बिना राजनीतिक पृष्टभूमि के सैनिक के पुत्र को मुख्य सेवक बनाने पर सीएम ने किया केंद्रीय नेतृत्व का आभार


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड सदन में मीडिया के साथ वार्ता की। उन्होंने कहा कि वे एक सैनिक के पुत्र हैं। बिना राजनीतिक पृष्ठभूमि के मुख्य सेवक के रूप में काम करने का अवसर देने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृह मंत्री और केंद्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री का और केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड के विकास के प्रपोजलों को उनके सामने रखा है। आश्वासन दिया गया है कि उन सब को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में सस्ती और 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने पर लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ श्रद्धा और आस्था का विषय है, श्रद्धा और आस्था का विषय भगवान से जुड़ा हुआ होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता है कि किसी भी कीमत पर लोगों की जान का खतरा ना हो, किसी की भी जान ना जाए, जान बहुत कीमती है और हम किसी की भी जान को खतरा नहीं होने देंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जब से केंद्र में सरकार बनी है उत्तराखंड के अंदर जो काम हुए वे स्वतंत्र भारत के इतिहास में कभी भी नहीं हुए। प्रदेश भर में सड़कों का जाल बिछा है। इन विपरीत परिस्थितियों में भी गरीबों को राशन देने की योजना चल रही है। वैक्सीन की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 साल के कार्यकाल में मेरे से पहले जो मुख्यमंत्री रहे हैं उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है, उन्हीं कामों को हम आगे बढ़ाएंगे, जो काम पूरे नहीं हुए हैं रह गये, हम उनको पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता है कि जितने शिलान्यास हुए हैं हर किसी का हम लोकार्पण करेंगे। जो काम हमारी सरकार ने शुरू किए हैं हम उन कामों को पूरा करेंगे। नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में हमने पहली कैबिनेट में भर्ती निकालने के लिए प्रस्ताव लाने के साथ ही स्वरोजगार के माध्यम से भी लाखों रोजगार सृजन करने का भी काम करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सभी को साथ लेकर हम उत्तराखंड को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे सामने केवल चुनौती है उत्तराखंड को आगे ले जाने की। हमारा विकास का एजेंडा है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा जो उत्तराखंड के अंदर जो काम किए हैं उन्हें घर-घर तक पहुंचाना हमारा एजेंडा है। हमारी सरकार द्वारा जो योजनाएं शुरू की गयी हैं उनको पूरा करना, लोगों को रोजगार देने के साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त शासन देना हमारा एजेंडा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल सरकार के रूप में नहीं साझेदार के रूप में काम करें यह हमारा एजेंडा है।

