डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़ी, तीन नए मामले ओर मिले

सरकारी अस्पताल में 86 मरीजों की ब्लड जांच की गई तो तीन डेंगू से पीड़ित मिले
प्राइवेट अस्पताल में भी डेंगू व चिकनगुनिया के बढ़ रहे मामले
ऋषिकेश।
बुधवार को सरकारी अस्पताल की ओपीडी में 590 मरीजों ने पंजीकरण कराया। डेंगू के नोडल अधिकारी व फिजिशियन डॉ. महेश सैनी के वीआईपी ड्यूटी में रहने के कारण मरीजों की फजीहत हुई। एक मात्र फिजिशियन डॉ. ऋचा रतूड़ी ने वायरल पीड़ितों की जांच की। डॉ. ऋचा रतूड़ी ने बताया कि वायरल पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौसम परिवर्तन के कारण डेंगू व चिकनगुनिया के लक्षण मरीजों में दिखाई दे रहे है।
सरकारी अस्पताल में डेंगू की आशंका के चलते 86 मरीजों की ब्लड जांच की गई, जिनमें तीन डेंगू पीड़ित मिले। नगर संक्रामक रोग नियंत्रक एसएस यादव ने बताया कि वायरल पीड़ित मरीजों में ब्लड जांच के बाद डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं, प्राइवेट अस्पताल में ब्लड जांच के बाद पांच मरीजों में डेंगू पॉजीटिव मिला है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग प्राइवेट अस्पतालों के आंकड़ों की पुष्टि करने से बच रहा है।

104

ग्रामीण क्षेत्रों में भी डेंगू का कहर
डेंगू व चिकनगुनिया का मच्छर ग्रामीण क्षेत्रों में पांव पसार रहा है। बुधवार को रानीपोखरी क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता जायसवाल ने एसडीएम ऋषिकेश को डेंगू व चिकनगुनिया से मुक्ति दिलाने की मांग की है। उन्होंने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी डेंगू व चिकनगुनिया के मरीज मिल रहे है। बताया कि क्षेत्र में लगातार ग्रामीण बीमार पड़ रहे है। ब्लड जांच के बाद कई लोगों में खून की कमी भी बताई गई है। ऐसे में डेंगू व चिकनगुनिया ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में दवा का छिड़काव व फागिंग कराने की मांग की। पत्र में सुमित पंवार, प्रदीप कुमार, सुबोध जायसवाल, सुमित, राकेश, सपना, जयेन्द्र, सुरज, मनोज भटट, संदीप आदि जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर है।

103

जागरुकता रैली निकाली
31 एनसीसी यूके बटालियन हरिद्वार के कमान अधिकारी के निर्देश पर बुधवार को श्री भरत मंदिर इंटर कालेज के एनसीसी कैडेटों ने नगर में जागरुकता रैली निकालीं। कै. गोविन्द सिंह रावत के नेतृत्व में कैडेटों ने शांतिनगर, बनखंडी, मालवीय रोड़, हीरालाल मार्ग, लाजपतराय मार्ग आदि क्षेत्रों में डेंगू व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरुक किया। इससे पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर मदनमोहन पाण्डेय, वीर सिंह, रंजन अंथवाल, सुनील दत्त थपलियाल, विकास नेगी आदि मौजूद थे।

विभाग के कामकाज पर असर, व्यापारी भी परेशान

वाणिज्यकर कर्मी तीन अक्तूबर को करेंगे तालाबंदी

ऋषिकेश।
उत्तराखंड वाणिज्यकर मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन के आह्वान पर ऋषिकेश स्थित वाणिज्यकर विभाग कार्यालय के 18 कर्मचारी पिछले छह दिनों से हड़ताल पर डटे हुए हैं। सरकारी उदासीनता से भड़के कर्मचारियों ने अब तीन अक्तूबर को कार्यालय में तालाबंदी का फैसला लिया है। बुधवार को श्यामपुर बाईपास स्थित वाणिज्य कर विभाग के मुख्य गेट पर कर्मचारी हड़ताल पर बैठे। उधर, हड़ताल से जहां वाणिज्यकर विभाग के कामकाज पर असर पड़ रहा है, वहीं व्यापारी भी इससे परेशान हैं।

102

प्रदर्शनकारियों में शाखा अध्यक्ष बलवंत सिंह राणा, शाखा मंत्री राजेश अधिकारी, राम प्रसाद सेमवाल, हरीश राणा, सुखदेव सिंह, संजय सिंह, उमादत्त जुगरान, भूपेंद्र भंडारी, सुशील मनवाल, राहुल बिष्ट, मीनू झिंक्वाण, विनिता राणा, पुष्पा जोशी, लोकेश कुमार आदि शामिल रहे।

