महाकुंभ में विकास को लेकर कुम्भ क्षेत्र ऋषिकेश के साथ हुआ छलावाः डा. राजे नेगी

आम आदमी पार्टी ने कुम्भ बजट में ऋषिकेश की घोर उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है। पार्टी नेता डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि करोड़ों देशवासियों की आस्था का प्रतीक माने जाने वाला महाकुंभ प्रारंभ होने को है, लेकिन इसके बावजूद कुंभ क्षेत्र ऋषिकेश में इसका कोई प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है। एक जारी बयान में आप के नेता डॉ नेगी ने कहा कि पिछले तमाम कुंभ मेलों के दौरान भी कुंभ क्षेत्र ऋषिकेश की घोर उपेक्षा होती आई है।

कहा कि आगामी महाकुंभ में कुंभ क्षेत्र ऋषिकेश के विभिन्न घाटों पर जब देश और दुनिया से आए श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे तो उन्हें भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ सकता है, इसकी बड़ी वजह ऋषिकेश के प्रति उपेेक्षित रवैय्या होगा। आप नेता डा. नेगी कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा महाकुंभ के सबसे महत्वपूर्ण ऋषिकेश क्षेत्र के भरपूर विकास की बड़ी बड़ी घोषणाएं की गई थी। मेला अधिकारी से लेकर तमाम विभागीय अधिकारियों द्वारा यहां पिछले 1 वर्ष से लगातार दौरे कर महाकुंभ को लेकर कुंभ क्षेत्र अंतर्गत ऋषिकेश, स्वर्गाश्रम, मुनिकीरेती में बैठकें ली जाती रही है लेकिन अब जबकि महाकुंभ बेहद करीब आ गया है तो कह सकते हैं कि यह तमाम बैठके सिर्फ हाथी के दांत की कहावत को ही चरितार्थ कर रही थी। उन्होंने कहा कि तीर्थ क्षेत्र ऋषिकेश में कुम्भ निधि से विकास कार्यों की उपेक्षा साफ इशारा कर रही है कि प्रदेश सरकार का फोकस महाकुंभ में पूरी तरह से सिर्फ हरिद्वार के विकास पर ही है। अन्य कुम्भ क्षेत्रों को सिर्फ विकास का सब्जबाग दिखाया गया है।

जैविक खेती से दिवोली गांव के खेत लहलहा रहे, ग्रामीणों की मेहनत हो रही सफल

पौड़ी गढ़वाल। कोरोना काल के दौरान प्रवासी बड़ी संख्या में गांवों को लौटे। इसी प्रकार पौड़ी जिले के बीरोंखाल ब्लॉक के ग्रामसभा शीला तल्ला के दिवोली गांव में भी बड़ी संख्या में प्रवासी गांव लौटे। ग्रामसभा में करीब 50 से अधिक प्रवासी गांव पहुंचे हैं। ये सभी दिल्ली, मुंबई और दुबई में नौकरी करते थे, परिवार भी साथ था। लेकिन, अब सभी गांव आ गए हैं।

कोरोना महामारी के इस दौर में पौड़ी जनपद के विभिन्न गांवों में बड़ी संख्या में प्रवासी घर लौटे हैं। घर लौट कर रोजगार न होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट था, ऐसे में उत्तराखंड सरकार द्वारा शुरू की गई तमाम योजनाओं ने इनके संकट को कम करने का काम किया। सरकारी मद्द और प्रवासियों के कुछ कर गुजरने के हौंसले ने गांव में रहकर ही काम करने की एक नई राह दिखाई। वहीं कुछ ऐसे लोग भी थे जिन्होंने बिना सरकारी मद्द के जैविक खेती, मशरूम उत्पादन, कृषि बागवानी कर स्वरोजगार के क्षेत्र में नई शुरूआत की और आज उसमें सफल होते हुए दिखाई दे रहे हैं।

