सादगी पूर्वक रहा स्पीकर का जन्मदिन, निराश्रितों बच्चों को डेढ़ लाख की धनराशि देने की घोषणा

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल का जन्मदिन निराश्रित बच्चों, कुष्ठ रोगियों को समर्पित रहा। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने नाभा हाउस छात्रावास के 44 निराश्रित एवं गरीब बच्चों को अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से 1 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि नाभा हाउस छात्रावास के बच्चों के लिए उनका विशेष लगाव रहा है इन बच्चों में प्रतिभा की कोई भी कमी नहीं है। नाभा हाउस द्वारा सभी बच्चों को अच्छी परवरिश एवं शिक्षा दी जा रही है। वह अपने अध्यक्ष विवेकाधीन कोष की सहायता राशि निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों को पूरे प्रदेश में वितरित कर रहे हैं।

कहा कि कोविड संक्रमण की विकट परिस्थितियों में यह सहायता राशि जरूरतमंद लोगों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है। उन्होंने नाभा हाउस की प्रधानाचार्य सुशीला बर्थवाल द्वारा बच्चों के शिक्षा व अन्य सभी व्यवस्थाओं को लेकर दिये जा रहे योगदान की सराहना की है।

इससे पूर्व उन्होंने कुष्ठ रोगियों को फल, राशन, मास्क, सेनिटाइजर वितरित किए। रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। सोमेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर देश व प्रदेश को कोरोना से मुक्ति दिलाने की कामना भी की। कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण भी किया।

ऋषिकेशः सेनिटाइजेशन के लिए 10 लाख 50 हजार रूपये की विधायक निधि की घोषणा

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए किये जा रहे प्रयासों को लेकर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के संग बैठक की। इस दौरान स्पीकर ने विस क्षेत्र में अपनी विधायक निधि से ट्रॉली ट्रेक्टर एवं टैंकर के लिए 10 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि उन सभी वंचित क्षेत्रों को भी सैनिटाइज किया जाएगा जहां अभी तक सैनिटाइजेशन नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि ट्रॉली ट्रैक्टर के माध्यम से क्षेत्रों में सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव किया जाएगा जिससे कोरोना संक्रमण की रोकथाम की जा सकेगी। स्पीकर ने कहा कि आज जब प्रदेश और देश कोविड-19 संक्रमण की दूसरी लहर से प्रभावित है तो ऐसे संकट के समय में जन प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों को अपनी दुगनी ऊर्जा और सहयोग के माध्यम से इस महामारी के विरुद्ध चल रही लड़ाई में अपना सक्रिय योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जीवन और जीविका दोनों पर असर पड़ रहा है और कोरोना की चेन तोड़ने के उद्देश्य से कोरोना कर्फ्यू जैसी व्यवस्था प्रभावी की गई है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि ऐसी परिस्थिति में सभी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तन-मन-धन से जनसेवा में जुटें।

इस अवसर पर खैरीकला के प्रधान चंद्र मोहन पोखरियाल, जोगीवाला माफी प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा, गोहरीमाफी के प्रधान रोहित नौटियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शमा पवार, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी, रोशन कुडियाल आदि उपस्थित थे।

आईडीपीएल में दवाईयों के उत्पादन व आक्सीजन प्लांट को किया जा सकता है पुनर्जीवित

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने आज मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से भेंट वार्ता की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल में कोरोना जैसी महामारी से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयों के उत्पादन एवं बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित किए जाने के संबंध में विस्तृत रूप से वार्ता की एवं इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक पत्र भी सौंपा। वहीं कोरोना संक्रमण से प्रदेश में उपजे हालातों पर भी चर्चा की।

विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अवगत किया कि इंडियन ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल लिमिटेड (आईडीपीएल) ने अपने स्थापना के समय से ही अनेकों दवाएं जिनमें एंटीमलेरियल( क्लोरोक्वीन), टेट्रासाइक्लिन, डॉक्सीसाइक्लिन कैप्सूल आदि की निर्बाध आपूर्ति की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह कंपनी सिक यूनिट की श्रेणी में है एवं यहां सीमित मात्रा में ही दवा का उत्पादन किया जा रहा है। स्पीकर ने कहा कि वैश्विक आपदा के समय में सर्वाधिक प्रयोग की जाने वाली एंटीबायोटिक व बुखार से संबंधित अनेकों दवाओं का निर्माण आवश्यकता पड़ने पर इस फैक्ट्री में किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि इस संबंध में उनके द्वारा आईडीपीएल यूनिट का दौरा किया गया एवं महाप्रबंधक से इस संबंध में विस्तार से वार्ता की गई है। कहा कि यहां सभी प्रकार की उच्च गुणवत्ता की मशीनें उपलब्ध है एवं कच्चा माल उपलब्ध करा दिया जाने पर न्यूनतम समय में ही कोरोना के इलाज से संबंधित दवाइयों का उत्पादन किया जा सकता है।

स्पीकर ने आईडीपीएल में वर्षो से बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित करवाए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आईडीपीएल में यदि कोरोना से संबंधित दवाइयों का उत्पादन एवं ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित किया जाता है तो प्रदेश के साथ-साथ देश की जनता को भी इस महामारी के समय में लाभ प्रदान किया जा सकता है।

भेंट मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में कोरोना से ईलाज के लिए डीआरडीओ की मदद से 1400 ऑक्सिजन एवं आईसीयू बेड स्थापित करने के लिए बनाए जा रहे अस्थायी अस्पतालों के निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। विशेष तौर पर गढ़वाल क्षेत्र में आईडीपीएल, ऋषिकेश में 500 बेड़ो का अस्थायी अस्पताल स्थापित करवाये जाने के लिए मुख्यमंत्री का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आईडीपीएल में दवाइयों के उत्पादन एवं ऑक्सीजन प्लांट के पुनर्जीवित कराए जाने के संबंध में केंद्र सरकार से बात कर सकारात्मक हल निकालने का आश्वासन दिया।

ऋषिकेश विधायक की 40 लाख की निधि से एम्स में बनेगा टीन शेड व दो एंबुलेंस

कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए एवं मरीजों को जल्द इलाज मिल सके इसके लिए स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी विधायक निधि से 40 लाख रुपये एम्स अस्पताल, ऋषिकेश को दिए। उन्होंने इस निधि से आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों से सुसज्जित दो एंबुलेंस एवं एम्स परिसर में मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा के लिए टीन शेड लगवाये जाने के लिए देने की घोषणा की।
स्पीकर ने कहा कि विधान सभा क्षेत्र के लोगों को कोविड 19 की इस मुश्किल घड़ी में एंबुलेंस सुविधा के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, कोरोना संक्रमित मरीजों को समय पर इलाज मिल सके इसके लिए दो एम्बुलेंस एम्स को देने की घोषणा की है।

उन्होंने एम्स, ऋषिकेश के निदेशक प्रो रविकांत से एम्स में कोरोना संक्रमित मरीजों की इलाज संबंधित व्यवस्थाओं एवं प्रबंधन को लेकर बातचीत की। प्रो. रविकांत ने स्पीकर को अवगत किया है कि एम्स में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए 200 बेड की व्यवस्था की गई है। जिसमें से 150 वेंटिलेटर बेड है। निदेशक ने बताया कि एम्स अस्पताल में 250 बेडों को और बढ़ाया गया है साथ ही देवभूमि गढ़वाल मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउस में भी कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए 150 बेड की व्यवस्था की गई है।

स्पीकर ने एम्स प्रशासन के डॉक्टरो एवं पैरामेडिकल स्टाफ के द्वारा मुश्किल की घड़ी में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए निदेशक से कहा किसी भी मरीज के इलाज में कोई भी कमी न रखें एवं एम्स प्रशासन कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में अपना पूरा सहयोग इसी प्रकार से जारी रखें।

