बड़ी रैली के बिना ही सम्पन्न होंगे उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए चुनाव आयोग ने नई गाइडलाइन जारी की है। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनावों में एक हजार लोगों की अधिकतम क्षमता वाली रैलियों को इजाजत दे दी है। इससे राज्य के राजनैतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों को प्रचार के लिए कुछ हद तक राहत मिल गई है। हालांकि बड़ी रैलियों पर 11 फरवरी तक रोक जारी रहेगी।
चुनाव आयोग की ओर से चुनावी रैलियों के संदर्भ में सोमवार को नए सिरे से गाइडलाइन जारी की गई। जिसमें एक हजार लोगों तक की रैली की इजाजत के साथ ही इनडोर आयोजनों में 500 लोगों की अधिकतम भीड़ एकत्र करने और डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए बीस लोगों को शामिल करने की छूट दी गई है। दरअसल उत्तराखंड सहित पांच राज्यों में चुनाव तारीखों के एलान के साथ ही चुनाव आयोग ने रैलियों पर रोक लगा दी थी।
कुछ दिन पूर्व जारी गाइडाइन में प्रचार के लिए छोटी रैलियों की इजाजत दी गई थी लेकिन उसमें अधिकतम पांच सौ लोगों के ही एकत्र होने की छूट थी। रैलियों में पांच सौ तक लोगों को एकत्र करने की छूट का लाभ राज्य में एक फरवरी से मिलना था। लेकिन अब इसमें बदलाव करते हुए चुनाव आयोग ने एक फरवरी से रैलियों में एक हजार तक लोगों को एकत्र करने की छूट दे दी है।
राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए सोमवार को नामांकन वापसी का दिन तय था और अब प्रत्याशियों पर स्थिति साफ हो गई है। इसके बाद अब मंगलवार से प्रचार अभियान तेज होना है। ऐसे में चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन से राजनैतिक दलों और निदर्लीय प्रत्याशियों को राहत मिल गई है। राज्य में भाजपा, कांग्रेस के साथ ही सभी दलों की ओर से अब प्रचार अभियान को तेज किया जाना है। सोमवार को जारी गाइडलाइन के अनुसार मंगलवार से डोर टु डोर कैंपेन में अब 10 की जगह 20 लोगों को शामिल किया जा सकेगा। जबकि इनडोर बैठक में 300 की जगह 500 लोग शामिल हो सकते हैं।

धाकड़ धामी युवाओं को कर रहे प्रेरित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को चुनावी आपाधापी के बीच कुमायूं दौरे से लौटते हुए देहरादून में बच्चों के साथ हल्के फुल्के अंदाज में फूटबाल खेलते नज़र आए। इस दौरान उन्होने खिलाड़ियों से उनके हाल चाल पूछा और उनका हौसला बढ़ाया। इस बीच फुटबॉल खेल रहे खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
रविवार को मुख्यमंत्री कपकोट, द्वाराहाट और जागेश्वर विधानसभा विधानसभा क्षेत्र के दौरे से शाम को देहरादून वापिस लौटे। इस बीच जीटीएस हेलिपेड़ के पास महिंद्रा ग्राउंड में बच्चो को फूटबाल खेलता देखकर उन्होंने अपनी फ्लीट रुकवा दी। उन्होंने खेल मैदान में मौजूद युवाओं और बच्चों से मिलकर उनका हाल चाल जाना। उन्होने पीएम मोदी के खेलों इंडिया मुहिम की जानकारी देते उनका हौसला भी बढ़ाया। खेल मैदान में फुटबॉल खेल रहे खिलाड़ी व बच्चे सीएम को अपने बीच पाकर बहुत खुश हुए और उनके साथ जमकर सेल्फी ली। वहां मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के इस अंदाज़ की जमकर तारीफ भी की।

