प्रशासन ने खुले में चुनावी रैली को कहा ना, आवेदन किए निरस्त

कोविड और आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने को निर्वाचन आयोग पूरी तरह से मुस्तैद है। खुले मैदान में चुनावी जनसभा की अनुमति के लिए प्रत्याशी तहसील में लिखित अर्जी दे रहे हैं। लेकिन प्रशासन कोविड का हवाला देकर अर्जी को निरस्त कर रहा है। कवर्ड एरिया में चुनावी कार्यक्रम करने की नसीहत दी जा रही है।
केंद्रीय जिला निर्वाचन आयोग से विधानसभा चुनाव 2022 में जारी गाइड लाइन में चूक नहीं हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन सख्त कदम उठा रहे हैं। तहसील में चुनावी प्रचार के तहत जनसभा, जनसंपर्क आदि की अनुमति लेने के लिए तहसील में आवेदन पत्र आ रहे हैं। जिन्होंने जनसभा का स्थान कवर्ड एरिया में रखा है, उन्हें अनुमति मिल रही है।
कवर्ड एरिया से बाहर खुले मैदान में जनसभा की अनुमति को प्रशासन निरस्त कर रहा है। रिटर्निंग अधिकारी अपूर्वा पांडेय ने बताया कि बुधवार सुबह भाजपा और कांग्रेस ने जनसभा के लिए आवेदन पत्र दिया था। आवेदन पत्र में जनसभा का स्थान खुले मैदान में होने के कारण स्थगित कर दिया गया। कोविड गाइड लाइन के चलते खुले में जनसभा नहीं हो सकेगी। कवर्ड एरिया में भी 500 से अधिक लोगों के एकत्रित होने पर पाबंदी है। उल्लंघन करने पर संबंधित को नोटिस जारी करने के साथ ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चुनाव आयोग की टीम मुस्तैद
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के मद्देनजर कहीं शराब, तो कहीं कपड़े और पैसे बटने की ऑनलाइन शिकायतें मिल रही हैं। ऐसी सूचनाओं पर एफएसटी और एसएसटी की टीम कार्रवाई के लिए दौड़ पड़ती हैं, लेकिन अधिकतर मामलों में शिकायतों की पुष्टि नहीं हो रही। बुधवार सुबह भी ऋषिकेश के मायाकुंड क्षेत्र में एक राजनीतिक दल के छोटे होर्डिंग और झंडे जगह-जगह लगने की शिकायत मिली। निर्वाचन टीम मौके पर पहुंची और चुनाव प्रचार से जुड़ी सामग्री को हटाया गया।

वृद्ध और दिव्यांग घर से ही करेंगे मतदान

विधानसभा चुनाव में इस बार 80 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मतदान के लिए मतदेय स्थल नहीं जाना पड़ेगा। घर पर ही वोट डालने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए रिर्टर्निंग ऑफिसर ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर मजिस्ट्रेट को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बुधवार अपराह्न नगर निगम ऋषिकेश के स्वर्णजयंती सभागार में रिटर्निंग ऑफिसर और एसडीएम अपूर्वा पांडेय ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर मजिस्ट्रेट, एआरओ, निर्वाचन कर्मियों की बैठक ली। इसमें 80 वर्ष की आयु वाले वृद्धों और दिव्यांगों को डाकमत के जरिए मतदान उनके घर में करने की सुविधा की तैयारी पर चर्चा की गई।
आरओ ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सेक्टर के आधार पर सूची तैयार की गई है। पोस्टल बैलेट मतदान के लिए 4 और 5 फरवरी निर्धारित की गई है। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को इस बाबत दिशा निर्देश दिए। इस दौरान निर्वाचन कर्मियों को डाक मत के जरिए मतदान का प्रशिक्षण भी दिया गया।
मौके पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी डा. अमृता शर्मा, दिवाकर धस्माना, गोविंद कुमार, सेक्टर मजिस्ट्रेट अयोध्या प्रसाद उनियाल, आनंद सिंह मिश्रवाण, डा. अजयशंकर बहुगुणा, राजीव सिंह, प्रदीप प्रकाश शर्मा, विनोद कुमार ढौंढियाल, विजय चंदोला, डा. पंकज कुमार, सतेंद्र रावत, डा. विपिन गुप्ता आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस का प्रचार करने उत्तराखंड आ रहे ये नेतागण

विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह, पूव्र सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत 30 राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय नेता कांग्रेस के स्टार प्रचारक होंगे। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को प्रचार के मोर्चे पर लगाया जाएगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह सूची चुनाव आयोग को भेजी है। प्रदेश महामंत्री मथुरादत्त जोशी ने बताया कि पार्टी के स्टार प्रचारकों के दौरे शुरू हो गए हैं। आज राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का दौरा हो गया है। जल्द ही क्षेत्रीय आवश्यकता के अनुसार अनुसार अन्य नेताओं के कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं।

ये भी स्टार प्रचारक
राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, गुलाम नबी आजाद, मुकुल वासनिक, अविनाश पांडे, मोहन प्रकाश, रणदीप सिंह सुरजेवाला, जितेंद्र सिंह, सचिन पायलेट, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, अमी याजनिक, इमरान प्रतापगढ़ी, आचार्य प्रमोद कृष्णन, हार्दिक पटेल, जय सिंह अग्रवाल रागिनी नायक, नेता डीसूजा, श्रीनिवास बी.वी.।
प्रदेश के नेता- प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्य, राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, हरक सिंह रावत।

कांग्रेस ने प्रतिज्ञा पत्र में हर वर्ग के लिए घोषणा की

विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी हो गया है। चार धाम चार काम के संकल्प पर आधारित कांग्रेस के प्रतिज्ञा पत्र को पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने लॉन्च किया। कांग्रेस के मेनिफेस्टो में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने, गैस के दाम 500 से कम करने तथा एक साल के भीतर 57 हजार सरकारी पद भरने की बातें कही गई हैं। इस अवसर पर प्रियंका गांधी ने वर्चुअली जनसभा को संबोधित भी किया।
कांग्रेस के चार धाम चार काम के संकल्पों में चार वादों को सबसे ऊपर रखा गया है। कांग्रेस का वादा है कांग्रेस सरकार में 4 लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार। गैस सिलेंडर नहीं होगा 500 रुपए के पार। 5 लाख परिवारों को सालाना मिलेंगे 40 हजार रुपए और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाएंगे हर घर हर द्वार।

कांग्रेस के प्रतिज्ञापत्र के 18 वादे
-सरकार बनने के पहले वर्ष में 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी इसके बाद चरणबद्ध तरीके से यह छूट बढ़ाई जाएगी।
-पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट को मिलेंगे 5 लाख के स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड।
-सरकारी नौकरी में लगी रोक को तत्काल हटाया जाएगा और वर्तमान में 57000 खाली पद है जिनको पहले साल में भरा जाएगा।
-राज्य में लोकायुक्त व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
-पुलिस विभाग में खाली पदों को तत्काल भरा जाएगा जिसमें 40ः महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।
-अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति में ब्लॉक कैडर व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
-प्रदेश में समुचित शिक्षा ढांचा विकसित करने के लिए शिक्षा बजट में वृद्धि की जाएगी।
-शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली राशि दोगुनी की जाएगी साथ ही प्रत्येक सहित परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
-राज्य पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पर दिया जाएगा।
-खनिज उत्खनन को एक उद्योग और व्यापार के रूप में मान्यता और सम्मान प्राप्त होगा, अवैध खनन को बंद किया जाएगा 2017 की नीति को और अधिक बेहतर बना कर हम राजस्व में वृद्धि करेंगे।
-3पी मॉडल पर काम होंगे, प्रोड्यूस प्रोसेस और पार्टनर पर आधारित होंगे, ग्राम उधमिता पार्कों के माध्यम से सूक्ष्म और लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, राज्य के 15 ब्लॉकों को संघ अंकल परियों के रूप में विकसित किया जाएगा नए फल नए बाजार की नीति को अपनाया जाएगा।
-राज्य की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी।
-चीनी मिलों का आधुनिकीकरण किया जाएगा और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की प्रक्रिया में सुधार किया जाएगा जिससे कि गन्ना भुगतान समय से किया जा सकेंगे।
-किसान आंदोलन के दौरान जिन किसानों पर राजनीतिक द्वेष के तहत मुकदमा लगाए गए हुए मुकदमे वापस होंगे।
-अगले 5 वर्षों में निर्यात को तीन गुणा तक बढ़ाने का लक्ष्य के साथ राज्य के दोनों प्रमुख हवाई अड्डों में निर्यातकों की सुविधा के लिए कार्गाे टर्मिनल विकसित किया जाएगा, सिंगल विंडो सिस्टम से उसका रिव्यू किया जाएगा तथा इससे और प्रभावी बनाया जाएगा।
-साहित्य और रंगमंच विधाओं के प्रोत्साहन के लिए उत्तराखंड साहित्य अकादमी फ़िल्म अकादमी और उत्तराखंड रंग कला अकादमी की स्थापना किया जाएगी।
-मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा सभी वृद्धजनों को पेंशन दी जाएगी।
-बद्री गाय का निरीक्षण कर दूध उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा, और गाय गंगा योजना फिर से शुरू कर आवारा पशुओं के लिए बाड़ो का निर्माण किया जाएगा।

