अचानक पहुंचे सीएम अपनी विधानसभा, लोगों से मुलाकात कर समस्यायें जानीं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अपराह्न में खटीमा पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन आश्रम पद्धति जनजाति विद्यालय खटीमा के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया तथा संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने खटीमा कृषि उत्पादन मंडी में धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां रखे नमी यंत्र की गुणवत्ता को भी देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कांटे में रखकर धान तोल यंत्र का भी निरीक्षण किया व मंडी में किसानों से वार्ता कर उनकी समस्यायें भी सुनी तथा उसके निराकरण के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने खटीमा में नवनिर्मित एकलव्य स्कूल भवन का अवलोकन किया नागरिक चिकित्सालय खटीमा में पहुंच कर उन्होंने आयुष विभाग की आकस्मिक सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। वहां भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य के बारे हालचाल पूछा उन्होंने नागरिक चिकित्सालय में स्थापित हो एक हजार क्षमता वाले गैस प्लांट का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माणाधीन शहीद स्मारक के निर्माण कार्यों का अवलोकन भी किया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गति लाने के निर्देश देते हुए कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने पुराना अस्पताल खटीमा में अस्थाई सैनिक कैंटीन के निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया तथा कर्नल चंद्रा से फोन पर वार्ता कर 9 नवंबर से पहले कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री द्वारा भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों से भी बातचीत की तथा लोगों का हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय मार्केट खटीमा में ठेले पर मूंगफली का भी स्वाद लिया तथा मूंगफली विक्रेता चिरौंजी से उनका हाल-चाल भी पूछा। उन्होंने कहा कि इस दुकान पर आने से पुरानी यादें ताजी हो गई। मुख्यमंत्री ने हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की भी कामना की।

लोनिवि व संस्कृति विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री द्वारा की गई लोक निर्माण विभाग तथा संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग से सम्बन्धित घोषणाओं की समीक्षा की।
अपर मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री द्वारा की गयी घोषणाओं को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने घोषणाओं से सम्बन्धित प्रस्तावों पर जो भी औपचारिकताएं होनी है, उन्हें शीघ्रता से पूरा किया जाय। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता तथा पारदर्शिता का विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिये। समीक्षा के दौरान बताया गया कि लोक निर्माण विभाग से सम्बन्धित माह जुलाई, 2021 से अब तक मुख्यमंत्री द्वारा कुल 181 घोषणायें की गई है जिसमें 1 घोषणा राज्यस्तरीय तथा 180 घोषणाएं जनपद स्तरीय है। 3 योजनाओं के शासनादेश निर्गत किये जा चुके हैं, शेष पर कार्यवाही गतिमान है। 55 घोषणाओं का आगणन प्राप्त हो गया है, जबकि शेष की डीपीआर तैयार की जा रही है।
अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने निर्देश दिये कि जिन 55 घोषणाओं के आगणन शासन को प्राप्त हो चुके है। उनके शासनादेश एक हफ्ते के अन्दर निर्गत कर दिये जाय, तथा शेष के आगणन 10 नवम्बर तक तैयार हो जाय इसकी व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा कि 10 नवम्बर तक प्राप्त होने वाले आगणनों के शासनादेश 17 नवम्बर तक जारी हो जाय यह भी सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि 15 दिसम्बर तक की गई घोषणाओं की योजनाओं पर निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिये जाएं।
संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग के अन्तर्गत मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा में बताया गया कि संस्कृति विभाग की कुल 16 घोषणाएं जिसमें 1 घोषणा मंत्रिमंडल द्वारा लिये गये निर्णय, 3 घोषणा राज्य स्तरीय तथा 12 घोषणा जनपद स्तरीय है। धर्मस्व में कुल 24 घोषणाओं में से 1 राज्य स्तरीय घोषणा तथा 23 जनपद स्तरीय घोषणाएं सम्मिलित हैं। जिन पर कार्यवाही गतिमान है।
संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग के अन्तर्गत की गई घोषणाओं के सम्बन्ध में बताया गया कि जागेश्वर धाम श्रावणी मेले को राज्य मेला घोषित किये जाने एवं सोबन सिंह जीना के जन्मदिवस पर उनके पैतृक ग्राम सुनोली में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले उत्सव को राजकीय मेला घोषित किये जाने, विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर के चनौदा शहीद दिवस को राजकीय मेला घोषित किये जाने के साथ ही विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अन्तर्गत बग्वाल मेले को भी राजकीय मेला घोषित करने के साथ ही विभागीय मेला सूची में सम्मिलित किये जाने की कार्यवाही कर दी गई है। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद चन्द्र शेखर आजाद के बलिदान दिवस पर दुगडडा में आयोजित होने वाले शहीद मेले को विभागीय मेला सूची में शामिल कर दिया गया है।
लखुडियार चित्रित शैलाश्रय, ग्राम दिंगोली, अल्मोड़ा के सौन्दर्यीकरण, बग्वालीपोखर मे रामलीला मैदान का विस्तारीकरण चाहरदीवारी व मंच निर्माण, विधानसभा क्षेत्र खटीमा के नेपाल बार्डर पर आकर्षक भव्य गेट निर्माण, नौगवानाथ के गुरू गोरखनाथ के स्थान पर गुरू गोरखनाथ भव्य द्वार बनाये जाने के सम्बन्ध में कार्यवाही की जा रही है।
इस दौरान बैठक में सचिव अमित नेगी, प्रभारी सचिव एस.एन.पाण्डेय, अपर सचिव सोनिका तथा अतर सिंह, उप सचिव हीरा सिंह बसेड़ा, निदेशक संस्कृति बीना भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

