शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का संयोजन है योगः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जागेश्वर धाम पहुंचकर प्रदेश में योग के ज़रिए धार्मिक पर्यटन को विकसित करते हुए नए विजन को दर्शाया है। सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकास के नवरत्नों में शामिल किए गए तीसरे रत्न मानसखंड क्षेत्र को इस बार इस आयोजन के लिए चुना है।

योग, ध्यान, अध्यात्म का केंद्र बनेगा जागेश्वर धाम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विशेष पहल पर इस बार योग महोत्सव का आयोजन सुदूरवर्ती अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम में किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मानस मंदिर माला मिशन के जरिए सरकार कुमाऊं के प्राचीन मंदिरों में विभिन्न सुविधाओं को विकसित कर रही है। इस योजना की शुरुआत जागेश्वर धाम से की जा रही है, जागेश्वर धाम को योग ध्यान एवं आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनाया जाएगा।

ये हैं योग के पांच संयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जागेश्वर धाम से योग के पांच संयोजन का भी जिक्र करते हुए कहा कि योग ज्ञान रूपी धरोहर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का संयोजन है। उन्होंने प्रदेशवासियों से उत्तराखण्ड को हर स्तर पर उत्कृष्ट बनाने के लिए प्रतिदिन एक घंटा योग करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। सीएम धामी ने कहा कि प्रतिदिन योग करें, सूरज उगने से पहले जगना होगा और खुद को बदलना होगा, जिससे दवाओं पर आने वाला व्यय भी कम होगा।

सनातन संस्कृति का मूल आधार “वसुधैव कुटुम्बकम’’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सनातन संस्कृति का उल्लेख करते हुये कहा कि हमारी गौरवशाली सनातन संस्कृति का मूल आधार ’’वसुधैव कुटुम्बकम’’ है और यही हमारे देश की 140 करोड़ जनता का मूल संस्कार भी है, जो सम्पूर्ण विश्व को एक परिवार का रूप मानता है। इसी सिद्धांत को केंद्र में रखते हुए इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ’’वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’’ तय की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेकों वैश्विक चुनौतियों और षड्यंत्रों का सामना करने के बावजूद भारत ने कभी भी मानवीय मूल्यों से हटकर आचरण नहीं किया और हमारी इस लोक कल्याणकारी अवधारणा का आधार हमारी संस्कृति है, जिसके मुख्य स्तंभों में से एक योग भी है। इसी वजह से योग आज दुनिया के करोड़ों लोगों की दिनचर्या का अहम हिस्सा बन गया है जो विश्व को भारतीय संस्कृति के साथ और अधिक प्रगाढ़ता से जोड़ने का काम कर रहा है।