स्वरोजगार से जुड़े युवाओं ने बंजर खेतों को किया आबाद
कोरोना महामारी में बदली हुई परिस्थितियों में पौड़ी जनपद के बीरोंखाल ब्लॉक के ग्रामसभा शीला तल्ला के दिवोली गांव में भी बड़ी संख्या में प्रवासी घर लौटे। कुछ के घर सलामत थे तो कुछ के घर खंडहर बन चुके थे। ऐसे में गांव के अपने परिचितों के यहा शरण ली। कोरोना संकट को खत्म न होता देख प्रवासियों ने गांव में रहकर ही स्वरोजगार करने की राह चुनी। लेकिन करें क्या जिससे उनकी आर्थिकी मजबूत हो। ऐसे में दिवोली गांव के रहने वाले और न्यूज नेशन चैनल के पत्रकार धनंजय ढौडियाल ग्रामीणों की मद्द को आगे आये। धनंजय ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने में जुटे अधिकारियों से बातचीत की। धंनजय के निवेदन पर बीडियो आशा राम पंत, पौड़ी तकनीकी संस्थान के विवेकानंद कोठारी, ग्राम विकास अधिकारी और पटवारी दिवोली गांव पहुंचे जहां उन्होंने स्थानीय लोगों को जैविक खेती, बागवनी और मशरूम उत्पादन के लिये प्रोत्साहित किया। जैविक खेती, पर्यटन के लिए प्रवासियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं और कई युवाओं ने इस दिशा में कार्य शुरू कर दिया है। बैंक से ऋण दिलाने के लिए पत्रावलियां तैयार करने के साथ ही सरकार की ओर से दी जाने वाली विभिन्न योजनाओं की जानकारियां भी अधिकारी प्रवासियों को उपलब्ध करा रहे हैं। ग्राम विकास से जुड़े अधिकारी सभी प्रवासियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। साथ ही सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दे रहे हैं।

दिवोली में जैविक फसलों ने जगाई नई उम्मीद
दिवोली गांव में प्रवासी और ग्रामीण लोंगों ने मिलकर जैविक खेती पर काम करना शुरू किया। पत्रकार धंनजय ढौडियाल की पहल से जनार्धन नौंगाई, श्याम सुंदर नौंगाई, गीताराम नौंगाई, बिलोचन ढौंडियाल, शेखरानंद ढौडियाल, सुबोध नौंगाई, मोहित ढौंडियाल, सुनील ढौंडियाल, मोहन ढौंडियाल, देवेन्द्र ने मिलकर जैविक खेती की शुरूआत की। ग्रामीणों ने देवली गांव में पानी के निकट के बंजर खेतों में मेहनत शुरू की। आज उस मेहनत का फल मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। यह खेत फसलों से लहलहा उठे हैं। आज इन खेतों में मटर सहित कई सब्यिजां उग रही हैं।

दिवोली गांव के बिलोचन ढौंडियाल बताते हैं कि गांव मे स्थायी रोजगार बढ़ाने की जरूरत है। गांव में रोजगार के लिए पर्यटन, जैविक खेती जैसी योजनाओं को बढ़ावा देना होगा। उत्तराखंड में अपार संभावनाएं हैं। कहा कि सभी प्रवासी गांव में जैविक खेती, पर्यटन, बागवानी, फलोत्पादन के लिए काफी उत्साहित हैं। जल्द गांव में प्रवासी नया जीवन शुरू करेंगे।

वैदिक ब्राह्मण महासभा ने किया नित्यानंद सेमवाल को सम्मानित

वैदिक ब्राह्मण महासभा ने आचार्य नित्यानंद सेमवाल को किया सम्मानित। महासभा ने यह सम्मान उन्हें वैदिक सनातन संस्कृति के उत्थान, प्रचार-प्रसार में यज्ञों के माध्यम से समाज में वैदिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए दिया गया।

आज मायाकुंड स्थित हनुमान मंदिर में महासभा के अध्यक्ष आचार्य गंगाराम व्यास ने उन्हें सम्मानित किया। मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमदभागवत महापुराण में आचार्य नित्यानंद सेमवाल कथा श्रवण करा रहे हैं। महासभा अध्यक्ष गंगाराम व्यास ने बताया कि आचार्य नित्यानंद ने उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में महायज्ञ कराए हैं, आज उनका यह 37वां महायज्ञ है। वह यज्ञों के माध्यम से सनातन धर्म की ध्वजा को आगे बढ़ा रहे हैं।

इस मौके पर महासभा के महामंत्री मणीराम पैंयूली, जगमोहन मिश्रा, महेश चमोली, जितेंद्र भट्ट, गिरीश कोठियाल, प्रमोद केमनी, नरेंद्र सकलानी, शिव सेमवाल, राम कृष्ण कोठियाल, प्रमोद कुलियाल, वेद किशोर सिल्सवाल, अमित कोठारी आदि उपस्थित रहे।