उत्तराखंड में सत्ता की चाबी आप के हाथों में-गौतम

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि आप आदमी पार्टी उत्तराखंड में सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है, लेकिन सरकार बनाने की चाबी उनके हाथ में रहेगी। आप पार्टी उत्तराखंड में दिल्ली के मॉडल को जनता के बीच स्थापित करेगी।
रविवार को हरिद्वार रोड स्थित पार्टी कार्यालय में दिल्ली सरकार के कबीना मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड में दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि प्रदेश के बेरोजगार नवयुवक लगातार पलायन कर रहे है, जिन्हें रोकने का कार्य आम आदमी पार्टी करेगी। इसके साथ ही महिलाओं को 1000 रुपये दिए जाएंगे इसका वायदा आप पार्टी ने किया है। शिक्षा के क्षेत्र में दिल्ली का मॉडल उत्तराखंड में भी स्थापित किया जाएगा। उत्तराखंड में आप ने लोगों से हर घर रोजगार, मुफ्त बिजली, उत्तम शिक्षा और स्वास्थ्य दिए जाने का वादा किया है। उत्तराखंड में आप पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, और बहुत बड़ी संख्या में हमारे विधायक जीतकर आएंगे। पत्रकार वार्ता में आप के घोषित प्रत्याशी राजे नेगी भी उपस्थित थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने लोगों से ऋषिकेश के आप प्रत्याशी राजे नेगी के पक्ष में वोट देने की अपील की। उधर, आप प्रत्याशी राजे नेगी ने अपने समर्थकों संग घाट रोड, मुखर्जी मार्ग, रेलवे रोड, हरिद्वार मार्ग सहित अन्य जगहों पर व्यापारियों व आम लोगों से जनसंपर्क कर वोट मांगे।

ऋषिकेश में भाजपा ने अपना कुनबा बढ़ाया, मदन कौशिक ने दिलाई सदस्यता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य भाजपा के हाथों में सुरक्षित है। भाजपा का 60 पार का नारा पूरा होगा। इस दौरान उन्होंने ऋषिकेश में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष रामकृपाल गौतम और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलवाई। रविवार को आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में भाजपा ने कार्यक्रम आयोजित किया।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष रामकृपाल गौतम और उनके समर्थकों को भाजपा की सदस्यता दी। कहा कि उत्तराखंड राज्य भाजपा के हाथों में सुरक्षित है और इसके संवारने का कार्य भी भाजपा ही कर रही है। भाजपा ने जो 60 पार का नारा दिया है, वह पूरा होगा। भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर वह चुनाव जीत रहे हैं। इसके साथ ही जनता उनके विकास कार्यों को देख वोट करेगी।
रामकृपाल गौतम ने कहा कि पीएम मोदी व भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों से आकर्षित होकर उन्होंने 100 से अधिक समर्थकों संग भाजपा ज्वाइन की है। सदस्यता लेने वालों में देवेंद्र शर्मा राजू, पार्षद रूपा देवी, आप के युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष विजेंद्र कुमार, दीनदयाल राजभर, किशन मंडल आदि शामिल रहे। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, मेयर अनिता ममगाईं, ऋषिकेश विधानसभा की सह प्रभारी पूनम चौधरी, संदीप गुप्ता, संजय शास्त्री, ब्लॉक आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस ने एकजुटता का परिचय देते हुए प्रचार अभियान को किया तेज