सीएम ने लघु जल विद्युत परियोजनाओं के विकास व निर्माण को नई नीति का किया अनुरोध


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय ऊर्जा और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखण्ड राज्य में लघु जल विद्युत परियोजनाओं के विकास और निर्माण के लिए नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा अनुदान दिये जाने हेतु नई नीति व दिशा-निर्देश शीघ्र निर्धारित करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के अंतर्गत कई लघु जल विद्युत परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है जबकि कुछ नई परियोजनाओं को प्रारम्भ किया जाना है। इन परियोजनाओं के टैरिफ को कम किये जाने के लिए केन्द्रीय वित्तीय सहायता की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत उत्तराखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों में पथ प्रकाश की सुविधा उपलब्ध कराये जाने के लिये 90 प्रतिशत केन्द्रांश पर कुल 19665 संख्या सोलर स्ट्रीट लाईटों की स्वीकृति प्रदान की गयी थी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखण्ड राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत सोलर स्ट्रीट लाईटों की स्थापना के लिए निर्धारित समयावधि को विस्तारित करने और अवशेष कार्यों को जल्द पूर्ण कराये जाने के लिए संबंधित एजेंसी को निर्देशित करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने किशाऊ परियोजना पर चर्चा करते हुए कहा कि परियोजना की विद्युत घटक लागत एवं जल घटक लागत को भविष्य में परियोजना की कुल पुनरीक्षित लागत के सापेक्ष क्रमशः 13.3 प्रतिशत व 86.7 प्रतिशत पर स्थिर किया जाए। उत्तराखण्ड और हिमाचल प्रदेश को बिना किसी बाधवार सीमा के अपने जलांश का उपयोग किये जाने और अपने जलांश के अनुपयोगी जल को (यदि कोई हो) किसी भी राज्य को विक्रय किया जाने की अनुमति हो। उत्तराखण्ड राज्य को पूर्व में अपर यमुना रीवर बोर्ड द्वारा आवंटित जलांश 3.814 प्रतिशत से कम न किया जाए। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से किशाऊ बहुउद्देशीय बाँध परियोजना के कार्यान्वयन को गति प्रदान करने हेतु उक्त संशोधनों के साथ अंतर्राज्यीय समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किये जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करवाने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून में यमुना नदी पर स्थित लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना पर चर्चा करते हुए कहा कि परियोजना निर्माण हेतु सभी वांछित स्वीकृतियाँ प्राप्त हैं तथा वित्तीय सहायता हेतु भारत सरकार की आर्थिक मामलों की मंत्रीमण्डलीय समिति से स्वीकृति एवं केन्द्रीय अनुदान प्राप्त होते ही इस राष्ट्रीय महत्व की परियोजना का निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने केद्रीय मंत्री से भारत सरकार की आर्थिक मामलों की मंत्रिमण्डलीय समिति से लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना की शीघ्र वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने हेतु प्राथमिकता पर आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के कुम्भ क्षेत्र की ओवरहेड विद्युत लाईनों को भूमिगत किये जाने के लिए आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री से इसके अनुरूप ही भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित किसी योजना के अ्रतर्गत हल्द्वानी की ओवरहेड विद्युत लाईनों को भूमिगत कराए जाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार की रिवैम्प्ड रिफार्म्स लिंक्ड रिजल्ट्स बेस्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्किम ( Revamped Reforms- Linked Results-Based Distribution Sector Scheme) के अन्तर्गत ओपेक्स मोड में स्मार्ट मीटर एवं प्री-पेड मीटर लगाना प्रस्तावित किया गया है। केन्द्र सरकार द्वारा “स्मार्ट मीटर एंव प्री-पेड मीटर के अन्तर्गत सकल बजट सहायता ( Gross Budgetary Support) का केवल 15 प्रतिशत ही प्राविधान किया गया है, जिस कारण राज्य सरकार की वितरण कम्पनी को इस नीति को क्रियान्वयन करने में वित्तीय भार वहन करने सम्बन्धी व्यवाहरिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि विशेष श्रेणी राज्यों को प्रस्तावित सकल बजट सहायता ( Gross Budgetary Support) की 15 प्रतिशत दर को बढ़ा कर 50 प्रतिशत स्वीकृत की जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली भी उपस्थित थे।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से मिले सीएम, हवाई सेवाओं पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखण्ड राज्य में हवाई सेवाओं के सुदृढीकरण से संबंधित विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में स्थित एयरस्ट्रिप को हवाई सेवाओं की दृष्टि से अधिक व्यवहार्य बनाये जाने के लिए सर्वे हेतु भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तगत किये जाने तथा क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत पिथौरागढ़ से हवाई सेवा हेतु की गयी निविदा प्रक्रिया के उपरांत हवाई सेवा के सुचारू संचालन के लिये सबंधित को निर्देशित करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को पूर्व में लिये गये सैद्धांतिक निर्णयों से अवगत कराते हुए बताया कि भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत पूर्व स्वीकृत मार्ग को पाइन्ट टू पाइन्ट करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर सैद्धान्तिक सहमति प्रदान की गयी थी। साथ ही क्षेत्रीय सम्पर्क योजना में उत्तराखण्ड राज्य में संचालित की जाने वाली हैलीकॉप्टर सेवा के लिये सिंगल इंजन हैलीकॉप्टर की अनुमन्यता प्रदान किये जाने का आश्वासन दिया गया था। क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा पवन हंस लि० को सप्ताह में तीन फ्लाईट स्वीकृत हैं। यह सैद्धांतिक सहमति हुई थी कि पवन हंस लि० द्वारा सप्ताह के अन्य दिनों में भी कुमाऊँ क्षेत्र में हवाई सेवाएं प्रदान किये जाने के विषय पर विचार किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने उक्त सभी सैद्धान्तिक निर्णयों के क्रियान्वयन हेतु संबंधित को यथाशीघ्र आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित करने का का भी केन्द्रीय मंत्री से आग्रह किया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली भी उपस्थित थे।

