हंस फाउंडेशन ने सीएम को सौंपा 11 करोड़ रूपये का सीएम राहत कोष का चेक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हंस फाउण्डेशन के संस्थापक माता मंगला एवं भोले जी महाराज ने भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने आपदा पीड़ितों के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु मुख्यमंत्री को 11 करोड़ रूपये का चेक सौंपा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हंस फाउण्डेशन के संस्थापक माता मंगला एवं भोले जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए हंस फाउण्डेशन द्वारा राज्य सरकार को समय-समय पर सहयोग दिया जाता है। राज्य में जब भी कोई आपदा आती है या जरूरतमंदों को कोई जरूरत होती है, तो हंस फाउण्डेशन सेवा के कार्यों में हमेशा आगे आता है। कोरोना काल में भी हंस फाउण्डेशन द्वारा अनेक तरह से सेवा के कार्य किये गये। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में हंस फाउण्डेशन द्वारा राज्य सरकार को लगातार सहयोग दिया जा रहा है।

मोदी ने देश और दुनिया में भारत का मान बढ़ाया-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राज्य अतिथि गृह नैनीताल में आयोजित मोदी@2 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात मॉडल देश विदेश में प्रसिद्ध रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम, कार्यों का सरलीकरण, जनता एवं सरकार के मध्य संवाद को आसान करना जैसे महत्वपूर्ण कार्य उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में रहकर किये। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश और देशवासियों में आशा, विश्वास और नई ऊर्जा का संचार हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य प्रदेश है, वे स्वयं एक सैनिक परिवार से हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के प्रयासों से सेना ना केवल पहले से और अधिक सक्षम और सशक्त हो रही है बल्कि उसकी यश और कीर्ति भी बढ़ रही है। हमारी सेना ने दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया। मोदी ने स्वयं सियाचिन में जाकर जवानों का उत्साह बढाया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना के आधुनिकीकरण पर बल दिया जा रहा है, प्रधानमंत्री निरंतर सैनिकों के साहस और मनोबल को बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्ति बनने के साथ ही दुनिया का नेतृत्व करने वाला देश बना है। कोरोना काल में जब दुनिया भारत को जिम्मेदारी मान रही थी, उसे नुकसान होने की बात कर रही थी तब एक साल के अन्दर दो-दो वैक्सीन तैयार कर 200 करोड़ से अधिक डोज लगाई गई। कोई भूखा न सोये इसके लिये निःशुल्क खाद्यान्न की व्यवस्था की गई। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में कोविड काल में देश को सुरक्षित बनाने के साथ दुनिया के देशों को वैक्सीन भी उपलब्ध करायी यह हमारी संस्कृति की महानता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में कनेक्टिविटी में बहुत तेजी से काम हुआ है। पहाड़ के लिये सफर काफी सुविधाजनक हुआ है। प्रधानमंत्री के निर्देशन में राज्य सरकार अनेकों महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण का काम तेजी से हुआ है। इसी प्रकार बदरीनाथ धाम के मास्टर प्लान पर भी काम शुरू हो गया है। कुमायूं क्षेत्र में पौराणिक मंदिरों के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में नई कार्य संस्कृति आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से कर्म एवं मन का रिश्ता है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार और भगवान श्री बदरी विशाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की।

