धनबल के दम पर भी राष्ट्रीय दल नही जीत पायेंगे चुनाव-आप प्रत्याशी

वीरवार को आम आदमी पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा प्रत्याशी राजे सिंह नेगी ने रायवाला क्षेत्र में डोर-टू-डोर जनसम्पर्क किया। इस दौरान उन्होंने विकास का सूखा खत्म करने के लिए पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की। क्षेत्र में ढोल दमाउ के साथ उनका जोरदार स्वागत हुआ।
आज अपने जनसम्पर्क अभियान का श्री गणेश रायवाला क्षेत्र में करने के बाद नुक्कड़ सभा में आप प्रत्याशी नेगी ने कहा कि जनता ने इस बार मन बनाया है कि अबकी बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि 21 सालों में उत्तराखंड की जनता को कांग्रेस और बीजेपी ने ठगने का काम किया है लेकिन आप पार्टी यह विश्वास दिलाती है कि उनकी सरकार बनते ही यहां सभी गारंटी हर हाल में पूरी होंगी।
उन्होंने कहा ऋषिकेश विधानसभा की जनता इस बार मन बना चुकी है कि आम आदमी पार्टी की नीतियों पर मुहर लगाएगी। उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव में दोनों ही दल के प्रत्याशी पैसों का जबरदस्त उपयोग कर रहे हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी धन बल का प्रयोग नहीं करती, क्योंकि आम आदमी पार्टी का वोटर साइलेंट होता है, जो चुपचाप अपना वोट देता है। उसे पैसों से कोई खरीद नहीं सकता। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का कोई मुकाबला नहीं है। क्योंकि जनता एक तरफ अपना मन बना चुकी है। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी ने अपनी घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश की जनता को विश्वास में लिया है और हम यकीन दिलाते हैं कि हमारी सरकार बनते ही जैसे वादे हमने दिल्ली में पूरे की उत्तराखंड में भी सभी वादों को पूरा करेंगे।

सरकार बनी तो गैस सिलेंडर के दाम नहीं होंगे 500 के पार-गौरव बल्लभ

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर इन दिनों प्रदेश में सियासी माहौल गरमाया हुआ है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने दावे पेश कर चुनावी जंग में फतह हासिल करने की जुगत में लगे हैं। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड की जनता को बड़ी राहत देने का वादा किया है।
कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड की जनता को भरोसा दिलाते हुए वादा किया कि यदि विधानसभा चुनाव में काँग्रेस पार्टी की जीत हुई और उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो रसोई गैस के दाम 500 रुपये के पार नहीं जाएंगे।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने देहरादून में पत्रकारों से बातचीत के दौरान रसोई गैस सिलेंडर को लेकर एक आंकड़ा जनता के सामने पेश किया। उनके अनुसार देहरादून में वतर्मान में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 919 रुपये है जिसमें 419 रुपये की सब्सिडी का खर्च अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो वह उठाएगी। वहीं प्रदेश में एक परिवार प्रतिवर्ष रसोई गैस के लगभग साढ़े छह (6.25) सिलेंडर की खपत करता है।
कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ के अनुसार यदि सिलेंडर पर सरकारी सब्सिडी 419 को परिवार की सिलेंडर की कुल वार्षिक खपत 6.25 से गुणा किया जाए तो 2,619 प्रति वर्ष के करीब होगी। काँग्रेस की गणना के अनुसार उत्तराखंड में 24 लाख परिवार है जो रसोई गैस का उपयोग करते हैं। अब यदि 2,619 को 24 लाख परिवारों की संख्या से गुणा किया जाए तो ये संख्या 629 करोड़ प्रतिवर्ष के लगभग बैठती है। वहीं उत्तराखंड का वार्षिक बजट 56 हज़ार करोड़ है। तो 629 करोड़ 56 हज़ार करोड़ का लगभग 1.1 प्रतिशत है। इस आंकलन के अनुसार काँग्रेस ये दावा कर रही है कि रसोई गैस के दाम सरकार बनने पर 500 रुपये से कम कर दिये जायेंगे।
कहना होगा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने बहुत ही सही ढंग से इस गणित को उत्तराखंड की जनता के सामने रखा है। उनके इस प्रस्तुतिकरण से आलोचकों का मुँह पर ताले लगना स्वभाविक है।
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बिना किसी राजनीतिक दल पर आरोप लगाए कहा कि कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता अवैध खनन के प्रचार और कोरोना टेस्टिंग के नाम पर घोटाले करने की कतई नहीं है। उन्होंने कहा कि काँग्रेस की मुख्य प्राथमिकताओं में से एक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत कम करने की है, जिससे उत्तराखंड में प्रत्येक परिवार को 500 रुपये से कम कीमत में रसोई गैस उपलब्ध हो सके।
बहरहाल काँग्रेस के द्वारा विधानसभा चुनाव में उठाए गए इस अहम मुद्दे व आमजन के लिए की गई पार्टी की इस पहल की हर जगह प्रशंसा होती नजर आ रही है। अब देखना ये होगा कि काँग्रेस के इस बड़े दावे और वादे का उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव पर कितना असर होता है।