धनाई ने युवा वर्ग का साथ का मिलने का किया दावा

ऋषिकेश विधानसभा से उजपा प्रत्याशी कनक धनाई ने आज नेपाली फार्म से जनसंपर्क की शुरुआत की। वहां से पैदल एक-एक व्यक्ति से मिलते हुए जनआशीर्वाद लिया। इस दौरान लोगों का युवा प्रत्याशी को अपार सह्ययोग व समर्थन मिला।
डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान में सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता कनक धनाई से कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलते रहे। इस अवसर पर कनक धनाई ने कहा पिछले 22 सालों में राष्ट्रीय पार्टियों ने मतदाताओ के साथ छलावा किया है। अब जनता ने मन बना लिया है कि इस बार परिवर्तन करेगे। कार्यकर्ताओ में भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्यामपुर बाजार होते हुए बाईपास शगुन प्लाजा तक जनसंपर्क किया। जिसमे रीना गुसाईं, शिवानी कलूडा, प्रीति कंडारी, स्वाति धनाई, मिठठन सिंह कंडियाल, सचिन सेमवाल, नितेश चमोली, शिव प्रसाद रतूड़ी, ईश्वर बिष्ट, विनीता राणा, आरती राणा, प्रदीप तड़ियाल, राजेश राणा, अब्बू रावत, शिवेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।

रजनी रावत ने चुनाव से पूर्व भाजपा की सदस्यता लीं

कांग्रेस सरकार में पूर्व में दर्जाधारी रही रजनी रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ली।
रजनी रावत पूर्ववर्ती हरीश रावत सरकार में महिला एवं बाल विकास विभाग की उपाध्यक्ष रही है। इतना ही नहीं रजनी रावत ने धर्मपुर से भाजपा विधायक विनोद चमोली के खिलाफ भी देहरादून नगर निगम में मेयर प्रत्याशी के रूप में निर्दलीय चुनाव लड़ा है।
पूर्व दर्जा धारी रजनी रावत को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रजनी रावत पार्टी के सिद्धांतों और विचारों से प्रभावित होकर हमारे साथ आई हैं। उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं का भी स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हे विश्वास है, पार्टी को रजनी रावत के जनाधार का चुनावों में लाभ मिलेगा। विशेषकर देहरादून जनपद में जहां वह पूर्व में भी महापौर के चुनावों में शानदार जनमत अर्जित कर चुकी है।
वहीं भाजपा में शामिल होने पर खुशी जताते हुए रजनी रावत ने कहा कि वह मोदी और धामी के राष्ट्रवादी विचारों और विकास के विज़न से प्रभावित होकर आई हैं। उनके सभी समर्थक अब पूरे प्रदेश भर में भाजपा को जिताने के लिए जी जान से जुटेंगे। इस मौके पर भाजपा नेता विश्वास डाबर, बलजीत सिंह सोनी आदि भी उपस्थित रहे।

