बंद घर से चोरी के आरोप में पुलिस ने किया एक को गिरफ्तार


शांतिनगर में एक बंद मकान से आभूषण चोरी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक शांतिनगर, ऋषिकेश निवासी विजयपाल पुत्र श्यामलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बंद मकान से चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सर्विलांस की मदद भी ली गई। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को एआरटीओ ऑफिस के पास एक आरोपी को पकड़ा। उसके पास से चोरी किए चांदी के आभूषण बरामद हुए। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने बताया आरोपी की पहचान अंकित कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी इंदिरानगर, थाना वंसत विहार,देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल योगेंद्र दत्त, कांस्टेबल सचिन राणा, युवराज शामिल रहे।

अनियंत्रित होकर बस दुर्घटनाग्रस्त, एक महिला यात्री की मौत

वित्त व संसदीय कार्य मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने भद्रकाली से नीचे आ रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला यात्री की मृत्यु होने पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने सीएमओ देहरादून से दूरभाष पर वार्ता कर घायलों को शीघ्र उपचार देने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के श्रद्धालुओं से भरी यूपी नंबर की एक डबल डेकर की बस भद्रकाली से खारा स्रोत की ओर आ रही थी। जो अनियंत्रित होकर पीडब्ल्यूडी तिराहे निकट खारा स्रोत पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार दुर्घटना के वक्त बस में करीब 65 श्रद्धालु मौजूद थे। जो नीलकंठ की ओर जा रहे थे। मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि इस दुर्घटना में एक महिला की मृत्यु होने की जानकारी भी मिली है जिस पर डॉ अग्रवाल द्वारा दुख जताते हुए मृतक की आत्म शांति की प्रार्थना की है।

डॉ अग्रवाल ने सीएमओ देहरादून से दूरभाष पर वार्ता की और घायलों को समुचित उपचार देने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को हायर सेंटर (ऐम्स) रेफर किया जाए।

व्यापारी बोले, जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर उत्पीड़न बंद हो

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जीएसटी सर्वे करने का विरोध किया गया। इस बावत ज्ञापन मुख्यमंत्री को उपजिलाधिकारी ऋषिकेश के माध्यम से प्रेषित किया गया।

ज्ञापन के जरिए कहा गया कि व्यापारियों का जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर उत्पीड़न बंद किया जाना चाहिए। व्यापारी समाज सरकार का हर कदम पर साथ देता आया है, लेकिन आज टेक्स् संग्रह बढ़ाने के लिए व्यापारी को परेशान किया जा रहा है।

ज्ञापन में मुख्यमंत्री से निवेदन किया गया है कि, टैक्स में हेराफेरी करने वाली फर्म को विभाग अपने कार्यालय से नोटिस जारी करें, क्योंकि विभाग के पास पूरा रिकॉर्ड होता है लेकिन ऐसा करने के बजाय विभागीय अधिकारी बाजार में व्यापारियों को प्रताड़ित कर रहे हैं, जिसका संगठन पुरजोर विरोध करेगा।

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष नरेश अग्रवाल ने कहा कि हम किसी भी सूरत में इस प्रकार से छापामारी करने आए अधिकारियों को बाजार में प्रवेश नहीं करने देंगे ,पूरे प्रदेश की इकाई ने यह निर्णय लिया है कि, इस प्रकार से व्यापारियों का उत्पीड़न करने के लिए अधिकारियों को छूट नहीं दी जाएगी और यदि अधिकारी ऐसा करेंगे तो उनका सड़क पर विरोध किया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री हरगोपाल अग्रवाल, वरिष्ठ व्यापारी नेता अरविंद जैन, रवि कुमार जैन, युवा इकाई के जिलाध्यक्ष आशु डंग, व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष दीपक तायल, सुनील तिवारी, संजय भारद्वाज, सुरेंद्र कक्कड़, मोतीराम टुटेजा, पवन शर्मा, अमरीश गर्ग, राजकुमार तलवार, गोपाल अग्रवाल, शिवम टुटेजा, राजीव खुराना, अभिषेक शर्मा, पंकज चावला, अनुज जैन, राजेश मनचंदा, जितेंद्र खुराना आदि व्यापारी गण उपस्थित थे।

29 जुलाई से खदरी में शिव महापुराण का आयोजन

खदरी खड़क माफ में लोक कल्याण के लिए विगत आठ वर्षों से हर साल पवित्र श्रावण मास में होने वाली श्री शिव महा पुराण कथा आयोजन कल से प्रारम्भ होगा। धर्म, संस्कृति और अध्यात्म के संरक्षण सहित लोक कल्याण को समर्पित कथा व्यास ब्रह्मलीन जगद्गुरू शंकराचार्य के कृपा पात्र शिष्य युवा कथावक्ता वैष्णवाचार्य पण्डित शिव स्वरूप नौटियाल व्यास पीठ से श्रोताओं को श्री शिव महा पुराण का रसपान कराएंगे।

