रेड राइडर्स साइकिल क्लब ने निर्धन परिवार के बच्चे को दी चार माह की स्कूल फीस

रेड राइडर्स साइकिल क्लब द्वारा दसवीं के ज़रूरतमंद छात्र को चार माह की फ़ीस देकर मदद की।

रेड राईडर्स साइकिल क्लब के संरक्षक जयेन्द्र रमोला ने बताया कि दसवीं के छात्र के परिजन पिछले कुछ माह से पारिवारिक आर्थिक तंगी के कारण कृष्णा के स्कूल की फ़ीस नहीं दे पा रहे थे।

जिस कारण उन्हें बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड रहा था जब हमें इसकी जानकारी मिली, तो हमारे क्लब के अध्यक्ष दीपक नेगी ने स्वयं से छात्र की चार माह की फ़ीस लगभग 8 हज़ार रुपये का चौक छात्र माताजी को दिया ।

रेड राईडर्स साइकिल क्लब के अध्यक्ष दीपक नेगी ने कहा कि हमारे क्लब का मुख्य उद्देश्य सेहत के साथ साथ पर्यावरण को बढ़ावा देना है परन्तु हमारे साइकिल क्लब ने पिछले कुछ समय से ज़रूरतमंद लोगों की अपने प्रयासों से मदद कर रहे हैं और आगे भी उसी तरह हम अपने क्लब के माध्यम से ऐसे प्रयास करते रहेंगे।

कार्यक्रम में रेड राईडर्स के कोच नीरज शर्मा, सचिव शैलेन्द्र भण्डारी, सरदार बूटा सिंह, पंकज अरोड़ा, मनीष मिश्रा, विक्रम शेरगे, कोषाध्यक्ष विपिन शर्मा, राजेश सूद, देवेन्द्र राजपूत, विपिन शर्मा, नरेंद्र कुकरेजा, सुभाष नेगी, राजेन्द्र राणा, अवनीश शाह, अपूर्व त्रिवेदी, हरीश दरगन आदि मौजूद थे।

गुमानीवाला में विधायक निधि की हुई घोषणा, मंत्री अग्रवाल ने किया ग्रामीणों को संबोधित

कबीना मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सबका साथ सबका विकास के तहत ऋषिकेश में विकास कार्य हो रहे हैं। विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा को नहीं आने दिया जाएगा।

गुमानीवाला में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ग्रामसभा गुमानीवाला की जनता ने सदैव उन्हें अपना भरपूर आशीर्वाद दिया है। वे ऋषिकेश विधानसभा में जनहित के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास की भावना से कार्य करते हैं, उन्हीं के नेतृत्व पर प्रदेश की युवा धामी सरकार भी कार्य कर रही है। ऋषिकेश विधानसभा में इसी भावना के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में 100 स्ट्रीट लाइटें व छह आंतरिक मार्ग विधायक निधि से देने की घोषणा की।

मौके पर ग्राम प्रधान दीपिका व्यास, मंडल महामंत्री रवि शर्मा, मानवेंद्र कंडारी, मनवीर भंडारी, लक्ष्मण सिंह चौहान, गोविंद सिंह रावत, रूकमा व्यास, पार्षद वीरेंद्र रमोला, धर्म सिंह क्षेत्री, रंजीत थापा, पंचायत सदस्य रीना रांगड़, आरती भट्ट, खेम सिंह, हरीश रावत, सुमती रावत, संगीता सकलानी, शिव प्रसाद रतूड़ी, संदीप कुड़ियाल, टेक सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।

महेन्द्र भटट के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर गृह नगर में जश्न, मिठाई बांटी

