भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ली

विधानसभा ऋषिकेश में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होने का सिलसिला अभी भी बरकरार है। कुछ दिनों पहले नगर निगम ऋषिकेश के भाजपा पार्षदों व पूर्व सभासदों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए थे। आज गुमानीवाला स्थित केवल वेडिंग पॉइंट में कार्यक्रम के दौरान भाजपा से आए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला के समर्थन में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने भाजपा से आए कार्यकर्ताओं को मालाएं पहनाकर कांग्रेस की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया।
कांग्रेसी प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। रमोला ने शामिल हुए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस में सभी को समान दृष्टि से देखा जाता है और छोटे बड़े कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाता है। भाजपा के कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होना बहुत बड़ा इशारा करता है कि विधानसभा ऋषिकेश में और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। रमोला ने बताया कि क्षेत्र की जनता भाजपा के कुशासन नीतियों से परेशान हो रखी है जिसे देख भाजपा के दर्जन भर पदाधिकारियों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थामा हैं।
डॉ के एस राणा ने कहा कि ने कहा कि कांग्रेस परिवार बढ़ता जा रहा है ऋषिकेश विधानसभा में 15 साल से सत्ता का सुख भोग रहे भाजपा विधायक को गद्दी से उतारने का समय आ गया है और जनता ऋषिकेश में परिवर्तन के लिए तैयार है।
सदस्यता ग्रहण करने में युवा मोर्चा मण्डल महामंत्री वीरभद्र मण्डल सिकंदर सिंह, कलम सिंह कैंतूरा आदि दर्जन भर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

जयेन्द्र रमोला को व्यापारियों ने दिया समर्थन

कांग्रेस प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला को सभी वर्गों संगठनों का समर्थन मिलता जा रहा ह। इसी क्रम में विधानसभा ऋषिकेश के व्यापारियों ने भरत मंदिर झंडा चौक में जयेंद्र रमोला का समर्थन देने के लिए बैठक का आयोजन किया। जिसमें सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर एकमत में जयेंद्र रमोला का समर्थन देने का वादा किया।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए जयेंद्र रमोला ने सभी व्यापारियों का समर्थन देने को आभार व्यक्त किया और उन्होंने कहा कि उनसे धन की अपेक्षा ना करते हुए उनसे आशीर्वाद रूपी तन और मन की अपेक्षा करता हूं। रमोला ने कहा कि कांग्रेस को सभी वर्गों का, सभी संगठनों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। रमोला ने बताया कि व्यापारी भाई जो कि भाजपा के जनविरोधी नीतियों से परेशान हैं वे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार लाने को तैयार हैं। भाजपा सरकार ने व्यापारियों को प्रताड़ित करने का काम किया हैं कभी जीएसटी बढ़ा देना कभी कपड़े में भी जीएसटी लगा देना, सभी व्यापारी भाजपा सरकार से नाखुश हैं। कांग्रेसी सरकार ने हमेशा व्यापारियों के लिए सजग नीतियां बनाने में जोर दिया है। व्यापारियों का समर्थन पाकर जयेन्द्र रमोला ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
हर्ष वर्धन शर्मा ने कहा कि सभी प्रकार के धार्मिक सामाजिक आयोजन में व्यापारी समाज ने आर्थिक सहयोग किया एवं सरकार के राजस्व में सबसे बड़ा योगदान व्यापारियों का होता है एवं व्यापारी किसी भी सरकार की रीड की हड्डी माना जाता है इसके बावजूद भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा उपेक्षा व्यापारी समाज की जा रही है। 15 साल से स्थानीय विधायक द्वारा ऋषिकेश में पार्किंग की समस्या को दुरुस्त नहीं किया गया हर चुनाव में उनका एक ही घोषणा पत्र रहता है जिन्हें कभी पूरा नहीं करते इस बार व्यापारी एवं सभी प्रकार के संगठन आम जनता स्थानीय विधायक को हटाने को तैयार है।
बैठक में वरिष्ठ व्यापारी राजीव मोहन, सूरज गुलाटी, मनोज कालड़ा, महासंघ महामंत्री अखिलेश मित्तल, अजय गर्ग, राजकुमार तलवार, दीपक बंसल, मानव जौहर, निशांत मलिक, मदन नागपाल, विवेक वर्मा, मनोज पंवार, राकेश मिया, रमन अरोड़ा, संजय पंवार, राजीव पावा आदि सैकड़ों शहर के वरिष्ठ व्यापारी मौजूद रहे।