कांग्रेस ने ऋषिकेश नगर में चुनाव कार्यालय खोल प्रचार प्रसार की गति तेज कर दी है। कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कांग्रेसियों को एकजुट होकर लोगों को पक्ष में करने का आह्वान किया। कांग्रेस प्रत्याायी जयेन्द्र रमोला ने कहा कि भाजपा के झूठे वायदों से परेशान जनता इस बार बदलाव चाहती है।
रविवार को रेलवे मार्ग पर कांग्रेस चुनाव कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ कांग्रेसी हर्षवर्धन शर्मा ने किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान किया। कांग्रेस प्रत्याशी जयेन्द्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस के लिए इस बार बहुत अच्छा मौका है। स्थानीय विधायक के प्रति क्षेत्र में काफी रोष है, जिसका फायदा कांग्रेस को जरूर मिलेगा। 15 सालों से भाजपा विधायक ने क्षेत्र की जनता को विकास के नाम पर ठगने का कार्य किया है।
महानगर अध्यक्ष विनय सारस्वत ने कहा कि कार्यालय खुलने से विचारों का आदान-प्रदान एक ही स्थल पर हो सकेगा। शिकवा शिकायत सुनकर उसका निराकरण भी किया जा सकेगा, ताकि संगठन में आपसी मनमुटाव के लिए कोई स्थान नहीं होगा। ऋषिकेश को अपना गढ़ समझने वाली भाजपा ने विकास के नाम पर इस क्षेत्र की जनता को पूरी तरह से ठगा है, इसे सभी अच्छी तरीके से समझ चुके हैं।
कार्यालय उद्घाटन में राजपाल खरोला, सुधीर राय, डॉ. केएस राणा, दीप शर्मा, विजय पाल रावत, मदन मोहन शर्मा, विवेक तिवारी, पार्षद शंकुतला शर्मा, राधा रमोला, विजय लक्ष्मी शर्मा, सरोज देवरानी, मधु जोशी, उमा ओबरॉय, विमला रावत, वीरेंद्र सजवाण, शैलेन्द्र बिष्ट, सूरज गुलाटी, राजीव मोहन अग्रवाल, लल्लन राजभर, परमेश्वर राजभर, शैलेन्द्र राजभर आदि मौजूद रहे।