शहीदों का सम्मान स्वयं का भी सम्मान हैः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज तहसील जैंती के धामदेव में सालम क्रांति दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद नर सिंह एवं टीका सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी नर सिंह और टीका सिंह ने अग्रेजों से लड़ते हुए 25 अगस्त 1942 को इस स्थान पर बलिदान दिया था। उनकी बरसी पर हर साल धामदेव में यह दिवस मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नर सिंह और टीका सिंह के जीवन से आज युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान स्वयं का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि देश ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के वीर सपूतों को याद करते हुए आजादी का अमृत महोत्सव मनाया है, जिसके तहत आजादी के ऐसे अनगिनत अमर शहीदों को याद किया गया। उन्होंने हर घर झंडा अभियान में भागीदारी के लिए जनता जनार्दन का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व में अपना परचम लहरा रहा है। कहा कि भारत की परिस्थितियां पहले की अपेक्षा काफी बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि देश की सेना अब दुश्मनों की गोली का जवाब गोलों से देती है, इसके लिए सेना को निर्णय लेने की छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि मानस कॉरिडोर के तहत कुमाऊं के सभी प्रमुख मंदिरों का कायाकल्प किया जाएगा, उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। कहा कि समान नागरिक संहिता की दिशा में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। इसके लिए गठित समिति की कई अहम बैठकें भी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के विकास को समर्पित है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम का विकास भी मास्टर प्लान के तहत प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने कहा की पिछली बार उनके द्वारा सालम के लिए की गई पचास लाख की घोषणा का टेंडर भी हो गया है। जल्द ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने आगामी पांच वर्षों में राज्य की जीडीपी को दुगना करने की बात कही, इसके लिए सरकार लगातार इस दिशा में प्रयासरत है। सालम क्रांति पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाने की भी बात कही, जिससे आने वाली पीढ़ी सालम का इतिहास जान सके। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में तीस लाख से अधिक श्रद्धालुओं का आना एक रिकॉर्ड है।

मानसखण्ड कॉरिडोर में अवस्थापना सुविधाओं का विशेष ध्यान देने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को विधानसभा में मानसखण्ड कॉरिडोर के संबंध में बैठक ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्रदेश के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में भी हर दृष्टि से भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक संपदाओं वाला राज्य है, अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कुमाऊं मानसखण्ड सर्किट में जो भी मन्दिर लिये जा रहे हैं, उनको सुव्यवस्थित तरीके से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ा जाय। गोल्ज्यू सर्किट को विकसित करने के लिए सुनियोजित प्लान बनाया जाए। 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रत्येक विभाग द्वारा क्या कार्ययोजना बनाई जा रही है, विभागों से जल्द उनकी कार्ययोजना मांगी जाय।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य का राजस्व बढ़ाने के लिए इनोवेटिव प्रयासों की जरूरत है। पर्यटन के क्षेत्र में राज्य में अनेक संभावनाएं हैं। पर्यटन स्थलों एवं धार्मिक स्थलों के लिए रोपवे, सड़क एवं अन्य अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए जो स्वीकृतियां हो चुकी हैं, उन कार्यों में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक राज्य होने के साथ ही उत्तराखण्ड का नैसर्गिक सौन्दर्य भी पर्यटकों को आकर्षित करता है। राज्य में साहसिक खेलों के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं, इस दिशा में भी विशेष ध्यान दिया जाय। राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को राज्य में उद्योगों की स्थापना के लिए हर संभव सहायता देने के प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक सुदृढ़ नेटवर्क कनेक्टिविटी हो, इसके लिए सर्विस प्रोवाइडरों के साथ बैठक की जाय और उचित समाधान निकाला जाय।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव दिलीप जावलकर, अपर सचिव सी. रविशंकर, प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग अयाज अहमद, लोक निर्माण विभाग एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

