ऋषिकेश।
ऋषिकेश ग्राम पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था न होने से खफा भाजपाईयों ने डीएम देहरादून से व्यवस्था बनाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत ऋषिकेश क्षेत्र में आजतक शासन प्रशासन ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है। अव्यवस्थाओं से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन आज तक यह तय नहीं कर पाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को कौन करवाएगा। जबकि ग्रामीण पिछले कई सालों से प्रशासन से व्यवस्था बनाए रखने की मांग करते आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को दो साल पूरे होने जा रहे हैं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की उदासीनता के कारण सफाई अभियान धरातल पर नहीं उतर पा रहा है। क्षेत्र में घातक बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई, फागिंग व कीटनाशक दवा का छिड़काव नहीं हो पा रहा है। मांग की है कि प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने की पहल करे। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कुश्म चौहान के माध्यम से डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, ज्योति सजवाण, इंद्रकुमार गोदवानी, जय दत्त शर्मा, राकेश पारछा, कुसुम अग्रवाल, कपिल गुप्ता, अमृता नारायण, सुदेश अग्रवाल, छोटी देवी, पारो नारायण, अजय कुमार, थम्मन सैनी, सुभाष बाल्मीकि आदि शामिल रहे।
Author: admin
समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलती है भाजपा
चुनाव प्रबंधन के दिए टिप्स, बूथ स्तर पर जुटने का आह्वान
ऋषिकेश।
ओबीसी मोर्चा भाजपा की सरकार लाने में अहम योगदान देगा। समाज के पिछड़े वर्ग के लिए केन्द्र की मोदी सरकार ने कई अहम फैसले लिये है। ओबीसी मोर्चा परवादून की एक दिवसीय कार्यसमिति में वक्ताओं ने ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए यह बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती व चुनाव प्रबंधन के टिप्स भी दिये गये। 
शुक्रवार को नगर पालिका स्वर्ण जयंती सभागार में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा परवादून जिले की एक दिवसीय कार्यसमिति आयोजित की गयी। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामवीर सैनी ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग से जुडे लोगों को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा ने अलग से मोर्चा बनाया है। हमें विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिताने के लिए कार्य योजना बनाकर कार्य करने से ही सफलता मिलेगी। भाजपा प्रदेश मंत्री व परवादून जिले के प्रभारी सुनील उनियाल गामा ने मोदी सरकार के द्वारा ओबीसी वर्ग के लिए दी जाने वाली योजनाओं का खाका कार्यसमिति में रखा। उन्होंने बताया कि पहले ओबीसी वर्ग के छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृति की सीमा मात्र 20 हजार रुपये थी, लेकिन मोदी सरकार ने समय सीमा को समाप्त कर दिया है। अब ओबीसी वर्ग के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए मिलने वाली छात्रवृति धनराशि की कोई सीमा नही है।
भाजपा परवादून के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र नेगी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के टिप्स दिये। बताया कि बूथ स्तर की मेहनत ही चुनाव में जीत दर्ज करवाती है। उन्होंने पूरे देश में ओबीसी वर्ग के सबसे ज्यादा विधायक भाजपा के पास होने का दावा किया। कार्यसमिति को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल,ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री सतीश पाल, उपाध्यक्ष रामप्रकाश राठौर आदि ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने चुनाव में ओबीसी मोर्चा की भूमिका को अहम बताया। ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष थम्मन सैनी ने कार्यसमिति में आए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री मोहन सिंह असवाल व नागेन्द्र सिंह कुंवर ने संयुक्तरुप से किया।