कोरोना प्रभाव को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने एम्स ऋषिकेश के लिए दो एंबुलेंस एवं टीन शेड निर्माण हेतु अपनी विधायक निधि से लगभग 40 लाख रुपये देने की करी घोषणा।

ऋषिकेश विधायक विकास के नाम पर अपनी पीठ थपथपा रहे, जबकि सच्चाई अलगः जयेंद्र रमोला


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने जारी एक बयान में कहा कि जहॉं एक ओर ऋषिकेश विधायक व विधानसभा अध्यक्ष विकास के नाम पर अपनी पीठ थपथपाने का काम कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर विधानसभा क्षेत्र में लगातार रोड़ों को लेकर आम जनता धरने व प्रदर्शन कर रही है चाहे वह रायवाला, गुलरानी, निर्मल बाग विस्थापित सहित कई जगहों का मामला हो चाहे वह शिवाजी नगर का मामला हो सभी जगह आम जन परेशान है।

शिवाजी नगर की रोड़ के लिये पूर्व में निगम की मेयर ने एक कार्य के लिये 25 लाख के चार बोर्ड अलग अलग दूरी पर लगाये हैं वहीं दूसरी ओर विधानसभा अध्यक्ष ने 13 फरवरी को को बीस लाख की घोषणा उक्त मार्ग के लिये की है जिसके लिये क्षेत्र के लोग उनका स्वागत करने उनके कार्यालय पर गये। जबकि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा 17 नवम्बर 2020 में भी इसी बीस लाख की घोषणा पर अपना स्वागत करवा चुके हैं।

ये अपने आप में बहुत ही निन्दनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष एक ही घोषणा और वो भी जिसका धरातल पर उतरने का इन्तजार तीन माह से शिवाजी नगर के लोग कर रहे हैं परन्तु काम तो कुछ हुआ नहीं रोड जस की तस और विधानसभा अध्यक्ष ने अपना स्वागत दो बार करवा लिया जो दर्शाता है कि ऋषिकेश विधानसभा में घोषणाओं के बाद ठेकेदारों से स्वागत करवाने के अलावा विधानसभा अध्यक्ष कोई काम धरातल पर नहीं कर रहे हैं हम कांग्रेस जनों के साथ ऋषिकेश के पीड़ित लोग एसी घोषणाओं का विरोध करते हैं जो धरातल पर ना हो बल्कि हवाहवाई हो।

साथ ही 13 फरवरी को घोषणा और 15 फरवरी को कार्य शुरू होने का नारियल फोड़ना ये अपने आप में आश्चर्यजनक है कि दो दिन के अन्दर घोषणा पर अमल हो गया, मेरी तो विधानसभा अध्यक्ष से निवेदन है कि आपने पिछले तीन चुनावों बहुत घोषणाएँ की है उन पर भी इस तत्परता अमल करवा दीजिए।

भाजपा विधायक पर अभ्रदता का आरोप, पुतलां फूंका

ऋषिकेश।
क्षेत्रीय विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल पर अभद्रता का आरोप लगाकर कांग्रेस बेघर प्रकोष्ठ ने प्रदर्शन कर पुतलां फूंका। रविवार को कांग्रेस गरीब बेघर जन प्रकोष्ठ का धरना 47वें दिन भी जारी रहा। प्रदेश संयोजक विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के कारण विधायक आंदोलन को समर्थन देने की मांग कर रहे हैं। आरोप लगाया कि विधायक ने धरना स्थल में समर्थन के बहाने आकर सार्वजनिक रूप से धमकाया है। आरोप लगाया कि विधायक आवास घेरे जाने की घटना से नाराज विधायक गुंडागर्दी पर उतारु हो गये है। इस मौके पर गीता यादव, राजकुमारी, कुसुमनाथ, अंजलि सैनी, मिथलेश, निर्मला, ललिता, लज्जू डंगवाल, पार्वती, रुकमणि, बलवंत मिश्रा, राहुल आदि मौजूद थे।