बीमारी से विदेशी महिला की मौत

ऋषिकेश।
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे तपोवन के एक होटल में ठहरी यूएसए निवासी एने कटरीन दरो 65 जो कि पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थी की अचानक तबियत खराब होने पर 108 सेवा से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला के पहले ही मौत हो जाने की बात कहीं। दारोगा मनवर सिंह नेगी ने कहा कि मृतक का भाई जो कि जर्मन में रहते है, उनको घटना की सूचना दे दी गई। बताया कि बुजुर्ग विदेशी महिला का ऋषिनगरी से काफी लगाव है वह अक्सर यहां आती रहती थी। उन्होंने होटल के स्टॉफ से मौत के बाद हिन्दू रीति रिवाज से गंगा किनारे दाह संस्कार कराने की बात कहीं थी। महिला आध्यात्मिक थी और गंगा किनारे घंटों समय व्यतीत करती थी।

दो गुटों में चाकूबाजी, गंभीर

डोईवाला।
जौलीग्रांट के एक अस्पताल में कैंटीन में छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी हो गई। हादसे में दो युवक गंभीर घायल हो गए ।
पुलिस के अनुसार जौलीग्रांट निवासी नीरज उर्फ भानु 22 पुत्र राजेन्द्र सिंह मनवाल और शाहरूख 21 पुत्र शमशाद अली किसी काम से अस्पताल गए थे। अस्पताल से काम निपटाने के बाद दोनो कैंटीन में आ गए जहां पहले से मौजूद यूनिवर्सिटी का छात्र शिवम जुनेजा 20 पुत्र अवनीश जुनेजा मौजूद था। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गयी। इसके बाद शिवम जुनेजा ने नीरज उर्फ भानु पर चाकू से हमला कर दिया बीच बचाव कर रहे शाहरूख पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटना से कैंटीन में अपरा-तफरी मच गई। अस्पताल में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड जबतक पहुंचे तबतक आरोपित छात्र हमला कर फरार हो गए थे।

101

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान चाकू के हमले से दोनों युवको के पेट में गहरा घाव बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को पास ही के अस्पताल पहुंचाया। डोईवाला कोतवाली के प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने कहा मामले में आरोपित छात्र शिवम जुनेजा को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि नीरज मनवाल का ऑपरेशन चल रहा था। वहीं शाहरूख को गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है। वहीं दूसरी ओर दोनों युवको के परिजनों ने जान से मारने का आरोप लगाते हुए आरोपित छात्रों के खिलाफ तहरीर दी है।

एमआइटी पहुंची नेक की टीम

शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर शिक्षा संस्थानों का परीक्षण कराता है यूजीसी
नेक के मूल्यांकन के बाद जारी होता है संस्थान को ग्रेड
ऋषिकेश।
मंगलवार को नेक की टीम में शामिल एचएनबी गढ़वाल के रजिस्ट्रार डॉ.एके झा, यूटीयू के रजिस्ट्रार डॉ.विजय जुयाल और उच्च शिक्षा निदेशक डॉ.बीसी मलकानी एमआइटी पहुंचे। टीम ने सभी विभागों का निरीक्षण कर प्रयोगशालाएं, रिसोर्स सेंटर, पुस्तकालय और क्लास रूम देखे। वहीं प्रवक्ताओं और विभागाध्यक्षों से बातचीत भी की।

107

इससे पूर्व संस्थान के डायरेक्टर और सचिव समेत अन्य लोगों ने नेक की टीम का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेक टीम को सम्मानित कर संस्थान के छात्रों से उनका परिचय कराया गया। इस मौके पर संस्थापक सदस्य उर्मिला जुयाल, संस्थान सचिव एचपी जुयाल व डायरेक्टर रवि जुयाल आदि मौजूद रहे।