जनता वोट से पहले प्रत्याशी की छवि भी देखे-प्रेमचन्द अग्रवाल

भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर वोट मांगे। उन्होंने कहा कि जनता वोट से पहले प्रत्याशी की छवि भी देखे। भाजपा देशहित और जनहित के लिए कार्य कर रही है।
बुधवार को भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश नगर में जनसंपर्क किया। उन्होंने रेलवे रोड स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर बुधवार को जनसंपर्क की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने सब्जी मंडी, अमित ग्राम, रायवाला, रेलवे रोड, प्रेम प्लाजा, मालवीय नगर, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क और तेज करते हुए एक दर्जन से अधिक क्षेत्रों में डोर टू डोर जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। जनसंपर्क में पूर्व राज्य मंत्री कृष्ण कुमार सिंघल, संजय शास्त्री, दिनेश सती, विनोद मिश्रा, हैप्पी सेमवाल, सुरेंद्र चौहान, रीना शर्मा, सोनू प्रभाकर, प्रदीप कोहली, संदीप खुराना, दीपक धमीजा, जयंत किशोर शर्मा, सुमित पंवार, पार्षद विपिन पंत, वीरेंद्र रमोला, हरीश रतूड़ी, महेश सेमवाल आदि मौजूद रहे।

कनक की सभाओं में हर वर्ग का मतदाता उमड़ रहा

ऋषिकेश विधानसभा के उजपा प्रत्याशी कनक धनाई ने श्यामपुर, खैरी खुर्द और ऋषिकेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। वहीं, वीरपुर खुर्द में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे कनक का स्थानीय जनता फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
सभा मे भारी बारिश के बावजूद कनक के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए सैंकड़ो की संख्या में लोग उनको सुनने पहुंचे। स्थानीय जनता में कनक के भारी प्यार व उत्साह देखने को मिला। कनक ने जनता के सामने अपने 5 साल 5 वादे का रोडमैप रखा। कनक धनाई ने परिवर्तन के संकल्प हेतु एवं सिलेंडर चुनाव चिन्ह पर अपने पक्ष में मतदान की अपील भी की।
प्रधान बबीता कश्यप ने कहा इस बार यहां की जनता एकजुट होकर कनक धनै को समर्थन देंगे क्यों कि वो ऋषिकेश विधानसभा के लिए सबसे सुयोग्य प्रत्याशी है। ऋषिकेश में चुनावी सरगर्मियों के बीच कनक धनाई की बढ़ती लोकप्रियता की लोग सराहना कर रहे हैं। इस दौरान उजपा के विभिन्न पदाधिकारी प्रधान बबीता कश्यप, देवेंद्र पहलवान, चन्द्रभान कश्यप, रूबी कश्यप कुँवर ऋषि छोटू सागर, मुकेश कश्यप सोमपाल कश्यप बालेश रामबीर सोनू राजभर सोहन मिथलेश सुनीता कश्यप डोली कश्यप बबलू रविन्द्र सदस्य, कार्यकर्ता, समर्थक, एवम ग्रामवासी मौजूद रहे।