श्री हेमकुण्ड साहिब पैदल मार्ग सहित रैलिंग व सतह मरम्मत का कार्य को 1 करोड़ 92 लाख रूपये मंजूर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के अन्तर्गत विकास कार्यों हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र सल्ट के अन्तर्गत खैरना-रानीखेत-रामनगर मोटर मार्ग के किमी 93 से ग्राम सौराल के तोक बगडिया तक मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 22.50 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र सल्ट के अन्तर्गत कैहड़गांव जगोई शिव मंदिर होते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र तक मोटर मार्ग का पुल सहित निर्माण कार्य हेतु 11 करोड़ 30 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र रामनगर के अन्तर्गत रामनगर रिंग रोड का पुनः निर्माण एवं सुधार कार्य हेतु 7 करोड़ 51 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र ज्वालापुर के अन्तर्गत ग्राम हद्दीपुर ग्रांट से शेखवाला ज्योतिगढ़ तक मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 1 करोड़ 76 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र रूद्रपुर के अन्तर्गत एनएच-74 से विकासखण्ड कार्यालय रूद्रपुर होते हुए एचनएच-87 तक मार्ग का हॉटमिक्स द्वारा निर्माण हेतु 72 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत घांघरिया से श्री हेमकुण्ड साहिब पैदल मार्ग सहित रैलिंग व सतह मरम्मत का कार्य हेतु 1 करोड़ 92 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के अन्तर्गत मुख्यमंत्री घोषणा के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 5 करोड़ 69 लाख रूपय, विधानसभा क्षेत्र खटीमा के अन्तर्गत विभिन्न 04 निर्माण कार्यों (1) अंजनिया होते हुऐ 17 मि चौराहे तक नवनिर्माण/डामरीकरण (2) राज्यमार्ग संख्या 70 के किमी 48, 49 एवं 50 में नवीनीकरण का कार्य (3) छिनकी से गाजो होते हुए जंगल की ओर इण्टर लॉकिंग टाईल्स द्वारा मार्ग निर्माण (4) ग्राम श्रीपुर बिछुवा होते हुए नालापार वनकटिया से देवरी तक मार्ग के निर्माण हेतु 2 करोड़ 17 लाख रूपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र अल्मोड़ा के अन्तर्गत हवालबाग में सांई मंदिर से धार की तूनी तक मार्ग में डामरीकरण एवं सुधारीकरण हेतु 66 लाख 31 हजार रूपये, विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर में विभिन्न 3 कार्यों (1) ढुंग पंजारगांव मोटर मार्ग (2) खलेंटी से राजू की सारी खुड्डे से तहसील तक सड़क (3) ग्रामसभा गैरी से बैथाण नामे तोक के लिए मोटर मार्ग का निर्माण हेतु 1 करोड़ 20 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर के अन्तर्गत विभिन्न 02 कार्य (1) वार्ड नं0-70 लक्खीबाग के आंतरिक मार्गों का निर्माण (2) क्लेमनटाउन स्थित बुद्धा मंदिर के समीप तासीकिल मोनेस्ट्री की आंतरिक मार्गों का निर्माण हेतु 1 करोड़ 20 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अन्तर्गत सांगू धिंघारूकोट मोटर मार्ग का बांस बसवाड़ी तक विस्तार कार्य हेतु 48 लाख 70 हजार रूपये, विधानसभा क्षेत्र नानकमत्ता के अन्तर्गत विभिन्न 2 कार्यों हेतु 1 करोड़ 20 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र चमोली के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु 1 करोड़ 44 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र कपकोट के अन्तर्गत विभिन्न 4 निर्माण कार्यों (1) दोबाडकर्मी बघर ढोक्टीगांव मोटर मार्ग से रिखाड़ी बाछम तक मिलान (2) ग्राम फुलवारी चीराबगड़ तक 8 किमी० मोटर मार्ग (3) ग्राम मल्ला वाछम सरनी पिण्डरपुल से वाछल मल्ला गांव तक मोटर मार्ग (4) ग्राम सकन्यूडा तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य हेतु 1 करोड़ 78 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र झबरेड़ा के अन्तर्गत विभिन्न 21 कार्यों हेतु 11 करोड़ 67 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के अन्तर्गत ग्राम रतूड़ा गांव से धार से झलमंगरा तक लिंक रोड का निर्माण कार्य हेतु 19 लाख 68 हजार रूपये, विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत मुख्यमंत्री की घोषणान्तर्गत कोट से चौठारा होते हुए हूण तक मोटर मार्ग के नव निर्माण हेतु 73 लाख 55 हजार रूपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बालगंगा महाविद्यालय केमर, टिहरी गढ़वाल में संचालित स्ववित्त पोषित 5 विषयों को अनुदान सूची में सम्मिलित किये जाने व 7 पदों के सृजन की भी स्वीकृति प्रदान की है।