सफाई नायकों ने पालिका परिसर में काटा हंगामा
नगर पालिका ऋषिकेश में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति में गड़बड़ी का लगाया आरोप
बैकडोर से तीन सफाई नायकों को लाभ देने से नाराज बताए जा रहे
ऋषिकेश।
शुक्रवार को नगर पालिका ऋषिकेश में सफाई कर्मचारियों की भर्ती को लेकर पांच सफाई नायकों ने हंगामा काटा। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति में पारदर्शिता नही अपनाई जा रही है। लंबे समय से जिन लोगों ने आवेदन कर रखा है, उन्हें दरकिनार करके अपने चहेतों को रखा जा रहा है। 
नगर पालिका ऋषिकेश में सफाई नायकों ने पालिका प्रशासन पर आरोप लगाकर हंगामा काटा। उनका कहना है कि कुछ रोज पहले ही 20 सफाई कर्मचारियों नियुक्ति की गई थी, लेकिन ड्यूटी पर अन्य लोग आ रहे है। आरोप लगाया कि पालिका के कुछ सफाई नायकों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उनके परिवार वालों को बैकडोर से भर्ती कर लिया गया। उनका आरोप है कि लंबे समय से बेरोजगार युवाओं ने पालिका में अर्जी लगाई हुयी, लेकिन पालिका के कुछ सफाई नायक अपने चहेतों को भर्ती कर रहे है।
सफाई निरीक्षक अरविन्द डिमरी के समझाने के बाद सफाई नायक शांत हुए। उन्होंने इस क्रम में गलती सुधारने का आश्वासन दिया। सूत्रों के अनुसार पालिका में घटित घटनाक्रम के बाद कुछ सफाई नायकों के परिवार से कर्मचारी के रुप में भर्ती की बात सामने आने पर गुरुवार को अन्य सफाई नायक बिगड़ गये। पालिका प्रशासन में सफाई नायकों के हो-हल्ले से हड़कंप मच गया। रोष जताने वालों में सफाई नायक महेन्द्र, नरेश खैरवाल, विनोद, जितेन्द्र, मुकेश शामिल रहे।
आउटसोर्सिंग के माध्यम कुछ सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। तीन सफाई नायकों को लाभ देने की बात मिथ्या है। फिर भी मामला उठा है तो देखा जायेगा, कहीं कोई गड़बड़ी तो नही हुई है।
वीपीएस चौहान अधिशासी अधिकारी पालिका ऋषिकेश।
डेंगू के चार मरीज ओर मिले
वायरल पीड़ितों में डेंगू व चिकन गुनिया के मिल रहे लक्षण
सरकारी व प्राइवेट अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही
ऋषिकेश।
शुक्रवार को सरकारी अस्पताल की ओपीडी में 670 मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया। 46 मरीजों में डेंगू की आशंका के चलते ब्लड जांच करवाई गयी, जिसमें से 4 मरीज डेंगू से पीड़ित मिले। तीन ढालवाला क्षेत्र के बताए जा रहे है। मलेरिया के 61 मरीजों की ब्लड जांच के बाद एक मरीज पीड़ित मिला। जबकि टाइफाइड के 72 मरीजों की ब्लड जांच के बाद 14 मरीज पाजीटिव मिले है। फिजिशियन डा. ऋचा रतूड़ी के अनुसार वायरल पीड़ित मरीजों की संख्या कम नही हो रही है। दो-तीन दिन से ठीक हो गये मरीज फिर वापस आ रहे है। वायरल के लक्षण उनके शरीर में पहले की तरह दिख रहे है। 
वहीं, नगर के प्राइवेट अस्पताल व नर्सिंग होम में भी वायरल पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। प्रतिदिन पन्द्रह सौ से अधिक मरीज ओपीडी में अपना पंजीकरण करा रहे है। आलम यह है कि डेंगू व चिकन गुनिया के खौफ से मरीज अपने ब्लड जांच करवाने की चिकित्सक से गुजारिश कर रहे है। नगरीय क्षेत्र के संक्रामक रोग नियंत्रक एसएस यादव ने बताया कि चार मरीज डेंगू से पीड़ित मिले है। तीन ढालवाला क्षेत्र के है, एक मरीज की पुष्टि नही हो पा रही है। सीएमओ को रिपोर्ट भेजी गयी है। ढालवाला टिहरी में आने के कारण सीएमओ टिहरी को जानकारी भेजी जा रही है।