उप चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीते धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत उप चुनाव में ऐतिहासिक जीत पर उत्तराखण्ड की जनता विशेष रूप से चम्पावत की जनता का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मैं उत्तराखंड की महान जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। ये उसी जनता की जीत है जिसने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को अपने सर माथे पर बिठाया है। ये आपके भरोसे की जीत है। ये जीत मुझे उत्तराखंड की जनता की सेवा में प्राणपण से जुटे रहने का आदेश दे रही है। इस मौके पर मैं अपने यशस्वी प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं जिनके सतत मार्गदर्शन ने मुझे इस लायक बनाया कि आज मैं उत्तराखंड की जनता के स्नेह और आशीर्वाद का पात्र हूं। प्रधानमंत्री मोदी की सेवा, साधना और तपस्या हम सभी के लिए आदर्श का एक मानक बन चुकी है। ये एक ऐसा मानक है जिसकी ओर बढ़ते हुए हम खुद को निखारते जाते हैं, जन सेवा की राह में स्वयं को मांजते जाते हैं।
चंपावत विधानसभा का ये उपचुनाव केवल जीत हार की लड़ाई नहीं थी। इस उपचुनाव की ओट में उत्तराखंड को सजाने, संवारने और प्रगति का स्वर्णिम अध्याय रचने के स्वप्न भी छिपे हुए थे। ये 55025 वोटों की ऐतिहासिक जीत इन्हीं सपनो को पूरा करने के संकल्प की प्रतिध्वनि है। हमने प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से उत्तराखंड की जनता के जीवन को सुखमय बनाने का यज्ञ शुरू किया है। ये जीत इस यज्ञ की पूर्णता की दिशा में एक अभूतपूर्व कदम साबित होगी।
मैं अपने चंपावत के लोगों को भी यकीन दिलाता हूं कि उनकी हर पुकार, हर आग्रह, हर आदेश पर मैं स्वयं सेवा में हाज़िर रहूंगा। मैं इस प्रदेश का मुख्यमंत्री हूं। मेरे जीवन का मकसद ही इस प्रदेश की सेवा है। पर एक जनप्रतिनिधि होने के नाते चंपावत के प्रति मेरे कुछ विशिष्ट उत्तरदायित्व भी हैं। मैं पूरे मनोयोग और समर्पण से उन उत्तरदायित्वों की सिद्धि की कोशिश करूंगा। चंपावत की जनता ने विरोधियों के जिस छ्द्म जाल को अपनी दूरदर्शी आंखों से भेदकर मुझे ये जीत दिलाई है, उनके प्रति मेरे हृदय में सदैव के लिए विशेष आभार है। एक बार फिर से उत्तराखंड की इस महान जनता को मेरा सादर प्रणाम और अभिवादन।“

मोदी सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर सीएम ने की मीडिया से बात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 8 वर्ष पूर्ण होने पर मीडिया से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा बीते आठ वर्षों में देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। देश एक सशक्त भारत के रूप में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा इन आठ सालों में देश के विभिन्न क्षेत्रों की कार्यशैली में बदलाव आया है। उन्होंने कहा आज प्रत्येक योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हो रही हैं एवं प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाएं पहुंचे इसके लिए बीते 8 वर्षों से कई कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा जनधन योजना के अंतर्गत आज प्रत्येक व्यक्ति के बैंक में खाते हैं। उज्जवला योजना के अंतर्गत आज शत् प्रतिशत लोगों के पास रसोई गैस है। उन्होंने कहा कोविड काल के बाद दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान भारत में चलाया गया। भारत ने इस दौरान पड़ोसी देशों को भी वैक्सीन देने का काम किया है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ये आठ साल देश के लिए स्वर्णिम रहे हैं। देश प्रगति के नए कीर्तिमान रच रहा है। आज सबका साथ, सबका विकास के ध्येय वाक्य के सरकार जनता के साथ समन्वय बनाकर चल रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की मोदी के नेतृत्व में हम सभी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर को दो विधान, दो निधान और दो संविधान से छुटकारा दिलाने का काम कर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है, साथ ही मंदिर के गर्भगृह का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लागू लाने का संकल्प लिया था, जिस पर काम शुरू कर दिया गया है। जिसके अंतर्गत कमेटी का गठन कर दिया गया है। उन्होंने कहा माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में बहुआयामी योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने कहा लखवाड़ व्यासी परियोजना का रुका हुआ काम शुरू हो गया है। जमरानी बांध परियोजना का काम भी शीघ्र शुरू हो जाएगा। पिछले पांच साल में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट उत्तराखण्ड के लिए स्वीकृत हुए हैं। जिससे भव्य उत्तराखण्ड का निर्माण हो रहा है। प्रदेश के सर्वांगीण विकास के पथ पर चल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रदेश में पर्यटन विकास पर विशेष रूप से फोकस है। कृषि एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी केंद्र सरकार के सहयोग से विशेष योजनाएं चल रही हैं। राज्य में उज्जवला योजना का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा चुनाव से पूर्व हमने अंत्योदय कॉर्ड धारकों को साल में तीन मुफ्त सिंलेडर देने का वादा किया था, जिसका शासनादेश जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की प्रदेश सरकार मोदी की कार्यसंस्कृति का अनुसरण करते हुए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक नायक के रूप में काम कर रहा है। हमारी संस्कृति का सभी देश सम्मान कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार और भगवान श्री बद्री विशाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की।

