वरूणावत पर्वत पहुंचे प्रभारी मंत्री अग्रवाल, लैंड स्लाइड क्षेत्रों का किया निरीक्षण

प्रभारी व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेम चन्द अग्रवाल ने वरूणावत पर्वत से लगे गुफियारा-जल संस्थान कॉलोनी के ऊपर पहाड़ी पर हो रहे भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर कहा है कि भूस्खलन के उपचार एवं आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए सरकार विशेषज्ञों के परामर्श के अनुसार हर संभव कदम उठाएगी।

जिले के एक दिवसीय भ्रमण पर यहां पहॅुचे वित्त, शहरी विकास, आवास, विधायी एवं संसदीय कार्य, पुनर्गठन, जनगणना एवं जिले के प्रभारी मंत्री डा. प्रेम चंद अग्रवाल ने जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में वरूणावत पर्वत से लगे गुफियारा-जल संस्थान कॉलोनी क्षेत्र में जाकर भूस्खलन का जायजा लेने के साथ ही इस भूस्खलन की रोकथाम एवं आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि भूस्खलन का मलवा व पहाड़ी से गिरने वाले पत्थर आबादी वाले क्षेत्र के तरफ न बढें, इसके लिए विशेषज्ञ संगठनों की राय से तात्कालिक महत्व के कार्य करने के साथ ही इस क्षेत्र में पहले से स्थापित लोहे की रेलिंग को विस्तारित व सुदृढ करने के साथ ही सुरक्षा दीवार बनाए जाने पर भी विचार किया जाय।

डा. अग्रवाल ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में विस्तृत सर्वेक्षण में जुटे टीएचडीसी, जीएसआई एवं यूएलएमएमसी के सर्वेक्षण दल के सदस्यों से भी मौके पर वार्ता कर सर्वेक्षण की प्रगति एवं वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने टीम के सदस्यों से यथाशीघ्र अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि सर्वेक्षण रिपोर्ट में दी जाने वाली संस्तुतियों के अनुसार भूस्खलन के उपचार एवं सुरक्षा कार्यों को लेकर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में जन-जीवन की सुरक्षा के के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जाने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि गत गत 27 अगस्त को सक्रिय हुए इस भूस्खलन में विस्तार की प्रवृत्ति देखने में नहीं आई है और मलवा-पत्थर अभी पहाड़ी क्षेत्र में ही रूका पड़ा है और स्थिति अभी सामान्य बनी हुई है। लेकिन प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर प्रशासन के द्वारा सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। प्रशासन के द्वारा खतरे की आशंका वाले क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की व्यवस्था भी की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि भूस्खलन के कारणों की विस्तृत जांच एवं उसके निदान के लिए तात्कालिक एवं दीर्घकालीन उपाय सुझाने हेतु में टीएचडीसी, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के साथ ही उत्तराखंड भूस्खलन शमन एवं प्रबंधन केन्द्र तथ जिला टास्क फोर्स के भूवैज्ञानिक एवं विशेषज्ञों की टीम द्वारा गत दिन से प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण किया जा रहा है। इस टीम को जल्द सर्वेक्षण पूरा कर अपनी रिपोर्ट देने को कहा गया है। रिपोर्ट में दी जाने वाली संस्तुतियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा एवं उपचार कार्य करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, मुख्यमंत्री के जन संपर्क अधिकारी किशोर भट्ट, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, उत्तराखंड भूस्खलन शमन एवं प्रबंधन केन्द्र की वरिष्ठ भूवैज्ञानिक रूचिका टंडन, डिजायन इंजीनियर पंकज उनियाल, जीएसआई की वरिष्ठ भूवैज्ञानिक नेहा कुमारी, टीएचडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक जेआर कोठारी, स्ट्रक्चरल इंजीनियर टीएचडीसी विनय पुरोहित, जिला टास्क फोर्स के भूवैज्ञानिक प्रदीप कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि रजनीश सैनी, तहसीलदार सुरेश सेमवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल भी उपस्थित रहे।