लोक कल्याण के लिए हर साल की जाने वाली यह कथा विगत आठ वर्षों से खड़कमाफ के चोपड़ा फार्म में श्रावण मास में आयोजित की जाती है। कथा वक्ता वैष्णवाचार्य शिव स्वरूप ने कहा कि भगवद नाम कथा कभी भी सुन सकते हैं लेकिन श्रावण मास में शिव महा पुराण वाचन और श्रवण का विशेष महत्व है।सावन के महीने में शिवजी का गुणगान करने से जन्मजन्मांतर के पापों से मुक्ति मिल जाती है।इस माह में भोलेनाथ की पूजा से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कथा मंच संचालक समाज सेवी पर्यावरण विद विनोद जुगलान ने बताया कि 29 जुलाई से प्रारम्भ होने वाली इस पवित्र कथा की शुरुआत प्रातः नौ बजे कलश यात्रा के साथ होगी। घट स्थापना के बाद सांय तीन बजे से 6 बजे तक नित्य कथा श्रवण का लाभ लिया जासकेगा।उन्होंने कहा कथा का आयोजन हर साल जागरूक ग्रामीणों की ओर से किया जाता है। कथा के के विश्राम पर विशाल भंडारे की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने कहा कि संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण के लिए भगवद कथाएं सनातन संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का कार्य करती हैं। युवा पीढ़ी के लिए भगवद कथाएं संस्कारशाला का कार्य कर रही हैं।

विधायक ने मेधावियों को किया सम्मानित

शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने सीबीएसई बोर्ड के 10वीं के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि परिवार के संस्कारों और अच्छी परवरिश ने बच्चों को मुकाम दिलाने में मदद की है।

कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने 10वीं में नगर में क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले मेधावियों सारांश यादव (98.4 प्रतिशत), साक्षी सती (98.2 प्रतिशत) और अग्रिम राणा (97.2 प्रतिशत) को शॉल औढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कहा कि जिन बच्चों के भीतर पढ़ाई के प्रति एकाग्रता और इच्छा शक्ति होती है, वहीं बच्चे अव्वल अंक लाकर माता-पिता, गुरुजनों और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं। इस मौके पर सभी मेधावियों के परिजन, महिला मोर्चा मंडलाध्यक्ष उषा जोशी, पूर्व सभासद कविता शाह, अनिता तिवाड़ी, गोपाल सती आदि मौजूद रहे।

तीज महोत्सव में रही रंगारंग कार्यक्रमों की धूम

इनरव्हील क्लब लक्ष्मणझूला ने तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया। महोत्सव में तीज क्वीन का खिताब विनीता शर्मा ने जीता। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल की पत्नी शशिप्रभा अग्रवाल ने दीप जलाकर किया।

कुसुम कंडवाल ने कहा कि आजकल महिला आयोग में छोटी-छोटी बच्चियों से दुष्कर्म, भागने जैसी शिकायतें काफी आ रही है। खासकर जब से सोशल मीडिया का उपयोग ज्यादा हो रहा है, तब से यह घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में माता-पिता को अपनी बच्चियों पर ध्यान देना चाहिए। सोशल मीडिया का प्रयोग जितना ही लाभदायक है, उतना ही हानिकारक भी है। इसलिए माता-पिता को जागरूक होना चाहिए।
शशि प्रभा अग्रवाल ने कहा कि तीज के दिन ही देवी पार्वती ने भगवान शिव की प्राप्ति के लिए कठोर तप किया था। तभी से इस पर्व की परंपरा चली आ रही है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। नृत्य में नीति भटनागर ने प्रथम, कोमल अरोड़ा ने द्वितीय, मेहंदी में कल्पना ने प्रथम, शालिनी रौतेला ने द्वितीय, हेयर स्टाइल में राखी गर्ग ने प्रथम, माधवी पांथरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके बाद तीज क्वीन का खिताब विनीता शर्मा को मिला।

मौके पर इनरव्हील क्लब लक्ष्मणझूला की अध्यक्ष मोनिका गर्ग, सेक्रेटरी मीनाक्षी भंडारी, दीपिका तायल, रितु, रेचल राय, राधा जैन, सीनू शर्मा, सुरभि जैन, लक्ष्मी दीक्षित, शिवानी गुप्ता, राखी गर्ग, नीति भटनागर, रीना शर्मा, शालिनी रौतेला, रितु अग्रवाल, मनीषा अग्रवाल, नम्रता अग्रवाल, माला, मनु, प्रीति, रीना शर्मा, राधा चौहान, प्रीति, सुजाता टुटेजा, अंजलि अरोड़ा, कनक, शालिनी रौतेला, राखी गर्ग आदि उपस्थित रहे।

सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत


रायवाला थाना पुलिस ने बताया कि बीती रात को सूचना मिली कि एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार युवक जख्मी हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक युवक की मौत चुकी थी।

मृतक के पास से पहचान पत्र बरामद हुआ। इस आधार पर उसकी पहचान दिवाकर पांडे (28) पुत्र दशरथ पांडे निवसी चंद्रेश्वरनगर, ऋषिकेश के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में भेज दिया है।

थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। युवक रात को ऋषिकेश की तरफ जा रहा था।

मंत्री व विधायक अग्रवाल ने गुमानीवाला में आंतरिक मार्गों का किया शिलान्यास

शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य कभी प्रभावित नहीं होंगे, विकास का पहिया हमेशा चलता रहेगा। प्रदेश की युवा धामी सरकार सबका साथ सबका विकास भावना से कार्य कर रही है।

गुमानीवाला में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने भूमि पूजन कर आंतरिक मार्गों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि जनता की बदौलत उन्हें चुनाव में चौथी बार लगातार सफलता मिली है। उन्हीं के आशीर्वाद से पिछले कार्यकाल में विधानसभा अध्यक्ष बने और इस बार मंत्री पद मिला। जनता से जुड़े विकास कार्य ही मेरी प्राथमिकता रहे हैं। कहा कि राज्य योजना के तहत गुमानीवाला में आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। 2.045 किमी लंबाई वाले आंतरिक मार्गों की लागत 135.92 लाख रुपये है। इन आंतरिक मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को सहूलियत मिलेगी।

मौके पर ग्राम प्रधान दीपिका व्यास, मण्डल महामंत्री रवि शर्मा, मानवेन्द्र कंडारी, मनवीर भंडारी, लक्ष्मण सिंह चौहान, गोविंद सिंह रावत, रुकमा व्यास, पार्षद वीरेन्द्र रमोला, धर्म सिंह क्षेत्री, रंजीत थापा, पंचायत सदस्य रीना रांगड़, आरती भट्ट, खेम सिंह, हरिश रावत, सुमती रावत, संगीता सकलानी, शिव प्रसाद रतूड़ी, संदीप कुडियाल, सहायक अभियंता सतीश कुमार, अपर सहायक अभियंता उपेन्द्र गोयल, टेक सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।

रोटरी क्लब ऋषिकेश ने मंसा देवी में बच्चों को दिए स्कूली बैग


सामाजिक संस्था रोटरी क्लब ऋषिकेश ने नौनिहालों को स्कूली बैग वितरित किए। मंसा देवी कॉलोनी में स्थित बुडिस स्कूल में 50 बच्चों को बैग दिए गए।

रोटरी क्लब के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि स्कूल में सामाजिक संस्था होने के साथ ही संस्था स्कूली बच्चों के लिए पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध कराती है। बताया कि क्लब को स्कूल में बैग को लेकर मांग की गई। इसी कड़ी में आज 50 बच्चों को स्कूली बैग दिए गए।

इस मौके पर राकेश अग्रवाल ने प्राचार्य सरिता भट्ट को को विश्वास दिलाया कि स्कूलों में हर प्रकार की मदद रोटरी क्लब करता रहेगा।

इस मौके पर क्लब के सचिव विशाल तायल ने कहा कि रोटरी क्लब समय-समय पर समाज सेवा के हर प्रकार के कार्य में अपना योगदान देता रहेगा।

इस मौक़े पर राजीव गर्ग, बलवंत सिंह डंग, सुशील गोयल, क्षेत्रीय पार्षद बिजेंद्र मोगा, विद्यालय की प्रधानाचार्या सरिता भट्ट आदि उपस्थित रहे।

भाजपा सरकार का पुतला फूकेंगे कांग्रेसी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने बयान जारी कर कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के निर्देश पर कांग्रेस पार्टी ने राज्य के अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से वीपीडीओ एवं अन्य पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षा में 15-15 लाख रूपये लेकर पेपर बेचने के खुलासे, राज्य के खनन विभाग में हो रहे अवैध खनन तथा घोटाले, सहकारिता विभाग तथा शिक्षा विभाग में हो रहे भर्ती घोटालों के विरोध में दिनांक 28 जुलाई, 2022 को महानगर ऋषिकेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सरकार का विरोध करेगी।