इनोवटिव प्रोजेक्टस देश के सभी पर्ववतीय राज्यों और जिलों के लिए गाइड लाइन का करेंगे कामः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जा रहा चंपावत न केवल उत्तराखण्ड के लिए बल्कि सभी हिमालयी राज्यों के लिए एक आदर्श बनेगा। चंपावत के विकास के लिए किए जा रहे इनोवेटिव प्रोजेक्टस देश के सभी पर्वतीय राज्यों और जिलों के लिए गाइड लाइन का काम करेंगी। चंपावत जिले को मॉडल जिले के रूप में विकसित करने में लगे जिला प्रशासन के साथ ही सभी सम्बन्धित स्टेकहोल्डर्स को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस सम्बन्ध में अभी तक हुए डॉक्यूमेंटेशन को शत प्रतिशत धरातल पर उतारा जाए तथा इसकी निरन्तर निगरानी की जाय।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय भारत सरकार के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जनपद चम्पावत को ‘‘आदर्श जनपद चम्पावत’’ के रूप में विकसित किये जाने हेतु किये गये कार्यों की समीक्षा एवं आगामी कार्यक्रमों के संबंध में आयोजित बैठक में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय भारत सरकार के प्रतिनिधियों द्वारा चंपावत में जाकर तैयार की गई चंपावत की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास की संभावना, साइंस एवं टेक्नोलॉजी के आधार पर विकास की संरचना पर अधारित Climate Adaptive Agriculture पुस्तिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत की विभिन्न भौगोलिक स्थिति पर आधारित ऑनलाइन डैशबोर्ड, जनपद चंपावत के अंतर्गत चल रही विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति पर आधारित ऑनलाइन डैशबोर्ड का अवलोकन किया। उन्होंने कहा इस तरह के ऑनलाइन डैशबोर्ड उत्तराखंड राज्य में बड़े स्तर पर भी विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय से आए प्रतिनिधियों द्वारा चंपावत में जाकर किए गए कार्य, निश्चित ही चंपावत एवं उत्तराखंड के विकास में अपनी अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों से परिपूर्ण चंपावत जिले के अनुरूप ही राज्य का विकास किया जाएगा। आगामी समय में चंपावत जिले के अंतर्गत कई बड़े प्रोजेक्ट को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने की योजना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिले के रूप में विकसित करने में यूकोस्ट की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा संपूर्ण हिमालय राज्यों में उत्तराखंड आदर्श राज्य बने इस पर भी तीव्र गति के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा चंपावत प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छ पर्यावरण एवं मंदिरों से आच्छादित है। इन्हीं सब में संभावनाएं खोज कर हमें विकास की नई ऊंचाइयों को छूना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि साइंस एवं टेक्नोलॉजी के माध्यम से जनपद चंपावत के अंदर किस प्रकार विकास को स्थापित कर सकते हैं इस पर भी योजनाएं बनाई जाए। उन्होंने कहा कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
महानिदेशक UCOST प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि चंपावत जिले में साइंस सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही संपूर्ण हिमालय राज्यों के लिए हिमालय नॉलेज कॉरिडोर को भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया यूकोस्ट निरंतर प्रत्येक विभागों के साथ समन्वय कर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। प्रत्येक योजना का डॉक्यूमेंटेशन भी किया जा रहा है।
इस दौरान कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, अतिरिक्त सचिव प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय डॉ प्रीति बेजल, राहुल नायर, प्रो. आर.एम पंत, कुलपति, असम केंद्रीय विश्वविद्यालय, वी.सी के माध्यम से जिलाधिकारी चंपावत नरेंद्र सिंह भंडारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

एक्शन मोड में स्वास्थ्य सचिव, नैनीताल जिला अस्पताल में अब्यस्थाओं पर लगाई अधिकारियों को फटकार

नैनीताल। ट्रेनिंग से वापस आते हैं एक बार फिर पहले की तरह स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं। विगत एक माह से स्वास्थ्य सचिव मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में प्रशिक्षणरथ थे। प्रशिक्षण खत्म होने के बाद ज्वाइन करते ही स्वास्थ्य सचिव ने ग्राउंड जीरो पर बवस्थाओं को परखना शुरु कर दिया है। बिना समय गवाएं स्वास्थ्य सचिव कुमाऊ दौरे पर निकल गये। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने नैनीताल जनपद के जिला अस्पताल बीडी पांडे का निरीक्षण किया। अस्पताल पहुँचने पर पीएमएस डॉ. एलएमएस रावत व अस्पताल स्टाफ ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

