विकास कार्यो को देखकर ही वोट दे जनता-प्रेमचन्द अग्रवाल

ऋषिकेश विधानसभा सीट में जीत का परचम लहराने के लिए भाजपा ने एडी चोटी का जोर लगा दिया है। शनिवार को भाजपा प्रत्याशी ने जनसंपर्क कर सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने विकास कार्यों को देख जनता से वोट देने की अपील की।
शनिवार को भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने रायवाला, श्यामपुर, वीरभद्र रोड, आवास विकास, वैदिक नगर आदि क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि कहा कि भाजपा ने ऋषिकेश विधानसभा हो या उत्तराखंड प्रदेश हो, प्रत्येक जगह अभूतपूर्व विकास किया है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में श्री देव सुमन विश्वविद्यालय का परिसर ऋषिकेश में स्थापित किया गया, रायवाला में मिनी स्टेडियम, संजय झील का सौंदर्यकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करवाई गई। ग्रामीण क्षेत्र आज स्ट्रीट लाइट से जगमग है, इससे लोगों को वहां जंगली जानवरों से खतरा भी समाप्त हुआ है, वही आवागमन में भी सुविधा हो रही है।
जनसंपर्क में प्रधान सागर गिरी, जगदंबा डिमरी, सोनू सिंह, सतपाल सैनी, सुरेश शर्मा, मोनू राणाकोठी हेम्मत खत्री, रवि सिंह, प्रवीन रावत, विवेक शर्मा, शुभम शर्मा, दीपक कुमार, अनुज थापा, अमन पांडे, आनंद यादव, रोहित सोनी आदि उपस्थित रहे।

मामूली विवाद में भाई ने भाई को मारा चाकू, मौत

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक चंद्रेश्वर नगर में रहने वाले शिवा का अपने ही कमरे में रहने वाले रिश्तेदार में भाई छोटू के साथ खाना खाने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ गई कि छोटू ने शिवा की छाती पर चाकू से हमला कर दिया।
लहूलुहान हालत में शिवा को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए शिवा को एम्स के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान एम्स में शिवा ने दम तोड़ दिया।

हृषिकेश भगवान भरत महाराज की डोली यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

वसंत पंचमी पर शनिवार को प्राचीन श्री भरत मंदिर से हृषिकेश भगवान भरत महाराज की डोली यात्रा धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर रंगोली सजाकर और पुष्प वर्षा कर डोली का स्वागत किया।
शनिवार को झंडा चौक स्थित श्री भरत मंदिर में पूजा अर्चना के बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों के बीच भगवान भरत की डोली निकाली गई। महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज ने डोली की पूजा अर्चना की। मंदिर परिसर से निकली डोली की अगवानी हर्षवर्धन शर्मा, महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज व वरुण शर्मा ने की। पुराने बद्रीनाथ मार्ग मायाकुंड से होकर डोली त्रिवेणी घाट पहुंची। यहां डोली को गंगा स्नान कराया गया। इसके बाद डोली मंदिर परिसर में पहुंची।
डोली यात्रा में महामंडलेश्वर ललित आनंद महाराज, महामंडलेश्वर दयाराम दास, महेंद्र जगदीश प्रपन्नाचार्य, महंत मनोज द्विवेदी, महंत विनय सारस्वत, महंत रवि प्रपन्नाचार्य, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, डीडी तिवारी, जयेंद्र रमोला, शूरवीर सिंह सजवाण, सीएस शर्मा, संजीव चौहान, रामकृपाल गौतम, राम चौबे, सुधीर कुकरेती, बचन पोखरियाल, मधुसूदन शर्मा, राहुल शर्मा, कनक धनाई, मेजर गोविंद सिंह रावत, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, नवीन मेंदोला, धनंजय रांगड, सुरेंद्र भट्ट, शिव प्रसाद बहुगुणा, जितेंद्र बिष्ट आदि शामिल रहे।

बसंत पंचमी पर डोली निकालने की है परंपरा
पौराणिक मान्यता है कि वसंत पंचमी के दिन ही आद्य गुरु शंकराचार्य ने मायाकुंड गंगा में रखी गई भगवान भरत की मूर्ति को श्री भरत मंदिर में पुनर्स्थापित किया था। तभी से वसंत पंचमी पर उनकी डोली यात्रा निकालने की परंपरा रही है।

