ऋषिकेश।
मंगलवार को नगर पालिका ऋषिकेश के सभागार में मोबाइल लोक अदालत का आयोजन हुआ। सिविल जज सीनियर डिवीजन उदय प्रताप सिंह, सिविल जज जूनियर डिवीजन और न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश ममता पंत ने पांच लंबित मामलों का निस्तारण किया। उच्च न्यायालय से आए रमन सिंह, हेमंत सिंह ने लोक अदालत में कानून की जानकारी देने वाली किताबों का नि:शुल्क वितरण किया। बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा सचल वाहन विधिक सेवा रथ के माध्यम से कानून की जानकारी दी जा रही है। मौके पर अधिवक्ता प्रदीप वर्मा, एडीजीसी स्वरुप सिंह खरोला, संजय भटनागर, रवेन्द्र कुमार शर्मा, शांति स्वरुप वाष्र्णेय, सोनालिका त्रिपाठी, अजय ठाकुर, लाल सिंह मटेला, रमेश, भूपेन्द्र कुमार शर्मा आदि मौजूद थे।
वहीं, ऋषिनगरी के विभिन्न विद्यालयों में फीचर फिल्मों के माध्यम से स्कूली बच्चों को भी कानून की जानकारी दी गई। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का विधिक साक्षरता रथ राजकीय इण्टर कालेज आईडीपीएल, राजकीय बालिका इण्टर कालेज ऋषिकेश पहुंचा। उच्च न्यायालय से आए स्टॉफ ने फीचर फिल्मों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार अधिनियम, बाल अधिकार, घरेलू हिंसा, श्रम कानून, प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाना, महिलाओं के विधिक अधिकार, राज्य की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। विधिक साक्षरता रथ का संचालन रमन सिंह, एसएम सिलस्वाल व हेमन्त कुमार ने किया। मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य जेपी कुशवाल, चण्डी प्रसाद घिल्डियाल, विजयपाल सिंह, रमाशंकर, डॉ. संजय सिंह, मीना शर्मा, अंजू रस्तोगी, मीनाक्षी बुटोला, लक्ष्मी चमोला, साधना सिंघल, तारा कन्नौजिया, पूनम रावत, सुनीता अधिकारी आदि उपस्थित थे।
Author: admin
क्या दारुन चन्न तुमारु डबल इंजन मोदी जी…
ऋषिकेश।
प्रदेशभर में शराब ठेकों के विरोध में जहां महिलाएं सड़कों पर आईं, वहीं साहित्यकारों ने भी अपने गीतों और रचनाओं से विरोध के स्वर को आवाज। इन्हीं में एक युवा गायक कमल जोशी ने यूट्यूब पर शराब के खिलाफ दो गीतों को लांच किया। जिनमें क्या दारुन चन्न तुमारु डबल इंजन मोदी जी… और मातृशक्ति दिखौण सरकार तैं भारी दिदी भूल्यों दारु बंद करौण अबारि… गीतों को भी खूब सराहना मिली। अब कमल शराब के खिलाफ आंदोलित लोगों के बीच जाकर उन्हें समर्थन दे रहे हैं।
कमल ने प्रतीतनगर रायवाला में पिछले 27 दिनों से धरने पर बैठे लोगों के बीच पहुंचकर अपने गीतों से उनमें जोश भरा। ग्रामीणों ने उनके गीतों को खूब पसंद किया। जोशी ने कहा कि वह गीतों के साथ आंदोलनों में भी लगातार सक्रिय रहेंगे। इस मौके पर वार्ड सदस्य सतपाल सैनी, फ्यूंला रावत, दिनेश्वरी राणा, विमला परमाल, कमला तड़ियाल, विमला बिष्ट, बबीता सैनी, कमला भंडारी, चंद्रकांता देवी, दिवला चौहान, सीता चौहान, सौरभ थपलियाल, सुनीता चौहान, राहुल गुप्ता आदि मौजूद थे।
टूटी सड़कें करेंगी चारधाम यात्रियों का स्वागत
ऋषिकेश।
इसवर्ष चारधाम यात्रा के लिए संयुक्त रोटेशन को मिली जबरदस्त एडवांस बुकिंग से अनुमान है, कि देशभर से पहले ही महीने में लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के दर्शनों को पहुंच जाएंगे। सरकार के तमाम महकमों ने भी चाकचौबंद व्यवस्थाओं के साथ दर्शनार्थियों के वेलकम का दावा किया है। मगर, धरातल पर अधिकारियों के दावों के उलट दिख रही है। यात्रा के प्रमुख संचालन केंद्र बस टर्मिनल कंपाउंड पर ही सरसरी नजर दौड़ाएं, तो चप्पे-चप्पे पर अव्यवस्थाएं साफ दिख रही हैं।
