बेटी है खुशियों की चाबी, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ

बेटी दिवस के उपलक्ष्य में उड़ान स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन
स्लोगन में शोभा, अंकित व आरुषि क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान में रहे

ऋषिकेश। मायाकुंड स्थित उड़ान स्कूल में बेटी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नन्हें बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

107

शनिवार को उड़ान स्कूल के नन्हें बच्चों ने बेटी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुति दी। कविता और स्लोगन के माध्यम से बेटी का महत्व समझाया। स्लोगन व कविता में शोभा ने बेटी को बेटा भी कह लेते है की प्रस्तुति देकर पहला स्थान प्राप्त किया। अंकित की प्रस्तुति बेटी है खुशियों की चाबी और आरुषी की पापा कहते है को क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। अन्य प्रतियोगिताओं में आंचल, नीलम व आयुष को क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
वक्ताओं ने बेटी बचाने को लेकर आम जनमानस से अपील की। कहाकि बेटी है तो कल सुरक्षित है। बेटी की खूबियों को भी वक्ताओं ने रखा। कार्यक्रम के उपरान्त लक्ष्मण सिंह धर्मशक्तु ने शेव गल्र्स चाइल्ड की करीब सौ टी-शर्ट वितरित की। मौके पर स्कूल निदेशक डॉ. राजे नेगी, दिव्या, निधि, पूजा, रिचा, रमेश लिंगवाल, राजा ढिगरा आदि मौजूद रहे।

गर्भवती महिला को डेंगू, अस्पताल में भर्ती

26 डेंगू के मरीज सरकारी अस्पताल में अब तक हो चुके हैं भर्ती

ऋषिकेश।
ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में शनिवार को डेंगू के तीन नए मामले सामने आए। इनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। गर्भवती महिला और एक अन्य मरीज अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है। फिजीशियन डॉ. महेश कुमार सैनी की देखरेख में दोनों मरीजों का इलाज चल रहा है। आंकड़ों के अनुसार अब तक 26 डेंगू के मरीज अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं।
105

शीशमझाड़ी निवासी गर्भवती महिला को बुखार, बदन दर्द आदि की शिकायत पर परिजन सरकारी अस्पताल में इलाज कराने लाए। यहां ब्लड जांच कराने पर महिला में डेंगू की पुष्टि हुई। ऐसे में डॉक्टर की सलाह पर महिला को भर्ती कर लिया गया है। वहीं अस्पताल में एक मरीज का मलेरिया से पीड़ित होने पर इलाज चल रहा था, जांच कराने पर मरीज में डेंगू की भी पुष्टि हुई है। ऐसे में मरीज को भी डेंगू वार्ड भर्ती किया गया है। इसके अलावा शनिवार को ओपीडी में इलाज कराने आए अन्य एक मरीज में भी डेंगू की पुष्टि हुई।
सरकारी अस्पताल में डेंगू के नोडल अधिकारी और सीनियर फिजीशियन डॉ. महेश कुमार सैनी ने बताया कि दोनों मरीज चिकित्सीय निगरानी में हैं। दोनों के स्वास्थ्य में सुधार भी हो रहा है। उधर, शनिवार को सरकारी अस्पताल की ओपीडी में 695 मरीजों ने शनिवार को पंजीकरण कराया। भीड़ अधिक होने के चलते फिजीशियन की ओपीडी में बारी के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
नगर संक्रामक नियंत्रक एसएस यादव ने बताया कि डेंगू की आंशका के चलते शनिवार को 48 मरीजों की ब्लड जांच की गई, जिसमें एक मरीज की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। 91 की टाइफाइड जांच की गई, इसमें 13 मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हुई। वहीं 93 मरीजों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें तीन मरीज मलेरिया से पीड़ित मिले। बताया कि रिकॉर्ड के अनुसार अब तक 26 डेंगू के मरीज सरकारी अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं।

चारधाम यात्रा फिर पकड़ रही रफ्तार

ऋषिकेश।
बरसात की विदाई के साथ चारधाम यात्रा पटरी पर लौटने लगी है। शनिवार को ऋषिकेश में 463 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। चारधाम रूट पर बने विभिन्न फोटोमेट्रिक काउंटरों पर 1954 ने यात्रियों का पंजीकरण किया गया। 16 ऑनलाइन पंजीकरण भी किए गए।
104

शनिवार को ऋषिकेश में 463, हेमकुंड गुरुद्वारे में 309, जानकीघाट में पांच, हरिद्वार में 43, गंगोत्री में 23, अगत्स्यमुनि में 58, गुप्तकाशी में 92, पाटा में 38, सीतापुर में 95, सोनप्रयाग मे 269, पाण्डुकेशर में 552, गोविन्दघाट में सात यात्रियों का पंजीकरण किया गया। फोटोमेट्रिक पंजीकरण प्रभारी प्रेमअनंत ने बताया कि एक अप्रैल से 23 सितबंर तक 5,34,794 यात्री पंजीकरण करवा चुके हैं। नवरात्र में यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

