युवा व्यापारी नेता ने सीएम को बताई मंडी व्यपारियों की समस्या

व्यापार मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के व्यापारियों पर मंडी के बाबत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि विगत 8 जून को प्रदेश सरकार द्वारा एक अध्यादेश जारी कर मंडी के बाहर व्यापार करने वाले व्यापारियों से मंडी शुल्क समाप्त करते हुए उन्हें लाइसेंस की अनिवार्यता से मुक्त कर दिया गया था। जिससे व्यापारियों को मंडी प्रपत्र की पर्ची संख्या 9 से मुक्ति मिल गई थी। लेकिन केंद्र सरकार द्वारा लाये गये कृषि कानून पर किसानों के आंदोलन के कारण वापस लेने की वजह से मंडी शुल्क फिर लागू हो गया है।
इस संदर्भ में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जनवरी माह में व्यापारियों को दी जा रही छूट का हवाला देते हुए उत्तराखंड में जनवरी माह में मंडी शुल्क पर छूट दिए जाने व इस निर्णय को अगली सरकार के विवेक पर छोड़े जाने की व्यापारी नेता प्रतीक कालिया द्वारा मुख्यमंत्री से मांग की गई। व्यापार मंडल के महामंत्री की तमाम बातें गौर से सुनने के पश्चात मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में सकारात्मक कारवाई का आश्वासन दिया। जिस पर युवा व्यापारी नेता ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

राज्य में रात 11 बजे से नाइट कर्फ्यू, ये होंगी पाबंदियां

कोरोना के नए वेरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ और कोविड केसों में बढ़ोतरी के बीच सरकार ने उत्तराखंड में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। जिला प्रशासन और पुलिस को सख्त हिदायत दी गई है कि नाइट कर्फ्यू को प्रभारी ढंग से लागू किया जाए। प्रदेशभर में रात्रि 11 बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू होगा।
नाइट कर्फ्यू के दौरान अधिकांश सेवाएं खुली रहेंगी। हालांकि निजी वाहनों से निकलने वालों को वैध आईडी कार्ड दिखाने पर केवल इमरजेंसी की स्थिति में ही आवागमन की इजाजत दी जाएगी। मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार नाइट कर्फ्यू की व्यवस्था सोमवार रात से ही शुरू हो गई है। इस दौरान अस्पताल, उद्योग, स्टोरेज, पेट्रोल पंप सहित अन्य आवश्यक सेवाएं खुली रहेंगी। इनसे जुड़े कर्मचारियों को आई कार्ड के आधार पर आवागमन की इजाजत भी होगी।
नाइट कर्फ्यू के दौरान ऐलोपैथी अस्पतालों के साथ ही आयुष अस्पतालों को भी खुले रहने की इजाजत होगी। परिवहन निगम की बसों को राज्य व राज्य के बाहर परिहवन निगम की ओर से पूर्व में जारी एसओपी के अनुसार संचालन की अनुमति इस दौरान दी जाएगी। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन से टैक्सी, ऑटो रिक्शा आदि यात्री वाहनों से टिकट के आधार पर यात्रा की अनुमति, इन वाहनों को रात में चलने की इजाजत दी जाएगी।
उत्तराखंड में ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद अल्मोड़ा जिला प्रशासन सर्तक है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले के प्रवेश द्वारों पर बाहरी लोगों की जांच कर रहीं है। जिसके बाद ही लोगों को जिले में प्रवेश दिया जा रहा है। रविवार को नगर के प्रवेश द्वार लोधिया में दिन तक दस बाहरी लोगों के कोरोना जांच को सैंपल लिये गये।
दरअसल बीते दिनों ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद डीएम ने एहतियातन जिले के प्रवेश द्वारों पर रैडम जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने टीमों का गठन कर प्रवेश द्वारों पर जांच शुरू की। रविवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोधिया, भुजान, मोतियापाथर और मोहान में बाहर से पहुंच रहे लोगों की रैंडम जांच की। जिसके बाद ही लोगों को जिले में प्रवेश दिया गया। जिससे की आने वाले खतरे को टाला जा सके।