मतदान से पहले सारी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश

विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर ऋषिकेश पर्यवेक्षक जय वीर सिंह आर्य ने सभी 180 बूथों के जोनल मजिस्ट्रेट और सहायक मजिस्ट्रेट के साथ चुनाव की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं यदि वहां के संचालक सहयोग ना करें तो उन संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मुकदमा दर्ज किया जाए।
मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक जयवीर सिंह ने कहा कि सभी बूथो पर बिजली, पानी, मतदाताओं को बैठने के लिए टीन शेड और बूथो के अंदर महिलाओं व पुरुषों के लिए दो भागों में सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी से पहले सभी बूथों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त किए जानी चाहिए। मतदान के दौरान किसी भी मतदाता को असुविधाओं का सामना ना करना पड़े।
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 2 मॉडल और 2 शक्ति केंद्र भी बनाए जाने हैं, उन बूथों को सजाने संवारने के साथ कर्मचारियों के लिए सभी खाने-पीने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाए। इसकी चिंता भी सभी अधिकारियों को कर लेनी चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारियों की एक कार्यशाला भी जल्द आयोजित कर सभी अधिकारियों से तैयारियों पर चर्चा करें, साथ ही जिन स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यदि वहां के संचालक चुनाव आयोग की टीम को सहयोग नहीं करते तो उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी बूथों का निरीक्षण कर अधिकारी तत्काल निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट करें चुनाव आयोग की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने में यदि किसी भी अधिकारी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए।
ऋषिकेश तहसीलदार अमृता शर्मा ने बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में दो मॉडल और दो शक्ति बूथ केंद्र भी बनाए गए हैं, जिसमें मतदान करने वाले मतदाताओं का अधिकारियों द्वारा तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा और शक्ति बूथ पर सभी महिला अधिकारी तैनात रहेंगी।

केन्द्रीय बजट में मोदी ने रखा उत्तराखंड का ध्यान

केंद्रीय बजट में चुनावी माहौल में पहाड़ को लुभाने की कोशिश की गई है। पर्वत माला प्रोजेक्ट के तहत जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोप वे की राह आसान हो गई है, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कों के सुरक्षित विकल्प तलाशने से राज्य में नई टनलों को भी मंजूरी मिलने की आस जग गई है।
विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते केंद्र सरकार उत्तराखंड के लिए कोई नई घोषणा का ऐलान नहीं कर सकती थी, लेकिन केंद्रीय बजट में पर्वतीय राज्यों को भी खुश करने की हर कोशिश की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के दौरे पर पिछले दिनों सोन प्रयाग से केदारनाथ और गोविंदघाट से घांघरिया (हेमकुंड साहिब) तक रोप वे बनाने का ऐलान किया था।
केंद्र ने पर्वतीय राज्यों में कनेक्विटी के लिए पर्वत माला प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। इससे निश्चित तौर पर उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में नई रोपवे बनने के भी रास्ते खुलेंगे। इससे जहां उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
केंद्रीय वित्त मंत्री सीता रमण ने पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कों के सुरक्षित विकल्प तलाशने पर भी जोर दिया है। इससे पहाड़ों ने नई टनलों के मंजूरी की उम्मीदें बढ़ेंगी। विदित है कि ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल लाइन के लिए 17 टनलें पहले से बननी प्रस्तावित हैं। इनमें कुछ बनकर भी तैयार हो चुकी हैं।
बजट में 25 हजार किमी के नए हाईवे बनाने का भी ऐलान हुआ है। सामरिक महत्व के लिहाज से इनमें से कुछ-कुछ न उत्तराखंड के हाथ लगने की उम्मीदें हैं। राज्य के 12 से ज्यादा नए हाईवे के प्रस्ताव पहले से केंद्र को भेजे जा चुके हैं। इसके साथ की केंद्र ने तीन साल के भीतर 400 वंदे मातरम रेल सेवा भी शुरू करने जा रही हैं। इनमें से भी तीन-चार वंदे मातरम सेवा उत्तराखंड लिए भी शुरू की जा सकती हैं।
बजट में सीमांत क्षेत्रों के गांवों में पर्यटन सुविधा को बढ़ावा देने पर फोकस किया है। इससे उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों के सीमांत गांवों में विकास के नए रास्ते खुलने की उम्मीद बढ़ गई है। राज्य में एक हजार से ज्यादा गांव बाइव्रेट विलेज इस योजना के दायरे में आ सकते हैं। चीन सीमा से लगे होने की वजह से ये तीनों जिले सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। इन गांवों में पलायन रोकने के लिए जरूरी सुविधाएं मुहैय्या कराने के लिए बजट में प्रावधान किया गया है।