हिमान्या ब्रांड के मल्टीग्रेन आटे की प्रभारी मंत्री अग्रवाल ने की लांचिंग

प्रभारी व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेम चन्द अग्रवाल ने डुंडा ब्लॉक के महिला समूहों द्वारा उत्पादित मल्टीग्रेन ऑर्गेनिक आटा को विपणन के लिए लॉंच किया है। घराट (पनचक्की) पर पिसे गए इस आटे को ‘हिमान्या‘ ब्रांड के तहत ऑनलाईन प्लेटफार्म्स पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

ब्लॉक सभागार डुंडा में आयोजित एक समारोह में ‘हिमान्या‘ ब्रांड के मल्टीग्रेन आटे की लांचिंग करते हुए राज्य के वित्त, शहरी विकास, आवास, विधायी एवं संसदीय कार्य, पुनर्गठन, जनगणना एवं जिले के प्रभारी मंत्री डा. प्रेम चंद अग्रवाल ने महिला समूहों एवं ग्राम्य विकास विभाग के इस अभिनव प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस उत्पाद को लोकप्रिय बनाने के लिए शुरूआत में इसका लाभांश कम रखने के साथ ही इसे किफायती पैकिंग में स्थानीय स्तर पर भी विपणन करने की व्यवस्था की जाय। श्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण एवं आजीविका संवर्द्धन के अवसरों में वृद्धि के लिए प्रतिबद्धता से प्रयास कर रही है। जिसके परिणामस्वरूप हर क्षेत्र में महिलाएं तेजी से आगे बढ रही हैं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने कहा कि जिले में महिला समूहों की आजीविका संवर्द्धन की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा उनके उत्पादों के विपणन के लिए उपयुक्त व्यवस्था करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले के प्रमुख यात्रा पड़ावों पर महिला समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए आउटलेट्स तैयार करवाए जा रहे हैं। हीना में आठ आउटलेट्स बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि डुंडा ब्लॉक को ऑर्गेनिक ब्लॉक घोषित किया गया है और घराट के माध्यम से तैयार मल्टीग्रेन ऑर्गेनिक आटा जैसे उत्पाद तैयार कर महिला समूहों के लिए संभावनाओं के नए व बेहतर अवसर तैयार किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि इन संभावनाओं को मूर्त रूप देने में मुख्य विकास अधिकारी जय किशन तथा महिला समूहों के सराहनीय प्रयास अन्य लोगों को भी प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उन पर काम का बोझ कम करने के लिए सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं। जिनका महिलाओं को उल्लेखनीय लाभ मिल रहा है। उन्होंने महिला समूहों द्वारा ‘हिमान्या‘ ब्रांड के तहत अर्गेनिंगक मल्टग्रेन आटा के उत्पादन व विपणन की सराहनीय करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासो को हर स्तर पर समर्थन दिया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय किशन ने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए ग्राम्य विकास विभाग की मुहिम के तहत विकास खंड डुंडा के उन्नति कलस्टर लेवल फेडरेशन से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार मल्टीग्रेन आटा को हिमान्या ब्रांड के तहत बाजार में उतारा गया है। आठ प्रकार के स्थानीय अनाजों से मिलकर तैयार किए गए इस ऑर्गेनिक उत्पाद के विपणन समर्थन हेतु भी ठोस प्रयास किए गए हैं। इसके लिए ऑनलाईन विपणन के लिए भी प्रतिष्ठित ई-कॉमर्स कंपनियों से तालमेल किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अनेक महिला समूहों के द्वारा उल्लेखनीय काम किए जा रहे हैं। इस बार महिला समूहों द्वारा 24 आटलेट्स के माध्यम से 70 लाख रूपये की बिक्री की गई है। जिले में 25 महिला समूहों को ड्रोन दीदी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राज्य में इस तरह का प्रशिक्षण देने वाला उत्तरकाशी पहला जिला है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के जन संपर्क अधिकारी किशोर भट्ट, ब्लॉक प्रमुख डुंडा शैलेन्द्र कोहली, ब्लॉक प्रमुख मोरी बचन सिंह पंवार, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, जिला विकास अधिकारी रमेश चन्द्र, तहसीलदार रीनू सैनी, जिला परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय के साथ ही विभिन्न महिला समूहों की सदस्य भी उपस्थित रहीं।