उत्तराखंड स्वास्थ्य सचिव डॉ.राजेश कुमार ने जिला अस्पताल बीडी पांडे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्जिकल वार्ड ,जिरियाट्रिक वार्ड, ऑर्थाे वार्ड, आइसीईयू , चिल्ड्रन वार्ड समेत अन्य वार्डाे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ़ सफाई को लेकर नाराजगी व्यक्त की, स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल में सीएमओ को सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, साथ ही वार्डाे के बेडों व बेडशीट्स को बदलने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सचिव डॉ.आर राजेश कुमार ने निर्देश देते हुए कहा आपातकालीन केस आने पर डॉक्टर उपस्थित रहे।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल भी जाना और मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं व सुविधाओं को लेकर जानकारी प्राप्त की जिस पर उन्हें कोई शिकायत नही मिली। वही पीएमएस से डॉक्टरों की जानकारी ली गई लेकिन पीएमएस को डॉक्टरों की जानकारी न होने पर भी स्वास्थ्य सचिव ने नाराजगी व्यक्त की। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में खराब स्वास्थ्य उपकरण हटाकर नए उपकरण लाने के निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने हेल्थ एटीएम को जल्द शुरू करने के भी निर्देश दिए ,ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकें। साथ ही स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि यदि अस्पताल आने वाले मरीजों द्वारा कोई शिकायत मिली या मरीजों के साथ लापरवाही की हुई बर्दाश्त नही की जाएगी।
वही स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि राज्य के अस्पतालों में नर्सों की कमी को पूरा किया जाएगा, जल्द ही एक हजार से अधिक नर्सों की नियुक्ति की जाएगी।

इस दौरान डायरेक्टर तारा आर्य, सीएमओ भागीरथी जोशी, पीएमएस डॉ.एलएमएस रावत, डॉ.अनिरुद्ध गंगोला, डॉ.एमएस रावत, वार्डन शशिकला पांडे, कुंदन बिष्ट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने ली मानसखंड मंदिर माला मिशन के संबंध में बैठक

मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत प्रथम चरण में चिन्हित 16 मन्दिरों की भव्यता के लिए किये जा रहे कार्यों में तेजी लाई जाए। इन मंदिरों के मार्गों में आवागमन की बेहतर सुविधा के साथ ही अन्य जो भी विकास किया जाना है, उसको सुनियोजित तरीके से समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। ये निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के सबंध में बैठक के दौरान अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मंदिरों के आस-पास श्रद्धालुओं के लिए ठहरने के लिए होटल, होम स्टे आदि की भी बेहतर व्यवस्थाएं करनी होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत जो भी कार्य किये जा रहे हैं, 20 से 25 सालों में इन धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए किये जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत जो मंदिर विकसित किये जा रहे है, श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आवागमन की और बेहतर सुविधाएं मिले इस दिशा में निरन्तर कार्य किये जायेंगे। इसके लिए रोड़ कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जायेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि मानसखण्ड कोरिडोर के लिए सड़कों के चौड़ीकरण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण के जो कार्य चल रहे हैं उनमें तेजी लाई जाय।
मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत पहले चरण में 16 मंदिरों की भव्यता के लिए कार्य किया जा रहा है। जिसमें जनपद अल्मोड़ा में जागेश्वर महादेव मंदिर, चितई गोलू मंदिर, सूर्यदेव मंदिर कटारमल, कसार देवी मंदिर, नन्दा देवी मंदिर, जनपद पिथौरागढ़ में पाताल भुवनेश्वर मंदिर, हाट कालिका मंदिर, जनपद बागेश्वर में बागनाथ मंदिर, बैजनाथ मंदिर, जनपद चम्पावत में पाताल रूद्रेश्वर, मां पूर्णागिरी मंदिर, मां बाराही देवी मंदिर, बालेश्वर मंदिर, नैनीताल जनपद में नैनादेवी मंदिर, कैंचीधाम मंदिर एवं जनपद उधमसिंहनगर में चौतीधाम मंदिर शामिल हैं।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, विनय शंकर पाण्डेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

खटीमा के लोहियाहेड पावर हाउस का सीएम ने किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित लोहिया हेड पावर हाउस का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने पावर हाउस का निरीक्षण कर विद्युत उत्पादन आदि की स्थिति का जायजा लिया तथा कार्यरत कार्मिकों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने पावर हाउस को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के भी निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों एवं अभियन्ताओं को दी है।

