जेनेरिक दवा लिखने के खिलाफ अस्पताल में एमआर का प्रदर्शन

ऋषिकेश।
सोमवार को एसोसिएशन की ऋषिकेश इकाई से जुड़े सदस्यों ने जेनेरिक दवा लिखने के विरोध में अस्पताल परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। यूनियन के अध्यक्ष सतीश सेमवाल ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में सिर्फ जेनेरिक दवाएं लिखने का निर्णय पूरी तरह से अव्यवहारिक है। उन्होंने कहा कि पहले दवाओं की कीमतें लागत के आधार पर तय होती थीं, अब मूल्य निर्धारण बाजार के नियंत्रण में है। ऐसे में बाजार में दवाएं नहीं मिलने पर आखिरकार लोगों को इलाज के दौरान परेशानियां उठानी पड़ेंगी।
सेमवाल ने बताया कि इससे फार्मा सेक्टर भी प्रभावित होगा। हजारों लोगों को रोजगार से हाथ धोना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल यूनियन मौजूदा परिस्थितियों का आंकलन कर रही है। यह फैसला वापस नहीं हुआ तो संगठन जल्द ही आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरेगा। प्रदर्शन करने वालों में देवेंद्र जोशी, योगेंद्र शर्मा, विक्रम वशिष्ठ, दीप ममगाईं, निखिल मेहरा, सुमित शर्मा आदि शामिल थे।

जन्म दिन पर गंगा आरती कर मांगी खुशहाली

ऋषिकेश।
सोमवार को जन्म दिवस पर ऋषिनगरी पहुंचने पर पहले होटल अमेरिस में अजय भट्ट को कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। उसके बाद अजय भट्ट मायाकुंड स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद वह कैलाशगेट की ओर रवाना हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैलाशगेट चौक पर उनका स्वागत किया। भजनगढ़ स्थित कुष्ठ कॉलोनी में प्रदेश अध्यक्ष ने फल और खाद्यान्न बांटा जिसके बाद वह परमार्थ निकेतन में सांध्यकालीन गंगा आरती में भाग लेने पहुंचे।
परमार्थ निकेतन पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने अपनी पत्नी पुष्पा भट्ट के साथ स्वामी चिदानंद मुनि से आशीर्वाद लिया। चिदानंद मुनि ने उन्हें रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया। आरती में भाग लेने के बाद वह देहरादून की ओर लौट गए। पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सुकमा में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने अपना जन्म दिन सादगीपूर्वक मनाया। जम्मू में हो रहे सैनिकों पर हमले को लेकर केन्द्र सरकार शीघ्र ही सख्त कार्रवाई करने जा रही है।
मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञान सिंह नेगी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनीता ममगाईं, नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, चन्द्रवीर पोखरियाल, राकेश सेंगर, संजीव गोयल,अक्षत गोयल, राकेश पाल, कपिल गुप्ता, आशीष कुकरेती, सूरत सिंह रौतेला, दिनेश सती, रवि शास्त्री, सूर्यचन्द्र सिंह चौहान, अनिल बड़ोला, पुष्पा ध्यानी, किशोर देवरानी, संजय बड़ोला, सुरेन्द्र कुड़ियाल आदि मौजूद रहे।

अन्तर राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन

ऋषिकेश।
सोमवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर लोकजन शक्ति पार्टी (लेवर सेल) ने पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन में श्रमिक वर्ग की समस्याओं पर गोष्ठी की। लेवर सेल के राज्य प्रभारी कदर्म सिंह बालियान ने मजदूरों के हितों में सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। श्रमिक समस्याओं को लेकर उन्होंने संगठित होने पर जोर दिया। बताया कि निकाय चुनाव से पूर्व पार्टी का सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। मौके पर भोपाल सिंह, अजय सिंह मनिहारिया, जशपाल शर्मा, सावित्री वाल्मिकी, सतबीर, राकेश धीमान, कान्ता, लक्ष्मी देवी, अरुण कुमार, सोनू कुमार, वर्षा चौहान आदि उपस्थित रहे।
उधर, अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर लायनेस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने सरकारी अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया। अध्यक्ष उमा किंगर ने बताया कि शिविर में 35 यूनिट रक्तदान किया गया। ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. मुकेश पाण्डे ने बताया कि रक्तदान करने से दूसरों की जिंदगी बचाई जा कती है। कई बार जरूरत पड़ने पर रक्त नहीं मिल पाता है। ऐसे में मरीज को परेशानी होती है। उन्होंने हर व्यक्ति से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने की अपील की। क्लब अध्यक्ष उमा किंगर ने बताया कि रक्तदान महादान है। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सेवा करने के उद्देश्य से सरकारी अस्पताल में ही रक्तदान करना चाहिए। मौके पर आयुषी छाबड़ा, दीपिका प्रभाकर, शीतल शर्मा, प्रोमिला सडाना, गीता अरोड़ा, कोमल मखीजा, वानी करारा, युविका चंदानी आदि मौजूद रहीं।

