केंद्रीय पर्यटन मंत्री किशन रेड्डी से सीएम ने की मुलाकात


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में पर्यटन विकास के लिये राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार, उत्तराखण्ड को पर्यटन, तीर्थाटन के साथ ही साहसिक खेलों के विश्व स्तरीय केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने आईडीपीएल, ऋषिकेश को स्पेशल टूरिज्म जोन के रूप में विकसित किए जाने की योजना की प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र दिये जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि आईडीपीएल ऋषिकेश में 600 एकङ में बायोडायवर्सिटी पार्क, इन्टरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, रिजार्ट, होटल, वैलनेस सेंटर बनाए जाने प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री ने गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाए जाने के लिए 55 करोङ रूपए की स्वीकृति दिये जाने पर आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी को उत्तराखण्ड आने के लिये आमंत्रित किया।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन विकास के लिए पर्यटन मंत्रालय द्वारा हर सम्भव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, मुख्यमंत्री के अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार व पर्यटन मंत्रालय के अधिकारी उपस्थित थे।

स्पीकर ने अर्द्ध नगरीय पेयजल योजना कार्य का किया शुभारंभ

करीब 67.28 करोड़ की लागत से ऋषिकेश देहात अर्द्धनगरीय पेयजल योजना का कार्य आज शुरू हो गया है। योजना में 550 किलोलीटर का जलाशय, एक नलकूप और 12.20 किलोमीटर पाइपलाइन भी बिछाई जायेगी। डेढ़ साल में योजना पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे बीस हजार से अधिक आबादी पानी के संकट से निजात मिलेगी।

टीएचडीसी के गेट नंबर एक पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश देहात अर्द्धनगरीय पेयजल योजना के प्रथम चरण के कार्य का शुभारंभ किया। योजना के अंतर्गत जोन-1 में इंदिरानगर, नेहरूग्राम, प्रगति विहार, शैलविहार को रखा गया है। जोन-1 में 550 किलोलीटर का जलाशय, एक नलकूप एवं 12.20 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाए जाने का कार्य किया जाना है। विस अध्यक्ष ने कहा कि योजना के माध्यम से हजारों लोगों को शुद्ध पीने का पानी मिलेगा। शहर के सभी जोन में 10 नलकूप के साथ उच्च जलाशयों का निर्माण एवं 100 किलोमीटर से अधिक पाइप लाइन बिछाई जानी है। योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है। मेयर अनिता ममगाईं ने कहा कि ऋषिकेश में हर क्षेत्र में चैमुखी विकास कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय पर पूर्ण करने को कहा।

मौके पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एपी सिंह, सहायक अभियंता एबीएस रावत, कनिष्ठ अभियंता मनोज डबराल, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी, पार्षद विपिन पंत, पार्षद शारदा सिंह, दशरथ दुबे, पार्षद सुंदरी कंडवाल, निर्मला उनियाल, ऋषि राजपूत, जयेश राणा, अरुण बडोनी, सुमित पंवार, राजेंद्र बिष्ट, जयंत शर्मा, रवि थपलियाल, जगत सिंह नेगी, सुमित्रा थपलियाल, माया घले, जितेंद्र प्रसाद आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्षों का किया स्वागत

कांग्रेस भवन में महानगर कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत एवं कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय का कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ा एवं फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा यूथ कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई व अन्य अनुषांगिक संगठन मौजूद रहे।

एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जयेंद्र रमोला के संचालन व जिलाध्यक्ष गौरव चैधरी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में कांग्रेस के संगठन महामंत्री विजय सारस्वत ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए ऋषिकेश कांग्रेस में जान फूंकने का काम किया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव में ऋषिकेश के उम्मीदवार को विधानसभा पहुंचाने की जिम्मेदारी है, पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवान ने कहा कि युवा अध्यक्ष के कंधों में जिम्मेदारी डाल कर युवा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया है।
प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला ने कहा कि इतनी भारी संख्या में उमड़ी भीड़ यह दिखाती है कि 2022 में भाजपा का सूपड़ा साफ है और ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस का प्रत्याशी विधानसभा पहुंचेगा। निर्वाचित कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के द्वारा जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसका ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा।

