परिवहन विभाग ने दी चालको को स्मार्ट क्लासेज

ऋषिकेश।
प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे के बाद यात्रियों में चारधाम यात्रा को लेकर उत्साह जोरो पर है। इसी को देखते हुए ऋषिकेश के संभागीय परिवहन विभाग द्वारा विभिन प्रांतो से आये वाहन चालकों को विशेष परिक्षण दिया जा रहा है। परीक्षण के दौरान इस बात का पूरा ध्यान रखा है कि यात्रा के दौरान सभी को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। इसी के चलते सभी वाहन चालको को हर बात की पूरी तरीके से बताने के बाद इनको आगे सर्टिफिकेट दिया जा रहा है। एआरटीओ अनिता चमोला और आरआई अरविंद यादव ने बताया कि किस प्रकार से सभी प्रदेशो से आई गाडियों और चालको को पूर्ण तरीके से सभी जानकारी देने का बाद इनको ग्रीन कार्ड दिया जाता है। साथ ही बाहर से आये चालको को स्क्रीन पर रोड मैप जरिये सभी जगहों की जानकारी देने के लिए क्लासेज जा रही है। जिससे उनको आने वाले सभी कठिन रास्तो के लिए उन्हें पहले से ही पता रहे। ताकि यात्रियों को इससे कोई परेशानी न हो पाए। और चारधाम यात्रा करने आये श्रद्धालुओ की यात्रा मंगलमय हो।

मोदी ने केदारनाथ के दर्शन कर मांगा आर्शीवाद

देहरादून।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बाबा केदारनाथ के दर्शन किये। आज प्रातः 8.50 बजे कपाट खुलने के करीब 15 मिनट बाद सबसे पहले दर्शन करने पंहुचे। प्रधानमंत्री मोदी ने गर्भगृह में भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी किया। इसके पश्चात केदारनाथ मन्दिर समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर उनके साथ राज्यपाल डॉ. कृष्ण कान्त पाल तथा मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत भी मौजूद रहे। मोदी देश के ऐेसे तीसरे प्रधानमंत्री हैं जो इस पद पर रहते हुए केदारनाथ पंहुचे हैं। उनसे पहले स्व. इन्दिरा गांधी एवं वी.पी. सिंह प्रधानमंत्री के तौर पर केदारनाथ दर्शन के लिए आ चुके हैं। मोदी आज प्रातः 8 बजकर 10 मिनट पर जौलीग्राण्ट एयरपोर्ट पंहुचे।

लापता प्रेमी युगल के शव पेड़ में लटके मिले

उत्तर प्रदेश।
यूपी के जनपद हापुड के थाना धौलाना के गांव ककराना मे 27 तारीख से लापता प्रेमी युगल के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव जंगल मे पेड़ से लटके मिले है। गांव का एक व्यक्ति सुबह अपने खेत पर जा रहा तभी उसने दोनों के शव को लटके देखा और उसने गांव मे इस बात की सूचना दी। गांव मे दोनों के शवों की बात आग की तरह फैलने लगी। गांव और आसपास के लोगों देखने के लिए मौके पर जुटने लगे । मौके से इस बात की सूचना दुसरे गांव वालों को दी ।
आपको बता दें थाना धौलाना के गांव ककराना मे पांच दिन पहले पंकज और कोमल नाम के प्रेमी युगल गायब हो गया था। कोमल के पिता ने पंकज सहित परिवार के लोगों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज करा रखा था। आज ककराना के जंगल मे गांव के रहने वाले व्यक्ति ने दोनों के शवों को पड़े लटके देखा तो गांव मे सनसनी फैल गई। जब इस घटना के बारे मे पुलिस को बता चला तो पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने दोनों के शवों को पड़े उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों के शव कई दिन पुराने लग रहे है। मगर पुलिस आत्महत्या बताकर अपना पला झाड़ रही है। चर्चा के अनुसार, दोनों की हत्या से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस के बड़े अधिकारी दोनों बिन्दुओ की जांच कर रहे है।

जीएसटी पर भाजपा-कांग्रेस में बयानबाजी तेज

देहरादून।
केंद्र सरकार देशभर में जीएसटी लागू करने की तरफ कदम बढ़ा रही है। इस के साथ उत्तराखंड भी देश का पांचवा ऐसा राज्य बन गया है, जिसने एसजीएसटी बिल को अपनी विधानसभा में पास करा लिया है। जिसके बाद उत्तराखंड देश के उन राज्यों में से एक बन गया है जिसने जीएसटी को लागू कराने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर ली है। साथ ही उत्तराखंड में जीएसटी पास होने से प्रदेश की सरकार इसे अपने लिए बड़ी उपलब्धि मान रही है। सत्ताधारी पार्टी बीजेपी की माने ये प्रदेश के सुधार की दिशा में एक अहम कदम है और इससे केंद्र और राज्य के बीच समान राष्ट्रीय बाजार की स्थापना होगी।
सदन में विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस ने भले ही एसजीएसटी को लेकर कोई विरोध नहीं किया। लेकिन विधानसभा के बाहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जीएसटी को यूपीए सरकार की उपलब्धि बता रहे है। उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने जहां एक तरफ जीएसटी का स्वागत किया तो वहीं केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर बीजेपी रोड़ा ना अटकाती तो देश मे जीएसटी पांच साल पहले ही लागू हो जाता। उनका कहना है कि मनमोहन सिंह की सरकार ही जीएसटी बिल को संसद मे पहली बार लेकर आई थी।