सीएम ने किया सिल्क्यारा सुंरग घटनाक्रम पर आधारित पुस्तक का विमोचन

नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘वो 17 दिन’ पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक ‘वो 17 दिन’ सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों पर आधारित है।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए और कहा कि 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालना एक बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन से ही बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण हो पाया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान पुस्तक के लेखक राजीव रंजन सिंह को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सकारात्मकता और अनुभवों से भरी यह पुस्तक निश्चित ही पढ़ने योग्य है।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष श्याम जाजू, पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी और पुस्तक के लेखक राजीव रंजन सिंह उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने बड़कोट क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में सायं बड़कोट क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने विधायक दुर्गेश्वर लाल के नेतृत्व में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने बड़कोट पेयजल पंपिंग योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि बड़कोट पेयजल पंपिंग योजना की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की मांग पर पंपिंग पेयजल योजना के निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने एक ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने ज्ञापन में वर्णित समस्याओं के समाधान पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्प है और इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।

इस अवसर पर ज़िलाध्यक्ष बीजेपी सतेंद्र राणा, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, पूर्व ज़िलाध्यक्ष जयवीर सिंह जयारा, प्रदेश मंत्री ओबीसी मोर्चा चण्डी प्रसाद बेलवाल, मण्डल अध्यक्ष जयप्रकाश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने ट्रैकर्स के साथ हुई दुर्घटना के दिए मजिस्टीरियल जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित सिल्ला-कुशकल्याण-सहस्त्रताल ट्रैक रूट पर मौसम खराब होने के कारण ट्रैकिंग दल के साथ घटित दुर्घटना की मजिस्टीरियल जांच के निर्देश दिये हैं। उक्त मजिस्टीरियल जाच करने हेतु आयुक्त, गढ़वाल मण्डल को नामित किया गया है। आयुक्त, गढ़वाल मण्डल को निर्देश दिये गये हैं कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच करते हुए अपनी रिपोर्ट यथाशीघ्र शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करायें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिल्ला-कुशकल्याण-सहस्त्रताल ट्रैक पर फंसे पर्यटकों की खोज एवं बचाव के लिए संचालित रेस्क्यू अभियान पर निरंतर नजर रखे रहे। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में हर संभव विकल्पों और संसाधनों का प्रयोग करने की भी हिदायत अधिकारियों को दी थी।

ज्ञांतव्य है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर हादसे की सूचना मिलते ही रातों-रात वायु सेना से लेकर निजी कंपनियों के हेलीकॉप्टर्स जुटाने के साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रेस्क्यू करने में दक्ष व अनुभवी रेस्क्यूअर्स की अनेक टीमों को तैयार कर अगले दिन तड़के ही कई दिशाओं से जमीनी व हवाई रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया और दोपहर होने तक सभी जीवित ट्रैकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया था।

मुख्यमंत्री शुरू से इस अभियान को लेकर निरंतर जिलाधिकारी से अपडेट लेते रहे। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में ट्रैकर्स की मौत होने पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को इस रेस्क्यू अभियान में हर संभव विकल्पों पर कार्रवाई करने के साथ ही उत्कृष्ट संसाधनों एव विशेषज्ञ रेस्क्यूअर्स को जुटाने के निर्देश देते हुए कहा था कि सहस़्त्रताल क्षेत्र में फंसे जीवित पर्यटकों के जीवन के रक्षा के लिए कोई भी कसर न रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जटिल व अत्यंत चुनौतीपूर्ण अभियान को तेजी से संचालित करने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे सभी लोगों, विभागों व संगठनों ने पूरा प्रयास किया। फलस्वरूप इस हादसे में जीवित सभी व्यक्तियों को गत दिन ही सुरक्षित निकालने में सफलता मिली है।