क्षेत्रीय विधायक ने केवल मालाएं पहनी, कुछ काम नहीं कियाः रमोला


एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला व बूथ प्रभारी गजेन्द्र विक्रम शाही ने बूथ स्तर पर कांग्रेस की मजबूती को लेकर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की हरिपुर कला के हिमालयन कॉलोनी में लोगों के साथ बैठक की। मौके पर आगामी विधानसभा चुनाव 2022 पर परिचर्चा हुई और आगे की रणनीति के लिये उनसे सुझाव माँगे गए।

जयेन्द्र रमोला ने कहा कि देश व प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महँगाई व भ्रष्टाचार से आज प्रदेश का हर नागरिक आजिज आ चुका है क्षेत्र वासियों ने क्षेत्र में बढ़ती पानी, शिविर व जंगली जानवरों जैसी अन्य समस्याओं से अवगत कराया परन्तु भाजपा के क्षेत्रीय विधायक पिछले पंद्रह साल से केवल मालाएं पहनने के अलावा और दूसरा कोई काम नहीं किया आज हर व्यक्ति भाजपा सरकार की नाकामियों से आजिज आ चुका है इसीलिए अब गाँव गाँव में लोगों से मिलकर बूथों पर टीमों का गठन कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिये बूथ स्तर तक तैयारी की जा रही है जिससे इस बार ऋषिकेश विधानसभा में भाजपा को करारा जवाब दिया जा सके।

रमोला ने बताया कि हम सभी लोगों से मिलकर सुझाव ले रहे हैं व उनके सुझावों चुनावी तैयारियों में कितने किफायती है उसपर मंथन कर उस पर कार्य किया जायेगा।

कांग्रेस सैनिक विभाग के प्रदेश महामंत्री गजेंद्र विक्रम शाही ने कहा कि आज हमें हरिपुर आने के लिये हरिद्वार के पास से होकर आना पड़ता है जबकि कई बार घोषणाओं के बाद भी हरिपुर में अंडर पास की सुविधा नहीं मिल पाई है ।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश महिला महासचिव सविता शर्मा, प्रेम लाल शर्मा (अन्नी शर्मा), शेलेन्द्र, मदन सिंह रावत, सनी अग्रवाल, इशांत यादव, अंशु राजपूत, नरपत सिंह, संजय सिंह रावत, एसके उनियाल, संतोष, मुकेश, विजेंद्र कुमार, मनोज नवादिया, मनीष शर्मा, विजेंद्र कुमार, चंद्र देव, देवेंद्र सिंह नेगी, राज, दिलप्रीत सिंह आदि उपस्थित रहे।

पुलिस ने सम्मोहित कर ठगी करने वाले बाबा को पकड़ा, नौ लाख के जेवरात बरामद


ऋषिकेश में एक बाबा ने महिला को सम्मोहित कर नौ लाख रूपए के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया, मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो एसओजी देहात व कोतवाली ऋषिकेश की संयुक्त ने बाबा को नौ लाख रुपए के जेवरात के साथ गिरफ्तार किया है।

गढ़वाल ज्वैलर्स के ओनर हितेंद्र सिंह पंवार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि पत्नी मानसिक समस्या से जूझ रही है, इसी का फायदा उठाकर एक बाबा ने आध्यात्मिक रूप से उपचार करने के बहाने अपने निवास स्थान पर बुलाया। बताया कि बाबा ने दिसंबर 2019 से अब तक एक रुद्राक्ष की माला, सोने का ब्रेसलेट, रुद्राक्ष का ब्रेसलेट, सोने की माला, सोने की 04 अंगूठी, तुलसी की माला तथा कुछ रुपए नगद भी लिए गए हैं। पुलिस ने मामले को लेकर बाबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी के निवास स्थान नेचर विला, नंबर 21 पर दबिश दी गई। जहां से आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। आरोपी से सोने चांदी का सामान भी बरामद किया गया है। कोतवाल ने आरोपी की पहचान योगी प्रियव्रत अनिमेश उर्फ महेंद्र रोड उर्फ रोबिन खलीफा पुत्र सुल्तान सिंह निवासी आजाद नगर, थाना मॉडल टाउन पानीपत हरियाणा के रूप में कराई।

कोतवाल ने बताया कि आरोपी पर हरियाणा में भी तीन मुकदमें पंजीकृत हैं।

पार्षद के खिलाफ कोतवाली पहुंचा हिंदु जागरण मंच, ऋषिकेश पुलिस को आरोपी

बीते रोज पार्षद शौकत अली पर एक परिवार के साथ मारपीट के मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मामले को लेकर हिंदू जागरण मंच से जुड़े कार्यकर्ता आज कोतवाली ऋषिकेश आ पहुंचे। उन्होंने पार्षद की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कोतवाली पुलिस को ज्ञापन दिया।

