नैनीताल में दुष्कर्म के बाद धर्म परिवर्तन का मामला, मुकदमा दर्ज

नैनीताल में नाम बदलकर युवती से दोस्ती और फिर दुष्कर्म के बाद धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने पीड़ित युवती की तहरीर पर आरोपी समेत पांच पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 के तहत कुमाऊं में दर्ज यह पहला मुकदमा है।

कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि क्षेत्र निवासी एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि साकिब सैफी उर्फ शिव ठाकुर निवासी बंबाघेर ने उसके साथ नाम बदलकर दोस्ती की। जान पहचान होने पर साकिब ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसे साकिब की असलियत पता चली तो उसने विरोध किया।

आरोप है कि युवक ने उसे पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद साकिब ने अपने दोस्तों के साथ उसकी बहन का भी पीछा करवाया। तहरीर में बताया कि आरोपी के परिजन भी उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे हैं।

कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने साकिब सैफी ऊर्फ शिव ठाकुर, सबा, यूनुस, राहिला और गजाला के खिलाफ धारा 323/354/354डी/376/504/506 व उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बताया कि आरोपी की ओर से भी तहरीर दी गई है जिसमें युवती ने शादी के लिए धर्म परिवर्तन करने की बात कही है। प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। इधर, सीओ बलजीत सिंह भाकुनी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

जनपद प्रवास कार्यक्रम के जरिए सीएम से सीधा जुड़ पा रहे हैं आजमन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जनपद प्रवास कार्यक्रम सफल साबित हो रहा है। इस दौरान वह विकास योजनाओं की समीक्षा, लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही आम लोगों के साथ सीधा संवाद भी स्थापित कर रहे हैं। युवाओं और मातृशक्ति के साथ जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर परिचर्चा को मुख्यमंत्री खासी तवज्जो दे रहे हैं। अब तक धामी राज्य के 13 में से 6 जिलों में प्रवास कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुछ समय पहले निर्णय लिया था कि वह शुक्रवार और शनिवार को जनपदों के भ्रमण व प्रवास पर रहेंगे। इसी निर्णय के तहत वह अब तक 6 जिलों रुद्रप्रयाग, चम्पावत, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ का प्रवास कर चुके हैं। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणाओं की प्रगति और उन पर हुए अमल की जानकारी भी ले रहे हैं। समीक्षा बैठकों में सीएम धामी लापरवाह और गैरजिम्मेदार अधिकारियों के पेंच कसने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अधिकारियों को पूरे होमवर्क और रोडमैप के साथ बैठकों में आने के निर्देश दिए गए हैं। उनके सख्त रवैये से जिला स्तर के अधिकारी हलकान हैं। समीक्षा बैठकों के साथ ही मुख्यमंत्री धामी जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। सरकारी सिस्टम के फीडबैक के साथ ही स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी उन्हें जनता से मिल रही है। सुबह और शाम के पैदल सैर के दौरान वह स्थानीय व्यापारियों, किसानों और महिलाओं से बातचीत कर रहे हैं। रविवार की शाम मुख्यमंत्री सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के प्रवास से लौटे। प्रातः काल वह भ्रमण पर निकले तो उन्होंने नवीन बोरा के प्रतिष्ठान पर गरमा गरम चाय का आनंद लिया और उनका हालचाल जाना। उन्होंने प्रतिदिन की बिक्री समेत परिवार के दूसरे सदस्यों और गुजर बसर की जानकारी भी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने यहां स्थानीय लोगों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से चाय के साथ चर्चा की। तभी पिकनिक पर जा रहे स्टैफर्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों पर नज़र पड़ी तो मुख्यमंत्री स्कूल बस में चढ़कर सभी बच्चों से मिले। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

पिथौरागढ़ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गृह जनपद है। उनका पैतृक गांव हरखोला (कनालीछीना ब्लॉक) है जहां उनकी प्राथमिक शिक्षा हुई थी। बचपन के कई साथी भी उनसे मुलाकात करने पिथौरागढ़ पहुंचे। बड़ी आत्मीयता के साथ सीएम धामी ने अपने पुराने साथियों के साथ समय बिताया।