उत्तरकाशी में सीएम ने किया लाभार्थी सम्मान समारोह में प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामलीला मैदान, बड़कोट उत्तरकाशी में आयोजित ’लाभार्थी सम्मान समारोह’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत पुरोला को नगर पालिका परिषद, पुरोला बनाए जाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को सामग्री, चेक प्रदान किए। जिसमें पीएम ड्रोन दीदी योजना के अंतर्गत वीरांगना कृषि उत्पादन संगठन जखोल को खेती बागवानी के काम में आने वाले ड्रोन केन्द्र के संचालन हेतु दस लाख रूपये की लागत का ड्रोन प्रदान करने के साथ ही सीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक के लिए समूहों को कृषि यंत्र। लखपति दीदी योजना, ईजा-बोई शगुन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को देय अनुदान व योजना राशि के चेक वितरित किए एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की अनेक लाभार्थियों को आवास की चाबी प्रदान की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तरकाशी बड़कोट एवं रंवाई क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का समाधान हमारी सरकार प्राथमिकता से करेगी। जनप्रतिनिधियों द्वारा दी गई विभिन्न विकास योजनाओं पर भी जल्द कार्य शुरू किया जायेगा। उन्होंने बड़कोट हेतु पेयजल योजना पर जल्द कार्य किए जाने की बात कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। विश्व में भारत का मान सम्मान एवं स्वाभिमान बड़ा है, भारत विश्व में एक नई ताकत बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य ने आम जनता को विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करवाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा आज भारत का प्रत्येक व्यक्ति विकास का लाभार्थी है। बाबा बौखनाथ की कृपा से हाल ही में हमने सिलक्यारा रेस्क्यू टनल ऑपरेशन में फतह हासिल की थी। ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट-2023 के तहत अब तक 71 हजार करोड़ की परियोजनाओं की ग्राउण्डिग हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एवं उत्तराखंड का प्रत्येक नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार का सदस्य है। सरकार की योजनाओं का संचालन धरातल में देखने को मिलता है। आज पात्र लाभार्थियों को ही संबंधित योजना का लाभ मिल रहा है। भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार हुआ है। युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। विभिन्न रोजगार मेलों का आयोजन कर रोजगार देने का कार्य किया जा रहा है। केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेश सरकार द्वारा विकास, सुशासन, रोजगार तथा उत्तराखंड की विशिष्ट संस्कृति को बचाने के लिए कार्य किए जा रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में निरंतर तीर्थस्थलों पुनर्निर्माण का कार्य जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उन्हीं के नेतृत्व में केदारनाथ बद्रीनाथ का भव्य निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा ऑल वेदर रोड के माध्यम से चार धाम यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने का कार्य हुआ है। राज्य सरकार ने कड़ा नकल विरोधी कानून लाकर नकल माफियाओं पर अंकुश लगाने का काम किया है। उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता विधेयक पास किया है। हमने कैबिनेट की बैठक में एक विशेष क्लेम ट्रिब्यूनल के गठन की मंजूरी दी है, इस ट्रिब्यूनल का काम दंगाइयों से सरकारी नुकसान की भरपाई करवाना है। वहीं धर्मांतरण कानून प्रदेश के मूल स्वरूप को बचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा राज्य सरकार प्रधानमंत्री के प्रेरक मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, निःशुल्क खाद्यान्न, निःशुल्क इलाज, किसानों के विकास, गरीबों के आवास, सीमाओं की सुरक्षा, प्रत्येक नागरिक को मुफ्त में कोरोना वैक्सीन देने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नतृत्व में लखपति दीदी योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, किसान सम्मन निधि, 80 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख तक का मुफ्त में इलाज देने का कार्य किया है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र राणा, विधायक दुर्गेश्वर लाल, विधायक सुरेश चौहान, विधायक संजय डोभाल, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, बागवानी विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजकुमार, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

उत्तरकाशी में सीएम का भव्य रोड शो, स्वागत में नजर आए

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़कोट, उत्तरकाशी में मुख्य बाजार, बड़कोट से रामलीला मैदान तक आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं, क्षेत्रीय जनता ने मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। रंवाई क्षेत्र की जनता के भव्य स्वागत से मुख्यमंत्री अभिभूत नज़र आए। मुख्यमंत्री ने भी लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र राणा, विधायक दुर्गेश्वर लाल, विधायक सुरेश चौहान, विधायक संजय डोभाल, मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

