मनुष्य जीवन की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए सीएम ने स्थगित की कांवड़ यात्रा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काँवड़ यात्रा के संबंध में सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कोविड के डेल्टा प्लस वैरियेन्ट के पाये जाने, कोविड की तीसरी लहर की आशंका और देश-विदेश में इसके दुष्प्रभावों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

इस संबंध में विशेषज्ञों की राय पर भी विचार किया गया। मनुष्य जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी काँवड़ यात्रा को स्थगित रखने का निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री ने सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक को यथोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। यह भी निर्देश दिए कि पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्यवाही हेतु अनुरोध किया जाय, ताकि वैश्विक माहमारी को रोकने में सफल हो सकें।

बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार आदि उपस्थित थे।

सीएम ने अफसरों को 15 अगस्त तक फाइल पेश करने का समय दिया

देहरादून। उत्तराखंड के इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, प्रभारी सचिवों को 30 दिन का टास्क दे दिया गया है। अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री आनंद वर्धन ने शासन के सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए वित्तीय वर्ष 2021 22 हेतु तमाम योजनाओं, कार्यक्रमों परियोजनाओं हेतु वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति हेतु एक माह के भीतर पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट लिखा गया है कि 15 अगस्त तक सभी विभाग के अधिकारी वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति करवा लें, इसके लिए बकायदा समय सीमा निर्धारित कर दी है।

अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी इस आदेश से का मकसद चरणबद्ध तरीके से सरकार के कामों को गति देना है, गौरतलब है कि उत्तराखंड में अगले 4 महीनों में चुनाव होने हैं ऐसे में राज्य सरकार इस वर्ष किसी भी प्रकार से किसी भी योजना को आधे अधूरे तरीके से बीच में नहीं छोड़ना चाहती। लिहाजा मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद अपर मुख्य सचिव द्वारा यह आदेश जारी किए गए हैं, ताकि एक महीने में सरकार द्वारा निर्धारित कार्य को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी जा सके और धरातल पर काम दिखाया जा सके।

67.28 करोड़ रुपए की लागत से ऋषिकेश के पेरीअर्बन इलाकों में पेयजल आपूर्ति होगीः विस अध्यक्ष


ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पेयजल योजनाओं के संबंध में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने आज जल संस्थान के अधिकारियों के संग बैठक की। कहा कि 67.28 करोड़ रुपए की लागत से ऋषिकेश देहात अर्द्धनगरीय (पेरी अर्बन) पेयजल योजना के माध्यम से ऋषिकेश के हजारों परिवार पेयजल आपूर्ति से लाभान्वित होंगे।

स्पीकर को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एपी सिंह ने बताया कि 67.28 करोड रुपये की लागत से ऋषिकेश देहात अर्द्धनगरीय (पेरी अर्बन) पेयजल योजना से देहात क्षेत्र को 5 जोन में बांटा गया है। जिसमें जोन-1 में इंदिरा नगर, नेहरू ग्राम, प्रगति विहार, शैल बिहार जोन-2 में मनसा देवी, गुर्जर प्लॉट जोन-3 में अमित ग्राम (पूर्व),अमित ग्राम (पश्चिम) 20 बीघा, मीरा नगर, बापू ग्राम, सुमन बिहार, गीता नगर जोन- 4 में मालवीय नगर एवं जोन- 5 में शिवाजी नगर क्षेत्र को रखा गया है।अधिकारियों द्वारा अवगत किया गया कि इस योजना के माध्यम से जोन-1 में 550 किलोलीटर का जलाशय, एक नलकूप एवं 12.20 किलोमीटर पाइपलाइन जोन-2 में 1000 किलोलीटर का जलाशय, दो नलकूप एवं 24.09 किलोमीटर पाइपलाइन जोन-3 में 1000 किलोलीटर का जलाशय 12.98 किलोमीटर पाइपलाइन, 3 नलकूप जोन- 4 में 2100 किलोलीटर का जलाशय, 3 नलकूप, 37.11 किलोमीटर पाइप लाइन जोन-5 में 800 किलोलीटर का जलाशय, एक नलकूप एवं 17.1 5 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जाना है।

बैठक के दौरान जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एपी सिंह, सहायक अभियंता एबीएस रावत, कनिष्ठ अभियंता मनोज डबराल मौजूद थे।