सीएम ने रानीबाग में एचएमटी फैक्ट्री का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातः रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री का निरीक्षण किया। एचएमटी फैक्ट्री के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मास्टर प्लान बनाकर इस क्षेत्र का विकास किया जायेगा। जिससे यहां के क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिले यही प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निरीक्षण स्थल पर आयुक्त दीपक रावत एवं जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल एवं सम्बन्धित अधिकारियों से वार्ता कर संभावनाओं पर विचार विमर्श किया। निरीक्षण दौरान एचएमटी फैक्ट्री के कर्मचारियों द्वारा मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सीएम ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगों का समाधान किया जायेगा। एचएमटी फैक्ट्री का 1982 में कार्य प्रारम्भ हुआ तथा 1985 में फैक्ट्री का प्रोडेक्शन प्रारम्भ हुआ। नवम्बर 2016 में एचएमटी फैक्ट्री को बन्द कर दिया गया था। एचएमटी फैक्ट्री का कुल 45.33 एकड़ भूमि पर काबिज है पिछले दिनों केन्द्र सरकार द्वारा एचएमटी फैक्ट्री को राज्य सरकार को सौंप दिया है।

इस अवसर पर मेयर डा0 जोगेन्दर पाल सिंह रौतेला, विधायक रामसिंह कैडा, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, डा अनिल कपूर डब्बू, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र बिष्ट, पूर्व दर्जा मंत्री हेमन्त द्विवेदी, चन्दन बिष्ट, योगेश रजवार, सुरेश तिवारी, संजय दुम्का, विकास भगत,भुवन जोशी, नवीन पंत, चतुर बोरा, प्रताप बिष्ट, दिनेश आर्य, प्रदीप जनौटी के साथ ही आयुक्त दीपक रावत,डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी पंकज भटट, उपस्थित थे।

सीएम ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निजी आवास पर बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें दीपावली की हार्दिक बधाई तथा शुभकामनाएं दी। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से नगला तराई पहुंचे सभी व्यक्तियों से मुख्यमंत्री ने मुलाकात की और उन सभी का हाल जाना।
दीपावली की शुभकामनाएं देने वालों में कक्षा 2 में पढ़ने वाली लगभग 7 वर्षीय बालिका मानवी कुंवर भी मुख्यमंत्री को दीपावली की बधाई देने उनके निजी आवास पहुंची। मुख्यमंत्री से मिलकर बालिका बहुत ही ज्यादा खुश हुई। बालिका की खुशी उस समय दो गुनी हो गई जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं अपने हाथों से बालिका को उपहार दिए। बालिका ने खुद की (अपनी) बनाई हुई वीडियो मुख्यमंत्री को दिखाई। मुख्यमंत्री ने बालिका द्वारा बनाई गई वीडियो का अवलोकन करते हुए बालिका की प्रशंसा करने के साथ ही बालिका को प्यार दुलार दिया और उज्ज्वल भविष्य की कामना।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा के पत्रकार कुंदन सिंह बिष्ट से दूरभाष पर वार्ता की तथा कुंदन सिंह बिष्ट से उनके पुत्र के लापता होने के संबंध में जानकारी ली, जिसके पश्चात मुख्यमंत्री ने एसपी चंपावत को निर्देश दिए कि वह लापता पुत्र की सकुशल बरामदगी हेतु खोजबीन कार्य में तेजी लाएं।
खटीमा निवासी मुजीबुल हसन ने इलाज हेतु आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने मुजीबुल हसन को एम्स में इलाज कराने का सुझाव देते हुए कहा कि इलाज हेतु हर संभव आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा क्षेत्र के 21 विद्यालयों में बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर अपग्रेडेशन का तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को खटीमा क्षेत्र के 21 विद्यालयों राजकीय प्राथमिक विद्यालय उलानी, नौसर पटिया, बंडिया, हल्दी पचपेड़ा,मझोला, बिसोटा, सड़ा सडिया नवीन, श्रीपुर बिचुवा, पचोरिया प्रथम, नगला जोगीठेर, सुजिया महोलिया, खटीमा प्रथम, लोहिया हैड, पकरिया, राजकीय इंटर कॉलेज देवरी खटीमा, प्रतापपुर, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदपुर भुडिया, सिसेया, स्वर्गीय खीम सिंह धामी स्कूल नगला तराई, नारायण दत्त तिवारी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बग्घा, गोविंद बल्लभ पंत विद्यालय चकरपुर में फर्नीचर अपग्रेड करने के निर्देश दिए।