कौशिक का दावा, कांग्रेस को फिर से नकारेगी उत्तराखंड की जनता

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक ने प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाया कि अटल बिहारी बाजपेई के बनाए उत्तराखंड को संवारने और विकसित करने का कार्य पीएम नरेंद्र मोदी के नेत्रत्व में भाजपा सरकार ने ही किया है और आगे भी भाजपा ही करेगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेशाध्यक्ष ने दावा किया कि जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के दलदल में आकंठ डूबी कांग्रेस को एक मर्तबा फिर देवभूमि की महान जनता चुनाव में नकारने वाली है। उन्होने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हर गरीब का घर और उस घर में बिजली, पानी, गैस और शौचालय देने की प्रतिबद्धता के साथ हम 2025 तक देश में उत्तराखंड का दशक लेकर आने वाले हैं।
देहरादून में हरिद्वार रोड स्थित पार्टी मीडिया सेंटर में कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों पर निशाना लगाते हुए उन्होने कहा कि अलग राज्य की मांग करने वाले आंदोलनकारियों पर कॉंग्रेस के संरक्षण में तत्कालीन सरकार के अत्याचारों को प्रदेश की जनता भूली नहीं है। इन तमाम नेताओं के मुंह से उत्तराखंडियत के दावे शोभा नहीं देते हैं। आज कोई भी कांग्रेस द्धारा किए जा रहे विकास के वादों पर भरोसा नहीं करता है क्यूंकि अनेकों बार साबित हुआ है कि कॉंग्रेस विकास नहीं, केवल और केवल घोटाले दे सकती है। इनके राज्य के सबसे बड़े चेहरे और सीएम बनने की हड़बड़ी में रहने वाले हरीश रावत के घपलों-घोटालों और स्टिंग ऑपरेशन की सरकार को सभी ने देखा है। वहीं हमारी सरकार पर विपक्ष भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप आज तक नहीं लगा पाया। अब तक सभी कांग्रेस सरकारें एक फेल सरकार के रूप में जानी जाती है जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार डबल इंजन की सरकार के नाम और काम से जानी जाती है। प्रदेश में संचालित डेढ़ लाख करोड़ की विकास योजनाएँ इसका प्रमाण हैं।
इस अवसर पर उन्होने कहा कि हमेशा सेना और सैनिकों का अपमान करने वाली कॉंग्रेस आज सैनिक प्रेम का ढकोसला कर रही है। लेकिन इनकी ही सरकारों में रक्षा बजट सिकुड़ कर 2013-14 में मात्र दो लाख करोड़ रुपये का रह गया था जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में 2021-22 में यह बढ़ कर लगभग 4.78 लाख करोड़ रुपये तक हो गया है। 1972 से जवानों की अहम वन रेंक वन पेंशन की मांग को लटकाया भटकाया जा रहा था लेकिन मोदी ने सत्ता में आते ही एक झटके में इस मांग को पूरा कर 20 लाख से अधिक सेवानिवृत सैनिक इसका लाभ ले रहे हैं।
मदन कौशिक ने कहा कि हमने तो अनेकों बार अपने पांच साल के कार्यकाल का हिसाब उत्तराखंड की जनता के सामने रखा है। लेकिन हरीश रावत आप कांग्रेस कार्यकाल का हिसाब लेकर जनता के सामने क्यूँ नहीं आते हैं। कांग्रेस की सरकार में वार्षिक स्वास्थ्य बजट जहाँ केवल 837 करोड़ रुपये था, वहीं हमारी सरकार में यह 3,000 करोड़ रुपये किया गया। बेहतर स्वस्थ्य व्यवस्थता का ही परिणाम है कि राज्य में में शिशु मृत्यु दर 1000 में 38 से घट कर 31 हुई है। डबल इंजन की हमारी सरकार में पांच नए मेडिकल कॉलेज बनाये गए हैं और 6 जिलों में डायलिसिस सेंटर बनाये गए है। कोरोना काल में अनाथ बच्चों के लिए उत्तराखंड की डबल इंजन की सरकार ने वात्सल्य योजना की शुरुआत की। प्रदेश में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण हमारी प्रदेश की जनता के सेहत को लेकर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हमारी सरकार में माताओं और बहनों पीड़ा को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के 4.25 लाख घरों में फ्री गैस कनेक्शन उज्जवला योजना के तहत दिये गए। कोरोना काल खंड में कोई भूखा न सोये इसलिए राज्य के लगभग 15 लाख परिवारों को मुफ्त राशन मुहैया कराया जा रहा है। आबादी घनत्व के हिसाब से जन औषधि के सबसे अधिक केंद्र उत्तराखंड में खोले गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत अब तक उत्तराखंड में लगभग 51ः परिवारों में नल से शुद्ध पौने का जल पहुंचाया जा रहा है। लगभग 9 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि योजना से फायदा मिल रहा है। वहीं प्रदेश की आधी आबादी, महिलाओं को संपत्ति में पूरा अधिकार सुनिश्चित किया गया है।

भाजपा प्रत्याशी अग्रवाल ने डोर टू डोर प्रचार अभियान किया तेज

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने आज आशुतोष नगर, गुमानीवाला, रेलवे रोड, शांति नगर आदि में जनसंपर्क कर लोगों को प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी और भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की।
गुमानीवाला के रूसा फार्म में भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल शहीद विकास गुरुगं के शहीद स्मारक पर माथा टेक कर प्रचार अभियान की शुरुआत की। विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क के दौरान अग्रवाल ने कहा कि वह हमेशा लोगों के सुख-दुख साथ खड़े रहे और ऋषिकेश की जनता की समस्या के समाधान के लिए करते रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्या का समाधान करना होता है और उन समस्याओं के समाधान के लिए वह हर समय खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में मोटर मार्गाे का जाल बिछा हुआ है, शुद्ध पेयजल आपूर्ति हर घर नल घर घर नल योजना के तहत प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल आपूर्ति प्राप्त हो रही है।
आशुतोष नगर में जनसंपर्क के दौरान अग्रवाल ने कहा कि विकास अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है और इसी के तहत विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। विद्युत व्यवस्था दुरुस्त की गई है ताकि किसी भी क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या न रहे, ऋषिकेश में छात्रों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इसलिए श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के परिसर की स्थापना की गई है जिसके लिए 50 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।