एम्स ऋषिकेशः अनलॉक के बाद सामान्य रोगियों की संख्या में भारी इजाफा


एम्स ऋषिकेश में ओपीडी सेवाओं ने फिर से तेजी पकड़ ली है। कोविड कर्फ्यू खुलने के बाद यहां ओपीडी मरीजों की संख्या में लगभग तीन गुना तक वृद्धि हो चुकी है। जुलाई के पहले सप्ताह में अब तक 10, 212 मरीज उपचार के लिए एम्स ओपीडी में पहुंच चुके हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या सामान्य रोगों से ग्रसित लोगों की है,जिससे जनरल मेडिसिन और कम्युनिटी एवं फेमिली मेडिसिन विभाग में परीक्षण के लिए पहुंचने वाले मरीजों की संख्या सर्वाधिक है।

अनलॉक के बाद ओपीडी मरीजों की साप्ताहिक संख्या में मई के बाद इस महीने तीन गुना वृद्धि हुई है। एम्स में 1 जुलाई से 7 जुलाई तक ओपीडी मरीजों की इस संख्या में सर्वाधिक 1631 संख्या जनरल मेडिसिन विभाग में स्वास्थ्य जांच कराने वाले रोगियों की है। जबकि दूसरे नंबर पर कम्युनिटी एंड फेमिली मेडिसिन विभाग में 1264 रोगियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके अलावा आर्थो विभाग में 577 और त्वचा रोग विभाग में 507 रोगी जांच के लिए पहुंचे।

निदेशक प्रोफेसर रविकांत ने बताया कि उपचार के अभाव में मरीज परेशान न हों, इस विषय पर गंभीरता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि हम सबको कोरोनाकाल की इन्हीं परिस्थितियों में जीवन जीना है। ऐसे में कोरोना संक्रमण से बचाव के मूलमंत्र ’दो गज की दूरी’ और मॉस्क के अनिवार्य इस्तेमाल की शर्तों के साथ एम्स की विभिन्न ओपीडी सेवाओं को फिर से खोल दिया गया है।

एम्स अस्पताल के डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रोफेसर यूबी मिश्रा ने बताया कि कोविड कर्फ्यू के दौरान संक्रमण के अत्यधिक मामले बढ़ने से लोग घर से बाहर निकलने में परहेज कर रहे थे। लिहाजा अब कोविड कर्फ्यू खुलने पर ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने बताया कि अनलॉक के बाद लगातार बढ़ रहे मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए लगभग सभी विभागों की ओपीडी फिर से खोल दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रतीक्षारत मरीजों की सर्जरी करने के लिए शीघ्र ही ऑपरेशन थियेटर (ओटी) सुविधाएं भी बहाल कर दी जाएंगी।

गर्भवती महिला के साथ मारपीट मामले में गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत

बीती 08 जुलाई को नगर निगम पार्षद शौकत अली, उसके दामाद परवेज, पत्नी और बेटी पर मारपीट मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को तहरीर में बताया था कि पार्षद सहित अन्य साथियों ने उसकी गर्भवती बेटी के साथ भी डंडे और ईंटों से मारपीट की थी। इसी मामले में आज दुखद घटना घटी है, गर्भवती महिला की मारपीट के चलते पेट में दो माह के बच्चे की मौत हो गई। यह पुष्टि राजकीय चिकित्सालय में गर्भवती महिला के अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में हुई हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू जागरण में आक्रोश बना हुआ है।
आज पीड़ित पक्ष की ओर से पुनः कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई। शिकायतकर्ती बबीता देवी ने बताया कि बीते आठ जुलाई को घर में घुसकर पार्षद व अन्य साथियों ने जो मारपीट की थी। उसी के चलते उनकी गर्भवती बेटी के पेट में बहुत तेज दर्द हुआ। बेटी को जब राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, तो डाॅक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराया। इसमें डाॅक्टर ने पीड़िता को बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि पेट में पल रहा दो माह के बच्चे की मौत हो गई है। डाॅक्टर ने आगे बताया कि जल्द ही इसकी सफाई करनी होगी, अन्यथा आपकी जान को भी खतरा है।
महिला ने पार्षद पर यह भी आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने पुलिस ने न्याय की मांग की है।