कांग्रेस प्रत्याशी को आंदोलनकारियों ने दिया समर्थन

विधानसभा ऋषिकेश के अर्न्तगत नगर निगम ऋषिकेश के इंद्रमणि बडोनी हॉल में आयोजित एक बैठक में आंदोलनकारियों ने कांग्रेस विधायक प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला को आगामी विधानसभा चुनाव में अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस विधायक प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने आंदोलनकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उनके आशीर्वाद रूपी समर्थन पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयास करेंगे। रमोला ने बताया कि राज्य बने हुए 20 वर्ष से ऊपर हो चुके हैं परंतु आंदोलनकारियों को उसका हक अभी तक नहीं मिला है, आंदोलनकारियों ने हमेशा निस्वार्थ भाव से उत्तराखंड के हित में कार्य किए हैं परंतु सरकार मौन की अपेक्षा हुई है। भाजपा सरकार ने आंदोलनकारी को ले कोई नई नीतियां योजनाएं नहीं बनाई उन्होंने सिर्फ आंदोलनकारियों के साथ खिलवाड़ किया है। यह वक्त परिवर्तन का है और कांग्रेस को सभी वर्गों संगठनों का आशीर्वाद और समर्थन मिल रहा है उत्तराखंड में परिवर्तन होना निश्चित है। कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।
आंदोलनकारी वेद प्रकाश ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा उन्हें ठगने का काम किया है, जो हक उन्हें मिलना चाहिए था उन्हें कभी नहीं मिला। उन्हें भाजपा सरकार से बहुत उम्मीदें थी परंतु जन विरोधी भाजपा सरकार ने उनकी उम्मीदों में पानी फेर दिया इस कारण वह सभी ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस विधायक प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला को आगामी विधानसभा चुनाव में समर्थन दे रहे हैं। परिवर्तन प्रगति का नियम है, हमें पूर्ण विश्वास है कि जयेन्द्र रमोला ऋषिकेश से जीत कर ऋषिकेश में विकास कार्य करेंगे और आंदोलनकारियों को उनका हक दिलवाएंगे।
कार्यक्रम में पार्षद राकेश मिया, धीरज गुसाईं, जय सिंह रावत, युद्धवीर चौहान, कुसुम लता शर्मा रामेश्वरी चौहान, लक्ष्मी कंडवाल राजेस्वरी कंडवाल, संजय पोखरियाल, राम कुमार आदि मौजूद रहे।

नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा विधायक पर क्षेत्र की उपेक्षा का लगाया आरोप

विधानसभा ऋषिकेश में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला के समर्थन में ऋषिकेश की गीता नगर में जनसभा को संबोधित किया व ऋषिकेश की जनता से 14 फरवरी को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनता को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि विधानसभा ऋषिकेश की सीट कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण सीट है। ऋषिकेश की जनता के अंदर परिवर्तन की लहर है। जनता इस बार 15 सालों से राज कर रहे भाजपा विधायक को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने जा रही है। ऋषिकेश पर्यटन के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है जबकि ऋषिकेश की जनता की आर्थिक स्थिति पर्यटन पर ही टिकी है।
प्रीतम ने कहा कि जिसकी विधानसभा में पिछले 15 सालों में एक भी विकास कार्य नहीं हुए प्रदेश सरकार ने ऋषिकेश की जनता को छलने का काम किया। प्रीतम ने ये भी कहा कि प्रदेश सरकार अपने 5 सालों में सिर्फ सीएम बदलने में लगी रही है इसलिए इस बार जनता कांग्रेस को समर्थन देने का मन बना चुकी है इस बार प्रदेश में कांग्रेस की बहुमत से सरकार बनेगी और ऋषिकेश विधानसभा में जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला जीत कर विधानसभा में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेंगे।
कांग्रेस विधायक प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का ऋषिकेश आगमन पर फूल मालाओं से स्वागत किया और प्रीतम सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उनको ऋषिकेश से चुनावी मैदान में उतारा है। रमोला ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयास कर रहा हूं, ऋषिकेश की जनता कांग्रेस के साथ है जनसंपर्क के दौरान भी जनता का भरपूर समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। 15 सालों से स्थानीय विधायक द्वारा ऋषिकेश में शून्य के बराबर विकास कार्य किए हैं। जिसको देखते हुवे जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बनाया हुआ है। और इस बार ऋषिकेश की देवतुल्य जनता कांग्रेस के साथ है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पालीवाल, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रदेश महासचिव दीप शर्मा, महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, महानगर कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर रॉय, प्रदेश सचिव लल्लन राजभर, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, प्रदेश सचिव विवेक तिवारी नेता पार्षद दल मनीष शर्मा, पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, पार्षद भगवान सिंह पंवार, पार्षद जागत नेगी, पार्षद राधा रमोला, पार्षद गुरविंदर सिंह गुरि यतेंद्र बिजल्वाण, ऋषि पोसवाल, राम कुमार सेंगर, डॉ० जगमोहन भटनागर, दिनेश रावत, सचवीर भंडारी, धीरज डोभाल, कर्म सिंह, चंचल सिंह, सुरेंद्र कपुरुवं, नवीन रमोला, राहुल सेमवाल, अप्रेस, मदन कोठारी आदि मौजूद रहे।

