कांग्रेस ने पत्रकारों के मुद्दों को घोषणा पत्र में शामिल किया

उत्तराखंड आंदोलन में भले ही पत्रकारों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया हो और इस आंदोलन को जन आंदोलन में बदला हो लेकिन राज्य बने 20 साल हो गए पत्रकारों के हितों के लिए सरकारें बहुत ज्यादा काम करती दिखाई नहीं दी है। कोई भी राजनीतिक दलों के घोषणा पत्रों में भी आज तक पत्रकारों को शायद ही जगह मिली हो।
लेकिन इस बार कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में पत्रकारों के लिए अलग से कई घोषणाएं की हैं जिन्हें सरकार में आने के बाद पूरा करने का वादा करने की बात कही गई है। कांग्रेस के घोषणा पत्र के अनुसार कांग्रेस सत्ता में आई तो कांग्रेस पार्टी वायदा करती है. भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण उपकर अधिनियम, 1996 की तर्ज पर पत्रकार कल्याण बोर्ड का गठन करेगी। इस बोर्ड का पैसा पत्रकारों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए किया जायेगा।
न्यूज पोर्टलों को समाचार पत्रों एवं टीवी चैनलों के समकक्ष मान्यता प्रदान करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जांएगे। पत्रकारों के स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा के लिए 50 प्रतिशत अंशदान राज्य सरकार देगी। छोटी पत्रिकाओं, छोटे मझोले अखबारों तथा ग्रामीण पत्रकारों के हितार्थ नयी नीति बनाई जायेगी। जिला स्तर पर पत्रकार ग्रुप हाउसिंग सोसाईटीज का गठन करने की प्रक्रिया में पत्रकार कल्याण बोर्ड के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाये जायेंगे। एक्रीडेशन की नीति को और उदार बनाया जायेगा तथा छोटे मझाले अखबार और पत्र पत्रिकाओं से जुड़े पत्रकारों को भी इसमें शामिल किया जायेगा।
साफ है कांग्रेस ने छोटे पत्र-पत्रिकाओं और पोर्टल से जुड़े पत्रकारों को भी अपने घोषणापत्र के केंद्र में रखा है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बताया कि इस बार कांग्रेस ने तमाम पत्रकारों की जरूरतों को देखते हुए घोषणापत्र में उन्हें समुचित जगह दी है। उनके अनुसार हमारी कोशिश रहेगी सरकार बनने के बाद अपनी इन तमाम घोषणाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाये।

बेरोजगार मतदाता किस पर करेगा भरोसा

प्रदेश में 8 लाख 42 हजार बेरोजगार पंजीकृत हैं। जबकि पूरे राज्य में कुल 82 लाख वोटर हैं। इनमें से करीब 25 फीसदी मतदाता बुजुर्ग हैं। यदि इन वोटरों को हटा दिया जाए तो राज्य में बेरोजगार वोटरों का आंकड़ा इससे भी ऊपर निकल जाता है। सेंटर फॉर मॉनीटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) की रिपोर्ट भी राज्य में बेरोजगारी और रोजगार के कम मौके होने की तस्दीक कर रही है। प्रदेश में नौ फीसदी नौकरी योग्य ग्रेजुएट युवा बेरोजगार घूम रहे हैं।
शहरी इलाकों में 4.3 फीसदी जबकि ग्रामीण इलाकों में 4.0 फीसदी बेरोगारी की दर है। उत्तराखंड में रोजगार एवं श्रम भागीदारी दर देश में सबसे कम है। सीएमआईई के अनुसार दिसंबर तक उत्तराखंड में रोजगार दर 30.43 फीसदी थी। यह राष्ट्रीय औसत 37.42 फीसदी से काफी कम है और देश में सबसे नीचे है।
इसके बाद गोवा 31.99, उत्तर प्रदेश 32.79 एवं पंजाब 36.86 का स्थान आता है। पर सरकार और मंत्री बेरोजगारी के लिए केवल कोरोना का कारण बताते रहे हैं। हालांकि कोरोना से पहले भी रोजगार की तलाश में पलायन सतत चलता रहा। इस कारण उत्तराखंड के सैकड़ों गांव वीरान हो चुके हैं।
हर बार किए जाते हैं वादेरू केंद्र और राज्य के हर चुनाव में मतदाताओं से रोजगार बढ़ाने के वादे किए जाते हैं। लेकिन चुनाव बीत जाने के बाद यह वादे कोरी घोषणाएं साबित होती हैं। इस बार भी बड़े-बड़े राजनीतिक दल और प्रत्याशी युवाओं को लुभाने के लिए नई-नई योजनाएं लाने का वादा कर रहे हैं। कोई नई नौकरियां लाने की बात कह रहा है तो कोई स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का वादा कर रहा है। देखना है कि चुनाव संपन्न होने के बाद युवाओं से किए जा रहे वायदों पर कितना काम होता है।
प्रदेश में 25 से 45 साल के लोगों में बेरोजगारी की दर सबसे अधिक है। इसमें युवा पुरुष व महिलाएं दोनों ही शामिल हैं। जबकि यही वर्ग प्रदेश का सबसे बड़ा मतदाता भी है। साफ है सरकार और राजनीतिक दलों का फोकस मुख्य समस्या पर नहीं है। प्रदेश में महिलाओं की बेरोजगारी दर 7.6 फीसदी है। कुमाऊं विवि में समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. डीएस बिष्ट के अनुसार युवाओं को योग्यता अनुसार काम न मिले तो उसका सीधा असर समाज पर पड़ता है। रोजगार के नए मौके तलाशने के लिए सरकार को ज्यादा ठोस कदम उठाने होंगे।