सर्वोदय अभियान के तहत महिलाओं को बताए गए उनके अधिकार

ऋषिकेश।
सोमवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के परशुराम हॉल में सर्वोदय अभियान के दूसरे दिन विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को महिला सशक्तिकरण और अधिकारों के बारे में बताया। विशेषज्ञों ने महिला को कानून में दिए गए अधिकार पर चर्चा की। बताया कि घरेलू हिंसा और उत्पीड़न पर चुप्पी किस तरह से महिलाओं के लिए भारी पड़ती है। पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं के अधिकारों के लिए कई कानून बने हैं। प्रभारी कोतवाली, प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने छात्राओं को महिला अधिकारों की जानकारी जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि घर, परिवार और समाज में महिला हिंसा रोकने के लिए कानून बनाया गया है लेकिन जानकारी की कमी और महिलाओं की चुप्पी से इसका पालन नहीं हो पा रहा है। महिला हिंसा और शोषण रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आना होगा। कराटे प्रशिक्षक राजेन्द्र गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सीखाए। इस मौके पर एसबीएम इंटर कॉलेज और मॉडर्न स्कूल के छात्र और अध्यापक मौजूद रहे।

औचक निरीक्षण: सरकारी शिक्षिका ने अरविन्द पाण्डे को बताया सीएम

उधम सिंह नगर।
सरकारी शिक्षा का क्‍या आलम है यह देखना है तो काशीपुर के ग्राम बैलजूडी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आ जाइए। यहां छात्र तो छात्र शिक्षिका को भी प्रदेश के मुख्‍यमंत्री का नाम नहीं मालूम नहीं। ग्राम बैलजूडी में आज सुबह अभिभावक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। यहां सड़े बैंगन देख उन्‍होंने हंगामा काटा। सूचना पर एसडीएम दयानंद सरस्वती स्‍कूल पहुंचे। उन्‍होंने बैंगन की जांच की तो बैंगन खराब पाया गया।
उन्होंने बच्चों से राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम पूछे तो प्रधानमंत्री को छोड़कर बच्‍चे किसी का नाम नहीं बता पाए। कुछ बच्चे अपना नाम अंग्रेजी में नहीं लिख पाए। गणित में भी बच्चे कमजोर पाए गए। एक व्यक्ति ने एक शिक्षिका से राज्य के मुख्यमंत्री का नाम पूछा तो शिक्षिका ने अरविन्द पांडेय को मुख्यमंत्री बताया। एसडीएम सरस्वती ने कहा कि हर शनिवार को वह खुद स्कूल में आकर गणित व अंग्रेजी पढ़ाएंगे। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा व्यस्था दुरुस्त व खाने की गुणवत्ता बनाये रखने को कहा। साथ ही इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजेंगे।

तीन तलाक को हवस बताने पर मौर्या पर चौतरफा हमला

उत्तर प्रदेश।
तीखे बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले नेता स्वामी प्रसाद मौर्या ने लंबे समय बाद कल जब चुप्पी तोड़ी तो बड़ा बम फोड़ दिया। बसपा को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले स्वामी प्रसाद मौर्या अब योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। उनके बयान के बाद मुस्लिम संगठनों ने उनको बर्खास्त करने की मांग की है। बस्ती में तीन तलाक के मामले पर कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने ऐसा बयान दिया है, जिसपर बवाल मच गया है। अपने विवादित बयान में मौर्य ने कहा कि मुस्लिम तीन तलाक देकर हवस को पूरा करते हैं और लगातार बीवियां बदलते हैं।
मौर्या का कहना है कि मुस्लिम अपनी पत्नियों को केवल इसलिए तलाक देते है ताकि वे दूसरी बीवी लाकर अपनी हवस को पूरा कर सके। मौर्या ने कहा तीन तलाक के मुद्दे पर भाजपा मुस्लिम महिलाओं के साथ है। उन्होंने कहा कि यह अब नहीं चलेगा कि मुस्लिम पुरुष जब चाहे अपनी पत्नियों को बेवजह तलाक दे दें। यह लोग तालक देकर अपने बीवी-बच्चों को सड़क पर भीख मांगने पर मजबूर कर देते है। मौर्य ने कहा कि महिलाओं के अधिकार और उन्हें न्याय दिलाने के लिए बीजेपी हमेशा पीडि़त मुस्लिम महिलाओं के साथ खड़ी है। हम किसी भी हाल में उनके साथ गलत नहीं होने देंगे। कल बस्ती में स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा कि मुस्लिम बिना कारण के, बेवजह और मनमाने तरीके से जब चाहे अपनी पत्नियों को तलाक दे देते हैं। उन्होंने कहा कि तलाक देकर वह अपनी हवस को पूरा करने का काम कर रहे हैं। तलाक की वजह से उनकी पत्नी और बच्चों को सड़क पर आना पड़ता है और भीख मांगने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