चार निर्धन कन्याओं की शादी करवाई
श्री भरत मंदिर परिवार ने वसंत पंचमी पर चार निर्धन कन्याओं की शादी का आयोजन किया। इसमें कन्यादान की पूरी परम्परा का निर्वहन किया गया। बेटियों की विदाई की सारी रस्में निभाई गईं।

कोरोना से मौत के मामले बढ़े

उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 1183 संक्रमित मिले हैं। जबकि 15 मरीजों की मौत हुई है। 20715 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शुक्रवार को 13 जिलों में 1183 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। देहरादून जिले में 369, हरिद्वार में 73, ऊधमसिंह नगर में 87, चमोली में 94, अल्मोड़ा में 125, रुद्रप्रयाग में 104, नैनीताल में 62, पौड़ी में 77, पिथौरागढ़ में 52, टिहरी में 43, उत्तरकाशी में 48, चंपावत में 44 और बागेश्वर जिले में 5 संक्रमित मिले हैं। कोरोना की तीसरी लहर में मृतकों की संख्या 178 हो गई है। जबकि शुक्रवार को 4186 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। इन्हें मिलाकर 59561 मरीजों ने संक्रमण को मात दी है।
वहीं, ऋषिकेश में 20 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें लक्ष्मणझूला के नौ, ऋषिकेश के आठ और मुनिकीरेती के तीन लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को आइसोलेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है।

बदलते मौसम से अभी राहत मिलने की उम्मीद नही

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में सात फरवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 6 और 8 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में फिर बदलाव दिखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में कहीं-कहीं शीत दिवस रहने की संभावना है। इसे लेकर अगले दो-तीन दिन राज्य में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने सात फरवरी तक चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। शेष राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के अलावा पाला पड़ने की संभावना है। वहीं, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। 2000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी से सड़कें अवरूद्ध हो सकती हैं। जिला प्रशासन से बर्फ से अवरूद्ध सड़कों को खोलने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है। लोगों को फिलहाल पर्वतीय स्थानों में यात्रा न करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान से लगे इलाके और जम्मू कश्मीर वाले क्षेत्र से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा राजस्थान और उससे जुड़े हुए इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। 6 के बाद 8 फरवरी को भी एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी दिख रहा है।
उधर, उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में 23.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। सभी 13 जिलों में जमकर बारिश हुई है, जिसमें अल्मोड़ा में 21.1, बागेश्वर 28.6, चमोली 25.2, चंपावत 16.1, देहरादून 19.2, पौड़ी गढ़वाल 11.3, टिहरी 26.4, हरिद्वार 27.6, नैनीताल 35.3, पिथौरागढ़ 33.6, रुद्रप्रयाग 18.7, ऊधमसिंह नगर 26.3 और उत्तरकाशी में 15.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मुनस्यारी, धनोल्टी, चकराता, नैनीताल, मुक्तेश्वर, मसूरी, टिहरी, लोहारखेत, पिथौरागढ़, गंगोत्री, ओली में अच्छा हिमपात देखने को मिला है।

एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को राहत पहुंचाई

जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, पोलिंग पार्टियां विषम मौसम में भी पोलिंग बूथ तक पहुंचने लगी हैं। लेकिन उत्तराखंड के ठंड के मौसम औऱ दुर्गम रास्तों से होकर पोलिंग बूथ तक पहुंचना और चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना पोलिंग पार्टियों के लिए कड़ी परीक्षा जैसा है। पोलिंग पार्टियां बीते दो दिनों से हो रही भारी बर्फबारी में फंस रही हैं। ऐसी ही तस्वीर चमोली जनपद से आई है। जहां दिनभर बर्फबारी में फंसी पोलिंग पार्टी को एसडीआरएफ ने सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
दरअसल गुरुवार को चमोली जनपद के बछुआखाल से एक पोलिंग पार्टी वापस कर्णप्रयाग लौट रही थी। इसी दौरान जबरदस्त बर्फबारी से रास्ते जाम हो गए। पोलिंग पार्टी का वाहन भारी बर्फ के बीच कई घंटों तक फंसा रहा। इस घटना की जानकारी जैसे ही एसडीआरएफ टीम को मिलती है, एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम एचसी भगत सिंह कंडारी के नेतृत्व में रेस्क्यू हेतु रवाना हुई।
भारी बर्फबारी व रात्रि के घनघोर अंधेरे जैसी विषम परिस्थितियों में 7-8 किमी पैदल चलने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची। एसडीआरएफ जवानों द्वारा पोलिंग टीम के 6 सदस्यों को सुरक्षित कर्णप्रयाग पहुंचाया गया। इसके अलावा एसडीआऱफ ने प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फ में फंसे लोगों औऱ पर्यटकों को सुरक्षित स्थानो पर पहुंचाया। उत्तरकाशी के राड़ी टॉप में एक वाहन के बर्फ में फंसे होने की सूचना पर एसडीआरफ ने तत्काल 2 लोगों को सुरक्षित बड़कोट पहुँचाया गया। रुद्रप्रयाग के त्रिजुगी नारायण मंदिर से 3 किलोमीटर नीचे कुछ लोग बर्फ में फंसे थे, जिन्हें एसडीआरएफ टीम निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।
अल्मोड़ा जनपद के मजखाली में कुछ लोगो के फंसे होने की सूचना एसडीआरएफ को प्राप्त हुई जिस पर एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया जा रहा है। चमोली के सेलंग क्षेत्र में कुछ वाहन बर्फ में फंसे होने की सूचना पर एसडीआरएफ टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर वहां फंसे हुए वाहनों को धक्का मारकर पार कराया। नैनीताल में बर्फबारी के कारण वाहनों के फंसे होने की सूचना पर एसडीआरएफ टीम द्वारा धक्का मारकर वाहनों को पार कराया गया।