चंपावत पहुंचे, घटोत्कच मंदिर में किया पूजा अर्चना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत स्थित श्री घटोत्कच मंदिर में आयोजित घटोत्कच महोत्सव में प्रतिभाग कर घटोत्कच मंदिर में घटकू महाराज की पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि चंपावत की इस पावन भूमि, घटकू महाराज के आशीर्वाद से तथा यहां की देवतुल्य जनता ने उप चुनाव में रिकॉर्ड मतों से उन्हें विजयी बनाकर सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि मानस खण्ड सहित विभिन्न ग्रंथों में चंपावत एक विशिष्ट आध्यात्मिक क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, यहां अनेक देवी देवता विराजमान हैं जो हमारी हमेशा रक्षा करते है। उन्होंने कहा कि चंपावत के साथ ही पूरे प्रदेश में विभिन्न मेले, महोत्सव मनाए जाते हैं जो पहाड़ की मूल संस्कृति को जीवित रखते हैं और इसी कारण से हमारा यह परिवेश पूरे देश में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार निरंतर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रही है। चंपावत को आदर्श जिला बनाने हेतु विकास के दृष्टिगत अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस क्षेत्र के विकास के प्रति संकल्पित, और मन, वचन, कर्म से हर प्रकार से क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए तत्पर हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के विकास हेतु अनेक घोषणाएं की गई ’जिसमें घटोत्कच मदिर की चहार दिवारी एवं दो कक्षों का निर्माण, मंदिर का कुमाऊँ शैली में सौन्दर्यीकरण, घटोत्कच मंदिर स्थल को सौंझ हिडिम्बा मंदिर होते हुए गौड़ी सड़क तक लगभग 2.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण, घटोत्कच मंदिर से झाली-माली मंदिर तक 1700 मीटर सड़क का डामरीकरण, हिडिम्बा मन्दिर के निकट खेल मैदान का निर्माण, घटोत्कच मंदिर गेट से कैप्टन बिंदु सिंह के घर तक अवशेष सीसी मार्ग का निर्माण के साथ ही तहसीलों को राजस्व कार्यों के संपादन हेतु 2.50 लाख का फण्ड उपलब्ध कराये जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने प्रान्तीय खण्ड लोनिवि चम्पावत के अन्तर्गत बनलेख-ललुवापानी मोटर मार्ग को राजमार्ग घोषित किए जाने, क्रातेश्वर आदि ट्रेक रूट्स पर साइनेजज लगाए जाएंगे। चम्पावत बाजार से गोरलचौड़ मैदान की ओर जाने वाले मोटर मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। जिला मुख्यालय में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अन्तर्गत आपदा प्रशिक्षण केन्द्र का निर्माण, जिला मुख्यालय में बहुउदेशीय आपदा राहत केन्द्र का निर्माण के साथ कलक्ट्रेट चम्पावत का कुमाऊँनी शैली में पुर्ननिर्माण किये जाने की भी मुख्यमंत्री ने घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा घटोत्कच स्मारिका का भी विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष वन विकास निगम कैलाश चन्द्र गहतोड़ी, अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री हयात सिंह मेहरा, अध्यक्ष नगर पालिका चंपावत विजय वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पाटी सुमन लता, बाराकोट विनीता फ़र्त्याल, चंपावत रेखा देवी, हरगोविंद बोहरा, अध्यक्ष मंदिर समिति मनमोहन सिंह बोहरा, जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा आदि उपस्थित थे।

पंत यूनिवर्सिटी में सीएम ने किया युवाओं से संवाद, युवाओं से पूछे सवाल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में पहुंचकर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं के सवालों के बहुत ही सहेजता एवं सरलता से जवाब दिए।

युवा संवाद कार्यक्रम में अपने लोकप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपने बीच पाकर युवा बहुत ही प्रफुल्लित एवं उत्साहित हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गांधी हॉल में पहुंचते ही युवाओं ने पूरी गर्मजोशी के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में 800 युवाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया।

कार्यक्रम में निशा सिंह ने बैकलोग के पद भरे जाने तथा बरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में प्रश्न किया, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बैकलोग ही नहीं अन्य रिक्त पदों को भरना भी सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं में नकल एवं पेपर लीक की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए डीजीपी को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए थे, जिसमें अब तक 41 गुनहगारों की गिरफ्तारियां हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों की संपत्तियां कुर्क करने के आदेश दिए गए हैं तथा उन पर गैंगस्टर के साथ ही अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जब तक घोटाले में शामिल हर एक व्यक्ति जेल नहीं पहुंच जाता, तब तक जांच चलती रहेगी। उन्होंने कहां कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से भर्ती होने वाले 7000 पदों को तत्काल भरने के लिए, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को भर्ती के लिए नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि 7000 भर्तियों के लिए लोक सेवा आयोग द्वारा अक्टूबर माह में विज्ञप्ति जारी हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा समय सारणी निर्धारित कर ली गई है जो कि शीघ्र ही जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त 12000 पदों को भी शीघ्र ही भरा जाएगा।