सीएम के स्वास्थ्य लाभ को महादेव मंदिर में हुआ हवन यज्ञ

भाजपा वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के स्वास्थ्य कामना को लेकर के त्रंबकेश्वर महादेव मंदिर में हवन यज्ञ किया।

मंडल महामंत्री सुंदरी कंडवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत कोरोना संक्रमित हुए हैं, भाजपा वीरभद्र मंडल ने उनके जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करता है, इसी संबंध में हवन यज्ञ के जरिए पुनः स्वस्थ्य होने की कामना की गई। कार्यकर्ताओं ने भगवान त्रंबकेश्वर महादेव से कामना भी की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी, रमेश चंद्र शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल कुकरेती, जगदम्बा सेमवाल, विनोद मिश्रा, रजनी बिष्ट, रवींद्र कश्यप, आरती दुबे राजकुमार, निर्भय गुप्ता, रविन्द्र शर्मा, युवा मोर्चा से विजय जुगरान आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ऋषिकेश की प्रतिभावान कात्यायनी व शिल्पा हुई सम्मानित

उत्तराखंड की प्रतिभाओं को आगे लाने के साथ-साथ उनको सम्मानित कर प्रोत्साहित करने की परंपरा को जारी रखते हुए अतंर्राष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने दिल्ली में जज बनकर देवभूमि को गौरवान्वित करने वाली कात्यायनी शर्मा कंडवाल को सम्मानित किया। उधर ऋषिकेश की बेटी शिल्पा भाटिया के सांख्यिकी अधिकारी बनने पर उसका भी महासभा की और से अभिनंदन किया गया।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी के नेतृत्व में महासभा से जुड़े पदाधिकारियों ने देहरादून रोड स्थित शिल्पा भाटिया के आवास पर जाकर उसकी सफलता पर उनका अभिनंदन किया गया।इस अवसर पर डॉ नेगी ने कहा कि अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी पद के लिए आयोजित परीक्षा में सफलता हासिल कर योग नगरी की होनहार बेटी शिल्पा ने देवभूमि का नाम रोशन किया है। इस मौके पर उन्होंने शिल्पा की मां श्रीमती नीलम भाटिया के संघर्षों को भी सलाम किया।इससे पूर्व महासभा के पद्दाधिकारी प्रगति विहार स्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल के आवास पर पहुंचे जहां उनकी पुत्रवधू कात्यायनी शर्मा कंडवाल के दिल्ली में जज बनने पर महासभा की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं माता रानी के चित्र को भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर डॉ शशी कंडवाल, मीनाक्षी भाटिया, उत्तम सिंह असवाल, अंकित नैथानी, मयंक भट्ट, मनोज रौतेला आदि उपस्थित थे।

ऋषिकेश महाविद्यालय में ही बने श्रीदेव सुमन का मुख्य कैंपस

ऋषिकेश महाविद्यालय में ही श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय का मुख्य कैंपस बनाने को लेकर छात्र नेताओं ने आज सांकेतिक धरना दिया। छात्रों का कहना था कि उन्हें विश्वविद्यालय संबंधी छोटे कार्यों को टिहरी जाना पड़ता है, इससे काफी दिक्कतें होती हैं।

आज छात्रसंघ महासचिव दीपक भारद्वाज के नेतृत्व में छात्र नेता पीजी कॉलेज परिसर में पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। छात्र नेताओं ने बताया कि मॉर्क्स शीट, शुल्क जमा करने आदि कार्य को लेकर ऋषिकेश से विवि के मुख्य कैंपस टिहरी जाना पड़ता है, इससे समय बर्बाद होता है। कई बार मुख्य कैंपस में एक दिन में कार्य नहीं होने पर दूसरे दिन चक्कर लगाना पड़ता है। इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है। आक्रोशित छात्र नेताओं ने एक स्वर में कहा कि विवि के मुख्य कैंपस को ऋषिकेश में शिफ्ट करें या फिर ऋषिकेश कैंपस को सभी अधिकार दें, जिससे छात्र-छात्राओं को टिहरी नहीं जाना पड़े। छात्रसंघ महासचिव ने सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। मौके पर रोहित सोनी, आशुतोष सैनी, आयुष चैहान, दीपक कुमार, चेतन, मोहित शर्मा, अनिरुद्ध शर्मा, हिमांशु, रोहित नेगी आदि मौजूद रहे।