इस मौके पर मदन मोहन शर्मा, विजय पाल सिंह रावत, विमला रावत, मोहित नेगी, ओपी शर्मा, रोशनी देवी, कमलेश शर्मा, निर्मला, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, पार्षद मनीष शर्मा, भगवान सिंह पवार, राधा रमोला, शकुंतला शर्मा, राकेश मियां, देवेंद्र प्रजापति, लल्लन राजभर, मिन्हाल हाशिम, रामकुमार भदोरिया, शैलेंद्र बिष्ट, महेश सूद, मनोज पवार, विभा कोटनाला, जितेंद्र पाल, राहुल पांडे, यतेंद्र बिजलवान, नवीन रमोला, बलवीर सिंह रौतेला, मदन कोठारी, राहुल सेमवाल आदि उपस्थित रहे।

दिल्ली पहुंच केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले सीएम धामी, रेल परियोजनाओं पर हुई चर्चा


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री, रेलवे, दूरसंचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखण्ड से संबंधित विभिन्न रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने रूड़की देवबन्द परियोजना में उत्तराखण्ड राज्य द्वारा वर्तमान तक दिये गये रू0 296.67 करोड़ की धनराशि के अंशदान को पर्याप्त मानते हुए परियोजना के अवशेष कार्यों का वित्त पोषण रेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश राज्य द्वारा किये जाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामरिक उद्देश्य और सीमांत जनपदों के विकास की आवश्यकता को देखते हुए टनकपुर बागेश्वर रेलवे लाईन का नैरोगेज की बजाय ब्राडगेज लाईन का सर्वे किया जाए। मुख्यमंत्री ने इसके फाईनल लोकेशन सर्वे की स्वीकृति के साथ ही ऋषिकेश- उत्तरकाशी रेल लाईन निर्माण की स्वीकृति का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार- देहरादून रेलवे लाईन का दोहरीकरण के लिए 1024 करोङ रूपए की डीपीआर के साथ ही डोईवाला से ऋषिकेश हेतु सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायवाला रेलवे स्टेशन पर डायवर्जन लाईन का निर्माण को जल्द स्वीकृति देने का भी आग्रह किया। केन्द्रीय मंत्री ने अपने अधिकारियों को इन दोनों प्रस्तावों पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाईन प्रधानमंत्री की उत्तराखण्ड को बङी देन है। इस पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाईन हेतु तैयार किये जा रहे अवस्थापना सुविधाओं के सृजन में ही सौर ऊर्जा उत्पादन की क्षमता के निर्माण की सम्भावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने धामपुर काशीपुर (वाया जसपुर) रेल लाईन के निर्माण और दिल्ली से रामनगर के लिये कॉर्बेट इको-एक्सप्रेस की जल्द स्वीकृति का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने भारत नेट फेज 02 की सैद्धान्तिक मंजूरी दिये जाने पर आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखण्ड में “स्टेट लेड“ मॉडल के अन्तर्गत, भारत नेट फेज-02 परियोजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति शीघ्रातिशीघ्र जारी करवाने का अनुरोध किया।

केन्द्रीय मंत्री ने हर सम्भव सहयोग के प्रति आश्वस्त किया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव रणजीत सिंहा उपस्थित थे।

सपा कार्यकर्ताओं ने परिवहन व्यवसायियों की मदद को राष्ट्रपति से की मांग

समाजवादी पार्टी की उत्तराखंड इकाई के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उप जिलाधिकारी ऋषिकेश के जरिए ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन के जरिए उन्होंने छह सूत्रीय मांग रखीं है।
पार्टी के प्रदेश सचिव व अधिवक्ता अतुल यादव ने बताया कि डीजल-पेट्रोल के साथ रसोई गैस के बढ़ते दामों को कम किए जाने की मांग की है, दूसरी मांग उत्तराखण्ड मे जो परिवहन व्यवसायी है, उन्हें आर्थिक मदद के रूप में टैक्स आदि मे छूट दी जानी चाहिए। वहीं, होटल व्यवसायियों को आर्थिक मदद के लिए राज्य सरकार को निर्देशित किए जाए।

इसके अलावा कोविड-19 से जिनकी मृत्यु हो गयी है, उनके परिजनों को आर्थिक मदद राज्य सरकार के जरिए दिलाई जाए। यूपी सरकार द्वारा समाजवादी पार्टी के नेताओं पर जो मुकदमें लगाए गए है, उन्हें वापस किया जाए। वर्ष 2013 में उत्तराखंड में आई आपदा में अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराई जाए। ज्ञापन सपा उत्तराखण्ड के पूर्व उपाध्यक्ष रमेश चन्द्र गौड़ के नेतृत्व मे दिया गया‌। मौके पर महानगर अध्यक्ष अशोक ग्रोवर, प्रदेश सचिव राजपाल सिंह यादव, सत्यपाल आदि मौजूद थे।

