हर जिले में गठित होगी जिला प्रवासी सेलः मुख्य सचिव

उत्तराखण्ड के प्रवासियों द्वारा राज्य के गांवों को गोद लेने के अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने जिलाधिकारियों को प्रत्येक जनपद में भी तत्काल प्रभाव से जिला प्रवासी प्रकोष्ठ गठित करने निर्देश दिए हैं। सीएस ने जिलाधिकारियों को राज्य के विकास में विभिन्न कार्यों के माध्यम से सहयोग करने के इच्छुक प्रवासियों के सहयोग हेतु जिला प्रशासन एवं प्रवासियों की माह में एक बार अनिवार्य बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही इस बैठक की रिपोर्ट तथा हर माह प्रवासियों के साथ किए गए समन्वय के प्रयासों की जानकारी नियमित रूप से शासन को भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी डीएम को प्रवासियों के साथ निरन्तर संवाद बनाए रखने की हिदायत दी है। सीएस ने निर्देश दिए हैं कि राज्य के विकास में भागीदारी के इच्छुक प्रवासियों को प्राथमिकता पर रखते हुए जिलाधिकारियों को प्रत्येक प्रवासी से व्यक्तिगत संवाद एवं समन्वय करना चाहिए। उन्होंने जिला प्रवासी सेल के माध्यम से प्रवासियों द्वारा गोद लिए जाने वाले गांवों के विभिन्न मुद्दों, समस्याओं, भूमि सम्बन्धित विषयों का तत्परता से निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने विभिन्न देशों से वीडियों कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम जुड़े प्रवासियों से भी आग्रह किया है कि जनपदों में विकास की विभिन्न संभावनाओं को देखते हुए राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ क्षेत्रों के गांवों के विकास के लिए आगे आए तथा सम्बन्धित डीएम व जिला प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय बनाएं।

बैठक में सचिव विनोद कुमार सुमन, उत्तराखण्डी प्रवासी सेल के सदस्य सुधीर नौटियाल, वीडियों कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, आयरलैण्ड से प्रवासी विकास लेखवार, विनोद लेखवार, यूएसए से वीरेन्द्र रावत, लंदन से विनोद जेठूरी, लखनऊ से एम पी भट्ट आदि मौजूद रहे।

सीएम धामी ने कल्याणपुर, लखनऊ में आयोजित प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कल्याणपुर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में संसदीय क्षेत्र लखनऊ से भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह के पक्ष में आयोजित प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है। उन्होंने कहा उत्तराखंड प्रवासियों ने हमेशा राजनाथ सिंह समर्थन किया है। उन्होंने कहा पूरा लखनऊ एक होकर राजनाथ जी का समर्थन कर रहा है। राजनाथ का उत्तराखंड विशेष लगाव, एवं रोटी बेटी का रिश्ता है। मुख्यमंत्री ने कहा उन्होंने छात्र जीवन में कई चीजे लखनऊ की धरा से सीखी है। जब भी वो लखनऊ आते हैं, उनकी बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 10 सालों में लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल गई है। आज लखनऊ विकास के पथ पर अग्रसर है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में लखनऊ तेजी से आगे बड़ा है। देश के रक्षा मंत्री रहते हुए राजनाथ सिंह ने देश में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। डिफेंस के क्षेत्र में आधुनिक हथियारों संसाधनों को अब भारत इंपोर्ट की जगह एक्सपोर्ट करता है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना पूर्ण हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष पहले पुरानी सरकारों में हर दिन नया घोटाला सामने आता था। पर बीते 10 वर्षाे में एक भी घोटाला सामने नहीं आया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक फैसले हुए हैं। कश्मीर से धारा 370 हटाई गई। देश में सीएए कानून लागू कर दिया गया है, तीन तलाक का भी खात्मा कर दिया गया है। साथ ही लंबे समय के बाद भगवान श्री राम का अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण कार्य हुआ है। आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि आने वाले समय में भारत अर्थव्यवस्था क्षेत्र में नंबर पर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा पार्टी ने उत्तराखंड आंदोलन के दौरान मसूरी, मुजफ्फरनगर, खटीमा में राज्य आंदोलनकारीयो पर गोलियां चलवाई थीं। अयोध्या में रामभक्तो पर गोलियां चलाई गई। हम ये बात कभी भूल नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा अटल बिहारी वाजपेई जी के नेतृत्व में हमें उत्तराखंड राज्य मिला। उन्होंने कहा लखनऊ के साथ उत्तर प्रदेश में भाजपा की लहर है। श्री राजनाथ जी का सरल व्यवहार हम सभी जानते हैं। बड़े से बड़े पदों पर रहने के बावजूद वो सीधे लोगों के दिलों से जुड़े रहे हैं। पूरे देश में उनका बड़ा सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की आजादी के बाद उत्तराखंड पहला राज्य बन गया है जहां सबसे पहले समान नागरिक सहित लागू हुआ है। उन्होंने कहा भाजपा के संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात कही गई है। एक ओर भाजपा समान कानून की बात करती है तो दूसरी ओर कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में मुस्लिम पर्सनल लॉ को लागू करने की बात करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के प्रति देशवासियों का नजरिया बदला है। लोगो का भाव हमारे प्रति पवित्र है। उत्तराखंड में हमने सख्त नकल विरोधी कानून, लैंड जिहाद पर कार्यवाही, दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून एवं महिलाओं को 30 क्षैतिज आरक्षण देने का काम किया है। उन्होंने कहा एक ओर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेकर चलने वाली भाजपा तो दूसरी तुष्टिकरण वाली सपा और कांग्रेस पार्टी का गठबंधन है। सपा और कांग्रेस पार्टी के पास न मुद्दे हैं, न वादे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डीयो से संसदीय क्षेत्र लखनऊ से राजनाथ सिंह को 5 लाख से भी ज्यादा मतों से विजय बनाकर प्रधानमंत्री को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देने का आग्रह किया।

इस अवसर पर मेयर सुषमा खर्कवाल, विधायक प्रत्याशी ओ.पी श्रीवास्तव, विनय रोहेला, भाजपा नेता नीरज, हरिश चंद्र पंत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।