विकास का पहिया रुक ना जाये इस लिए भाजपा को वोट करे-पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरिद्वार लोकसभा की 12 विधानसभाओ में वर्चुअल संबोधित किया। ऋषिकेश विधानसभा में 4 स्थानों पर वर्चुअल सभाओं के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के हाथों में ही सुरक्षित है।
ऋषिकेश विधानसभा के राणा फार्म श्यामपुर, आईडीपीएल भरत मंदिर इंटर कॉलेज हरिपुर कला आदि स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल जनसभा के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना का कार्य डबल इंजन की सरकार के कारण ही पूरा होगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश का एम्स अटल बिहारी बाजपेई की देन है। उत्तराखंड की संस्कृति और पहचान को मिटाने का कार्य कांग्रेस कोग्रेस कर रही है। कांग्रेस उत्तराखंड का विकास भी नहीं चाहती है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति अब छोड़नी होगी। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार इसलिए जरूरी है क्योंकि केंद्र में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और इसलिए उत्तराखंड का विकास डबल गति से होगा।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित वर्चुअल रैली से पहले भारतीय जनता पार्टी ऋषिकेश के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि देश के लिए यह सौभाग्य है कि देशवासियों को नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री मिला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में जम्मू कश्मीर से धारा 370 को हटाया गयाराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। देश में अनेक ऐसी योजनाएं संचालित की जा रही है जिससे आम जनजीवन का स्तर ऊंचा उठा है।
ग्रवाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऋषिकेश में विकास के अनेक कार्य धरातल पर उतरे हैं 160 करोड रुपए की लागत से नमामि गंगे के तहत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य हुआ है। रायवाला में मिनी स्टेडियम के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। श्री देव सुमन विश्वविद्यालय का कैंपस स्थापित हो चुका है। संजय झील के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। इसके साथ ही शहर के अंदर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आंतरिक मोटर मार्गाे का जाल बिछा हुआ है, शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए करोड़ों की योजनाएं संचालित की जा रही है जिसका लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।
इस अवसर पर ऋषिकेश विधानसभा के प्रभारी दिगंबर सिंह नेगी, सह प्रभारी पूनम चौधरी, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ज्योति सिंह सजवान देवेंद्र दत्त सकलानी, शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली, इंद्र कुमार गोस्वामी, तेज बहादुर यादव, घनश्याम भट्ट, जितेंद्र अग्रवाल, बृजेश शर्मा, पंकज गुप्ता, उषा जोशी, सीमा रानी, विजयलक्ष्मी, सुमित पवार, विनोद पाल, अशोक अग्रवाल, राजू बिष्ट, आशुतोष शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।

राजे नेगी ने दिल्ली मॉडल को ऋषिकेश में उतारने की बात कहीं

ऋषिकेश के आप प्रत्याशी ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर वोट मांगे। सोमवार को आप प्रत्याशी राजे सिंह नेगी ने आवास विकास, भरत बिहार, सर्वहारानगर, काले की ढाल, शास्त्रीनगर, नंदूफार्म सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। कहा कि उन्हें जनता से बहुत अच्छा समर्थन मिल रहा है और वह अपनी जीत के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त हैं। कहा कि पूरे ऋषिकेश का विकास सुनियोजित तरीके से किया जाएगा। यदि आम आदमी पार्टी की सरकार उत्तराखंड में बनती है तो दिल्ली की तर्ज पर राज्य का मॉडल भी चेंज होगा। उन्होंने मतदाताओं से इस बार विकास के लिए वोट देने का आह्वान किया।