पूर्व विधायक महेंद्र प्रसाद भट्ट के भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने पर आतिशबाजी कर खुशी मनाई गई। इस मौके पर कैनिबेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेम चंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को मिष्ठान खिलाकर मुंह मीठा कराया।
सोमवार को दून तिराहे पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर आतिशबाजी कर नारे लगाए गए। मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भट्ट के कुशल नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी। बताया कि महेंद्र भट्ट गढ़वाल और कुमाऊं के लोकप्रिय नेता हैं। उसी का लाभ भट्ट को मिला। बताया कि पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सह सचिव रहे।
मंत्री डा. अग्रवाल ने बताया कि एबीवीपी में विभाग संगठन मंत्री टिहरी विभाग-1994 से 1998 तक रहे। बताया कि भाजयुमो के प्रदेश सचिव 1998 से 2000 तक, भाजयुमो प्रदेश महासचिव 2000 से 2002 तक, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष 2002 से 2004 तक रहे। डॉ अग्रवाल ने बताया कि भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व हिमाचल प्रदेश प्रभारी, भाजपा प्रदेश सचिव 2007-2020 तक रहे।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भट्ट भाजपा गढ़वाल संयोजक 2012-2014 और भाजपा प्रदेश सचिव- 2015-2020 रहे। कहा कि 2002 से 2007 तक नंदप्रयाग में विधायक रहे। साथ ही वर्ष 2017 में बदरीनाथ विधानसभा से विधायक रहे है। कहा कि इन तमाम उपलब्धि होने का लाभ महेंद्र भट्ट को मिला।
मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने कहा कि महेद्र प्रसाद भट्ट के दिशा निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। युवाओं को आगे बढ़ने में प्रेरणा मिलेगी। कहा कि ऋषिकेश के निवासी होने के नाते यहां भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन होगा। कहा कि उनका लंबा अनुभव पार्टी के भीतर रहा है। उनके नेतृत्व में पार्टी उत्तराखंड में और मजबूत होगी।
इस मौके पर मंत्री डा. अग्रवाल को कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान खिलाया, जबकि मिष्ठान खिलाकर एक-दूसरे को कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री जयंत शर्मा, सुमित पंवार, युवा मोर्चा अध्यक्ष नितिन सक्सेना, इंद्र कुमार गोदवानी, हरीश तिवाड़ी, पार्षद शिव कुमार गौतम, विकास तेवतिया, रीना शर्मा, राजेश दिवाकर, प्रदीप कोहली, राजू नरसिम्हा, संजीव पाल, राकेश पारछा, अनिता तिवारी, राकेश चंद, माधवी गुप्ता, मोनिका गर्ग, रूपेश गुप्ता, त्रिलोक परमार, दिगम्बर नौटियाल, अरूण जुगलान, दीपक बिष्ट, बृजेश शर्मा, प्रभाकर शर्मा, भावना किशन, भावना भट्ट, हरीशंकर प्रजापति, राहुल दीवाकर, सिमरन गाबा, अनिकेत गुप्ता, नरेंद्र शर्मा, संजीव सिलस्वाल, सचिन अग्रवाल, सौरभ गर्ग सहित सैंकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चोरी की बाइक के साथ बागपत से एक आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को यूपी के बागपत से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने बताया कि एक माह पहले वाल्मीकि नगर ऋषिकेश निवासी नीरज पुत्र स्व. राजू ने एक तहरीर दी थी। जिसमें पुलिस को बताया गया था कि छह जून को जयराम आश्रम के पास से उसकी बाइक चोरी हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति का नाम प्रकाश में आया। खुलासे को पुलिस टीम यूपी के जिला बागपत रवाना हुई। वहां पर स्थानीय पुलिस की मदद से नीतीश पुत्र कृष्ण पाल निवासी आजाद नगर, थाना बड़ौत, बागपत, यूपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जेल भेज दिया गया है।