ये सेवाएं खुली रहेंगी
-सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं
– सभी स्वास्थ्य कर्मियों को आने जाने की इजाजत
– तेल,गैस का उत्पादन, वितरण और परिवहन
– पेट्रोल पंप, एलपीजी आउटलेट खुले रह सकेंगे
– बिजली उत्पादन, वितरण, कर्मचारियों का आवागमन,
– डाक सेवाएं
– इंटरनेट, दूर संचार और प्रसारण सेवाएं,
– कोल्ड स्टोरेज और वेयर हाउस,
– माल वाहक वाहनों को आवागमन व लोड, अपलोड की इजाजत,
– प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के कर्मचारी, वाहनों का आवागमन,
– कोविड मानकों के तहत उद्योगों को भी चलाने की इजाजत होगी

एम्स कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नही किया जायेगा-खरोला

एम्स के सुरक्षा कर्मियों का धरना रविवार को भी जारी रहा। उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने उत्पीड़न के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
रविवार को वीरभद्र रोड पर एम्स कर्मचारियों के धरने को कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि एम्स कर्मचारियों का उच्च अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा शोषण किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब से एम्स बना है, तब से कई दफा कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। यहां आए दिन छोटे कर्मचारियों के शोषण की खबरें सामने आती रही हैं। भर्ती में धांधली का मुद्दा भी उछला है। कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों के साथ है। अगर इनकी मांगों का संज्ञान नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। मौके पर राजेन्द्र गुसाईं, प्रदीप कुमार, भारत सिंह पयाल, पंकज रावत, मेहरबान सिंह राणा, प्यार सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

पानी, बिजली के बिलों में वृद्धि को लेकर मंच का धरना 12वें दिन भी रहा जारी


उत्तराखंड जन विकास मंच ने पानी, बिजली के बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि व नगर निगम ऋषिकेश द्वारा अतार्किक रूप से संपत्ति कर लगाए जाने के विरोध स्वरूप धरना 12 दिन भी लगातार जारी है

विभिन्न क्षेत्रों से समर्थन के क्रम में आज सोमेश्वर नगर के लोगों ने अपना समर्थन दिया इसके साथ ही मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा विद्युत उपखंड अधिकारी ऋषिकेश के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी को ज्ञापन प्रेषित किया गया जिसमें बिजली के बिलों में गैर जरूरी कर व चार्ज वापिस लेने का निवेदन किया गया

सोमेश्वर नगर क्षेत्र से समर्थन देने वाले पूर्ण सिंह पवार व शैलेंद्र चौहान ने बताया कि नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में बढ़ोतरी ऋषिकेश की जनता के साथ अन्याय है कोई भी कर तार्किक दृष्टि से उचित होना चाहिए अतः संपत्ति कर कि दरों को संशोधित करके नए सिरे से लागू करना चाहिए
धरने को समर्थन देने वालों में आशुतोष शर्मा, विपिन शर्मा, प्रिंस सक्सेना, कुंवर सिंह, तनुज कुमार सिंह, धर्मपाल सिंह, विक्रम सिंह, अशोक कुमार सिंह, जगदीश प्रसाद गुप्ता, राहुल वर्मा, बेचन गुप्ता, राजेंद्र लांबा, दीपक कुमार, राहुल पांडे, दीपक तिवारी, प्रिंस तिवारी, आशीष कुमार शर्मा, रामकृपाल गौतम, आदेश कुमार आदि उपस्थित थे।