वाइल्डलाइफ व नमामि गंगे की टीमों ने किया गंगा अवलोकन केंद्र, गंगा वाटिका व संजय झील का निरीक्षण

विकास के रथ पर सवार नगर निगम के तीन महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों पर विभागीय अधिकारियों ने स्वीकृति की मुहर लगा दी है। आज निगम कार्यालय में वाइल्ड लाइफ व नमामि गंगे के टीम के अधिकारियों के साथ मेयर की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन हुई।

नूतन वर्ष में नगर निगम प्रशासन ने योग नगरी ऋषिकेश को पर्यटन हब के रूप में विकसित कर शहर वासियों को एक नायाब तोहफा देने की तैयारी पूरी कर ली है। संजय झील के जीर्णोद्धार के साथ साथ गंगा तट त्रिवेणी घाट पर गंगा अवलोकन केंद्र एवं आस्था पथ पर गंगा वाटिका के निर्माण के लिए विभागीय कवायद शुरू हो गई है। सब कुछ योजना मुताबिक रहा तो वर्ष 2021 में शहर की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के साथ यह तीनों योजनाएं भी धरातल पर उतरती हुई नजर आयेंगी।सोमवार की दोपहर नमामि गंगे की सेंट्रल टीम ने उत्तराखंड की वाइल्डलाइफ टीम के साथ तीनों महत्वाकांक्षी प्रोजेक्टों का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर निगम आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने भारतीय वन्यजीव संस्थान भारत सरकार के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्रेयश, भारतीय पर्यटन विकास निगम के चिन्मय शर्मा, नमामि गंगे उत्तराखण्ड के सामाजिक विशेषज्ञ डॉ पूरन चन्द्र जोशी एवं संदीप उनियाल को मौका मुआयना करा कर तीनों योजनाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। इसके पश्चात तमाम अधिकारी निगम कार्यालय में पहुंचे जहां महापौर को उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि तीनों प्रोजेक्टों का कांसेप्ट बहुत शानदार है ।इन योजनाओं को धरातल पर लाने के बाद पर्यटन के साथ-साथ तीर्थाटन को भी इसका लाभ मिलेगा। महापौर ममगाई ने बताया कि उनके द्वारा भारतीय वन्यजीव संस्थान उत्तराखंड की विभागाध्यक्ष डॉ रुचि बडौला को त्रिवेणी घाट पर अवलोकन केन्द्र, आस्था पथ पर गंगा वाटिका एवं संजय झील के जीर्णोद्धार के लिए पत्र प्रेषित किया गया था ।उनके द्वारा तुरंत पत्र का संज्ञान लेकर आज जिस रफ्तार के साथ मौका मुआयना कराने के लिए टीमों को भेजा गया है उससे साफ है कि जल्द ही यह योजनाएं धरातल पर उतर कर ऋषिकेश को पर्यटन हब के रुप में विकसित कराने के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने सुमानी घाट के निर्माण कार्य को रूकवाया, अधिकारी की जमकर लगाई क्लास


ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुम्भ निधी से सिंचाई विभाग के द्वारा 11 करोड़ 57 लाख 65 हजार की लागत से आस्था पथ पर पुनरुद्धार एवं बाढ़ सुरक्षा का निर्माण कार्य चल रहा है। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने आज मौके पर आस्था पथ के सुमानी घाट पर निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी होने पर कार्य को रोकने के निर्देश दिए। साथ ही विभाग द्वारा बरती जा रही लापरवाही के लिए जमकर अधिकारियों को फटकार भी लगायी।

उन्होंने मानकों की अनदेखी होने पर मौके पर ही सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके तिवारी को फोन पर ही काम रुकवाने के आदेश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर सख्त नाराजगी व्यक्त की।