सजवाण के नाम वापस लेते ही ऋषिकेश विधानसभा के समीकरण बदले

कांग्रेस के बागी प्रत्याशी शूरवीर सिंह सजवाण को मनाने में संगठन कामयाब रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश से वार्ता के बाद सजवाण ने नामांकन वापस ले लिया है। उन्हें प्रदेश संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाएगा। उधर, डोईवाला सीट पर भाजपा के दो बागी प्रत्याशियों समेत आठ लोगों ने नामांकन वापस ले लिया है।
सोमवार को कांग्रेस संगठन रूठे पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण को मनाने में सफल रहा। दोपहर करीब पौने तीन बजे उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश के साथ मंत्रणा के बाद उन्होंने नामांकन वापस लिया। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि सजवाण को प्रदेश संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जायेगा। जबकि सरकार बनने पर उन्हें दायित्व भी दिया जायेगा। उधर, डोईवाला सीट पर भाजपा के बागी प्रत्याशी सौरभ थपलियाल, सुभाष भट्ट दोनों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। जबकि भाजपा से बागी जितेन्द्र नेगी चुनाव मैदान में है।

मोहन प्रकाश ने सजवाण को कांग्रेस का समर्पित नेता बताया
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश ने कहा कि पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण कांग्रेस के समर्पित नेता रहे हैं। सजवाण ने राज्य के एक-एक राजनीतिक कार्यकर्ता के लिये मिसाल पेश की है। उन्होंने युवा चेहरे को मौका दिया है। कहा कि यह विधानसभा के एक प्रत्याशी की लड़ाई नहीं है, बल्कि राज्य के विकास की लड़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया। शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि उन्होंने हाईकमान के आदेश का पालन किया है। कहा कि भाजपा के कुशासन को खत्म करने के लिये चुनाव में जुटेंगे। कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला को विजयी बनाकर विधानसभा में भेजेंगे। इससे पहले श्यामपुर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में लंबे समय तक चली बैठक में चुनाव पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश ने हाईकमान से मिले पत्र को कार्यकर्ताओं के सामने पढ़कर सुनाया। हाईकमान से मिले पत्र में शूरवीर सिंह सजवाण को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व देने का फैसला लिया गया है। उन्हें चुनाव कार्यसमिति में सदस्य भी बनाया गया है। इतना ही नहीं सजवाण को सरकार आने पर सम्मान से नवाजे जाने की भी बात पर्यवेक्षक ने की है।

धनाई ने प्रचार अभियान किया तेज

उजपा नेता और ऋषिकेश विधानसभा से प्रत्याशी कनक धनाई ने आज हरिपुरकलां और रायवाला में जनसम्पर्क कर वोट मांगा। वहीं, रुसा फार्म और आवास विकास में जनसभा की।
इस दौरान कनक धनाई ने मौजूदा व्यवस्था पर कई सवाल पूछे और ऋषिकेश विधानसभा की समस्याओं की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मौजूदा विधायक को सबसे नकारा विधायक बताया। कनक धनाई ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में लगातार 15 वर्षो से एक ही विधायक चुन कर गया हो तब भी विधानसभा में मूलभूत समस्याओं का अंबार लगा हो तो हमें समझना चाहिए कि हमारा जनप्रतिनिधि कैसा है।
युवाओं के प्रति उनके एजेंडे और विकास के प्रति अपनी सोच को कनक धनाई ने सबके सामने रखा। कहा कि आज युवा परिवर्तन मांग रहा है। ऐसे में आपका एक वोट इस अव्यवस्था पर भारी चोट कर सकता है।