रक्षाबंधन कार्यक्रम में बोले सीएम, तिरंगा अभियान में शामिल हो सभी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गोरलचौड़ मैदान, चंपावत में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आयी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी एवं उनके दीर्घ जीवन की कामना की।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी को रक्षाबन्धन की बधाई देते हुए कहा कि रक्षाबन्धन कार्यक्रम में आशीर्वाद देने आई बहनों को विशेष धन्यवाद अर्पित करता हूं। उन्होंने कहा इस बार का यह पर्व हमारे लिये बहुत महत्वपूर्ण है, आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आज देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि 75 साल के कालखण्ड में देश ने जितनी उपलब्धि हासिल की है, उसे सजोने का पर्व मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। सम्पूर्ण देश में अमृत महोत्सव के हजारों कार्यक्रम सम्पन्न हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह समय देश की आजादी के लिये अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात एवं अज्ञात सेनानियों, के साहस एवं वीरता से परिचित होने एवं उनको स्मरण करने का भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त के बाद हम आजादी के अमृत काल में प्रवेश करेंगे, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत को गढ़ने को नया रूप दिया जायेगा। आज भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व कर, दिशा देने का कार्य कर रहा है एवं हर क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आज संपूर्ण विश्व में प्रधानमंत्री का सम्मान किया जाता है, जनता में लंबे समय बाद भारत के स्वर्णिम विकास की आस जगी है। विभिन्न क्षेत्रों में नए कार्यों की शुरुआत हुई है। जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों की कार्यशैली में बदलाव आया है। हर किसी में पूरे लगन से कार्य करने की इच्छाशक्ति का उदय हुआ है। देश के अंदर नई ऊर्जा का संचार हुआ है, देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, एवं अपनी अलग पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना, जीवन ज्योति योजना, जन धन योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्जवला योजना जैसी तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसका सीधा मकसद अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में जोड़ने का है। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि हम उत्तराखंड राज्य के 25 वें वर्ष पर राज्य को प्रत्येक क्षेत्र में आगे ले जाएं। राज्य के विकास की यात्रा अकेले सरकार की नहीं अपितु सामूहिक यात्रा है। उन्होंने कहा चंपावत जिले को एक मॉडल जिले के रूप में विकसित करने हेतु हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अध्यक्ष वन विकास निगम कैलाश चन्द्र गहतोड़ी, अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, गीता धामी, जिलाध्यक्ष भाजपा दीप पाठक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मानस मंदिर माला योजना के तहत जागेश्वर धाम का होगा विकासः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जागेश्वर धाम में पहुंचकर प्रसिद्ध श्रावणी मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने हरेला पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई दी तथा जागेश्वर धाम परिसर में पौधारोपण भी किया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा जागेश्वर में कुल 12.35 करोड़ लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जिसमे 77.31 लाख रुपए की योजनाओं का लोकार्पण एवं 11.58 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। जागेश्वर धाम के धार्मिक महत्व को समझते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानस मंदिर माला योजना के अन्तर्गत जागेश्वर धाम का भी विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर गतिमान है तथा राज्य स्थापना के 25 वें वर्ष में देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के स्तर पर पिछले 5 वर्षों में राज्य के लिए 1.25 लाख करोड़ रपए की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उन्होंने आयुष्मान योजना, अटल आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना जैसी अनेक योजनाओं की उपलब्धियां गिनाई तथा कहा कि उनकी सरकार द्वारा भी लोकहित में अनेक योजनायें स्वीकृत की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई शिक्षा नीति के लागू होने से प्रदेश की शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधारवादी परिवर्तन देखने को मिलेंगे। कहा कि समान नागरिक संहिता को लागू करने वाला उत्तराखंड पहला प्रदेश होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए 5 सदस्य समिति ने कार्य प्रारंभ कर दिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सचिवालय में जन समस्याओं के समाधान के लिये प्रत्येक सोमवार को नो मीटिंग डे का नियम बनाया गया है। सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण के मंत्र का पालन करते हुए प्रत्येक सोमवार को अधिकारी जनता की समस्याएं सुनेंगे तथा उनका समाधान करेंगे।

जिले के प्रभारी मंत्री तथा चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने हरेला पर्व एवं श्रावणी मेले के शुभारंभ पर बधाइयां एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले एक महीने में जनपद में सौ प्रतिशत शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली बार जनपद में डॉक्टरों की पर्याप्त तैनाती की गई है।

स्थानीय विधायक मोहन सिंह मेहरा ने जागेश्वर धाम में लगने वाले श्रावणी मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आने के लिए जनपद वासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने जागेश्वर विधानसभा के लिए 12.35 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर कपकोट विधायक सुरेश गडिया, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाधिकारी वंदना, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अध्यक्ष कुंदन लटवाल, मंडल अध्यक्ष प्रकाश भट्ट समेत अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

गौलापार स्थित कालीचौड़ मंदिर में पहुंचे सीएम, की पूजा अर्चना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गौलापार स्थित कालीचौड़ मन्दिर पहुंचे, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां काली की पूजा अर्चना कर देश व प्रदेश के लिए सुख, समृद्धि की कामना की। पूजा अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री धामी से ग्रामीणों ने मुलाकात की जहां समिति व लोगों ने सुल्ताननगरी मंदिर गेट से मां कालीचौड़ मन्दिर तक डामरीकरण के साथ ही पूर्वी खेड़ा, गोबिन्द ग्राम, सुल्ताननगरी व पश्चिमी खेड़ा लिंक मार्गों का डामरीकरण कराने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही समस्या का समाधान किया जायेगा।

इस अवसर पर विधायक रामसिंह कैड़ा, मेयर डा0 जोगेन्दर पाल सिंह रौतेला, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, बसंत सनवाल, हुकम सिंह कुंवर, शेखर जोशी, पुष्कर कोश्यारी, पार्षद तन्मय रावत, हरीश मनराल, बालम बिष्ट, आलोक सत्याल, भुवन जोशी आदि उपस्थित थे।

बागेश्वर में कमर्चारियों पर जींस टी शर्ट पहनकर आने पर लगी रोक

कर्मचारियों में अनुशासन और ड्रेस कोड का पालन कराने के किये बागेश्वर डीएम ने अनोखा फरमान निकाला है। जिला मजिस्ट्रेट विनीत कुमार ने राजकीय कर्मचारियों के जींस, टी-शर्ट पहनकर कार्यालय आने पर पाबंदी (bageshwar dm banned jeans t shirt in govt office) लगा दी है। ऐसा करने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

बागेश्वर डीएम ने कर्मचारियों द्वारा ड्रेसकोड का पालन न करने पर कड़ी नाराजगी जताई गई है। जिलाधिकारी विनीत कुमार ने कहा है कि जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी ड्रेस कोड का अनुपालन नहीं कर रहे हैं। अधिकतर लोग जींस, टी-शर्ट में अपने उच्च अधिकारियों के समक्ष बैठकों में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय कर्मचारी होने के नाते यह शोभा नहीं देता। इससे कार्यालय प्रबंधन की छवि खराब हो रही है। समाज में इसका गलत संदेश जा रहा है।

डीएम ने जिले के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय अवधि के दौरान पूर्ण गणवेश में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आदेश का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। यानी कोई कर्मचारी जींस टीशर्ट पहनकर दफ्तर आया तो उस पर कार्रवाई हो सकती है।