सीएम ने चमोली के लिए रवाना की बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, सीएमओ के नियंत्रण में रहेगी एम्बुलेंस

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में इपिराक माइनिंग इंडिया लि. द्वारा सीएसआर के तहत प्रदान की गई बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर जनपद चमोली के लिये रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एम्बुलेंस चारधाम यात्रा के दौरान लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में मददगार होगी। उन्होंने इस प्रकार के जन सेवा के कार्यों में सहयोगी की सराहना की। इस सम्बन्ध में आयुक्त गढ़वाल रविनाथ रमन ने बताया कि यह एम्बुलेंस इपिराक माइनिंग इंडिया द्वारा सीएसआर के तहत उपलब्ध करायी गई है। वर्तमान में इपिराक द्वारा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के अंतर्गत अंडरग्राउंड टनल के निर्माण में भागीदारी दी जा रही है। यह एम्बुलेंस सीएमओ चमोली के नियंत्रण में रहेगी तथा बदरीनाथ से श्रीनगर के मध्य संचालित होगी।

इस अवसर पर बीएस नेगी के साथ ही कम्पनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

80 आक्सीजन कंसन्ट्रेटर को सीएम ने दिखाई हरी झंडी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम कैम्प कार्यालय में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में 80 आक्सीजन कन्सन्ट्रेटर राज्य के 09 जनपदों के लिए रवाना किए। आईसीआईसीआई फाउन्डेशन द्वारा राज्य के ग्रामीण व अर्ध शहरी क्षेत्रों के लिए ये 80 आक्सीजन कन्सन्ट्रेटर राज्य सरकार को उपलब्ध करवाए गए हैं।

देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग और टिहरी जिलों में ये आक्सीजन कन्सन्ट्रेटर भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सम्मिलित प्रयासों से कोविड से लड़ाई में जीत हासिल की जा सकती है। पिछले कुछ समय में कोविड संक्रमण के मामलों में कमी आई है, परंतु अभी भी पूरी सावधानी व सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। कोविड की तीसरी लहर की सम्भावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरी तैयारी की है। हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, आईसीआईसीआई फाउंडेशन के अध्यक्ष सौरभ सिंह, आईसीआईसीआई बैंक के मनीष मेहरोत्रा, अशोक मिगलानी आदि उपस्थित थे।

सीएम ने पौधादान कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, हरेला पर्व पर प्रकृति के संरक्षण का लें संकल्प

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार रोड, देहरादून स्थित एक स्थानीय वेडिंग प्वाइंट में हरेला पर्व पर आयोजित पौधादान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने विधायकगणों एवं अन्य गणमान्यों को पौधारोपण हेतु पौधे दिये और लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 जुलाई को उत्तराखण्ड में हरेला पर्व मनाया जाता है। प्रकृति के संरक्षण के उद्देश्य से उत्तराखण्ड में हरेला पर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए हरेला पर्व के अवसर पर सभी को पौधारोपण करने का संकल्प लेना होगा। जुलाई एवं अगस्त माह का समय पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त है। हमें अपनी परम्पराओं एवं परिवेश को बढ़ावा देना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विज्ञान तेजी से प्रगति कर रहा है, वैज्ञानिक प्रगति के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हमें और तेजी से आगे बढ़ना होगा। नमामि गंगे के तहत इस दिशा में सराहनीय प्रयास हुए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि पर्यावरणीय सन्तुलन बहुत जरूरी है। व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर सबको अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। पीपल एवं बरगद के अधिक वृक्षारोपण पर हमें ध्यान देना होगा।

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, मुन्ना सिंह चैहान, सहदेव सिंह पुण्डीर, खजानदास, मेयर सुनील उनियाल गामा, देहरादून की जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चैहान, भाजपा के महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट आदि उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही हैः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अन्तर्गत मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित 240 ई.डब्ल्यू.एस लाभार्थियों को आवास कब्जा स्थानान्तरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने 10 लाभार्थियों को आवास कब्जा प्रदान किया। शेष सभी लाभार्थियों को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा आवास के कब्जे दिये जा रहे हैं। आलयम् आवासीय योजना के तहत ये आवास आमवाला, तरला, सहस्त्रधारा रोड़ में बनाये गये हैं। मुख्यमंत्री द्वारा जिन लाभार्थियों को आवास का कब्जा दिया गया उनमें रश्मि पाण्डेय, निताशा सैनी, रामबती, संतोष सिंह, इकादशी भट्ट, रेनू, बबीता रावत, सतपाल, शालू, आरती शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाई गई प्रधानमंत्री आवास योजना से अनेक जरूरतमंद लोगों के अपने घर का सपना पूरा हो रहा है। आर्थिक रूप से गरीबों के लिए लिए यह योजना वरदान साबित हुई है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को मात्र 06 लाख रूपये में आवास मिल रहा है। जिसमें से 1.50 लाख केन्द्रांश एवं 01 लाख राज्यांश दिया जा रहा है। लाभार्थी को केवल 3.50 लाख रूपये में आवास प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले आवासों के कार्यों में तेजी लाई जायेगी।