उत्तराखंड में अगले पांच दिन और बढ़ेगा ठंड का प्रकोप

मौसम विभाग केंद्र देहरादून ने शीतलहर की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। केंद्र के अनुसार अगले चार पांच दिन शीतलहर और पाला गिरने से कड़ाके की ठंड रहने के आसार हैं। वहीं, मौसम विभाग ने आज अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
पहाड़ों से चल रही ठंड़ी बर्फीली हवाओं से शनिवार को राजधानी दून और आसपास के इलाकों में पारा गिर गया। इसके कारण लोगों को भीषण ठंड़ और शीतलहर झेलनी पड़ी। दिन में धूप होने के बावजूद तापमान काफी कम रहा। वहीं, रात को पारा करीब 14 डिग्री गिर गया। राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री तक कम बना हुआ है। शनिवार को सुबह सामान्य समय पर धूप निकल आई लेकिन इसमें चमक और गर्मी काफी कम थी। पूरे दिन इसी तरह हल्की धूप लगी रही। इसके कारण दिन के तापमान में भी कमी दर्ज की गई। लोगों को दिन में भी गर्म कपड़े, मफलर, दस्ताने पहनने पड़े। शाम के समय तेज-तेज ठंड़ी हवाएं चलने से ठंड़ और ज्यादा बढ़ गई। मौसम केंद्र ने रविवार को भी कई इलाकों में शीतलहर रहने और पाला गिरने का अनुमान जताया है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा रहने से शीतदिवस की स्थिति रह सकती है। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम तापमान रहा। वहीं, रात को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य से तीन डिग्री कम तापमान दर्ज किया गया। 
तीर्थनगरी ऋषिकेश शीतलहर की चपेट में आ गई है। अब ठिठुरन भरी ठंड में अलाव ही लोगों का एकमात्र सहारा है, लेकिन नगर निकायों की ओर से आधी अधूरी तैयारियों से लोग परेशान हैं। नगर निगम ऋषिकेश के 40 वार्डों में से मात्र छह जगह ही अलाव जलाए जा रहे हैं। 
समूचे कुमाऊं में शनिवार को शीतलहर का प्रकोप रहा। लोग आग सेंकते नजर आए। तराई-भाबर में कोहरे के साथ ही शीतलहर चलने से जनजीवन ठहर सा गया।
ऊधमसिंह नगर न्यूनतम तापमान के करीब पांच डिग्री सेल्सियस पहुंचने से शुरू हुई शीतलहर के चलते दिल्ली, पंजाब और देहरादून आदि रूटों की बसों का संचालन प्रभावित रहा। कुछ बसें एक से डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचीं। काशीपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंतनगर विवि के मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के मुताबिक ऊधमसिंह नगर जिले में कड़ाके की ठंड के बीच शीतलहर शुरू हो गई है। चार से पांच दिनों तक इसी तरह शीतलहर जारी रहेगी। 
मुनस्यारी में रात के समय माइनस चार डिग्री तापमान होने से कई जगह पानी जमने लगा है। लोग अलाव के सहारे रात गुजार रहे हैं। पिथौरागढ़ में रात के समय अधिकतम तापमान आठ तो दिन का 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है।

बिजली-पानी और भवन कर में वृद्धि के खिलाफ धरना जारी रहा

पानी, बिजली मे अप्रत्याशित वृद्धि व नगर निगम ऋषिकेश द्वारा संपत्ति कर में 50 प्रतिशत की छूट खत्म करने के विरोध में उत्तराखंड जन विकास मंच का धरना पांचवें दिन भी जारी रहा।
प्रतिदिन के हिसाब से धरने को समर्थन देवभूमि ऑटो रिक्शा एसोसिएशन ऋषिकेश द्वारा दिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र लांबा व सचिव बेचन गुप्ता ने कहा कि बिजली पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि की जा रही है जो की कोविड-19 महामारी में प्रतिकूल आर्थिक संकट से पीड़ित जनता पर दोहरी मार है।
पूर्व सभासद रवि कुमार जैन व पूर्व सभासद हरीश आनंद ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश द्वारा संपत्ति कर में जनता पर पड़ने वाले कर के प्रभाव के गुण-दोषों पर अध्ययन करे बगैर स्वनिर्धारित संपत्ति कर प्रणाली लागू करना बहुत ही तानाशाही पूर्ण रवैया है। हम सभी उत्तराखंड जन विकास मंच की मांगों का समर्थन करते है।
मंच के सचिव लेखराज भंडारी ने बताया कि हमारे आंदोलन के क्रम में कल धरना स्थल पर ही जन समस्याओं से संबंधित विभिन्न विभागों का बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया जाएगा।
इस अवसर पर धरने को समर्थन करने वालों में आशुतोष शर्मा, राजेंद्र पाल, जतिन जाटव, सतवीर पाल,, राजेश कुमार, तारकेश्वर, संजय कुमार, दिनेश कुमार, राकेश कलुड़ा, मनोज जाटव, कपूर चंद गुप्ता, बीपी भट्ट, जगदीश, भरत सिंह, गायत्री देवी, योगेश शर्मा, अमन अरोड़ा, राजू राजभर, सुशील पाल, विपिन शर्मा, आशुतोष डंगवाल, राजेश पांडे, प्रभुदयाल शर्मा, संजय शर्मा, राजेश शाह, मुन्ना रावत, कीमत गुप्ता, आशीष नौटियाल, भूपेंद्र सिंह, ओम प्रकाश राणा, घनश्याम झा, राजेश कुमार, रविंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

जनहित के मुद्दों को लेकर उत्तराखंड जन विकास मंच का धरना शुरु

पानी और बिजली के बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि समेत हाउस टैक्स दोगुना करने के विरोध में उत्तराखंड जन विकास मंच ने हरिद्वार रोड पर धरना प्रदर्शन किया। चेताया कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक धरना जारी रहेगा।
सोमवार को हरिद्वार रोड पर लोनिवि गेस्ट हाउस के सामने एकत्रित हुए उत्तराखंड जन विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मंच अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से विकास मंच स्व निर्धारित संपत्ति कर प्रणाली के संबंध में नगर निगम प्रशासन से पत्राचार के माध्यम से हाउस टैक्स की दर कम करने की मांग उठा रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
मंच संरक्षक रामकृपाल गौतम ने बताया कि हाउस टैक्स दर कम करने की जगह 50 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया था, लेकिन उसका भी लाभ नहीं मिल रहा है। इसका खामियाजा आर्थिक रूप से कमजोर संपत्ति स्वामी से लेकर रेस्टोरेंट संचालक, दुकानदार, पर्यटन व होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को भुगतना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार से हाउस रेंट अलाउंस के अनुसार संपत्ति कर की दर को संशोधित कर एक तिहाई करने की मांग उठाई। संरक्षक हरि सिंह भंडारी ने पानी और बिजली के बिलों में प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत वृद्धि पर आक्रोश जताया।
धरना प्रदर्शन में हिकमत नेगी, गजेंद्र सजवाण, राजे नेगी, गंगाशरण यादव, योगेश शर्मा, विपिन शर्मा, राजेंद्र पाल, विनोद सजवाण, राजू गुप्ता, राहुल वर्मा, आकाश सिंह, सुधीर गुप्ता, सोनी पाल, सतेंद्र, जितेंद्र, जीएस भंडारी, मृत्युंजय गुप्ता, राकेश कंडवाल, राजेश राजभर, उमेश शर्मा, राजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।

मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे युवक का शव मिला, पहचान नही हो सकी

हरिद्वार हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे एक युवक का शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को राजकीय चिकित्सालय हरिद्वार की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए रखवा दिया है।
रायवाला थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से मृतक की पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 28 साल की होगी। उसके माथे, नाक और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। संभावना जताई कि वह खुद फ्लाईओवर से नीचे गिरा होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल 72 घंटे के लिए अस्पताल की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए शव रखवा दिया गया है। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को सूचना प्रेषित कर दी गई है।