राहुल भट्ट ने देश की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में प्रधानमंत्री द्वारा अर्थव्यवस्था बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में पूछा, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अधिक उपज उत्पादन पर जोर दिया गया है, जिसके परिणाम स्वरूप खाद्यान्न आयात नहीं करना पड़ रहा और भारत खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की जीडीपी की बहुत बड़ी धनराशि रक्षा उपकरण एवं हथियार खरीदने में जाती थी, रक्षा उपकरणों के आयात के विपरीत भारत रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहा है तथा रक्षा उपकरण आयात के स्थान पर निर्यात की ओर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 8 सालों में सकल घरेलू उत्पाद दोगुना हुआ है तथा प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि 2010 में भारत विश्व की 10वीं बड़ी अर्थव्यवस्था थी परंतु अब भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। उन्होंने कहा कि देश में जब पोलियो वायरस आया था तब देश को पोलियो की दवाई मिलने में 15 साल का वक्त लग गया था, परंतु जब कोरोना ने विश्व भर में दस्तक दी तो विश्व जगत यह चिंता कर रहा था कि यदि भारत में यह बीमारी फैली तो विश्व के लिए भारत जिम्मेदारी बन जाएगा परंतु पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश के सभी नागरिकों को प्रथम व द्वितीय डोज के साथ ही बूस्टर डोज भी फ्री में लगाई गई तथा विश्व के अन्य देशों को भी कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि कोरोना कॉल में 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को घर चलाने एवं चूल्हा जलाने के लिए प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री ही नहीं बल्कि अभिभावक होने के नाते पूरे देश की चिंता की और किसी भी गरीब को भूखा न सोना पड़े, इसलिए गरीब कल्याण अन्न योजना चलाई तथा सभी परिवारों के लिए अन्न की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रही है।

विभाष ने वर्तमान आयु में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ रहने के बारे में जानना चाहा, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 घंटे में से 20 घंटे काम करने के बावजूद भी तरोताजा रहते हैं, उनमें जो ऊर्जा क्षमता सवेरे रहती है वही ऊर्जा क्षमता रात में भी रहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ रहने का सबसे बड़ा राज अनुशासन, नियम एवं संयम का ही परिणाम है, जिसके कारण वे आज भी 25 वर्ष के नौजवानों जैसे ही ऊर्जावान दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति को अनुशासन के साथ ही व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियां करने के लिए समय निकालना चाहिए और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

प्रशांत ने नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के पश्चात भारत के पाक तथा चीन संबंधों में आए परिवर्तन के बारे में जानना चाहा, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भी सैनिक का बेटा हूं और मेरे पिताजी ने 30-32 साल देश की विभिन्न क्षेत्रों में रहकर सेवा की है। उन्होंने कहा कि मेरे पिताजी शांति सेना में श्रीलंका भी गए थे। उन्होंने कहा कि बचपन में मेरे मन मे भी यह सवाल आता था कि भारत-पाक युद्ध हुआ तो हमारी जीत निश्चित होगी परंतु जब चाइना के साथ युद्ध की बात आती थी तो मन में संशय के बादल छाए रहते थे। उन्होंने कहा कि मन में संशय के यह बादल भारत चीन युद्ध की 1962 की लड़ाई का परिणाम थी, परंतु प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के पश्चात गलवान घाटी में देश के सैनिकों ने मुंह तोड़ जवाब दिया। गलवान घाटी में शहीद सैनिक हमें विरासत में सोच देकर गए हैं कि कोई भी आंख उठाकर देखेगा तो उसको नस्तोनाबूद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की सेना सदा ही शौर्य और पराक्रम का इतिहास लिखती आई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद म्यांमार में घर में घुसकर तथा पुलवामा आतंकी हमले का बदला सर्जिकल स्ट्राइक कर के लिया गया है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की महाशक्ति बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व में कोई भी घटना होती है तो दुनिया भारत की ओर देखती है। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान देश के झंडे का पराक्रम देखने को उस समय मिला जब देश के विद्यार्थियों के साथ ही विश्व के अन्य देशों के व्यक्तियों ने भी यूक्रेन से निकलने के लिए हमारे देश के तिरंगे का सहारा लिया।

