आर्थिक सहायता के चेक मिलने पर जरूरतमंदों के चेहरे पर आई मुस्कान

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने आज बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर 51 जरूरतमंदों को विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से तीन लाख रुपये के चेक वितरित किए।

कहा कि आर्थिक रूप से जरूरतमंदों के लिए विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से उत्तराखंड की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में यह धनराशि उपलब्ध कराई गई है। कहा कि यह धनराशि विवेक के आधार पर जरूरतमंदों को दी जाती है यह न तो कोई सरकारी योजना है और ना ही अनुदान। कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए विशेषकर यह धनराशि दी जाती है। कहा कि इस धन राशि का उपेक्षित, वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को वितरण की जाती है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद शिव कुमार गौतम, सुमित पवार, अरुण बडोनी, शौकत अली, भगवान सिंह महर, अवतार सिंह, राजाराम, मुकेश कुमार, धनंजय नेगी, पुष्कर, रूपा देवी, रुक्मणी आदि उपस्थित थे।

3.20 किमी सड़क निर्माण के लिए प्रथम चरण की प्रशासकीय अनुमति मिली


ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राज्य योजना से चक जोगीवाला एवं छिद्दरवाला क्षेत्र के अंतर्गत 3.20 किलोमीटर सड़क मार्ग के निर्माण के लिए प्रथम चरण में प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है जिस की जानकारी आज उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दी।

विधानसभा अध्यक्ष ने अवगत किया है कि विधानसभा क्षेत्र ऋषिकेश में ग्राम पंचायत चक जोगीवाला में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 72 से मशरूम फैक्ट्री होते हुए सोहन सिंह रावत के घर 1.80 किलोमीटर एवं ग्राम पंचायत छिद्दरवाला के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 72 से वन विभाग डिपो होते हुए छिद्दरवाला के ग्राम तक 1.40 लंबी सड़क मार्ग के लिए शासन द्वारा वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।श्री अग्रवाल ने बताया है कि प्रथम चरण में प्राप्त वित्तीय स्वीकृति के बाद सड़क निर्माण में वन भूमि को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा जिसके बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा डीपीआर तैयार कर द्वितीय चरण की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त कर सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि चक जोगीवाला में एवं छिद्दरवाला में इन दोनों सड़कों के बन जाने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।श्री अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र का कोई भी कोना विकास के उजाले से अछूता नहीं रहेगा। कहा कि वह लगातार प्रयासरत है कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत संबंधित व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए जिससे ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र प्रदेश में आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित हो।

महंगी बिजली दरों का आप नेता सहित भाजपा नेता ने भी उठाए सवाल

प्रदेश में एक अप्रैल से बिजली की दरों में बढ़ोतरी होने के प्रस्ताव को आप नेता डा. राजे नेगी सहित भाजपा नेता व पूर्व पार्षद रवि जैन ने जनता के साथ धोखा बताया है।
बतौर आप नेता डा. राजे नेगी ने कहा कि नियामक आयोग से हरी झंडी मिलने के बाद बिजली की नई दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी। कोरानाकाल के बीच महंगी बिजली के जरिए लोगों की जेबों को खाली करने की कारवाई को लेकर अभी से ही इसका पुरजोर विरोध होना शुरु हो गया है। आप नेता डॉ राजे सिंह नेगी ने प्रस्ताव का विरोध किया है। कहा कि उत्तराखंड में यदि बिजली महंगी हुई तो सरकार और बिजली कम्पनियों को एक बड़ा जन आंदोलन झेलना पड़ेगा। आप के नेता डा नेगी के अनुसार पावर कॉरपोरेशन के प्रस्ताव से गरीबी रेखा के नीचे निवास करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली के बिलों में आम एवं मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं के साथ जबरदस्त वृद्धि हो जायेगी। कहा कि समाज के गरीब वर्ग को मुफ्त में कनेक्शन बांट कर बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी बड़ा मजाक है, जिसका हर स्तर पर पुरजोर विरोध किया जाएगा। वास्तव में फ्री में कनेक्शन अब उसे लालटेन युग में ले जाने की बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि सरकार अब घरेलू बिजली दरों को बड़ाने जा रही है, इसे जनता के साथ धोखा ही कहा जाएगा।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महामंत्री व पूर्व पार्षद रवि कुमार जैन ने विद्युत विभाग द्वारा बिजली महंगा किये जाने को जनता के हितों पर कुठाराघात बताया है।
कहा कि मां यमुना, अलकनंदा और हमारे ही मंदाकिनी मिलकर बन जाती है मां गंगा…
जब यह नदियां हमारी है
और इनका सीना चीरते बांध भी हमारे है ,
लाखों गांवों ने दिया बलिदान दिया है ,,,
लाखों लोग बेघर होकर अपने पैतृक स्थान को छोड़कर दूसरे जगहों पर चले गए ,,,जिससे दुनिया के हमने दिन सवारे ,,
हमने बिजली पूरे देश को बांटी है ,हमें गर्व है हमें इस बात का कि ,उत्तराखंड पूरे देश को बिजली देता है ,
तो आखिर क्यों हमारे देश में सबसे महंगी बिजली हमारे ही उत्तराखंड को दी जा रही है????
साथ 2 सबसे महंगापानी हमारे ही उत्तराखंड को ???
ऐसा क्यों ??
यह विडंबना है !
किसी भी प्रकार से बिजली के दाम बढ़ाना प्रदेश की जनता के लिए हितकर नहीं है मुख्यमंत्री एवं विद्युत विभाग इस पर तत्काल फैसला लेकर इस निर्णय को वापस लेने का कष्ट करेंगे अन्यथा जनता को साथ लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी

गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से मकान क्षतिग्रस्त, एक महिला भी चोटिल

गुमानीवाला के एक घर में बहुत दिनों से हो रही गैस लीकेज की समस्या आज विस्फोट के रूप में तब्दील हो गई। इसका नतीजा यह रहा कि मकान पूरा क्षतिग्रस्त हो गया और एक बुजुर्ग महिला को चोटें आई है। गमीमत रही कि घर के बच्चे अपनी माता के साथ नैनिहाल गए हुए थे। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

दरअसल, गली नंबर 10, वार्ड नंबर 36 गुमानीवाला में आज करीब 12 बजे प्रदीप बिष्ट के मकान में गैस का दबाव बढ़ने से विस्फोट हो गया। इस कारण कीचन की सिंगल ईंट की दीवार ढल गई। इसके अलावा पूरे मकान में जगह-जगह दरारें आ गई। मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होेने के अलावा घर में मौजूद प्रदीप बिष्ट की माता 70 वर्षीय शांतिदेवी को चोटें आईं है, उनके इमरजेंसी सेवा 108 के जरिए निजी अस्पताल में भेजा गया है।

पार्षद वीरेंद्र रमोला के अनुसार, प्रदीप बिष्ट के घर में गैस रिसाव की समस्या कई दिनों से हो रही थी। प्रदीप मजदूरी करते है, घटना के वक्त उनकी पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। बताया कि सिलेंडर नहीं फटा है, इस कारण बड़ी दुर्घटना होने से टल गई है। बताया कि मकान की खिड़की, जगह-जगह दरारें और प्रदीप की माता को चोट आईं है। मौके पर पुलिस की टीम, गैस एजेंसी व फायर कर्मी भी मौजूद हैं।

कोविड-19 टीकाकरण हेतु किए जाएं पुख्ता इंतजामः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कोविड-19 के टीकाकरण हेतु पुख्ता इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग ने कोविड टीकाकरण की दृष्टि से अच्छी तैयारी की है। जो कार्य लगन, धैर्य एवं विश्वास से किया जाता है, उसमें सफलता जरूर मिलती है। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 टीकाकरण की तैयारियों हेतु जिलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में जल्द टीकाकरण की शुरूआत होने की संभावना है। जिस तरह से इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम और अधिकारियों द्वारा पूर्वाभ्यास कराये गये हैं, इसके परिणाम अच्छे होंगे।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने के अच्छे परिणाम मिलते हैं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए किसी के मन में भ्रांतियां न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी मण्डलों एवं समाज के बुद्धिजीवी वर्गों के साथ बैठकें आयोजित की जाएं। जिलों में मुख्य चिकित्साधिकारियों द्वारा कोविड टीकाकरण के बारे में जानकारी दी जाए एवं इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए।

मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने निर्देश दिए कि 12 जनवरी को प्रदेश कि सभी टीकाकरण स्थलों में ड्राई रन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी जनपद अपने सभी सेशन साइट्स में ड्राई रन आयोजित कराए जाने हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित कर लें। सेशन साइट्स में ड्यूटी चार्ट्स अवश्य लगाएं जाएं, ताकि टीकाकरण अभियान में लगे सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने कार्यों और टाईमिंग की जानकारी रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के रिएक्शन की स्थिति से निपटने के लिए सभी सेशन साइट्स पर ब्लॉक कंट्रोल रूम, डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम, पी.एच.सी. एवं सी.एच.सी. इंचार्ज-डॉक्टर का नाम और कॉन्टैक्ट नंबर जरूर प्रदर्शित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वैक्सीनेसन का डाटा ऑनलाईन या ऑफलाईन उसी दिन पोर्टल पर अपलोड किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सेशन साइट्स में मास्क और सेनिटाइजर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए 140 और एम्बुलेंस की व्यवस्था कर ली गई हैं, जो शीघ्र ही जनपदों को भेजी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी सेशन साइट के आसपास 108 और अन्य एम्बुलेंस की व्यवस्था रखी जानी चाहिए ताकि आवश्यकता पड़ने पर एम्बुलेंस उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग, जो टीकाकरण स्थल पर अकेले नहीं आ सकते, उनके साथ आने वाले परिवार के सदस्य की उम्र 18 वर्ष से कम ना हो इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने टीकाकरण की भ्रांतियों को दूर करने हेतु अखबार, सोशल मीडिया आदि के माध्यम से प्रचार प्रसार एवं समाज की बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य लोगों के साथ बैठकें आयोजित करा कर इस टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाए जाने पर बल दिया।

इस अवसर पर सचिव अमित नेगी, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, महानिदेशक स्वास्थ्य अमिता उप्रेती आदि उपस्थित रहे।

मां आनंदमयी स्कूल में हुआ कोरोना वायरस टीकाकरण संगोष्ठी का आयोजन

एम्स ऋषिकेश की ओर से आज कोरोना वायरस टीकाकरण को लेकर जनजागरुकता के उद्देश्य से वृहद संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बताया गया कि इसके साथ साथ संवाद का उद्देश्य कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर के बाबत जानकारी देना था। मां आनंदमयी स्कूल रायवाला में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधान व अन्य प्रतिनिधियों के साथ साथ आम नागरिकों ने एम्स संस्थान के चिकित्सकों से कोविड19 एवं कोरोना वायरस की रोकथाम को जल्द शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान से जुड़े प्रश्नों को पूछा व उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।
इस बाबत एम्स ऋषिकेश के द्वारा जनजागरुकता के लिए गठित कोविड-19 कम्युनिटी टास्क फोर्स के नोडल ऑफिसर डॉ. संतोष कुमार एवं उनकी टीम के सदस्यों ने संगोष्ठी में शिरकत कर रहे क्षेत्रवासियों, स्कूली बच्चों, शिक्षकों को कोविड19 वायरस के संक्रमण व इसके बचाव के जरुरी उपायों के साथ साथ कोविड19 की रोकथाम को लेकर शीघ्र शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान की जानकारी दी। कार्यक्रम के तहत प्रश्नकाल में स्थानीय नागरिकों ने मुख्यरूप से कोरोना वायरस टीकाकरण के संबंध में सवाल पूछे। उनका प्रश्न था कि कोरोना वायरस सुरक्षा के लिए सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण क्यों दिया जा रहा है, हैल्थ केयर वर्करों के साथ साथ आम जनता को भी पहले चरण में ही टीके क्यों नहीं लगाए जा रहे हैं। साथ ही नागरिकों की जिज्ञासा थी कि क्या यह टीका 18 साल से नीचे की आयुवर्ग के बच्चों व किशोरों को भी लगाया जाएगा।

संस्थान के चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि कोविड की वैक्सीन भारत सरकार द्वारा सबसे पहले उन लोगों को दी जा रही है जो लोग कोविड-19 से सीधेतौर पर प्रभावित हो रहे हैं, जिसके तहत प्रथम चरण में हैल्थकेयर वर्करों यानि फ्रंटलाइन वर्करों को कोविड टीकाकरण के लिए चुना गया। लिहाजा कोविड टीकाकरण से कोई भी व्यक्ति आशंकित नहीं हो। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण निपटने के बाद इसका दूसरा चरण शुरू किया जाएगा,जिसमें 50 वर्ष से ​अधिक आयुवर्ग के नागरिकों का टीकाकरण होगा।