एक डॉक्टर के सहारे वायरल पीड़ित

इमरजेंसी में ड्यूटी लगने पर डे ऑफ पर रहते है डॉक्टर
बैरंग लौटना पड़ रहा वायरल पीड़ित मरीजों को
ऋषिकेश।
मंगलवार को एक बार फिर सरकारी अस्पताल में मरीजों को फजीहत का सामना करना पड़ा। फिजिशियन डॉ. महेश सैनी डे ऑफ पर रहे। दूसरे फिजिशियन डॉ. ऋचा रतूड़ी की ओपीडी में भीड़ जुटी। मरीज सुबह 6 बजे से ही लाइन में लगने शुरु हो गये थे। बावजूद उनका नंबर 5 से 6 घंटे में आया। 635 लोगों ने मंगलवार को अपना पंजीकरण कराया। 42 लोगों में डेंगू आशंका के चलते ब्लड की जांच की गई। दो पीड़ितों में डेंगू पॉजीटिव मिला। मलेरिया के 115 व टाइफाइड के 111 ब्लड के सैंपल लिये गये। जिनमें क्रमश: 3 मलेरिया व 33 टाइफाइड से पीड़ित मिले।
वहीं, प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी में भी मंगलवार को भीड़ जुटी। ब्लड जांच को लेकर मरीजों ने सर्तकता दिखाई। डेंगू व चिकनगुनिया के चलते मरीज ब्लड की जांच कराने को लेकर प्राइवेट पैथोलॉजी के भी चक्कर काट रहे है। नगर संक्रामक रोग नियंत्रक एसएस यादव ने बताया कि मंगलवार को दो ओर मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।

हजार रुपये में चिकनगुनिया की जांच
सरकारी अस्पताल में आने वाले वायरल पीड़ितों में डेंगू के कम और चिकनगुनिया के लक्षण अधिक दिखाई दे रहे है। लेकिन हैरत की बात है कि जिस बीमारी के सबसे अधिक लक्षण मरीजों में दिखाई दे रहे है, उसकी जांच करने की जहमत स्वास्थ्य विभाग नही उठा रहा है। प्राइवेट पैथोलॉजी लैब में चिकनगुनिया जांच हजार रुपये से शुरु हो रही है। बड़ा सवाल है कि आर्थिक रुप से कमजोर तबके का व्यक्ति कैसे मंहगी जांच करवाये। इस ओर सरकारी अस्पताल द्वारा कोई पहल नही की जा रही है और न तो स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारी इसका संज्ञान ले रहे है।

106

असमंजस में मरीज, रिपोर्ट किसे दिखाये
सरकारी अस्पताल की बानगी तो देखिये। वायरल पीड़ित मरीजों की संख्या कम होने का नाम नही ले रही है। ऐसे में जिम्मेदार अस्पताल प्रशासन फिजिशियन डॉक्टरों की ड्यूटी इमरजेंसी में लगा रहे है। गौर कीजिये कि इमरजेंसी में ड्यूटी के बाद डॉक्टर डे ऑफ पर चले जाते है। पहले दिन डॉक्टर को दिखाने वाले मरीज अगले दिन जब रिपोर्ट दिखाने आते है तो डॉक्टर नही मिलते। दूसरे डॉक्टर मरीज की रिपोर्ट यह कहकर कि आपके डॉक्टर दूसरे है, देखने में दिलचस्पी नही दिखाते है। ऐसे में मरीज के लिए असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है।

पुलिस जवान को चिकनगुनिया
ढालवाला पुलिस चौकी में तैनात एक पुलिस जवान में चिकनुगनिया की पुष्टि हुई है। प्राइवेट अस्पताल की ब्लड रिपोर्ट में जवान को चिकनगुनिया पॉजीटिव आया है। जवान की डेंगू जांच की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।

बैरंग लौट रहे मरीज
सरकारी अस्पताल में लंबे इंतजार के बाद भी वायरल पीड़ितों का नंबर समय पर नही आ रहा है। मंगलवार को कई मरीजों ने घंटों इंतजार के बाद भी नंबर नही आने पर हंगामा काटा। कई तो बैरंग ही लौट गये। डॉक्टर की ओपीडी में सुरक्षा गार्ड ने भी कई मरीजों को वापस लौटाया। कहाकि डॉक्टर भी इंसान है, कितने मरीजों को देखेंगी।

दवा की चपेट में आने से कर्मचारी बेहोश

दवा का छिड़काव कर रहा था कर्मचारी
ऋषिकेश।
नगर पालिका अपने कर्मचारियों को लेकर कितनी संजीदा है। इसकी बानगी मंगलवार को देखने को मिली। दवा छिड़काव कर रहे एक कर्मचारी कीटनाशक दवा की चपेट में आ गये। बताया जा रहा कि दवा छिड़काव कर रहे कर्मचारी ने मॉस्क और ग्लब्स नही पहना था। दवा के रिसाव की बात भी सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तों पालिका कर्मचारियों को सुविधायें भी मुहैया नही कराती है।
सुबह घटित हुई घटना के बाद कर्मचारियों में पालिका के प्रति रोष देखने को मिला। नाम न छापने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को पालिका प्रशासन कोई सुविधा नही दे रहा है। वहीं, सरकारी अस्पताल में पीड़ित कर्मचारी को ड्रिप व दवाई दी गयी। तब जाकर कर्मचारी नार्मल हो पाया। सरकारी अस्पताल के अनुसार कीटनाशक दवा पीड़ित की सांस के साथ शरीर में चली गई। जिससे चक्कर आना, उल्टी व बेहोशी छाने लगी। अब हालत ठीक है।

