पिथौरागढ़ में आपदा के दौरान हैलीकॉप्टर रहेगा तैनात, मुख्यमंत्री ने प्रदान की स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिवृष्टि एवं अन्य दैवीय आपदा के समय तत्काल राहत कार्यों हेतु पिथौरागढ़ में दो माह के लिये हैलीकॉप्टर तैनाती की स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिये है कि जब हेलीकाप्टर की आपदा राहत कार्यों के लिए आवश्यकता न हो तब हैलीकॉप्टर का उपयोग रियायती दरों पर भुगतान के आधार पर जन सामान्य हेतु वैकल्पिक यातायात के रूप में किया जाए। परंतु ऐसा तभी किया जाए जब हेलीकाप्टर की आपदा राहत कार्यों में जरूरत नहीं हो।

आपदा में प्रयुक्त घंटों के अतिरिक्त घंटों में हैलीकॉप्टर का उपयोग रियायती दरों पर भुगतान के आधार पर जन सामान्य हेतु वैकल्पिक यातायात के रूप में करने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रतिव्यक्ति निर्धारित रूपये तीन हजार की किराये की दर को मंजूरी प्रदान की है। इस हैलीकॉप्टर को निर्धारित शर्तों के अधीन दो माह के लिये पिथौरागढ़ में तैनात किये जाने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिये हैं।

उत्तराखंडः मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस इन्टर्न के स्टाईपेंड में हुई वृद्धि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस इन्टर्न डॉक्टरों के स्टाईपेंड को रूपये 7500 रूपए प्रतिमाह से बढ़ाकर 17,000 रूपए किये जाने की स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के प्रभाव को कम करने तथा पीड़ितों को त्वरित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में हमारे चिकित्सकों एवं पेरामेडिकल स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात कर परिवहन व्यवसाईयों ने रखी समस्या, सकारात्मक आश्वासन भी मिला

उत्तराखंड परिवहन महासंघ का 5 सदस्य प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड के परिवहन व्यवसायियों की समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में उनके आवास मैं मिलकर अपना मांग पत्र सौंपा।

महासंघ अध्यक्ष सुधीर राय ने मुख्यमंत्री को परिवहन व्यवसाई की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि चार धाम यात्रा का संचालन 2 वर्ष से नहीं हो पाया है जिस कारण वाहन स्वामियों की आर्थिकी पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। वाहन स्वामी वाहनों की किस्त नहीं दे पा रहा है, वहीं बिना चले वाहनों का टैक्स भरना पड़ रहा है। यातायात पर्यटन विकास सहकारी संघ के उपाध्यक्ष नवीन रमोला ने बताया कि परिस्थितियां सामान्य होने पर कुछ वाहनों को लोकल सेवा के रूप में सड़कों पर उतारा गया है परंतु पुलिस एवं आरटीओ प्रवर्तन दल द्वारा नाहक ही चालान की कार्रवाई की जा रही है। जबकि उत्तराखंड की सीमा लगते हुए राज्यों द्वारा जैसे उत्तर प्रदेश और हिमाचल में परिवहन अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है कि गंभीर अपराध होने पर ही वाहनों का चालान किया जाए।

गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक मालिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत एवं यात्रा प्रभारी मदन कोठारी ने बताया कि यदि शीघ्र वाहन स्वामियों को आर्थिक राहत का पैकेज नहीं दिया जाता है, तो वाहन स्वामी आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो जाएगा। इसलिए सरकार को चाहिए कि शीघ्र अति शीघ्र वाहन स्वामी के हितों के लिए राहत पैकेज घोषित करें मुख्यमंत्री ने समस्त मांगों को गंभीरता पूर्वक सुना एवं आश्वासन दिया कि शीघ्र अति शीघ्र राहत पैकेज घोषित किया जाएगा। जिसमें निश्चित तौर पर वाहन स्वामियों को लाभ होगा।

शैलेन्द्र बिष्ट को प्रदेश सचिव बनने पर कांग्रेसियों ने किया सम्मान समारोह


कांग्रेस भवन रेलवे रोड ऋषिकेश में आज कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त प्रदेश सचिव शैलेन्द्र बिष्ट व ओबीसी प्रकोष्ट में प्रदेश सचिव दीनदयाल राजभर को बनाए जाने पर हर्ष जताया और मौके पर उनका सम्मान भी किया गया।