नोडल ऑफिसर डा. संतोष ने उन्हें बताया कि मास्क का उपयोग टीके के साथ भी और टीके के बाद भी, लिहाजा कोई भी व्यक्ति मास्क को लेकर हरगिज लापरवाही नहीं बरते। इस अवसर पर स्वयंसेवी नवीन मोहन ने बताया कि एम्स ऋषिकेश द्वारा बनाए गए मास्क बैंक के तहत अब तक विभिन्न विद्यालयों, मलीन बस्तियों में छात्र-छात्राओं व आम नागरिकों को 25000 से अधिक मास्क वितरित किए जा चुके हैं साथ ही सभी स्वयंसेवक एम्स द्वारा गठित कोविड19 कम्युनिटी टास्क फोर्स का हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। इस अवसर पर मां आनंदमयी स्कूल के निदेशक अर्पित, एम्स संस्थान डा. भीमदत्त सेमवाल, डा. नवीन, हिमांशु, पंकज आदि मौजूद थे।

मान्यता प्राप्त विद्यालयों को खोलने का सरकार दे आदेश, सौंपा ज्ञापन

मान्यता प्राप्त प्रबंधकीय विधालय एसोसिएशन ने राज्य मंत्री कृष्ण कुमार सिंघल ने विद्यालय को खोले जाने की गुहार लगाई है। एसोसिएशन की ओर से आरटीई के 2019- 20 विद्यालय के शुल्क दिए जाने की मांग भी की गई है।

मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से शिक्षा के अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गढ़वाल मंडल विकास निगम के उपाध्यक्ष राज्य मंत्री कृष्ण कुमार सिंघल से उनके कार्यालय पर मिला। इस दौरान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रतिनिधि मंडल की ओर से राज्य मंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा ने राज्यमंत्री सिंघल को अवगत कराया कि लंबे अर्से से विद्यालयों के बंद होने की वजह से स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावक मासिक शुल्क नहीं दे रहे हैं। इसके साथ ही सरकार द्वारा अध्धययनरत बच्चों को दिए जाने वाला आरटीआई शुल्क भी नहीं दिया जा रहा जिसकी वजह से विद्यालयों के संचालकों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।

सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन शिक्षा देने की भरपूर कोशिश किए जाने के बावजूद गरीब बच्चों के पास स्मार्टफोन ना होने की वजह से ऑनलाइन शिक्षा का लाभ भी बच्चों को नहीं मिल पा रहा है।इससे उनकी शिक्षा की नींव कमजोर होने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है जिसकी वजह से जल्द से जल्द विद्यालयों का खोला जाना बेहद आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल की तमाम बातें गौर से सुनने के पश्चात राज्यमंत्री सिंघल ने आश्वासन दिया कि वे इस बाबत जल्द ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से वार्ता कर समस्या के निस्तारण कराने की कोशिश करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में राजीव थपलियाल, कमला प्रसाद भट्ट, राहुल रावत ,संजय पांडे आदि शामिल थे।

शार्ट फिल्म ‘तेरी आँखो में’ यूट्यूब पर हुई रिलीज

जीएमवीएन के निदेशक आशुतोष शर्मा व यूजेपी कनक धनाई के द्वारा शार्ट फिल्म तेरी आंखों में रिलीज की गई। यूट्यूब पर रिलीज के दौरान आशुतोष शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों में इस प्रकार की प्रतिभा का होना काबिले तारीफ है। शार्ट फिल्म के निर्देशक गोविन्दा शाह ने बताया कि उनके द्वारा बनायी शार्ट फिल्म दोस्ती और पढ़ायी से सम्बन्धित है। इस शार्ट फिल्म को उनकी टीम के नीरज राणा और विनोद भारद्वाज ने शूट किया है। यह फिल्म लोगों को काफी पसंद आयेगी। इससे पहले गोविन्दा शाह द्वारा जिन्दगी दी पौड़ी बनाया गया था जिसको अबतक 164000 से ज्यादा लोग देख चुके है।