चंपावत संभागीय निरीक्षक कार्यालय का सीएम के हाथों हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत मुख्यालय के संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) कार्यालय का शुभारंभ किया। गोरलचोड़ मैदान में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चंपावत के विकास का संकल्प लिया है। उत्तराखण्ड में विराजमान देवी-देवताओं का तथा सभी लोगों का ही आशीर्वाद है कि वे पूरे प्रदेश के साथ ही चम्पावत के लिए मुख्य सेवक के रूप में कुछ कर पा रहे हैं, और ’इस कार्यालय का शुभारम्भ उस संकल्प को पूर्ण करने की दिशा में उठाया गया कदम है। आगे भी ऐसे कार्य नित प्रतिदिन होते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही यहां के लोगों की ये मांग आज पूरी होने पर जितनी खुशी आप लोगों को है, उससे कहीं ज्यादा खुशी उन्हें हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में परिवहन विभाग के संभागीय निरीक्षक कार्यालय होने से यहां पर वाहनों की फिटनेस व ड्राइविंग लाइसेंस बनने जैसे कार्य होंगे तथा जनता के समय व धनराशि की बचत भी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों की समस्या के समाधान के लिए वह सदैव प्रयासरत हैं। इसी उद्देश्य से जिला मुख्यालय एवं टनकपुर में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की स्थापना की गई है। ताकि यहां के लोगों को अनावश्यक देहरादून के चक्कर न काटने पड़े। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किए गए सभी वादों को समय पर पूरा करने का पूरा प्रयास भी कर रही है, इसी का परिणाम है कि चम्पावत भ्रमण के दौरान जिस सिप्टी वाटर फॉल के सौंदर्यीकरण की घोषणा की थी, महाशिवरात्रि के दिन से ही इस कार्य की शुरुआत हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने टनकपुर में अंतरराज्यीय बस अड्डे की घोषणा की थी, उसके लिए भी धनराशि आवंटित कर दी है, जिला पुस्तकालय के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गयी है, राजकीय स्नात्तोकोत्तर महाविद्यालय चम्पावत को सोबन सिंह जीना विश्वविधालय अल्मोड़ा का परिसर बनाये जाने की स्वीकृति प्रदान हो गयी है, इस कॉलेज को मॉडल कॉलेज भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार जनपद में कई विकास कार्य लगातार किये जा रहें है और आगे भी किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विभिन्न क्षेत्रों में विश्व में पहचान बनी है। प्रधानमंत्री के दिशा निर्देशन में सरकार भी उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प“ के मंत्र के साथ निरंतर कार्य कर रही है। सभी के सहयोग से हम 2025 तक उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संभागीय निरीक्षक कार्यालय द्वारा बनाए गए लक्ष्मण सिंह के वाहन संख्या यूके 03 टीए 0491 का फिटनेस सर्टिफिकेट तथा सुरेश चन्द्र पाल और पुष्पा जोशी का लर्निंग लाइसेंस भी वितरित कर कार्यालय के कार्यों की शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा जिले के विकास हेतु अनेक घोषणाएं भी की जिसमें,

० मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चम्पावत में आर्मी स्कूल खोला जाएगा। इसके लिए निशुल्क भूमि आवंटित की जाएगी।
० गोल्ज्यू मन्दिर के समीप पीडब्ल्यूडी की भूमि पर बने क्वार्टर्स को अन्यत्र सरकारी भूमि आवंटित की जाएगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग धनराशि आवंटित करेगा।
० गोल्ज्यू मन्दिर के समीप पीडब्ल्यूडी की भूमि पर एवं पशुपालन की भूमि पर पर्यटन अवस्थापनाओं का विकास किया जाएगा ताकि मानसखण्ड कॉरिडोर से जुड़े इस भव्य मन्दिर को पर्यटन से जोड़ा जा सके।
० लोहाघाट नगर के लिए जल्द ही सरयू पेयजल योजना के सम्बन्ध में उपयुक्त पाये जाने पर डीपीआर बनाया जाएगी
० टनकपुर बनबसा में तत्काल विस्तृत ड्रेनेज प्लान सिंचाई विभाग द्वारा बनाया जाएगा।
० गौरलचौड़ मैदान के समीप पुरानी जेल वाली भूमि पर ओपन एयर थियेटर पर्यटन द्वारा बनाया जाएगा। इसमें कुमाऊँनी शैली की वास्तुकला प्रयोग में लायी जाएगी।
०राजकीय उच्चतर मा० विद्यालय डुंगराबोरा के उच्चीकरण के सम्बन्ध में (इण्टर तक)।
०जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट में लोहाघाट पंचेश्वर मोटरमार्ग के खीड़ी गांव से धौनी शिलिंग मोटर मार्ग का पुनः निर्माण एवं सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा।