पुलिस से लगातार हम आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है, मगर पुलिस बात को टाल रही है, आज गर्भवती बेटी के साथ जो घटना हुई है। उससे हिंदू जागरण मंच में आक्रोश बना हुआ है। पुलिस क्यों आरोपियों का बचाव कर रही है। अब इस मामले में ढिलाई बरतने पर हिंदू जागरण बाजार बंद करेगा। साथ ही पुलिस के आला अफसरों को भी घेरेगा।

– सत्यवीर तोमर, हिंदू जागरण मंच।

मामले की जानकारी मिली है, इस मामले में भ्रूण हत्या को लेकर आरोपियों के खिलाफ धाराएं बढ़ाई जा रही है।
– शिशुपाल सिंह नेगी, कोतवाल ऋषिकेश।

युवा नेतृत्व और 60 प्लस नारे के साथ भाजपा उतरेगी विधानसभा चुनाव के मैदान मेंः प्रदेश अध्यक्ष भाजपा

भाजपा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी के विकास कार्यों से जो सुखद माहौल है बूथ स्तर पर डटे कार्यकर्ताओ की बदौलत पार्टी 2022 में युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 60 से अधिक सीटें प्राप्त करेगी। पार्टी का युवा नेतृत्व और 60 प्लस नारा होगा। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी महीने में 10 दिन प्रवास करेंगे और इसमें मंत्री और विधायक भी होंगे जिससे जन सम्स्याओ का समाधान हो सके। यह कार्यक्रम 2 माह 70 विधान सभाओं में चलेगा।

उन्होंने कहा कि आज देश दुनिया में सबसे बड़ा संगठन भाजपा का है और इसी संगठन के पास बूथ स्तर तक कार्यकर्ता है जो हर समय सेवा भाव से लोगों से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित चिन्तन शिविर में कर्यक्रमो को लेकर रोड मैप बनाया गया है और दिसम्बर तक के कार्यक्रम तक फाइनल हो चुके हैं और अब गंभीरता से उनको अमल में लाने की जरुरत है। सरकार ने विकास कार्य किए हैं और संगठन सेवा कार्यों में लगी है। कोविड की दूसरी लहर को इसके उदाहरण के तौर पर देखा जा सकता है। लेकिन जनता के बीच में पार्टी के प्रति जो सुखद और सकारात्मक माहौल है उसके लिए संगठन की कुशल रणनीति और बूथ स्तर तक तैयारी काफी अहम है। हर कर्यकर्ता को इस अभियान में जुटना होगा और इसी से 2022 का लक्ष्य प्राप्त होगा। सल्ट के उपचुनाव में भी संगठन ने इसे साबित किया और सरकार की विकास नीति पर मुहर लगी। संगठन में सभी मोर्चो से लेकर शक्ति केंद्र, और वार्ड स्तर तक जुटना होगा। पार्टी युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 2017 से भी अधिक अंतर 60 से ज्यादा सीटों से विजय हासिल करेगी। धामी के सीएम बनने से युवाओ में खासा उत्साह है और निश्चित रूप से इसका लाभ भाजपा को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहा है तो राज्य में राजनैतिक जमीन तलाश रहे कुछ नए दल तरह तरह के अफवाह और हथकंडे अपना रहे हैं। लेकिन भाजपा के पक्ष में जो माहौल है उसके आगे उनके सभी प्रयास विफल साबित हो रहे हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश पदाधिकारियों संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा संगठन है और हमारे पास विश्व सबसे बड़ा व प्रभावशाली नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश व देश मे भाजपा की सरकार पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है और सभी सभी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुचाने का कार्य कर रहे हैं। पार्टी समर्पित भाव से जन सेवा के कार्यो में जुटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के हित में वो किसी भी स्तर तक जा सकते हैं साथ ही कहा कि उनकी प्रार्थमिकता जनता व जनहित ही रहेंगे । मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा भी किसी भी कीमत पर बर्दास्त नही होगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियो से मुलाकात हुई और उन्होंने विकास कार्यो में हर संभव मदद का अश्वासन दिया।