प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने कहा कि अगले वर्ष 2022 में विधानसभा के चुनाव होने हैं तथा कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूती पर ध्यान दे रही है। शैलेंद्र बिष्ट को प्रदेश सचिव बनाकर कांग्रेस को और मजबूत बनाने का कार्य किया है। कहा कि शैलेंद्र बिष्ट अपने छात्र जीवन से ही कांग्रेस को मजबूत बनाने का कार्य कर रहे हैं छात्र संघ के अध्यक्ष का चुनाव भी जीत चुके हैं तथा नगर में विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्ष व महामंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं क्षेत्र में शैलेंद्र बिष्ट की मजबूत पकड़ है, जो कांग्रेस को और मजबूत करने का कार्य करेंगे। तथा दीनदयाल राजभर ने राजभर समाज में कांग्रेस की नीतियों को पहुंचा कर कांग्रेस को मजबूत बनाने का कार्य करें।

प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला ने कहा कि छात्र जीवन में शैलेंद्र बिष्ट के साथ कार्य किया है इनमें नेतृत्व क्षमता शानदार है जो कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे। दीनदयाल राजभर भी कांग्रेस को मजबूती देंगे।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज देवरानी, चंदन सिंह पवार, पार्षद मनीष शर्मा, पार्षद राकेश सिंह, पार्षद भगवान सिंह पवार, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत, प्यारेलाल जुगरान, सेवादल अध्यक्ष रामकुमार भरतोलिया, विमला रावत, मधु जोशी, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव कमलेश शर्मा, भगवती प्रसाद सेमवाल, नंदकिशोर जाटव, राजेंद्र जाटव, लल्लन राजभर, कैलाश सेमवाल, शिवा सिंह एनएसयूआई अध्यक्ष, जगजीत सिंह जग्गी, पुरंजय भारद्वाज, हरिराम वर्मा, एकांत गोयल आदि उपस्थित रहे।

स्वयं को आग लगाने वाले व्यापारी ने तोड़ा दम, दुकान स्वामी अरेस्ट

रेलवे रोड़ पर दुकान मालिक द्वारा एडवांस किराया न दिए जाने पर दुकान में ताला लगाने के कारण तनाव में चल रहे व्यापारी ने स्वयं को आग लगा दी थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दुकान स्वामी को गिरफ्तार किया है, वहीं, पीड़ित व्यापारी बृजपाल निवासी बनखंडी ने दम तोड़ दिया है।

मामले में पीड़ित व्यापारी की पुत्री रिया पाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आज उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने आरोपी की पहचान असीम फारूखी (एडवोकेट) पुत्र अहमद फारूकी निवासी 194 गंगा विहार ऋषिकेश के रूप में कराई है।

मिशन मर्यादा के तहत ऋषिकेश में तीन गिरफ्तार

उत्तराखंड पुलिस के मिशन मर्यादा के तहत तीर्थनगरी में आज पहला मामला देखने को मिला। जब एक अधेड़ सहित तीन लोग गंगा तट पर हुक्का व मदिरा का सेवन करते पाए गए। पुलिस ने तीनों को अरेस्ट कर जेल भेजा है।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि त्रिवेणी घाट परिसर में हुक्का पीने पर 03 व्यक्तियों के विरुद्ध, आपदा प्रबंधन अधिनियम, कोटपा अधिनियम व उत्तराखंड राज्य महावारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बताया कि कार्रवाई त्रिवेणी घाट चैकी इंचार्ज उत्तम रमोला की ओर से की गई।

उन्होंने आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय देवेंद्र पुत्र एनएन शर्मा निवासी घासा रोड निकट वाल्मीकि मंदिर, मित्राऊ, थाना बाबा हरिदास नगर, दक्षिण पश्चिम दिल्ली, 27 वर्षीय आनंद पुत्र रामवीर सिंह निवासी गोपाल नगर नजफगढ़ थाना बाबा हरिदास नगर दिल्ली और 65 वर्षीय अमर सिंह पुत्र दिलावर सिंह निवासी 500 स्वामी बाड़ा मित्राऊ, थाना बाबा हरिदास नगर दक्षिण पश्चिम दिल्ली के रूप में कराई है।

उत्तराखंडः परिवहन निगम के कर्मियों के वेतन को 34 करोड़ रूपए स्वीकृत


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड परिवहन निगम के कर्मचारियों के वेतन आदि के लिए 34 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है। उनकी समस्त समस्याओं का समाधान करने के लिये राज्य सरकार तत्पर है।

गौरतलब है कि कोरोना के कारण बसों का संचालन न होने से परिवहन निगम को घाटा होने से उसके कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा था। 14 जुलाई को हुई कैबिनेट बैठक में इस पर व्यापक विचार विमर्श किया गया और परिवहन निगम के कर्मचारियों के वेतन इत्यादि विषय के संबंध में सहायता के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया था।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड परिवहन निगम के कर्मचारियों के वेतन आदि के लिए 34 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है।

