राष्ट्रीय संगठन मंत्री कल ऋषिकेश में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे

भारतीय जनता पार्टी ऋषिकेश विधानसभा की चुनाव संचालन समिति एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ मुखर्जी रोड स्थित चुनाव कार्यालय पर चर्चा वार्ता की गई जिसमें में चुनाव की दृष्टि से विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया।
इस अवसर पर ऋषिकेश विधानसभा के प्रभारी दिगंबर नेगी ने कहा है कि यह धर्म युद्ध है। हम विकास व राष्ट्र के लिए कार्य करते हैं और इसी आधार पर आज आम जनमानस हमारे साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को विभिन्न कार्यों को संचालित करने के लिए दायित्व किए गए हैं। सभी कार्यकर्ता अपनी पूर्ण निष्ठा व लगन से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन व संस्कार के आधार पर प्रत्येक कार्यकर्ता कार्य करता है और इसका सीधा लाभ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को मिलेगा।
इस अवसर पर चरणजीत सिंह ढीगरा, विधानसभा के प्रभारी दिगंबर नेगी, महापौर अनिता मंमगाई, पूनम चौधरी, कृष्ण कुमार सिंघल, देवेंद्र सकलानी, देवेंद्र नेगी, सुरेंद्र मोघा, कपिल गुप्ता, गोपाल दत्त सती, रविंद्र राणा सरोज डिमरी, रोहित राष्ट्रवादी आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

धनाई ने प्रचार अभियान किया तेज

उजपा नेता और ऋषिकेश विधानसभा से प्रत्याशी कनक धनाई ने आज हरिपुरकलां और रायवाला में जनसम्पर्क कर वोट मांगा। वहीं, रुसा फार्म और आवास विकास में जनसभा की।
इस दौरान कनक धनाई ने मौजूदा व्यवस्था पर कई सवाल पूछे और ऋषिकेश विधानसभा की समस्याओं की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मौजूदा विधायक को सबसे नकारा विधायक बताया। कनक धनाई ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में लगातार 15 वर्षो से एक ही विधायक चुन कर गया हो तब भी विधानसभा में मूलभूत समस्याओं का अंबार लगा हो तो हमें समझना चाहिए कि हमारा जनप्रतिनिधि कैसा है।
युवाओं के प्रति उनके एजेंडे और विकास के प्रति अपनी सोच को कनक धनाई ने सबके सामने रखा। कहा कि आज युवा परिवर्तन मांग रहा है। ऐसे में आपका एक वोट इस अव्यवस्था पर भारी चोट कर सकता है।

कांग्रेस प्रत्याशी ने नगर के व्यपारियों के संग बैठक की

ऋषिकेश में सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी ने व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने व्यापारियों से कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की।
सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने नगर उद्योग व्यापार महासंघ ऋषिकेश के व्यापारियों संग बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यापारियों को सबसे अधिक प्रताड़ित किया है। प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी, तो व्यापारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाती थी। उनके मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखकर प्रदेश में भय मुक्त व्यापार करने का वातावरण दिया जाता था। लेकिन आज भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा प्रताड़ित व्यापारी को किया जा रहा है। व्यापारी किसी भी सरकार की रीड की हड्डी माना जाता है। इसके बावजूद भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा उपेक्षा व्यापारी समाज की ही की जा रही है।
मौके पर नगर उद्योग व्यापार महासंघ ऋषिकेश के महामंत्री अखिलेश मित्तल, राजीव मोहन, सूरज गुलाटी, मनोज कालरा, दीपक बंसल, अजय गर्ग, विवेक वर्मा, अनिल पंवार, ललित सक्सेना, मदन नागपाल, चंद्र मोहन नारंग, बूटा सिंह, पंकज अरोरा, संजय पंवार आदि उपस्थित रहे।