केरल के लापता युवक को पुलिस ने परिजनों से मिलाया

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जिलेभर में समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यापन अभियान चलाकर किरायेदारों/मजदूरों/थैली-फड़-रेडी लगाने वाले व्यक्तियों/संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है। जिसके तहत सत्यापन कार्यवाही करने हेतु थाना एवं चौकी क्षेत्र में अलग-अलग टीमें गठित की गई, जिनके द्वारा लगातार प्रत्येक दिवस सत्यापन कार्यवाही की जा रही है।
29 जुलाई को यातायात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम सत्यापन कार्यवाही के लिए नटराज चौक के आस पास के क्षेत्र में सत्यापन कार्रवाई कर रही थी। तो संदिग्ध/लावारिस अवस्था में मिले एक व्यक्ति से पूछताछ की गई तो ज्ञात हुआ कि उक्त व्यक्ति केरल का रहने वाला है, जिसका नाम पता बाईजू पुत्र वारकी निवासी कोलिथड़ संथीगिरी, जिला कन्नूर, केरल है। जिससे गहनता से पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति से उसके परिजनों का फोन नंबर लेकर बात की गई तो ज्ञात हुआ की उक्त व्यक्ति 6 माह पहले अपने परिजनों के साथ कुछ कहासुनी हो जाने पर घर से चला गया था जो कि भटकते हुए ऋषिकेश पहुंच गया।
यातायात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र के द्वारा तत्काल पूरी घटना से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश को अवगत कराया गया, जिनके आदेशानुसार उक्त व्यक्ति को कोतवाली ऋषिकेश में लाया गया। उक्त व्यक्ति से प्राप्त फोन नंबर पर संपर्क कर उसके परिजनों को स्थिति से अवगत कराया गया तथा परिजनों के आग्रह पर गुमशुदा व्यक्ति बाईजू को कोतवाली ऋषिकेश में ही सकुशल संरक्षण में रखा गया। जिसके पश्चात आज े गुमशुदा उपरोक्त के बड़े भाई थॉमस पुत्र वारकी कोतवाली ऋषिकेश पर आए तथा गुमशुदा व्यक्ति बाईजू को उनके बड़े भाई थॉमस को सकुशल सुपुर्द किया गया। 6 माह पश्चात अपने भाई को सकुशल पाकर थॉमस के द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा उत्तराखंड पुलिस की प्रशंसा करते हुए सहृदय आभार प्रकट किया गया।

ऑनलाइन टैक्सी सर्विस के संचालन को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया

गढ़वाल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन ने ऑनलाइन टैक्सी सर्विस के संचालन को अनुमति देने के लिए प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया है। टैक्सी संचालकों ने एक स्वर में उत्तराखंड में ऑनलाइन टैक्सी सर्विस का लाइसेंस निरस्त करने की मांग उठाई है।
रविवार को आईएसबीटी परिसर ऋषिकेश में गढ़वाल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने कहा कि ऑनलाइन टैक्सी सर्विस को उत्तराखंड से खदेड़ने के लिए आंदोलन के साथ-साथ न्यायालय की शरण भी ली जाएगी। सरकार ने इसे उत्तराखंड में लाइसेंस देकर स्थानीय टैक्सी-मैक्सी संचालकों के हितों के साथ कुठाराघात किया है। इसके चलते पूर्व से आर्थिक मंदी झेल रहे टैक्सी-मैक्सी संचालकों के समक्ष भुखमरी की नौबत आ गई है। कहा कि सोमवार को इस मामले को लेकर शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की जाएगी।
मौके पर सचिव बिजेंद्र कंडारी, सह सचिव रमेश सिंह रावत, जौलीग्रांट एयरपोर्ट टैक्सी चालक एवं मालिक समिति के अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद, टाटा सूमो जीप कमांडर एसोसिएशन ऋषिकेश के सचिव राधेश्याम व्यास, कोषाध्यक्ष दिनेश कोठियाल, ऋषिकेश डीलक्स टैक्सी मैक्सी ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत डग, सचिव ललित सक्सेना, सह सचिव सोमेंद्र बासु, नीलकंठ टाटा सुमो जीप कमांडर कल्याण समिति अध्यक्ष सोनू डंगवाल, टूरिस्ट टैक्सी ओनर्स एसोसिएशन लक्ष्मण झूला के अध्यक्ष राजेश कंडारी, इनोवा टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन के सचिव नवीन सेमवाल, दून थ्रीव्हीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र लांबा आदि शामिल रहे।