जनता दर्शन हाल में सीएम ने प्रदेश की भावी योजनाओं पर डाला प्रकाश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित जनता दर्शन हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि उत्तराखण्ड को 2027 तक पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। पर्यटन एवं ऊर्जा की दिशा में राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क एवं रेल परियोजनाओं के कार्यों में और तेजी लाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मार्गदर्शन से राज्य में विभिन्न निर्माण कार्य तेजी से हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रदेश के 06 हजार गांव इंटरनेट कनेक्टिविटी से जोड़े जाएंगे। दिल्ली में केंद्रीय रेलवे एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री से इस संबंध में वार्ता हुई। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन के कार्यों एवं टनकपुर बागेश्वर ब्रॉडगेज रेलवे लाइन के सर्वे में तेजी लाने के लिए भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कोविड के दृष्टिगत राज्य में कांवड़ यात्रा को स्थगित किया गया है। प्रदेश की जनता का हित सरकार की पहली प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकाकरण के लिए जो लोग क्राइटेरिया में आते हैं, उनका अगले तीन चार माह में प्रदेश में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण किया जाएगा।

सीएम ने महालक्ष्मी योजना के तहत लाभार्थी माताओं और नवजात शिशुओं को बांटी किटें


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने चयनित लाभार्थी माताओं और नवजात शिशुओं को महालक्ष्मी किट वितरित किये। पूरे राज्य में समस्त जनपदों के कुल 16929 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढाओ का अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता का परिणाम है कि इस अभियान से व्यापक जनजागरूकता आई है। इससे लिंगानुपात मे सुधार भी देखने को मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने आस पास देखें तो पाएंगे कि बेटों की बजाय बेटियां माता पिता का अधिक ख्याल रखती हैं। आज जीवन का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जहाँ बेटियों ने सफलता न पाई हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा देवी कन्याधन योजना बेटियों को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण योजना है। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना भी शुरू की गयी है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमें बेटियों को आगे बढाने के लिए दोहरी मानसिकता को खत्म करना है। प्रकृति और संविधान ने समानता का संदेश दिया है। इसलिए बेटियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। महिला-पुरूष का समाज में समान महत्व है। भेदभाव की सोच को समाप्त करना है।

प्रसवोपरांत मातृ व कन्या शिशु के पोषण और अतिरिक्त देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत प्रथम दो बालिकाओं-जुड़वा बालिकाओं के जन्म पर माता और नवजात कन्या शिशु को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर सचिव हरि चंद्र सेमवाल व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना मे आवेदन हेतु आवश्यक अभिलेख-शर्तेः
1. आंगनवाडी केंद्र पर पंजीकरण
2.सरकारी अथवा प्राइवेट माता-शिशु रक्षा कार्ड की प्रति ( एमसीपी कार्ड)
3. संस्थागत प्रसव प्रमाण पत्र (यदि किसी आकस्मिक कारणवश रास्ते में या घर में प्रसव है हुआ है तो तद्विषयक आंगनवाडी कार्यकर्त्रीध् मिनी कार्यकर्त्रीध्आशा वर्कर ध् चिकित्सक द्वारा जारी प्रमाण पत्र )
4. परिवार रजिस्टर की प्रति
5. प्रथम द्वितीय या जुड़वाँ कन्या के जन्म हेतु स्वप्रमाणित घोषणा
6. नियमित सरकारी या अर्धसरकारी सेवक तथा आयकरदाता न होने विषयक प्रमाण पत्र।

कुत्तों के आतंक से इंदिरानगरवासी परेशान, पार्षद ने नगरआयुक्त को लिखा पत्र


नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड इंदिरा नगर व नेहरू ग्राम में इन दिनों मुख्य मार्ग पर कुत्तों का आतंक पसरा पड़ा है। मीट बाजार के आसपास तो यह आतंक और भी भयावह तब हो जाता है, जब यहां कोई पैदल राहगीर व दुपहिया वाहन से गुजरता है। लोग अब इस मार्ग से जाने को डर खाए बैैठे हैं।

पार्षद राजेंद्र बिष्ट ने नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वींरियाल को ज्ञापन सौंपा। अवगत कराया कि आवारा कुत्तों के आतंक से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुत्ते यहां राहगीरों के पीछे दौड़ते हैं और उन्हें काटते भी हैं। साथ ही कुत्तों के द्वारा पीछा करने से और काटने से कई राहगीर चोटिल भी हो चुके हैं।

वहंी, नगर आयुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए इस पर जल्द से जल्द कार्यवाही कर राहगीरों को आवारा कुत्तों से बचाने का आश्वासन दिया।