पंजाबी महासभा और व्यापारियों के साथ बैठक
पंजाबी महासभा के तत्वावधान में शांति नगर, बनखंडी में आयोजित बैठक में प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने हर वर्ग, हर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया है और यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने सभी समुदाय से अपील करते हुए कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करे।
इस अवसर पर पंजाबी महासभा के संरक्षक हरीशानंद, महासभा के अध्यक्ष केवल कृष्ण लांबा, महामंत्री प्रदीप कोहली, प्रतीक कालिया, अजय कालरा, सरदार हरचरण सिंह, अनिता बहल, धीरज मखीजा आदि लोग उपस्थित थे। जबकि व्यापारियों की बैठक में नवल किशोर, इंद्रमोहन पाहवा, हीरालाल छावड़ा, राजीव छाबड़ा आदि उपस्थित थे ।

शूरवीर सिंह सजवाण ने कराया नामांकन, कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ी

कांग्रेस का टिकट ना मिलने से नाराज पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने आज अपना नामाकंन कराया। इससे पूर्व उन्होंने श्यामपुर के एक निजी वेडिंग प्वाइट में अपने समर्थकों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें आशा ही नही विश्वास है कि कांग्रेस हाईकमान मुझे अधिकृत प्रत्याशी बनायेगा। पत्रकारों के द्वारा पूछे जाने पर कि यह क्या अब मुमकिन है तो उन्होंने कहा कि 2002 के चुनाव में भी पार्टी ने पहले सिंबल किसी और को दिया था लेकिन फिर कांग्रेस ने उन्हें प्रत्याशी घोषित किया। अपने दल बल के साथ नामांकन कराने पहुंचे शूरवीर सिंह सजवाण ने साफ कहा कि उन्हें आम जनता के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग और समर्थन मिल रहा है। इस लिए वे नामांकन कराने पहुंचे है।

आखिरकार मेडिकल स्टोर को ड्रग इंस्पेक्टर ने लगाया ताला

एम्स ऋषिकेश के पास न्यू साईं मेडिकल स्टोर को अग्रिम आदेश तक के लिए ड्रग इंस्पेक्टर ने ताला लगाकर बंद कर दिया है। ड्रग इंस्पेक्टर ने यह कार्रवाई मेडिकल स्टोर के संचालक और कर्मचारियों के द्वारा लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने और दवाइयां नहीं देने कि शिकायत मिलने के बाद की है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले एम्स में भर्ती एक मासूम के इलाज के लिए दवाइयां नहीं देने का आरोप मेडिकल स्टोर संचालक पर लगा था। उससे पहले भी कई बार मेडिकल स्टोर संचालक पर इसी प्रकार के आरोप लगते रहे हैं। लगातार कई बार शिकायत मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने निरीक्षण कर मेडिकल स्टोर संचालक को हिदायत भी दी। बावजूद इसके मेडिकल स्टोर संचालक अपनी हरकत से बाज नहीं आया। आखिरकार ड्रग इंस्पेक्टर को उच्चाधिकारियों के आदेश पर मेडिकल स्टोर पर ताला लगाना पड़ा। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक और कर्मचारी ड्रग इंस्पेक्टर के साथ भी बहस करते हुए दिखाई दिए। ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि लगातार मेडिकल स्टोर संचालक की शिकायतें स्वास्थ विभाग को मिल रही थी। इसको लेकर कई बार मेडिकल स्टोर संचालक को चेतावनी देकर छोड़ा गया। लेकिन मेडिकल स्टोर संचालक ना तो खुद सुधरा न हीं अपने कर्मचारियों को सुधारने की नसीहत दी। आखिरकार मजबूरी में स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल स्टोर पर ताला लगाना पड़ा है।