हिजामं के सत्यवीर तोमर ने कहा कि पार्षद शौकत अली पर गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। लिहाजा पार्षद की गिरफ्तारी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सोमवार तक पार्षद की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मंगलवार को पुलिस के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्षद को पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता का संरक्षण प्राप्त है, जो गिरफ्तार करने से पुलिस बच रही है।

वहीं, पार्षद शौकत अली ने भी अपना पक्ष स्पष्ट किया है, पार्षद ने हैरतअंगेज खुलासा करते हुए कहा है कि मारपीट की घटना जरूर हुई है, मगर न ही वह स्वयं और उनके परिजन शिकायतकर्ता के घर गए और न ही डंडे और ईंट से मारपीट की गई। मामले दोनों पक्षों की ओर से सुलह की ओर बढ़ रहा था। मगर, जानबुझकर मामले को तूल दिया जा रहा है, पार्षद ने बताया कि वह स्वयं तब इस मामले में आए, जब तक घटनाक्रम निपट चुका था। पार्षद ने यह भी कहा कि गर्भवती महिला वाली बात भी झूठ है, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।

ऋषिकेश पुलिस ने पार्षद शौकत अली पर दर्ज किया मारपीट का मुकदमा


ऋषिकेश में भाजपा के टिकट से पार्षद बने शौकत अली पर गर्भवती महिला सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट का आरोप लगा है, पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पार्षद सहित अन्य चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

बैराज कॉलोनी, पशुलोक निवासी बबीता सैनी पत्नी स्व. राजकुमार सैनी ने ऋषिकेश कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घर पर बैठी थी। उनका भाई रोते हुए आया, पूछने बताया कि परवेश नामक युवक ने उसके साथ शराब के नशे में होकर मारपीट की है। महिला ने आरोप लगाया कि इसी बीच परेवश अपनी मां, गोलू, पार्षद शौकत अली, साजिया सहित अन्य लोग घर में आ धमके। सभी ने डंडों व ईंट से मारपीट की। जिसमें उनकी बेटी व उसकी मासूम बच्ची को पीटा गया। यही नहीं पार्षद ने अपने साथियों के साथ गर्भवती महिला को भी बुरी तरह से पीटा।

वहीं, पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान से सीएम ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा समय-समय पर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राज्य के सर्वांगीण विकास में अमूल्य सहयोग प्रदान किया जाता रहा है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को राज्य की शैक्षिक उपलब्धियों से अवगत कराते हुए बताया कि राज्य को शिक्षा से सम्बन्धित सतत् विकास लक्ष्य रिपोर्ट 2020-21 में चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ है तथा राज्य को फ्रण्ट रनर ( Front Runner) राज्यों में सम्मिलित किया गया है। भारत सरकार द्वारा समय-समय पर विद्यालयी शिक्षा में गुणात्मक सुधार हेतु राज्य को यथा अपेक्षित सहयोग एवं निर्देशन दिया गया है।