रमोला ने जीत का किया दावा, कहा-मिल रहा भरपूर समर्थन

ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस के प्रत्याशी जयेंद्र रमोला और कांग्रेस जनों ने भल्ला फार्म, बस अड्डा ऋषिकेश, मालवीय नगर, मनीराम रोड, तिलक रोड और विभिन्न क्षेत्रों में डोर टू डोर जनसंपर्क कर आगामी 14 फरवरी को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कांग्रेस प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने कहा कि घर-घर जनसंपर्क के दौरान जनता का उन्हें भरपूर आशीर्वाद और समर्थन मिल रहा है। आम जनमानस कांग्रेस पर भरोसा जता रहे हैं। रमोला ने जनसंपर्क के दौरान मतदाताओं से मिलकर पूर्व की कांग्रेस सरकार में गरीबों के लिए अनेकों प्रकार की पेंशन, खाद्य योजना, गौरा देवी योजना, महिलाओं के शक्तिकरण जैसे किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को याद दिलाया और कांग्रेस की रीति नीति के बारे में आम जनमानस को बताया। रमोला ने अपने प्रतिज्ञा पत्र को आम जनमानस के सम्मुख रख विश्वास दिलाया कि उनके द्वारा प्रतिज्ञा पत्र में विधानसभा ऋषिकेश के विकास के प्रमुख मुद्दे हैं जिन पर वे काम करेंगे।
रमोला ने बताया कि स्थानीय विधायक का 15 साल से एक ही घोषणा पत्र रहता है वह हर बार उसी घोषणा पत्र को फोटोस्टेट करवा कर जनता को बांटने का काम करते हैं। उनके द्वारा ऋषिकेश के विकास के लिए कोई नीति नहीं बनाई गई है। इस विधानसभा चुनाव में जनता स्थानीय विधायक को सबक सिखाने को तैयार है और कांग्रेस को आशीर्वाद और समर्थन दे रहे हैं। रमोला ने ये भी बताया कि ऋषिकेश विधानसभा में भाजपा सरकार के पंद्रह साल का कार्यकाल पूर्ण हो गया है, लेकिन आज भी यह कि रोड और पानी की समस्या जस की तस है। क्षेत्रीय विधायक को ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की खस्ता और पानी की समस्या मुझे संज्ञान में कई बार रखी गयी परन्तु हर बार झूठा आश्वासन देकर आमजनमानस को बेवकूफ बना दिया जाता हैं लेकिन अब क्षेत्रीय जनता समझ चुकी है और कांग्रेस को सत्ता में लाने का प्रण ले चुकी है।
उपप्रधान रोहित नेगी ने कहा कि इस बार स्थानीय जनता ने मन बना लिए और भाजपा को सत्ता से हटाना है जिसके लिए कांग्रेस अपने हर कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर हर वोटर से मिलकर कांग्रेस पार्टी को दोबारा से प्रदेश की सत्ता में लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस अभियान के तहत आम जनमानस से किसानों, युवाओं, महिलाओं से सीधा संवाद कर कांग्रेस की नीतियों की जानकारी दे रहे है व आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

राष्ट्रीय दलों को कड़ी टक्कर दे रहे राजे नेगी

आम आदमी पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्याशी राजे सिंह नेगी के जनसंपर्क में उनके साथ दिल्ली जंगपुरा के विधायक प्रवीन कुमार देशमुख ने भी घर-घर जाकर वोट अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कुशासन और ऋषिकेश में विकास के जुमलों से आम आदमी पार्टी दिलायेगी मुक्ति। उक्त दावा आप विधायक प्रवीन कुमार ने बुधवार को ग्रामीण क्षेत्र छिद्रवाला, साहब नगर, चकजोगी वाला, जोगीवाला माफी में अपने जनसम्पर्क अभियान के दौरान क्षेत्र की जनता के समक्ष किया।
ऋषिकेश विधानसभा के दंगल में राष्ट्रीय दलों को जोरदार मुकाबले में दिख रहे आप प्रत्याशी राजे सिंह नेगी का जनसम्पर्क अभियान मौसम की गड़बड़ी के बावजूद आज भी दिनभर लगातार जारी रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में जनसर्मथन जुटाने पहुंचे नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को भाजपा के कुशासन से मुक्ति दिलवाने के लिए आम आदमी पार्टी पूरी शक्ति से काम कर रही है।आम जनता भी यही चाहती है कि उन्हें भाजपा सरकार से छुटकारा मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण उत्तराखंड का हर वर्ग परेशान है। सरकार ने पिछले पांच साल में सत्ता सुख भोगने और बड़ी-बड़ी डींगें हांकने के सिवाय और कुछ नहीं किया। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद उत्तराखंड में आप सरकार का गठन होगा और जनता को बढ़िया शासन और प्रशासन मिलेगा।इस दौरान प्रंदह वर्षों से विधायक रहे भाजपा प्रत्याशी पर भी उन्होंने जोरदार हमला करते हुए कहा कि उनकी निष्क्रियता का परिणाम ऋषिकेश की जनता को विकास की दोड़ में पिछड़कर भुगतना पड़ रहा है। इस बार जनता बदलाव का मन बना चुकी है।