मौर्या को बर्खास्त करने की मांग
स्वामी प्रसाद मौर्या के इस बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम महिला पर्सनल लॉ बोर्ड ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मौर्या को बर्खास्त करने की मांग की है। मौर्या के इस बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम महिला पर्सनल लॉ बोर्ड की अध्यक्ष शाइस्ता अंबर ने कहा कि एक तरफ मुस्लिम महिलाएं अन्याय के खिलाफ लड़ रही हैं तो दूसरी तरफ स्वामी प्रसाद मौर्या जैसे कैबिनेट मंत्री इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्हें इसकी कड़ी सजा दी जानी चाहिए और पद से हटा दिया जाना चाहिए। अंबर ने कहा कि मैं योगी जी से अपील करूंगी कि स्वामी प्रसाद मौर्या को पागलखाने भेजा जाए।

मायावती पर भी साधा निशाना
इस कार्यक्रम में स्वामी प्रसाद मौर्या ने बसपा मुखिया मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मैंने पार्टी छोड़ी तो मायावती ने कहा था कि जो बसपा छोड़ेगा उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी, लेकिन हुआ उलटा… राजनीति उनकी खत्म हुई जो मायावती के बंधुआ मजदूर बन कर रह रहे हैं। मौर्या ने कहा कि वह संघर्षों से निकले नेता हैं और मायावती की राजनीति खत्म करके ही दम लेंगे।

कन्या दान में स्मार्ट फोन के लिए पैसा देगी सरकार

मध्य प्रदेश।
महिलाओं को सशक्त बनाने एवं नकदी रहित लेन-देन को बढ़ावा देने के मकसद से मध्यप्रदेश सरकार मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत शादी करने वाली प्रत्येक दुल्हन को स्मार्ट फोन खरीदने के लिए 3,000 रुपये का चेक देगी। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना में मंत्रीपरिषद के निर्णय अनुसार प्रत्येक कन्या को स्मार्ट फोन खरीदने के लिए 3,000 रुपये का चेक दिया जाएगा। उन्होंने कहा, प्रदेश में अब तक 3,86,103 कन्याओं के विवाह एवं 9,403 कन्याओं के निकाह योजना में सम्पन्न हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना में प्रदेश के गरीब, जरूरतमंद, निराश्रित, निर्धन परिवारों की विवाह योग्य कन्या परित्यक्तता के सामूहिक विवाह के लिये 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें से दाम्पत्य जीवन की खुशहाली के लिए दी जाने वाली सहायता राशि 17,000 रुपये है, जो कन्या के नाम से एकाउंट-पेई चेक के द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रम में ही कन्या को दे दी जाती है। इसके अलावा, विवाह संस्कार के लिए कन्या को दी जाने वाली आवश्यक सामग्री के लिए 5,000 रुपये तथा सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित करने के लिए ग्रामीण-शहरी निकाय को 3,000 रुपये की राशि व्यय करने का प्रावधान है।

छात्रों की जागरुकता से ही सामाजिक कुरीतियों का अंत

ऋषिकेश।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने छात्रों को उनके दायित्व बतायें। उन्होंने छात्र जीवन से ही सही दिशा और जीवन के उद्देश्यों को प्राप्त करने का अवसर मिलने की बात कही। पुलिस ने नशा मुक्ति, यातायात व्यवस्था, महिला सशक्कतीकरण, योगा व आत्मरक्षा को लेकर कार्यशाला आयोजित की।
शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में सर्वोदय अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ सीओ कैलाश पंवार व प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने किया। छात्रों को महिला सशक्तिकरण, साइबर क्राइम, नशा, यातायात नियमों को लेकर जानकारी दी। प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने छात्र जीवन से ही सफलता मिलने की बात कही। छात्रों को दायित्वों की जानकारी देते हुए सही दिशा का चयन करने और अपने जीवन के उद्देश्यों को प्राप्त करने की सलाह दी। सीओ कैलाश पंवार ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों का खात्मा शिक्षा और छात्र जीवन से ही हो सकता है। मौके पर योग व आत्म रक्षा के गुर भी सीखाये गये। स्वस्थ व स्वच्छ जीवन पद्धति अपनाने का संकल्प भी दिलाया।