उत्तरकाशी गंगा, यमुना की लोक संस्कृति, विरासत और आस्था का संगमः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में आयोजित दीदी भुली महोत्सव को सम्बोधित करते हुए कहा कि दीदी-भुलियों को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने हेतु सरकार कृतसंकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी गंगा और यमुना की लोक संस्कृति, विरासत और आस्था का संगम है। इस जिले में बाबा विश्वनाथ की धरती पर मातृशक्ति का जो स्नेह मिला, वह उनके जीवन में यादगार रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी दीदी भुलियों के जीवन में आजीविका चलाने, बच्चों का लालन पालन करने जैसे कई कठिनाइयों को देखते हुए हमारी सरकार ने नौकरी में 30 फीसद आरक्षण दिया है। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण को लेकर चलाई जा रही लखपति दीदी, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, एकल महिला सशक्तिकरण योजना, नन्दा गौरा योजना, ब्याज मुक्त लोन योजना समेत कई योजनाओं का लाभ दीदी भुलियों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘दीदी-भुली महोत्सव में भाग लेने आई हजारों महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार अंतिम छोर (हिस्से) तक बैठे अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने में शिद्दत और संकल्प के साथ जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे तब तक चौन से नहीं बैठेंगे, जब तक उत्तराखंड आदर्श राज्य न बन जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर के निर्माण की सदियों से जो मनोकामना थी, वह 22 जनवरी को पूरी हो रही है। देवभूमि का सनातन स्वरूप बनाए रखने में हम प्रयासरत हैं। इस स्वरूप में किसी भी सूरत में बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 लोगों को बचाने के लिए चले ऑपरेशन को कामयाब बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अफसरों की टीम से लेकर उत्तरकाशी और देश की जनता का आभार जताया। कहा कि सिलक्यारा ऑपरेशन पर देश और दुनिया की नज़र थी। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सिलक्यारा ऑपरेशन को समय पर पूरा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जो मार्गदर्शन और समय समय पर जो मशीनरी और सहायता उपलब्ध कराई है, वह इस अभियान को कामयाब बनाने में महत्वपूर्ण थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी के लाल धान ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त कर किसानों, अधिकारियों और सरकार के काम पर मुहर लगाई है। मुख्यमंत्री ने ओडीओपी पुरस्कार मिलने पर जिले को बधाई देते हुए जलजीवन मिशन में भटवाड़ी ब्लॉक में सबसे पहले सौ फीसदी जल-संयोजन होने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज मातृशक्ति की जो भीड़ मुख्यमंत्री के स्वागत में जुटी हैं, वह उत्तरकाशी के इतिहास में पहली बार देखने को मिली हैं। इस मौके पर टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी विचार रखे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए डीएम अभिषेक रुहेला ने कोटी-बनाल भवन निर्माण शैली में निर्मित पंचपुरा भवन की प्रतिकृति और सिलक्यारा ऑपरेशन की सफलता के फोटो का कोलाज और इस रेस्क्यू अभियान को कामयाब बनाने के लिए जनपदवासियों की तरफ से आभार पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने जिला पुलिस द्वारा मिशन सिलक्यारा पर तैयार की गई काफी टेबल बुक का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, भाजपा, बागवानी विकास परिषद के उपाध्यक्ष राजकुमार, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, डीएम अभिषेक रुहेला, एसपी अपर्ण यदुवंशी, मुख्य विकास अधिकारी जय किशन, अपर जिलाधिकारी रजा अब्बास , भाजपा नेता लाखीराम जोशी, किशोर भट्ट आदि भी मौजूद रहे।

उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री के रोड शो में सड़कों पर उतरा जनसैलाब

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिला मुख्यालय पर रोड-शो किया, तो जन-सैलाब सड़कों पर उमड़ आया। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित हजारों महिलाओं ने सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस आयोजन के जरिए जहां लोगों ने उत्तरकाशी जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरओं के विविध रूप-रंगों का साक्षात्कार किया वहीं यह आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण और जिले के विकास के लिए भी अत्यधिक महतपूर्ण साबित हुआ।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के ‘दीदी-भुली महोत्सव‘ में शिरकत करने के साथ ही रू. 291 करोड़ से अधिक लागत की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिनमें रू. 189 करोड़ की लागत से यूजेवीएन लिमिटेड के तिलोथ विद्युतगृह के नवीनीकरण, उच्चीकरण एवं पुनरोद्धार (आर.एम.यू.) कार्य का लोकार्पण भी सम्मिलित है।