प्रदेश पदाधिकारी बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजेय ने सभी जिलाध्यक्षों से जिलों में सेवा ही संगठन कार्य के माध्यम से किये कार्यों की जिलावार समीक्षा की गई । साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय स्तर व प्रदेश स्तर से दिए गए कार्यों की बूथ स्तर तक किये कार्यों की जानकारी ली गई।

बैठक में श्री अजेय ने आगामी चुनाव की दृष्टि कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी जिलाध्यक्षों को सभी बुथों पर बीएलए -2 , शक्ति केंद्र सयोंजकों, पन्ना प्रमुखों का सत्यापन शीघ्र करने को कहा । उन्होंने आगामी कार्यक्रमों के तहत 15 जुलाई से 20 जुलाई जिला कार्यसमितियों, व 21 जुलाई से 30 जुलाई तक मंडल कार्यसमितियों का सभी जिलों में आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। 16 जुलाई को बूथ स्तर तक हरेला पर्व मनाने के तहत प्रत्येक बूथ पर 10 वृक्ष लगाने के लिए भी कहा गया। साथ अजेय ने कहा कि जिलों में नियमित बैठक, चर्चा,आम लॉगो से संवाद और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में आम जन को अवगत कराने को कहा।

सांसद बलूनी के प्रयासों से जल्द मिलेगी राज्य को सौगात, टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट जल्द खुलने जा रहा

नई दिल्ली। उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने कहा कि हम उत्तराखंड में शीघ्र ही ’टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट’ की स्थापना की ओर बढ़ रहे हैं जो कि उत्तराखंड राज्य की स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर होगा। उन्होंने कहा उनका प्रयास है टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट स्थापना के साथ ही तत्काल उपचार के स्तर पर भी कार्य प्रारंभ कर दे।

सांसद बलूनी ने कहा कि जब वे स्वयं कैंसर से जूझ रहे थे और अस्पताल के बिस्तर पर मुंबई में निरंतर सोचते रहते थे कि जिस स्तर का उपचार मिल रहा है क्या मेरे राज्य के एक आम आदमी को ऐसा उपचार मिल पाएगा। केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व की मजबूत सरकार और आमजन के लिए तमाम योजनाओं के प्रति संवेदनशील नेतृत्व के प्रति अटूट विश्वास था। तभी से इस विचार को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास जारी थे।

सांसद बलूनी ने कहा कि टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट एटॉमिक एनर्जी (परमाणु ऊर्जा) मंत्रालय के अधीन आता है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा मंत्रालय के माननीय मंत्री जितेंद्र सिंह से कई चरणों में बैठक की। उन्हें राज्य के स्वास्थ्य ढांचे और विशेषकर कैंसर उपचार की वर्तमान स्थिति के बारे में बताया। वे जितेंद्र सिंह का आभार प्रकट करते हैं की उन्होंने प्राथमिकता के साथ इस विषय पर सहयोग किया। कल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मुलाकात के दौरान राज्य में कैंसर संस्थान के बारे में लंबी चर्चा हुई और उन्होंने कहां कि राज्य सरकार कि ओर से महत्वपूर्ण कार्य में प्राथमिकता से सहयोग किया जाएगा। सांसद बलूनी ने कहा कि अब विश्व स्तरीय कैंसर संस्थान कि उत्तराखंड में स्थापना अंतिम चरण में है। हम शीघ्र ही राज्य हेतु इस सौगात को प्राप्त करने के निकट हैं।

70 विधानसभाओं में दो माह तक कार्यक्रम शुरू करने उत्तराखंड आएंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी की विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने जल्द उत्तराखंड आएंगे। इस दौरान वह 10 कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। अगले दो माह तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पार्टी के मंत्री और पदाधिकारी सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम शुरू करेंगे। जिलों की कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

रविवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष की अध्यक्षता और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय की मौजूदगी में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के बाद भाजपा की यह पहली अहम बैठक थी। इसमें रामनगर में हुई चिंतन बैठक में विधानसभा चुनावों के लिए तय किए गए रोडमैप पर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी के अगले दो माह के कार्यक्रम तय किए गए। निर्णय लिया गया कि सभी 252 मंडलों में एक मंत्री व पदाधिकारी दौरा करेंगे। जल्द प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाई जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड भ्रमण कार्यक्रम पर मुहर लगाई गई। इस दौरान उनके 10 कार्यक्रम तय किए गए जिनमें कोर कमेटी, जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों व बूथ कमेटी के साथ बैठकें रखी गई हैं। चुनावी रणनीति को धार देने के लिए वार रूम स्थापित किया जाएगा। सोशल मीडिया व मीडिया प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी 70 विधानसभाओं में पूर्णकालिक कार्यकर्त्ता तैनात किए जाएंगे। जिलों में पदाधिकारियों में जोश भरने के लिए जिला स्तरीय कार्यसमिति आयोजित की जाएंगी, जिसमें मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि बैठक में दो माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराखंड भ्रमण कार्यक्रम पर मुहर लगाई गई। इस दौरान उनके 10 कार्यक्रम तय किए गए जिनमें कोर कमेटी, जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों व बूथ कमेटी के साथ बैठकें रखी गई हैं। चुनावी रणनीति को धार देने के लिए वार रूम स्थापित किया जाएगा। सोशल मीडिया व मीडिया प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी 70 विधानसभाओं में पूर्णकालिक कार्यकर्त्ता तैनात किए जाएंगे। जिलों में पदाधिकारियों में जोश भरने के लिए जिला स्तरीय कार्यसमिति आयोजित की जाएंगी, जिसमें मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि बैठक में दो माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

टोल प्लाजा मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पत्र का हवाला देकर तहसीलदार ने तुड़वाया अनशन

प्रस्तावित नेपाली फार्म टोल प्लाजा विरोधी सर्वदलीय संघर्ष समिति के तत्वावधान में विगत 43 दिन से चल रहा धरना 21 दिन से चल रहा क्रमिक अनशन तहसीलदार अमृता शर्मा ने तुड़वाया। तहसीलदार ने समिति के धरना स्थल में आकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पत्र का हवाला देकर अनशन कार्यों से अनशन समाप्त करने की अपील की। धरना स्थल में तहसीलदार अमृता शर्मा ने कहा कि वर्तमान में केवल लच्छीवाला टोल प्लाजा संचालित है तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 58 अंतर्गत वर्तमान में अन्य टोल प्लाजा संचालित किए जाने हेतु अग्रिम आदेश प्राप्त नहीं है।

उक्त टोल प्लाजा संचालित करने की कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। अतः आप लोगों को अपना अनशन समाप्त कर देना चाहिए। तहसीलदार अमृता शर्मा ने समिति के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत एवं अन्य आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। समिति अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत व समिति के संयोजक संजय पोखरियाल ने कहा कि राजनीतिक लाभ लेने की दृष्टि से टोल प्लाजा का समस्त प्रकरण षड्यंत्र क्षेत्रीय विधायक विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने तैयार किया, जिसकी मजिस्ट्रेट जांच होनी अति आवश्यक है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि आज राष्ट्रीय प्राधिकरण के पत्र से स्पष्ट हो गया कि नेपाली फार्म टोल प्लाजा के खेल में कोई ना कोई शामिल हैं और इसके पीछे कौन है इसकी जाँच की जानी चाहिये कि किसने वहाँ पर पेड़ कटवाये किसने वहाँ जेसीबी मशीन लगवाकर प्राकृतिक श्रोत की दिशा बदलने का काम किया यह एक अपराध है और इसके दोषी के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिये। रमोला ने समिति के सदस्य डा. रवि रस्तोगी के प्रयासों का आभार जताया।

आम आदमी पार्टी के विधिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अधिवक्ता लालमणि रतूड़ी ने कहा कि टोल प्लाजा प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण स्थापित किया जा रहा था। जिसे जागरूक जनता ने समय रहते नहीं लगने दिया। जो आम जनमानस की जीत है।

यूरोपी नेता कनक धनाई व समिति संरक्षक भगवती प्रसाद सेमवाल ने हिमालय और हिंदुस्तान के संपादक डॉ रवि रस्तोगी का टोल प्लाजा के संदर्भ में सच्चाई सामने लाने के लिए आभार प्रकट किया। इस अवसर पर किसान यूनियन लोक शक्ति के अध्यक्ष राणा सुरेंद्र सिंह, देवी प्रसाद व्यास, शोभा भट्ट, बाबूराम धारवान, लवीश जायसवाल, गब्बर कैंतूरा, मनोज गुसाई, गोकुल रमोला, रवि राणा, अमन पोखरियाल, के के थापा, कुंवर सिंह गोसाई, लालमणि रतूड़ी, देव पोखरियाल, यश अरोड़ा, हिमांशु जाटव आदि उपस्थित थे।