निःशुल्क जांच शिविर में 150 लोगों की जांच की गई

रोटरी क्लब ऋषिकेश और शिवालिक डेंटल एवं ऐमपैथ द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं खून जांच शिविर का आयोजन वीरभद्र मार्ग स्थित शिवालिक डेंटल क्लिनिक में किया गया। जिसका उद्घाटन रोटरी क्लब के डीजीइ अरुण मोगिया ने किया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा लगाए जा रहे स्वास्थ्य के इस शिविर से बहुत से लोगों को फ़ायदा मिलेगा व ग़रीब व्यक्ति जो ब्लड टेस्ट कराने में असमर्थ है, उसे भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने क्लब द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए क्लब को और भी स्वास्थ्य शिविर लगाने के लिए कहा कि समाज में सबसे बड़ी सेवा लोगों की स्वास्थ्य सेवा करना है।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब अगस्त के महीने में दो या तीन स्वास्थ्य शिविर ब्लड टेस्ट के साथ साथ आँखों व स्कीन के स्वास्थ्य शिविर लगाएगा। सचिव विशाल तायल ने कहा कि रोटरी क्लब स्वास्थ्य शिविर का सिलसिला लगातार चलता रहेगा और इसके लिए जितने भी प्रयास होंगे क्लब द्वारा किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अरुण मोगिया ने को शाल व रूद्राक्ष की माला पहनाकर उनका सम्मान किया गया। क्लब द्वारा कार्यक्रम में विशेष संयोग देने पर डाक्टर पारुल गर्ग, डॉक्टर राजेंद्र गर्ग व डॉक्टर हरीओम प्रसाद को भी सम्मानित किया गया। शिविर में लगभग एक सौ पचास लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया। कार्यक्रम में राजीव गर्ग, नितिन गुप्ता, डॉक्टर अरुण शर्मा, जितेंद्र बर्थवाल, डॉक्टर डीके श्रीवास्तव, संजय अग्रवाल, डॉक्टर राजे नेगी, गोपाल सिंह, बलवंत सिंह डंग, सुशील गोयल, हिमांशु अग्रवाल रहे।

श्री शिव महापुराण कथा सुनने में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब

ग्राम सभा खदरी खड़क माफ में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन कथा व्यास वैष्णवाचार्य पण्डित शिव स्वरूप नौटियाल ने कहा कि श्रावण मास में शिव महा पुराण कथा सुनाने और सुनने का बड़ा महात्म्य है। हरिनाम कथाएं सुनने से जीवन की व्यथाएं समाप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि शिवलिंग पर बिल्वपत्र चढ़ाने से कोटिशः कन्याओं के विवाह के समान पुण्य की प्राप्ति होती है।
कथा श्रवण करने वालों में गीता देवी, नीलिमा कोठियाल, सुनीता चौहान, कुसुम ढोंडियाल, ज्योति राणा, अनिता राणा, आशा भट्ट, शशि भट्ट, डोली बोरा, अनुराधा कोठियाल, श्यामा देवी, रामेश्वरी देवी, भागा देवी, संतोषी सिलस्वाल, मधु चमोली, मधु पैन्यूली, संतोषी बलूनी, रजनी बलूनी, बीना पाण्डेय, रामेश्वरी बेड़वाल, जमुना चौहान, चन्द्रकला कुकरेती, कुसुम भट्ट, लखमा देवी नौटियाल, दयाश्वरी देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आर्थिक सहायता देकर छात्रा की मदद की

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने एक शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रही छात्रा को आर्थिक सहायता दी है। क्लब ऋषिकेश डिवाइन के संस्थापक ललित मोहन मिश्र व अध्यक्ष लियो रजत भोला ने बताया कि एक छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ने में तेज है, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण शिक्षण संस्थान में दाखिला नहीं हो पा रहा है। लिहाजा क्लब ने मेधावी छात्रा की वार्षिक फीस जमा करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। मौके पर सचिव मोहित गनेरिवाला, कोषाध्यक्ष घनश्याम डंग, आशु डंग, कृष्णा कालरा, अंकित कालरा, मयंक अरोरा, अमित सूरी आदि मौजूद रहे।

