ललित मोहन मिश्र ने नगर युवा उद्योग व्यापार के अध्यक्ष और महामंत्री बनाएं

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमण्डल ऋषिकेश के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र द्वारा नगर युवा उद्योग व्यापार के अध्यक्ष एवं महामंत्री की नियुक्ति की है। अध्यक्ष शिवम टुटेजा एवं महामंत्री शिवम अग्रवाल को नियुक्त करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत भी किया गया।
युवा व्यापार मण्डल की घोषणा करते हुए नगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि दोनों युवा व्यापारियो के हितों के लिए संघर्ष करते रहे है तथा सदा व्यापार मण्डल के कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में व्यापार मण्डल को मजबूत बनाने ने अपना सहयोग देंगे।
इस अवसर पर रवि जैन, जिला संयुक्त महामंत्री पवन शर्मा, घाट रोड के महामंत्र मनोज टुटेजा, आशु, अभिषेक शर्मा, मयंक अरोड़ा, रोहन खुराना, जगमीत सिंह आदि उपस्थित रहे।

उद्योगों में 25 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश के विभिन्न उद्योगों के मानव संसाधन प्रबन्धकों ने भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश में विभिन्न उद्योगों में आगामी छः माह में लगभग 25 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराये जाने के सम्बन्ध में आपसी संवाद एवं परिचर्चा भी आयोजित हुई। आपसी संवाद के तहत विभिन्न उद्योगों के मानव संसाधन प्रबन्धकों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि जो उद्योग प्रदेश में स्थापित है वे भली भांति चले तथा अधिक से अधिक और उद्योग राज्य में स्थापित हो इसके लिये उद्योगों के अनुकूल वातावरण बनाया जायेगा तथा कारगर नीति का भी निर्धारण किया जायेगा, ताकि उद्योग की स्थापना अथवा विस्तारीकरण के लिये विभिन्न विभागों के स्तर पर दी जाने वाली स्वीकृतियां समयबद्धता के साथ तुरन्त जारी हो सके। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में यदि नियमों का शिथिलीकरण किया जाना होगा तो वह भी किया जायेगा।

उद्योगों के अनुकूल वातावरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा प्रदेश में औद्योगिक वातावरण के सृजन में तेजी लाये जाने के लिये सभी से विचार विमर्श भी किया जा रहा है। सीआईआई तथा कुमाऊ गढ़वाल चौम्बर्स ऑफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज से उनकी वार्ता हुई है, सभी की समस्याओं के समाधान का उनका प्रयास है। इसके लिये मुख्य सचिव एवं अपर मुख्य सचिव को भी उद्योगो की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिये गये हैं।

विकास में उद्यमी बने सहयोगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिये देश के अन्य उद्यमियों को प्रोत्साहित करने में हमारे उद्यमी सहयोगी बन सकते हैं, इस सम्बन्ध में आपके द्वारा उन्हें दी गई सकारात्मक सलाह या सुझाव उन्हें प्रेरित करने में मददगार हो सकती है। इसके लिये यहां के उद्यमियों को हमारा सहयोगी बनना होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई द्वारा 2003 में राज्य को दिये गये औद्योगिक पैकेज के कारण राज्य में उद्योगों की स्थापना की राह प्रशस्त हुई थी। उन्होंने उद्योगों के मानव संसाधन प्रबन्धकों से यहां के लोगों को अपना सहयोगी बनाने का भी आह्वान किया तथा युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की अपेक्षा भी की।

मानव संसाधन प्रबन्धकों ने रखे अपने सुझाव, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
मानव संसाधन प्रबन्धकों ने प्रदेश में उद्योगों की स्थापना विस्तारीकरण नये इंडस्ट्रियल पार्काे को विकसित करने, पंजीकरण आदि के लिये नियमों के सरलीकरण किये जाने, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक में उद्योगों के अनुकूल विषयों को प्राथमिकता दिये जाने इनके प्रमुखों का उद्योगों से आपसी समन्वय पर ध्यान देने, इम्पलायमेंट एक्सचेंज को क्रियाशील बनाये जाने, लाजिस्टिक कास्ट को कम करने के लिये कन्टेनर रेल ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने आदि सुझाव रखे। सभी ने मुख्यमंत्री को आश्वास्त किया कि वे उद्योगों में राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी मानव संसाधन प्रबन्धकों से वार्ता कर उनकी समस्याओं से अवगत होने के साथ ही उनके सुझाव भी प्राप्त किया।

इस परिचर्चा में जिन मानव संसाधन प्रबन्धकों ने अपने सुझाव दिये उनमें आईटीसी लि0 के अल्ताफ हुसैन, होलोनिक्स टेक्नोलोजिस के जितेन्द्र दास, विप्रो इन्टर प्राइजेज प्रा0 लि0 के अरविन्द चौहान, महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा लि0 के विमल सिंह, हीरो मोटोकोर्प लि0 के राजकुमार सिंह, टपरवैयर इंडिया लि0 के दानिश अली, हनीवैल ईडी एण्ड एस इंडिया लि0 के विवेक शर्मा, टाइटन कम्पनी के संजय सिंघल, जाइडस वेलनैस के मयूरेश कुमार, सनसेरा इंजि0 के डी0सी बिष्ट के साथ ही टाटा मोटर्स आदि के प्रतिनिधि शामिल रहे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबन्धकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन यूपीईएस के असिस्टेंट डायरेक्टर मुदालियर जितेन्द्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशेष सचिव मुख्यमंत्री डॉ. पराग मधुकर धकाते भी उपस्थित थे।

महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 55.75 करोड़ रूपये की स्वीकृति

राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लगातार प्रयास कर रही है। राज्य के महिला स्वयं सहायता समूहों को कोरोना के प्रतिकूल प्रभाव से उबारने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तकरीबन 55.75 करोड़ रूपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की है।
असंगठित ग्रामीण महिलाओं को संगठित करने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से राज्य में ‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना’ संचालित की जा रही है। सरकार महिलाओं को समूह में छोटी-छोटी बचत करने तथा अपनी छोटी-मोटी जरूरतों की पूर्ति के लिए समूह में ही न्यूनतम दर पर लेन-देन हेतु सक्षम बनाने में सहयोग प्रदान कर रही है। लेकिन पिछले दो सालों से कोरोना महामारी का प्रभाव इन समूहों की व्यवसायिक गतिविधियों पर भी पड़ा है। हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला स्वयं सहायता समूहों और राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को 118 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि का राहत पैकेज घोषित किया था। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसमें से महिला स्वयं सहायता समूहों की सहायता के लिए 55.75 करोड़ का बजट जारी कर दिया है। उनका कहना है कि सूबे की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में स्वयं सहायता समूहों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। इनसे मुख्यरूप से पहाड़ की लाखों महिलाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर हाल में महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करती रहेगी। आयुक्त ग्राम्य विकास आनंद स्वरूप ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित राहत पैकेज से 42989 महिला स्वयं सहायता समूहों को छह माह के लिए दो-दो हजार रुपये की दर से सहायता राशि दिया जाना, 30365 महिला स्वयं सहायता समूहों को पिछले वित्तीय वर्ष में लिये गए बैंक ऋण के ब्याज की प्रतिपूर्ति करना और 159 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) को एकमुश्त 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देना शामिल है। इसके लिए कुल 84 करोड़ का बजट चाहिए जिसमें से मुख्यमंत्री ने फिलहाल 55.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