छात्र संघ कोष का पैसा शहीद जवानों को देने की मांग

ऋषिकेश।
सीआरपीएफ के जवानों की शहादत को लेकर ऑटोनॉमस कॉलेज में राजनीति शुरू हो गई है। वर्तमान अध्यक्ष अमित पंवार और पूर्व अध्यक्ष संदीप शर्मा दो दिन पहले ही छात्रसंघ समारोह को शहीदों के सम्मान में स्थगित कराने के लिए टंकी पर चढ़ गए थे। इसके बाद समारोह स्थगित कर दिया गया। अब एनएसयूआई के बैनर तले चुनाव लड़कर जीते छात्र संघ के सचिव सौरभ शर्मा ने एसडीएम को ज्ञापन देकर छात्रसंघ के डेढ़ लाख रुपये शहीद कल्याण निधि में जमा करवाने की मांग की है।
उनका कहना है कि छात्रसंघ अध्यक्ष अगर सही मायने में श्रद्धांजलि देना चाहते हैं तो छात्रसंघ के कोष की धनराशि डेढ़ लाख रुपये शहीदों के नाम ड्राफ्ट बनाकर भेजें। वरना टंकी पर चढ़ना और शहीदों के नाम समारोह स्थगित करवाना उनकी नौटंकी होगी। उन्होंने ऐसा नहीं करने पर प्रशासन को अनशन करने की चेतावनी दी है। मांग पत्र में अमनदीप नेगी, कोषाध्यक्ष रेनुका पंवार, राहुल कश्यप, संजय प्रजापति, अजय जायसवाल, आशीष थापा आदि के

छात्रसंघ चढ़ रहा राजनीति की भेंट
ऋषिकेश। ऑटोनॉमस कालेज के छात्र संघ में कई वर्षों के बाद एबीवीपी काबिज हुई है। अंदरूनी गुटबाजी के चलते एबीवीपी कई वर्षों से छात्र संघ का चुनाव नहीं जीत पा रही थी। प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम बदलने के साथ कांग्रेस पृष्ठभूमि के नेताओं ने भाजपा ज्वाइन की जिसका असर छात्र राजनीति में पड़ा। एनएसयूआई के कई पूर्व छात्र संघ अध्यक्षों व पदाधिकारियों ने भाजपा ज्वाइन की। वर्तमान चुनाव में एनएसयूआई को झटका देने के लिए एबीवीपी के प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा जिसका परिणाम एबीवीपी के पक्ष में गया। चर्चा है कि इन्हीं नेताओं का दबाब छात्र संघ पदाधिकारियों पर है। एक गुट सुबोध उनियाल व हरक सिंह रावत को कार्यक्रम में बुलाना चाहता था तो दूसरा गुट विधानसभा अध्यक्ष को कार्यक्रम में बुलाने की पैरवी कर रहा था। जिस पर एबीवीपी के पदाधिकारियों में तकरार हुई। मामला मारपीट और कोतवाली तक जा पहुंचा।

खारास्रोत पार्किंग और गंगा किनारे से हटाये अतिक्रमण

ऋषिकेश।
शनिवार को नगर पालिका मुनिकीरेती की टीम ने खारास्रोत पार्किंग, गंगा को जाने वाले मार्ग और गंगा तटों पर ठेलियां लगाकर अतिक्रमण करने वालों को खदेड़ दिया। पालिका प्रशासन के पास लगातार अतिक्रमण करने और गंदगी फैलाने की शिकायतें आ रही थीं। कई समाजसेवी संगठनों ने गंगा तटों पर चाट-पकौड़े की ठेलियां लगाने पर नाराजगी जताई थी। आस्था के तटों को मौज-मस्ती का अड्डा नहीं बनाने के लिए मांग पत्र भी दिया था।
राफ्टिंग का एंडिंग प्वाइंट होने से खारास्रोत में दुकानें लगी रहती हैं। मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण होने से यातायात बाधित होता है। वहीं, दुकानें सजाने की आड़ में अतिक्रमण कर स्थाई ठिकाना बनाने का भय बना रहता है। राफ्टिंग का एंडिंग प्वाइंट होने से पर्यटकों की संख्या में इजाफा रहता है। पर्यटकों की भीड़ उमड़ने से गंगा किनारे ही दुकानें लगने लगी है। चाट-पकौड़े और गर्मी के पेय पदार्थों से सजी दुकानों से गंगा किनारे गंदगी हो रही है।
पालिका की टीम ने सुबह अभियान चलाया और शाम चार बजे फिर से पुलिस टीम के साथ खारास्रोत का निरीक्षण किया। अतिक्रमण को लेकर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने व जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। टीम में कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक आदेश कुमार, दीपक कुमार, मदन सिंह रावत आदि शामिल रहे।