कौशिक को हटाया भट्ट को मिली प्रदेश अध्यक्ष की कमान

निकाय और 2024 लोकसभा चुनावों से पहले उत्तराखंड बीजेपी में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। बीजेपी आलाकमान ने उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की जगह पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने युवा नेता महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड के नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया। विधानसभा चुनाव के बाद से ही उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के चेहरे में बदलाव के कयास लगाये जा रहे थे। इस बदलाव को लेकर बड़ी बात यह निकलकर आ रही है कि भट्ट की नियुक्ति को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी की सहमति बड़ा फैक्टर रही।
साल 1971 में चमोली के थाला पोखरी गांव में जन्मे महेंद्र भट्ट बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। साथ ही दो बार विधायक भी रहे हैं। महेंद्र भट्ट का संबंध बदरी केदार मंदिर समिति से भी रहा है इसलिए पार्टी को लग रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनकी ताजपोशी का असर पूरे गढ़वाल में देखा जाएगा। बीजेपी सूत्रों की मानें तो भट्ट के नाम पर सीएम पुष्कर सिंह धामी को भी कोई ऐतराज नहीं था क्योंकि भट्ट उनके ही समकक्ष नेता हैं। दो हमउम्र नेता सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बना सकते हैं।
वहीं, माना जा रहा है कि भविष्य में होने वाले कैबिनेट विस्तार में बीजेपी मदन कौशिक को कैबिनेट में जगह दे सकती है, जिससे सरकार में हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण जिले का बड़ा प्रतिनिधित्व हो सके। मदन कौशिक को एक तेज तर्रार किस्म का प्रशासक माना जाता है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी उनका उपयोग सरकार में करना चाहती है।

इन समीकरण के तहत मिली भट्ट को कमान?
दरअसल पुष्कर धामी के मुख्यमंत्री बनने और मदन कौशिक के प्रदेश अध्यक्ष होते हुए बीजेपी के भीतर ही गढ़वाल की अनदेखी की बात उठ रही थी। जिसके बाद गढ़वाल के पहाड़ी इलाके के किसी नेता को बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चा तेज थी। बीजेपी की रणनीति गढ़वाल और कुमाऊं के साथ ही जातीय समीकरण साधने की भी रही क्योंकि धामी कुमाऊं से आते हैं और राजपूत हैं। मदन कौशिक गढ़वाल मंडल के मैदानी इलाके से जुड़े ब्राह्मण थे। कौशिक का पूरे गढ़वाल में उतना प्रभाव नहीं था इसलिए बीजेपी ने गढ़वाल के ब्राह्मण महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बड़ा दांव खेला। महेंद्र भट्ट की उम्र भले ही 51 साल की हो लेकिन उनका राजनीतिक अनुभव कम नहीं है। उनकी छवि एक तेजतर्रार हिंदूवादी नेता की है। एबीवीपी से लेकर बीजेपी युवा मोर्चा और बीजेपी के मुख्य संगठन में काम करने का उनका लंबा अनुभव है। भट्ट साल 1991-96 तक बीजेपी की स्टूडेंट विंड एबीवीपी में सक्रिय रहे। साल 1997 से 2002 तक बीजेपी युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रहे।
2002 में पहली बार महज 32 साल की उम्र में भट्ट नंदप्रयाग से विधायक चुने गए। साल 2007-10 और 2014 से 2017 तक दो बार भट्ट बीजेपी के प्रदेश मंत्री रहे। 2010-12 तक भट्ट को दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बनाया गया। 2017 में भट्ट बद्रीनाथ से विधायक चुने गए। लेकिन 2022 का चुनाव हार गए. हार के बावजूद अपने इलाके और सोशल मीडिया पर वह लगातार सक्रिय रहे।
वहीं, पूर्व विधायक महेंद्र प्रसाद भट्ट के भारतीय जनता पार्टी के नये अध्यक्ष बनने पर वित्त व संसदीय कार्यमंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दूरभाष पर अपनी शुभकामनाएं दी।
शनिवार को नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होने के बाद मंत्री डॉ अग्रवाल ने बधाई दी। कहा कि श्री भट्ट जी के कुशल नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी। बताया कि महेंद्र भट्ट गढ़वाल और कुमाऊं के लोकप्रिय नेता हैं। उसी का लाभ श्री भट्ट को मिला। बताया कि पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सह सचिव रहे। डॉ अग्रवाल ने कहा कि भट्ट के दिशा निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। युवाओं को आगे बढ़ने में प्रेरणा मिलेगी।