हडताल से छात्रों की हो रही फजीहत
शिक्षकों के अभाव में खाली हुए सरकारी स्कूल
डोईवाला ब्लाक के 28 राजकीय इंटर कॉलेज व 6 राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुने पड़े
ऋषिकेश/डोईवाला।
राजकीय शिक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार को भी शिक्षक हड़ताल पर रहे। 20 सूत्री मांगों को लेकर शिक्षकों ने डोईवाला और फकोट ब्लाक के खंड शिक्षाधिकारी दफ्तर पर धरना जारी रखा। शिक्षकों की हड़ताल के चलते छात्रों को फजीहत झेलनी पड़ रही है। छात्र रोज सुबह तैयार होकर स्कूल आ रहे, लेकिन शिक्षकों के न मिलने पर बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है। डोईवाला ब्लाक के 28 राजकीय इंटर कॉलेज व 6 राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिक्षक व छात्रों के अभाव में सुने पड़े है।
हडताली शिक्षकों के समर्थन में उतरी भाजपा
राजकीय शिक्षक संघ डोईवाला से जुडे शिक्षको की हडताल शुक्रवार को भी जारी रही। हडताल पर जाने से पहले सुबह सभी शिक्षकों ने स्कूलों में पहुंचकर विद्यालय बंद कराये। इसके बाद सभी शिक्षक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुचे और धरना पर बैठ गये। भाजपा के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र नेगी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धरना स्थल पहुंचे। उनके साथ जिलामंत्री राजेनद्र तडियाल, नगर मंडल अध्यक्ष सुशील जायसवाल, सभासद पंकज शर्मा, सम्पूर्ण सिंह रावत, इस्लाम आदि भाजपाई मौजूद थे। उन्होने शिक्षकों को समर्थन दिया। उनकी मांगों को लेकर एक पत्र देश के मानव संसाधन मंत्री को लिखने की बात कही। कहाकि पत्र के माध्यम से शिक्षकों की मांगों को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश देने की मांग करेंगे। उन्होने शिक्षकों की मांगो के सर्मथन में धरने पर बैठने की भी बात कही। इससे पहले शिक्षकों के धरने को भाजपा नेता त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भी अपना समर्थन दिया। धरना प्रर्दशन करने वाले शिक्षकों में राजकीय शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष भानू प्रसाद कुकरेती, मंत्री, संजय नैथानी, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सर्वेश्वर पांथरी, मंत्री आर एस पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष रचना अग्रवाल, श्रीकृष्ण भट, अतुल नैथानी, डी एस रौतेला, एन एन पांडेय, विनोद भट, ललित मोहन जोशी, कैलाश बहुगुणा, पीपी यादव, सुनीता, प्रियंका शर्मा, विजय लक्ष्मी पुरोहित, उर्मिला कठैत, लता अरोडा, अनिता रावत, मनोज राणा, आरवी सिंह, सोहन सिंह नेगी, कुलदीप सैनी, अजय राजपूत समेत अनेक शिक्षक मौजूद थे।

शिक्षकों का धरना जारी
राजकीय शिक्षक संघ नरेन्द्रनगर शाखा से जुडे शिक्षकों ने फकोट स्थित बीईओ दफ्तर पर धरना दिया। शिक्षकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर ब्लाक अध्यक्ष प्रकाश बहुगुणा, दाताराम भटट, लक्ष्मण सिंह रावत, विभोर कुमार भटट, विजेन्द्र सिंह, सुभाष नागर, सतीश जोशी, विनोद द्विवेदी, हरिस्वरुप मेहरा, जयप्रकाश रतूड़ी, संजय ममगाईं, अशोक कुमार, रेखा पंवार, शीशपाल नेगी, केके बिजल्वाण, विजय लक्ष्मी भटट, सुनील, मनीष, शांतिप्रसाद, गणेश, जितेन्द्र पंवार आदि मौजूद रहे। वहीं, राजकीय शिक्षक संघ शाखा यमकेश्वर से जुड़े शिक्षकों ने राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मणझूला के प्रांगण में धरना दिया। मौके पर राजकृष्ण आचार्य, राजेन्द्र प्रसाद गौड़, सुदीप कुमार जायसवाल, शांति प्रसाद बड़थ्वाल, अनिल कुमार डबराल, संजू ध्यानी, पूनम कुकरेती, डा. अरविन्द कुमार गौड़, सुमन काला आदि मौजूद रहे।