केन्द्रीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भाजपा सरकार बनाने की अपील

ऋषिकेश विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल के समर्थन में श्यामपुर में आयोजित विजय संकल्प जनसभा में पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण से लेकर और सवारने तक का कार्य भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा अनेक जन उपयोगी योजनाएं संचालित की जा रही है जिसका लाभ आम जनमानस को मिल रहा है।
पासी ने भारतीय जनता पार्टी के निर्माण और विकास की गाथा का उल्लेख करते हुए कहा है कि भाजपा आम जन समुदाय की पार्टी है, पार्टी किसी भी व्यक्ति को प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचा सकती है यहां लोकतंत्र का सम्मान होता है। उन्होंने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश को लूटने का कार्य किया है।
पूर्व सांसद ने कहा कि उत्तराखंड में ऑल वेदर रोड के निर्माण के कारण उत्तराखंड के हिमालय क्षेत्रों में जहां लोगों के आवागमन में आसानी होगी वही यहां का पर्यटन भी बढ़ेगा मिलेगा जिसके कारण देश और दुनिया के लोग उत्तराखंड में धार्मिक एवं तीर्थाटन के दृष्टि से पहुंचेंगे जिसका लाभ उत्तराखंड के जनमानस को होगा।
बलराज पासी ने कहा कि एक समय था जब देहरादून से दिल्ली पहुंचने के लिए 10 घंटे लगते थे परंतु केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के सहयोग से ऐसे राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण हो रहा है जिसमें ढाई घंटे में दिल्ली से देहरादून पहुंचा जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा है कि आज देश विकास के मापदंड की नई ऊंचाइयां छू रहा है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया गया, राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ, अनेकों ऐसी योजनाएं संचालित की गई है जो जन कल्याण के लिए वरदान साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल बेदाग छवि के प्रत्याशी है। उन्होंने ऋषिकेश के विकास के क्षेत्र में अनेक मापदंड स्थापित किए हैं। ऋषिकेश का ग्रामीण क्षेत्र भी शहरी क्षेत्र के तर्ज पर विकसित हो रहा है ऐसे प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा में भेजना चाहिए ताकि ऋषिकेश का और अधिक गति से समग्र विकास हो सके।
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार के सहयोग से ऋषिकेश के विकास के लिए हमेशा सक्रिय रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान कर भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जीता कर विधानसभा मे भेजें ताकि ऋषिकेश का और अधिक सामग्र गति से विकास हो सके।
उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी के भूमाफिया चुनाव मैदान में हैं और दूसरी तरफ 15 सालों से ऋषिकेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वाले प्रत्याशी, निर्णय जनता को करना है। इस अवसर पर पार्टी के अनेक पदाधिकारियों ने अपने संबोधन मे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेम चंद अग्रवाल को भारी मतों से विजई बनाने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता, डोईवाला के ब्लॉक प्रमुख भगवान पोखरियाल, पूर्व राज्य मंत्री कृष्ण कुमार सिंघल, देवेंद्र नेगी, विधानसभा के प्रभारी दिगंबर सिंह नेगी, विधानसभा की सह प्रभारी पूनम चौधरी, संजय शास्त्री, जिला महामंत्री सुरेश कंडवाल, राजीव जैन, सरोज डिमरी, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, कमलेश उनियाल, नरेंद्र रावत, नरेंद्र ठाकुर, श्रवण कुमार, राम बहादुर छेत्री, चमन पोखरियाल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने किया।