इस दौरान क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के विकास हेतु नित नए निर्णय लिए जा रहे हैं जिसमें नकल विरोधी कानून एक महत्वपूर्ण निर्णय है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, नगर पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा, लोहाघाट पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह भंडारी, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा, एआरटीओ सुरेंद्र कुमार समेत विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू होने पर चम्पावत में मुख्यमंत्री का किया गया अभिनन्दन

राज्य सरकार द्वारा नकल विरोधी कानून बनाए जाने पर चंपावत जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सम्मान में अभिनंदन रैली आयोजित की गई। रैली में बड़ी संख्या में युवा एवं अन्य लोग शामिल हुए। स्थानीय जीआइसी चौक से गोरलचौड़ मैदान तक निकली आभार रैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय टम्टा भी शामिल हुए। उन्होंने खुली जीप में रैली के साथ चलकर जनता का अभिवादन किया।

रैली को लेकर लोगों में काफी उत्साह नजर आया। कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेने के बाद मुख्यमंत्री सीधे जीआईसी चौक पहुंचे जहां युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आम जनता का आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार ने ऐसा नकल विरोधी कानून बनाया है जिसकी पूरे देश में चर्चा हो रही है इस कानून से प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो गया है। अब कोई भी नकल माफिया युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं कर पाएगा। इस अवसर पर महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए उनका कहना था कि मुख्यमंत्री ने सख्त कानून बनाकर उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया है। इसी कारण वे मुख्यमंत्री को नकल विरोधी कानून लागू करने के लिए बधाई देने रैली में शामिल हुई हैं।

रैली में जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, बाराकोट की ब्लाक प्रमुख विनीता फर्त्याल चंपावत की ब्लाक प्रमुख रेखा देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा, लोहाघाट पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, श्याम नारायण पांडेय, शंकर खाती, पूर्व दर्जा मंत्री हयात सिंह मेहरा, पूर्व चेयरमैन प्रकाश तिवारी, गोविंद सामंत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय, सहित सैकड़ों की संख्या में युवा एवं भाजपा कार्यकर्ता व अन्य लोग मौजूद रहे।

चंपावतः मॉर्निंग वॉक कर सीएम ने लिया विकास कार्यों का फीडबैक

अपने चंपावत भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज मॉर्निंग वॉक पर निकले और इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों से बातचीत कर न केवल विकास कार्यों को लेकर फीडबैक लिया बल्कि आमजन की समस्याओं को भी जाना।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने जिला भ्रमण के दौरान प्रातः कालीन सैर पर अवश्य जाते हैं। रुद्रप्रयाग, पौड़ी, देहरादून आदि जगहों पर वे अक्सर ऐसा करते देखे गए हैं। ऐसा करने के पीछे उनका मकसद यही है कि वे बगैर किसी ताम झाम के बीच आमजन की वास्तविक समस्याओं को जानें और विकास कार्यों पर भी फीडबैक लें।

इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने चंपावत भ्रमण के दौरान प्रातः सैर पर निकले। धामी सर्किट हाउस से निकलते हुए ब्लॉक रोड स्थित नित्यानंद जोशी की चाय की दुकान पर पहुंचे और सबसे पहले सूर्य नमस्कार किया। फिर चाय की चुस्की के साथ नित्यानंद जोशी और अन्य लोगों से बात करते हुए उनका हाल चाल जाना। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों पर चर्चा की। इसी दौरान वहां मौजूद मासूम रियांश से भी उन्होंने बातें की और अपना आशीर्वाद दिया।

इसके बाद वे नागनाथ वार्ड होते हुए निकले जहां उन्होंने पानी भर रही महिला से बातें की और पेयजल की स्थिति के बारे में जाना, जिस पर महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि पानी नियमित आ रहा है।

उसके बाद मुख्यमंत्री मुख्य बाजार होते हुए गोरलचोड़ मैदान पहुंचे। मुख्य बाजार में उन्होंने दुकान स्वामियों से भी बात कर उनके हाल चाल जाने ।
गौरलचौड़ मैदान पंहुचकर मुख्यमंत्री ने वहॉ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की प्रेक्टिस कर रहे युवाओं से बातें की और उनका उनका उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चौपाल के दौरान सीएम ने सड़क दुर्घटना में दिवंगत के परिजनों को दिए एक लाख रूपये का चेक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सुराज दिवस के अवसर पर जनपद चम्पावत के टनकपुर स्थित रामलीला मैदान, ग्राम – उचौलीगोठ में चौपाल कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जन समस्याएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में दिवंगत दान सिंह के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 लाख का चेक प्रदान किया एवं 2 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर प्रदान की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न स्व. अटल जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए चौपाल कार्यक्रम में आए सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा अटल जी ने उत्तराखण्ड राज्य का गठन किया था, लंबे संघर्ष के बाद मिला यह राज्य आज विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा निर्देशन में अटल जी के सपनों का उत्तराखंड बनाने हेतु संकल्पबद्ध है। हमारा संकल्प उत्कृष्ट उत्तराखंड बनाने का है और इसके लिए राज्य सरकार प्रदेश के कोने-कोने को विकसित करने का कार्य कर रही है। हमारा मुख्य लक्ष्य है कि उत्तराखंड को भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना। सभी के सहयोग और समर्थन से सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने का जो महायज्ञ हमने शुरू किया है, वह निश्चित ही सफल होगा। मुख्य सेवक के रूप में उन्होंने अपने प्रत्येक क्षण को जनसेवा, जन कल्याण और सुशासन के लिए समर्पित किया है। राज्य सरकार का लक्ष्य भी अंत्योदय है, हमारा प्रण भी अंत्योदय है और हमारा पथ भी अंत्योदय है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां पूर्णागिरी यात्रा सुगम सुरक्षित हो इसके लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पूर्णागिरि में रोपवे बनाए जाने पर भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा 2022-23 में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के 723 प्रस्तावित आवासों को जल्दी ही स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने कहा टनकपुर तवाघाट मार्ग तामली मंच से जुड़ जाने के कारण टनकपुर से तामली मंच का सफर महज 1- 2 घंटे का रह जाएगा, जो कि पहले 6 घंटे का हुआ करता था। उन्होंने कहा इससे पूरे तल्लादेश क्षेत्र एवं टनकपुर वासियों को सुविधा होगी। चंपावत जिले को आदर्श जिले के रूप में स्थापित किए जाने पर लगातार कार्य किया जा रहा है साथ ही आने वाले दिनों में यहां सभी अधिकारियों की एक बड़ी बैठक भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। आज प्रदेश में इन्फ्रास्क्टचर, पर्यावरण सुरक्षा एवं आधुनिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विकास के लिए भी विशेष अभियानों का संचालन किया जा रहा है। राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने, पलायन को रोकने, पर्यटन को बढ़ावा देने और आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए हम नीतिगत योजनाओं का खाका तैयार कर रहे हैं। हमारी विकास योजनाओं के केंद्र में हमारे युवा, हमारे किसान और हमारी नारी शक्ति है। हम जानते हैं की जब तक हमारा युवा,हमारे किसान और हमारी महिलाएं आत्मनिर्भर नहीं होंगी तब तक विकसित उत्तराखंड की राह सुनिश्चित नहीं होगी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का भी विजन यही है और उन्हीं के मार्गदर्शन में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। जिस गति से आज हमारे प्रदेश में सड़कों का निर्माण हो रहा है, जिस मजबूती के साथ सीमाओं को सुरक्षित किया जा रहा है और जिस समर्पण के साथ हमारे देवस्थानों को और भी अधिक भव्य बनाया जा रहा है वो अभूतपूर्व है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का सपना सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड बनाना का है। हम इस लक्ष्य को अपने “विकल्प रहित संकल्प“ के मंत्र के साथ पाने में अवश्य सफल होंगे। जब हम सभी वर्ष 2025 में राज्य का रजत जयंती वर्ष मना रहे होंगे, तब हम सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड के सपने को साकार होता हुआ देखेंगे। आज प्रदेश का प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से चंपावत विधानसभा के लोग सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने के हमारे संकल्प की पूर्ति के लिए सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रहे है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा, पूर्व दर्जा मंत्री शिवराज कठायत, हयात माहरा, मानी चंद, हर्षवर्धन, अध्यक्ष नगर पालिका विपिन कुमार, दीपक पाठक, मुकेश कालखुडिया, मुकेश महराना, गोविंद सामंत, ग्राम प्रधान गणेश महर, प्रदेश महामंत्री हेमा जोशी, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेनू अग्रवाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