श्रद्धालुओं ने गंगा मैय्या का जन्मदिन मनाया

ऋषिकेश।
मंगलवार को वैशाख मास की सप्तमी पर गंगा का जन्म दिवस ऋषिनगरी में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही त्रिवेणी घाट के गंगा तट पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर गंगा की जलधारा में प्रसाद चढ़ाकर मां गंगा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। श्री गंगा महासभा की ओर से मंगलवार को विशेष गंगा आरती का आयोजन किया गया।
गंगा महासभा के धीरेन्द्र जोशी ने बताया कि गंगा सप्तमी को गंगा मैय्या का जन्म दिन धूमधाम से मनाया गया। गंगा सप्तमी की जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन गंगा स्वर्ग से भगवान शिव की जटाओं में समाईं थीं। तभी से इस दिन को गंगा जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। श्री गंगा महासभा की विशेष आरती में स्थानीय लोगों व तीर्थयात्रियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। आरती के बाद गंगा जन्मोत्सव पर खुशी मनाते हुए महासभा की ओर से श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण भी किया गया।
मौके पर जगमोहन मिश्रा, जगदीश शास्त्री, आशीष पैन्यूली, राहुल शर्मा, चेतन स्वरुप भटनागर, नितिन, श्री चंद शर्मा, नरेश भारद्वाज, नरेश चौहान, विनोद अग्रवाल, महेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।

गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प

ऋषिकेश।
मंगलवार को गंगा सप्तमी पर गंगा विचार मंच, भाजपा कार्यकर्ता और स्कूली छात्रों ने त्रिवेणी घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। मंच की प्रदेश सह संयोजक नगीना रानी के नेतृत्व में डोईवाला और ऋषिकेश के सैकड़ों कार्यकर्ता व रेडिएंट पब्लिक स्कूल के छात्रों ने गंगा घाटों की सफाई की। नगीना रानी ने बताया कि गंगा विचार मंच द्वारा आज पूरे देश में गंगा अवतरण के दिन को संकल्प दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। प्रदेश मंत्री व परवादून के प्रभारी सुनील उनियाल गामा ने बताया कि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के निर्देश पर डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। रेडिएंट पब्लिक स्कूल के छात्रों व कार्यकर्ताओं ने आस्था पथ पर भी सफाई अभियान चलाया।
सफाई अभियान में नेशनल मिशन स्वच्छ गंगा नई दिल्ली के राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. संदीप मेहरा, वरिष्ठ नेता रामेश्वर लोधी, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशा कोठारी, पूर्व दायित्वधारी संदीप गुप्ता, नगर पालिका डोईवाला के अध्यक्ष कोमल कन्नौजिया, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी सजवान, कुसुम अग्रवाल, नगर पालिका ऋषिकेश के सफाई निरीक्षक सचिन रावत व अरविन्द डिमरी, ग्राम प्रधान परमिन्दर सिंह, कपिल गुप्ता, विनित लोधी, रेडिएंट पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य हंसी अधिकारी, मंजू शर्मा, अनीता सिंह, सुरेन्द्र कौल, चरणजीत सिंह, सुष्मिता थापा, रूपचंद, संजीव लोधी, प्रवीण आदि मौजूद रहे।

शो रुम का ताला तोड़ 10 लाख की चोरी

ऋषिकेश।
हरिद्वारमार्ग पर पीएनबी बैंक के सामने ग्रीन एकले शोरूम है। शोरूम का संचालन आशुतोष कोठारी करते हैं। मंगलवार सुबह शोरूम के पास समोसे की दुकान के कर्मचारी ने ताला टूटा देखा। एक शटर भी थोड़ा उठा हुआ दिखा। आसपास के दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच शोरूम संचालक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोरूम मालिक को इसकी जानकारी दी। शोरूम मालिक के शहर से बाहर होने के कारण चोरी किए गए माल का ब्योरा अभी पुलिस को नहीं मिल पाया है लेकिन परिजनों के मुताबिक दस से बारह लाख के कपड़े चुराये गये है। चोरी किए गए माल में लाखों रुपये की साड़ी और महंगे सूट हैं। खास बात यह है कि जहां चोरी हुई है, वहां पीएनबी का गार्ड व पुलिस मौजूद रहती है। खास बात यह है कि चारधाम यात्रा के कारण हरिद्वारमार्ग पर पूरी रात वाहनों के साथ लोगों का आवागमन लगा रहता है। प्रशिक्षु आईपीएस एवं कोतवाली का कार्यभार देख रही निहारिका का कहना हैकि चोरी किए गए माल का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। शोरूम मालिक के लौटने क बाद सही पता चल पायेगा। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द चोर पकड़ लिये जायेंगे।