ऋषिकेश में भाजपा को झटका, कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली

पूर्व सभासदों समेत कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। कई भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हैं। इस दौरान कांग्रेस का दामन थामने वालों का फूल माला से स्वागत किया गया।
गुरुवार को देर शाम रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला और पार्टी के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष शूरवीर सिंह सजवाण के समर्थन में कांग्रेस में आए हैं। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी रमोला ने आरोप लगाया कि विधायक ने ऋषिकेश में बढ़ रही जनसमस्याओं के हल के लिए कुछ नहीं किया। मौके पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शूरवीर सिंह सजवाण ने भी विचार रखे। सदस्यता ग्रहण करने वालों में सरदार गुरविंदर सिंह गुर्री, सरदार अजीत सिंह गोल्डी, चेतन चौहान, गौरव कौशिक, पूर्व सभासद रजनीश सेठी, पूर्व सभासद बृजपाल राणा, पूर्व सभासद रामकुमार सिंगर, पुष्पा पुंडीर, भाजपा नेता नरेंद्र पंवार, पूर्व अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा राकेश मेहरा आदि शामिल रहे।

राष्ट्रीय संगठन मंत्री कल ऋषिकेश में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे

भारतीय जनता पार्टी ऋषिकेश विधानसभा की चुनाव संचालन समिति एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ मुखर्जी रोड स्थित चुनाव कार्यालय पर चर्चा वार्ता की गई जिसमें में चुनाव की दृष्टि से विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया।
इस अवसर पर ऋषिकेश विधानसभा के प्रभारी दिगंबर नेगी ने कहा है कि यह धर्म युद्ध है। हम विकास व राष्ट्र के लिए कार्य करते हैं और इसी आधार पर आज आम जनमानस हमारे साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को विभिन्न कार्यों को संचालित करने के लिए दायित्व किए गए हैं। सभी कार्यकर्ता अपनी पूर्ण निष्ठा व लगन से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन व संस्कार के आधार पर प्रत्येक कार्यकर्ता कार्य करता है और इसका सीधा लाभ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को मिलेगा।
इस अवसर पर चरणजीत सिंह ढीगरा, विधानसभा के प्रभारी दिगंबर नेगी, महापौर अनिता मंमगाई, पूनम चौधरी, कृष्ण कुमार सिंघल, देवेंद्र सकलानी, देवेंद्र नेगी, सुरेंद्र मोघा, कपिल गुप्ता, गोपाल दत्त सती, रविंद्र राणा सरोज डिमरी, रोहित राष्ट्रवादी आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

पुलिस ने नाबालिक लड़की को सकुशल बरामद कर युवक को किया गिरफ्तार

रायवाला पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। जिसे पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 16 साल की बेटी को एक युवक बहला पुतला कर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को हरिपुर कला स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया।
थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि आरोपी की पहचान विहान पुत्र निसार निवासी ग्राम सोलपुर थाना कलियर हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।