राज्य सरकार द्वारा कुछ महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं को समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2021-22 के बजट में सम्मिलित किया गया है। जिसमें केन्द्र का महत्वपूर्ण सहयोग अपेक्षित है। इनमें विद्यालयों में वर्चुअल क्लासरूम ( Virtual Classroom) की स्थापना, विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम (Smart Classroom) की स्थापना, आकांक्षी जनपदों के बच्चों के लिए ई-टेबलेट ( e-tablet), शिक्षकों की रियल टाइम उपस्थिति अनुश्रवण प्रणाली (Teachers:Real Time Attendance Monitoring System), छात्र-छात्राओं हेतु स्पोकन इंग्लिश कार्यक्रम (Spoken English Programme), वर्चुअल रियलिटी लैब (Virtual Reality Lab), डिजिटल साक्षरता ( Digital Literacy), डिजिटल माइक्रोस्कोप (Digital Microscope) और प्रारम्भिक स्तर पर विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित के विकास के लिए कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। राज्य के सीमित संसाधनों को देखते हुए केन्द्र से सहयोग का अनुरोध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्याहन भोजना योजना के अन्तर्गत आच्छादित कक्षा 1 से 8 तक के छात्र छात्राओं की प्रोटीन/आयरन/कैलोरी की आवश्यकता को पूर्ण करने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मोटा अनाज ( Millet) सब्सिडी के आधार पर उपलब्ध कराया जाना चाहिए ताकि छात्र छात्राओं के पोषण स्तर सुधार के साथ ही स्थानीय कास्तकारों को भी इसका लाभ मिल सके। इस संदर्भ में सब्सिडी को सम्मिलित करते हुये आवश्यक प्रस्ताव भारत सरकार के अनुमोदन हेतु प्रेषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखण्ड राज्य में पूर्ण रूप से केन्द्रपोषित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) खोले जाने के सम्बन्ध में स्वीकृति प्रदान करने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार उक्त संस्थान हेतु जनपद देहरादून में निःशुल्क भूमि की व्यवस्था कर ली गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा समय-समय पर विद्यालयी शिक्षा में गुणात्मक सुधार हेतु राज्य को उपलब्ध कराये गये भौतिक संसाधनों जिसमें निर्माण कार्य आदि सम्मिलित हैं के साथ ही डिजिटल लर्निंग हेतु 1100 विद्यालयों के लिए वर्चुअल कक्षायें एवं 920 विद्यालयों में स्मार्ट कक्षायें, व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु 200 विद्यालयों के लिए व्यावसायिक पाठ्यक्रम आदि में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया जिससे राज्य को उक्त उपलब्धि प्राप्त हो सकी है। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार द्वारा समय-समय पर दिये गये सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए राज्य की ओर से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली भी उपस्थित थे।

सीएम आवास घेराने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस दल ने रोका

भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, लचर कानून व्यवस्था व महिलाओं के उत्पीडन के मामले में विधायकों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास का घेराव की कोशिश की। जिसमें हजारों की संख्या में कांग्रेस जन व आम जन शामिल हुऐ। प्रदर्शनकारियों को पुलिस के द्वारा हाथीबडकला के पास बैरिकैटिंग लगा कर रोका गया। वहाँ से गिरफ्तार कर पुलिस लाइन लाया गया। प्रदर्शन करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह चोटिल भी हो गये।

प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कहा कि आज इस जन सैलाब को देखकर प्रदेश की भाजपा सरकार को अहसास हो गया होगा कि प्रदेश में उनके द्वारा की गई प्रदेश की दुर्दशा के लिये अब जनता माफ नहीं करेगी। 2022 के चुनाव में प्रदेश से व 2024 के चुनाव में देश की सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि ये चार साल में तीन मुख्यमंत्रियों को बदलने वाली सरकार ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। कुम्भ में आरटीपीसीआर घोटाले की जाँच में लीपापोती करने का काम किया। उनके विधायक महिलाओं के साथ उत्पीडन करते हैं परन्तु ये उनको बचाने का काम करते हैं, तो इससे साबित होता है ये सरकार सिर्फ और सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिये झूठे वादे झूठे जुमले कहने के साथ साथ झूठा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने का काम करते हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि आज के प्रदर्शन में उमड़ी भीड़ से ये आगाज हो गया कि प्रदेश से जल्द ही भाजपा की विदाई हो जायेगी और उनके द्वारा किये गये घोटालों और महिलाओं के साथ अत्याचारों को जनता माफ नहीं करेगी, इन्होंने प्रदेश को प्रयोगशाला बना डाला है। प्रदेश की जनता 2022 का इंतजार कर रही है और भाजपा को सबक सिखाने की तैयारी कर रही है।

तीसरी लहर को देखते हुए सीएम ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को दी राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने कोविड की सम्भावित तीसरी लहर को देखते हुए उत्तराखण्ड सरकार द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र के सहयोग से राज्य में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर में काफी सुधार किया गया है। प्रदेश में वर्तमान में कोविड पर काफी हद तक नियंत्रण कर लिया गया है। अभी भी राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। सम्भावित तीसरी लहर को देखते हुए विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सारी तैयारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स ऋषिकेश उत्तराखण्ड को केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण देन है। कोविड से लड़ाई में इसकी बड़ी भूमिका रही है। राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए कुमायूं मण्डल में भी इसी प्रकार के एक एम्स की स्थापना की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से इसके लिए अनुरोध करते हुए कहा कि राज्य सरकार इसके लिए भूमि उपलब्ध कराएगी। कुमायूं में एम्स की स्थापना से विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से क्षेत्र की जनता लाभान्वित हो सकेगी।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली भी उपस्थित थे।