ऋषिकेश में भाजपा ने अपना कुनबा बढ़ाया, मदन कौशिक ने दिलाई सदस्यता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य भाजपा के हाथों में सुरक्षित है। भाजपा का 60 पार का नारा पूरा होगा। इस दौरान उन्होंने ऋषिकेश में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष रामकृपाल गौतम और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलवाई। रविवार को आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में भाजपा ने कार्यक्रम आयोजित किया।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष रामकृपाल गौतम और उनके समर्थकों को भाजपा की सदस्यता दी। कहा कि उत्तराखंड राज्य भाजपा के हाथों में सुरक्षित है और इसके संवारने का कार्य भी भाजपा ही कर रही है। भाजपा ने जो 60 पार का नारा दिया है, वह पूरा होगा। भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर वह चुनाव जीत रहे हैं। इसके साथ ही जनता उनके विकास कार्यों को देख वोट करेगी।
रामकृपाल गौतम ने कहा कि पीएम मोदी व भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों से आकर्षित होकर उन्होंने 100 से अधिक समर्थकों संग भाजपा ज्वाइन की है। सदस्यता लेने वालों में देवेंद्र शर्मा राजू, पार्षद रूपा देवी, आप के युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष विजेंद्र कुमार, दीनदयाल राजभर, किशन मंडल आदि शामिल रहे। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, मेयर अनिता ममगाईं, ऋषिकेश विधानसभा की सह प्रभारी पूनम चौधरी, संदीप गुप्ता, संजय शास्त्री, ब्लॉक आदि उपस्थित रहे।

शूरवीर सिंह सजवाण निर्दलीय नामांकन भरेंगे कल

ऋषिकेश विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। गुरुवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र लेकर उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का मन बना लिया है। कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाने वाले सजवाण के निर्दलीय चुनाव लड़ने से ऋषिकेश सीट पर अब समीकरण फिर बदल गए हैं।
पृथक राज्य उत्तराखंड के अस्तित्व में आने के बाद वर्ष 2002 के पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शूरवीर सिंह सजवाण ने भाजपा प्रत्याशी संदीप गुप्ता को 863 मतों से शिकस्त दी थी। ऋषिकेश सीट से पहले विधायक बने शूरवीर सिंह सजवाण प्रदेश सरकार में सिंचाई मंत्री भी रहे। हालांकि वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में सजवाण को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने 9077 मतों से पराजित किया था। वर्ष 2017 में कांग्रेस के शूरवीर सिंह सजवाण ने दावेदारी नहीं की। लेकिन वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले सजवाण ने ऋषिकेश में सक्रियता बढ़ा दी। खुद को ऋषिकेश सीट से कांग्रेस का प्रबल दावेदार मानने लगे। ग्रामीण क्षेत्र श्यामपुर, छिद्दरवाला, साहबनगर, रायवाला में लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहे। दावेदारी प्रस्तुत करने के बाद पार्टी से उन्हें टिकट नहीं मिला। कांग्रेस ने ऋषिकेश सीट से जयेंद्र रमोला को टिकट दिया। इसके बाद से कांग्रेस में बगावत के आसार बन गए हैं। शूरवीर सिंह सजवाण और उनके समर्थक चेहरा बदलने की मांग पर अड़ गए हैं। हंगामे के बाद भी पार्टी की ओर से कार्रवाई नहीं करने पर सजवाण ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया। गुरुवार को शूरवीर सिंह सजवाण के लिए तहसील में नामांकन पत्र लेने पहुंचे समर्थक सोहनलाल रतूड़ी ने बताया कि सजवाण शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