शेयर ब्रोकर ने फंदा लगाकर जान दी
एक आश्रम के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
डिप्रेशन में रहने के कारण मां के साथ घूमने आया था ऋषिकेश
ऋषिकेश।
लक्ष्मणझूला पुलिस के अनुसार क्षेत्र के एक आश्रम में मोहित सिंह (28) पुत्र वेदपाल सिंह निवासी फ्लैट नंबर 1046 पॉकेट-3 सेक्टर-19, द्वारका (नई दिल्ली) अपनी मां के साथ ठहरा था। शुक्रवार की सुबह मां गंगा घाट पर पूजा करने के लिए चली गई। जबकि मोहित आश्रम के कमरे में ही रुका था। कुछ देर बाद जब वह लौटीं तो देखा कि मोहित फंदे पर लटका हुआ था। महिला के चिल्लाने पर आश्रम के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पर पुलिस को दी। 
लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी अमरजीत सिंह के अनुसार मोहित की मां ने बताया कि उनका बेटा कुछ दिनों से डिप्रेशन में चल रहा था। इसके चलते वह बेटे को लेकर ऋषिकेश घूमने आई थीं। वह तीन दिन से आश्रम में ठहरे हुए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि मोहित सिंह दिल्ली में शेयर ब्रोकर का काम करता था। कहा कि मामला आत्महत्या का लग रहा है, फिर भी तमाम पहुलाओं पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक के पिता वेदपाल सिंह को सूचित कर दिया गया है।
डेंगू से बच्चों की सुरक्षा को सचेत नहीं स्कूल और अभिभावक
ऋषिकेश।
कई सरकारी और प्राइवेट स्कूलों ने जिला प्रशासन के आदेश नहीं माने।
शुक्रवार को तहसीलदार शूरवीर सिंह राणा ने शहर के 13 सरकारी, अशासकीय और निजी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। तहसीलदार सबसे पहले देहरादून रोड स्थित जीजीआईसी पहुंचे, यहां शिक्षकों के हड़ताल के चलते स्कूल में छात्राएं नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कॉलेज, हरिचंद आदर्श कन्या इंटर कॉलेज, एसबीएम पब्लिक स्कूल, ऋषिकेश पब्लिक स्कूल, एनडीएस, डीएसबी इंटर नेशनल स्कूल, अगापे मिशन स्कूल आदि का एक-एक कर निरीक्षण किया।
तहसीलदार ने बताया कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया फैलने के चलते जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने स्कूलों को निर्देशित किया था कि छात्रों को पूरी बांह के कपड़े में ही स्कूल आने दें। लेकिन निर्देशों का कई स्कूल पालन नहीं कर रहे हैं। निरीक्षण में सात स्कूल ऐसे थे, जहां बच्चे हॉफ ड्रेस में स्कूल में पहुंचे थे। ज्यादा छात्र नेक्कर और हॉफ शर्ट पहने हुए थे। उन्होंने ऐसे स्कूलों को हिदायत दी कि वह इस लेकर अभिभावकों को जागरूक करें। ताकि वह बच्चों को पूरी बांह के कपड़े पहनाएं। उन्होंने इसकी रिपोर्ट एसडीएम के माध्यम से जिला प्रशासन को भेज दी है।
डेंगू से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने एडवाइजरी जारी की थी। इसका पालन नहीं करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी। जो स्कूल लापरवाही बरत रहे हैं, वह आदेश को गंभीरता से लें। अभिभावक भी जागरूक रहें। बच्चों को पेंट और पूरी बाजू की शर्ट पहनाएं।
कुश्म चौहान, एसडीएम ऋषिकेश
किशोरी ने केरोसिन डालकर की खुदकुशी, मौत
ऋषिकेश।
कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर इलाके में एक किशोरी ने खुद पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली। आनन-फानन में परिजनों ने उसे राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देखते हुए किशोरी को जौलीग्रांट रेफर किया। 