लोक कला एवं लोक संस्कृति को बढ़ावा दे रही सरकार-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के कलाकारों के दल ने भेंट की। इस अवसर पर उत्तराखंड में लोक कला एवं लोक संस्कृति को बढ़ावा देने पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक परम्परा को आगे बढ़ाने में कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। किसी भी क्षेत्र की पहचान में वहां की लोक संस्कृति, बोली एवं लोक परम्परा का अहम योगदान होता है। जन चेतना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जागरूकता में हमारे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड के कलाकारों के दल में कमल भंडारी, जितेंद्र पंवार, पदम गुसाईं, रवि गुसाईं एवं अन्य कलाकार मौजूद थे।

सफलता का कोई शॉर्टकट नही होता-रोशन रतूड़ी

आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में आज नगर पालिका मुनीकीरेती-ढालवाला के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी और विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों को जो सम्मान पत्र प्रेषित किये गए थे, आज उनका वितरण रोशन रतूड़ी और प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में समाज की प्रगति हेतु अनेको सफल अथक प्रयासो व नयी सोच के साथ कार्य करने हेतु विद्यालय के प्रधानाचार्य ने रतूड़ी को शुभकामना संदेश प्रेषित किया और शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में रतूड़ी ने कहा कि संघर्ष एवं संस्कार ही जीवन में सफलता का मार्ग है एवं हमें हमेशा सकारात्मक ऊर्जा के साथ एवं नई सोच के साथ अपने आप को ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। ना कि दूसरों को नीचा दिखाने के लिए यही सफलता का मूल मंत्र है।
कार्यक्रम का संचालन रामगोपाल रतूड़ी ने किया। इस अवसर पर सतीश चौहान, कर्णपाल बिष्ट, वीरेंद्र कंसवाल, मनोज पन्त, रीना गुप्ता, नरेन्द्र खुराना, नागेंद्र पोखरियाल, चन्द्र प्रकाश डोभाल, आरती, वंदना एवं अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

पड़ौसी देशो से संबंध खराब होने में वर्तमान सरकार की भूमिका-खरोला

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने बताया कि आज महानगर कांग्रेस कार्यालय ऋषिकेश में आगामी 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमन्त्री भारत रत्न इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस और बांग्लादेश मुक्ति युद्ध 1971 की 50वीं वर्षगांठ पर प्रियदर्शिनी शौर्य सम्मान दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा। इस कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार करने के लिए आज उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
इस अवसर पर खरोला ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी के दिशा निर्देशानुसार पुरे देश में 31 अक्टूबर को पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जा रहा है। इसी के तहत महानगर कांग्रेस ऋषिकेश, ब्लाक कांग्रेस श्यामपुर, ब्लाक कांग्रेस रायवाला के समस्त कांग्रेस जन आडवाणी धर्मशाला, श्यामपुर में एकत्रित होकर वतन के लिए जान न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों का सम्मान करेंगे।
वहीं, खरोला ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में विश्व शक्तियों के सामने न झुकने के नीतिगत व समयानुकुल निर्णय ने पाकिस्तान को विभाजित करते हुए बांग्लादेश को अलग देश का निर्माण कर दक्षिण एशिया का भूगोल बदल डाला था। पाकिस्तान पर यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक थी और इस युद्ध में हजारों हजार पाकिस्तानी सैनिकों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया गया था। इस युद्ध में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अहम योगदान रहा।
खरोला ने कहा कि बांग्लादेश और भारत की दोस्ती किसी से छुपी नहीं है, मगर आज की सरकार द्वारा हमारे देश और बांग्लादेश के बीच संबंध खराब करने की कोशिशें की जा रही हैं। सरकार विदेश नीति को लेकर चाहे अपनी कितनी ही पीठ थपथपाए, लेकिन सच्चाई यह है कि जिन पड़ोसी देशों के साथ हमारे संबंध हमेशा से ही मधुर रहे। इस सरकार के नकारापन के कारण वह खराब हो रहे हैं।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष गौरव चौधरी, शूरवीर सिंह सजवान, के.एस. राणा, विजय पाल रावत, भगवती सेमवाल, सुधीर राय, जय सिंह रावत, बर्फ सिंह पोखरियाल, देवेंद्र सिंह रावत, शैलेंद्र बिष्ट, लल्लन राजभर, सतीश रावत, अरविंद जैन, ललित मोहन मिश्रा, मनीष शर्मा, मदन मोहन शर्मा, सरोज देवराड़ी, मधु जोशी, रुकम पोखरियाल, मनोज गुसाई, प्यारे लाल जुगरान, सतीश रावत, किशोर गौड़ आदि मौजूद रहे।