अरुण कुमार ने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री स्वयं यह कहते हैं कि यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा इसके लिए क्या-क्या योजनाएं चलाई जा रही है, जिस पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह दशक उत्तराखंड का दशक तब होगा जब राज्य में पर्यटन तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को अच्छी सुविधाएं मिले। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में अच्छी एवं आधारभूत सुविधाएं कैसे मिले, अवस्थापना विकास सुविधाओं, रेस्टोरेंट, बंगले, यातायात एवं रेलवे परिवहन आदि को सुविधाजनक बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा राज्य एवं देश अतिथि देवो भावः के भाव से काम करता है, सभी के मन में अतिथि देवो भावः का भाव होना चाहिए। जो भी पर्यटक एक बार राज्य में आए वह सुखद अनुभव लेकर यहां से जाए ताकि एक बार आए तो बार-बार आने की इच्छा करें। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन नीति में बदलाव किया जा रहा है। उन्होंने ऋषिकेश के ताज होटल का हवाला देते हुए कहा कि अकेले एक होटल से ₹20 करोड़ का राजस्व 1 साल में मिलता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के होटल यदि राज्य में होंगे तो निश्चित ही राज्य को विकास में नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल विद्युत परियोजनाओ, योगा, वेलनेस सेंन्टर, उद्योग, आयुष के साथ ही सभी क्षेत्रों में मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि इस दशक को उत्तराखण्ड का दशक बनाने के लिए सभी व्यक्तियों को अपना-अपना काम एवं जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्य निष्ठा से करना होगा, तभी ये दशक उत्तराखंड का दशक होगा और इसके लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे।

योगेश आर्य ने प्रदेश के पर्यटन प्रदेश के रूप में विकसित किए जाने हेतु पर्यटन विकास लिए चलाई जा रहे स्कीम की के बारे में पूछा, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब राज्य गठन हुआ था तब यह प्रश्न गहराई से जुड़ा था कि राजस्व का विकास का आधार क्या होगा कैसे विकास की संरचना को गढ़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में पर्यटन विकास हेतु पर्यटन नीति में परिवर्तन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार चार धाम यात्रा पर रिकॉर्ड तोड़ 31 लाख से ज्यादा यात्री दर्शन कर चुके हैं तथा इस बार कावड़ यात्रा में भी चार करोड़ से ज्यादा शिवभक्त कावड़ लेके जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में तीसरे चरण का काम तेजी से चल रहा है तथा बद्रीनाथ का मास्टर प्लान भी तैयार हो गया है। सड़कों को एक कोने से दूसरे कोने तक जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर, हल्द्वानी, मुरादाबाद बायपास तथा काशीपुर-मुरादाबाद रोड फोरलेन स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कैलाश मानसरोवर की यात्रा सड़क मार्ग से ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन के विकास के लिए रेलव,े एयर कनेक्टिविटी, रोड कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जा रहा है उन्होंने कहा कि ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल मार्ग शीघ्र शुरू हो जाएगा जिस पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि उड़ान सेवा में प्रत्येक जगह को हेली सेवा से जोड़ने का काम उत्तराखंड कर रहा है, उन्होंने कहा कि एवियशन टर्बाे फ्यूल पर टैक्स में 18 पर्सेंट की छूट दी गई है अर्थात 2 परसेंट ही टैक्स वसूला जा रहा है।

चित्रा हलदर ने पूछा कि मोदी जी से वार्तालाप में उत्तराखंड के विषय में क्या वार्ता होती है जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले जब मैं पीएम साहब से मिलने के लिए गया था तब मेरे भी मन में यही था कि किस प्रकार के सवाल होंगे और क्या-क्या जवाब देना होगा, परंतु जब मैं उनसे मिला सवालों के जवाब दे दिये तथा 15 मिनट के बाद में बहुत ही ज्यादा अपने आप को सरल एवं सहज महसूस करने लगा। मैं यह भी भूल गया कि यह मेरे सम्मुख प्रधानमंत्री जी बैठे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैंने प्रधानमंत्री जी को अद्वैत आश्रम संबंधित स्वामी विवेकानंद की पुस्तक भेंट की तब उन्होंने नारायण आश्रम, अद्वैत आश्रम, आदि कैलाश, केदारनाथ के विकास तथा बद्रीनाथ के मास्टर प्लान एम्स की प्रगति के साथ ही राज्य के हर सेक्टर एवं क्षेत्र के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी राज्य के हर क्षेत्र एवं परिस्थितियों से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी से 15 मिनट का समय मिलने के लिए लिया गया था परंतु प्रधानमंत्री जी द्वारा पूरे 1 घंटा 30 मिनट का समय दिया गया और उन्होंने राज्य के संपूर्ण भूभाग एवं क्षेत्रों के कार्यों की जानकारी ली। प्रधानमंत्री जी का राज्य से गहरा लगाव है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा पोस्ट कार्ड के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामना संदेश भी प्रेषित किया गया।

