दिल्ली के पांच युवकों का दल गंगा में टापू मे फंसा, जल पुलिस ने निकाला

जानकी झूला पुल के समीप गंगा नदी में बना टापू पांच लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन बैठा।

दरअसल, दिल्ली शालीमार बाग निवासी पांच युवक जिनके नाम रोहन19 पुत्र मुन्ने लाल, अनुभव18 पुत्र मनीष कुमार, तुषार19 पुत्र कुलबहादुर सिंह, विशाल कुमार18 पुत्र नीरज कुमार और सागर कुमार20 पुत्र संजय कुमार आज घूमते हुए जानकी झूला पुल के समीप गंगा तट पहुंचे। यहां सभी फोटो खिंचवाने के लिए गंगा में बने टापू पर गए। इसी बीच गंगा का जलस्तर अचनाक बढ़ गया। सभी घबरा गए और चीख पुकार मौके पर पहुंची। तभी सूचना पाकर जल पुलिस व आपदा राहत दल 40 बटालियन के कर्मचारियों ने रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत करने पर सभी को राफ्ट के माध्यम से सकुशल बाहर निकाला। तब जाकर सभी से राहत की सांस ली।

मुख्यमंत्री आवास में सीएम ने किया ध्वजारोहण

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने 72वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों, कार्मिकों एवं पुलिस के जवानों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। स्वतंत्रता आन्दोलन में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले एवं देश की एकता एवं अखण्डता के लिए कार्य करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने उनको श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत गणतंत्र बनकर उभरा है। आज दुनिया की नजर भारत पर है। भारत में वसुधैव कुटुम्बकम की सोच है। आज भारतीय अपनी पहचान के साथ दुनिया में जाता है। सीमित संसाधनों के बावजूद भी देश एव प्रदेश में कोविड काफी नियंत्रण में है। हमारे वैज्ञानिकों ने बहुत कम समय में कोरोना वैक्सीन तैयार की है। भारत कोविड पर पूर्ण नियंत्रण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

इसके उपरान्त मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने परेड ग्राउण्ड देहरादून में गणतंत्र दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर केदारखंड झांकी का तालियों से हुआ स्वागत

राजपथ, नई दिल्ली गणतंत्र दिवस समारोह में उत्तराखण्ड राज्य की ओर से “केदारखंड” की झांकी प्रदर्शित की गई।

72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ, नई दिल्ली में उत्तराखण्ड राज्य की ओर से “केदारखंड” की झांकी प्रदर्शित की गई। राजपथ पर जब उत्तराखण्ड राज्य की झांकी निकली तो तालियों की गड़गडाहट से लोगों ने स्वागत किया। उत्तराखण्ड सूचना विभाग के उपनिदेशक व झांकी के टीम लीडर के.एस.चैहान के नेतृत्व में 12 कलाकारों के दल ने भी झांकी में अपना प्रदर्शन किया। झांकी का थीम सांग “जय जय केदारा” है।

उत्तराखण्ड राज्य की झांकी के अग्रभाग में उत्तराखण्ड का राज्य पशु ‘कस्तूरी मृग‘ दर्शाया गया है जो कि उत्तराखण्ड के वनाच्छादित हिम शिखरों में 3600 से 4400 मीटर की ऊंचाई पर पाया जाता है। इसी प्रकार से उत्तराखण्ड का राज्य पक्षी ‘मोनाल’ एवं राज्य पुष्प ‘ब्रह्मकमल’ दिखाया गया है जो केदारखण्ड के साथ-साथ उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाता है। झांकी के मध्य भाग में भगवान शिव के वाहन नंदी को दर्शाया गया है तथा साथ में केदारनाथ धाम में यात्रियों को यात्रा करते हुए तथा श्रद्वालु को भक्ति में लीन दर्शाया गया है। झांकी के पृष्ठ भाग में बारह ज्योर्तिलिंगों में से एक बाबा केदार का भव्य मंदिर दर्शाया गया है जिसका जीर्णोद्धार आदिगुरू शंकराचार्य ने कराया था तथा मंदिर परिसर में श्रद्वालुओं को दर्शाया गया है साथ ही मंदिर को ठीक पीछे विशालकाय दिव्य शिला को दर्शाया गया है। इसी दिव्य शिला की वजह से वर्ष 2013 की आपदा में केदारनाथ मंदिर सुरक्षित रहा था।