टर्मिनल को जोड़ने और निकासी वाली सड़क पर जगह-जगह गड्डे बने हुए हैं। सड़कों का डामरीकरण तो दूर पैचिंग तक नहीं की गई है। नालियों और आसपास गंदगी के अंबार लगे हैं। टर्मिनल में प्रतीक्षालयों में दरवाजे, पंखे, बेंच सब कुछ टूटी फुटी स्थिति में है। पानी के टूटे स्टैंड पोस्ट दुरस्त नहीं हुए हैं। टंकियों की साफ-सफाई भी रामभरोसे है। इसी तरह शहर की सड़कों पर भी अव्यवस्थाएं हावी दिख रही हैं।
मजेदार बात की जिस रोटेशन के पास 1000 से अधिक बसों की एडवांस बुकिंग आई है, उसे भी टर्मिनल में संचालन के लिए जगह नहीं मिली है। रोटेशन अब भी पुरानी जर्जर बिल्डिंग से ही यात्रा के संचालन को मजबूर है। ऐसे में चारधाम यात्रा को लेकर शासन-प्रशासन की तैयारियों को समझा जा सकता है।एसडीएम वृजेश कुमार का कहना है कि क्षतिग्रस्त संयुक्त बस अड्डे की सड़क मरम्मत को लोनिवि को कहा गया है। बुधवार तक मरम्मत कार्य हो जायेगा।
धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, नेपाली पासपोर्ट बरामद
ऋषिकेश।
सोमवार को एलआईयू के उपनिरीक्षक वीरेंद्र दत्त अमोली ने प्रतीतनगर के होशियारी मंदिर निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि 32 वर्षीय लेख बहादुर थापा पुत्र चित्र बहादुर थापा ने पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया था। जांच में पता चला कि युवक के पास 2007 में बना नेपाल का पासपोर्ट भी है। युवक ने नेपाली पासपोर्ट से दो बार उत्तर कोरिया की यात्रा भी की है। वर्तमान में वह देहरादून स्थित एक निजी संस्थान से होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रहा है। उसके पिता चित्र बहादुर थापा 2004 में गोरखा रेजीमेंट से सेवानिवृत्त हैं। आरोपी युवक का भाई ऋषिकेश के एक संस्थान से होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रहा है। उनका परिवार बीते कई वर्षों से प्रतीतनगर में ही निवास कर रहा है जबकि उसके चाचा, ताउ नेपाल में ही रहते हैं। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसआई देवेंद्र पंत ने बताया कि आरोपी को होशियारी मंदिर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
संदिग्ध वाहन की तलाशी में निकले आयुष्मान
ऋषिकेश।
रविवार देर रात मुनिकीरेती पुलिस को कुछ लोगों ने सूचना दी कि सड़क के किनारे एक अज्ञात वाहन काफी देर से खड़ा है। वाहन में कुछ संदिग्ध सामान होने की आशंका जताई गई तो पुलिस हरकत में आई। मुनिकीरेती पुलिस वाहन की तलाशी लेने के लिए मौके पर पहुंच गई। घंटेभर के इंतजार के बाद वाहन स्वामी बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ कार के नजदीक पहुंचा तो पुलिस के जवान हैरान रह गए। कार के बारे में पूछताछ करने पर उन्होंने डिग्गी की तलाशी ली।
पुलिस ने दोनों को बताया कि सूचना मिली थी कि सड़क किनारे खड़े वाहन में कुछ संदिग्ध है। हालांकि सूचना के आधार पर संदिग्ध जैसा कोई सामान पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस ने सूचना के आधार पर चेकिंग करने की बता कही। तो बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना ने पुलिस जवानों से हाथ मिलाया और अपने मित्र के साथ होटल के लिए रवाना हो गए। घटनाक्रम के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
सड़क पर पार्क किए गए वाहन में संदिग्ध सामान होने की सूचना मिली थी। तलाशी ली गई लेकिन संदिग्ध जैसा कुछ नहीं मिला। ऋषिकेश निवासी युवक के साथ बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना तलाशी के बाद कार में सवार होकर चले गए।