एनएसएस का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया

स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम किए प्रस्तुत
छात्र-छात्राओं ने शहर में स्वच्छता अभियान भी चलाया

ऋषिकेश। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। ऋषिकेश और आसपास के स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान भी चलाया।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को एनएसएस के स्थापना दिवस पर स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने परिसर को स्वच्छ और हरा भरा रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने एनएसएस की स्थापना का उद्देश्य स्वयंसेवियों को बताया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी लखविंदर सिंह, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, विनीत सिंघल, विकास नेगी, सुनीलदत्त थपलियाल, संजीव कुमार, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऋषिकेश में हंस कल्चरल सेंटर के प्रदीप राणा ने स्वयंसेवियों को समाज की सेवा का संकल्प दिलाया। वक्ताओं ने एनएसएस की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल, महिपाल सिंह बिष्ट, उर्मिला रांगड़, पुष्पलता जोशी, उमा पाटनी, विपिन आदि मौजूद रहे।
102

रेलवे रोड आदर्श नगर स्थित हरिचन्द गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में प्रबंधक अशोक चन्द जैन ने तुलसी का पौध लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। राखी, सिमरन, पायल, शैवी, मनासी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर प्रधानाचार्य पूनमरानी शर्मा, मंजू बडोला, नीलम गुप्ता, संध्या गुप्ता, विमलेश शर्मा आदि मौजूद रहीं।

अतिक्रमण हटाने गई टीम बैरंग लौटी

नगर पालिका ऋषिकेश की टीम को नहीं मिली पुलिस फोर्स
जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम को करनी थी कार्रवाई
ऋषिकेश।
डीएम के आदेश पर नगर पालिका ऋषिकेश टीम शनिवार को अतिक्रमण हटाने गई, लेकिन पुलिस फोर्स नहीं मिलने पर टीम को बैरंग लौटना पड़ा। पालिका के अधिकारी पुलिस की मौजूदगी में ही कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने बड़े बाजार से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए हैं। क्षेत्र होने के चलते नगर पालिका ऋषिकेश को अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी मिली। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कार्रवाई होनी है। इसके लिए 24 सितंबर का तय हुआ था। पालिका की टीम तो शनिवार को समय पर पहुंच गई, लेकिन पुलिस फोर्स नहीं पहुंची। इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अवैध होर्डिंगों के खिलाफ चले अभियान में भी पुलिस का सहयोग पालिका को नहीं मिला था। ऐसे में दो सरकारी विभागों में तालमेल की कमी साफ नजर आ रही है। इस कारण अतिक्रमणकारियों और अवैध होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
101

नगर पालिका की टीम तय समय पर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। पुलिस फोर्स का इंतजार किया गया। अतिक्रमण पर विवाद की स्थिति है, लिहाजा पुलिस की अनुपस्थित में कार्रवाई संभव नहीं है। उप जिलाधिकारी को अवगत करा दिया गया है।
वीपीएस चौहान, अधिशासी अधिकारी पालिका ऋषिकेश

राष्ट्रपति दौरे को लेकर सड़क मरम्मत का कार्य जोरों पर चल रहा है। ट्रैफिक व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस को कई जगह लगाना पड़ा है। इसके चलते शनिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस फोर्स उपलब्ध नहीं हुई। अतिक्रमण पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
कुश्म चौहान, एसडीएम ऋषिकेश

15 कोच की ट्रेन में हरमाह 3861 सवारियां ही कर रही सफर

मुरादाबाद मंडल की मासिक रिपोर्ट में हुआ खुलासा
रिपोर्ट में मात्र 11 प्रतिशत ही हर माह यात्री करते हैं सफर
ऋषिकेश।
रेलवे ऋषिकेश से चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनें घाटे का सौदा हो रही है। 15 कोच की चार ट्रेनों में करीब 11 प्रतिशत यात्री ही सफर कर रहे हैं। जिसमें ऋषिकेश से दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन में शामिल है। रेलवे की मासिक रिपोर्ट में कम यात्रियों के सफर करने की रिपोर्ट बड़ौदा हॉउस नई दिल्ली को भेज दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर ट्रेनों का संचालन बंद हो सकता है।
गढ़वाल का आखिरी रेलवे स्टेशन रेलवे के घाटे का सौदा साबित हो रहा है। यह हम नहीं मुरादाबाद मंडल की ओर से दिल्ली मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट कह रही है। रिपोर्ट में ऋषिकेश-हरिद्वार के बीच चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों का जिक्र है। एक ट्रेन 15 कोच की होती है। जिनमें आगे और पीछे दो कोच के आधे हिस्से में गार्ड रूम होता है। तो एक कोच में 90 सीटें होती है तो 13 कोच में 1170 यात्री सफर एक बार में कर सकते हैं। एक माह में 35100 यात्री सफर करते है। जबकि रिपोर्ट में जिक्र है कि 35100 में से मात्र 3861 यात्री ही एक माह में सफर कर रहे हैं। स्टेशन मास्टर मनोज सिंह का कहना है कि रिपोर्ट मुरादाबाद मंडल से मिली है। मासिक रिपोर्ट को दिल्ली भेजा गया है।
101