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को भल्ला फार्म श्यामपुर में किराए के मकान में रहे एक परिवार की किशोरी ने स्वयं को आग लगा दी। घटना के दौरान किशोरी की मां व भाई घर पर ही मौजूद थे। घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं लग पा रहा है। श्यामपुर चौकी प्रभारी आशीष गुसाईं ने बताया कि आरती (17) पुत्री जितेंद्र निवासी भल्लाफार्म, श्यामपुर ने शुक्रवार की सुबह खुद पर कैरोशिन डालकर आग लगा दी। घटना के दौरान किशोरी का भाई व उसकी मां दूसरे कमरे में थे। चीखपुकार सुनकर परिजनों ने उसे 108 एंबुलेंस के द्वारा राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि किशोरी 90 प्रतिशत झुलस गई है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। देर शाम पुलिस ने किशोरी की मौत की पुष्टि की।
ऋषिकेश पालिकाध्यक्ष और सभासदों के बीच मारपीट
ऋषिकेश नगर पालिका के कर विभाग में तालाबंदी से उपजा विवाद
एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर, नाराज कर्मचारियों ने नहीं किया काम
ऋषिकेश।
ऋषिकेश पालिका उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब कर विभाग में तालाबंदी से उपजे विवाद ने पालिकाध्यक्ष और सभासदों के बीच मारपीट का रूप ले लिया। करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूसे चले। पुरानी समितियों को बहाल करने से नाराज सभासद दोबारा चुनाव की मांग कर रहे थे।
हुआ यूं कि, सोमवार को नगर पालिका की पुरानी समितियां बहाल करने के खिलाफ सभासद विकास तेवतिया, सावित्री देवी और कविता शाह ने कर विभाग दफ्तर में ताले जड़ दिए और वहां धरना शुरू कर दिया। इस बीच दोपहर 12 बजे के आसपास पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा अपने साथियों के साथ दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से ताला खोलने को कहा, लेकिन, वहां धरने पर बैठे सभासदों ने इसका विरोध किया। इससे दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ी तो कुछ सफाई कर्मचारी हथौड़ा लेकर आ पहुंचे और ताला तोड़ने लगे। इसके बाद तो पालिका दफ्तर अखाड़ा बन गया। पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा और सभासद विकास तेवतिया के बीच हाथापाई हो गई। यही नहीं, कुछ कर्मचारियों ने हाथापाई करने वाले सभासद की जमकर पिटाई कर डाली। इस दौरान महिला सभासद कविता शाह बीच-बचाव के लिए आईं तो उनके साथ भी अभद्रता की गई।
पालिकाध्यक्ष के समर्थन में कर्मचारी हड़ताल पर
पालिकाध्यक्ष के साथ मारपीट की घटना के विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। दोपहर 12.30 बजे के आसपास कर्मचारियों ने पालिका दफ्तर पर ताले ठोक दिए। वहीं, सफाई कर्मचारियों ने भी इस हड़ताल को अपना समर्थन दे दिया है। पिछले 13 सालों से सफाई कर्मचारी कभी अपनी मांगों को लेकर आवाज नहीं उठा पाए, लेकिन मामला राजनीतिक होने के चलते कुछ सफाई कर्मचारी इस मामले को नया मोड़ देते नजर आए। हालांकि, ज्यादातर कर्मचारियों ने इस मामले से दूरी बनाए रखना ही उचित समझा।
पालिका दफ्तर में मर्यादाएं तार-तार
सोमवार को पालिका दफ्तर में सारी मर्यादाएं तार-तार हो गईं। यह मामला पुरानी समितियों को भंग करते हुए दोबारा चुनाव कराने की मांग को लेकर था। लेकिन, हाथापाई के दौरान महिला सभासद कविता शाह से कुछ कर्मचारियों ने अपमानजनक शब्द कह डाले। यहां तक कि, सभासद को धक्का दिया गया और गाली-गलौच भी की गई। लेकिन, वहां मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही। यह मामला पूरे दिनभर शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर
नगर पालिका का विवाद दोपहर बाद कोतवाली जा पहुंचा। कर अधीक्षक निशात अंसारी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ सभासदों ने पालिकाध्यक्ष के साथ मारपीट की और सरकारी काम में रुकावट डाली। वहीं, दूसरे पक्ष से सभासद विकास तेवतिया, कविता शाह और सावित्री देवी ने भी पुलिस को तहरीर दे दी। उनका आरोप था कि वह अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक धरने पर बैठे थे, लेकिन पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा अपने कुछ साथी और कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
…तो भाजपा नेताओं ने बनाई दूरी
सभासद कविता शाह भाजपा की सक्रिय नेता रही हैं। कविता शाह भाजपा परवादून जिले की उपाध्यक्ष हैं। सोमवार के ऋषिकेश पालिका में मारपीट की घटना के बाद कोई भी भाजपा नेता मौके पर नहीं पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, कविता शाह ने भाजपा नेता सभासद दल के नेता शिवकुमार गौतम को कोतवाली बुलवाया, लेकिन वह भी नहीं आए।
यह था विवाद
नगर पालिका की समितियां एक साल के कार्यकाल के बाद भी दो साल से अधिक समय से यथावत हैं। सभासदों की मांग पर समितियों के चुनाव शुरू होते, इससे पहले ही 10 सितंबर को नाम वापसी के बाद दोपहर के समय पालिकाध्यक्ष ने चुनाव स्थगित करा दिए। साथ ही पुरानी समितियों को फिर बहाल कर दिया गया। इससे कुछ सभासद नाराज चल रहे हैं। सभासदों की यही नाराजगी सोमवार को ऋषिकेश पालिका को अखाड़ा बना बैठी।
सभासदों पर अभद्रता का आरोप
अगर किसी को आपत्ति थी तो मामला बैठकर सुलझाया जाना चाहिए था। लेकिन, कर विभाग दफ्तर में ताले लगा दिए गए। ऐसे में पालिका पहुंचे लोग परेशान हुए तो मैंने ताले खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ सभासदों ने मेरे साथ अभद्रता कर दी। ऐसा नहीं होना चाहिए था।
-दीप शर्मा, पालिकाध्यक्ष
इंसाफ न मिला तो आमरण अनशन
पालिकाध्यक्ष पर ऐसे ही दर्जनों मुकदमें दर्ज नहीं हुए हैं। साजिश के तहत उन्होंने कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर मुझसे और दो सभासदों से मारपीट की। अब मुझे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। अगर इंसाफ न मिला तो मैं आमरण अनशन पर बैठ जाऊंगा।
-विकास तेवतिया, सभासद
साजिश के तहत करवाया हमला
लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। हम शांतिपूर्वक धरने पर बैठे ही थे कि सुनियोजित साजिश के तहत हम पर हमला कर दिया गया। कुछ कर्मचारी भी पालिकाध्यक्ष के साथ खड़े थे। मुझसे अभद्रता की गई, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बोला।
-कविता शाह, सभासद एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष परवादून
इस मामले में तीन पक्षों से तहरीर मिली है। पालिका सभासद, नगर पालिका के कर अधीक्षक और स्वच्छकारों ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
-चक्रधर अंथवाल, सीओ
चीन में सिखाया योग, अब तीर्थनगरी में खोलेंगे सेंटर
ऋषिकेश।
चीन में लोगों को योग सीखा रहे ऋषिकेश निवासी संजय नौटियाल अब सैलानियों को भी योग के प्रति जागरूक करेंगे। इसके लिए वह ऋषिकेश में योग सेंटर खोलने जा रहे हैं। 
प्रेस क्लब में रविवार को पत्रकार वार्ता में संजय नौटियाल ने बताया कि 2006 से चीन के चुगसांग में वह योग सीखा रहे हैं। दस साल में करीब बीस हजार से अधिक चीन के लोगों को योग में निपुण कर चुके हैं। अब उन्होंने ऋषिकेश के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया है। इसके लिए वह ऋषिकेश में मंथन नाम से योग सेंटर खोल रहे हैंए जिसमें युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कहा भारत योग की राजधानी हैए लेकिन लोग इसके प्रति जागरूक नहीं हैं। वह अभियान चलाकर लोगों को योग से जोड़ेंगे। योग में रोजगार की भी अपार संभावनाएं हैं। इस अवसर पर राजेन्द्र गुप्ताए अमित गोयल आदि उपस्थित थे।