रवि कुमार सैनी, कोतवाल मुनिकीरेती।
दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन पहाड़ी से टकराया
ऋषिकेश।
एसओ लक्ष्मणझूला बीएल भारती ने बताया कि हरियाणा से 80 यात्रियों का दल नीलकंठ मंदिर के दर्शन के लिए आया था। इस दल में से कुछ लोग सुबह साढ़े 10 बजे टेम्पो ट्रैवेलर से मंदिर से लौट रहे थे। घट्टूगाड के पास मोड़ काटते समय वाहन का ब्रेक फेल हो गया जिससे वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार गच गई। चालक विजय कुमार से सूझबूझ का परिचय देकर वाहन को पहाड़ी से टकरा दिया। घटना में सात सवारियों को चोटें आई जबकि इस टेम्पो ट्रैवेलर में कुल 15 लोग सवार थे। घायलों को सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायलों में वेदपति (50) पत्नी सूरजमल बरवाड़ा, हिसार, दर्शन देवी (48) पत्नी बलजीत सिंह किला रोड, रोहतक, नंद किशोर (70) पुत्र रामचन्द्र शर्मा, निवासी गुरुद्वारा कॉलोनी, रोहतक, राज सिंह (49) पुत्र रिसाल सिंह, प्रवेश नगर रोहतक, जगवीर (25) पुत्र ईश्वर सिंह जिंद, राजेश (35) पुत्र नरेन्द्र सिंह, प्रेमनगर, रोहतक, शैली देवी (40) पत्नी सुभाष सैनी निवासी चिलाना रोड, कैथल घायल हो गए। घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
दूषित पानी आने पर जल संस्थान के अधिकारियों का घेराव
ऋषिकेश।
मायाकुंड वार्ड की सभासद विजय लक्ष्मी भट्ट के साथ स्थानीय लोग दूषित पेयजल लेकर सोमवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से उस गंदे पानी को पीने के लिए कहा। इस पर अधिकारी आक्रोशित हो गए। लोगों की उनके साथ तीखी बहस होने लगी। लोगों का कहना था कि क्षेत्र के करीब 20-25 घरों के नलों में कई दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। कई लोग इससे बीमार पड़ चुके हैं। बताया कि इस बारे उन लोगों ने विभाग से कई बार लिखित और मौखित शिकायत की लेकिन समस्या समाधान नहीं हुआ।
लोगों ने अधिकारियों से अनियमित जलापूर्ति की भी शिकायत की। चेतावनी दी कि जल्द ही पानी की सुचारु और स्वच्छ आपूर्ति नहीं हुई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। घेराव करने वालों में संगीता पटेल, संजय बिष्ट, घनश्याम भट्ट आदि मौजूद थे।
चारधाम को एडवांस बसों का आंकड़ा हजार के पार
ऋषिकेश।
उत्तराखंड के तीर्थों में प्रमुख रूप से शामिल चारधाम यात्रा में देश ही नहीं विदेशों के श्रद्धालु पहुंचते हैं। 27 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा के लिए परिवहन कंपनियों में भारी उत्साह दिख रहा है। चारधाम यात्रा संचालित कर रही संयुक्त रोटेशन यातायात व्यवस्था समिति के पास इस वर्ष के शुरुआती चरण में हजार बसों की एडवांस बुकिंग आ चुकी है।
हालांकि समिति ने चारधाम यात्रा पर जाने वाली 1204 बसों की लॉटरी निकाली है। वर्षों से परंपरा रही है कि चारधाम यात्रा में जाने के लिए बसों की लॉटरी निकाली जाती है जिसमें से हजार बसों की एडवांस बुकिंग रोटेशन के पास आ चुकी है। चारधाम यात्रा के शुरुआती चरण में बंपर एडवांस बुकिंग आने से परिवहन व्यवसायियों के चेहरे खिले हुए हैं। देश के विभिन्न प्रदेशों से यात्रा के लिए ट्रैवेल एजेंट रोटेशन समिति से लगातार संपर्क कर रहे हैं। शुरुआती रुझानों को लेकर चारधाम यात्रा के मई में चरम पर होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।