बागी उम्मीदवारों को भाजपा और कांग्रेस मना पाएंगी

विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस में बगावत की स्थिति भी साफ हो गई है। भाजपा में फिलहाल 16 और कांग्रेस में 12 बागी अधिकृत प्रत्याशियों के लिए चुनौती बने हैं। अब पार्टी स्तर पर इन्हें मनाने की कोशिशें शुरू की जा रही हैं। पूर्व सीएम हरीश रावत की सीट लालकुआं से पूर्व में घोषित उम्मीदवार संध्या डालाकोटी भी बगावत पर उतर आई हैं। वहीं, भाजपा में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत की ओर से खाली की गई डोईवाला सीट पर तीन -तीन नेताओं ने अधिकृत प्रत्याशी के सामने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर नामांकन कर दिया है। कांग्रेस की तरफ से पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और मातबर सिंह कंडारी भी बगावत का झंडा उठा चुके हैं।
वहीं, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा, पार्टी के सभी बागी प्रत्याशियों को मना लिया जाएगा। इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। समय रहते सभी बागी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में अपना नाम वापस ले लेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का कहना है कि भाजपा में सभी अनुशासित कार्यकर्ता हैं। समय रहते सभी ऐसे कार्यकर्ता अपने-अपने नामांकन पत्र अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में नाम वापस ले लेंगे। पार्टी स्तर से भी ऐसे कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है । सभी मान भी जाएंगे, ऐसा उन्हें पूरा विश्वास है।

गढ़वाल मंडल
देहरादून- ऋषिकेश से पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण कांग्रेस और उषा रावत भाजपा, डोईवाला से जितेंद्र नेगी, सुभाष भट्ट और सौरभ थपलियाल (तीनों भाजपा), सहसपुर से आकिल अहमद, कांग्रेस, धर्मपुर से वीर सिंह पंवार, भाजपा, कैंट से दिनेश रावत, भाजपा, राजपुर से संजय कन्नौजिया, कांग्रेस, कैंट से चरणजीत कौशल, कांग्रेस और रायपुर में सूरत सिंह नेगी, कांग्रेस।
हरिद्वार – ज्वालापुर से एसपी सिंह, कांग्रेस, रानीपुर से इशांत तेजीयान, भाजपा और पिरान कलियर से जय भगवान सैनी भाजपा (2017 के प्रत्याशी)।
टिहरी – घनसाली से पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, कांग्रेस और सोहन लाल खंडेवाल, दर्शनलाल (दोनों भाजपा), धनौल्टी से पूर्व विधायक महावीर रांगड़, भाजपा।
पौड़ी – कोटद्वार से धीरेंद्र चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा।
उत्तरकाशी – यमुनोत्री से पूर्व राज्य मंत्री जगवीर सिंह भंडारी, भाजपा और संजय डोभाल, कांग्रेस (2017 के प्रत्याशी)।
चमोली – कर्णप्रयाग से टीका प्रसाद मैखुरी, भाजपा।
रुद्रप्रयाग – रुद्रप्रयाग पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी, कांग्रेस।

कुमांऊ मंडल
यूएसनगर – रुद्रपुर से विधायक राजकुमार ठुकराल, भाजपा, किच्छा से हरीश पनेरू, कांग्रेस और किच्छा से ही अजय तिवारी, भाजपा।
अल्मोड़ा – रानीखेत से दीपक करगेती, भाजपा।
बागेश्वर – बागेश्वर से भैरवनाथ, कांग्रेस।
नैनीताल – लालकुआं से संध्या डालाकोटी, कांग्रेस से पवन चौहान और कुंदन सिंह मेहता (दोनों भाजपा), रामनगर से संजय नेगी, कांग्रेस, भीमताल से लाखन सिंह नेगी और मनोज साह (दोनों भाजपा) और कालाढूंगी से गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा।