अवैध रूप से रेस्टोरेंट में शराब परोसने पर संचालक गिरफ्तार


कोतवाली क्षेत्रांतर्गत अवैध रूप से बिना लाइसेंस के रेस्टोरेंट में शराब पिलाने पर पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब की बिक्री व तस्करी के विरुद्ध, बिना लाइसेंस रेस्टोरेंट और ढाबो में शराब पिलाने वाले के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने गुमानीवाला स्थित मिलन फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट के संचालक व मैनेजर प्रवेश थपलियाल निवासी गली नंबर एक चीनी गोदाम रोड गुमानीवाला श्यामपुर ऋषिकेश को बिना लाइसेंस होटल में अवैध रूप से शराब पिलाने पर गिरफ्तार किया है।

नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म के आरोपी सहित दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक 27 जून को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि नयन नाम के युवक ने उनकी नाबालिग बेटी का घर से अपहरण कर लिया है। पिता ने पुलिस से बेटी के सकुशल वापसी की गुहार लगाई। पुलिस ने नामजद तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। साथ ही नाबालिग की तलाश शुरू की। दो दिन बाद लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। उसके बयानों के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो की धारा बढ़ा दी गई। जबकि, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर काशाीपुर, जिला ऊधमसिंह नगर में दबिश देकर आरोपी नयन पुत्र संजय निवासी मौ. गंज घासमंडी चौकी कटोराताल और साथ देने वाले हन्नी कश्यप पुत्र सुखदेव कश्यप निवासी निवासी ग्राम मौ. बासफोडान, काशीपुर को गिरफ्तार कर लिया।

ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

नुन्नावाला से ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनका एक साथी अभी फरार चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
डोईवाला कोतवाली पुलिस के मुताबिक सतवीर सिंह निवासी नुन्नावाला, भानियावाला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके भाई गुरदेव सिंह का ट्रक 15 अगस्त को घर के बाहर खड़ा था। इसके बाद ट्रक मौके से गायब मिला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान घटनास्थल से लंढौरा, हरिद्वार तक करीब 83 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से चेक की गई। सीसीटीवी कैमरे की मदद से ट्रक समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जौलीग्रांट चौकी प्रभारी उत्तम रमोला ने आरोपियों की पहचान इशरार पुत्र सराजू निवासी ग्राम जौरासी, नाजिम पुत्र अजीज निवासी मोहितपुर, थाना भगवानपुर, नदीम पुत्र शमीम उर्फ निवासी लंढौरा थाना मंगलौर जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। जबकि मामले में आसिफ पुत्र हसन निवासी ग्राम सिकारपुर, मंगलौर, हरिद्वार फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस ने तेज कर दिए हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।

अलग-अलग मामलों में पुलिस ने की 3 गिरफ्तारियां, 2 वाहनों को किया सीज

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के द्वारा थाना चौकी के समस्त अधिकारी व कर्मचारी गणों को उचित दिशा निर्देश देते हुए उपरोक्त क्रम में कार्यवाही करने हेतु ब्रीफ किया गया। उक्त क्रम में 11 अगस्त को काले की ढाल के पास दो पक्षों के 3 व्यक्तियों को लड़ाई झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने पर गिरफ्तार किया गया। तीनों अभियुक्तों को न्यायालय पेश किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों का नाम और पता नाम पता हेमंत सिंह पुत्र गुमान सिंह निवासी मनसा देवी विस्थापित गुमानीवाला, दिशांत पुत्र नासिर निवासी गुर्जर प्लॉट गली नंबर 10 गुमानीवाला, नितिन पुत्र बलबीर निवासी गुर्जर प्लॉट गली नंबर 10 गुमानीवाला।
इसके साथ ही हरिद्वार रोड पर चेकिंग के दौरान राकेश बिष्ट पुत्र चरण सिंह बिष्ट निवासी 34 वीर गब्बर सिंह बस्ती किशनपुर राजपुर रोड थाना राजपुर जनपद देहरादून को मोटरसाइकिल के साथ, अशोक यादव पुत्र रमाकांत यादव निवासी टीएचडीसी कालोनी निवासी इंदिरा नगर ऋषिकेश को स्कॉर्पियो कार पर रोक कर चेक किया गया तो दोनों व्यक्तियों के द्वारा शराब पी हुई है। दोनों व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण कराकर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान कर दोनों वाहनों को सीज किया गया।

डाक नही बांट रहे पोस्टमैन को किया सस्पेंड

ऋषिकेश के मुख्य डाकघर में तैनात एक पोस्टमैन को लोगों की डाक नहीं बांटने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। मामले में पोस्टमैन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है।
ऋषिकेश मुख्य डाकघर में तैनात पोस्टमैन पर लोगों की डाक नहीं बांटने का आरोप लगा है। बीते रोज कुछ लोगों की शिकायत मिलने पर डाक विभाग ने आरोप सही पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। ऋषिकेश मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर आरडी रतूड़ी ने बताया अनुदीप पुत्र सीताराम, निवासी नेपाली फार्म यहां पर पोस्टमैन के पद पर कार्यरत है। बीते रोज कुछ लोगों ने अनुदीप पर डाक नहीं बांटने का आरोप लगाया। शिकायत की जांच पड़ताल करने पर मामला सही पाया गया। पोस्टमैन डाक पर ग्राहकों की जगह खुद ही साइन कर स्लीप पोस्ट ऑफिस में जमा कर देता था। बताया कि बीते गुरुवार से वह अनुपस्थित चल रहा था। उसके घर के कमरे से 92 डाक भी रिकवर किए गए हैं। मामले में पोस्टमैन को सस्पेंड करने को आदेश कर दिए गए है। इसके बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने आवास-विकास कॉलोनी स्थित नशामुक्ति केंद्र में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक एक युवती ने तहरीर देकर प्रभजीत सिंह उर्फ हनी पुत्र स्वर्गीय भगवान सिंह निवासी मकतूलपुरी, रुड़की थाना गंगनहर जिला हरिद्वार और दो अन्य मित्रों सहित नशामुक्ति केंद्र कि संचालिका के साथ मिलकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पीड़िता का आरोप था कि उन्होंने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके बाद दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर गाली गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। बुधवार को प्रभजीत सिंह उर्फ हनी को ऋषिकेश के तहसील रोड स्थित गौरा देवी चौक से गिरफ्तार किया गया। कोतवाल रवि सैनी बताया कि आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, पीड़िता का भी मेडिकल करवाया गया है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

चोरी की बाइक के साथ बागपत से एक आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को यूपी के बागपत से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने बताया कि एक माह पहले वाल्मीकि नगर ऋषिकेश निवासी नीरज पुत्र स्व. राजू ने एक तहरीर दी थी। जिसमें पुलिस को बताया गया था कि छह जून को जयराम आश्रम के पास से उसकी बाइक चोरी हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति का नाम प्रकाश में आया। खुलासे को पुलिस टीम यूपी के जिला बागपत रवाना हुई। वहां पर स्थानीय पुलिस की मदद से नीतीश पुत्र कृष्ण पाल निवासी आजाद नगर, थाना बड़ौत, बागपत, यूपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जेल भेज दिया गया है।

अंतिम संस्कार को रोकने व मारपीट करने पर पार्षद पति सहित अन्य पर मुकदमा

कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत जलती चिता को बुझाने और उस पर पत्थर बरसाने के आरोप में पुलिस ने पार्षद पति सहित अन्य लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

चंद्रेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी भवानी चंद कालोनी की माता का देहांत हो जाने पर उनका अंतिम संस्कार चंद्रेश्वर स्थित श्मशान घाट पर किया जा रहा था। कोतवाली में पंडित लल्लन झा पुत्र स्व. बच्ची झाा निवासी बीस बीघा और प्रवीण कुमार खंडूरी पुत्र लक्ष्मण प्रसाद निवासी बीस बीघा ने तहरीर दी। बताया कि पंडित भवानी जी की माता के अंतिम संस्कार में गंगा किनारे गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के पार्षद पति किशन मंडल अपने अन्य साथियों के साथ वहां आ धमके और अंतिम संस्कार करने से मना करने लगे। साथ ही चिता को बुझाने का प्रयास करने लगे। जब विरोध किया तो पत्थर से चिता को बुझाने लगे। आरोप लगाया कि इसी बीच किशन मंडल ने धारदार हथियार लेकर आया और लोहे से पंडितों पर वार किया। जिसके चलते वह बेहोश हो गए।

बताया कि अस्पताल में उन्हें होश आया। उन्होंने पुलिस ने जान से मारने के इरादे से हमला करने का आरोप लगाया। कठोर कार्रवाई की मांग की।

इस मामले में कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी पार्षद पति किशन मंडल सहित अन्य लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

इस मामले में आरोपियों के पक्ष जानने का प्रयास किया गया, मगर संपर्क न हो सका। उनका पक्ष आने के बाद प्रकाशित किया जाएगा।

बंद घर से चोरी के आरोप में पुलिस ने किया एक को गिरफ्तार


शांतिनगर में एक बंद मकान से आभूषण चोरी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक शांतिनगर, ऋषिकेश निवासी विजयपाल पुत्र श्यामलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बंद मकान से चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सर्विलांस की मदद भी ली गई। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को एआरटीओ ऑफिस के पास एक आरोपी को पकड़ा। उसके पास से चोरी किए चांदी के आभूषण बरामद हुए। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने बताया आरोपी की पहचान अंकित कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी इंदिरानगर, थाना वंसत विहार,देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल योगेंद्र दत्त, कांस्टेबल सचिन राणा, युवराज शामिल रहे।

अनियंत्रित होकर बस दुर्घटनाग्रस्त, एक महिला यात्री की मौत

वित्त व संसदीय कार्य मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने भद्रकाली से नीचे आ रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला यात्री की मृत्यु होने पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने सीएमओ देहरादून से दूरभाष पर वार्ता कर घायलों को शीघ्र उपचार देने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के श्रद्धालुओं से भरी यूपी नंबर की एक डबल डेकर की बस भद्रकाली से खारा स्रोत की ओर आ रही थी। जो अनियंत्रित होकर पीडब्ल्यूडी तिराहे निकट खारा स्रोत पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार दुर्घटना के वक्त बस में करीब 65 श्रद्धालु मौजूद थे। जो नीलकंठ की ओर जा रहे थे। मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि इस दुर्घटना में एक महिला की मृत्यु होने की जानकारी भी मिली है जिस पर डॉ अग्रवाल द्वारा दुख जताते हुए मृतक की आत्म शांति की प्रार्थना की है।

डॉ अग्रवाल ने सीएमओ देहरादून से दूरभाष पर वार्ता की और घायलों को समुचित उपचार देने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को हायर सेंटर (ऐम्स) रेफर किया जाए।