महिला सशक्तिकरण को समर्पित ‘दीदी-भुली महोत्सव‘ में प्रतिभाग करने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तरकाशी पहॅुचने पर पेट्रोल पंप-बस स्टैंड से लेकर भटवाड़ी रोड, भैरव चौक, कोर्ट रोड, हनुमान चौक होते हुए रामलीला मैदान तक रोड-शो आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाड़ाहाट क्षेत्र के आराध्य कंडार देवता को भी शीश नवाया और माँ शक्ति और बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य व देश की प्रगति व खुशहाली की कामना की। डेढ कि.मी. से अधिक दूरी तक आयोजित इस रोड-शो में नगरवासियों के साथ ही जिले के कोने-कोने से आये लोगों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का हर्षाेल्लास के साथ भव्य स्वागत किया। रोड शो में पारंपरिक पहनावों से सजी ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं के जत्थे और लोक-कलाकारों की सांस्कृतिक झांकी आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहे। ढोल-दमाऊ व रंणसिंगे जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों से रोड-शो में हर कोई झूमता-थिरकता नजर आया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर उत्तरकाशी जिले का समृद्ध सांस्कृतिक वैभव अपने अद्भुत अंदाज में सड़क पर उमड़ आया। मुख्यमंत्री धामी उत्तरकाशी के इस अनूठे सांस्कृतिक वैविध्य से अभिभूत नजर आए और उन्होंने खुद आम लोगों व कलाकारों पर फूल बरसाते हुए परंपराओं के प्रति अपने अनुराग को अभिव्यक्त भी किया। रोड-शो संपन्न होने पर मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान में बद्री गाय की पूजा अर्चना कर ‘विकसित भारत विकसित ग्राम‘ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी स्टॉलो का निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया और विभिन्न योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट‘ नेशन अवार्ड में देश में दूसरे स्थान का सम्मान पाने वाले लाल धान की जानकारी ली। महिला किसानों ने मुख्यमंत्री को लाल धान की बाली भेंट की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गिंज्याली (मूसल) थामकर पारंपरिक ओखली में महिलाओं के साथ लाल धान की कुटाई की तथा लाल धान के चिवड़ा बनाने की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डुंडा और बगोरी क्षेत्र के पारंपरिक ऊन उत्पादकों से भेंट कर ऊनी ऊन बुनाई व कताई के बारे में जानकारी ली और चरखा भी चलाया। मुख्यमंत्री ने ऊन की कताई कर पारंपरिक ऊनी वस्त्रों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रू. 291 करोड़ 75 लाख की लागत की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिनमे उत्तरकाशी जिले के विकास से जुड़ी रू. 57 करोड़ 38 लाख की लागत की 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 45 करोड़ 37 लाख की लागत की 38 योजनाओं का लोकार्पण तथा रू. 189 करोड़ की लागत के यूजेवीएन लिमिटेड के तिलोथ विद्युतगृह के नवीनीकरण, उच्चीकरण एवं पुनरोद्धार (आर.एम.यू.) कार्यों का लोकार्पण भी सम्मिलित है।

सिलक्यारा टनल में रेस्क्यू करने वाले रैट माइनर्स को सीएम ने दिए 50-50 हजार रूपये

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तरकाशी के सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में टनल की खुदाई में अहम भूमिका निभाने वाले 12 रैट माइनर्स को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और सभी रैट माइनर्स को 50-50 हजार रूपये के सम्मान राशि के चेक भी प्रदान किये।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रैट माइनर्स ने अपनी जान की परवाह किये बिना कठिन परिस्थितयों में टनल में खुदाई, सफाई और पाइप को काटने का कार्य किया। सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलता तक पहुंचाने में रैट माइनर्स का बहुत बड़ा योगदान रहा। उन्होंने कहा कि जिस लगन और परिश्रम से हमारे रैट माइनर्स ने इस रैस्क्यू अभियान को सफल बनाने में अन्य एजेंसियों के साथ योगदान दिया, इसके लिए सभी रैट माइनर्स बधाई और आशीर्वाद के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान में योगदान देने वाले सभी लोगों का भी प्रदेश की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले रैट माइनर्स ने राज्य में स्वागत और सम्मान होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुरंग में फंसे 41 लोगों की जान बचाने के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ उन्हें भी अपना योगदान देने का अवसर मिला, यह उनके लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, जिलाधिकारी उत्तरकाशी अभिषेक रूहेला भी मौजूद थे।