स्पीकर ने निरीक्षण के दौरान पाया कि सुमानी घाट पर बाढ़ सुरक्षा ब्लॉक लगवाए जा रहे थे, जो कि पानी में ही ब्लॉक कंकरीटिंग का कार्य किया जा रहा था। उन्होंने तुरंत ही कार्य को रुकवाने एवं पानी में लगे ब्लॉक कंक्रीट तोड़ने के निर्देश दिए। कहा कि पानी में ही ब्लॉक कंकरीटिंग बनवाने से वह बिलकुल भी टिकेगा नहीं। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद मजदूर से जानकारी ली तो पता चला कि निर्माण कार्य में जिस मसाले का प्रयोग किया जा रहा है वह मानकों के अनुसार बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए सही नहीं है।

अवगत करा दें कि विगत दिनों विधानसभा अध्यक्ष ने सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों से ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए भी अधिकारियों को हिदायत दी थी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए फिर भी आज मौके पर निरीक्षण करने के बाद विभाग एवं संबंधित ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरती गई।

कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर निकाली गई झंडा यात्रा

कांग्रेस जनसहायता कार्यालय में 136 वें कांग्रेस स्थापना दिवस पर गोष्ठी का आयोजन कर झण्डा यात्रा निकाली गई। पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि कांग्रेस वह संगठन है जिसके नेताओं ने सैकड़ों वर्षों से अंग्रेजों का राज का खत्म कराया और अंग्रेजों के मुखबिरों वाली पार्टी भाजपा अपने को देश भक्त बता रही है जो बेहद शर्मनाक है आज हम सब स्थापना दिवस पर अपने वरिष्ठों को और देश की आजादी में अपने प्राण न्योछावर करने वालों को नमन् करते हैं ।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जिसने देश की आजादी में भूमिका अपनाई और देश को आजादी के बनाने का काम किया चाहे वह कल कारख़ाने हो चाहे शिक्षा के क्षेत्र में हो चाहे वह खेत और किसान के लिये हो चाहे वह हमारी पौराणिक धरोहर हो उनको सवांरने का काम किया परन्तु पिछले कुछ वर्षों में ऐसे लोग देश की सत्ता पर काबिज हैं जिन्होंने देश को पीछे धकेलने का काम शुरू कर रखा है देश की सम्पत्तियों को बेचने का काम कर दिया है पौराणिक धरोहरों को खुर्द बुर्द करना शुरू कर दिया है आज हम सभी कांग्रेस जनों को देश के लोगों के साथ मिलकर ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर करना है ताकि देश का आमजन किसान और सीमायें बचाई जा सके ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुऐ ब्लॉक अध्यक्ष बरफ सिंह पोखरियाल ने कहा कि आज देश की सबसे पुरानी पार्टी का 136 वाँ स्थापना दिवस है आज के ही दिन कांग्रेस पार्टी का गठन हुआ और कांग्रेस पार्टी में ही देश में बड़े बड़े देशभक्तों ने देश को आजादी दिलवाई और आज देश को इस मुक़ाम तक लाया कि आज हम सभी लोग आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं ऐसी कांग्रेस पार्टी को और इनके संस्थापकों को हम सभी नमन् करते हैं ।

कार्यक्रम में भगवती सेमवाल,सुन्दर मणी रणाकोटी, मनोज गुसाई,बचन सिंह जेठुरी, संदीप, दीपा चमोली, अल्का क्षेत्री, रमा चैहान, धर्मेन्द्र गुलियाल, बलखंदी कलूडा, सुरेश, भगवती पुरोहित, आनंद रावत, शीशपाल, जगदम्बा प्रसाद, परवेज आलम, सोबैन सिंह, उत्तम सिंह असवाल, नीरज चैहान, गब्बर कैंतुरा, हरेंद्र जेठुरी, रतन रयाल, विशाल सज्वान, राजेश रतुरी, कुशाल सजवाण, विवेक गुसाईं, प्रदीप, संतोष रावत, सतेंद्र रावत आदि मौजूद थे ।

महंगे फोन के शौक ने पत्नी की ले ली जान, आत्महत्या

ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में मायाकुंड निवासी बबीता नामक महिला ने महंगे फोन को खरीदने के लिए उसे आॅनलाईन बुक किया। फोन की कीमत ज्यादा होने पर पति निलेश को गुस्सा आया और इसी विषय पर पति-पत्नी के बीच विवाद गहरा गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि पत्नी बबीता अपने कमरे में गई और खुद को फांसी लगा दी। फिलहाल महिला के शव को उप जिलाधिकारी ऋषिकेश के द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक महिला का एक बच्चा है और उसकी शादी को करीब छह साल हो गए हैं।