स्वर कोकिला के निधन पर उत्तराखंड में दो दिन का राजकीय शोक

भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर उत्तराखंड में भी दो दिन का राजकीय शोक रहेगा। सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार सुमन की ओर से रविवार को दो दिन के राजकीय शोक का आदेश जारी किया। केंद्र सरकार ने भी दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राज्य में दो दिन सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। इस दौरान किसी भी तरह के कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे।
भारत रत्न, स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सभी प्रमुख नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। उनके निधन को समूचे राष्ट्र का नुकसान बताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लता दीदी का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। कौन भूल सकता है, जब 1962 की लड़ाई की हार से निराश, देशवासियों में लता दीदी के कण्ठ से निकले श्ऐ मेरे वतन के लोगोंश् गीत ने नया जोश भरने का काम किया था। देश की सेना के लिए उनके गाए वन्दे मातरम व अनेकों देशभक्ति के गीत देश पर मर मिटने की प्रेरणा देते रहे।
वहीं दूसरी ओर, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल सिंह ने कहा कि भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन समस्त देशवासियों के लिए अपूरणीय क्षति है। लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से भारतीय संगीत को समृद्ध बनाया।

लगता है इस बार नही हो सकेगी बड़ी रैली और जनसभा

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार समाप्त होने के लिए अब छह दिन ही बचे हैं। लेकिन निर्वाचन आयोग ने अब भी पार्टियों और प्रत्याशियों को बड़ी रैलियों, रोड शो, वाहन रैली और पदयात्रा की इजाजत नहीं दी है। इस कारण इस बार चुनाव प्रचार बिना धूम धड़ाका के ही समाप्त हो जाएगा। निर्वाचन आयोग ने आठ जनवरी को विधानसभा चुनाव की घोषणा करते हुए, कोविड के खतरे को देखते हुए बड़ी रैलियों पर रोक लगाते हुए, चुनाव प्रचार मुख्य रूप से डिजिटल माध्यम तक सीमित कर दिया था। अब चौथे दौर की समीक्षा के बाद आयोग ने रविवार को जारी आदेश में बड़ी रैलियों, रोड शो, पदयात्रा और वाहन रैलियों पर रोक जारी रखी है।
इसके साथ ही डोर टू डोर प्रचार में अधिकतम बीस लोगों के शामिल होने और इंडोर मीटिंग में हॉल की पचास प्रतिशत और आउटडोर में तीस प्रतिशत क्षमता के साथ मीटिंग की इजाजत दे दी है। आयोग के संयुक्त निदेशक अनुज चंडाक की ओर से जारी आदेश के अनुसार आयोग ने उक्त निर्णय सभी चुनाव वाले राज्यों और आयोग के स्पेशल ऑजरर्वर की रिपोर्ट पर लिया है। आयोग के मुताबिक राज्यों ने कोविड की स्थिति में सुधार का दावा किया है, इसके साथ ही इन राज्यों में स्कूल कॉलेज भी फिर खोले जा रहे है। इस कारण आयोग ने सभी इंनडोर और आउटडोर मीटिंग में उपस्थिति की छूट बढ़ा दी है। हालांकि सभी गतिविधियों में कोविड के अनुरूप व्यवहार करना जरूरी होगा। उत्तराखंड की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने सभी दलों और प्रत्याशियों से गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।

