्रेम हेतु समस्त प्रदेशवासियों की ओर से आभार“ प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उत्तराखण्ड दौरे के दो दिन बाद साझा की गई पोस्ट उनके उत्तराखण्ड के प्रति लगाव को स्पष्ट दर्शाता है। पीएम मोदी ने आदि कैलाश एवं जागेश्वर धाम यात्रा से देश दुनियां को न सिर्फ धर्म आध्यात्म का संदेश दिया बल्कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मानसखंड मंदिरमाला मिशन के विजन पर भी मुहर लगाई है।

रामनगर आरटीओ के अभिलेखों का सीएम ने किया अवलोकन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय रामनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि ओवरलोडिंग,हाईस्पीड, नशे और गलत तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्यवाही की जाए ताकि दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन सुविधाओं के दृष्टिगत सरकार द्वारा ऑनलाइन सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोगों को घर पर बैठे ही अधिकांश सुविधाएं उपलब्ध हो, इस दिशा में सभी विभागों द्वारा तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। सभी विभागों को जन सुविधा के दृष्टिगत नई कार्य संस्कृति से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य समाचारः राज्य सरकार निःशुल्क उपचार पर खर्च कर चुकी है 1720 करोड़ की धनराशि

राज्य में आयुष्मान योजना के तहत अब तक 9 लाख से अधिक मरीजों का मुफ्त उपचार किया जा चुका है। जिस पर राज्य सरकार ने लगभग 1720 करोड़ की धनराशि खर्च कर दी है। सरकार ने सूबे में पांच वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को आयुष्मान कार्ड मुहैया कराने और शत-प्रतिशत लोगों की आभा आईडी बनाने का लक्ष्य रखा है। है। आयुष्मान भव अभियान के अंतर्गत इस कार्य को गति दी जा रही है।

कुमाऊं मण्डल के तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यहां मीडिया को जारी एक बयान में बताया कि राज्य सरकार प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करने के लिये प्रतिबद्ध है। जिसके लिये केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर उतरने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि राज्य में 9.11 लाख से अधिक लोगों का आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क उपचार किया जा चुका है जिस पर राज्य सरकार 1720 करोड़ से अधिक की धनराशि व्यय कर चुकी है। इसके अलावा 2800 लाभार्थियों का कोविड व ब्लैक फंगस का उपचार भी आयुष्मान योजना के तहत किया गया जिस पर राज्य सरकार ने रूपये 27.5 करोड की धनराशि खर्च की है। राज्य में अब तक लगभग 52.66 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य मार्च 2024 से पहले सूबे में पांच वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का है। इसी प्रकार राज्य में लगभग 62 लाख से अधिक लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) बनाये जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य में शत-प्रतिशत लोगों की आभा आईडी बनाने का है। डॉ. रावत ने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रदेश में प्रत्येक व्यक्ति के लिये प्रति वर्ष रूपये 05 लाख तक के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था है। जिसमें 26 प्रमुख बीमारियों हेतु 1671 पैकेजों के माध्यम से चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रदेश में सूचीबद्ध अस्पतालों की कुल संख्या 248 है जिसमें 102 राजकीय व 146 निजी चिकित्सालय शामिल है। इसके अलावा इस योजना के तहत देशभर में 26 हजार से अधिक चिकित्सालय सूचीबद्ध हैं, जहां पर प्रदेश का कोई भी आयुष्मान कार्ड धारक व्यक्ति निःशुल्क इलाज करा सकता है। डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश में आयुष्मान योजना का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।

’आयुष्मान योजना के तहत उपचारित मरीजों का जनपदवार विवरण’
अल्मोड़ा 24382
बागेश्वर 10529
चमोली 32428
चंपावत 15063
देहरादून 250086
हरिद्वार 155793
नैनीताल 79524
पौड़ी 76478
पिथोरागढ़ 28217
रूद्रप्रयाग 19808
टिहरी 54132
यूएस नगर 134226
उत्तराकाशी 30492
कुल 9,11,158