23 औद्योगिक प्रस्ताव स्वीकृत, तीन हजार को मिलेगा रोजगार

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.सन्धू की अध्यक्षता में उनके सचिवालय सभागार में उत्तराखण्ड उद्यम एकल खिड़की सुगमता एवं अनुज्ञापन अधिनियम-2012 के अन्तर्गत गठित राज्य प्राधीकृत समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति द्वारा 1013.61 करोड़ रूपये (एक हजार तेरह करोड़ इकसठ लाख रूपये) के 23 औद्योगिक निवेश प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया जिनसे 2952 लोगों को रोजगार देना प्रस्तावित है।
अनुमोदित औद्योगिक प्रस्तावों में वाफ्ट एग्रो इण्डस्ट्रिज का उधम सिंह नगर जसपुर में लिक्विड ग्लूकोज/राइस गुलेटिन प्लाण्ट, नेचर फ्रोजेन फूडस का बाजपुर में फ्रूट वैजिटेबल्स प्लाण्ट, ऑलवेज फ्रेश फूट्स सीए स्टोर का कालाढूंगी, नैनीताल में फ्रूट वैजीटेबल प्लाण्ट, जय औटोमोटिव कम्पोनेन्टस का रूद्रपुर में आयरन कास्ट मशिन्ड ब्रेकेटस, केमर वैल्यु लाइफसाइन्स का रामनगर रोड काशीपुर में मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सन्तलादेवी रिसौर्ट नाल्जवाड़ी देहरादून में फाइव स्टार होटल, ट्यूब इन्वेस्टमेंट ऑफ इण्डिया लिमिटेड मेटल फार्मिंग का गंगनॉली लक्सर में साइडवाल-कोल्ड रोल फॉर्मिंग फौर रेलवेज, किरन फूड का किच्छा, रूद्रपुर में फ्रूट वैजिटेबल प्लाण्ट, प्रीतम इण्टरनेशनल का भगवानपुर में हैण्डवाश/शैम्पू प्लाण्ट, गढ़वाल वेन्चर्स का ढालवाला, टिहरी में आयुर्वेदिक मेडिसिन प्लाण्ट, इवोल्ट फार्मासिटिकल्स का भगवानपुर, हरिद्वार में एलोपैथिक फार्मास्टिकल प्लाण्ट, मरूश ओवरसीज का भगवानपुर, हरिद्वार में बल्क ड्रग्स और फार्मास्टिकल रा मेटेरियल प्लाण्ट, टिब्रेवाला इलैक्ट्रिक्लस का रूड़की में इलैक्ट्रिक फैन विद पावर प्लाण्ट, मदीना फ्रीजन एग्रो फूडस का किच्छा में पौल्ट्री एण्ड अदर स्लटरिंग प्रिपेशन प्लाण्ट, गोल्ड प्लस फ्लोर ग्लास का रूड़की में सिल्वर ग्लास प्लान्ट, अकुम्स हैल्थकैयर का कोटद्वार में एलोपैथिक फॉर्मास्टिकल्स प्लाण्ट, ताल्फ एएसआर उर्जा लिमिटेड का कालाढूंगी, नैनीताल में सोलर एनर्जी जनरेटर, फ्यूरिस्टिक अल्टिमेट एनर्जी का मुनस्यारी में सोलर पावर जनरेशन, विवान सोलर लिमिटेड का लक्सर रोड़ हरिद्वार में सोलर एनर्जी इलैक्ट्रिक पावर जनरेशन, सोलर पावरटैक का सिन्धी पट्टी इदवालस्यू पौड़ी में सोलर इलैक्ट्रिक प्लाण्ट, वोल्ट्रोन कौल्सियम का मंगलोर हरिद्वार में कौल्सियम कार्बाेनेट प्लाण्ट तथा आरोग्यम एजुकेशनल ट्रस्ट का भगवानपुर रूड़की में 300 बैड हॉस्पिटल से सम्बन्धित औद्योगिक निवेश प्रस्ताव सम्मिलित है।
मुख्य सचिव ने इस दौरान अन्य सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया कि राज्य में औद्योगिक निवेश हेतु प्राप्त होने वाले प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करें। उन्होंने अनुमोदन प्रक्रिया को संक्षिप्त करने तथा अनुमोदन हेतु मुख्य प्रावधानों को पूरा करने वाले औद्योगिक प्रस्तावों पर शीघ्रता से विचार करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी विभागों को उनके स्तर पर विभिन्न अनापत्तियों का तेजी से निराकरण और निस्तारण के निर्देश दिये।
बैठक में सचिव राधिका झा, शैलेश बगोली, प्रभारी सचिव वी षणमुगम, अपर सचिव यूएन पाण्डेय, अतर सिंह, केएस नगन्याल, डॉ. आनन्द श्रीवास्तव, महानिदेशक उद्योग रोहित मीणा, निदेशक उद्योग सुधीर नौटियाल सहित सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

सुबोध बोले-व्यापारियों ने जुझारू व्यक्तित्व को अध्यक्ष बनाकर दिया समझदारी का परिचय

