पीएमश्री और लखपति दीदी योजना की मुख्य सचिव ने की समीक्षा

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में पीएमश्री और लखपति दीदी योजना की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में भी पीएमश्री योजना की तर्ज पर स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए योजना संचालित की जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि पीएमश्री योजना के तहत् स्कूलों को 5 वर्षों तक 40 – 40 लाख की धनराशि (कुल 2 करोड़ रुपए) उपलब्ध कराई जाती है, जिससे स्कूलों में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएमश्री योजना की तर्ज पर प्रदेश में भी योजना संचालित की जाए जिससे स्कूलों में बच्चों के पठन पाठन के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकें। इससे प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं पुस्तकालय आदि से संतृप्त किए जाने में तेजी आएगी। उन्होंने क्लस्टर विद्यालयों से इसकी शुरूआत किए जाने की बात कही।

स्वयं सहायता समूहों के लिए क्षमता विकास कार्यक्रम किए जाएं संचालित

मुख्य सचिव ने लखपति दीदी योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के और अधिक कारगर बनाए जाने एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों में तकनीक के अधिकतम उपयोग से गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार क्षमता विकास कार्यक्रम संचालित किए जाने के निर्देश दिए हैं। लखपति दीदी योजना की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय संचालन समिति और राज्य स्तरीय निगरानी समिति का गठन शीघ्र कर इनकी निरन्तर बैठकें आयोजित की जाएं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, ई-कॉमर्स प्लेटफार्म, रिटेल चेन आदि पर अधिक से अधिक फोकस किया जाए। उन्होंने उत्पादों को हाऊस ऑॅफ हिमालयाज में भी शामिल किए जाने की बात कही।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, मेहरबान सिंह बिष्ट एवं झरना कामठान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उत्तराखंड में स्कूल खोलने पर फैसला, तीन चरणों में खुलेंगे स्कूलः शिक्षा मंत्री

उत्तराखंड में विद्यालय तीन चरणों में खुलेंगे। राज्य सरकार ने विद्यालय खोलने को लेकर फैसला किया है। इसके लिए सात दिन के भीतर जिलाधिकारी अपनी रिपोर्ट देंगे। यह बात बैठक के बाद शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने कही। उन्होंने कहा कि पहले चरण में कक्षा 9 से 12 तक, दूसरे चरण में कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को और तीसरे चरण में पांचवीं तक स्कूलों को खोला जाएगा। जिलाधिकारी की रिपोर्ट के बाद बाद कैबिनेट में यह निर्णय लिया जाएगा।

अनलॉक-पांच को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गाइडलाइन जारी कर दी है। केंद्र ने स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को खोलने की अनुमति दी है। यह गाइडलाइन रात्रि जारी होने की वजह से प्रदेश में गुरुवार तक व्यवस्था पूर्ववत रहेगी। प्रदेश सरकार ने 30 सितंबर तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश जारी किया था। केंद्र के निर्देशों के मुताबिक आगे इस संबंध में राज्य सरकार को खुद फैसला लेना है।

शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने बताया कि स्कूलों को खोलने के बारे में हर जिले से फीडबैक लिया जाएगा। इस संबंध में सभी जिलों के डीएम को निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद तय होगा कि 15 अक्टूबर से स्कूल खोले जाएं या नहीं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 9वीं से 12वीं तक कक्षाएं चलेंगी, जबकि दूसरे चरण में छठी से 8वीं तक कक्षाएं शुरू की जाएंगी। आज शासन और विभाग की बैठक में जिलों से फीडबैक लेने का निर्णय लिया गया।