’सूबे में 52.66 लाख लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित’
प्रदेश में आयुष्मान भव योजना के अंतर्गत पंचायत व शहरी वार्डों में आयुष्मान कार्ड तैयार कर लाभार्थियों को वितरित किये जा रहे हैं। सूबे में अब तक 52.66 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। जिसमें अल्मोड़ा जनपद में 2 लाख 66 हजार, बागेश्वर में 01 लाख 14 हजार, चमोली 02 लाख 04 हजार, चम्पावत 01 लाख 19 हजार, देहरादून 10 लाख 92 हजार, हरिद्वार 08 लाख 85 हजार, नैनीताल 05 लाख 02 हजार, पौड़ी गढ़वाल 03 लाख 83 हजार, पिथौरागढ़ 02 लाख 14 हजार, रूद्रप्रयाग 01 लाख 25 हजार, टिहरी 03 लाख 21 हजार, ऊधमसिंहनगर 08 लाख 59 हजार तथा उत्तरकाशी में 01 लाख 82 हजार कार्ड लाभार्थियों को जारी किये जा चुके हैं।

’प्रदेश में बनी 62 लाख से अधिक आभा आईडी’
उत्तराखंड में अब तक 62 लाख 14 हजार 518 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) बनाये जा चुके हैं। जिसमें देहरादून जनपद में 7 लाख 31 हजार 330, नैनीताल में 04 लाख 50 हजार 489, हरिद्वार 04 लाख 43 हजार 333, ऊधमसिंह नगर में 02 लाख 75 हजार 701, पौड़ी 02 लाख 45 हजार 425, अल्मोड़ा 01 लाख 96 हजार 431, टिहरी 01 लाख 72 हजार 40, पिथौरागढ़ में 01 लाख 54 हजार 565, चमोली 01 लाख 33 हजार 893, बागेश्वर 85 हजार 321, चम्पावत 80 हजार 91, उत्तरकाशी 74 हजार 320 तथा रूद्रप्रयाग जनपद में 66 हजार 735 आभा आईडी बनाई जा चुकी है। जबकि 31 लाख 04 हजार 844 आभा आईडी के जनपद चिन्हिकरण नहीं हो पाये हैं।

’स्वैच्छिक रक्तदान हेतु प्रदेश में 2.50 लाख लोगों का पंजीकरण’
प्रदेशभर में स्वैच्छिक रक्तदान हेतु लोग बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं। अब तक प्रदेश में 02 लाख 48 हजार 713 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिये ई-रक्तकोष पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया है। जिसमें अल्मोड़ा जनपद में 13965, बागेश्वर 6168, चमोली 7528, चम्पावत 07024, देहरादून 32742, हरिद्वार 30758, नैनीताल 34945, पौड़ी गढ़वाल 17260, पिथौरागढ़ 28551, रूद्रप्रयाग 4255, टिहरी गढ़वाल 21655, ऊधम सिंह नगर 36476 तथा उत्तरकाशी में 7386 लोगों शामिल हैं।

आदिकैलाश से विश्व को आध्यात्म का संदेश देने आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारखंड के बाद मानसखंड के विकास को नई दिशा देने के लिए 12 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। यात्रा की शुरुआत प्रधानमंत्री अल्मोड़ा में स्थित जागेश्वर धाम से करेंगे। जागेश्वर धाम अपने पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है।

जागेश्वर धाम पतित पावन जटागंगा के तट पर समुद्रतल से लगभग 6200 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार शिवजी तथा सप्तऋषियों ने यहां तपस्या की थी।

जागेश्वर मंदिरों का निर्माण कत्यूरी राज के कालखंड में हुआ था। जागेश्वर धाम के प्राचीन मंदिर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस क्षेत्र में सदियों से आध्यात्म के दर्शन करा रहे हैं। यहां लगभग छोटे-बडे 224 मंदिर स्थित हैं। मंदिरों का निर्माण लकडी तथा सीमेंट की जगह पत्थर की बडी-बडी शिलाओं से किया गया है। दरवाजों की चौखटें देवी देवताओं की प्रतिमाओं से सुशोभित हैं। मंदिरों के निर्माण में तांबे की चादरों और देवदार की लकडी का भी इस्तेमाल किया गया है।

…..कैसे पहुंचे जागेश्वर धाम….
यहां पहुंचने के लिए काठगोदाम अंतिम रेलवे स्टेशन है। दिल्ली आनंद विहार आईएसबीटी और देहरादून से हल्द्वानी व अल्मोड़ा के लिए बस सेवा भी हैं। दिल्ली और देहरादून से वहां की दूरी लगभग 400 किलोमीटर है। अल्मोड़ा से जागेश्वर धाम के लिए टैक्सी सेवा उपलब्ध है। अल्मोड़ा से जागेश्वर धाम की दूरी 35 किलोमीटर है। इसी तरह हवाई जहाज से पंतनगर एयरपोर्ट तक नजदीकी सेवा है। पंतनगर से टैक्सी से जागेश्वर धाम 150 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंच सकते हैं।