मानसी पांडे ने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात मॉडल की तरह आपका क्या मॉडल है जिस पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 12 साल गुजरात के सीएम रहे, उनका गुजरात मॉडल में सुशासन, उद्योग, सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया। उनके शासन में रात दिन का कोई भी अंदर नहीं करते थे। गुजरात मॉडल पूरी दुनिया में सराहा गया। उन्होंने कहा कि मोदी जी की विचारधारा को न मानने वाली सरकारों ने भी गुजरात मॉडल को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास हेतु 6000 एकड़ लैंड बैंक निकाला गया है, पर्यटन नीति में बदलाव कर रहे हैं और वेलनेस सेंटर आदि की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान हेतु सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं चौथे नंबर पर संतुष्टि का भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कार्य संस्कृति में बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या घनत्व बढ़ रहा है, असामाजिक तत्व राज्य में बनाना ले पाए इसके लिए सघन ड्राइव चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को कोई परेशानी न हो, उद्योगों से रोजगार मिले एक सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। इसके साथ ही सभी क्षेत्रों में भी कार्य किये जा रहे है।

इस दौरान विधायक शिव अरोड़ा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, मेयर रामपाल सिंह, प्रदेश मंत्री बीजेपी विकास शर्मा, अनिल चौहान, भारत भूषण चुघ, शिव कुमार अग्रवाल, हरीश मुंजयाल, डीआईजी निलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसएसपी मंजूनाथ टी.सी, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

चंपावत में छत गिरने से हुई छात्र की मौत, सीएम ने शोक जताकर दिए मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जनपद के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मौनकाण्डे में एक दुःखद घटना में विद्यालय में शौचालय की छत गिरने से कक्षा 03 में अध्ययनरत् एक छात्र की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश देते हुए कहा है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि सभी सरकारी स्कूल भवनों का निरीक्षण कर लिया जाए। जहां जरूरी हो वहां भवनों के मरम्मत संबंधी काम करवा लिया जाए। यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि कक्षाएं पूरी तरह से सुरक्षित भवनों में ही संचालित हो।

उधर घटना की जानकारी देते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी, चम्पावत जितेन्द्र सक्सेना ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय मौनकाण्डे में दिनांक 14 सितम्बर, 2022 को एक दुःखद घटना में विद्यालय में कक्षा 03 में अध्ययनरत् छात्र चन्दन सिंह पुत्र गोधन सिंह का आकस्मिक निधन हो गया। दुःख की इस घड़ी में विद्यालयी शिक्षा विभाग शोक संतप्त परिवार के साथ है। विद्यालय में एक अन्य शौचालय भी बना हुआ था, जो कि छात्रों द्वारा प्रयोग में लाया जा रहा था। जिस शौचालय की छत गिरने से दुर्घटना हुयी, यह निष्प्रोज्य (प्रयोग में नहीं) था। मध्यावकाश में खेल-खेल में विद्यार्थी उस निष्प्रयोज्य शौचालय की छत पर चढ़ गये, जिससे कि भार अधिक होने के कारण दुघर्टना घटित हुयी। दुर्घटना में घायल छात्र-छात्राओं का ईलाज तत्काल चिकित्सकों के द्वारा किया गया व अन्य सभी घायल छात्र छात्राएं खतरे से बाहर है।

प्रसिद्ध पवनदीप राजन ने की शिष्टाचार भेंट, आगामी फिल्म में संगीत निर्देशन की दी जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनके संगीत निर्देशन में हिन्दी एवं नेपाली भाषा में बनी फिल्म प्रेम गीत 3 आगामी 23 सितम्बर को रिलीज हो रही है।

