रमोला के समर्थन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनसभा की

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर युवाओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि लॉकडाउन में केंद्र सरकार ने 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा की लेकिन यह पैसा किसकी जेब में गया आज तक किसी को मालूम नहीं है। उन्होंने कहा कि घोषणा करने में भाजपा का कोई मुकाबला नहीं हैं स्टैंड अप इंडिया, डिजिटल सहित दर्जनों नारे दिए लेकिन काम किसी पर नहीं हुआ। हजारों करोड़ों की घोषणा सिर्फ कागजों में हुई है। उन्होंने ऋषिकेश की जनता से जयेंद्र रमोला को भारी मतों से विजय बनाकर विधानसभा में भेजने की अपील की। उन्होंने जयेंद्र रमोला की तारीफ करते हुए कहा कि वह यूथ कांग्रेस से लेकर आज विधानसभा का विधायक का चुनाव लड़ रहे हैं, यह यूथ कांग्रेस की ताकत है। यह देश युवाओं का है और अब इस देश का नेतृत्व और ऋषिकेश का नेतृत्व युवा करेगा।
कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस मजबूत संगठन है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड में परिवर्तन की लहर है। लोग बेरोजगारी, महंगाई से त्रस्त हैं, वह निश्चित ही उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने को तैयार हैं। रमोला ने बताया कि बढ़ती महंगाई से जनता आहत है लेकिन सरकार ने इससे जनता को राहत देने के बजाय जोड़-तोड़ और मुख्यमंत्री बदलते में 5 साल का समय निकाल दिया। पिछले 5 साल में प्रदेश में एक ऐसी सरकार थी जिसका केंद्र में प्रभाव था लेकिन सरकार ने महंगाई के मामले में उत्तराखंड को नंबर एक पर पहुंचा दिया भाजपा की कथनी और करनी में फर्क है।

पंडा समाज ने कांग्रेस प्रत्याशी रमोला को दिया समर्थन

विधानसभा ऋषिकेश में पंडा समाज ने कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को आगामी विधानसभा चुनाव में समर्थन दिया और पंडा समाज की तरफ से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।
कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने बताया कि पंडा समाज ने उन पर भरोसा जताकर उन्हें गौरवान्वित महसूस करवाया है। उन्होंने कहा कि पंडा समाज को भाजपा सरकार ने देवस्थानम बोर्ड के नाम पर प्रताड़ित करने का काम किया है। परंतु पंडा समाज भाजपा को सबक सिखाने को तैयार है, पंडा समाज हमारे उत्तराखंड की संस्कृति को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका रखते हैं। रमोला ने पंडा समाज के समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नंदन कोडरिया ने कहा कि जयेन्द्र रमोला वर्षों से ऋषिकेश में लोगों की सेवा में लगे रहते हैं। वह कर्मठ ईमानदार छवि के व्यक्ति हैं पंडा समाज को पूरी उम्मीद है कि वे जीतकर ऋषिकेश में विकास कार्य करवाएंगे। कोदरिया ने कहा कि पंडा समाज कभी राजनीति में नहीं पड़ता हैं मगर जब राज्य की सरकार ने देवस्थानम बोर्ड को लाकर पंडा समाज के साथ खिलवाड़ किया है इसलिए अब पंडा समाज व्यक्ति विशेष के रूप में जयेंद्र रमोला को समर्थन दिया हैं।
समर्थन में अजय बंदोलीय, अमित, परवीन ध्यानी, दुर्गेश भट्ट, रमाबल्लभ, देवकी नंदन कोठियाल, विमल कोठियाल, भास्कर थपलियाल आदि मौजूद रहे।

आप प्रत्याशी राजे नेगी ने डोर टू डोर प्रचार कर वोट मांगे

ऋषिकेश विधानसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजे सिंह नेगी ने रविवार को खदरी एवं विस्थापित कालोनी सहित बैराज क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनसम्पर्क करते हुए बजुर्गों, युवाओं, माताओं और बहनों से विजय का आर्शीवाद मांगा।
इस अवसर उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और समर्पण के भाव लिये वह चुनाव मैदान में उतरे हैं।आप प्रत्याशी ने अपने समर्थकों के साथ प्रचार-प्रसार तेज करते पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाया। जनसम्पर्क के दौरान उन्होंने कहा कि वह सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे मूलभूत जरूरतों को लेकर मैदान में उतरे हैं।कहा कि जनता के आशीर्वाद से यदि वह विधायक बनते हैं तो सभी वर्ग के लोगों का विकास किया जायेगा तथा बेरोजगार लोगों को रोजगार दिलाया जायेगा। जनसम्पर्क के दौरान युवपाओं ने उनका फूल मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।आप प्रत्याशी नेगी ने कहा कि ऋषिकेश की जनता बीस साल से अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है।आम आदमी पार्टी ही राष्ट्रीय दलों का सशक्त विकल्प है।जनता बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान का मन बना चुकी है।