हल्द्वानी शहर में ट्रेफिक की समस्या के समाधान को सीएम ने किया नहर कवरिंग कार्य का निरीक्षण

कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गुरूवार को प्रदेश के युवा और कर्मठ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चौपुला से ऊंचापुल, हिम्मतपुर तल्ला और पनचक्की, चौपुला, कठघरिया से कमलवागांजा तक नहर कवरिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नहर कवरिंग कार्य के पूर्ण होने से यह मार्ग बाईपास का काम करेंगे जिससे हल्द्वानी शहर की ट्रैफिक की समस्या का समाधान होगा।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अवशेष धनराशि जारी करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शीघ्र अवशेष धनराशि जारी कर दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान विधायक बंशीधर भगत, मंडल अध्यक्ष नवीन भट्ट, मंडल महामंत्री कमल पांडे, विधायक प्रतिनिधि विकास भगत ,तनुज नैनवाल, राजेश कुमार शर्मा आदि उपस्थित थे।

काबीना मंत्री ने टनकपुर में मांगे पुष्कर धामी के लिए वोट

चंपावत उप चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। जबकि नुक्कड़ सभाएं कर भाजपा प्रत्याशी पुष्कर सिंह धामी के लिए वोट मांगे। इस दौरान सभी वर्ग के वोटरों का उन्हें समर्थन भी मिला।

आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने जनसंपर्क अभियान की शुरूआत रेलवे बस्ती वार्ड संख्या चार टनकपुर से की। यहां भारी बारिश के बावजूद मंत्री अग्रवाल जनता के बीच डोर टू डोर प्रचार को पहुंचे। उन्होंने पुष्कर सिंह धामी को युवा आदर्श बताते हुए समर्थन मांगा। इस दौरान लोगों ने अपना समर्थन भी मौके पर दिया। इस मौके पर बूथ अध्यक्ष अनिता देवेंद्र सिंह, असफाक, रबदीन, वकील अंसारी, जमीर अहमद, करन सिंह, सुनील वाल्मीकी आदि उपस्थित रहे।

वहीं, बूथ संख्या 117 ग्राम सभा मनिहारकोट में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने नुक्कड़सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है और जो कहेगी। उसे करके दिखायेगी। कहा कि हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य करती है। कहा कि उत्तराखंड को आज युवा मुख्यमंत्री धामी की जरूरत है, खटीमा की जनता से यह मौका छूट गया। मगर, चंपावत की जनता के पास अब सुनहरा अवसर है। उन्होंने चंपावत की धरती को नमन करते हुए कहा कि चंपावत प्रदेश का इतिहास रचने जा रहा है। आने वाली तीन जून को प्रदेश का मुख्यि चंपावत की धरती से होगा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अमजद हुसैन, शाहिद अली, मौलाना असलम कादरी, फरवरूदीन, जमीर भाई, चैयरमैन विपिन कुमार आदि सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