टनकपुर में प्रथम किताब कौथिग कार्यक्रम में पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय इण्टर कॉलेज, टनकपुर में आयोजित प्रथम “किताब कौथिग” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों के साथ ही पुस्तकों के स्टालों का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टनकपुर क्षेत्र में पुस्तकालय खोले जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए किताब कौथिग के रूप में एक नई शुरुआत की गई है। पुस्तकें हमारे दिमाग को पोषण देने का कार्य करती हैं। हमें पुस्तकों से नया ज्ञान अर्जित होता है, विश्व भर के स्रोत, साहित्य, एवं अनजाने रहस्य के बारे में हमें पुस्तकों से ही पता चलता है। यह ’किताब कौथिग’ पढ़ने लिखने की संस्कृति को नया आयाम देगा। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को साहित्य, संगीत, कला, संस्कृति जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा इस तरह के कार्यक्रम पूरे राज्य में हो इसके लिए प्रयास किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर टनकपुर क्षेत्र का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। यहां आए हुए अतिथि, इस क्षेत्र की बेहतरीन यादें ले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन करते हुए कहा कि वाजपेयी जी कुशल प्रशासक, राजनीतिज्ञ एवं लोकप्रिय जन नेता थे वे एक ऐसे महान वक्ता थे, जिन्हें समाज के सभी वर्गों के लोग प्यार और आदर करते थे। अटल जी उत्तराखण्ड राज्य के प्रणेता हैं, उन्होंने न केवल उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण किया बल्कि इसके विकास के लिए आधार भी तैयार किया। पी.एम.जी.एस.वाई की शुरुआत भी अटल बिहारी वाजपेई द्वारा की गई, जिसके अंतर्गत आज उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछा है।
इस अवसर पर पुस्तक मेला समिति के अध्यक्ष रोहिताश अग्रवाल, सचिव नवल किशोर तिवारी, उपाध्यक्ष हंसा पांडे, कोषाध्यक्ष अनिल चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन पाण्डेय, फिल्म डायरेक्टर चंद्रकांत, फिल्म अभिनेता हेमंत पांडे, भाषाविद दिवा भट्ट, कृषि वैज्ञानिक जीसी भट्ट, प्रभारी जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी चंपावत रिंकू बिष्ट, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।