आप प्रत्याशी सहित 6 उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से गुरुवार को भाजपा और आप प्रत्याशियों समेत छह उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। बाहरी लोगों को नामांकन स्थल से 100 मीटर दूर रखा गया।
गुरुवार को तहसील में सुबह 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पहला नामांकन पत्र उत्तराखंड जन एकता पार्टी के प्रत्याशी कनक धनाई ने दाखिल किया। दूसरा न्याय धर्म सभा पार्टी के प्रत्याशी संजय श्रीवास्तव, तीसरा भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल, चौथा अकाली दल (अ) के प्रत्याशी जगजीत सिंह जग्गा, पांचवा नामांकन पत्र निर्दलीय प्रत्याशी ऊषा रावत और छठवां नामांकन पत्र आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डा. राजे नेगी ने दाखिल किया।
रिटर्निंग अधिकारी अपूर्वा पांडेय ने बताया कि गुरुवार को निर्धारित समय अपराह्न 3 बजे तक छह नामांकन पत्र जमा हुए हैं। सभी नामांकन स्वीकार कर दिए हैं। नामांकन स्थल पर कोविड नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस मुस्तैद रही। तहसील के मेन गेट से प्रत्याशी के साथ नामांकन के लिए दो लोगों को अंदर जाने दिया। अन्य को बाहर कर दिया। नामांकन कक्ष के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।

अभी तक 42 नामांकन पत्र बिके
ऋषिकेश विधानसभा सीट के लिए अब तक 42 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर डा. अमृता शर्मा ने बताया कि गुरुवार को मधू सूदन जेठूड़ी ने निर्दलीय प्रत्याशी बबली देवी के लिए, निर्दलीय अरविंद हटवाल, सपा प्रत्याशी कदम सिंह बालियान, अंकित सजवाण ने निर्दलीय प्रत्याशी शूरवीर सिंह सजवाण के लिए तीन सेट, निर्दलीय प्रत्याशी प्रबोध चंद डबराल और बसपा प्रत्याशी बृजमोहन भारद्वाज ने 2 सेट नामांकन पत्र खरीदे हैं।

विकास कार्य बनेंगे जीत का आधार-अग्रवाल
गुरुवार को नामांकन पत्र का एक और सेट जमा करने के बाद भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि वह ऋषिकेश सीट पर तीन बार से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। क्षेत्र में विकास कार्य किए हैं, वही उनकी जीत का आधार बनेंगे। मालूम हो कि भाजपा प्रत्याशी अग्रवाल पहले नामांकन कर चुके हैं। गुरुवार को उन्होंने नामांकन का एक अतिरिक्त सेट जमा करवाया।

युवाओं को रोजगार देना होगी प्राथमिकता-नेगी
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजे नेगी ने बताया कि ऋषिकेश विधानसभा में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, पार्किंग स्थल का निर्माण, श्यामपुर में खदरी फाटक से श्यामपुर पुलिस चौकी तक फ्लाईओवर, मेडिकल कॉलेज की स्थापना प्रमुख चुनावी मुद्दे हैं। जनता का समर्थन मिला तो मुद्दों को साकार करेंगे।

शहीदों के सपने साकार करेंगे-ऊषा
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी और भाजपा नेत्री ऊषा रावत ने गुरुवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र जमा किया। उन्होंने बताया कि शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य को आदर्श बनाने, प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनका चुनावी मुद्दा रहेगा।

कांग्रेस प्रत्याशी रमोला ने किया जनसपंर्क, 28 को करेंगे नामांकन

ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने आज विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार कर वोट मांगे। वहीं, रमोला की टीम ने भी कई टोलियों का समूह बनाकर विभिनन क्षेत्रों में प्रचार प्रसार किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी के रुप में वह अपना नामांकन 28 जनवरी को ऋषिकेश तहसील में करायेंगे।
जयेन्द्र रमोला ने रायवाला क्षेत्र में वोट मांगे। उन्होंने कहा कि लगातार जन सेवक के रुप में आपके बीच कार्य करने का मुझे मौका मिला है। इसी को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने ऋषिकेश विधानसभा की सेवा करने का अवसर प्रत्याशी के रुप में बनाकर दिया है। उन्होंने कहा कि मै विश्वास दिलाता हुं कि 15 वर्षो से क्षेत्र की समस्यायें जो आज भी वैसी ही बनी हुई है उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता में रहेगी।
जयेन्द्र रमोला ने स्थानीय विधायक पर निशाना साधा। कहा कि चुनाव के समय बड़ी-बड़ी बाते करने वाले नेता जरुरत पड़ने पर आम जनता से दूरी बनाते है। उन्होंने कहा कि एक बार उन्हें भी मौका देकर देखें, मैं आपकी उम्मीदों पर खरा उतरुंगा।