सूरत में न हो कांवड़ यात्रा, आईएमए ने सीएम को लिखा पत्र


देहरादून। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) उत्तराखंड ने कांवड़ यात्रा को मंजूरी न देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है।

आईएमए ने अपने पत्र में लिखा है कि तीसरी लहर देश में दस्तक देने वाली है। कोरोना की पहली लहर के बाद कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं किया। जिस वहज से कोरोना की दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक साबित हुई।

अपनी पिछली विफलता से सीखते हुए हमें कांवड़ भक्तों को राज्य की सीमाओं में प्रवेश नहीं करने देना चाहिए और उत्तराखंड को कोविड की तीसरी लहर से सुरक्षित रखना चाहिए। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने में हमारी लापरवाही पर चिंता प्रकट की है।

लोगों का जीवन हमारे लिए सर्वोपरिः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ यात्रा को लेकर रविवार को कहा था कि बात आस्था की है, लेकिन लोगों की जिंदगी भी दांव पर है। भगवान को भी यह अच्छा नहीं लगेगा यदि लोग कांवड़ यात्रा के कारण कोविड से अपनी जान गंवाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 30 जून की कैबिनेट की बैठक में फैसला किया था कि इस साल कांवड़ यात्रा नहीं होगी। कांवड़ यात्रा आस्था से जुड़ी है। फिर भी हम सोच रहे हैं कि अगर कोई गुंजाइश है तो उस बारे में हम उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। लेकिन लोगों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि हम सिर्फ मेजबान राज्य हैं। 15 दिनों में तीन करोड़ से अधिक कांवड़िये राज्य का दौरा करते हैं। बात आस्था की है, लेकिन लोगों की जिंदगी भी दांव पर है। लोगों का जीवन बचाना हमारी पहली प्राथमिकता है।

किसी भी कीमत पर लोगों को जान का खतरा न हो, किसी की भी जान जाए। जान बहुत कीमती है और हम किसी भी जान को खतरा नहीं होने देंगे।

सीमित संख्या में दें बाहरी श्रद्धालुओं को प्रवेश

एक तरफ जहां व्यापारी चारधाम और कांवड़ यात्रा खोलने की मांग के लिए आंदोलन कर रहे हैं, वहीं, दूसरी तरफ हरिद्वार मशाल संगठन ने धर्मनगरी में बाहरी श्रद्धालुओं को समिति संख्या में प्रवेश देने की मांग की है। संगठन ने कहा है कि बाहरी यात्री तीर्थनगरी का माहौल बिगाड़ रहे हैं और कोरोना संक्रमण को भी बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें बॉर्डर पर कोरोना टेस्टिंग के बाद ही अनुमति देने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

श्रवणनाथ नगर में हुई संगठन की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर मनोज कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने लंबे समय से स्थानीय लोगों को कभी लॉकडाउन तो कभी कोविड कर्फ्यू करके कैद करके रखा है। इससे शहर के व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन बाहरी लोग बे-रोक टोक गंगा घाटों पर पहुंचकर तीर्थनगरी की मर्यादा को तार-तार कर रहे हैं।

इससे विश्वभर में गलत संदेश जा रहा है। महासचिव कुलदीप सिंह ने कहा कि अनाधिकृत रूप से प्रवेश करके बाहरी लोग स्थानीय व्यवस्थाओं को बिगाड़ रहे हैं। संगठन ने पांच से 10 हजार लोगों को कोरोना टेस्टिंग के बाद प्रवेश देने की मांग उठाई है।

कहा कि अगर प्रशासन ने ऐसा नहीं किया तो धर्मनगरी के लोगों को कोरोना काल में भयंकर महामारी से जूझना पड़ सकता है। इस मौके पर जिला प्रवक्ता राजू भाई, मुन्नी चैहान, अनिता बंसल, कुलदीप सिंह, सुनील कुकरेती और मोनिका सिंह आदि मौजूद रहे।