राजपाल खरोला को कांग्रेस संगठन ने मना ही लिया, मिली नई जिम्मेदारी

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और पूर्व में ऋषिकेश विधानसभा से विधायक प्रत्याशी रहे राजपाल खरोला को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन नियुक्त किया गया है। साथ ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी देवेंद्र यादव द्वारा राजपाल खरोला को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति का अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी नियुक्ति दी गई है। यह पद कुछ दिनों पूर्व तक पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के पास था, कुछ समय पूर्व जब प्रदेश प्रभारी द्वारा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय से सभी पद वापस ले लिए गए थे उस वक्त से यह पद खाली रह गया था क्योंकि यह पद उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति के अध्यक्ष का है।
यह इसलिए भी अत्यधिक महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि इस समिति में सदस्य के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदीप टम्टा, काजी निजामुद्दीन, करण मेहरा, प्रकाश जोशी, नव प्रभात, आयेंद्र शर्मा, विजय सारस्वत, धीरेंद्र प्रताप, राजीव महर्षि जैसे नेता इस कमेटी के सदस्य हैं। साथ ही इस कमेटी के स्थाई सदस्यों में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी हैं।
पूर्व में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रहे राजपाल खरोला का पूर्व में उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनका राजनीतिक अनुभव बहुत लंबा है। एनएसयूआई से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले राजपाल खारोला पूर्व में छात्र संघ के अध्यक्ष रहे। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष रहे। विभिन्न प्रदेशो के विधानसभा चुनाव में विगत कई वर्षाे से वे अपनी राजनितिक अनुभवो का लाभ कांग्रेस पार्टी को देते आये है। वही लगातार तीन बार से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव के पद पर कार्य कर रहे थे।
कुछ दिन पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी उनका नाम आया था किंतु कुछ राजनीतिक घटनाक्रम के चलते उनका नाम वहां से हटना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा और फिर इस बात की भी चर्चा रही की कांग्रेस हाईकमान द्वारा उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहां गया और टिकट बंटवारे के समय उनका टिकट कटना क्षेत्र की जनता व कांग्रेस के लोगों में भारी चर्चा का विषय बना रहा।
उनका ऋषिकेश विधानसभा में सक्रिय न रहना भी कांग्रेस हाईकमान के लिए व कांग्रेस प्रत्याशी के लिए चिंता का विषय बना हुआ था जिस पर कांग्रेस हाईकमान लगातार विचार मंथन कर रहा था और अब राजपाल खारोला को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति का अध्यक्ष/चेयरमैन जैसा महत्वपूर्ण पद दिया जाना यह दर्शाता है कि निश्चित ही पार्टी हाईकमान में उनकी पकड़ पहले से अधिक मजबूत हुई है और कांग्रेस हाईकमान द्वारा भी उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है क्योंकि राजपाल खरोला उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रथम अध्यक्ष रहे हैं। विश्वस्त सूत्रों के द्वारा जानकारी प्राप्त हुई है कि कांग्रेस हाईकमान द्वारा उनके राजनीतिक भविष्य के लिए भी आश्वस्त किया गया है।

कनक धनाई राष्ट्रीय पार्टियों को दिखा रहे आईना

ऋषिकेश विधानसभा में उजपा के विधायक प्रत्याशी कनक धनाई ने भारी बारिश में भी अपने जन-जन तक पहुंचने के कार्यक्रम को जारी रखा। कनक ने अपने युवा जोश और युवा सोच के साथ लगातार जनता के बीच अपने विचारों को रखा। वहीं, आज स्नान के लिए विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची देवडोलियों का कनक धनाई ने स्वागत भी किया। इस दौरान उन्होंने कलश यात्रा में भी सहभागिता की। इस दौरान देव डोलियां पर पुष्प वर्षा कर सबकी समृद्धि की कामना की।
उसके बाद गुमानीवाला में एक जनसभा को संबोधित कर जन आशीर्वाद मांगा। कनक धनाई ने कहा कि इस बार ऋषिकेश की जनता ने परिवर्तन का संकल्प ले लिया है। जनता 14 फरवरी को सिलेंडर का बटन दबा कर परिवर्तन पर मुहर लगायेगी। इस दौरान जतिन, अभिषेक, संतोष, शुभम प्रजापति, शिल्पी जदली, किरण, राहुल चमोली, मनीष, वीरेंद्र आदि समर्थक मौजूद रहे।

कांग्रेस नेता के वीडियों वायरल होने पर कांग्रेस पर हमलावर हुई भाजपा

उत्तराखंड की राजनीति फिर से हिंदू मुस्लिम की धुरी पर घूमती दिख रही है। सोशल मीडिया पर इन दिनों कांग्रेस नेता अकील अहमद का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमे वो कह रहे हैं कि मेरी हरीश रावत व पार्टी हाईकमान से बात हो गई है। उन्होंने सरकार बनने पर सहसपुर में मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने का भरोसा दिया है। बीजेपी ने इस मुद्दे को हाथोंहाथ लपका है और कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति के आरोप लगाए हैं। बीजेपी वोटरों से कह रही है, आप तय कीजिए उत्तराखंड के लिए कौन सही है, देवप्रयाग में संस्कृति यूनिवर्सिटी बनाने वाले, या मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने वाले।
दरअसल कांग्रेस नेता अकील अहमद सहसुपर से टिकट चाहते थे। लेकिन जब टिकट नहीं मिला तो उन्होंने बागी रुख अपना लिया। कांग्रेस ने उन्हें समझाया, मनाया और एडजस्ट करते हुए पार्टी में उपाध्यक्ष का पद दे दिया। लेकिन इस बीच जब अकील मीडिया के सामने अपनी बात रखी तो उन्होंने कहा कि हरीश रावत ने उनसे वादा किया है कि उत्तराखंड में मुस्लिम यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी। अकील अहमद कह रहे हैं कि उनकी हरीश रावत से समझौता इसी बात पर हुआ है कि मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनेगी। जिसमें मुस्लिम बच्चे पढ़ सकें और शिक्षित हो सकें। आगे अकील अहमद कह रहे हैं कि हरीश रावत ने उनसे कहा है कि अगर वो मुख्यमंत्री बनते हैं, तो सारे काम होंगे।
अकील के इस बयान को बीजेपी ने सोशल मीडिया पर उठाकर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है। बीजेपी की सोशल मीडिया टीम से जुड़े लोग इस वीडियो के जरिए उत्तराखंड की जनता को आगाह कर रहे हैं कि अगर कांग्रेस को वोट दिया तो मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनेगी। लिहाजा बीजेपी को वोट दें तो संस्कृत यूनिवर्सिटी बना रही है। बीजेपी कांग्रेस पर तुष्टीकरण का आरोप लगा रही है।