रमोला का आरोप-शुन्य विकास कार्य को विकास बता रहे विधायक

कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम सभा खैरी कला में जनसंपर्क कर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान खैरी कला में जयेन्द्र रमोलाा को समर्थन देने के लिए भारी भीड़ जुट पड़ी, ग्रामीण में जयेन्द्र रामोल के साथ जुड़कर जनसंपर्क करने लगे।
कांग्रेसी प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने कहा कि जनसंपर्क के दौरान आम जनमानस का कांग्रेस को भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है, ये निश्चित ही यह दर्शाता है कि प्रदेश में ओर विधानसभा ऋषिकेश में लोग परिवर्तन चाहते हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर उत्तराखंड में परिवर्तन लाना चाहते है।
15 साल से विधानसभा ऋषिकेश का विकास शून्य के बराबर हुआ है मुख्य तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय विधायक द्वारा क्षेत्र हित में कोई विकास कार्य नहीं किए हैं। रमोला ने कहा कि कांग्रेस को आशीर्वाद देकर जनता उन्हें सेवा करने का मौका जरूर देगी। क्योंकि जनता भाजपा सरकार द्वारा महंगाई बेरोजगारी से त्रस्त हो चुकी है पिछले पिछले 15 सालों में ऋषिकेश की जनता ने बहुत सहा है परंतु अब और नहीं जनता भाजपा को सबक सिखा कर रहेगी।
कांग्रेस नेता दिनेश पंवार कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और यह परिवर्तन की लहर है, आम जनमानस का अपार स्नेह कांग्रेस को भरपूर मिल रहा है, विधानसभा ऋषिकेश में 15 सालों से सत्ता में राज कर रहे प्रोटोकॉल विधायक द्वारा क्षेत्र की जनता के साथ विकास के नाम पर खिलवाड़ हुआ है, अब ऋषिकेश की जनता निकम्मी भाजपा सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।

अभूतपूर्व विकास के नाम पर मांग रहा हुं वोट-अग्रवाल

भाजपा प्रत्याशी ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर वोट मांगे। ऋषिकेश से भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को हरिपुर कला, हिमालयन कॉलोनी, खदरी, श्यामपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद और क्षेत्र में किए गए विकास को आधार मानकर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करें। कहा कि उन्होंने नियमित 5 सालों तक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के कार्य किए हैं, जिससे लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
जनसंपर्क में श्यामपुर के मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, नरेंद्र रावत, रवि शर्मा, भूपेंद्र रावत, प्रधान चमन पोखरियाल, प्रिंस रावत, शांति प्रसाद थपलियाल, कमला नेगी, समा पंवार आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के महासचिव बने विकेश नेगी

लंबे समय से समाजसेवा में रत विकेश नेगी को कांग्रेस के विधि प्रकोष्ठ के जिला महासचिव मनोनीत किया गया है। विकेश नेगी अधिवक्ता के रूप में गरीबों और असहाय लोगों की विधिक सहायता निःशुल्क करते रहे हैं। उनकी इसी सामाजिक सरोकार और भ्रस्टाचार के खिलाफ लगातार मुहिम को देखते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने महासचिव पद की जिम्मेदारी से नवाजा है।
आपको बता दें कि सरकारी महकमे में व्याप्त अनियमितताओं पर विकेश नेगी की पहल अनवरत जांच का सिलसिला शुरू करवाया। हाल ही में आबकारी विभाग में नियम विरुद्ध नियुक्तियों को लेकर उनकी पीआईएल पर जांच भी हो रही है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने श्री नेगी की गतिशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारियों और समर्पण को देखते हुए उन्हें महासचिव पद सौपा है। उम्मीद भी जताई है कि आगे भी वो समामाजिक न्याय और पार्टी को मजबूत करेंगे।

कनक के धुआंधार प्रचार से राष्ट्रीय दलों में बैचेनी

ऋषिकेश विधानसभा के उजपा प्रत्याशी कनक धने ने आज आइडीपीएल में एक जनसभा को संबोधित करने के उपरांत ऋषिकेश बाजार के तिलक मार्ग पर जनसमर्पक कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान कनक की बढ़ती लोकप्रियता को लोगो ने सराहा और इस बार परिवर्तन करने का संकल्प लिया। इसके बाद कनक ने शिवाजी नगर में एक जनसभा को संबोधित कर वहां पर कार्यालय का उदघाटन किया। कनक ने कहा कि 22 साल से राष्ट्रीय दलों ने लोगो को विकास के नाम पर ठगा है। कहीं टूटी हुई सड़क है, कही नालियों में गंदगी, अस्पतालों में अव्यस्था फैली हुई है। जनता बहुत परेशान है जो इस समस्या का निवारण 14 फरवरी को परिवर्तन के रूप में करेगी।