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा उत्तराखंड के मनोरम पिथौरागढ़ जिले में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में होने वाली है। पीएम मोदी 12 अक्टूबर को इस महत्वपूर्ण यात्रा पर निकलेंगे और अपने प्रवास के दौरान उन्हें प्रसिद्ध मायावती आश्रम में ठहराया जाएगा।

वह चीन सीमा के पास स्थित पवित्र स्थल आदि कैलाश पर आशीर्वाद लेने का अवसर प्राप्त करेंगे। यह पवित्र तीर्थ स्थान अपनी लुभावनी सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व के लिए जाना जाता है जो हर साल अनगिनत भक्तों को आकर्षित करता है। प्रधानमंत्री की उपस्थिति निसंदेह पवित्रता को बढ़ाएगी और समाज के सभी पक्षों का ध्यान आकर्षित करेगी।

इसके अतिरिक्त, पीएम मोदी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान व्यास घाटी के भीतर बसे जोलिकांग के विस्मयकारी वैभव को देखने की इच्छा व्यक्त की है। यह अभूतपूर्व प्राकृतिक आश्चर्य सुरम्य परिदृश्यों का प्रतीक है जो आगंतुकों के मस्तिष्क और ह्रदय पर एक अमिट छाप छोड़ने के लिए बाध्य है।

प्रधानमंत्री, कुल 4194 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

स्थानीय अधिकारी पीएम मोदी के लिए न केवल एक सुचारु यात्रा कार्यक्रम सुनिश्चित करने के लिए बल्कि उनकी पूरी यात्रा के दौरान एक अविस्मरणीय अनुभव सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे लगन से काम कर रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण अवसर को लेकर उत्साह दूर-दूर तक महसूस किया जा सकता है, लोग इस ऐतिहासिक यात्रा की झलकियों और अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। क्षेत्र के भीतर ऊर्जा स्पष्ट है, स्थानीय लोग और पर्यटक दोनों ही पीएम मोदी को अपनी उपस्थिति से इन उल्लेखनीय स्थानों की शोभा बढ़ाते हुए देखने की संभावना से समान रूप से रोमांचित हैं।

प्रधानमंत्री की यह महत्वपूर्ण यात्रा न केवल उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग के लिए एक जीवंत तस्वीर पेश करती है, बल्कि इस विविधतापूर्ण राष्ट्र के सबसे दूरस्थ कोनों की खोज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के प्रमाण के रूप में भी काम करती है।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के चमन वर्मा की प्रशंसा कर दिया मदद का आश्वासन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में जनपद अल्मोड़ा के चमन वर्मा ने भेंट की। अपने हैरतअंगेज स्टंट और कलाबाजी से इंटरनेट पर छाए पहाड़ के युवा चमन वर्मा को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की प्रशंसा की और उनके ट्रेनिंग आदि के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि पहाड़ के युवाओं में बहुत प्रतिभाएं हैं, बस उन्हें तराशने और सही प्लेटफॉर्म देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें युवाओं का प्रेरणास्रोत भी बताया।

स्वास्थ्य सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने किया हल्द्वानी में अस्पतालों का औचक निरीक्षण

देहरादून। डेंगू नियंत्रण अभियान की हकीकत जानने स्वास्थ्य सचिव डॉक्टर आर राजेश कुमार आजकल प्रदेश के दौरे पर हैं। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी जनपद के कोटद्वार के बाद आज स्वास्थ्य सचिव का काफिला कुमाऊ मंडल नैनीताल जनपद के हल्द्वानी शहर पहुँचा।
स्वास्थ्य सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने आज हल्द्वानी का दौरा किया। उन्होंने डेंगू से निपटने के लिए किये जा रहे इंतजामों का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सचिव ने अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए की गयी व्यवस्थाओं पर नाराजगी जतायी और व्यवस्थाएं दुरस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि डेंगू के मरीज के इलाज में किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।