एसबीएम इंटर कॉलेज के स्वयंसेवियो ने लोगों को जागरुक किया

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा अमृत महोत्सव के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के निस्तारण हेतु शांति नगर एवं विद्यालय परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें लगभग 150 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र किया गया। मौके पर लोगों को इसे पूरी तरह से प्रतिबंधित करने के लिए भी जागरूक और अपील की गई। स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम के क्षेत्रीय पार्षद राजेश कुमार एवं अन्य लोगों का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
विद्यालय परिसर में विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने स्वयंसेवियों को इससे होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी जयकृत सिंह रावत ने बच्चों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त देश बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने को जरुरी बताया। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें बाजार से सामान लेते समय कपड़े या जूठ का थैला ले जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक को जलाने पर वातावरण में कई प्रकार की विषैली गैसें बनती है जिसके कारण पर्यावरण प्रदूषित होता है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य श्री यमुना प्रसाद त्रिपाठी ,शिव प्रसाद बहुगुणा, डॉव सुनील दत्त थपलियाल ,रेड क्रॉस प्रभारी रंजन अंथवाल, नीलम मनोरी, सुनीता, सुशीला बड़थ्वाल आदि उपस्थित थे।

खदरी खड़गमाफ में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन, जनसमस्यायें सुनी

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आज खदरी खड़गमाफ में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र में आंतरिक सड़क मार्गाे के निर्माण के लिए 7 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं विस अध्यक्ष अग्रवाल के समक्ष रखी। वहीं विस अध्यक्ष ने मौक़े पर ही जन समस्याओं को सुनकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के संग वार्ता कर समस्याओं का निदान किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर क्षेत्रवासियों द्वारा फूल माला से विधानसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि खदरी खड़गमाफ क्षेत्र में विकास की अपार संभावना हैं। विगत कई वर्षों से इस क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास के कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र में जो भी विकास कार्य अधूरे हैं उन्हें पूरा किया जायेगा। विस अध्यक्ष ने कहा है कि ऋषिकेश विधानसभा में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं जो बदस्तूर जारी रहेंगे। विकास की दृष्टि से ऋषिकेश विधानसभा को धन की कमी कभी भी आड़े नहीं आने दी गयी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश विधान सभा क्षेत्र का सर्वांगिक विकास उनका संकल्प है।गांवों तक सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ पहुंचाने की पूरी कोशिश है. केन्द्र और राज्य की सरकार की योजना से घरदृघर बिजली, नल से शुद्ध पानी एवं सड़कों का जाल बिछाया गया है।
इस अवसर पर सतपाल सैनी, कुसुम डबराल, वीरेंद्र प्रसाद रयाल, विजय भट्ट, जवाहर सिंह रावत, विनोद डबराल, गौतम राणा, सुबोध कंडवाल, राकेश डबराल, प्रदीप धस्माना, उमादत्त बेलवाल, मीना भट्ट, रूपराम बेलवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