कांग्रेस प्रत्याशी रमोला ने जनसम्पर्क कर जुटाया समर्थन

ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क कर क्षेत्र की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने चोपड़ा फार्म में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया वहीं हरिपुर कला में बैठक कर कार्यकर्ताओं व मतदाताओं से समर्थन जुटाया। छिद्दरवाला, साहब नगर, खैरी खुर्द, इंदिरा नगर, प्रगति विहार, कुमारवाडा सहित कई क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर मतदाताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस अवसर पर जयेंद्र रमोला ने कहा कि आम जनमानस से कांग्रेस को भरपूर प्यार आर्शीर्वाद और समर्थन मिल रहा है। यह दर्शाता है कि प्रदेश और विधानसभा ऋषिकेश में लोग परिवर्तन चाहते हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर उत्तराखंड में परिवर्तन करने को तैयार हैं।
रमोला ने कहा कि विधानसभा ऋषिकेश में कांग्रेसजन मौसम की विपरीत परिस्थितियों में भी डोर टू डोर जनसंपर्क कर रहे हैं। कार्यकर्ता भारी बारिश और कड़ाके की ठंड में जनसंपर्क कर मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं। निश्चित ही कार्यकर्ताओं की मेहनत सफल होगी और आगामी विधानसभा चुनाव में ऋषिकेश में परिवर्तन तय हैं।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सूरवीर सिंह सजवान ने कहा कि कांग्रेस बहुमत से जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है लोगों का समर्थन कांग्रेस को मिल रहा है, कांग्रेस एकजुट होकर ऋषिकेश और प्रदेश में चुनाव लड़ रही है।
जनसंपर्क में डॉ के एस राणा, विजय पाल रावत, संजय पोखरियाल, राजेन्द्र पोखरियाल, शिवम चंदेल, धीरज थापा गोकुल रमोला, मनोज गुसाईं, रवि कुमार, आशुतोष बेलवाल आदि मौजूद रहे।

भौतिक रूप से चलेंगी पहली से नौवीं तक की कक्षाएं

प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कारण बंद चल रहे कक्षा एक से नौवीं तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी स्कूल अगले सप्ताह से खुल जाएंगे शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक स्कूलों को 7 तारीख से भौतिक रूप से खोलने के संबंध में आज आदेश जारी हो गया है
कक्षाओं को भौतिक रूप से खोल दिया गया है, लेकिन कक्षा एक से नौवीं तक के स्कूल अब भी बंद हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक स्कूलों को खोले जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। स्कूलों को खोले जाने के दौरान कोरोना को लेकर जारी दिशा निर्देशों प्रदेश के सभी सरकारी, अशासीय एवं का पूरी तरह से पालन करना होगा। स्कूल निजी स्कूल 16 जनवरी से बंद हैं। हालांकि भौतिक रूप से खेलने के साथ ही उनमें 31 जनवरी से कक्षा 10वीं से 12वीं तक की ऑनलाइन पढ़ाई भी जारी रहेगी। नर्सरी व प्ले ग्रुप की क्लास अभी संचालित नही होगी।