व्यक्तिगत एवं सामुहिक श्रेणी में सीएम त्रिवेंद्र ने दिए पुरस्कार

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सचिवालय में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं सुशासन पुरस्कार 2019-20 से पुरस्कृत किया। मुख्यमंत्री ने 17 अधिकारियों को पुरस्कृत किया। व्यक्ति गत श्रेणी में 03 अधिकारियों एवं सामुहिक श्रेणी के 03 पुरस्कार प्रदान किये गये। इसमें नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश नरेंद्र सिंह क्वींरियाल ने भी सीएम के हाथों सम्मान पाकर तीर्थनगरी व नगर निगम का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं सुशासन पुरस्कार का उद्देश्य अच्छा कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित करना है। अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। इससे अन्य लोग भी प्रेरणा लेते हैं। राज्य में लगातार तीसरे वर्ष यह पुरस्कार दिया जा रहा है। आज जिन अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया है, उन्होंने राज्य के विकास के लिए नई पहलों से योगदान करने का सराहनीय प्रयास किया है।

व्यक्तिगत श्रेणी में मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं सुशासन पुरस्कार से 2019-20 प्रभागीय वन अधिकारी, वन प्रभाग कोट बंगला, उत्तरकाशी संदीप कुमार को भू-क्षरण एवं भू-स्खलन पर नियंत्रण के लिए, प्रधानाचार्य राजकीय इण्टर कॉलेज, पत्थरपानी पिथौरागढ़ कोस्तुभ चन्द्र जोशी को नई किरण वेबसाइट निर्माण कार्य, डिजिटल लैब द्वारा विद्यालयी शिक्षा में कार्य एवं डिप्टी कलेक्टर भनोली, अल्मोड़ा मोनिका को जागेश्वर महोत्सव, व्यापक प्रचार प्रसार से पर्यटकों की वृद्धि के फलस्वरूप रोजगार के वृद्धि के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया।

सामूहिक श्रेणी में जो तीन पुरस्कार दिये गये उनमें सचिव परिवहन शैलेश बगोली के साथ अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह, उप परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी दिनेश चन्द्र पठोई, अरविन्द पाण्डेय एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नरेश संगल को ओटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट, वाहन चालन कुशलता परीक्षण की नवीन तकनीक, कुशल वाहन चालक का चयन मात्र 15-20 मिनट में कर ड्राईविंग लाइसेंस निर्गत करने में किये गये सराहनीय कार्य के लिए दिया गया।

सामूहिक श्रेणी में अध्यक्ष उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण, उरेडा, राधिका झा के साथ निदेशक उरेडा कै. आलोक शेखर तिवारी एवं अनुभाग अधिकारी,ऊर्जा अनुभाग जेपी मैखुरी को वन क्षेत्रों में चीड़ की पत्तियों से पर्यावरण संतुलन में हो रहे बदलाव को रोकने हेतु पिरूल नीति प्रख्यापित करने, पिरूल आधारित विद्युत उत्पादन परियोजनाओं की आवश्यकताओं हेतु स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, वन पंचायतों एवं अन्य स्थानीय संस्थाओं के सदस्यों द्वारा पिरूल एकत्रीकरण कर उद्यमियों को विक्रय करने से रोजगार के अवसर सृजित करने में सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया।

सामूहिक श्रेणी में जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव के साथ मुख्य विकास अधिकारी देहरादून नितिका खण्डेलवाल, प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून राजीव धीमान, मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल एवं अधशासी अभियन्ता, उत्तराखण्ड पेयजल निगम ऋषिकेश ए.के. चतुर्वेदी को माँ गंगा की आध्यात्मिकता को कायम रखते हुए इसके आस्था के फलस्वरूप एकत्र होने वाले फूलों का सदुपयोग अगरबत्ती एवं इसके अन्य 22 अन्य सह उत्पाद का निर्माण करने की प्रेरणा लघु एवं कुटीर उद्योगों को देकर रोजगार सुलभ करवाने के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए दिया गया।

इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, मुख्य सचिव ओमप्रकाश, अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार, प्रमुख सचिव आनन्द वर्द्धन एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मतदाता दिवस पर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिलाई शपथ

मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शपथ दिलायी। मुख्य सचिव ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता के लिए आवश्यक है कि देश का प्रत्येक नागरिक अपने मत का प्रयोग करे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने यह एक अच्छी परम्परा शुरू की है। इस शपथ का हर नागरिक को पालन करना चाहिए। मुख्य सचिव ने इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग की थीम एवं वार्षिक कैलेण्डर का भी विमोचन किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता दिवस के अवसर पर इलैक्ट्रॉनिक इलैक्टोरल फोटो पहचान पत्र ( Electronic Electoral Photo Voter Identity Card ) शुरू किया गया है। बताया कि इस इलैक्ट्रॉनिक इलैक्टोरल फोटो पहचान पत्र को डाउनलोड कर डिजिटल लॉकर जैसे माध्यमों में सुरक्षित रखा जा सकेगा। इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी एसए मुरूगेशन भी उपस्थित थे।

सल्ट के पूर्व विधायक स्व. जीना की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभी में शामिल होंगे सीएम

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत 27 जनवरी से अल्मोड़ा व पौड़ी के तीन दिवसीय भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रमों में शिरकत करने के साथ ही विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।

27 जनवरी को मुख्यमंत्री अल्मोड़ा के सल्ट में पूर्व विधायक स्व सुरेंद्र सिंह जीना की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उसके बाद अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। इसी दिन सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मुख्यमंत्री जी पत्रकारों से रूबरू होंगे। उसके बाद अल्मोड़ा में प्राचीन वस्तु शिल्प के आधार पर निर्मित हिमालयन बंगलो, होली एन्जिल पब्लिक स्कूल के होम स्टे का अवलोकन करेंगे।

28 जनवरी को माननीय मुख्यमंत्री अल्मोड़ा के विवेकानंद कृषि अनुसंधान संस्थान में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद नवसृजित सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम है, वह उसमें शिरकत करेंगे। 28 जनवरी को ही दोपहर बाद मुख्यमंत्री पौड़ी जनपद के संयुक्त चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। उसके बाद जनपद मुख्यालय पौड़ी में कंडोलिया पार्क का लोकार्पण करेंगे। साथ ही पौड़ी में माल रोड का शिलान्यास, शहर के अपर बाजार को हैरिटेज स्टीट के रूप में विकसित किए जाने की योजना का शिलान्यास, कलेक्टेट भवन का रेस्टोरेशन एवं कलेक्टेट परिसर के लैंडस्केपिंग कार्य, बासा होम स्टे द्वितीय, पटेलिया नर्सरी में कॉटेज निमार्ण योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

29 जनवरी को मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में पहले कार्यक्रर्ताओं से मिलेंगे और उसके बाद टेका रोड को चेरी ब्लोजम लेन के रूप में विकसित करने के लिए यहां चेरी ब्लोजम के पेड़ों का रोपण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और उसके बाद विकास भवन के सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

पूर्णानंद से रामझूला घाट तक चलाया स्वच्छता अभियान

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला और क्रेजी फेडरेशन के संयुक्त तत्वाधान में पूर्णानंद से रामझूला गंगा घाट तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही मौके पर उपस्थित लोगों को पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने स्वच्छता और मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।

स्वच्छता अभियान में ओंकारानंद इंस्टीयूट मैनेजमेंट आॅफ टैक्नोलोजी के अध्यापक और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर शिरकत की। इस दौरान पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने मौके पर उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता एवं मतदान के प्रति जागरुक किया और शपथ भी दिलाई। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में क्षेत्र के लोगों से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। मौके पर अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी, ओआईएमटी प्रबंधक प्रमोद उनियाल, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र पंवार, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, बीएलओ कल्याण सिंह, प्रकाश अवस्थी, शंकर नौटियाल, युगल ध्यानी, सफाई नायक राजू, मायाराम आदि उपस्थित थे।

हरिपुरकलां में टूटा संपर्क मार्ग, कांग्रेस के साथ ग्रामीणों ने दिया सांकेतिक धरना