उपाध्यक्ष मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण रणवीर सिंह चैहान ने कहा कि आमवाला, तरला, सहस्त्रधारा रोड़ में ई.डब्ल्यू.एस के लिए कुल 240 आवास बनाये गये हैं। जिसमें 15 ब्लॉक्स एवं 30 पार्किंग बनाई गई है। इस परियोजना के तहत आवासीय ईकाई का सुपर ऐरिया 505.04 वर्ग फुट एवं आच्छादित क्षेत्रफल 237.56 वर्ग फुट है। नगर निगम द्वारा चिन्हित पात्र अभ्यार्थियों में से लॉटरी द्वारा आंवटियों का चयन किया गया है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सचिव मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण पीसी दुमका आदि मौजूद थे।

कैबिनेट बैठक में नौ अहम निर्णय हुए पारित


आज कैबिनेट द्वारा कुल 09 निर्णय लिये गये, इसकी जानकारी कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दी गई।

1. कैम्पा अधिसूचना के अन्तर्गत प्राधिकरण के वार्षिक लेखा वित्तीय वर्ष 2013-14, 2014-15,2015-16, 2016-17 को विधानमण्डल के पटल पर रखा जायेगा।

2. उत्तराखण्ड वन विकास निगम में स्केलर संवर्ग में 02 वर्ष की दैनिक श्रम अवधि सेवा को समयमान वेतनमान व एसीपी को जोड़ने के लिये विभागीय मंत्री की अध्यक्षता में उपसमिति का गठन किया गया जिसमें वित्त और न्याय विभाग के अधिकारी होंगे।

3. देहरादून महायोजना-2025 के जोनल प्लान में सरकारी भवनों के भवन निर्माण के लिये भूमि पर छूट का प्रावधान सभी राष्ट्रीय दलों पर भी लागू होगा।

4. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को शामिल किया जायेगा। इसमें 4,000 रूपये से कम आय वालों को अन्तोदय योजना में और 15,000 रूपये आय से कम को प्राथमिक परिवार योजना में शामिल करते हुए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के अन्तर्गत रखा जायेगा।

5. कोविड प्रभाव को देखते हुए लोक सेवा आयोग की परिधि के अन्तर्गत एवं लोक सेवा आयोग की परिधि से बाहर समूह-ग के पदों पर चयन में अभ्यर्थियों को एक वर्ष की छूट सीमा दी गई है जो कि 30 जून 2022 तक लागू रहेगी।

6. मा0 उच्च न्यायालय के अधीन परिवहन विभाग के कर्मचारियों को वेतन इत्यादि विषय के सम्बन्ध में एकमुश्त सहायता के लिये मा0 मुख्यमंत्री को निर्णय लेने के लिये अधिकृत किया गया है।

7. श्रीनगर, देहरादून और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज कुल 501 पद सृजित किये गये हैं जिनमें श्रीनगर के लिये 122, देहरादून के लिए 250 और हल्द्वानी के लिए 129 पद होंगे। इसके अतिरिक्त श्रीनगर सुपर स्पेस्लिटी पर 44 पद स्पेस्लिस्ट के होंगे।

8. जनपद देहरादून स्थित राजकीय रेशम फार्म विकासनगर एवं रेशम फार्म अम्बाड़ी की भूमि को लखवाड़ व्यासी जल विद्युत परियोजना हेतु आवंटित 14.50 एकड़ भूमि को निरस्त किया गया है। अब यह भूमि रेशम विभाग के पास रहेगी।

9. जिला बार ऐशोसियेशन बागेश्वर को जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ता चैम्बर्स निर्माण हेतु न्याय विभाग की 40.80 वर्ग मीटर की भूमि निशुल्क लीज पर दी जायेगी।