इन ट्रेनों की भेजी गई है रिपोर्ट
ट्रेन संख्या कहां से कहां तक
54481 हरिद्वार से ऋषिकेश
54472 ऋषिकेश से दिल्ली
54484 हरिद्वार से ऋषिकेश
54485 ऋषिकेश से हरिद्वार

कांग्रेस सरकार पलायन रोकने में नाकामः दिवाकर भटट

कहा, गांवों में मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण हो रहा पलायन
ऋषिकेश। पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट ने कहा कि भाजपा अगर टिकट देगी तो तभी वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी कहां से टिकट देगी, यह हाईकमान का निर्णय होगा।
102

ऋषिकेश प्रेस क्लब में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट ने कांग्रेस सरकार पर पलायन रोकने में नाकाम होने का आरोप लगाया। कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पलायन हो रहा है। न्याय पंचायत क्षेत्रों में मूलभूत सुविधा न होने से लोग मैदानी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि की सुविधाएं अगर गांवों में मिल जाती हैं तो पलायन रुक जाएगा। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि संजय शास्त्री, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता ममगाईं, पंकज शर्मा, इंद्रकुमार गोदवानी, भुवनेश्वर, दिनेश प्रसाद सती, चेतन शर्मा आदि मौजूद रहे।

मोदी की नीति जनविरोधीः किशोर उपाध्याय

ढालवाला से आरंभ यात्रा में बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेसी
कैलाश गेट क्रांतिचौक पर प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित
ऋषिकेश। मोदी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढालवाला में पदयात्रा निकाली। यात्रा को कैलाशगेट स्थित क्रांतिचौक पर प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने संबोधित किया। आरोप लगाया कि मोदी की जनविरोधी नीतियों से जनता को नुकसान हो रहा है।
103

गुरूवार को बड़ी संख्या में जिलाध्यक्ष हिमांशु बिजलवाण की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढालवाला से पदयात्रा निकाली। यात्रा में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। देर शाम कैलाश गेट क्रांतिचौक पर पहुंची पदयात्रा को प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने संबोधित किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से जनता तंग आ गई है। जिसके परिणाम आगामी चुनाव में केंद्र सरकार को भुगतने पड़ेंगे। मोदी जिस तरह से देश में मंहगाई को बढा रहे हैं। इसका नुकसान सीधे जनता को पहुंच रहा है। जिलाध्यक्ष हिमांशु बिज्लवाण ने कहा कि पदयात्रा का मकसद जनता को केंद्र सरकार की नाकामियों के बारे में बताना है। जिससे जनता को पता चल सके की पीएम मोदी लोगों को कैसे अच्छे दिन दिखा रहे हैं। पदयात्रा में नगर अध्यक्ष महावीर खरोला, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज द्विवेदी, विरेंद्र कंडारी, जगमोहन भंडारी, दिनेश व्यास, दिनेश भट्ट, प्रेम सिंह नेगी, कुंवर सिंह रावत, यतेंद्र बिजलवाण, नीतिश कंडारी, यशपाल थलवाल, राजेश थलवाल, मुकेश भंडारी, अजय रमोला आदि शामिल रहे।

ऋषिकेश रियल एस्टेट का दूसरे चरण का अभियान शुरू

डेंगू,चिकनगुनिया के मरीज बढ़ने पर चलाया अभियान
ऋषिकेश। शहर में डेंगू,चिकनगुनिया के मरीज बढ़ने पर ऋषिकेश रियल एस्टेट ने दूसरे चरण में अभियान शुरू कर दिया है। गुरूवार को एसोसिएशन पदाधिकारियों ने हरिद्वारमार्ग, घाटरोड, सुभाष चौक, सिंधी धर्मशाला, आदर्शग्राम, कुम्हारबाडा, आशुतोषनगर, ऋषिलोक कॉलोनी, प्रगति विहार, दूनमार्ग में दवा का छिड़काव किया। अभियान एक दिन छोड़कर चलाया जायेगा। एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश कोठारी ने बताया कि बीमारी से निजात दिलाने को रियल एस्टेट आगे आई है।
107

शहर के अस्पताल डेंगू,चिकनगुनिया से पीड़ित मरीजों से अटे पड़े है। उन्होंने बीमारी से राहत पाने को पालिका को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया। कार्यक्रम में राजीव खुराना, नितिन गुप्ता, दीपक चुग, विरेन्द्र अरोडा,धीरज मखीजा, विरेन्द्र जोशी, विशाल कक्कड, संजय व्यास, सरदार मंगा सिंह, अनिल कुकरेती, हरेन्द्र रावत,प्रदीप गुप्ता, संजीव चौधरी, कोमल सिंह, अर्जुन सिंह, रमन अरोडा, गोपाल सती, नवीन भट्ट, अशोक पाल, दीपक थापा, राजेश अरोडा, अजीत कंवल, विजय रावत, शेखर अरोड़ा आदि शामिल थे।