बेस अस्पताल हलद्वनी का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश द्वारा आईसीयू का संचालन न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई । अस्पताल प्रशासन को जल्द से जल्द आईसीयू को चलाने के निर्देश मौके पर दिए गए। सचिव स्वस्थ्य डॉ आर राजेश कुमार ने बेस हॉस्पिटल पर वार्ड में जाकर मरीजों का हाल जाना अस्पताल प्रशासन को किसी भी मरीज के उपचार मैं कोई लापरवाही न हो इसके निर्देश दिये गये। उनके द्वारा द्वारा डेंगू वार्ड, आईसीयू, इमरजेंसी वार्ड, डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक का निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि डेंगू के उपचार के लिये निजी व सरकारी चिकित्सालय पर आयुष्मान कार्ड द्वारा भी उपचार प्रदान किया जाएगा। जिसके निर्देश अधिकारियो को दे दिये गये है।

सचिव स्वास्थ्य डॉ आर राजेश कुमार ने डेंगू जांचों की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की । उन्होंने अधिकारियों को जांचों में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सचिव ने कहा अधिकारी कागज पर पेन कम चलकर थोड़ा जांचों में तेजी लाएं जिससे मरीज को समय पर सही इलाज मिल सके। स्वास्थ्य सचिव ने मरीजों और लोगों से भी अस्पताल में व्याप्त सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया की स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने पूरे प्रदेश के अंदर डेंगू के 307 मामले एक्टिव है।
उन्होंने बताया डेंगू को लेकर अस्पताल में बेड्स पूरी तरह से उपलब्ध हैं, उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से किसी को भी प्लेटलेट्स नहीं दी जाएगी, जरूरत पड़ने पर ही मरीज को प्लेटलेट्स दी जाएगी, डेंगू पर जो भी इलाज है, उसे अस्पताल द्वारा ठीक तरीके से नहीं किया जाएगा तो ₹50000 से लेकर ₹200000 तक का जुर्माना लगाने के प्रावधान बनाए गए हैं,

स्वास्थ्य विभाग के स्पष्ट निर्देश की डेंगू के मामलों को लापरवाही नहीं बरती जाएगी, जो भी प्राइवेट हॉस्पिटल या सरकारी हॉस्पिटल लापरवाही करेगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी जिलों के जिलाधिकारियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वह बराबर डेंगू पर अपनी नजर बनाए रखें और डेंगू के मामले को लेकर शासन को लगातार अवगत कराए, सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल में अधिक पैसा लिए जाने पर भी उन्होंने कहा की रेट निर्धारित किए गए हैं, अधिक रेट लिए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भागीरथी जोशी, मेडिकल कालेज हल्द्वानी के प्रधानाचार्य डा. अरुण जोशी, डॉ टिट्याल, चिकित्सा अधीक्षक सुशीला तिवारी अस्पताल, डॉ मनोज कांडपाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ सविता ह्यांकी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक बेस चिकित्सा हल्द्वानी, डा. ऊषा जंगपांगी महिला चिकित्सालय हल्द्वानी भी मौजूद थे।

5 सितंबर को होने वाले उपचुनाव़ से पहले उमड़ी भीड़ ने दे दिए बड़े संकेत

बागेश्वर में आगामी 5 सितंबर को होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव से पहले आज जिस तरह से बागेश्वर एवं गरुड़ में आयोजित सीएम धामी के रोड-शो में जनसैलाब उमड़ा, उसने चुनाव से पहले ही भाजपा प्रत्याशी के लिए शुभ संकेत दे दिए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आज की इन दो रोड-शो में उमड़ी हजारों की यह भीड़ काफी कुछ कह गयी। खास बात यह कि दोनों ही स्थानों पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने पहुँचकर भाजपा प्रत्याशी को एक तरह से अपना आशीर्वाद देने का काम किया।

भाजपा ने बागेश्वर उपचुनाव में पूर्व मंत्री चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास को अपना उम्मीदवार बनाया हुआ है। यहां पर भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार से है लेकिन भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में हो रही जनसभाओं, रैलियों, रोड-शो आदि में उमड़ रही भीड़ नतीजों को लेकर बहुत कुछ कह रही है।

आज भी बागेश्वर एवं गरुड़ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दो रोड-शो रखे गए थे। अहम बात ये कि दोनों ही स्थानों पर सीएम धामी को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां पूरा माहौल भाजपा मय हो गया। रोड-शो में उमड़ा लोगों का यह जनसैलाब यह बताने के लिए भी काफी था कि सीएम धामी के विकास के मॉडल को जनता-जनार्दन हाथों-हाथ ले रही है। वहीं, मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दा विहीन है। भीड़ को देख गदगद हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बागेश्वर का उपचुनाव भारत वर्ष में एक संदेश लेकर जाएगा। बागेश्वर एम धार्मिक भूमि है। प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड के सभी धार्मिक स्थलों के विकास के लिए रात दिन लगे हुए हैं।