बताया कि तेरी आँखों में शार्ट फिल्म यूटूब चैनल गोविंदा शाह पर देखने को मिलेगी। इस अवसर पर नीरजा गोयल ( नीरजा ट्रस्ट ) सीमा रानी (पूर्व सभासद) रजत मिश्रा ( खुशी एनजीओ) प्रियांशु सक्सेना, रजत कालरा, शैलेंद्र चैरसिया, प्रदीप यादव, अभिषेक कुमार, अनिल रावत और गोविन्दा शाह की पुरी टीम मौजूद थी।

उड़ता हुआ पक्षी जमीन पर गिरा, बर्ड फ्लू की खतरा जान लोगों में मची अफरातफरी

ऋषिकेश के हीरालाल मार्ग पर लगातार दो दिन पक्षियों के गिरने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, कुछ लोग इसे बर्ड फ्लू से जोड़कर भी देख रहे है। ऐसे में देखना यह होगा कि क्या वाकई में हमारे शहर में बर्ड फ्लू की दस्तक हो चुकी है। बहरहाल, दोनों ही दिन पहुंची वन विभाग की टीम बिना सुरक्षा किट पहने उन्हें लेकर गई, जहां उनका परीक्षण किया जाना बाकी है।

दरअसल बीते आठ जनवरी को हीरालाल मार्ग पर एक कौआ जमीन पर आ गिरा, उसके मुंह से पानी निकल रहा था, स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष व जीव प्रेमी पंकज गुप्ता को दी। पंकज गुप्ता ने तत्काल पशु चिकित्साधिकारी डा. राजेश रतूड़ी और वन विभाग को सूचित किया।

उधर सूचना पाकर वन बीट अधिकारी दीपक सिंह कैतुरा और वन बीट सहायक राजबहादुर भी पहुंचे और कौअे को लेकर गए। इसी तरह एक वाकया आज भी हुआ, यहां आज एक कबूतर नीचे गिरे, मौके पर टीम आई और लेकर गई। मगर, दोनों ही दिन विभाग की टीम बिना किट पहने पहुंची। वहीं, बर्ड फ्लू की दस्तक भी राज्य में हो चुकी है। इसके बावजूद देवभूमि में अंडा व मांस और शराब आसानी से बिक रहा है। जबकि होना तो इस पर प्रतिबंध चाहिए था।

पहली बार शंकराचार्य परिषद व भाग्योदय फाउंडेशन कर रहे पंचायत का आयोजन

ऋ़षिकेश में पहली बार हिंदू पंचायत का आयोजन होने जा रहा है, 19 जनवरी को दोपहर दो से पांच बजे तक हिंदू रिपब्लिक आफ हिंदुस्थान के लिए हिंदू पंचायत कार्यक्रम का भव्य आयोजन श्रीभरत मंदिर झंडा चैक में आयोजित होगा। पंडित रवि शास़्त्री ने इसकी जानकारी दी।

शंकराचार्य परिषद् और भाग्योदय फाउंडेशन के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित हिन्दू पंचायत में परिषद प्रमुख शाम्भवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज तथा भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष व संस्थापक आचार्य राम महेश मिश्र विशेष रूप से तीर्थनगरी पधार रहे हैं।

रवि शास्त्री ने बताया कि हिंदू पंचायतों के माध्यम से इन दिनों भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में सनातन धर्म की ध्वजा को आगे बढ़ाया जा रहा है। शंकराचार्य परिषद और भाग्योदय फाउंडेशन सत्य सनातन धर्म की रक्षा के लिए सभी को साथ लेकर चल रहे हैं। ऋषिकेश की हिन्दू पंचायत में भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर विशिष्ट वक्तागण अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

हिन्दू पंचायत की तैयारी बैठक में शंकराचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष पं. रवि शास्त्री के अलावा स्वामी शंकर तिलक महाराज वैदिक फाउंडेशन हिमालयन योगालय आश्रम महंत शिवानंद महाराज कपिल मुनि महाराज स्वामी सदाशिव आनंद स्वतंत्रता चैतन्य नवीन नौटियाल विपिन कैंतूरा शिवा शर्मा बुद्धा धर्मशाला एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, तीर्थनगरी के वरिष्ठ समाजसेवी पंकज शर्मा, गंगा सेवा एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति के अध्यक्ष दिनेश डबराल, गौ गंगा सेवा समिति के महामंत्री रमाबल्लभ भट्ट आदि उपस्थित थे।