उधर, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बूथ संख्या 114, ग्रामसभा सैलानीगोट में बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खटीमा से हार के बावजूद भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पुष्कर धामी को पुनः मुख्यमंत्री बनाया। पुष्कर धामी में काम करने की काबलियत है, वह दूरदृष्टि वाले नेता है। कहा कि युवा और पहाड़ी क्षेत्र से होने के नाते उन्हें यहां के हर दर्द के मरहम का इलाज मालूम है। उन्होंने कहा कि चंपावत की इस पावन धरती को ऐसे युवा मुख्यमंत्री को चुनकर विधानसभा में भेजना है, जिससे पुष्कर धामी पुनः मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य के विकास को तीव्र गति से चला सकें। इस मौके पर अधिक से अधिक संख्या में मतदान दिवस के दिन वोट पुष्कर सिंह धामी को देने की अपील की गई।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान पूनम चंद, बूथ अध्यक्ष जितेंद्र चंद, विपिन, महिला मोर्चा उपाध्यक्षा शारदा कापड़ी, हरीश हैसियत, बसंत जोशी, प्रकाश पांडेय, शाहूजी, सुनील आदि भारी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

चंपावत में मुख्यमंत्री धामी के लिए प्रचार में आए यूपी सीएम, रोड शो कर जनता का किया संबोधित

चंपावत उपचुनाव के लिए प्रचार अंतिम दौर में है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के पक्ष में आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने विशाल रोड शो औऱ जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान बुलडोजर बाबा के कार्यक्रम में बुलडोजर छाए रहे। रोड शो के दौरान कई कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर टनकपुर पहुंचे। (Bulldozers seen in cm yogi’s Tanakpur rally and road show for cm dhami) इतना ही नहीं रैली के दौरान सीएम धामी ने भी अपने संबोधन में बुलडोजर का जिक्र किया और कहा कि यूपी की तरह उत्तराखंड में भी अब बुलडोजर चलेगा

यूपी में अपराधियों पर बुलडोजर कार्रवाई एक मिसाल बन चुकी है। इसलिए योगी को लोग बुलडोजर बाबा के नाम से भी पुकारते हैं। इसका असर उत्तराखंड में दिख रहा है। 26 मई को उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में हत्या के फरार आरोपी के गोदाम को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया था। चंपावत विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पक्ष में योगी ने टनकपुर मे विशाल रोज शो किया। इसके बाद योगी ने जनसभा भी की। इस पूरे कार्यक्रम में भी बुलडोजर की धमक दिखी।

योगी के रोड शो के दौरान भाजपा के कई कार्यकर्ता जेसीबी लेकर समर्थन देने पहुंचे। सीएम योगी ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद गांधी मैदान पर योगी नेविशाल जनसभा को संबोधित किया।

उत्तराखंड में भी चलेगा बुलडोजर

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यूपी में हम हर दिन अपराध की खबरें सुनते थे, लेकिन सीएम योगी आदित्यनाथ जी ने ऐसा बुलडोजर चलाया कि अपराधी अब कांपते हैं। धामी ने कहा कि हर गलत काम पर सीएम योगी का बुल्डोजर चलता है। धामी ने कहा कि यूपी की तरह उत्तराखंड में भी बुलडोजर चलेगा और महाराज के बुल्डोजर का असर उत्तराखंड में भी होगा।

चंपावत के पास सीएम को चुनने का अवसर: योगी

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, मां पूर्णागिरी का आशीर्वाद इस बार सीएम धामी को मिलेगा। योगी ने कहा कि चंपावत की जनता के पास इस बार एक बड़ा अवसर है। आमतौर पर जनता विधायक या सासंद चुनती है, लेकिन चंपावत की जनता के पास मुख्यमंत्री को चुनने का अधिकार मिला है। इस क्षेत्र के विकास के लिए यहां की जनता को सीएम धामी को अपना समर्थन देना होगा।

चंपावत पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने कई घोषणाएं कर लोगों को दी सौंगाते