घर-घर दस्तक दे रहे भाजपा प्रत्याशी प्रेमचन्द अग्रवाल

ऋषिकेश विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने आज विभिन्न क्षेत्रों में जाकर घर-घर पहुंच कर जनसंपर्क किया।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि संपर्क के दौरान लोगों का सकारात्मक रुख भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है। बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ गए है। उन्होंने कहा कि हम विकास के नाम पर वोट मांग रहे हैं और विकास के नाम पर ही ऋषिकेश विधानसभा सहित संपूर्ण प्रदेश में बड़ी जीत हासिल होगी।
जनसंपर्क के दौरान उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के लोगों ने इस प्रदेश को हमेशा छलने का काम किया है। कांग्रेस कभी भी उत्तराखंड प्रदेश की पक्षधर नहीं रही उत्तराखंड राज्य का निर्माण अटल बिहारी बाजपेई ने किया था और इस को सवारने का कार्य मोदी कर रहे हैं।

प्रचार-प्रसार में कनक धनाई राष्ट्रीय पार्टियों को दे रहे टक्कर

ऋषिकेश विधानसभा सीट पर उत्तराखंड जन एकता पार्टी के प्रत्याशी कनक धनाई का प्रचार-प्रसार जोर पकड़ने लगा है। उनके द्वारा ऋषिकेश ही नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी लगातार बैठकों का दौर जारी है।
बुधवार को गणतंत्र दिवस पर कनक धनाई ने हरिद्वार देहरादून बाईपास मार्ग स्थित छिद्दरवाला में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन कर दिया है। कार्यालय का उद्घाटन करने के दौरान कनक धनाई ने कहा कि जगह-जगह जो अपार समर्थन मतदाताओं के प्यार के रूप में उन्हें मिल रहा है। इसके लिए वह अपने समर्थकों के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय दलों के प्रत्याशी भी अपने अपने एजेंडे लेकर मतदाताओं के द्वार पहुंचेंगे। मतदाता पहले सभी के एजेंडे को गौर से सुने और देखें फिर फैसला करें कि आखिरकार कौन सा प्रत्याशी ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र का विकास करने में सक्षम है। जो फैसला जनता करेगी उसे वह सहर्ष स्वीकार करेंगे। बता दें कि कनक धनाई ने अपने प्रचार प्रसार के दौरान शहरी और ग्रामीण इलाकों में मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने का वादा सबसे ज्यादा किया है। जिसमें ग्रामीण इलाके में डिग्री कॉलेज स्वास्थ्य सेवाएं सड़क पथ प्रकाश और अन्य मुद्दे शामिल हैं।

हरीश रावत के घर पहुंचे अंसतुष्ठ, प्रत्याशी बदलने की मांग

देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के घर के बाहर लोगों का बड़ा हुजुम उमड़ा है। ये लोग ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित होने से नाराज बताये जा रहे है और टिकट बदलने की मांग कर रहे है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि हरीश रावत ने कुछ बड़े नेताओं को घर के अंदर बुलाकर बात भी की। लेकिन ऋषिकेश से आये नेताओं के सुर बदल नही रहे है। करीब 30 से 35 गाड़ियों में भरकर आये ये नेता हाईकमान तक अपनी बात पहुंचाने का रावत पर दबाब बना रहे है। सूत्रों के अनुसार, कल प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव के आने की खबर आ रही है। जिसके बाद कार्यकर्ताओं से बात की जायेगी। खबर लिखे जाने तक सभी कार्यकर्ता हरीश रावत के घर के बाहर डटे हुए थे।