मुख्यमंत्री ने पवनदीप राजन के प्रयासों की सराहना की तथा फिल्म के सफल प्रदर्शन के लिये शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर निर्माता निर्देशक सुभाष काले व सन्तोष सेन, अभिनेता प्रदीप खड़का, अभिनेत्री क्रिस्टियाना गुरूंग आदि भी उपस्थित थे।

सल्ट दौरे पर सीएम, दी घोषणाएं से सौगातें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सल्ट, अल्मोड़ा में 5 सितंबर सल्ट क्रान्ति के अवसर पर शहीद दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने खुमाड़, सल्ट में शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तहसील परिसर सल्ट से खुमाड़, सल्ट में भव्य शहीद स्मारक बनाए जाने ,5 सितम्बर शहीद दिवस पर आयोजित मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने एवं स्वतन्त्रता संग्राम सैनानी शहीद चूडामणि राजकीय इण्टर कालेज खुमाड़ मैदान में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री श्री धामी ने शक्तिपीठ भीना देवी मन्दिर के सम्पर्क मार्ग के अवशेष भाग का नव निर्माण किए जाने, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औनेड़ी तराड का नव भवन निर्माण किए जाने, राजकीय पॉलिटेक्निक सल्ट में सिविल ट्रेड की स्वीकृति प्रदान किए जाने, राजकीय आदर्श विद्यालय देवायल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटाचामी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नैकणा व राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेसड़ी का नव भवन निर्माण किए जाने, अल्प विकसित पर्यटक स्थल मल्ला गड़कोट, थल्माड एवं खटलगाँव का सौन्दर्यीकरण किए जाने, सल्ट के अति दुर्गम क्षेत्र भीताकोटखाल, मरचूला एंव तराड़ में ए.एन.एम. सेन्टर की स्वीकृति प्रदान किए जाने, राजकीय इण्टर कालेज नेलवालपाली का नाम स्वतन्त्रता संग्राम सैनानी शहीद अम्बा दत्त जी के नाम किए जाने, तल्ला मानिला मन्दिर स्थित विशेष अतिथि गृह का निर्माण किए जाने, देघाट – चिन्तोली मोटर मार्ग का नाम बदलकर स्वतन्त्रता संग्राम सैनानी शहीद हरिकृष्ण हीरा मणि जी मोटर मार्ग लिए जाने की बात कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5 सितंबर ’सल्ट क्रान्ति’ में शहीदों को भावमीनि श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अंग्रेजों से लोहा लेते समय खुमाड़ क्षेत्र के शहीद हुए स्व० खीमानन्द एवं उनके सगे भाई स्व० गंगाराम सहित स्व० बहादुर सिंह एवं स्व० चूड़ामणि ने क्षेत्र के साथ अपना नाम अमर किया है। उन्होंने कहा सल्ट के इन महान् क्रांतिकारियों ने राष्ट्रीय स्वतंत्रता आन्दोलन के इतिहास में उत्तराखण्ड का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित किया है। सल्ट क्रांति- स्वाधीनता आन्दोलन का एक अविस्मरणीय अध्याय रहा है। सल्ट क्षेत्र में आजादी की लड़ाई की शुरुआत कुली बेगार आन्दोलन के तहत ब्रिटिश हुकुमत के दमनकारी फैसलों की प्रतिक्रिया के कारण हुई थी। इस क्षेत्र की जनता ने एक स्वर में कुली बेगार न देने का संकल्प किया। उन्होंने कहा आजादी की लड़ाई में खासकर सल्ट क्रांति को संचालित करने में उत्तराखंड के शिक्षकों की अहम भूमिका रही थी। सन् 1942 में महात्मा गांधी के ’भारत छोड़ो और ’करो या मरो’ के नारे की सल्ट क्षेत्र में जबरदस्त प्रतिक्रिया हुई। सल्टवासियों की इसी देशभक्तिपूर्ण शहादत के कारण गांधीजी ने इस क्षेत्र को कुमाऊँ की बारदोली कहा था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत करवाते हुए कहा कि सरकार अपने वादों के अनुसार गरीब परिवारों को तीन सिलेण्डर मुफ्त उपलब्ध करवा रही है। राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी बहनों, मिनि आंगनबाड़ी,आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी की है, उत्तराखण्ड में अब वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र पति व पत्नी दोनों को लाभ मिलेगा ऐसा प्राविधान किया गया है। उन्होंने कहा हमने राज्य में 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचों की निशुल्क सुविधा प्रदान की है। ग्राम प्रधानों के मासिक मानदेय बढ़ाकर 3000 रूपए किया गया है, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि बढ़ाकर 10 लाख रूपए, सीमांत तहसीलों के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना शुरू की गई है तथा मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष के प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, खेल किट, ट्रैक सूट व खेल उपकरण देने की व्यवस्था की है। सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेज गति से काम हो रहा है। टनकपुर-बागेश्वर ब्रॉडग्रेज सर्वे शुरू हो चुका है, डोईवाला से गंगोत्री-यमुनोत्री रेललाइन के सर्वे पर भारत सरकार की सहमति मिली है। चारधाम ऑलवेदर सड़क परियोजना के साथ ही टनकपुर-पिथौरागढ़ की सड़क कनेक्टीवीटी में सुधार हुआ है, चारधाम सर्किट में सभी मंदिरों, गुरूद्वारों में भौतिक ढांचे और परिवहन सुविधाओं के विस्तार किया जा रहा है, उन्होंने कहा हम कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर कार्य कर रहे हैं, पर्वतीय क्षेत्रों में रोपवे नेटवर्क निर्माण के लिये पर्वत माला परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क रेल हवाई कनेक्टिविटी पर तेज गति के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार पारदर्शिता के साथ विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उत्तराखंड राज्य विकास के नए आयामों को छू रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता के लिये समिति का गठन कर दिया है। समिति की तीन बैठकें भी हो चुकी हैं, जल्द ही ड्राफ्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा भ्रष्टाचार मुक्त करने हेतु 1064 ऐप लॉच किया गया है, जिसके अंतर्गत सरकार द्वारा 2 करोड़ का रिवॉलविंग फण्ड का भी प्रविधान किया गया है। उन्होने कहा सरकार द्वारा सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि पर फोकस किया गया है, ताकि आम जनता के इस मंत्र के साथ सरकारी सुविधाएं पहुंचे। सचिवालय में सोमवार को नो मीटिंग डे रखा गया है, जिला स्तरीय अधिकारियों को सोमवार से शुक्रवार तक प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालयों पर रहने के निर्देश दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वीडीओ भर्ती की जांच एसटीएफ द्वारा की जा रही है उन्होंने कहा मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं जांच में आने वाले प्रत्येक आरोपी को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। उन्होंने कहा आगे ऐसी घटना ना हो इसके लिए कठोर नीति बनाई जाएगी। जांच में बड़े से बड़े व्यक्ति का नाम आने पर भी उसे छोड़ा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने भू कानून पर गठित कमेटी द्वारा बनाई गई रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही भू कानून पर निर्णय किए जाने की बात कही।