एम्स ने कोडिंग करने की जानकारी दी

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश में आयोजित कार्यशाला में तृतीयक देखभाल वाले अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में आईसीडी-10 की उपयोगिता और इसको बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। बताया गया कि मेडिकल और स्वास्थ्य से संबंधी अनुसंधान के क्षेत्र में हेल्थ रिकॉर्ड का विशेष महत्व होता है।
एम्स ऋषिकेश में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग लखनऊ के क्षेत्रीय कार्यालय के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। ’प्रमोट टू यूज ऑफ आईसीडी-10 इन टेरटियरी केयर हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज’ विषय पर आधारित इस कार्यशाला में मेडिकल स्टूडेट्स और कार्यरत मेडिकल स्टाफ को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, कि किस प्रकार इंटरनेशनल क्लासिफिकेशन ऑफ डिसीज में मेडिकल हेल्थ रिकॉर्ड की उपयोगिता महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीन एकेडेमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्मित रोग और संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का अंतर्राष्ट्रीय सांख्यिकी वर्गीकरण का दसवां संस्करण ’आईसीडी-10’ चिकित्सीय वर्गीकरण की सूचियों का समूह है।
डीन रिसर्च प्रोफेसर वर्तिका सक्सैना ने बताया कि अभी तक भारत के कुछ बड़े अस्पतालों में ही आईसीडी-10 की ऑनलाइन कोडिंग व्यवस्था है। मरीजों के हित के लिए अब उत्तराखंड में भी इसे शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी प्रक्रिया के तहत इस कार्यशाला का आयोजन किया गया।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रोफेसर अश्वनी कुमार दलाल ने कहा कि आईसीडी-10 मेडिकल हेल्थ रिकॉर्ड पर आधारित ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली है, जिससे चिकित्सकों को मरीज की पूरी हिस्ट्री देखने के लिए अलग-अलग कई रिपोर्ट नहीं पढ़नी पड़ेगी। इस सुविधा से सिर्फ आईसीडी-10 कोड की मदद से मरीज की पूरी जानकारी आसानी से प्राप्त हो जाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के उप निदेशक डॉ. सचिन कुमार यादव ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बीमारियों के उपचार के लिए संबंधित रिसर्च, प्रोग्रेस रिपोर्ट अथवा दवा निर्माण आदि में मेडिकल हेल्थ रिकॉर्ड का विशेष महत्व होता है। बताया कि मेडिकल क्षेत्र में जितना बेहतर सूचनाओं का डाटा होगा, उतना ही हमें रिसर्च में मदद मिलेगी। उन्होंने निकट भविष्य में राज्य में आईसीडी-10 के क्रियान्वयन के लिए एम्स ऋषिकेश के सहयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने बताया कि आईसीडी-10 व्यवस्था में रोग और संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का अंतर्राष्ट्रीय सांख्यिकी वर्गीकरण किया गया है, जिसमें रोगों, उनके लक्षणों, समस्याओं, तथा सामाजिक परिस्थितियों आदि की कोडिंग की गई है। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्मित है। इस दौरान कार्यशाला में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के डॉ. वीपी श्रीवास्तव ने आईसीडी-10 के क्रियान्वयन का प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मरीज से संबंधित सभी प्रकार की जानकारियों को कोडिंग करने की बारिकी से जानकारी दी।
इस बाबत जानकारी देते हुए कार्यशाला के समन्वयक एवं सीएफएम विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. योगेश बहुरूपी ने बताया कि निकट भविष्य में इस कार्यशाला का एम्स ऋषिकेश को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस सिस्टम को राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में सुचारू रूप से लागू करने के लिए एम्स ऋषिकेश पूर्ण सहयोग देगा। कार्यशाला में अस्पताल प्रशासन के प्रोफेसर यूबी मिश्रा, जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. मीनाक्षी धर, फिजियोलॉजी विभाग की डॉ. सुनीता मित्तल, सीएफएम विभाग के डॉ.महेन्द्र सिंह, डॉ. प्रदीप अग्रवाल, डॉ. मीनाक्षी खापरे सहित 100 से अधिक मेडिकल स्टाफ मेंबर्स मौजूद रहे।

देवस्थानम बोर्ड पर उच्चस्तरीय समिति की रिपोर्ट सरकार को मिली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को सचिवालय में देवस्थानम बोर्ड के सम्बन्ध में गठित उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष मनोहर कान्त ध्यानी ने भेंट की।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष मनोहर कान्त ध्यानी ने देवस्थानम बोर्ड के सम्बन्ध में उच्च स्तरीय समिति द्वारा तैयार की गई अन्तरिम रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी।
सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में कई बिन्दुओं पर तीर्थ पुरोहित समाज व पंडा समाज से वार्ता के बाद संशोधन का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। जिन बिन्दुओं पर आपत्ति है वे बिन्दुओं पर सरकार अब क्या एक्शन लेगी ये तो सरकार ही तय करेगी।

बलूनी ने भी दिए थे संकेत
तीर्थ पुरोहितों से जुड़े हुए कुछ पदाधिकारियों ने दिल्ली में राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी से भेट की थी। जिसके बाद तीर्थपुरोहितों की ओर से ये दावा किया गया था कि अनिल बलूनी ने देवस्थानम बोर्ड को भंग करने के संकेत दिये है। हालांकि सांसद की ओर से ऐसा कोई बयान नही आया था। सूत्र बतातें है कि चुनावी वर्ष में अब सरकार इसके नफा नुकसान का आंकलन करके ही आगे की रणनीति के तहत कार्य करेगी।