पुलिस की जांच में मृतका के परिवार का पता चला, आगे की कार्रवाई जारी

बीते रोज जिस युवती का शव पुलिस ने बरामद किया था। युवती के पिता से पुलिस की बातचीत में पता चला कि दो वर्ष पूर्व बिना बताए युवती प्रेम विवाह कर घर से चली गयी थी। मृतका के पिता को इस बात की जानकारी नहीं है कि विवाह किसके साथ किया था। पुलिस के लिए यह अभी भी एक पहेली ही है कि आखिर ऋषिकेश से मृतका का क्या कनेक्शन है।
पुलिस के मुताबिक बीते रोज कोतवाली पर नागेंद्र पुत्र रामहित मोर्य निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश के द्वारा सूचना सूचना दी गई कि लेबर कॉलोनी तिराहे से बाई ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास स्थित नाले से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हैद्य जिसकी उम्र लगभग 28 वर्ष है।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि शव के पास से बरामद सामान को चेक करने पर एक कागज पर लिखा एक फोन नंबर प्राप्त हुआ। उक्त फोन नंबर कमलाकांत मोहित का है जिनसे जानकारी करने पर ज्ञात हुआ उक्त शव आरती भुई का है जिनके पिताजी रविंद्र भुई निवासी ग्राम अड़क्का थाना बिरडी जिला जगतसिंहपुर उड़ीसा मेरे यहां काम करते हैं।
मृतका के पिता रविंद्र भुई ने बताया कि उक्त शव उनकी पुत्री आरती भुई का है जोकि लगभग 2 साल पूर्व प्रेम विवाह कर घर से चली गई थी जिस व्यक्ति से प्रेम विवाह किया गया। उसके एवं उसके परिजनों के संबंध में हम लोगों को कोई जानकारी नहीं है। मृतका के पिता रविंद्र भुई के द्वारा बताया गया कि हमें सिर्फ इतनी जानकारी थी कि हमारी पुत्री आरती भुई हरिद्वार किसी फैक्ट्री में काम करती है।
शव की पहचान आरती भुई पुत्री रविंद्र भुई निवासी ग्राम अड़क्का थाना बिरनी जिला जगतसिंहपुर उड़ीसा के रूप में हुई है। मौके पर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम के द्वारा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी की गयी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एम्स हॉस्पिटल ऋषिकेश भेजा गया है। कोतवाल ने बताया कि शव के पास से बरामद सामान को कब्जे लेकर सील किया गया है। मृतका के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। मृत महिला के संबंध में जांच जारी है।

सीवर का टैंक खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक दाम वसूले तो होगी कार्रवाई

सीवर का टैंक खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक दाम वसूलने पर प्राइवेट ऑपरेटर के खिलाफ कार्रवाई होगी। शुक्रवार को सेप्टेज प्रोटोकॉल मैनेजमेंट की तीसरी बैठक मुनिकीरेती में हुई।
शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में सेप्टेज प्रोटोकॉज कमेटी की बैठक में एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा घरों के सीवर टैंक को खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क तय किया गया है। टैंक खाली करने के लिए अधिक दाम वसूलने वाले प्राइवेट ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान हिसार हरियाणा की पैकल इंफोटक कंपनी की ओर से पालिका क्षेत्र में घरों में सीवर व्यवस्थाओं की सर्वे रिपोर्ट पेश की गई। कंपनी प्रबंधक सुनील कुमार ने रिपोर्ट के आधार पर बताया कि निकाय क्षेत्र के 4791 घर से सर्वे किया गया है। इस बीच सर्वे के आधार सीवर लाइन की व्यवस्था एवं सेप्टेज प्रोटोकॉज मैनेजमेंट के अंतर्गत विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता अनुरक्षण एवं इकाई गंगा रविंद्र सिंह, सहायक अभियंता जलसंस्थान हरीश बंसल, अरविंद शाह, योगेशवर प्रसाद मिश्रा, दीपक कुमार मौजूद रहे।