भाजपा ने दूष्टिपत्र जारी कर चुनाव अभियान को धार दी

देहरादून में आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा का दृष्टिपत्र जारी किया। भाजपा का दृष्टिपत्र इथिक्स, इकोलॉजी, इकोनॉमी के कॉन्सेप्ट पर आधारित है। घोषणापत्र में लव जेहाद जैसे मुद्दे शामिल किए गए हैं। रोजगार और कानून व्यवस्था के मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है। हालांकि भू कानून, गैरसैंण, परिसीमन जैसे भावनात्मक मुद्दों को तरजीह नहीं दी गई है। भाजपा को घोषणापत्र बनाने के लिए 70 हजार से ज्यादा सुझाव मिले थे।

आइये देखते हैं भाजपा के दृष्टिपत्र में क्या-क्या वादे किए गए हैं-
कानून व्यवस्था- भाजपा ने घोषणापत्र में लव जेहाद कानून को और कठोर करने का वादा किया है। इसके साथ ही महिला थानों की संख्या को दोगुना करते हुए 100 महिला पेट्रोलिंग कारों की शुरुआत की जाएगी। उधमसिंह नगर और हरिद्वार में तीन नई सशस्त्र पुलिस बटालियन बनाई जाएंगी। भाजपा ने पुलिस ग्रेड-पे को लेकर उचित कदम उठाने का वादा किया है। प्रदेश में दंगों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस बल को मजबूत करने, और पुलिसकर्मियों को आधुनिक हथियार उपलब्ध कराने का वादा किया है। भाजपा ने हर जिले में भूमि पर अवैध कब्जा होने के कारण हो रहे भू एवं जनसांख्यिकीय परिवर्तन से संबंधित विषयों की जांच एवं समाधान के लिए एक अधिकार प्राप्त समिति का गठन करने की बात भी कही है।

महिला सशक्तिकरण- निर्धन परिवारों की महिला मुखियाओं को हर महीने 500 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। प्रमुख औद्योगिक शहरों में कार्यरत महिलाओं के लिए 10 नए महिला आवास बनाए जाएंगे। राज्य भर में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 500 करोड़ का विशेष कोष बनाया जाएगा।

युवा एवं रोजगार- युवाओं के रोजगार के लिए 50 हजार सरकारी नौकरियां होंगी। 24 हजार नौकरियां तुरंत दी जाएंगी। युवाओं के लिए मॉडल करियर सेंटर खोले जाएंगे। ऑनलाइन आधुनिकीकरण रोजगार कार्यालय के माध्यम से युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। प्।ै, प्च्ै, प्थ्ै अधिकारी, विशेषज्ञों द्वारा प्रतियोगी परीक्षार्थियों को प्रशिक्षण और सलाह दी जाएगी। राज्य भर में समर्पित सैनिक प्रशिक्षण स्टेडियम खोले जाएंगे।

ग्रामीण विकास- भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में स्मार्ट विलेज कार्यक्रम बनाया है। जिसके तहत राज्य के सभी गांवों को विकसित करने के लिए बीजेपी मिशन चलाएगी। 2025 तक प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए कम से कम एक एटीएम स्थापित किया जाएगा। हर ग्राम पंचायत में सुसज्जित सामुदायिक और मनोरंजन केंद्र खोले जाएंगे। पीएम वाणी योजना के तहत प्रत्येक गांव में वाई-फाई हॉट स्पॉट सुविधा मिलेगी। हर गांव में मजबूत वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली स्थापित की जाएगी। मनरेगा श्रमिकों के वेतन में वृद्धि और हर ग्राम पंचायत में एटीएम खोलने का भी जिक्र बीजेपी ने घोषणापत्र में किया है।

घोषणा पत्र जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ये दृष्टिपत्र उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने की दिशा में मार्ग प्रशस्त करेगा। डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड क चहुंमुखी विकास हुआ है जो आगे भी होगा।

अन्य वादे-
-किसानों को पीएम किसान निधि के अतिरिक्त 2000 रुपए प्रतिवर्ष देंगे
-जनरल बिपिन रावत की याद में पूर्व सैनिक क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट बनाया जाएगा
-बागवानी के लिए 500 करोड़ और डेयरी के लिए 500 करोड़ रुपए देंगे -गढ़वाल के चारधाम की तरह कुमाऊं के मानस खंड मंदिर मिशन माला के तहत मंदिरों को व्यवस्थित करेंगे
-गरीब घर और गरीब महिलाओं को साल में तीन गैस सिलिंडर फ्री देंगे
-असंगठित मजदूरों को 6000 की पेंशन और पांच लाख का दुर्घटना बीमा किया जाएगा।