टनकपुर में मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार राखियों की प्रशंसा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी मैदान टनकपुर में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को राखी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हे प्रसन्नता है कि आप सभी लोगों का उन्हेे जो भरपूर स्नेह और सहयोग मिला है उससे उन्हे प्रदेश की सेवा करने में भरपूर ऊर्जा मिल रही है और प्रदेश हर क्षेत्र में विकास की ओर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई बहन के पारस्परिक, प्रेम, रिश्ते और विश्वास का त्यौहार है और इस पर्व को हम कर्तव्य, आत्मीयता, त्याग, सामाजिक एकता, सद्भावना के प्रतीक के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार का यह पर्व हमारे लिये और भी महत्वपूर्ण है, चन्द्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण व सफल लेंडिंग पर पूरे विश्व ने भारत का लोहा माना है। जिसमें माताओं व बहनों का विशेष योगदान रहा है। प्रदेश की नारी शक्ति अपने कार्यों व आत्मविश्वास के बल पर आत्मनिर्भर बनकर अन्य को भी आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बना रही है। आज की मातृशक्ति हर क्षेत्र में प्रतिनिधित्व कर देश का नाम विश्व पटल पर अंकित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने जनपद की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित पिरूल, ऐपण, सूत व अन्य स्थानीय उत्पादों से बनाई गई राखियों व अन्य निर्मित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जनपद बनाने हेतु जनपद में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं और चंपावत आदर्श जनपद की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही उत्तराखंड को अग्रणी जिला बनाने के लिए अनेकों विकास कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर रक्षाबंधन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आयी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र भेंट कर उनकी दीर्घायु की कामना की। स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी मैदान में रामलीला मंच का लोकार्पण किया और नेहरू पार्क टनकपुर के सामने नगर आजीविका केंद्र का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान गीता पुष्कर धामी, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, बनबसा रेनू अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, जिला प्रभारी प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं एवं आमजन आदि उपस्थित थे।

उत्तराखंड शासन का बड़ा फैसला, ध्वस्त होगा रूद्रपुर मेडिकल कॉलेज का करोड़ों की लागत से बना एक हिस्सा

देहरादून। स्वास्थ्य महकमे की जिम्मेदारी संभालने के बाद से सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्वक करने पर फोकस किया है। जहां भी उनको निर्माणकार्यों में लापरवाही मिली उन्होंने चेतावनी देने के साथ जांच के बाद कार्यदायी संस्थाओं पर कड़ी कार्रवाई की है। इसी कड़ी में निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं होने पर रूद्रपुर मेडिकल कॉलेज का एक हिस्सा ध्वस्त करने के आदेश सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने जारी किये। कार्यदायी संस्था द्वारा रूद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण नियमों के अनुरूप नहीं होने पर उत्तराखंड शासन द्वारा रूड़की आईआईटी की टीम से इसकी जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के एक हिस्से का निर्माण नियमों के अनुरूप नहीं होने की बात कही गई। जिसके बाद लगभग 32 करोड़ की लागत से हुए निर्माण कार्य को ध्वस्त करने के आदेश जारी कर दिये गये। सचिव चिकित्सा शिक्षा राजेश कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन बिल्डिंग के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी कर दिये हैं। बिल्डिंग निर्माण में आए पूरा खर्च कार्यदाही संस्था से ब्याज समेत वसूला जायेगा। इसी के साथ कार्यदायी संस्था को ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है।