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ऋषिकेश के शपथ ग्रहण समारोह एक होटल में संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सलाहकार परिषद के चेयरमैन अनिल गोयल ने की। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजपाल खरोला विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने उपस्थित व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ललित मोहन मिश्र को व्यापारियों ने चुना है एक जुझारू व्यक्तित्व को आपने अपना अध्यक्ष बनाकर समझदारी का परिचय दिया है निश्चित रूप से व्यापार मंडल मजबूत होगा और प्रदेश सरकार व्यापारियों के प्रत्येक मांग पर गंभीरता से विचार करेगी। ऐसा आश्वासन काबीना मंत्री सुबोध उनियाल ने दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अनिल गोयल ने कहा की प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की पूरे प्रदेश में 376 इकाइयां कार्यरत हैं और सभी प्रदेश पदाधिकारी एक एक इकाई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर व्यापारियों की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहे हैं ऋषिकेश में भी प्रत्येक स्थिति में प्रदेश का संगठन नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ हमेशा खड़ा है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सहित समस्त कार्यकारिणी को प्रदेश के महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा जी ने विधिवत शपथ दिलाकर कार्यभार सौंपा।

अधिकारी जांच के नाम पर नहीं कर पाएगा उत्पीड़न- मिश्र
शपथ लेने के उपरांत व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि, आम चुनाव के बाद नगर में व्यापार मंडल और अधिक मजबूती से उभरा है और निश्चित रूप से शासन प्रशासन तक व्यापारियों की मांग को पुरजोर तरीके से उठाने में हम सक्षम होंगे और कोई भी अधिकारी जांच के नाम पर कार्यवाही के नाम पर व्यापारी का उत्पीड़न नहीं कर पाएगा ऐसा आश्वासन ललित मोहन मिश्र ने दिया।
इस अवसर पर संयुक्त महामंत्री दिनेश डोभाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल, चमोली जिलाध्यक्ष माधव सेमवाल, रूड़की से जिला प्रभारी प्रमोद जौहर, हरिद्वार से कैलाश केशवानी, दून महानगर अध्यक्ष विपिन नागलिया, जितेंद्र अग्रवाल,राजेश अग्रवाल नितिन गुप्ता, मानव जौहर, पवन शर्मा, पंकज शर्मा, विजय लक्ष्मी भट्ट, मनीष शर्मा, राकेश सिंह, विजय लक्ष्मी शर्मा, जगत नेगी, गिरिराज गुप्ता, मनोज कालरा, अनुज जैन आशु दंग, राजेश मनचंदा, मनोज शर्मा, नरेंद्र मैनी, जोगेंदर कुमार, कपिल गुप्ता, अजय गर्ग, दीपक जाटव, ज्योति प्रकाश शर्मा, सुनील प्रभाकर, हितेंद्र पंवार आदि शामिल रहे।

प्रदेश में उद्योगों के लिए बनाई जायेगी अनुकुल और अधिक कारगर नीतिः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिये उद्योगों के अनुकुल और बेहतर नीतियां बनायी जायेगी। देश भर के उद्यमी उत्तराखण्ड में अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए तैयार हो इसके लिये भी कारगर प्रयास किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सी.आई.आई.) के पदाधिकारियों से इसमें सहयोगी बनने को कहा है।
मुख्यमंत्री आवास स्थित कैम्प कार्यालय में सी.आई.आई. उत्तराखण्ड के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों से वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के विकास में उद्योगों की बड़ी भूमिका है। राज्य में अधिक से अधिक नये उद्योग स्थापित हो, पुराने उद्योगों को भी और बेहतर सुविधायें मिले इसके लिये राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य का माहौल उद्योगों के अनुकूल है। यहां का शान्त वातावरण, राष्ट्रीय राजधानी से नजदीकी, बेहतर सड़क, रेल एवं हवाई सुविधायें यहां उपलब्ध हैं। उद्योग और श्रमिकों के आपसी सम्बन्ध बेहतर एवं उद्योगों के अनुकूल है। राज्य में स्थापित उद्योगों की सुविधा का राज्य सरकार पूरा ध्यान रख रही है। उन्होंने सी.आई.आई. के पदाधिकारियों से प्रदेश में नये उद्योगों की स्थापना में सहयोगी बनने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विकास के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा आदि के क्षेत्र में सहयोग हेतु उनके जो भी सुझाव हो उसे उपलब्ध कराये, उनके सुझावों पर तत्परता के साथ अमल किया जायेगा।
इस अवसर पर अपर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री अभिनव कुमार, सी.आई.आई. उत्तराखण्ड के चेयरमैन विपुल डाबर, उपाध्यक्ष सोनिया गर्ग, पूर्व चेयरमैन राकेश ओबराय, राजीव बेरी, हेमन्त अरोरा, मनु कोचर, विकास गर्ग, राहुल सिंघल, सुमनप्रीत सिंह आदि उपस्थित थे।