पॉक्सो कानून के बारे में दी गई जानकारी

ऋषिकेश।
मंगलवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के परशुराम हॉल में पुलिस के सर्वोदय अभियान का समापन हो गया। तीन दिवसीय अभियान के समापन पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष भट्ट ने छात्रों और महिलाओं को कानून संबंधी जानकारियां दीं। बताया कि नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण या दुर्घटना होने पर जिले स्तर पर डिस्ट्रिक्ट सेल (डीसीपीयू) और स्थानीय स्तर पर (एसजेपीयू) का गठन किया गया है। पुलिस की सहायता नहीं मिलने पर पीड़ित सीधे इन दोनों सेलों से सपंर्क कर सहायता ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से पीड़ित को मेडिकल, लैग्वेज ट्रांसलेटर, वकील और क्षतिपूर्ति की सहायता दी जाती है।
अधिवक्ता ने पॉक्सो अधिनियम-2012 के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी। साथ ही महिला कानून, बाल संरक्षण, भरण पोषण, तलाक आदि कानूनों की बारीकियां भी समझाईं। सर्वोंदय अभियान में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सीखाए गए। प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने बताया कि तीन दिवसीय सर्वोंदय अभियान का मंगलवार को समापन हो गया। उन्होंने छात्रों व महिलाओं से अपने आसपास और समाज में इन जानकारियों का आदान-प्रदान करने की अपील की। कहा कि आज की नौजवान पीढ़ी पर सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने और कानून का सही पालन कराने की जिम्मेदारी है।

आईपीएस बताने वाले की कोतवाली में पिटाई

ऋषिकेश।
मंगलवार सुबह 11 बजे रितेश राजपूत पुत्र राजेश राजपूत निवासी चंदनपुरा, रोहताश, बिहार निवासी खुद को आईपीएस बताकर ऋषिकेश थाने पहुंचे और पुलिस पर रौब झाड़ने लगे। वह खुद के खोए बैग को ढूढ़ने के लिए दबाव बनाने लगे। खुद को 2014 बैच का आईपीएस बताने से उनकी पोल खुलनी शुरू हो गई। उन्हें क्या पता था कि प्रशिक्षु आईपीएस 2015 बैच की है। इस बीच प्रशिक्षु आईपीएस ने उनसे आईकार्ड मांगा जो फर्जी निकला जिस पर सीबीआई लिखा था। यह देखकर प्रशिक्षु आईपीएस सकते में आ गईं। आईकार्ड नकली था जिसपर थाने में ही पुलिस ने उसकी पिटाई शुरू कर दी गई। उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी निहारिका भट्ट ने बताया कि वह स्वयं 2015 बैच की आईपीएस हैं। इसलिए वह 2014 बैच के सभी अधिकारियों को जानती है। इसलिए आरोपी पकड़ में आ गया। उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने में मामला दर्ज किया गया है।

एफआईआर दर्ज नहीं करने पर आमरण अनशन की चेतावनी

ऋषिकेश।
मंगलवार को छात्र संघ सह सचिव सौरभ वर्मा ऑटोनॉमस कॉलेज में तीसरे दिन भी क्रमिक अनशन में डटे रहे। उन्होंने एसडीएम ऋषिकेश को पत्र भेजकर छात्रसंघ कोष में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए। कहा कि जब शहीदों के नाम पर छात्र संघ समारोह स्थगित किया गया है तो छात्रसंघ कोष को कौन डकार रहा है। उन्होंने अपनी पूर्व की मांग को यथावत रखते हुए छात्रसंघ कोष में जमा डेढ़ लाख रुपये को शहीदों को देने की मांग की। बताया कि छात्रसंघ कोष का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ अगर कार्रवाई नहीं होती है तो वह बुधवार से आमरण अनशन पर बैठेंगे।
वहीं, उनके समर्थन में एनएसयूआई और कांग्रेस के नेता अब खुलकर आ गए हैं। सभासद दल के नेता मनीष शर्मा और महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधु जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में पुलिस से मुलाकात कर छात्रसंघ कोष का पैसा हड़पने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। बताया कि जब छात्रसंघ समारोह हुआ ही नहीं तो छात्रसंघ कोष को खर्च कैसे दिखाया जा रहा है। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। मौके पर एकांत गोयल, जितेन्द्र पाल, अभिनव मलिक, अजय धीमान, गौरव राणा, शिवा त्यागी, आशीष थापा, दीपक थापा, राहुल प्रजापति, राहुल कश्यप आदि मौजूद रहे।