राहुल गांधी का केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना

उत्तराखंड पहुंचे कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर हल्ला बोला। कहा कि कांग्रेस के शासन में पीएम हुआ करते थे, लेकिन अब पीएम नहीं राजा हैं। राजा न सुनेगा न बात करेगा, सिर्फ अपना निर्णय लेगा। राहुल ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा मोदी सरकार ने भारत के दो हिस्से कर दिए हैं। जिसमें एक अमीरों का और दूसरा गरीब, किसान और मजूदरों का भारत है। कांग्रेस एक हिन्दुस्तान चाहती है, जिसमें सबको न्याय मिले।
शनिवार को ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में नई मंडी समिति परिसर में आयोजित उत्तराखंडी स्वाभिमान किसान संवाद में राहुल गांधी ने कहा कि वह देश को किसानों को बधाई देना चाहते हैं। तीन कानूनों को रद्द कराने के लिए किसान पहाड़ की तरह खड़े रहे और एक कदम पीछे नहीं हटाया और एक इंच भी जमीन नहीं दी। सरकार को किसानों ने सच्चाई दिखाई। इस सरकार को यह सच्चाई दिखानी जरूरी थी। किसान हमेशा देश को रास्ता दिखाता रहा है। आजादी की लड़ाई भी मजदूर-किसानों ने लड़ी, उद्योपतियों ने नहीं। राहुल ने कहा कि भाजपा के राज में दो हिन्दुस्तान बन गए हैं। एक अमीरों का हिन्दुस्तान है जो चार्टर्ड प्लेन में उड़ते हैं, फाइव स्टार होटल में रहते हैं, कानून तोड़ते हैं और जमीन कब्जाते हैं। देश के 40 फीसदी लोगों के बराबर पैसा इनके पास है। विश्व में ऐसी असमानता कहीं नहीं दिखती है।
दूसरी ओर गरीब, मजदूर, किसान हैं जो बेरोजगारी, महंगाई की मार झेल रहे हैं और इनकी जमीनें कब्जाई जा रही हैं। राहुल ने साफ तौर पर कहा देश के लोगों को दो हिन्दुस्तान नहीं चाहिए। हमे ऐसा हिन्दुस्तान चाहिए जिनमें न्याय होता हो। बोले, कांग्रेस के समय में प्रधानमंत्री बात करते थे। इस सरकार में पीएम नहीं राजा है जो बात नहीं करते सीधे अपना निर्णय सुनाते हैं। उन्होंने किसान आंदोलन की बात दोहराते हुए कहा ठंड और कोविड के बीच किसान सड़कों पर पड़े थे, लेकिन राजा ने बात करने की कोई कोशिश नहीं की। वह मन की बात करते रहे। किसानों को अपने ऑफिस में बुलाते उनकी बात सुननी चाहिए थी।

हरिद्वार पहुंचने पर भी राहुल गांधी बीजेपी पर जमकर बरसे। कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में विकास कार्यों को ठप कर दिया है। चुनावी वादा करते हुए गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही चार लाख लोगों को बेरोजगारों को नौकरी दी जाएगी। कहा कि एलपीजी सिलेंडर के दाम पांच रुपये से ज्यादा किसी भी हालत में नहीं बढ़ने दिए जाएंगे। गांधी ने बताया कि उत्तराखंड में ‘न्याय’ योजना भी चलाई जाएगी ताकि जरूरतमंदों को सालाना 40 हजार रुपयों की आर्थिक मदद की जा सके। चुनावी रैली के बाद राहुल गांधी ने गंगा पूजा भी की।
राहुल गांधी ने कहा कि यूपीए की सरकार में किसान-मजूदरों के डेलीगेशन अपनी मांगों को लेकर आते थे। यह लोग अपनी बात रखते थे। हर बार सरकार मांगों को नहीं मान सकती थी। अगर मांग ठीक नहीं लगती थी तो मना कर देते थे, लेकिन मांग ठीक लगती थी तो उसे मानते थे। यह बात नहीं करते हैं। इनके दरवाजे सिर्फ उद्योपतियों के लिए खुले हैं।