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का चंपावत के तल्ला देश क्षेत्र में विख्यात एवं पवित्र धाम बाबा गुरु गोरख नाथ मंदिर में निर्धारित समयानुसार आगमन हुआ। तल्ला देश क्षेत्र के मंच में बने अस्थाई हेलीपैड में मुख्यमंत्री एवं उनके साथ मुख्यमंत्री के लिए विधायकी छोड़ने वाले कैलाश गहतोड़ी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, जिलाधिकारी विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री लगभग दो किलोमीटर के पहाड़ी चढ़ाई वाले पगडंडी मार्ग से बाबा गोरख नाथ के मंदिर में पहुंचे। मंदिर में पहुंचकर श्री धामी ने मंदिर में पूजा अर्चना एवं मंदिर की परिक्रमा कर जनपद एवं राज्य की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर में पूजा अर्चना कर तथा बाबा का आशीर्वाद लेने के बाद मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विधायकी छोड़ने वाले कैलाश गहतोड़ी का आभार व्यक्त किया तथा तल्ला देश की जनता को धन्यवाद दिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विकल्प रहित संकल्प के मंत्र पर राज्य का विकास करने को प्रतिबद्ध है। राज्य के विकास के लिए एक विजन प्लान के तहत कार्य किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य के प्रति सद्भावना के दृष्टिगत उन्होंने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड के विकास को समर्पित है तथा आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को नंबर एक राज्य का दर्जा देने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी नागरिकों के लिए एक समान नागरिक संहिता को भी जल्द लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कुमाऊं अंचल के प्रमुख सत्रह धामों के लिए एक खास कॉरिडोर बनाया जाएगा जिसमे गुरु गोरख धाम भी शामिल है। जिससे सभी प्रमुख धामों का विकास एवं पर्यटन की दृष्टि से क्षेत्र का विकास हो सके। भगवान गोलजू के तीनो प्रमुख धाम यथा चंपावत, अल्मोड़ा एवं घोड़ाखाल के लिए भी एक खास कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद चंपावत को विश्व मानचित्र पर प्रसिद्ध करने के लिए पर्यटन के क्षेत्र में विशेष कार्य योजना के तहत कार्य कर यहां पर्यटन की संभावनाओं को उभारा जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास के लिए कई घोषणाएं भी की।

1. चंपावत में एआरटीओ कार्यालय को खोला जाएगा।
2. बनबसा में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
3. अमोडी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा।
4. मंच उपतहसील में जल्द ही कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
5. टनकपुर इंजीनियरिंग कॉलेज को आईआईआईटी (जतपचसम आईटी) बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
6. चंपावत को अखिल भारतीय स्तर पर पर्यटन मानचित्र में लाने के लिए पर्यटन विभाग विशेष कार्ययोजना तैयार करेगा।
7. मां पूर्णागिरी मंदिर क्षेत्र व देवीधुरा मंदिर क्षेत्र का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
8. चंपावत गोल्जू देवता, घोड़ाखाल गोल्जू देवता व चितई गोल्जू देवता को मिलाकर एक विशेष गोल्जू कोरिडोर बनाया जाएगा।
9. चंपावत के चाय बागान से हिंगला देवी तक रोपवे मार्ग बनाने के लिए शीघ्र ही संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाएगा।
10. निम्नलिखित मार्गों को राज्य मार्गों में परिवर्तित किया जाएगा –
ककराली गेट – ठुली गाड़ – भराव मंदिर मोटर मार्ग
सुखीधांग – डाडा मीनार – रीठा साहिब मार्ग
सुखिधांग से श्यामला ताल मोटर मार्ग
इस दौरान विधायकी छोड़ने वाले कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री के चंपावत से चुनाव लडने के फैसले ने उन्हें एवं जनपद की जनता को बहुत बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के यहां से चुनाव लड़ने एवं यहां से जीतने के बाद यहां का चहुंमुखी विकास हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने चंपावत के अमोडी में दुर्घटना के पीड़ितों को राहत चेक भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने बङी संख्या में आए स्थानीय लोगों के साथ बातचीत भी की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष दीप पाठक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडे, संगठन मंत्री अजय सिंह भट्ट, नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी तथा अन्य पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।