105

दवा छिड़काव करते समय दवा का रिसाव हुआ। कर्मचारी इसी की चपेट में आया है। मॉस्क व ग्लब्स कर्मचारियों को दिये जाते है।
सचिन रावत, सफाई निरीक्षक पालिका ऋषिकेश।

हड़ताल से कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा

ऋषिकेश।
श्यामपुर बाइपास स्थित वाणिज्य कर विभाग के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। हड़ताल का असर जहां विभाग के कामकाज पर पड़ रहा है। वहीं विभाग से जुड़े व्यापारियों के काम न होने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। हड़ताल पर रहने से कोई काम न होने से निराश होकर लौट रहे है।

104

मंगलवार को भी कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उत्तराखण्ड वाणिज्य कर मिनिस्टीरियल स्टॉफ एसोसिएशन के ऋषिकेश शाखा अध्यक्ष बलवंत सिंह राणा, शाखा मंत्री राजेश अधिकारी, राम प्रसाद सेमवाल, हरीश राणा, सुखदेव सिंह, संजय सिंह, उमादत्त जुगरान, भूपेन्द्र भंडारी, सुशील मनवाल, राहुल बिष्ट, स्वामी राम, मीनू झिंक्वाण, विनिता राणा, पुष्पा जोशी, लोकेश कुमार हड़ताल पर रहे।

विधानसभावार होंगे एससी मोर्चा के सम्मेलन

अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश प्रभारी स्वराज विद्वान ने ली परवादून की बैठक
राज्य सरकार पर एससी-एसटी वर्ग की छात्रवृति रोकने का लगाया आरोप
ऋषिकेश।
मंगलवार को रेलवे रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में हुई बैठक में उन्होंने केन्द्र सरकार की योजनाएं और पीएम मोदी का लक्ष्य बताया। उन्होंने राज्य सरकार पर दो वर्ष से अधिक समय से एसटी-एससी वर्ग की छात्रवृति नही देने का आरोप लगाया। कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश है।

102

मोर्चा के जिलाध्यक्ष महीपाल सिंह ने कहा कि जल्द ऋषिकेश, डोईवाला, रायपुर और धर्मपुर विधानसभाओं में सम्मेलन किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, मोर्चा जिला महामंत्री राजकुमार पासवान, मंडल अध्यक्ष प्रदीप धस्माना, मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा, इन्द्रकुमार गोदवानी, राकेश पारछा, मोर्चा मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र भूरी, बख्तावर सिंह, सुभाष वाल्मिकी आदि मौजूद रहे।

शातिर ठग चढ़े पुलिस के हत्थे

कोतवाली पुलिस ने श्यामपुर फाटक से पांचों को कार समेत पकड़ा
कोर्ट ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है जेल
ऋषिकेश।
सोमवार देर शाम शहर कोतवाल वीसी गोसाईं को सूचना मिली कि 22 सितंबर को श्यामपुर के अमित ग्राम में वैभव भारद्वाज की ज्वेलरी शॉप से जेवरात चोरी करने वाले आरोपी श्यामपुर रेलवे फाटक के पास एक कार में देखे गए हैं। इस पर कोतवाल एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चार महिलाओं समेत पांचों को पकड़ लिया। कोतवाली पहुंचकर पांचों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। कोतवाल ने बताया कि आरोपित कार में सवार होकर ज्वेलरी शॉप में गहने खरीदने के बहाने जाते थे और गहने चुरा लेते थे। पकड़े गए आरोपियों में संतोष देवी, चंपा देवी, बीना देवी, भगवती देवी और सुनील कुमार सभी निवासी आजाद नगर, गजरौला जिला अमरोहा उत्तर-प्रदेश हैं।

101

मोबाइल रिचार्ज कराना पड़ गया भारी
आरोपियों के ऋषिकेश में होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि चारों महिलाएं के साथ मौजूद युवक एक दुकान पर अपनी पत्नी का मोबाइल रिचार्ज कराने गया था। पुलिस उस दुकान पर पहुंची और युवक की पत्नी का नंबर लेने के बाद उस पर फोन किया। फिर वहां से युवक का नंबर लिया और फोन सर्विलांस पर लगा दिया। जिसके कुछ ही देर बात पांचों को कार समेत दबोच लिया। कोतवाल ने बताया कि यहां वारदात को अंजाम देने के बाद पांचों हिमाचल चले गए थे, लेकिन वहां ऐसी किसी घटना को अंजाम नहीं दे पाए, गजरौला लौटते वक्त पांचों पकड़े गए।