हरीश रावत का मिला आर्शीवाद, किया कार्यालय का उद्घाटन

ऋषिकेश विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गुमानीवाला ऋषिकेश में पहुंच कर कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर कांग्रेस जनों ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यालय का उद्घाटन कर हरीश रावत ने कहा कि ऋषिकेश में कांग्रेस भारी मतों से जीत रही है, पूरे प्रदेश में परिवर्तन की लहर है। हमें जिस प्रकार से आम जनमानस का प्यार और समर्थन मिल रहा है, वह ये दर्शाता है कि उत्तराखंड में परिवर्तन होना निश्चित है, क्योंकि जनता भाजपा की जन विरोधी नीतियों से परेशान हो गई है। महंगाई बेरोजगारी से त्रस्त है, ऋषिकेश विधानसभा एक महत्वपूर्ण सीट है मुझे पूर्ण विश्वास है कि ऋषिकेश की जनता कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को जिता कर विधानसभा में भेजने का काम करेगी। हरीश रावत ने जयेंद्र रमोला को चुनाव के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।
पूर्व मुख्यमंत्री का ऋषिकेश आगमन पर जयेंद्र रमोला खुशी से गदगद हो उठे उन्होंने कहा कि उनके लिए यह बड़े गौरव का विषय है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उनके चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। हरीश रावत कांग्रेश जनों को मार्गदर्शन देने का कार्य करते रहते हैं। रमोला ने कहा कि जनता से उन्हें भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है जिससे वहां ऋषिकेश में चुनाव जीतकर विधानसभा में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष शूरवीर सिंह सजवान, जयेंद्र रावत, मनोज गुसाईं, कैलाश सेमवाल, राम कुमार सेंघल, देवेंद्र बेलवाल संभू शंकर, धर्मेंद्र, धीरज, हीरा सिलस्वाल अरुण बिष्ट आदि मौजूद रहे।

हरीश रावत की कल से ताबड़तोड़ प्रचार अभियान की शुरुआत

विधानसभा चुनाव 2022 में लालकुआं में अपना किला कुछ मजबूत करने के बाद पूर्व सीएम हरीश रावत एक बार फिर चुनाव अभियान समिति के मुखिया की भूमिका में आ गए। प्रदेश के नेताओं के अपनी अपनी सीटों पर सिमट जाने के कारण कांग्रेस का प्रचार अभियान धीमा पड़ रहा था। रविवार से रावत पार्टी के उम्मीदवारों के प्रचार में सक्रिय रूप से जुट़ने जा रहे हैँ। कल रावत कुमाऊं मंडल में एक के बाद एक चार विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।
रावत के मीडिया कोर्डिनेटर जसबीर सिंह रावत के अनुसार सुबह 9.50 बजे रावत देहरादून से हेलीकॉप्टर से रानीखेत रवाना होंगे। रानीखेत में पार्टी प्रत्याशी करन माहरा के समर्थन में सिरमौली में सभा करेंगे। फिर दोपहर 12.30 बजे से द्वाराहाट के चौखुटिया में कांग्रेस उम्मीदवार मदन बिष्ट के समर्थन में पदयात्रा करेंगे। दोपहर दो बजे सोमेश्वर में राजेंद्र बाराकोटी के समर्थन में जनसभा में रावत भाग लेंगे। इसके बाद तीन बजे अल्मोड़ा के बाड़ेछीना में पार्टी उम्मीदवार मनोज तिवारी के समर्थन में जनसभा करेंगे। दूसरी तरफ, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी अपनी अपनी सीटों से बाहर दूसरे क्षेत्रों में प्रचार को निकलेंगे। प्रीतम और गोदियाल भी कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं।

एम्स ऋषिकेश में नियुक्तियों, दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की जांच में जुटी सीबीआई

एम्स ऋषिकेश में सीबीआई की टीम ने पिछले तीन दिन से डेरा डाला हुआ है। सूत्रों के मुताबिक एम्स में नियुक्तियों, दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की शिकायत पर सीबीआई जांच कर रही है। देर शाम तक एम्स प्रशासन इस मामले में कुछ भी कहने से बचता रहा।
जानकारी के मुताबिक वीरभद्र पशुलोक मार्ग पर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सीबीआई की चार टीमें पिछले तीन दिन से विभिन्न दस्तावेजों को खंगाल रही हैं। सीबीआई की छापेमारी की कार्रवाई से एम्स में हड़कंप की स्थिति है। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक एम्स में पिछले काफी समय से विभिन्न पदों पर नियुक्तियों से लेकर दवा और मशीनों की खरीद में धांधली की शिकायतें आ रही थी। इस पर सीबीआई ने औचक छापेमारी की कार्रवाई की है। हालांकि अभी तक किसी तरह की गड़बड़ी मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। छानबीन जारी है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सीबीआई टीम में निरीक्षक, उपनिरीक्षक से लेकर कांस्टेबल तक शामिल हैं।