हरिपुरकलां में राष्ट्रीय राजमार्ग से सम्पर्क टूटने पर हरिपुरकलां वासियों ने मोतीचूर में कांग्रेस नेता व समाजसेवी प्रेमकिशोर जुगलान के नेतृत्व में सांकेतिक धरना दिया। इसमें पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने भी सम्मिलित होकर समर्थन दिया। वहीं शाम को पूर्व मंत्री की फोन पर वार्ता हुई, इसके बाद एनएच अधिकारी एके मित्तल, रजनीश, रमेश चन्द्र उप्रेती ने मौके पर पहुँच कर समस्या का समाधान जल्द करने की बात कही।

पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि क्षेत्र का विकास होना चाहिये परन्तु विकास के नाम पर आमजन के हितों का भी ध्यान रखना चाहिये। आज ये फ्लाइओवर पूर्ण हो गया लेकिन हरिपुरकलां के लोगों के घरों का सम्पर्क पूर्ण रूप से काट दिया गया जोकि सही नहीं है, अधिकारियों ने मौक़े पर समाधान बताया जिसकी समीक्षा ग्रामसभा के लोगों के साथ बैठकर की जायेगी।

एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि बड़े ही शर्म की बात है जहॉं प्रधानमंत्री से लेकर प्रधान तक बीजेपी के हैं वहाँ आज अपने अधिकारों के लिये लोगों को धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है जहॉं एक ओर विकास के नाम पर रोड़ों को सुचारू बनाया जा रहा है वहीं दूसरी ओर बड़ी आबादी के गाँव को अलग थलग किया जा रहा है जो कि निंदनीय है हम इसका विरोध करते हैं और सरकार से माँग करते हैं कि हरिपुरकलां के लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जाय अन्यथा बड़ा आंदोलन होगा ।

प्रेम किशोर जुगलान ने कहा कि लगातार ग्रामीण माँग करते आ रहे हैं कि गाँव का ध्यान रखते हुऐ राष्ट्रीय राजमार्ग के फ्लाइओवर का निर्माण होना चाहिये और जनप्रतिनिधि भी आश्वासन देते रहे कि हरिपुरकलां को राजमार्ग से अलग नहीं किया जायेगा परन्तु आज काम पूरा हो चुका है और हरिपुरकलां के लिये लोगों को पहले हरिद्वार जाना होगा फिर हरिपुरकलां आना पड़ेगा जोकि न्यायोचित नहीं है जल्द ही हरिपुरकलां के लोगों को लेकर कर एक संघर्ष समिति बनाकर आंदोलन किया जायेगा।

मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बर्फ सिंह पोखरियाल, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंशुल त्यागी, जितेन्द्र त्यागी, राजेश दास, राजेश कुमार, राम स्वरूप, सोहनलाल बैलवाल, तुषार कपिल प्रदेश प्रवक्ता उत्तराखंड युवा कांग्रेस, प्रेम किशोर जुगलान, अनिल शर्मा, विक्रांत राणा, आशा सिंह चैहान, दीप चन्द्र कुकरेती, गुजराल असवाल, मुन्ना असवाल, श्याम कश्यप, गोलू शर्मा, मेहुल शर्मा, दिलप्रीत, गोपाल गिरी, शानू आदि मौजूद थे।

किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर 63 मकान मालिकों के कटे चालान

सावधान! यदि आप मकान मालिक है, और आपने किरायदारों का सत्यापन अभी तक नहीं कराया है, तो पुलिस जल्द ही आपके घर पहुंचकर चालान कर सकती है। समय रहते किरायदारों का सत्यापन करवा लें। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने आज 63 मकान मालिकों का सत्यापन न कराने पर छह लाख, तीस हजार रुपये का जुर्माना किया है।

कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि अपराध पर अंकुश लगाने व अपराधियों की धरपकड़ के लिए किरायेदारों के सत्यापन कराने व सत्यापन न कराने वाले मकान मालिकों पर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आज श्यामपुर चैकी क्षेत्र के गुमानीवाला, मनसा देवी, रुषा फार्म, अमित ग्राम में सत्यापन किया गया। पुलिस की चार टीमों ने 326 सत्यापन किए। 63 ऐसे भी थे जो सत्यापन नहीं करवाना चाहते थे। उनका चालान कर छह लाख तीस हजार रूपये वसूल किए गए।