व्यापार महासंघ ने व्यापारी चंद्रमोहन नारंग को बनाया कोषाध्यक्ष

नगर उद्योग व्यापार महासंघ ऋषिकेश की कोर कमेटी की बैठक हुई। जिसमें नगर के व्यापारी हितों को लेकर चर्चा की गई साथ ही शहर के वरिष्ठ व्यापारी चन्द्रमोहन नारंग को महासंघ का कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया ।

महासंघ के अध्यक्ष राजेश भट्ट ने बताया कि महासंघ गठन के बाद से ही व्यापारी हितों के लिये सक्रिय हैं। चाहे वह लॉक डाउन में दुकानें खुलवाने को लेकर सड़क में प्रदर्शन हो या मुख्यमंत्री से वार्ता कर बाजार खुलवाने में ढील दिलवाने को लेकर किया गया संघर्ष हो हम हमेशा व्यापारियों के लिये खड़े हैं।

नवनियुक्त कोषाध्यक्ष चन्द्रमोहन नारंग ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे। पूर्व की भाँति व्यापारी हितों के लिये अग्रसर रहकर कार्य करूँगा ।

महासंघ के महामंत्री अखिलेश मित्तल ने बताया कि बैठक में कई विषयों पर चर्चा की गई व शीघ्र ही महासंघ व्यापारियों के लिये ऑनलाइन एप लॉंच किया जायेगा। जिसमें हर स्तर के व्यापारी को लोकल स्तर से अन्य जगहों पर व्यापार करने में आसानी होगी और जल्द ही महासंघ की कार्यकारिणी की भी घोषणा हो जायेगी।

बैठक में महासंघ के संयोजक राजीव मोहन अग्रवाल, सह संयोजक नवल कपूर, विनोद शर्मा, सूरज गुल्हाटी, जयेन्द्र रमोला, प्रवीन अग्रवाल आदि मौजूद थे।

छह दिन के साथ रात्रि तक बाजार खोलने पर विचार करे सरकारः ललित मोहन मिश्र

अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तराखंड में भी बाजार खोलने की मांग नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ऋषिकेश ने प्रदेश सरकार से की है।

प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि सप्ताहभर में छह दिन बाजार खोलने की अनुमति सरकार की ओर से दी जाएं। इसमें समय सीमा भी बढ़ाकर सुबह आठ से रात्रि आठ की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड की स्थिति अब पूर्व की तुलना में सुधर चुकी है, स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित होने की वजह से व्यापारियों को राहत दी जानी चाहिए।

कहा कि व्यापारी वर्तमान दौर में आर्थिक समस्या से जूझ रहा है, व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार बाजार खोलने की अनुमति प्रदान करें।

व्यापारियों ने थाली बजाकर सरकार की गाइडलाइन के खिलाफ जताया विरोध

व्यापारियों की लगातार की जा रही अनदेखी के विरोध में नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ऋषिकेश के आह्वान पर व्यापारी एकजुट हुए और थाली बजाकर सांकेतिक रूप से अपना विरोध प्रदर्शित किया।

नगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि व्यापारियों के प्रति सरकार ऐसे आंख मूंदकर बैठी है व्यापारी इनके गुलाम हो इन्हें जिस प्रकार चाहे अनदेखा करती रहे अथवा जिस प्रकार चाहे गुमराह करती रहे व्यापारी सरकार की हां में हां मिलाता रहेगा, किंतु अब व्यापारी की सहनशक्ति जवाब दे गई है और वह सहन करने की स्थिति में नहीं है। कहा कि यदि शीघ्र ही बाजार नहीं खुला तो व्यापारियों को बाजार स्वयं ही खोलना पड़ेगा। जिसकी पूर्णतया जिम्मेवारी प्रशासन की होगी। उन्होने कहा कि सरकार अपनी कमाई में किसी भी प्रकार से कोई छूट देने को तैयार नहीं है सरकार का राजस्व आ रहा है सरकारी दफ्तर खुलने से कोरोना वायरस नही फैल रहा है। उन्होंने सरकार पर व्यापारियों की समस्याओं को न समझने का आरोप लगाया।