शूटिंग करने मसूरी पहुंचे अक्षय कुमार, प्रशंसक उमड़े

बॉलीव़ुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आने वाले फिल्म की शूटिंग के लिए पहाड़ों की रानी मसूरी पहुंचे। मंगलवार को उन्होंने मसूरी के बारलोगंज शूटिंग की। शहर में अक्षय कुमार के पहुंचने की खबर सुनते ही उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फिल्म यूनिट के सुरक्षा कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं शूटिंग स्थल से मीडिया कर्मियों को भी दूर रखा गया। बड़ी संख्या में बारलोगंज पहुंचे अक्षय कुमार के फैंस अपने चहेते अभिनेता से नहीं मिल पाए, जिससे उनके फैंस निराश हो गए। मसूरी के बारलोगंज के मुख्य बाजार और सेंट जार्ज कॉलेज के अंदर फिल्म के कई दृश्य फिल्माए गए। फिल्म में लीड रोल में अक्षय कुमार और अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह हैं। मसूरी में फिल्म की शूटिंग चार दिन तक चलेगी। सेंट जार्ज कॉलेज में शूटिंग की सूचना मिलते ही कॉलेज के गेट के बाहर बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए पहुंच गए। लेकिन भारी सुरक्षा के कारण प्रशंसक अपने अभिनेता के नजदीक नहीं पहुंच पाए।
प्राइवेट सुरक्षा गार्ड और बाउंसरों ने लोगों के मोबाइल से भी फोटो नहीं खींचने दी। कई बार फोटो खिंचने पर बाउंसरों की लोगों के साथ तीखी नोक-झोंक भी हुई।

उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहा मौत का आंकड़ा, आज 10 की मौत

उत्तराखंड में बुधवार को कोरोना के 2081 नए मरीज मिले और 10 की मौत हो गई। इसके साथ ही कुल मरीजों की संख्या 80 हजार को पार करते हुए 80 हजार 222 हो गई है। जबकि मरने वालों का आंकड़ा 156 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार बुधवार को अल्मोड़ा में 209, बागेश्वर में 106, चमोली में 106, चम्पावत में 26, देहरादून में 761, हरिद्वार में 206, नैनीताल में 150, पौड़ी में 88, पिथौरागढ़ में 89, रुद्रप्रयाग में 142, टिहरी में 65, यूएस नगर में 119 और उत्तरकाशी जिले में 14 नए मरीज मिले हैं।
बुधवार को देहरादून में छह, हरिद्वार में दो, नैनीताल में एक और उत्तरकाशी जिले में भी एक संक्रमित की मौत हो गई। राज्य में 3295 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ्य हुए जिसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 25 हजार 560 हो गई है। बुधवार को 27 हजार के करीब सैंपलों की रिपोर्ट आई और 27 हजार के करीब सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण की दर 7.56 जबकि मरीजों के ठीक होने की दर 64 प्रतिशत हो गई है।

10 पर्यटकों सहित 48 पॉजीटिव मिले
तीर्थनगरी ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में 10 पर्यटकों समेत 48 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सरकारी अस्पताल में ऋषिकेश के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एसएस यादव ने बताया कि बुधवार को 195 लोगों ने आरटीपीसीआर कराया था। इसमें 28 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। रैपिड एंटीजन टेस्ट 15 लोगों का हुआ था, इसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव रही।
यमकेश्वर ब्लॉक के कोविड नोडल अधिकारी डा. राजीव कुमार ने बताया कि बुधवार को 10 पर्यटकों समेत 19 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इनमें 9 स्थानीय लोग है। उधर, मुनिकीरेती में नोडल अधिकारी डा. जगदीश जोशी ने बताया कि बुधवार को 100 से अधिक लोगों ने जांच कराई, इसमें एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया है।