भाजपा प्रत्याशी ने पार्षदों के साथ की बैठक

भारतीय जनता पार्टी ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने आज मुखर्जी मार्ग स्थित चुनाव कार्यालय में ऋषिकेश नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक कर चुनाव में अभियान में जुट जाने का आह्वान किया।
अग्रवाल ने कहा कि विगत 5 वर्षों में ऋषिकेश में अभूतपूर्व विकास के कार्य हुए हैं, इसके साथ ही प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता घर घर पहुंच कर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट डलवाने की अपील करें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद शिव कुमार गौतम ने कहा कि प्रेमचंद अग्रवाल ने विगत 5 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए हैं जिसका लाभ आम आदमी को मिल रहा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जिस प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा है वह बेदाग छवि के है और विकास के क्षेत्र में उन्होंने अनेक मापदंड स्थापित किया है। जिसका लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है।
मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को उत्साह के साथ इस चुनाव अभियान में जुट जाने की आवश्यकता है। सरकार द्वारा किए गए काम आम जनमानस तक पहुंचाने का कार्य प्रत्येक कार्यकर्ता को करना है। जो लोग जातिवाद, क्षेत्रवाद की राजनीति करते हैं उन्हें अपनी नाव डूबती हुई दिखाई दे रही है, इसलिए हमें विकास और राष्ट्रवाद के नाम पर वोट डालने की अपील करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर वीरेंद्र रमोला, विपिन पंत, विजेंद्र मोगा, विकास तेवतिया, राजेश कुमार, सुंदरी कंडवाल, लता तिवाड़ी, अनीता रैना, विजयलक्ष्मी रावत, तनु तेवतिया, रश्मि देवी, जयेश राणा, लव कंबोज, प्रदीप कोहली, संजीव पाल, किशन मंडल, सुमित पंवार, सुजीत यादव आदि उपस्थित रहे।

बंसत पंचमी पर होती है मां सरस्वती की विशेष पूजा अर्चना

हिंदू कैलेंडर के अनुसार 5 फरवरी 2022, शनिवार का दिन विशेष है। इस दिन माघ मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि है। इस तिथि को बसंत पंचमी के नाम से भी जाना जाता है। बंसत पंचमी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। बसंत पंचमी का पर्व इस वर्ष शनिवार के दिन पड़ रहा है। शनिवार का दिन शनि देव को समर्पित है।

मकर राशि में शनि का गोचर
मकर राशि में ग्रहों की विशेष स्थिति देखने को मिल रही है। वर्तमान समय में मकर राशि में तीन ग्रहों की युति बनी हुई है। मकर राशि के स्वामी शनि देव है. जो वर्तमान समय में मकर राशि में ही विराजमान हैं। जहां पर वे बुध और सूर्य के साथ युति बना रहे है। 2022 में बसंत पंचमी पर तीन ग्रहों की युति मकर राशि में बनी हुई है।

इन 5 राशियों पर शनि की विशेष दृष्टि है
वर्तमान समय में मिथुन, तुला राशि पर शनि की ढैय्या चल रही है। जबकि धनु, मकर और कुंभ राशि पर शनि की साढ़े साती चल रही है। 5 राशियों पर शनि की विशेष दृष्टि है। जिन लोगों को शनि देव अशुभ फल प्रदान कर रहे हैं। उनके लिए 5 फरवरी का दिन विशेष है। इस दिन शनि देव और माता सरस्वती की पूजा करने से विद्यार्थियों को शिक्षा में आने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। ज्योतिष शास्त्र में सरस्वती जी को ज्ञान देवी और शनि देव को परिश्रम का कारक माना गया है।

बसंत पंचमी शुभ मुहूर्त
पंचमी तिथि का आरंभ- 05 फरवरी 2022, शनिवार को प्रातः काल 3 बजकर 47 मिनट से।
पंचमी तिथि का समापन- 6 फरवरी 2022, रविवार को प्रातः काल 3 बजकर 46 मिनट पर।

बसंत पंचमी पूजा शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार माता सरस्वती की पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 07 बजकर 07 मिनट से दोपहर 12 बजकर 35 मिनट है। इस दौरान पूजा करना शुभ माना जाएगा. यह पूजा के लिए अच्छा समय है। वहीं, इस दिन का शुभ मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 13 मिनट से दोपहर 12 बजकर 57 मिनट तक है। इस दिन राहुकाल सुबह 09 बजकर 51 मिनट से दिन में 11 बजकर 13 मिनट तक है।