नगर महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि इस लॉकडाउन से व्यापारियों को भूखे मरने की स्थिति आ गई है किन्तु सरकार चेत नहीं रही। कहा कि अगर लॉकडाउन जल्दी नहीं खुलता तो व्यापारियों के आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर होंगे। उन्होंने सरकार से तुरंत बाजार अनलॉक की अपील की।

मौके पर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने भी अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, जिला संयुक्त महामंत्री पवन शर्मा, राजकुमार तलवार, ललित मनचंदा, प्रदीप गुप्ता, सरदार परमजीत सिंह, अरविंद जैन, मधु जोशी, पदम शर्मा, जगमीत सिंह, चंद्रिका त्रिपाठी, पूर्व राज्यमंत्री केके सिंघल, राजेश अग्रवाल, सरदार इंद्रजीत सिंह, अंशुल अरोड़ा, राहुल पाल, केवल कृष्ण लांबा, हर्षित गुप्ता, अनिल पवार, धीरज चतरथ, दिनेश अरोड़ा, आशु अरोड़ा, विनीत गुलाटी, मनस्वी तलवार, त्रिलोकीनाथ कक्कड़, बॉबी कक्कड़, सनी चड्ढा जगदीश रस्तोगी, आशु चड्ढा आदि उपस्थित थे।

वहीं, सुपर मार्केट के व्यापारियों ने भी व्यापारी दमन नीति के कारण प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर गुलशन कक्कड़, अनुज कुमार, सुशांत गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, आशीष रस्तोगी, राजीव गर्ग, अंकुर जैन, हरिओम तलरेजा, पुरषोत्तम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

सीएसआर में राज्य को कोविड से संबंधित सहायता पर सीएम ने की हीरो मोटोकाॅर्प के साथ वर्चुअल बैठक

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण पर नियंत्रण के लिए सहयोग के उद्देश्य से आज देश के जाने-माने उद्योगपति और हीरो मोटोकॉर्प ग्रुप के प्रबंध निदेशक पवन मुंजाल से वर्चुअल मीटिंग की। मीटिंग में उन्होंने मुंजाल से चर्चा कर उनसे सीएसआर में कोविड से संबंधित मेडिकल इक्विपमेंट देने का अनुरोध किया।

पवन मुंजाल ने राज्य में कोविड की रोकथाम के लिए हरसंभव सहयोग के प्रति मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी पर मिलजुलकर और सभी के सहयोग से ही विजय प्राप्त की जा सकती है। वर्चुअल बैठक में हीरो मोटोकॉर्प ग्रुप के भारतेंदु कवि, एस. जागीरदार और सलोनी भी उपस्थित थीं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आज बालाजी एक्शन बिल्डवेल के पदाधिकारियों के साथ भी वर्चुअल बैठक की। बालाजी एक्शन बिल्डवेल ने सितारगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्माण और जीर्णोद्धार का प्रस्ताव राज्य सरकार के समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के समक्ष दिए गए प्रस्तुतिकरण में उन्होंने संस्थान का प्रमुख उद्देश्य सितारगंज में विश्व स्तरीय अधोसंरचना वाले अस्पताल का निर्माण करना बताया।

उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित इस अस्पताल में मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में उच्च स्तरीय टेस्टिंग लैब और ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध होगी साथ ही यहां एलोपैथी चिकित्सा के साथ ही होम्योपैथी और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से भी उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि मरीजों को अस्पताल के कैफेटेरिया और कैंटीन पौष्टिक और संतुलित आहार प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और उनके विस्तार के लिए निजी क्षेत्र को आगे आने और मिलजुलकर कार्य करने की आवश्यकता है। राज्य सरकार द्वारा विश्व स्तरीय अधोसंरचना वाले अस्पताल के निर्माण में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।