संयुक्त रोटेशन यातायात व्यवस्था समिति के अध्यक्ष सुधीर राय ने बताया कि पूर्व की परंपरा के अनुसार चारधाम यात्रा पर जाने वाली 1204 बसों की लॉटरी निकाली गई। यात्रा के शुरुआती चरण में रविवार तक के आंकड़ों के अनुसार हजार बसों की एंडवास बुकिंग समिति के पास आ चुकी है। शुरुआती रुझानों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मई माह में चारधाम यात्रा अपने चरम पर होगी। बसों की संख्या कम पड़ने पर कुमाऊं से भी बसें मंगवाई जाएंगी। परिवहन कंपनियों में यात्रा को लेकर भारी उत्साह है।
निरंकारी मंडल ने मनाया मानव एकता दिवस
ऋषिकेश।
सोमवार को ऋषिकेश ब्रांच की ओर से निरंकारी सत्संग भवन में मानव एकता दिवस मनाया गया। प्रचारक महादेव कुड़ियाल ने कहा कि आज भौतिक पदार्थों को इकट्ठा करने की होड़ में इंसान मानवता को ही खोता जा रहा है। मानव दिवस मनाना तब तक सार्थक नहीं हो सकता है। जब तक इंसान अपने जीवन में मानवता और इंसानियत के गुणों को आत्मसात नहीं कर ले। उन्होंने मानवता की व्याख्या करते हुए कहा कि संसार में केवल एक ही बुद्धिजीवी जीव मानव है। दूसरों के प्रति दया व सहयोग करने की भावना और सार्थक प्रयास ही मानवता है।
सभी धर्म और पंथ यह प्रमाणित करते हैं कि परमात्मा कण-कण में व्याप्त है। फिर भी इंसान अज्ञानता पूर्वक इन्हें ढूंढ़ने में अपना समय व्यर्थ कर रहा है। मानव सेवा को धर्म से ऊपर की संज्ञा देने के पीछे प्रमुख कारण ही यह है कि जीव मात्र पर दया कर उसे अपनी ममता की छांव में सहेजना ही इंसानियत है। उन्होंने संत निरंकारी मिशन को धर्म और संस्था से अलग हटकर साझा मंच करार दिया। स्थापना का उद्देश्य और मानव सेवा के साथ अस्तित्व में आए मिशन की जानकारी भी दी। बताया कि मिशन ने मानव एकता को मानने और एक ही ईश्वर को जानने का संदेश दिया है।
मानव एकता कार्यक्रम का संचालन शिव कुमार ने किया। मौके पर ब्रांच संयोजक हरीश बांगा, दुश्यन्त वैद्य, ज्ञान प्रचारक शांति प्रसाद उनियाल, कृष्णानंद खंडुड़ी, जीएस चौहान, विनोद बत्रा, जय सिंह बिष्ट, अमृत लाल बत्रा, कृष्णलाल कथूरिया, जीएस रवि, मायाराम कुडियाल, जब्बर सिंह मेहर, बलबीर सिंह रावत, पृथ्वी रमोला, राजन निरंकारी, अनिल लिंगवाल, जंगबहादुर गुसांई आदि ने कार्यक्रम में सहयोग दिया।
पालिका टीम ने जब्त की 60 किलो पॉलीथिन
ऋषिकेश।
सोमवार को नगर पालिका की टीम ने सफाई निरीक्षक सचिन रावत के नेतृत्व में नगर में पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। पुष्कर मंदिर मार्ग, छोटी सब्जी मंडी आदि स्थानों पर दुकानदारों को पॉलीथिन का प्रयोग करते रंगे हाथों पकड़ा। टीम ने पांच लोगों से ढाई हजार रुपये का जुर्माना वसूला। टीम ने छापेमारी अभियान में 60 किलो पॉलीथिन जब्त की।
गौरतलब है कि कोर्ट के आदेश के बाद भी पॉलीथिन के प्रयोग पर पूर्णतय प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है। लंबे समय से प्रशासन के अभियान नहीं चलाने पर सप्ताह भर से पॉलीथिन का प्रयोग धड़ल्ले से होने लगा था। हिन्दुस्तान अखबार में समाचार प्रकाशित होने के बाद पालिका प्रशासन ने सोमवार को कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। टीम में भरत जोशी, अशोक आदि शामिल रहे।
छापा पड़ते ही मुकर गया दुकानदार
पालिका की टीम पुष्कर मंदिर मार्ग पर छापेमारी कर रही थी। एक दुकानदार के आगे पॉलीथिन कैरी बैग और पॉलीथिन से निर्मित सामान बोरे में पैक होकर डिलीवरी के लिए जाना था। जैसे ही टीम दुकान में पहुंची दुकानदार ने माल को लावारिस बताकर पल्ला झाड़ लिया। बताया जा रहा कि प्रतिबंधित पॉलीथिन का स्टॉक रखने पर पांच हजार का जुर्माना होने के डर से दुकानदार ने अपनी ही दुकान के सामान को लावारिस बता दिया। टीम ने बैग जब्त कर लिया।