राहुल गांधी पर हमलावर हुई भाजपा, कहा-ढ़ोंग बंद करे कांग्रेस

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौर में दिये वादों और दावों पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि यदि मनमोहन की सरकार का कार्यकाल गोल्डेन पीरियड था तो जनता ने उन्हे सत्ता से बाहर क्यों किया वो भी दो दो बार। पार्टी की तरफ से प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने सलाह देते हुए कहा कि कॉंग्रेस के घोषणापत्र को पहले उन्हे अपने राज्यों में लागू करवाना चाहिए।
सुरेश जोशी ने राहुल गांधी के आज के दौरे को उत्तराखंड की जनता को भरमाने वाला बताया। उन्होने सवाल करते हुए कहा कि एक तरफ हिन्दू और हिन्दुत्व पर सवाल खड़ा करने वाले राहुल माँ गंगा में डुबकी लगाकर सुविधावादी हिन्दू बनने की कोशिश करते हैं, दूसरी तरफ उनके ही नेता बंद कमरे में मुस्लिम यूनिवर्सिटी का वादा करते हैं। उन्होने कहा कि राहुल तो कांग्रेस के सर्वेसर्वा हैं क्यों नहीं वह अपनी राज्य सरकारों में सिलेन्डर के दाम 500 रुपए, 5 लाख रोजगार देने और अन्य तमाम अपने घोषणापत्र के वादे क्यों नहीं पूरा करवा देते हैं।
उन्होने राहुल के पीएम मोदी को राजा बताने वाले बयान पर जबाब देते हुए कहा कि राजशाही तो यूपीए सरकार में थी जब तत्कालीन प्रधानमंत्री भी दस जनपथ के सामने खड़े रहते थे, राजा राजकुमार तो कांग्रेस में पैदा होते हैं जहां गांधी उपनाम राष्ट्रीय अध्यक्ष होने की गारंटी होता है। उन्होने मनमोहन सिंह के कार्यकाल को गोल्डेन बताने वाली टिप्पणी पर व्यंग करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल तो स्वर्णिम था लेकिन सिर्फ और सिर्फ कॉंग्रेस के नेताओं के लिए और जिसकी रेटिंग 2014 के चुनावों में भारत की महान जनता दे चुकी है।

रमोला ने क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने का किया वादा

ऋषिकेश सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने शनिवार को विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क और बैठकें करके लोगों से समर्थन मांगा।
शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी मोला ने वैदिक नगर, होशियारी मंदिर व अन्य क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन को लेकर हर व्यक्ति तैयार दिख रहा है। 15 सालों से ऋषिकेश का जो विकास का पहिया रुका हुआ है, उसे गति देने के लिए क्षेत्रवासी तैयार हैं। स्थानीय विधायक द्वारा क्षेत्र में विकास कार्य ना करने को लेकर आम जनमानस में भारी आक्रोश है। ऋषिकेश में कांग्रेस भारी मतों से विजयी होगी।
मौके पर डॉ. केएस राणा, विजय पाल, भगवती सेमवाल, संजय पोखरियाल, राजेंद्र तिवारी, गबर कैंतुरा, शिव रयाल, शोभित आदि मौजूद रहे।

राजे नेगी के प्रचार ने पकड़ा जोर, कर रहे डोर टू डोर जनसपंर्क

आम आदमी पार्टी का जनसंपर्क अभियान रफ्तार पकड़ गया है। शनिवार को बारिश का दौर थमते ही ऋषिकेश विधानसभा से आप प्रत्याशी राजे नेगी ने अपने जनसम्पर्क अभियान को रफ्तार देते हुए शांति नगर, रेलवे रोड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जनसंपर्क किया। उधर आप प्रत्याशी नेगी के सर्मथन में ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के वालिंटिर्यस ने रैलीयां निकाल कर ऋषिकेश के विकास के लिए पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की।
ऋषिकेश विधानसभा का चुनाव जहां राष्ट्रीय दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। वही आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजे सिंह नेगी की समाजसेवी के साथ स्वच्छ छवि भी उनको मुकाबले में निरंतर बनाए हुए है। शनिवार को अपने चुनवी अभियान को नेगी ने जोरदार रफ्तार दे दी। इस दौरान नुक्कड़ सभाओ में उन्होंने कहा कि पार्किंग की समस्या ऋषिकेश वासियों के लिए बड़ी मुसीबत साबित हो रही है। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी जैसी मूलभूत समस्याएं हैं और निवासियों को महंगे बिजली से काफी परेशानी है। जनता आम आदमी पार्टी के कामों से पहले से परिचित हैं और वे खुद चाहते हैं कि व्यवस्था में बदलाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनावों में आम आदमी पार्टी भ्रष्ट शासन और लूट के गठजोड़ को खत्म कर आम आदमी का राज स्थापित करेगी।