गौरतलब है कि निदेशक, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पत्र संख्या-2972 दिनांक 14 अगस्त, 2023 के माध्यम से अवगत कराया गया है कि निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज, रूद्रपुर के निर्माण कार्यों हेतु नामित कार्यदायी संस्था उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन एवं निर्माण निगम द्वारा पूर्व कार्यदायी संस्था (EPIL) के द्वारा निर्मित कुल 14 नग निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता जांच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रूडकी से करायी गयी गुणवत्ता में प्रोफेसर सिविल अभियांत्रिकी विभाग भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रूडकी द्वारा निर्माण कार्यों को ध्वस्त करते हुए पुर्ननिर्माण का मंतव्य प्रदान किया गया है। उक्त के अतिरिक्त चिकित्सा शिक्षा निदेशालय स्तर से नियोजन विभाग द्वारा निर्माण कार्यों की तृतीय पक्ष गुणवत्ता जाँच हेतु नामित संस्था (Quality Austria Central Asia) से भी निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता जांच करवायी गयी, उक्त संस्थान द्वारा भी जाँच आख्या पत्र दिनांक 14 अगस्त, 2023 के माध्यम से उपलब्ध करवायी गयी, जिसके अनुसार भी निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त करते हुए पुर्ननिर्माण किया जाना होगा। ई०पी०आई०एल० द्वारा किये गये निर्माण कार्यों की अत्यन्त न्यून गुणवत्ता होने के दृष्टिगत सम्पूर्ण निर्माणाधीन कार्य का ध्वस्तीकरण कर पुर्ननिर्माण किये जाने का निर्णय लिया गया है।

राजकीय मेडिकल कॉलेज, रूद्रपुर के निर्माण कार्यों की जांच रिपोर्टो के परिपेक्ष्य में निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने के दृष्टिगत राज्य में ऐसी कार्यदायी संस्था को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से इन्जीनियरिंग प्रोजेक्ट्स इण्डिया लिO (EMI) एन0आर0ओ0, कोर 3. स्कोप कॉम्पलैक्स-7 लोधी रोड़, नई दिल्ली को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन के अधीन समस्त निर्माण कार्यों हेतु काली सूची (Black List) में डाले जाने की श्री राज्यपाल सहर्ष स्वीकृति प्रदान करते हैं। अवशेष धनराशि र 31.78 करोड़ + अद्यतन ब्याज (वर्तमान में प्रचलित दरों पर) सहित निदेशक, चिकित्सा शिक्षा निदेशालय, उत्तराखण्ड देहरादून को हस्तान्तरित करना सुनिश्चित करें। अन्यथा की स्थिति में कार्यदायी संस्था के विरूद्ध विधिक कार्यवाही की जायेगी, जिसका उत्तरदायित्व कार्यदायी संस्था का होगा।

एक लाख रूपये की रिश्वत लेता पीसीएस अफसर गिरफ्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी द्वारा भ्रष्टाचार के विरूद्ध मुहिम के अन्तर्गत जारी किये गये टोल फ्री नम्बर-1064 में प्राप्त शिकायत पर निदेशक सतर्कता, उत्तराखण्ड के आदेशानुसार आज दिनांक 24-08-2023 को पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान, सेक्टर हल्द्वानी, नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा, (IPS) के निर्देशन में और पुलिस उपाधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी, नैनीताल अनिल मनराल के पर्यवेक्षण में विजिलेंस टीम द्वारा निरीक्षक ललिता पाण्डे के नेतृत्व में शिकायतकर्ता की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी, रुद्रपुर जनपद ऊधम सिंह नगर रमेश चन्द्र त्रिपाठी पुत्र गंगा प्रसाद त्रिपाठी हॉल निवासी क्वार्टर 05 आफिसर्स कॉलोनी, विकास भवन के पीछे रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को स्मार्ट बाजार रुद्रपुर की पार्किंग में शिकायतकर्ता से 1,00,000/- रूपये (एक लाख रूपये ) की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता ने शिकायत की थी कि उसके द्वारा की गई उपकरणों की सप्लाई / कार्यो के भुगतान के एवज में जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र त्रिपाठी द्वारा 1,00,000/- रूपया (एक लाख रूपया) की रिश्वत की मांग की जा रही है । शिकायतकर्ता ने विजिलेन्स कार्यालय में भी प्रार्थना-पत्र दिया। शिकायतकर्ता की शिकायत की जांच कराने पर शिकायत सही पाये जाने पर निरीक्षक ललिता पाण्डे के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।

ट्रैप टीम द्वारा रमेश चन्द्र त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी, रुद्रपुर को शिकायतकर्ता से 1,00,000/- रूपये (एक लाख रूपये) की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। ट्रैप टीम में ट्रैप प्रभारी ललिता पाण्डे के अतिरिक्त निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी, निरीक्षक विनोद कुमार यादव, निरीक्षक हेम चन्द्र पाण्डे, हे.कां. जगदीश सिंह बोहरा, कानि. नवीन कुमार एवं कानि. गिरीश चन्द्र जोशी शामिल रहे।