सांसद अजय टम्टा ने कहा कि जिन अमर शहीदों की शहादत से देश आजाद हुआ उन सभी ज्ञात अज्ञात को नमन करता हूं एवं श्रद्धांजलि देता हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी युवा मुख्यमंत्री द्वारा सल्ट क्षेत्र के विकास हेतु विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय स्वीकृति दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के सपनों को साकार करने के लिए विधायक महेश जीना लगातार अपनी पूरी ताकत से जुटे हैं।

विधायक महेश जीना ने सल्ट क्रांति में शहीद हुए क्रांतिकारियों को नमन किया। साथ ही उन्होंने इस ऐतिहासिक स्थल पर आने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सल्ट विधानसभा के विकास के लिए समर्पण के साथ कार्यरत हूं, उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कई कड़े फैसले ले रही है साथ ही राज्य के विकास के साथ ही सल्ट का विकास भी तीव्र गति के साथ आगे बढ़ रहा है।

इस दौरान विधायक प्रमोद नैनवाल पूर्व विधायक महेश नेगी, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, बीजेपी मंडल अध्यक्ष सल्ट विक्रम बिष्ट, जिलाधिकारी वंदना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय, अपर जिलाधिकारी सीएस मर्ताेलिया, उपजिलाधिकारी गौरव पांडे एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

बागनाथ मंदिर में सीएम ने की पूजा अर्चना, की प्रदेश की खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर स्थित विश्व प्रसिद्ध बागनाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं तरक्की की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने 316.91 लाख रूपये की लागत से बने बागनाथ मन्दिर से नुमाईषखेत को जोड़ने वाले पुल, एवं बागनाथ मंदिर में धर्मशाला का निर्माण एवं रेनोवेशन का कार्य तथा छत पर काले रंग की पटाल व क्लेडिंग कार्य का लोकार्पण किया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास, सांसद अजय टम्टा, विधायक सुरेश गडिया, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।